आनंद विभाग, अन्य विभागों से समन्वय कर गतिविधियों का संचालन करें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय संस्कृति के आदर्श पुरुषों और ऐतिहासिक पात्रों के जीवन से आज के युवा वर्ग को सीख देने के लिए अन्य विभागों से समन्वय कर रूपरेखा तैयार कर गतिविधियों का संचालन करें। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति के आदर्श महापुरूषों पर प्रकाशित कृतियों को आनंद विभाग विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों तक पहुंचाएँ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने जगत के कल्याण के लिए अनेक कार्यों का अंतिम लक्ष्य प्राप्ति तक नेतृत्व किया। उनके परिवार के सदस्यों ने भी अन्य लोगों के सुख एवं आनंद के लिए त्याग किया। इतिहास में ऐसे अनूठे उदाहरण मिलते हैं कि दूसरों के आनंद के लिए लोगों ने अपने जीवन और आनंद का परित्याग कर दिया। इतिहास के ऐसे अध्याय और विशिष्ट प्रसंग वर्तमान पीढ़ी के संज्ञान में लाने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल मंत्रालय में आनंद विभाग एवं राज्य आनंद संस्थान के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि हैप्पीनेस के पैमाने के मूल्यांकन के लिए प्रदेश के किसी उच्च शिक्षा संस्थान अथवा आई. आई. टी. के सहयोग से अध्ययन किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वैचारिक और रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रत्येक जिले में एक केंद्र अथवा भवन होना चाहिए जिसमें नगरीय विकास विभाग की सहभागिता भी हो। ये भवन मांगलिक भवन से भिन्न हो और यहाँ शहर के प्रबुद्ध वर्ग के साथ आम नागरिकों की उपस्थिति में रचनात्मक कार्यक्रम संचालित होना चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आनंद विभाग अपनी गतिविधियों का संचालन, खेल, स्कूल, उच्च शिक्षा विभाग और जन अभियान परिषद जैसी संस्थाओं का सहयोग लेकर संयुक्त रूप से करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नागरिकों का जीवन भौतिक दृष्टि से समृद्ध होने के साथ आनंदमय हो। शांत व्यक्ति सुखी एवं समृद्ध समाज के निर्माण में उपयोगी होता है। आनंद विभाग, प्रदेश में आनंद के भाव का विस्तार करने में विभिन्न विभागों के समन्वय से गतिविधियां आयोजित करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आनंद विभाग के कार्यों में बुजुर्गों की सेवा को भी जोड़ा जा सकता है। विशेष रूप से 75 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को विभिन्न बीमा योजनाओं से जोड़कर स्वास्थ्य लाभ अथवा उपचार की आवश्यकता पर अस्पताल तक पहुंचाने जैसे कार्य किये जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कुछ नगरों में सामाजिक संस्थाएं नेत्र परीक्षण करवा कर बुजुर्गों को चश्मा प्रदान करने का कार्य भी कर रही हैं। इसी तरह व्यक्ति के आनंद के लिए विभिन्न नगरों में कार्य करने वाली संस्थाओं के कार्यों का अध्ययन कर सूचीबद्ध किया जाए, जिससे अन्य शहरी क्षेत्रों में भी ऐसे सामाजिक कार्य किये जा सकें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा महाविद्यालयों की ओर से एक ग्राम गोद लेने का कार्य किया ग़या था। प्रदेश में करीब 2000 ग्राम चिन्हित किए गए हैं। यहां राष्ट्रीय सेवा योजना के साथ ही अन्य सामान्य छात्र भी सेवा गतिविधियां संचालित करते हैं। ऐसी गतिविधियों को निरंतर जारी रखा जाए।

बैठक में बताया गया कि तनाव मुक्ति और आनंदित व्यवहार के प्रशिक्षण के लिए आनंद विभाग ने योजना तैयार की गई है। इसमें ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी, नगर निगम और नगर पालिका के कर्मचारी एवं पुलिसकर्मी शामिल किए जाएंगे।

विभाग आनंद ग्राम विकसित करने का कार्य कर रहा है। पायलट आधार पर ऐसे ग्राम, जहां सद्भावना, भाईचारा, परस्पर सहयोग और आनंद का भाव प्रमुख हो, उन्हें उदाहरण के रूप में सामने लाया जाएगा।

मध्यप्रदेश में वर्ष 2016 में गठित आनंद विभाग द्वारा अब तक 3334 कार्यक्रम आयोजित किया जा चुके हैं। ऑनलाइन अल्पविराम कार्यक्रम भी हुए हैं। इनमें 17 हजार से अधिक प्रतिभागी शामिल हो चुके हैं। प्रदेश में 560 से अधिक आनंद क्लब पंजीकृत हैं जो रक्तदान, भोजन एवं सामग्री दान, आपदा में सहयोग के साथ ही शिक्षा, पर्यावरण और स्वच्छता के कार्यों के साथ बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे चुके हैं। निराश्रितों की सहायता और उपचार के कार्यों भी किए गए हैं।

