मंत्रीगण, प्रभार के जिलों में भ्रमण के दौरान रात्रि विश्राम अवश्य करें: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक वंदे-मातरम् के गान के साथ आरंभ हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक से पहले अपने संबोधन में कहा है कि मंत्रीगण अपने प्रभार के जिलों में भ्रमण के दौरान एक माह में कम से कम एक बार रात्रि विश्राम अवश्य करें। उन्होंने कहा कि कि मदरसों में अन्य धर्म की शिक्षा पर प्रतिबंध के संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं। संविधान के अनुच्छेद 28 (3) के प्रावधान के अनुसार मदरसों में अध्ययनरत बच्चों को उनके धर्म की शिक्षा के विपरीत अन्य धर्म की शिक्षा ग्रहण करने अथवा उपासना में उपस्थित होने को बाध्य करने वाले मदरसों के सभी शासकीय अनुदान बंद किए जाएंगे। ऐसे मदरसों की मान्यता समाप्त करने की विधिवत कार्यवाही सहित अन्य उपयुक्त वैधानिक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवा, किसान, महिला और गरीब के महत्व को रेखांकित करते हुए राज्य शासन चार मिशन आरंभ कर रहा है। इस संबंध में विचार-विमर्श के लिए शीघ्र ही मंथन कार्यक्रम किया जाएगा, जिसमें सभी मंत्रीगण शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ तंत्र को मजबूत करने के लिए प्रदेश में ई.ओ.डब्ल्यू और लोकायुक्त की इकाइयों को बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में रक्षाबंधन का कार्यक्रम उत्साह और उल्लास से मनाया गया। जन्माष्टमी पर्व 26 अगस्त को प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विविध पक्षों पर केन्द्रित कार्यक्रम होंगे। साथ ही नगरीय क्षेत्रों में सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन के लिए टाउन हॉल विकसित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समग्र नर्मदा विकास के उद्देश्य से माँ नर्मदा मिशन के लिए समिति गठित की जाएगी। मिशन के अंतर्गत नर्मदा जी के उद्गम स्थल से लेकर गुजरात सीमा तक नगरीय निकाय और पंचायत राज संस्थाएं नर्मदा जी के प्रवाह की निरंतरता और सहायक नदियों व जल स्त्रोतों के स्वास्थ्य के लिए कार्य करेंगी। मिशन के अंतर्गत तीर्थ स्थानों व देव स्थानों के रख-रखाव और उन्नयन के साथ ही नर्मदा परिक्रमा करने वालों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कालांतर में नर्मदा जी के साथ प्रदेश की अन्य नदियों को भी इस अभियान में शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के उद्देश्य से दुग्ध उत्पादन, फसलों से आय बढ़ाने, जैविक फलोद्यान आदि पर योजना बनाने के निर्देश विभागों को दिए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से प्लास्टिक से मुक्ति पर केन्द्रित अभियान भी प्रदेश में संचालित होगा।

 

1,320 करोड़ से अधिक राशि की सिंचाई परियोजना की प्रशासकीय स्वीकृति

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा सिंगरौली जिले की चितरंगी दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के लिये 1320.14 करोड़ रुपये (सैंच्य क्षेत्र 32,125 हेक्टेयर) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत परियोजना से सिंगरौली जिले की चितरंगी तहसील के 132 ग्राम (सैंच्य क्षेत्र 28,192 हेक्टेयर) एवं देवसर तहसील के 10 ग्राम (सैंच्य क्षेत्र 3,933 हेक्टेयर) लाभान्वित होंगे।

मंत्रि-परिषद द्वारा साइबर तहसील परियोजना के लिये पर्याप्त अमला उपलब्ध कराये जाने की स्वीकृति दी गई। पूरे प्रदेश में विस्तार किये जाने के लिए तहसीलदार संवर्ग के जिलों हेतु स्वीकृत 619 पदों में से तहसीलदार के 10 पद, प्रतिनियुक्ति हेतु रक्षित नायब तहसीलदारों के 55 पदों में से 15 पद और 03 सहायक वर्ग-3 श्रेणी के कर्मचारियों को पद सहित प्रमुख राजस्व आयुक्त कार्यालय में साइबर तहसील के लिए अंतरित करने की स्वीकृति दी गई। इसी प्रकार 02 भृत्य को आउटसोर्स से नियुक्त किये जाने की स्वीकृति दी गई।

