आज देश की सबसे बड़ी समस्या महंगाई और बेरोजगारी, इसे हम सब मिलकर दूर करेंगे : जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा भवन के प्रांगण में ध्वजारोहण किया। प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष योगेश यादव एवं सेवादल के सिपाहियों ने पटवारी की अगुवाई की। सेवादल के नेतृत्व में श्री पटवारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, वंदे मातरम और जनगणमन का गायन हुआ। पटवारी ने देश के तमाम स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद सैनानियों को नमन करते हुए प्रदेश की जनता को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा जनता के नाम संदेश का वाचन किया। कांग्रेसजनों ने परस्पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। मिष्ठान का वितरण किया गया।

पटवारी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सुभाषचंद्र बोस, सरदार वल्लभ भाई पटेल, बाल गंगाधर तिलक, लाला लाजपत राय, विपिन चंद्र पाल, पं. मोतीलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद, लाल बहादुर शास्त्री, डॉ. भीमराव अम्बेडकर, सुखदेव जैसे असंख्य महान महापुरूषों, जिन्होंने अहिंसा के मार्ग पर चलकर देशभक्ति और निरंतर संघर्ष की ताकत से एक साम्राज्यवादी ब्रिटिश सरकार को उखाड़ कर स्वतंत्र भारत की स्थापना करने में महान योगदान दिया।

पटवारी ने अपने संबोधन में आगे कहा आज का दिन सरदार भगतसिंह, चंद्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिसमिल, राजगुरू, रानी लक्ष्मी बाई, रानी दुर्गावती, टंट्या भील, बिरसा मुंडा जैसे क्रांतिकारियों को याद करने का दिन है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहूति दी। स्वर्गीय इंदिरा गांधी और स्व. राजीव गांधी का बलिदान देश के नव-निर्माण में अनुकरणीय है। आज ऐसे तमाम अनगिनत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करने और उन्हंे नमन करने का दिन है।

पटवारी ने कहा कि भारत की आजादी के 78 साल कर्मठता, पुरूषार्थ और एक निष्ठ राष्ट्र निर्माण के लिए है। 1943 के भीषण दुर्भिक्ष से निकलकर हमने एक समर्थ और सक्षम भारत का निर्माण किया है। देश को अशिक्षा, गरीबी और भुखमरी से जूझते हुये अन्न के मामले में आत्मनिर्भर बनाया है। बड़े-बड़े बांध, बिजली, कल कारखाने, कॉलेज, विश्वविद्यालय, आईआईटी, आईआईएम, एम्स जैसी संस्थाओं का निर्माण हुआ है, जिसमें भेल, गेल, भिलाई स्टील प्लांट, चितरंजन जैसे तमाम बड़े-बड़े उद्योग संस्थान शामिल हैं। बड़े-बड़े वैज्ञानिकों के पुरूषार्थ का प्रतिफल है कि आज हमने चंद्रयान और मंगलयान पर जाने का कीर्तिमान हासिल किया है।

पटवारी ने कहा कि देश की सबसे बड़ी समस्या आज महंगाई और बेरोजगारी है। देश और प्रदेश की सरकार न तो महंगाई को नियंत्रित कर पा रही है और न ही बेरोजगारी को दूर करने के उसके पास कोई उपाय हैं, बीते 7 वर्ष में 70 परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसे मामले सामने आये हैं, जिससे युवाओं का भविष्य चौपट हुआ है। नीट की परीक्षा से लाखों बच्चे प्रभावित हुये, पीएससी परीक्षा, पटवारी परीक्षा, आरक्षक भर्ती परीक्षा, शिक्षा माफियाओं की मिलीभगत से सभी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गईं।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए यह गौरव का विषय है कि हमारे महान नेताओं ने 60 साल तक देश की अथक सेवा की, जिसमें हजारों संस्थान, उद्योग, रेल्वे सहित संचार क्रांति में बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया। नेहरू द्वारा स्थापित इसरो से आज पूरी दुनिया सैटेलाईट के जरिये संचालित हो रहे हैं। कांग्रेस कार्यकाल में देश को कई युद्धों की स्थितियों से भी सामना करना पड़ा। आयरन लेडी इंदिरा गांधी के नेतृत्व में दुश्मन को परास्त कर देश का विभाजन कर एक नए राष्ट्र का निर्माण हुआ। देश की सीमाओं को सुरक्षित किया। भौगोलिक, सशक्त और समर्थ राष्ट्र के रूप में दुनिया में पहचान स्थापित की। लेकिन आज देश में नफरत, घृणा और स्वार्थ की राजनीति करने वाले सत्ताधारियों द्वारा महिलाओं की इज्जत को तार-तार किया जा रहा है, अन्नदाता किसानों के साथ बबर्रतापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