आर्ट ऑफ़ लिविंग बैंगलुरू, इनिशिएटिव ऑफ चेंज पंचगनी, ईशा फाऊंडेशन कोयंबटूर और हार्टफुलनेस संस्था हैदराबाद में आनंद शिविर में मध्यप्रदेश के शासकीय सेवक प्रतिवर्ष हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही 6 सप्ताह का ऑनलाइन आनंद पाठ्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। प्रतिवर्ष 14 से 28 जनवरी की अवधि में आनंद उत्सव का आयोजन होता है, जिसमें करीब 20 लाख लोग सहभागिता कर चुके हैं।

बैठक में अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा और आनंद विभाग रश्मि अरुण शमी और अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

बैगा परिवारों को पीएम जन-मन योजना से दिलाएं पक्का आवास : राज्यपाल मंगुभाई पटेल

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब एवं अत्यंत पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिये पीएम जन-मन योजना प्रारंभ की है। योजना से बैगा, भारिया, सहरिया परिवारों को आवास, उज्जवला गैस, पीएम किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन के तहत हर-घर नल से जल, छात्रवृत्ति, शिष्यवृत्ति आदि सुविधाएं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बैगा परिवारों को पीएम जन-मन आवास के माध्यम से झोपड़ी से मुक्ति दिलाकर पक्का आवास दिलाएँ। राज्यपाल पटेल उमरिया जिले के डोड़का ग्राम पीएम जन-मन कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाएं स्व-सहायता समूह से जुडकर आर्थिक उत्थान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जहां शिक्षा होगी, वही समाज आगे बढ़ेगा। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 तक टीबी मुक्त भारत तथा 2047 तक सिकल सेल मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया है। उन्होने आव्हान किया कि टीबी मरीजों को सम्पन्न व्यक्ति गोद लें। राज्यपाल पटेल ने कहा कि सिकल सेल अनुवांशिक बीमारी है, इसे जड़ से मिटाने का समन्वित प्रयास आवश्यक है। इसके लिए 15 हजार करोड रूपये का प्रावधान किया गया है। स्कूली बच्चों तथा आंगनबाडी के बच्चों एवं गर्भवती माताओं की सिकल सेल की जांच कराएँ। विवाह के समय सिकल सेल पीडित जोडो का विवाह नही कराएँ।

राज्यपाल पटेल ने ग्राम डोडका में आयोजित कार्यक्रम में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने ग्राम डोडका में गौ-शाला का निरीक्षण किया। गौमाता का पूजन कर चना, गुड़, घास तथा केला खिलाया।

उमरिया कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि जिले में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) अंतर्गत सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आरंभ होने से वर्तमान समय तक 368 आधार कैम्प लगाये गये है। डोर-टू-डोर सर्वे किया जा कर अन्य योजनाओं के सैचुरेशन हेतु जिले अंतर्गत 500 से अधिक कैम्प लगाये गये। जिले की मानपुर जनपद पंचायत जनमन आवास बनाये जाने में प्रदेश में पहले स्थान पर है। यहां 1598 आवास बनाये जा चुके है।

इस अवसर पर विधायक मीना सिंह, विधायक शिवनारायण सिंह, आयुक्त शहडोल संभाग श्रीमन शुक्ला, पुलिस महा निरीक्षक शहडोल अनुराग शर्मा सहित स्थानीय जन-प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर सप्ताह भर होंगी खेल प्रतियोगिताएं – मंत्री विश्वास सारंग

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि खेल दिवस के अवसर पर 26 से 31 अगस्त 2024 तक प्रदेश भर में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उल्लेखनीय है कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस पर देश भर में 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है।

खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय स्तर पर भी खेल कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है, जिसमें बेडमिंटन, फन गेम्स, बास्केटबॉल एवं हॉकी मैच होंगे।

प्रत्येक जिलों में 26 से 31 अगस्त 2024 तक भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार खेल गतिविधियां आयोजित की जायेंगी।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर संचालनालय खेल और युवा कल्याण द्वारा टी.टी. नगर स्टेडियम में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी खेल अकादमी के खिलाडी, प्रशिक्षक और प्रभारी अधिकारियों की टीम प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर सहभागिता करेंगे।

हॉकी मैच का आयोजन मेजर ध्यानचंद हॉकी मैदान लिंक रोड भोपाल एवं बेडमिंटन, फन गेम्स, बास्केटबॉल का आयोजन तात्या टोपे स्टेडियम भोपाल में किया जावेगा।

 

प्रेम और समर्पण का अद्भुत त्यौहार है रक्षाबंधन – भगवानदास सबनानी

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के विधायक भगवानदास सबनानी द्वारा आयोजित रक्षाबंधन उत्सव मानस भवन शामला हिल्स पर धूमधाम से मनाया गया। आयोजन में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा की महिला कार्यकर्ताओं के साथ ही क्षेत्रीय महिलाओं ने भी रक्षाबंधन के इस आयोजन में उपस्थित होकर क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक भगवानदास सबनानी को रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें अपना आशीर्वाद दिया।