मंत्रि-परिषद द्वारा मिशन शक्ति अंतर्गत भारत सरकार द्वारा जारी संशोधित निर्देशों के अनुसार महिला सशक्तिकरण केंद्र की प्रदेश के समस्त जिलों में 15 वें वित्त आयोग की अवधि 2025-26 तक संचालित करने की स्वीकृति दी गयी। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों को अंतर-क्षेत्रीय अभिसरण की सुविधा प्रदान करना एवं ऐसा वातावरण तैयार करना, जिसमे महिलाएं अपनी पूरी क्षमता को समझ कर उसका उपयोग कर सकें।

प्रत्येक जिला हब में जिला मिशन समन्वयक-01, जेंडर स्पेशलिस्ट-02, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ 01, एकाउंट असिस्टेंट-01, आईटी असिस्टेंट-01 तथा एम. टी.एस-01 के पदों की स्वीकृति दी गई। इस प्रकार प्रदेश के सभी जिला हब को मिलाकर कुल 364 पदों की स्वीकृति दी गयी। स्वीकृत पदों की पूर्ति निधारित प्रक्रिया अनुसार किये जाने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग को अधिकृत किया गया है।

मंत्रि-परिषद द्वारा मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 43-क में शब्द ” दो वर्ष” के स्थान पर “तीन वर्ष” स्थापित किये जाने हेतु संशोधन के संबंध में मध्यप्रदेश नगर पालिका (द्वितीय संशोधन) अध्यादेश 2024 पर स्वीकृति दी गई।

रीवा हवाई पट्टी को हवाई अड्डे के रूप विकास एवं विस्तार देने के लिए मंत्रि-परिषद् की पूर्व बैठक 26.09.23 एवं 13.12.22 द्वारा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा चाही गई आवश्यक भूमि का आवंटन और मुआवजा राशि का भुगतान करने का निर्णय लिया गया था। हवाई अड्डे के निर्माण हेतु अधिग्रहित की गई भूमि में सतना जिले की ग्राम केरार एवं पैपखरा, तहसील रामपुर बघेलान की भूमि भी आई थी। आपसी सहमति से भूमि क्रय हेतु 1% सर्विस टैक्स सहित कलेक्टर सतना द्वारा 87 लाख 50 हजार रूपये की मुआवजा राशि का आवंटन चाहा गया था, जो उन्हें आवंटित किया जा चुका है। इसका आज मंत्रि-परिषद की बैठक में अनुसमर्थन किया गया।

मंत्रि-परिषद द्वारा मध्यप्रदेश उच्च न्यायिक सेवा (भर्ती तथा सेवा की शर्ते) नियम, 2017 के क्रमशः नियम-2, नियम-3, नियम-4, नियम-9 एवं नियम-11 तथा अनुसूची-एक को प्रतिस्थापित किए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री के आदेश दिनांक 13 अगस्त, 2024 एवं इसके परिपालन में विभाग द्वारा जारी अधिसूचना का अनुसमर्थ किया गया।

मंत्रि-परिषद् ने वित्त विभाग द्वारा पूंजीगत कार्यों के वित्तीय प्रबंधन हेतु “मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसरंचना (योजना क्र. 6084)” अंतर्गत प्रशासकीय/कार्यादेश स्वीकृति के लिये सूचकांक-1 की अधिकतम सीमा शिथिल करते हुए 3 से 4.30 किये जाने की स्वीकृति दी। इस निर्णय से ग्रामीण क्षेत्रों में 2135 करोड़ रूपये से अधिक के अधोसंरचना एवं निर्माण कार्य हो सकेंगे।

 