पटवारी ने कहा कि नफरत को मोहब्बत में बदलने वाले हमारे नेता राहुल गांधी के अथक प्रयासों से देश में नफरत फैलाने वालों के मंसूबे हताश हुए हैं। मोहब्बत की दुकान का झंडा देशवासियों के दिल में लहरा रहा है। बहुमत को जनमत के दमन का औजार बनाने वाली ताकतों को 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता से सबक सिखा दिया है। सैकड़ों सांसदों को एक ही झटके में संसद से बाहर करने वाले अधिनायकवादी और फासिस्टवादी ताकतों को जनता ने नियंत्रित कर संविधान की सीमाओं में रहने के लिए विवश कर दिया है।

पटवारी ने कांग्रेसजनों को संकल्प दिलाते हुये कहा कि नफरत को मोहब्बत के हथियार से भारत से भगायें। हाथ से हाथ मिलाकर इस अंधेरी सुरंग से बाहर निकलें, जिस तरह गरीबों, मजलूमों, वंचितों ने संघर्ष कर गांधी जी के नेतृत्व में देश को आजाद कराया था, उसी तरह हम पूरी निडरता के साथ देश में अमन, चैन, और भाईचारा स्थापित करेंगे।

ध्वजारोहण कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, डॉ. गोविंद सिंह, मुकेश नायक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कृष्णा मोदी, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, राजीव सिंह, संजय कामले, प्रकाश जैन, के.के. मिश्रा, जे.पी. धनोपिया, भूपेन्द्र गुप्ता, प्रदीप अहिरवार, अरूण श्रीवास्तव, विभा पटेल, डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान, कुणाल चौधरी, गोविंद गोयल, सै. साजिद अली, दीपचंद यादव, रवि सक्सेना, संगीता शर्मा, प्रवीण सक्सेना, जितेन्द्र सिंह बघेल, किरन अहिरवार, अजीता वाजपेयी, श्याम सुंदर श्रीवास्तव, अमित शर्मा, फरहाना खान, अभिनव बरोलिया, जितेन्द्र पाल सिंह राजा, रविन्द्र झूमरवाला, विष्णु विष्वकर्मा, फिरोज सिद्धीकी, आनंद तारण, संतोष कंसाना, कल्पना वर्मा, मुइनुद्दीन सिद्वीकी, निहाल अहमद, नमिता गौर, सुरेश पंथी कल्लू, कविता भट्टाचार्य, राजेन्द्र नाहटा, हैरदयार खान, केदार सिरोही, गीता जाटव, उमेश झा, मुकेश बंसल, महक राणा, हुस्ना खान, कुसुम पाल, रामशरण राणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शैक्षिक डिजिटल बस का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भोपाल के लाल परेड ग्राउंड से शैक्षिक डिजिटल बस का शुभारंभ किया और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने डिजिटल बस की कार्यप्रणाली को जाना और छात्रों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान शिक्षा प्रणाली में डिजिटल बस छात्रों के लिये उपयोगी साबित होगी।