महिलाओं ने इस अवसर पर भाई बहन के पवित्र त्यौहार रक्षाबंधन के गीत भी गए। इस अवसर पर सबनानी ने कहा कि सनातन धर्म में है हर त्यौहार का अपना एक विशेष महत्व होता है। रक्षाबंधन का यह त्यौहार हमे भाई बहन के प्रेम के प्रतीक के साथ ही समर्पण के लिए भी मनाया जाता है। बहनें अपने भाई के लिए उपवास रखकर उसको तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बनती हैं और ईश्वर से उनकी लंबी आयु के साथ ही हमेशा स्वस्थ रहने की भी कामना करती हैं। भाई भी अपनी बहन को हमेशा उसकी रक्षा करने का का वचन देता है।

भगवानदास सबनानी ने आगे कहा इस पवित्र त्यौहार पर मैं अपनी सभी बहनों को संकल्प देता हूं कि मैं ऐसा कोई भी काम नहीं करूंगा जिससे किसी भी बहन का सर शर्म से झुके। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा परिवार कि प्रत्येक बहन के आशीर्वाद से ही में इस चुनाव में विजय श्री प्राप्त कर पाया इसके लिए मैं सदा अपनी सभी बहनों का ऋणी रहूंगा। आपके स्नेह और प्रेम की ही बदौलत ही विधायक बनने के बाद भी मुझे संगठन में कई महत्वपूर्ण जवाबदारियां मिली है यह सब आप लोग की शुभकामनाओं से ही संभव हुआ है। मैं अपनी सभी बहनों को इस शुभ अवसर पर विश्वास दिलाता हूं कि मेरे घर के दरवाजे हमेशा आप सबके लिए खुले हैं मेरा फोन नंबर भी आप सबके पास है। आपको जब जहां मेरी आवश्यकता पड़ेगी आपका भाई आपकी एक आवाज़ पर वहां उपस्थित रहेगा।

 

भारतीय डाक द्वारा दीन दयाल स्पर्श योजना से विद्यार्थियों के बीच डाक टिकट संग्रह में रुचि पैदा होगी- पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण यादव कुमार

डाक टिकट संग्रह में रुचि रखने वाले शौकिया डाक टिकट संग्राहकों को जल्द ही प्रोत्साहन मिलेगा। भारतीय डाक विभाग ने डाक टिकट संग्रह को प्रोत्साहन देने और शिक्षा प्रणाली की मुख्यधारा में लाने के उद्देश्य से, विद्यार्थियों के बीच डाक टिकट संग्रह के लिए रुचि पैदा करने के शौक के रूप में टिकटों के प्रति अभिरुचि और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए एक डाक टिकट छात्रवृत्ति कार्यक्रम दीन दयाल स्पर्श योजना शुरू की है। उत्तर गुजरात क्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि कक्षा 6 से 9 तक के उन मेधावी विद्यार्थियों को प्रति वर्ष 6,000 रुपये की छात्रवृत्ति देने का प्रस्ताव है, जिनका शैक्षणिक रिकॉर्ड अच्छा है और साथ ही जिन्होंने टिकट संग्रह को एक शौक के रूप में अपनाया है। इस छात्रवृत्ति योजना में लाभार्थियों के चयन के लिए आयोजित की जाने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 सितंबर, 2024 है।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि यह छात्रवृत्ति अखिल भारतीय स्तर पर प्रदान की जाएगी और प्रत्येक डाक सर्कल कक्षा 6, 7, 8 और 9 के प्रत्येक 10 विद्यार्थियों को अधिकतम 40 छात्रवृत्तियां प्रदान करेगा। छात्रवृत्ति की राशि 500 रुपये प्रति माह की दर से 6000 रुपये प्रति वर्ष होगी, जो त्रैमासिक आधार पर प्रदान की जाएगी। पोस्टमास्टर जनरल श्री यादव ने कहा कि छात्रवृत्ति के लिए पात्र होने के लिए, व्यक्ति को भारत में किसी मान्यता प्राप्त स्कूल का विद्यार्थी होना चाहिए। संबंधित स्कूल में एक डाक टिकट संग्रह क्लब होना चाहिए और प्रत्याशी को क्लब का सदस्य होना चाहिए। यदि किसी स्कूल में डाक टिकट संग्रह क्लब नहीं है, तो उस स्कूल के किसी विद्यार्थी के नाम पर भी विचार किया जा सकता है, जिसके पास अपना खुद का डाक टिकट संग्रह का जमा खाता है। डाकघरों में डाक टिकट संग्रह जमा खाता केवल 200 रुपये की राशि से खोला जा सकता है। छात्रवृत्ति के लिए चयन करते समय यह ध्यान रखना चाहिए कि प्रत्याशी ने अपनी अंतिम परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड/कुल अंक प्राप्त किए हों। अनुसूचित जाति (एससी)/अनुसूचित जनजाति (एसटी) उम्मीदवारों के लिए 5 प्रतिशत की छूट होगी।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए चयन 30 सितंबर को मंडल स्तर पर 50 बहुविकल्पीय प्रश्नों की डाक टिकट संग्रह लिखित प्रश्नोत्तरी में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। इस प्रश्नोत्तरी में मंडल स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को अंतिम चयन के लिए नवंबर, 2024 के पहले सप्ताह तक डाक टिकट संग्रह प्रोजेक्ट संबंधित मंडल में जमा करना होगा। इसके लिए मंडल स्तर पर डाक अधिकारियों और प्रतिष्ठित डाक टिकट संग्राहकों की एक समिति भी गठित की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को अपने माता-पिता के साथ डाकघर या इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में एक संयुक्त खाता खोलना होगा।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि इस छात्रवृत्ति का उद्देश्य बच्चों में छोटी उम्र से ही डाक टिकट संग्रह का शौक इस तरह विकसित करना है कि यह उन्हें दिलचस्प काम, आरामदायक अनुभव और तनाव मुक्त जीवन भी प्रदान करे, क्योंकि डाक टिकट संग्रह भी शिक्षाप्रद सिद्ध होते हैं।