11000 शक्ति केंद्रों, 64871 बूथों तक चलेगा पार्टी का सदस्यता अभियान – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की लोकतांत्रिक कार्य पद्धति के अनुरूप पार्टी का सदस्यता अभियान जिसे पार्टी कार्यकर्ता संगठन पर्व के रूप में मनाते हैं, शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर 17 अगस्त को संपन्न कार्यशाला के माध्यम से इसकी शुरुआत हो गई है, वहीं, मध्यप्रदेश में 21 अगस्त को प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें संगठन पर्व की रूपरेखा बनाई जाएगी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। भाजपा के संगठन पर्व जैसी लोकतांत्रिक व्यवस्था भारत के अन्य लगभग 1500 राजनीतिक दलों में नहीं है। भारतीय जनता पार्टी एक जीवंत संगठन है और एक जीवंत संगठन ही लोगों को पुनः सदस्यता का निर्णय करने का मौका देती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि संगठन पर्व को लेकर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यशाला 17 अगस्त को दिल्ली में संपन्न हो चुकी है। इस कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा , देश के गृह मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एवं राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल.संतोष ने मार्गदर्शन दिया था। इसके उपरांत अब प्रदेश स्तर की कार्यशाला 21 अगस्त को प्रातः 11 बजे से प्रदेश कार्यालय में आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में प्रदेश के कोर ग्रुप से लेकर प्रदेश के पदाधिकारी, संभाग के प्रभारी, प्रदेश की सदस्यता टोली के सदस्य, लोकसभा एवं राज्यसभा के सांसद, सभी सम्मानीय विधायक, जिलों के अध्यक्ष, जिलों के प्रभारी, जिलों के महामंत्री, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष एवं महामंत्री, प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक, विभागों के संयोजक, मीडिया विभाग के सभी सह प्रभारी और प्रवक्तागण, सभी महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिलों की सदस्यता टोली तथा नगर पालिकाओं के अध्यक्ष भाग लेंगे। इसके उपरांत 22,23, 24 अगस्त को सभी जिलों की कार्यशालाएं होंगी। मंडलों की कार्यशाला 25, 26, 27 अगस्त को होंगी। प्रदेश के लगभग 11 हजार शक्ति केंद्रों पर कार्यशालाओं का आयोजन 28 और 29 अगस्त को किया जाएगा। इसके बाद 31 अगस्त को प्रदेश के सभी 64871 बूथों पर एक साथ संगठन पर्व संबंधी कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि संगठन पर्व के लिए राष्ट्रीय स्तर से लेकर हर स्तर पर टोलियों का गठन किया जा रहा है, जो इस अभियान के संचालन का दायित्व संभालेंगी। राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े इस अभियान के प्रभारी हैं। मध्यप्रदेश में प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी इसके प्रभारी होंगे। उनके अलावा पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, प्रदेश शासन की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल इस टोली में शामिल होंगे। जिला स्तर की टोली में एक संयोजक होगा और तीन कार्यकर्ता टोली के सदस्य होंगे। मंडल स्तर पर एक संयोजक और दो सदस्य टोली में शामिल होंगे। प्रदेश के सभी 11000 से अधिक शक्ति केंद्रों पर सदस्यता अभियान के संयोजक नियुक्त किए जाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का यह अभियान सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी होगा। इस अभियान के दौरान शीर्ष स्तर से लेकर बूथ स्तर तक, प्रदेश के हर भौगोलिक क्षेत्र के लोगों को पार्टी से जुड़ने का अवसर प्रदान किया जाएगा। यह अभियान सर्वसमावेशी भी होगा, जिसमें समाज के हर वर्ग को पार्टी के साथ जोड़ा जाएगा। युवाओं, महिलाओं, अनुसूचित जाति, जनजाति, डॉक्टर, कलाकार, खिलाड़ी आदि सभी वर्गों के लोगों तक पार्टी कार्यकर्ता पहुंचेंगे और उन्हें पार्टी से जोड़ेंगे। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमने विधानसभा और लोकसभा चुनाव परिणामों के दृष्टिगत हर बूथ का विश्लेषण किया है और इस अभियान के दौरान हम कमजोर और मजबूत हर तरह के बूथों पर फोकस करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि संगठन पर्व के दौरान भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने के लिए चार तरीकों का प्रयोग किया जा सकेगा। पार्टी द्वारा दिये गए नंबर पर मिस्ड कॉल करके लोग पार्टी से जुड़ सकते हैं। स्मार्ट फोन का उपयोग करने वाले लोग पार्टी के क्यू आर कोड को स्कैन कर के भी पार्टी से जुड़ सकते हैं। नमो एप के माध्यम से भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की जा सकेगी। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी की वेबसाइट bjp.org के माध्यम से भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की जा सकती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि सदस्यता अभियान भारतीय जनता पार्टी की कार्यपद्धति का अंग है और समय-समय पर चलने वाले इन अभियानों की बदौलत ही भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। देश भर में हमारे करीब 18 करोड़ सदस्य हैं, जबकि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की सदस्यता 9 करोड़ ही है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हर स्तर की कार्यशालाएं हो जाने पर जो टारगेट्स आएंगे, तब प्रदेश स्तर पर लक्ष्य तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले अभियान में मध्यप्रदेश में मिस्ड कॉल के माध्यम से करीब 1 करोड़ लोगों को पार्टी से जोड़ा गया था। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पिछले अनुभवों के आधार पर भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश में नई सदस्यता के मामले में नया इतिहास बनाएगी।

धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का मुख्यालय उज्जैन से होगा संचालित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि बाबा महाकाल की नगरी से धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का मुख्यालय संचालित होगा। उज्जैन के गौरव में वृद्धि करने आज का दिन इतिहास का एक नया अध्याय लिखेगा। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन को एक नये शहर के गौरव देने का क्रम प्रदान किया है। हजारों वर्ष से उज्जैनी की एक अलग पहचान है। काल के प्रभाव में समय बदलता है। हर काल, हर युग, हर कल्प, हर समय और हर अवस्था में अगर इसी नगरी का अस्तित्व मिलता है, तो यह हमारी प्यारी नगरी अवंतिका है, जिसका हर युग में हर समय अपना अस्तित्व रहता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल उज्जैन में धार्मिक न्यास एवं धर्मस्य विभाग के संचालनालय के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन नगरी की बड़ी विशेषता है । हर काल में अलग-अलग नाम से विख्यात रही है। जिस युग में जैसा अनुभव आता हो इसकी मान्यता उसके अनुरूप हो जाती है। इसलिए उज्जैन के अनेक नाम हैं। एक नाम अवंतिका भी जिसका कभी अंत नहीं हुआ। एक नाम अमरावती जिसका अमरता से संबद्ध है। एक नाम पदमावती है यानी भगवान विष्णु की प्रिय नगरी। कनकवती, कुसुमवती, कनकश्रंगा अलग-अलग नाम से यह जानी गई। जब यहां स्वर्ण शिखर रहे होंगे तब इसे कनकश्रंगा कहा जाता था। अब उज्जयिनी है यानी उत्कृष्ट नगरी। यहां जो जितनी साधना करता है उससे कई गुना ज्यादा देने वाली नगरी है उज्जयिनी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में पहली बार उज्जैन में कैबिनेट की बैठक हुई थी। इसी स्थान पर कैबिनेट का निर्णय हुआ था। प्रधानमंत्री मोदी यहां पधारे। महाकाल लोक के लोकार्पण हुआ। सम्राट विक्रमादित्य रिसर्च सेंटर के प्रयासों से कई कार्यक्रम यहां से शुरू हुए। भारत के कई राज्यों में विक्रमादित्य महोत्सव का आयोजन किया गया। विक्रमादित्य और भर्तुहरी का महत्व सर्वज्ञात है। जब भोपाल राजधानी बनी तो हर नगर को मान मिला। उज्जैन को विक्रम विश्वविदयालय मिला। इंदौर को हाईकोर्ट, ग्वालियर को राजस्व का कार्यालय मिला और जबलपुर में हाईकोर्ट की मुख्य ब्रांच मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कमिश्नरी का नया कार्यालय उज्जैन से संचालित होगा। बाबा महाकाल सहित सभी देव स्थानों के लिए धनराशि की मंजूरी इसी विभाग से होती है। मंदिरों के रख-रखाब की मंजूरी होती है। देव स्थान के लिए जाने वाली धर्मयात्राओं का संचालन इसी विभाग से होता है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के लिए सूची का चयन और अन्य व्यवस्था भी यही विभाग करता है। मंदिरों के निर्माण के लिए भी 26 करोड़ रूपये का बजट भी इसी विभाग की कमिश्नरी के माध्यम से होगा। अब वायु सेवा को भी जोड़ दिया गया है। प्रयागराज, मथुरा, वृंदावन जैसे स्थानों पर हवाई यात्रा भी चालू की है। यह कमिश्नरी एक बड़ा रोल निभाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सलकनपुर, दतिया, औरछा सहित देव स्थानों का विकास किया जायेगा। प्रदेश में अलग-अलग देव स्थलों पर 13 लोक बनाए जा रहे हैं। मंदिर से जुडी सभी व्यवस्थाओं के लिए यह कार्यालय बेहतर प्रबंधन करेगा। संचालनालय खुलने के साथ दो निर्णय लिए गए हैं। एक निर्णय भगवान श्रीराम के चरण चिन्ह पड़े हैं वहां पर तीर्थ के रूप में विकसित करेंगे। भगवान श्रीकृष्ण की जहां-जहां लीलाएं हुई हैं वहां भी देव स्थान की तरह विकसित किया जायेगा और वे पर्यटन का केंद्र बने। यही संचालनालय अपनी भूमिका निभाएगा। इसके लिये 500 करोड की राशि बजट में रखी हैं। सिंहस्थ केवल उज्जैन का ही नहीं इंदौर धार्मिक केद्रों को बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका अदा करेगा। मंदिरों के सभी पुजारियों के मानदेय की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन में दो नए थानों की घोषणा की। बाबा महाकाल लोक परिसर में एक थाना होगा। साथ ही इंदौर रोड़ पर अनेक कॉलोनियां बन जाने से दूसरा थाना इंदौर रोड़ पर होगा। सभी पदों के साथ इसी वर्ष से इन दोनों थानों का शुभारंभ होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने होमगार्ड सैनिक बढ़ाने की मांग को देखते हुए 400 नए होमगार्ड सैनिकों की स्वीकृति की घोषणा की। उन्होने कहा कि इससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि उज्जैन में धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के संचालनालय का लोकार्पण होना बहुत बड़ा कार्य है। अब यहीं से पूरे प्रदेश के मंदिरों और धार्मिक न्यास सहित अन्य धार्मिक निर्माण कार्यों का संचालन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप धार्मिक कार्यों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अगले सिंहस्थ का अद्वितीय आयोजन होगा। उनके द्वारा दी जाने वाली सौगात के लिए हम आभार मानते हैं।

धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के संचालनालय के संचालक संजय गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा के अनुरूप बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में विभाग के संचालनालय का शुभारंभ हो गया है। अब यहीं से पूरे प्रदेश के धार्मिक न्यास व मंदिरों के निर्माण का संचालन होगा।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेश नाथ, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीष मालवीय, उज्जैन नगर निगम की सभापति कलावती यादव, कलेक्टर नीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में देश भर के विभिन्न स्कूलों के बच्चों के साथ रक्षा बंधन मनाया

महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल राष्ट्रपति भवन में देश भर के विभिन्न स्कूलों के बच्चों और विद्यार्थियों के साथ रक्षा बंधन मनाया।

इस कार्यक्रम में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और शिक्षा राज्यमंत्री तथा कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (डीओएसईएल) के सचिव संजय कुमार और शिक्षा मंत्रालय के अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।

धर्मेन्द्र प्रधान ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देने एवं उनका मार्गदर्शन करने और उनके इस रक्षा बंधन को विशेष बनाने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रति आभार व्यक्त किया। बाद में, उन्होंने छात्रों के साथ अनौपचारिक बातचीत की और उनके लक्ष्यों एवं आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली।

ओडिशा के संबलपुर की एक छात्रा प्रियांशा प्रधान ने राष्ट्रपति के साथ रक्षा बंधन मनाने से संबंधित अपने उत्साह को साझा किया। उसने कहा कि राष्ट्रपति के इन शब्दों ने उसे काफी हद तक प्रेरित किया है कि रक्षा बंधन के त्योहार की असली भावना केवल भाइयों और बहनों के बीच मनाना नहीं, बल्कि इसे सैनिकों, माता-पिता और दोस्तों के साथ भी साझा करना है। अरुणाचल प्रदेश की एक शिक्षिका ने बताया कि राष्ट्रपति की सादगी और गर्मजोशी ने उनके दिल को छू लिया है।

आज 16 राज्यों के सरकारी स्कूलों के 180 से ज्यादा विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति से मुलाकात की। सभी विद्यार्थी राष्ट्रपति भवन के भीतर स्थित अमृत उद्यान के निर्देशित दौरे से और भी अधिक लाभान्वित हुए। यह एक ऐसा उद्यान है जो भारत की समृद्ध वास्तुकला एवं बागवानी की विरासत का एक उत्कृष्ट प्रमाण है। राष्ट्रपति के साथ बातचीत करने का यह असाधारण अवसर विद्यार्थियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव था, जिससे उनमें देश की सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति गर्व एवं सम्मान की गहरी भावना पैदा हुई।