राज्य शिक्षा केंद्र की सहयोगी संस्था एसआरएफ फाउंडेशन द्वारा संचालित डिजिटल बस में 20 कम्प्यूटर के साथ इंटरनेट की सुविधा भी है। डिजिटल बस विद्यालयीन छात्रों को स्मार्ट शिक्षा कार्यक्रम के तहत विषय आधारित जानकारी उपलब्ध करायेगी। छात्रों को स्मार्ट शिक्षा प्रदान करने डिजिटल बस राजधानी भोपाल के चयनित विद्यालयों में निरंतर भ्रमण करेगी। डिजिटल बस शुभारंभ अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी एसआरएफ फाउंडेशन के पदाधिकारी और विद्यार्थी मजूद रहे।

 

खंडवा जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 78 वॉं स्वतंत्रता दिवस

जिले में 78वॉं स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्ण उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम खंडवा के पुलिस लाईन ग्राउण्ड में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कलेक्टर अनूप कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज राय के साथ परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लोधी ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र सैनानी का शॉल श्रीफल और फूलमाला से सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान रंग बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े।

आज आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के कार्यक्रम में आयोजित आकर्षक परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक अरविंद दांगी ने किया। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को पुरूस्कृत व सम्मानित किया गया। सीनियर वर्ग में परेड में प्रथम पुरूस्कार बॉयज़ एस.एन. कॉलेज के एनसीसी दल को, द्वितीय पुरूस्कार होमगार्ड के दल को तथा तृतीय पुरूस्कार विशेष सशस्त्र बल एस.ए.एफ के प्लाटून को दिया गया। जूनियर वर्ग में प्रथम पुरूस्कार सोफिया कान्वेंट स्कूल बॉयज को, द्वितीय पुरूस्कार शौर्य दल को तथा तृतीय पुरूस्कार सोफिया कान्वेंट स्कूल गाइड को दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम पुरूस्कार पी.एम. श्री उ.मा. विद्यालय की प्रस्तुति को, द्वितीय पुरूस्कार होली स्प्रिट कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों की प्रस्तुति को तथा तृतीय पुरूस्कार सेंट जोन्स कॉन्वेट हायर सेकेण्डरी स्कूल के विद्यार्थियों की प्रस्तुति को दिया गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधायक कंचन तनवे, महापौर अमृता यादव, पूर्व विधायक देवेंद्र वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर के.आर. बड़ोले, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, न्यायाधीशगण व अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी व नगरवासी भी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन श्री संदीप जोशी ने किया।

मातृभूमि पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले बलिदानियों का देश सदा ऋणी रहेगा – भगवानदास सबनानी

भाजपा प्रदेश महामंत्री व दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के विधायक भगवानदास सबनानी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज़ादी का जश्न मनाते हुए हमें यह नहीं भूलना चाहिए हमें आज़ादी दिलाने के लिए कई लोगों ने अपना बलिदान दिया है मातृभूमि के चरणों में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले बलिदानियो को यह देश हमेशा याद रखेगा भारत वीरों की भूमि हैं भारत का इतिहास वीरता की कहानियों से भरा पड़ा है हम वीरों की संतान हैं हमारे पूर्वजों ने वह इतिहास लिखा है जो पूरी दुनिया में स्वर्ण अक्षरों से लिखा गया है।