आज से पंद्रह साल बाद यानी वर्ष 2040 में कोई भारतीय चंद्रमा की सतह पर उतरेगा – डॉ. जितेन्द्र सिंह

पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर आयोजित एक महत्वपूर्ण समारोह में, केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज यहां घोषणा की कि आज से पंद्रह वर्ष बाद, अर्थात वर्ष 2040 में, कोई भारतीय चंद्रमा की सतह पर उतरेगा।

भारत मंडपम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्र को संबोधित करते हुए डॉ. जितेन्द्र सिंह ने अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत की उल्लेखनीय उपलब्धियों और उसके महत्वाकांक्षी भविष्य के लक्ष्यों के बारे में प्रकाश डाला।

डॉ. जितेन्द्र सिंह ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 के ऐतिहासिक लैंडिंग पर प्रकाश डाला, जिसने विश्व को आश्चर्यचकित करने के साथ-साथ भारत को अंतरिक्ष अन्वेषण में अग्रणी देश के रूप में स्थापित किया।

उन्होंने यह स्मरण कराया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने घोषणा की थी कि 23 अगस्त, 2023 को पूरे देश में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाया जाएगा तथा चंद्रयान-3 के लैंडिंग स्थल का नाम ‘शिव शक्ति प्वाइंट’ रखा जाएगा। इस उद्घाटन समारोह के विषय, “चंद्रमा को छूते हुए जीवन को छूना: भारत की अंतरिक्ष गाथा”, की गूंज पूरे कार्यक्रम में सुनाई दी।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, “पिछले छह दशकों में भारत ने न केवल अपने नागरिकों के जीवन को छुआ है, बल्कि चांद पर भी पहुंचा है।” उन्होंने पिछले दशक में हुई महत्वपूर्ण प्रगति पर जोर दिया। इनमें सफल मंगल ऑर्बिटर मिशन, एस्ट्रोसैट, चंद्रयान-2 और चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण, आगामी आदित्य-एल1 सौर मिशन और एक्स-रे खगोल विज्ञान मिशन एक्सपोसैट शामिल हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि भारत की अंतरिक्ष यात्रा की शुरुआत 55 साल पहले वर्ष 1969 में हुई थी, जब अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग ने चांद पर कदम रखा था। उन्होंने वैज्ञानिक समुदाय के अटूट समर्पण की सराहना की, जिसके परिणामस्वरूप भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला देश बन गया।

अंतरिक्ष राज्य मंत्री ने वैज्ञानिक मिशनों में तेजी लाने और भारत के वैज्ञानिक समुदाय की क्षमता को उजागर करने के लिए वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उपलब्ध कराई गई नीतिगत सहायता और नेतृत्व को इसके लिए श्रेय दिया। उन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी भागीदारी के लिए खोलने के बाद अंतरिक्ष स्टार्टअप में उल्लेखनीय वृद्धि का भी उल्लेख किया, जिनकी संख्या बढ़कर अब लगभग 300 हो गई है। उन्होंने वित्त मंत्री के अनुमान को दोहराते हुए कहा कि अगले दशक में भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था 8 बिलियन डॉलर से बढ़कर 44 बिलियन डॉलर हो जाएगी।

डॉ. जितेन्द्र सिंह ने अंतरिक्ष क्षेत्र को “मुक्त” करने तथा इसे जनता के लिए अधिक सुलभ बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की, जिसका प्रमाण श्रीहरिकोटा में चन्द्रयान-3 के प्रक्षेपण को लाइव देखने वाले 5,000 से अधिक दर्शकों तथा लगभग 1,000 मीडिया कर्मियों से मिलता है।