दिल्ली में रह रहीं पाकिस्तान से आईं महिला शरणार्थियों ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राखी बांधी

दिल्ली में रह रहीं पाकिस्तान से आईं महिला शरणार्थियों ने कल रक्षा बंधन पर्व के पावन अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को राखी बांधी।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी साध्वी ऋतंभरा और ब्रह्माकुमारी बहनों के साथ रक्षाबंधन मनाया। इस अवसर पर गोयल ने कहा कि नागरिकता अधिनियम उन प्रवासियों को सुरक्षा प्रदान करेगा जिन्हें नागरिकता संशोधन कानून के तहत राष्ट्रीयता प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा, “नागरिकता (संशोधन) अधिनियम ने सम्मान और सुरक्षा प्रदान की है जो आपका अधिकार है।” गोयल ने कहा, “यह मेरे जीवन के महत्वपूर्ण रक्षा बंधन समारोहों में से एक है”।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण इन सभी बहनों को सीएए के तहत भारतीय नागरिकता मिल सकी है।

विश्व के सबसे बड़े रक्षाबंधन महोत्सव का शुभारंभ

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सोमवार को विश्व के सबसे बड़े रक्षाबंधन महोत्सव ‘नरेला रक्षाबंधन महोत्सव’ का एकतापुरी दशहरा मैदान से शुभारंभ किया। रक्षाबंधन के अवसर पर हजारों की संख्या में बहनों ने अपने भैया विश्वास की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे। पहले दिन लगभग 14 हज़ार 364 बहनों ने नरेला रक्षाबंधन महोत्सव में हिस्सा लिया। रक्षाबंधन महोत्सव के दौरान सावन के गीतों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर बहनों के लिए मेंहदी व चूड़ी श्रृंगार स्टॉल भी लगाये गए थे। विगत 15 वर्षों से रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम का यह पहला मौका था जब रक्षाबंधन के दिन ही बहनों ने मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधे। इस अवसर पर भोपाल महापौर मालती राय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहीं।

सहकारिता, खेल युवा कल्याण मंत्री सारंग ने कहा कि नरेला क्षेत्र को उन्होंने कभी भी राजनैतिक नजरिये से नहीं देखा बल्कि हमेशा अपना परिवार माना है। ‘नरेला रक्षाबंधन महोत्सव’ नरेला विधानसभा का सबसे भव्य महोत्सव है। प्रतिवर्ष 1 लाख से अधिक बहनें रक्षा-सूत्र बांधकर अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान करती हैं। यह रक्षाबंधन महोत्सव सनातन संस्कृति की अमिट मिसाल है।

नरेला रक्षाबंधन महोत्सव के पहले दिन नरेला विधानसभा के वार्ड 38, एकतापुरी दशहरा मैदान में हज़ारों की संख्या में बहनें राखी बांधने पहुंची। समारोह में स्वयं कतारबद्ध होकर बहनों ने अपनी बारी का इंतजार किया और अपने भैया विश्वास सारंग को राखी बांधी। बुजुर्ग बहनों ने रक्षा-सूत्र बांधकर मंत्री श्री सारंग के सिर पर हाथ रखकर आशीष दिया।