सबनानी ने आगे कहा आज हम 78वा स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं हमें गर्व है कि हमारा देश माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत हाथों में अब पूरे विश्व में भारत का डंका बजता है भारत ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त की हैं जिसकी पहले हम कल्पना भी नहीं कर सकते थे भारत की सेना के पास आज सबसे आधुनिक हथियारों के साथ ही वहां टेक्नोलॉजी है जिससे हम सभी दिशाओं में सुरक्षित है और किसी भी परिस्थितियों से निपटने में सक्षम है, देश में विकास की निरंतर गंगा बह रही है मध्य प्रदेश में भी माननीय मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के द्वारा निरंतर विकास किया जा रहा है कई बड़ी योजनाएं मध्यप्रदेश में लाई जा रही हैं विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ सुविधा भी मिले इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है, और भी ऐसी अनेकों योजनाएं हैं जिसके द्वारा हमारा प्रदेश सबसे अग्रणी प्रदेशों में शामिल हो रहा है, एक पेड़ मां के नाम अभियान के द्वारा पर्यावरण के प्रति हमारी भागीदारी से आने वाले वर्षों में हमें बहुत अच्छा वातावरण प्राप्त होगा, हमें सदैव ही स्वच्छता का ध्यान रखना चाहिए हमें अपने घर की तरह ही अपने भोपाल को भी स्वच्छ रखना है और स्वच्छता अभियान में अपने भोपाल का नाम अग्रणी बना रहे इसका प्रयास निरंतर जारी रखना है। मैं आज के इस शुभ अवसर पर सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं बधाई देता हूं भारत माता की जय, जय हिंद।

सागर बीएमसी में सुपर स्पेशलिटी सेवाएं अविलंब शुरू करना मेरी प्राथमिकता – उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे और वहां बनने वाले सुपर स्पेशलिटी सेवाओं के निर्माण के संबंध में समीक्षा की। इस दौरान विधायक शैलेंद्र जैन एवम बीएमसी डीन डॉ पीएस ठाकुर ने उन्हें विस्तार से प्रोजेक्ट संबंधी जानकारी दी। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने आयुक्त चिकित्सा शिक्षा से भी फोन पर चर्चा कर प्रस्ताव की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सागर बहुत बड़ा सेंटर है और हम यहां पर मेडिकल की सीट्स 100 से बढ़ाकर 250 करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं अब सागर जिले का प्रभारी मंत्री हूं और प्रतिमाह यहां आऊंगा। इसलिए बीएमसी के सारे विषय प्राथमिकता से पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने बीएमसी में कैथ लैब, न्यूरोलॉजी एवम कैंसर हॉस्पिटल की प्रगति को जाना और प्लानिंग की समीक्षा की। विधायक जैन ने उन्हें बताया कि रीवा मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब की नई मशीन का ऑर्डर किया गया है, यदि सागर की मशीन भी इसी के साथ आ जाए तो सुविधा रहेगी। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने आयुक्त चिकित्सा शिक्षा को निर्देशित करते हुए कहा कि सागर की मशीन भी इसी सप्ताह ऑर्डर की जाए, और प्राथमिकता के आधार पर सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कालेज की कमियों को पूरा करते हुए डीपीआर तैयार कर टेंडर जारी करें। इसके अतिरिक्त बीएमसी में एमआरआई मशीन एवम सीटी स्कैन मशीन अविलंब लगाई जाए। रेडियोलॉजी विभाग में सोनोग्राफी के लिए एसआर शिप शुरू करने को लेकर भी चर्चा की जिससे सोनोग्राफी के लिए और भी हैंड मिल सकेंगे। उन्होंने चमेली चौक अस्पताल के जीर्णोधार उपरांत अपग्रेड होने पर वहां भी सामान्य प्रसव शुरू करने के निर्देश दिए। इस संबंध में उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कलेक्टर संदीप आर को जिम्मेदारी देते हुए सीएमएचओ को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मेटरनल मोरटेलिटी रेट (एमएमआर) और इंफैंट मोरटेलिटी रेट (आईएमआर) का मुद्दा उठाया और इसे कम करने की दिशा मे काम करने की जरूरत बताई। जिस पर डीन डॉ पी एस ठाकुर ने जानकारी दी कि स्त्रीरोग विभाग में प्राध्यापक के अतिरिक्त पदों पर भर्ती के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है और यह पद भर जायेंगे तो स्त्रीरोग विभाग में पीजी सीट में वृद्धि हो सकेगी साथ ही गर्भवती महिलाओं की बेहतर देखभाल में भी मदद मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने क्रिटिकल केयर यूनिट को बीएमसी अस्पताल की दूसरी मंजिल में खाली पड़ी जगह पर बनाने का सुझाव दिया ताकि उसी के साथ कैंसर अस्पताल के बंकरो का भी निर्माण कर कैंसर मरीजों को इलाज की सुविधा दी जा सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने न्यूरोसर्जन के पद निर्माण के मुद्दे पर सीएमई तरुण पिथोड़े से बात कर शीघ्र पद जारी करने के निर्देश दिये।