भविष्य की ओर देखते हुए, डॉ. जितेंद्र सिंह ने अंतरिक्ष विजन वर्ष 2047 को रेखांकित किया, जिसमें वर्ष 2035 तक भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (बीएएस) की स्थापना और वर्ष 2040 तक भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों का चंद्रमा पर उतरना शामिल है। उन्होंने ऐसा विश्वास व्यक्त किया, वह पृथ्वी की निचली कक्षा में मानव अंतरिक्ष उड़ान के साथ शुरू होता है और उसका स्वदेशी अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत की अपनी वैज्ञानिक गतिविधियों तक विस्तार होगा। इससे चंद्र अन्वेषण और उससे आगे की गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने अंतरिक्ष परिवहन, प्लेटफॉर्म और ग्राउंड स्टेशनों में भारत की संपूर्ण क्षमताओं पर प्रकाश डालते हुए अंतरिक्ष क्षेत्र में देश की आत्मनिर्भरता के प्रमुख पहलू का उल्लेख किया। डॉ. सिंह ने मत्स्य पालन, कृषि, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और उपग्रह संचार जैसे क्षेत्रों पर अंतरिक्ष अनुप्रयोगों के प्रभाव का उल्लेख किया, जिन्हें भारत की अंतरिक्ष प्रगति से लाभ पहुंचा है।

राष्ट्र द्वारा अपना पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाए जाने के अवसर पर डॉ. जितेन्द्र सिंह ने यह विश्वास व्यक्त किया कि यह वार्षिक आयोजन भारत की अंतरिक्ष यात्रा और इसके भविष्य के प्रयासों के बारे में नागरिकों में अधिक जागरूकता पैदा करेगा और उत्साह का संचार करेगा।

महिला अत्याचार के समय कहां गायब हो जाते हैं भाजपा के राखी वाले नेता : संगीता शर्मा

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संगीता शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग सहित अन्य भाजपा नेताओं और मंत्रियों द्वारा रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर कार्यक्रम आयोजित कर राखी बंधवाने का स्वांग रचने पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि सार्वजनिक स्थानों में राखी बंधवाने का रिकॉर्ड बनाने का दावा करने वाले भाजपा नेता मध्यप्रदेश में बढ़ रहे महिला अत्याचार के समय कहां गायब हो जाते हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संगीता शर्मा ने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री से लेकर दूसरे मंत्री और अन्य नेता बहनों से राखी बंधवाने का ढोंग रचते हैं। तो वहीं दूसरी तरफ केंद्र सरकार की संस्था एनसीआरबी की रिपोर्ट बताती है कि महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध के मामले में मध्यप्रदेश पहले पायदान पर है।

संगीता शर्मा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर प्रदेश की भाजपा सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है। मध्यप्रदेश में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। हाल ही में एक महिला पटवारी को उसके दफ्तर में सार्वजनिक रूप से धमकाने और जबलपुर के सुभाषचंद्र मेडिकल कॉलेज की दो छात्राओं के साथ छेड़खानी की घटना का जिक्र करते हुए संगीता शर्मा ने कहा कि आए दिन राजधानी में महिलाओं पर हमले हो रहे हैं। महिलाओं और बेटियों के साथ छेड़खानी और बलात्कार की घटनाएं तो अब आम हो गई हैं। संगीता शर्मा ने कहा कि जब राजधानी भोपाल की स्थिति इतनी बदतर है तो मध्यप्रदेश के दूसरे जिलों में महिला अत्याचार का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के दो महानगर भोपाल और इंदौर में कानून व्यवस्था ठीक करने के लिए लागू की गई पुलिस कमिश्नर प्रणाली पूरी तरह फेल हो गई है। इन शहरों में अपराध रुकने की जगह बढ़ते जा रहे हैं। महिला सशक्तिकरण के नाम पर सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संगीता शर्मा ने कहा कि प्रदेश की महिलाओं को भाजपा सरकार और उसके नेताओं का असली चेहरा पहचानने की जरूरत है। संगीता शर्मा ने कहा कि भाजपा योजनाओं और आयोजनों के जरिए सिर्फ महिलाओं के साथ धोखा कर रहे हैं पर पूरे प्रदेश में उन्हें कहीं भी महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध नहीं करवा पा रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता संगीता शर्मा ने कहा कि जिस भाजपा के 54 सांसद और विधायक हत्या और बलात्कार जैसे गंभीर महिला अपराध का सामना कर रहे हो उस दल से महिलाओं को सुरक्षित रखने की उम्मीद छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री को याद दिलाते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीना ठोक कर कहा था कि हमारी सरकार में कोई दागी नहीं रहेगा फिर यह गंभीर महिला अपराधी 54 सांसद – विधायक क्या भाजपा और मोदी सरकार की शोभा बढ़ा रहे हैं। अब कहां गया मोदी का वह संकल्प ? संगीता संगीता शर्मा ने प्रदेश की महिलाओं को सचेत करते हुए आगाह किया है कि अपने आंखों से भाजपा और उसके नेताओं की कारगुजारियां देखने और जानने की कोशिश करें।