नरेला रक्षाबंधन महोत्सव विगत 15 वर्षों से हर रक्षाबंधन के अवसर पर नरेला विधानसभा में आयोजित किया जा रहा है। पिछले वर्ष लगभग 1 लाख 41 हजार 324 बहनों ने मंत्री श्री सारंग को रक्षासूत्र बांधा था। वहीं इस बार भी 1 लाख से अधिक बहनों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

नरेला रक्षाबंधन महोत्सव के शुभारंभ से पहले मंत्री सारंग ने छोला स्थित प्राचीन श्री खेड़ापति हनुमान मन्दिर में पहुंच कर दर्शन किये एवं सभी की सुख समृद्धि की कामना की। यहां भी बहनों ने मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधे।

नरेला रक्षा बंधन महोत्सव स्थल पहुँचने पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री श्री सारंग का भव्य स्वागत किया। यहां मंत्री सारंग को बग्गी से मुख्य कार्यक्रम स्थल तक डीजे और ढोल-ताशो के साथ मंच तक ले जाया गया। इस अवसर पर जमकर आतिशबाजी भी की गई। मुख्य कार्यक्रम स्थल आगमन पर बहनों ने मंत्री सारंग पर पुष्पवर्षा कर उनका स्नेहिल स्वागत किया। मंत्री सारंग ने बहनों के लिए स्वयं गाना गया। बहनों का अपार प्यार देखकर भैया विश्वास अपने आप को रोक नहीं पाए और उन्होंने “फूलों का तारों का सबका कहना है” गाना गाकर बहनों को शुभकामनाएं दी। मंत्री सारंग ने उपहार स्वरूप बहनों को बटुए (पर्स) और आरती संग्रह का वितरण किया। गायक सुनील शुक्रवारे के भक्ति गीत गाने पर राधा कृष्ण रास करते नजर आए और बहनों ने खुशी से खूब नृत्य किया।

22 अगस्त को 12 बजे वार्ड 78 प्रसून पार्क में व 2 बजे वार्ड 59 शाखा ग्राउंड में रक्षाबंधन महोत्सव का आयोजन किया गया है, यहां भी हजारों की संख्या में बहनों मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधने के लिये ऑनलाइन व ऑफलाइन पंजीयन करवाया है।

 

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने विधानसभा क्षेत्र के भाइयों को राखी बांधी

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार ) कृष्णा गौर ने निवास पर रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर विधानसभा क्षेत्र के भाइयों को राखी बांधी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास का पवित्र पर्व है “रक्षाबंधन” । उन्होंने सभी को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि राखी का पवित्र धागा ऐसा पवित्र बंधन है जिसमें स्नेह की डोर बंधी है, यह त्यौहार हमारी संस्कृति का परिचायक है और राष्ट्र रक्षा का संकल्प भी है।

 

सावन की अंतिम सवारी में आस्था, उमंग और उत्साह का उमड़ा जन-सैलाब

सावन माह के अंतिम सोमवार भगवान महाकाल की सवारी धूमधाम से निकाली गई। सावन माह की अंतिम सवारी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन के सभामंडप में सपरिवार भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना की। पुजारी घनश्याम शर्मा और आशीष पुजारी द्वारा पूजन कराया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव संपूर्ण सवारी मार्ग पर बाबा महाकाल की आराधना और भजन-कीर्तन करते हुए नंगे पाँव चले।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार और उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव सहित जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी भी बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना कर सवारी में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल पर पहली बार महाकाल की सवारी में सीआरपीएफ बैंड द्वारा प्रस्तुति दी गई। बाबा की सवारी में सीआरपीएफ एवं पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत धार्मिक धुनों ने सवारी की भव्यता को और बढ़ा दिया। शिप्रा तट के पावन रामघाट पर भी बाबा महाकाल की सवारी के पूजन के दौरान सीआरपीएफ एवं पुलिस बैंड द्वारा संयुक्त प्रस्तुति दी गई। बैंड द्वारा प्रस्तुत शिव भजनों और आरती की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