उन्होंने बैठक के दौरान मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विशेषज्ञ डॉ सुनील सक्सेना की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा कैंसर एवं अन्य बीमारियों में की जा रही सर्जरी का कार्य सराहनीय है।

बीएमसी में सफाई व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में डीन डॉ पीएस ठाकुर ने बताया कि हमने 650 कर्मचारियों का प्रस्ताव शासन को भेजा है, उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने इसे अविलंब स्वीकृति देने की बात कही, इससे बीएमसी को सफाई सुरक्षा हेतु पर्याप्त कर्मचारी मिलेंगे।

समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी विभागों के अध्यक्ष एवं चिकित्सक,सीएमएचओ, सिविल सर्जन से परिचय प्राप्त किया और संबंधित विभाग की जानकारी ली।
इस अवसर पर सांसद लता वानखेड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत, गौरव सिरोठिया, कलेक्टर संदीप जी आर, एसपी विकास शाहवाल, शैलेश केसरवानी, डीन डॉ पीएस ठाकुर, जेडी डॉ ज्योति चौहान,सीएमएचओ डॉ ममता तिमोरी, सिविल सर्जन डॉ आर एस जयंत, डा रमेश पांडे , डॉ सौरभ जैन उपस्थित थे।

स्वतंत्रता सेनानियों के अथक परिश्रम, त्याग और बलिदान का परिणाम है स्वतंत्रता दिवस – उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

सागर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य चिकित्सा मंत्री तथा सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने परेड की सलामी लेकर ध्वजारोहण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया। हमारे देश के स्वतंत्रता सेनानियों के अथक परिश्रम, त्याग और बलिदान का परिणामस्वरूप मिली स्वतंत्रता को सागर जिले वासियों ने बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया।

मुख्य कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ताराचंद जैन और लोकतंत्र सेनानी एडवोकेट कृष्ण वीर सिंह ठाकुर को सम्मानित भी किया। उन्होंने शॉल, श्रीफल और पुष्पहार से सेनानियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में शासकीय उ.मा.वि. , उत्कृष्ट विद्यालय, सीएम राइज उ.मा.वि. सागर, सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल एवं लिटिल स्टार मेमोरियल स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं गईं। जबकि खेल युवा कल्याण विभाग की खिलाड़ियों द्वारा मलखंभ का अदभुत प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में जेएनपीए, जिला पुलिस बल, पुलिस प्रशिक्षण बल मकरोनिया, होम गार्ड सागर, जिला पुलिस बल महिला सागर, 11 एमपी बटालियन एनसीसी बालक, 7 एमपी बटालियन बालिका, शौर्य दल सागर एवं पुलिस बैंड प्लाटून द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट किया गया। जिसका उपस्थित सभी लोगों ने तालियों से अभिवहन किया।

मुख्य अतिथि मंत्री शुक्ल ने उत्कष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों- कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं एवं मार्च पास्ट में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को भी पुरस्कार से सम्मानित किया।

इस अवसर पर सांसद लता वानखेड़े , विधायक शैलेंद्र जैन , महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, गौरव सिरोठिया, महापौर प्रतिनिधि सुशील तिवारी, प्रभु दयाल पटेल, पूर्व विधायक नारायण प्रसाद कबीरपंथी, संजीव दुबे, शैलेश केशरवानी, श्याम तिवारी एवं भूतपूर्व सैनिकों सहित सागर संभाग के कमिश्नर वीरेंद्र सिंह रावत, आईजी प्रमोद वर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील जैन, कलेक्टर संदीप . आर., पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल, सीसीएफ अनिल के. सिंह, नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री,अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा, एसडीएम आदिति यादव, सिटी मजिस्ट्रेट जूही गर्ग , डिप्टी कलेक्टर विजय डहरिया सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी एवं नागरिक गण मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डा. अरविंद जैन एवं रचना तिवारी ने किया।