भारत निर्वाचन आयोग ने पर्यवेक्षकों को झूठे प्रोपेगेंडा के प्रति सतर्क रहने की दी सलाह

भारतीय निर्वाचन आयोग ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा के आम चुनावों के लिए कल जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में तैनात किए जाने वाले पर्यवेक्षकों को जानकारी देने के लिए एक बैठक का आयोजन किया। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और डॉ. एसएस संधू के साथ पर्यवेक्षकों को उनके आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में व्यक्तिगत रूप से जानकारी दी।

नई दिल्ली के रंग भवन सभागार में आयोजित इस बैठक में आईएएस, आईपीएस अधिकारियों के साथ-साथ भारतीय राजस्व सेवा और कुछ अन्य केंद्रीय सेवाओं के 400 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में करीब 200 सामान्य पर्यवेक्षक, 100 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने पर्यवेक्षकों को उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की याद दिलाते हुए जोर दिया कि आयोग के प्रतिनिधि के रूप में पर्यवेक्षकों से अपेक्षा की जाती है कि वे पेशेवर तरीके से व्यवहार करें और उम्मीदवारों तथा आम जनता सहित सभी हितधारकों के लिए सुलभ रहें। उन्होंने उन्हें भाषा संबंधी बाधाओं को दूर करने तथा यह सुनिश्चित करने की भी सलाह दी कि परस्‍पर संवाद में कोई अंतराल न रहे। उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षकों पर पार्टियों, उम्मीदवारों, मतदाताओं तथा आयोग की भी सतर्क निगाह रहेगी। उन्होंने कहा कि चुनावों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने में उनके सुझाव महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने पर्यवेक्षकों को चुनाव प्रक्रिया को पटरी से उतारने की कोशिश करने वाली भ्रामक खबरों के प्रति सतर्क रहने तथा समय पर कार्रवाई करने की भी सलाह दी।

चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों को पूरे चुनाव तंत्र का निरीक्षण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव अत्यधिक कड़ी टक्कर वाले होते हैं और इन चुनावों में पर्यवेक्षकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

चुनाव आयुक्त डॉ. संधू ने पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए आयोग की आंख और कान के रूप में उनकी भूमिका के बारे में तीन बिंदुओं पर जोर दिया। डॉ. संधू ने कहा कि चुनाव के संचालन को बेहतर बनाने के लिए सुगमता, दृश्यता और जवाबदेही आवश्यक है।

सभी पर्यवेक्षकों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई ताकि उन्हें आयोग की विभिन्न नई पहलों और निर्देशों के बारे में संवेदनशील बनाया जा सके। जानकारी सत्र के दौरान निम्नलिखित बातों पर जोर दिया गया: – पर्यवेक्षकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे सभी दलों, उम्मीदवारों और मतदाताओं की शिकायतों के समय पर निवारण के लिए उनके पास उपलब्ध बने रहें। इस संबंध में किसी भी शिकायत को आयोग द्वारा गंभीरता से लिया जाएगा। पर्यवेक्षकों के विवरण जैसे मोबाइल/लैंडलाइन नंबर/ई-मेल पते/ठहरने के स्थान आदि को सीईओ/जिला वेबसाइटों पर, इलेक्ट्रॉनिक/प्रिंट मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से प्रचारित किया जाना चाहिए तथा इसे जिला निर्वाचन अधिकारियों/आरओ द्वारा अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में पर्यवेक्षकों के आगमन के दिन उम्मीदवारों/मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीच प्रसारित किया जाना चाहिए। पर्यवेक्षकों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे जिला निर्वाचन अधिकारियों/क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा उम्मीदवारों/राजनीतिक दलों की बुलाई जाने वाली बैठकों का निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि उनकी शिकायतों को उचित ढंग से सुना जाए तथा उन पर कार्रवाई की जाए। जमीनी स्तर पर आयोग की आंख और कान के रूप में पर्यवेक्षकों को पूरी ईमानदारी के साथ निरंतर सतर्कता बरतने को कहा गया। एक मार्गदर्शक के रूप में पर्यवेक्षकों को प्रत्येक निर्देश और प्रक्रिया को स्पष्ट रूप से समझना होगा। सभी प्रयोजनों के लिए, पर्यवेक्षक निर्वाचन मशीनरी, उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों और मतदाताओं के साथ इंटरफेस के रूप में क्षेत्र से आयोग को सीधे इनपुट प्रदान करेंगे। पर्यवेक्षकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि चुनाव से संबंधित अधिनियमों, नियमों, प्रक्रियाओं, निर्देशों और दिशानिर्देशों का सभी संबंधितों द्वारा सख्ती और निष्पक्षता से अनुपालन किया जाए।पर्यवेक्षकों को मतदान केंद्रों का दौरा करना चाहिए तथा दिव्यांगजनों और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए मतदान सुलभ बनाने हेतु ए.एम.एफ., विशेषकर रैम्प और व्हीलचेयर सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए।