बाबा महाकाल की सवारी में डिंडोरी जिले के जनजातीय दलों ने कला संस्कृति की अनुपम छठा बिखेरी। दल ने मादल, टिमकी, बांसुरी, मंजीरा, चटकोला आदि पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर आकर्षक प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशानुरूप बाबा महाकाल की सवारी में प्रदेश के विभिन्न जनजातीय जिलों के कलाकार अपनी प्रस्तुति देकर सवारी को शोभायमान कर दिया।

भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी महाकाल मन्दिर से प्रस्थान कर जैसे ही रामघाट पर पहुंची, वैसे ही चहुँओर आस्था और श्रद्धा का जन-सैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिप्रा के तट पर बाबा महाकाल का जल अभिषेक किया। भगवान श्री महाकालेश्वर का पूजन और जलाभिषेक पं. आशीष पुजारी द्वारा विधिवत संपन्न कराया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गोपाल मंदिर पर भी सवारी का पूजन किया।

भगवान श्री महाकाल की पालकी जैसे ही श्री महाकालेश्वर मन्दिर के मुख्य द्वार पर पहुंची, सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा पालकी में विराजमान श्री चंद्रमौलेश्वर को सलामी दी गई। सवारी मार्ग में जगह-जगह खड़े श्रद्धालुओं ने भोलेशंभु-भोलेनाथ और दाता अवंतिकानाथ की जय के घोष के साथ भगवान श्री महाकालेश्वर पर पुष्प-वर्षा की। सवारी में विभिन्न भजन मंडलियों द्वारा आकर्षक नृत्य और भजनों की प्रस्तुति दी गई। सवारी में हजारों की संख्या में भक्त झांझ, मंजीरे, ढोल और भगवान का प्रिय वाद्य डमरू बजाते हुए पालकी के साथ उत्साहपूर्वक आराधना करते हुए चले। श्रद्धालुओं ने सुगमतापूर्वक भगवान के दर्शन लाभ लिए। श्री महाकालेश्वर भगवान की सवारी परंपरागत मार्ग महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाडी से होती हुई रामघाट पहुंची, जहाँ शिप्रा नदी के जल से भगवान का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद सवारी रामानुजकोट, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक खाती का मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार से होती हुई पुन: श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंची।

इस वर्ष सावन के माह में अब तक निकली भगवान महाकालेश्वर की सवारी का आकर्षण कुछ अलग ही रहा है। हर सवारी अपने आप में अनूठी रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सवारी की वैभवता को बढ़ाने में अनूठे प्रयोग किये, जिससे न केवल प्रदेश के अपितु देश-विदेश से आये श्रद्धालुओं की संख्या में बढोत्तरी हुई है। सावन माह के अंतिम सवारी की प्रमुख बात यह है, इसमें पहली बार सीआरपीएफ का बैण्ड शामिल हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के आग्रह पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी सोमवार को भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करने आए।

डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद भगवान महाकालेश्वर की सवारी का वैभव और बढ़ा है। पहले भव्य पुलिस बैंड की आकर्षक प्रस्तुति और उसके बाद एक साथ डमरू वादन का विश्व रिकॉर्ड बनना अपने आप में अनूठी पहल है। सवारी की भव्यता को बढ़ाने के लिये पहली बार जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आये जनजातीय समूहों के नृत्य भी इस बार सावन की सवारियों का हिस्सा बने हैं, जिससे न केवल सवारी की भव्यता बल्कि उसका आकर्षण भी बढ़ा है। इनकी प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सवारी में भगवान महाकाल के सुगम दर्शन के लिये पहली बार चलित रथ भी निकले, जिन पर लगी बड़ी स्क्रीन से श्रद्धालुओं ने दर्शन किये।

 

राजभवन में मनाया रक्षाबंधन का पर्व

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भारतीय संस्कृति के पवित्र पर्व रक्षाबंधन को राजभवन में मनाया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल को एस.ओ.एस. बालग्राम की बालिकाओं ने राजभवन में राखी बांधी। प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की क्षेत्रीय निर्देशिका बी. के अवधेश ने भी राजभवन में पहुँच कर राज्यपाल पटेल को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...