दिन भर चले जानकारी सत्रों के दौरान, वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त, डीईसी और ईसीआई के महानिदेशकों द्वारा चुनाव प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं के बारे में अधिकारियों को व्यापक और गहन जानकारी प्रदान की गई। चुनाव नियोजन, पर्यवेक्षक की भूमिका और जिम्मेदारियों, मतदाता सूची के मुद्दों, आदर्श आचार संहिता लागू किए जाने, चुनाव व्यय निगरानी, ​​कानूनी प्रावधानों, ईवीएम/वीवीपीएटी प्रबंधन, मीडिया की भागीदारी और आयोग के प्रमुख एसवीईईपी (प्रणालीगत मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) कार्यक्रम के तहत मतदाता सुविधा के लिए की जाने वाली गतिविधियों की विस्तृत विषयगत प्रस्तुतियाँ दी गईं।

पर्यवेक्षकों को मतदाता सुविधा के लिए आयोग की विभिन्न आईटी पहलों और मोबाइल एप्लीकेशन के साथ-साथ क्षेत्र में चुनाव प्रक्रियाओं के प्रभावी और कुशल प्रबंधन से भी अवगत कराया गया। पर्यवेक्षकों को ईवीएम और वीवीपैट का कार्यात्मक प्रदर्शन दिखाया गया और ईवीएम इकोसिस्टम को पूरी तरह से सुरक्षित, मजबूत, विश्वसनीय, छेड़छाड़-रहित और विश्वसनीय बनाने के लिए इसके विविध तकनीकी सुरक्षा सुविधाओं, प्रशासनिक प्रोटोकॉल और प्रक्रियात्मक सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी गई। पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने काम को सुविधाजनक बनाने के लिए चुनाव प्रबंधन से संबंधित सभी विषयों पर अद्यतन और व्यापक मैनुअल, हैंडबुक, निर्देशों का संग्रह, क्या करें और क्या न करें का अध्ययन करें। ये सभी निर्देश और दिशा-निर्देश ईसीआई की वेबसाइट पर ई-बुक और खोज योग्य प्रारूप में उपलब्ध हैं, ताकि किसी भी निर्देश और दिशा-निर्देश तक सुगमता से पहुँचा जा सके।

आयोग जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 20बी तथा संविधान की पूर्ण शक्तियों के अंतर्गत पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करता है। पर्यवेक्षकों को चुनाव प्रक्रिया, भेद-भाव रहित, निष्पक्षता और विश्वसनीयता के अनुपालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाती है, जो हमारी लोकतांत्रिक राजनीति का आधार है। आयोग अपने सामान्य, पुलिस और व्यय पर्यवेक्षकों पर अत्यधिक विश्वास करता है तथा स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में ऐसे पर्यवेक्षकों की भूमिका आयोग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ये केंद्रीय पर्यवेक्षक न केवल स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और समावेशी चुनाव कराने के अपने संवैधानिक दायित्व को पूरा करने में आयोग की मदद करते हैं, बल्कि मतदाताओं की जागरूकता और चुनाव में भागीदारी को भी बढ़ाते हैं। चुनाव पर्यवेक्षण का मुख्य उद्देश्य सुधार के क्षेत्रों की पहचान करना और ठोस और प्रभावी अनुशंसाएं तैयार करना है। ये पर्यवेक्षक आयोग की आंख और कान माने जाते हैं।

बच्चों के संस्कार में आना चाहिये कि जल अमृत है, इसे व्यर्थ न बहायें : नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि आज जरूरी है कि बच्चों के संस्कार में आना चाहिये कि जल अमृत है, इसे व्यर्थ न बहायें। यदि यह कार्य शत-प्रतिशत होता है, तो देवास देश को मार्गदर्शन देने वाला शहर बन जायेगा। नगरीय विकास मंत्री विजयवर्गीय कल देवास के मल्हार स्मृति मंदिर में हुए अमृत संचय अभियान को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में विधायक अरुण भीमावत, महापौर गीता अग्रवाल एवं स्थानीय जन-प्रतिनिधि मौजूद थे।

नगरीय विकास मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि जल संचय के लिये अधिक से अधिक पेड़ लगाने की आवश्यकता होगी। उन्होंने बताया कि इंदौर में इस सीजन में अब तक जन-भागीदारी से 51 लाख पेड़ लगाये जा चुके हैं। विजयवर्गीय ने कहा कि एक पीपल का पेड़ 10 हजार से एक लाख लीटर पानी जमीन में पहुँचाता है। उन्होंने बताया कि नर्मदा के किनारे नगरीय निकायों में एसटीपी लगाने का कार्य किया जायेगा। मंत्री विजयवर्गीय ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत मल्हार स्मृति मंदिर में पौध-रोपण भी किया। कार्यक्रम में विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि पूर्व में देवास में इंदौर से नर्मदा मैया का पानी लाना पड़ता था। अब क्षिप्रा नदी पर डेम बनने से देवास में तीसरी मंजिल तक पानी पहुँच रहा है। उन्होंने कहा कि अगले साल तक हमें एक हजार करोड़ लीटर वर्षा का जल बचाना है। कार्यक्रम को राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री विज्ञान भारती प्रवीण रामदास ने भी संबोधित किया।

कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने बताया कि देवास में 100 दिन पहले अमृत संचय अभियान शुरू हुआ है। सभी के सहयोग से हमने 225 करोड़ लीटर पानी बचाने के लक्ष्य को हासिल कर लिया है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले में बोरीबंधान का कार्य किया जा रहा है। क्षिप्रा नदी के आसपास लगने वाले 104 ग्रामों में सोकपिट बनाये जा रहे हैं। नदी के आसपास से अतिक्रमण हटाकर पौध-रोपण किया जा रहा है। जिले के तालाबों में मत्स्य-पालन के लिये यूजर ग्रुप बनाये जा रहे हैं।

 

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने क्रिएट इन इंडिया चैलेंज-सीजन वन का किया शुभारंभ

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कल विश्व ऑडियो विजुअल एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) के लिए ‘क्रिएट इन इंडिया चैलेंज – सीजन 1’ के तहत 25 चैलेंज लॉन्च किए। इस अवसर पर अपने संबोधन में वैष्णव ने कहा कि आज का लॉन्च हमारी बढ़ती और विकसित होती अर्थव्यवस्था का प्रतिबिंब है। एक पूरी तरह से नई क्रिएटर इकोनॉमी बनाई गई है और इसे भारत के प्रधानमंत्री द्वारा भी मान्यता दी गई है, जैसा कि मार्च 2024 में उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले पहले राष्ट्रीय क्रिएटर पुरस्कार में परिलक्षित होता है।

इस अर्थव्यवस्था में अपार संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि क्रिएटर्स इकोनॉमी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवन शैली, योग, पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली और हमारे व्यंजनों में विविधता को प्रदर्शित करने का एक अद्भुत साधन बन गई है। भारत सरकार इस अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इसलिए, हमें इस क्षेत्र में प्रतिभा और कौशल विकास के साथ-साथ आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।

इस क्रिएटर्स इकोनॉमी को और विकसित करने के लिए सरकार विश्वस्तरीय प्रतिभा विकास कार्यक्रम और इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तरीय विश्वविद्यालय और सुविधाएं स्थापित करने की योजना है, जो मीडिया और मनोरंजन में क्रिएटर्स की क्षमताओं को बढ़ाएगी।

अश्विनी वैष्णव ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि फिल्म निर्माण हमारी ताकत में से एक है और आज के युग में इस क्षेत्र में नई तकनीक और उपकरणों का उपयोग करने की काफी गुंजाइश है, जिससे रोजगार सृजन की अच्छी गुंजाइश सुनिश्चित होती है। अनुमान है कि यदि सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया जाता है, तो कार्यक्रम इस क्षेत्र में 2-3 लाख नौकरियां पैदा कर सकता है।

साथ ही, केंद्रीय मंत्री ने यह भी याद दिलाया कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि इस यात्रा में हमारे समाज को नुकसान न पहुंचे और इसकी जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं बल्कि समाज, उद्योग जगत और हम सभी की है।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में अपार संभावनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए वेव्स का आयोजन किया जा रहा है और यह भविष्य में एक बड़े आयोजन के रूप में उभरने वाला है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव नीरजा शेखर, फिक्की की महानिदेशक ज्योति विज, मीडिया एवं मनोरंजन पर सीआईआई राष्ट्रीय समिति के उपाध्यक्ष बीरेन घोष भी इस कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में शामिल थे।

इस अवसर पर संजय जाजू ने कहा कि यह पहल भारत के क्रिएटिव इकोसिस्टम को पोषित करने और उसे उन्नत करने के हमारे मौजूदा मिशन में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा, “यह हमारे प्रधानमंत्री के 78वें स्वतंत्रता दिवस के संबोधन के दौरान व्यक्त किए गए ‘भारत में डिजाइन, दुनिया के लिए डिजाइन’ के दूरदर्शी आह्वान के साथ सहजता से मेल खाता है।” देश के भीतर अपार क्षमता और प्रतिभा पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वेव्स इस क्षमता का एक प्रमाण है और एक वैश्विक मंच के रूप में काम करेगा, जहां दुनिया भर के सबसे प्रतिभाशाली दिमाग, सबसे प्रतिभाशाली क्रिएटर और दूरदर्शी दिग्गज ज्ञान साझा करने, विचारों का आदान-प्रदान करने और क्रिएटिविटी की सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए एकत्र होंगे।

अग्रणी उद्योग संघों और संगठनों द्वारा आयोजित ये चैलेंज एनीमेशन, फिल्म निर्माण, गेमिंग, संगीत और दृश्य कला सहित कई विषयों को कवर करती हैं। ये चैलेंज मुख्य कार्यक्रम से पहले आयोजित किए जा रहे हैं।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...