भारत के लोकपाल में 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर, भारत के लोकपाल के अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति अजय माणिकराव खानविलकर द्वारा माननीय सदस्यों: न्यायमूर्ति संजय यादव, सुशील चंद्रा, पंकज कुमार और अजय तिर्की की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।. उन्होंने सभी माननीय सदस्यों, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और परिवार के सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उन सभी के बलिदान को याद किया जिन्होंने हमें आजादी और स्वतंत्र भारत देने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

उन्होंने इस पर भी जोर दिया कि हमारा देश आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनने की दिशा में हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। इस प्रगति के साथ व्यावसायिक गतिविधियों में वृद्धि होती है और इसके साथ ही कुछ अशिष्ट देशवासियों का लालच भी बढ़ता है। लोकपाल जैसी संस्थाओं को प्रहरी के रूप में कार्य करना चाहिए और पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त शासन को समर्थन प्रदान करना चाहिए। उन्होंने भारत के लोकपाल के अधिकारियों और कर्मचारियों से भारत के संविधान में निहित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का आह्वान किया। इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा पौधारोपण भी किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर पर तिरंगा फहराया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राष्‍ट्र के 78वें स्‍वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को बधाई दी है। लाल किले की प्राचीर से राष्‍ट्र को संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज वो शुभ घडी है कि हम देश की आजादी के लिए प्राणों को त्‍याग करने वालों और आजीवन संघर्ष करने वालों को स्‍मरण करें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्राकृतिक आपदा के कारण हम सभी की चिंता बढी है। अनेक लोगों ने अपने परिजन खोये हैं। उन लोगों ने इसका नुकसान झेला है। उन सभी के प्रति हम संवेदना व्‍यक्‍त करते हैं। यह देश उन सभी के साथ खड़ा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्‍ट्र रक्षा और राष्‍ट्र निर्माण करने वाले किसानों, जवानों, युवाओं, माता-बहनों, शोषित और वंचित वर्ग के लोगों की देश के प्रति निष्‍ठा विश्‍व के लिए प्रेरणा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज आजादी के पहले के दिन भी याद करने का दिन है। गुलामी के दौर का हर दिन संघर्ष का दिन रहा है लेकिन लोग जी-जान से आजादी की जंग लड़ते रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक समय था जब लोग देश के लिए मरने के लिए प्रतिबद्ध थे और आजादी मिली। अगर देश के लिए मरने की प्रतिबद्धता देश को आजादी दिला सकती है तो देश के लिए जीने की प्रतिबद्धता देश को समृद्ध बना सकती है। देशवासियों ने विकसित भारत @2047 के लिए अनगिनत सुझाव दिए हैं। इसमें हर देशवासी का संकल्‍प झलकता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों ने सुझाव दिया कि बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं में शासन और प्रशासन में क्षमता निर्माण होना चाहिए। कुछ लोगों ने भारत का अंतरिक्ष स्‍टेशन बनाने का सुझाव दिया। कुछ लोगों ने पारंपरिक औषधि और स्‍वास्‍थ्‍य कल्‍याण के क्षेत्र में विकसित देश बनने का सुझाव दिया। कुछ लोगों ने यह सुझाव भी दिया कि देश जल्‍द से जल्‍द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था बने। प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के पूर्व चालीस करोड़ देशवासियों ने जज्बा दिखाया और वंदे मातरम के नारे के साथ आजादी का सपना साकार करने के लिए लड़े और दुनिया की सबसे बडी ताकत को परास्त किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वोकल फॉर लोकल मंत्र देश की अर्थव्‍यवस्‍था की वृद्धि का मंत्र बन गया। एक जिला एक उत्‍पाद का मंत्र निर्यात के लिए नया मंत्र बना। देश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में काफी आगे बढ़ गया है। जी-20 देशों ने इस क्षेत्र में जितना काम किया है उससे ज्‍यादा काम केवल भारत ने किया है। भारत का फिनटेक विश्‍वभर में प्रशंसा पा रहा है। कोरोनाकाल के दौरान भारत ने विश्‍व को कोरोना की वैक्‍सीन दी। यह वही देश है जब कोई भी इस पर हमला किया करता था लेकिन आज सर्जिकल स्‍ट्राइक और एअर स्‍ट्राइक से आतंकियों का सफाया किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के 140 करोड नागरिक कंधे से कंधे मिलाकर एक संकल्‍प लेकर चलें तो हर चुनौती को पार कर देश को 2047 तक विकसित बना सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमने किसी राजनीतिक मजबूरी के कारण नहीं बल्‍कि नेशन फर्स्‍ट की भावना के साथ सुधार किये हैं। इन सुधारों का सबसे बड़ा उदाहरण बैंकिंग क्षेत्र में सुधार है। हमने बैंकिंग क्षेत्र को संकट से उबारा है और आज भारत के बैंक विश्‍व के मजबूत बैंकों में शामिल हो गये हैं। बैंकिंग सेवा का लाभ गृह ऋण, शिक्षा ऋण, स्‍टार्टअप्‍स, किसान ऋण, विदेश यात्रा के लिए ऋण, पशुपालक, मछलीपालक और रेडी-पटरी वाले बैंक से ऋण लेकर आर्थिक प्रगति कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लिए कुछ लोगों ने स्किल तो कुछ ने प्रौद्योगिकी और कुछ ने मीडिया को ग्‍लोबल बनाने का सुझाव दिया। हमें मोटे अनाज को विश्‍व के लोगों को खाने की टेबल तक पहुंचाना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम सदियों की बेडियों को तोड कर आगे बढे हैं। चाहे वह सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यम हो, चाहे शिक्षा क्षेत्र हो, परिवहन क्षेत्र हो या स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र हो, हम सभी में विश्‍व की सर्वोत्‍तम प्रथाओं को शामिल कर आगे बढ़ रहे हैं। हम हर क्षेत्र में प्रौद्योगिकी को जोड़ रहे हैं और इस तरह से हम विश्‍व में एक नई ताकत बनकर उभरे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब लाल किले से सभी लोगों तक बिजली, स्‍वच्‍छ भारत की बात कही जाए तो लोगों का भरोसा बढ़ता है। यह भारत के अंदर आई नई चेतना का प्रतिबिंब है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र को बांध कर रखा गया था, लेकिन हमने अंतरिक्ष क्षेत्र को सभी के लिए पूरी तरह खोल दिया है। सैकड़ों स्‍टार्टअप्‍स वाइबरेंट स्‍पेस बनाने के लिए तैयार हैं और इससे शक्तिशाली राष्‍ट्र का निर्माण हो रहा है। निजी उपग्रहों का प्रक्षेपण हो रहा है। उन्‍होंने कहा कि जब नीति और नीयत सही होती हैं तो निश्‍चय ही सही परिणाम मिलते हैं और देश का विकास होता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद बरसों तक शोषित और वंचित लोगों तक सरकार ने सुविधाएं पहुंचाई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 में विकसित भारत के समय सामान्‍य लोगों को जीवन में सरकार का हस्‍तक्षेप कम हो, जब लोगों का आवश्‍यकता हो, तो सरकार आगे आए। गरीबों के लिए हमने मुफ्त ईलाज की व्‍यवस्‍था की है। बुनियादी सुविधाओं की दिशा में देश सेचुरेशन पर पहुंच रहा है। सेचुरेशन का अर्थ सौ प्रतिशत होता है और जब यह आता है तो सबका साथ और सबका विकास होता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सुविचारित प्रयास, सुधारों, राजनीतिक नेतृत्‍व की संकल्‍प शक्ति, सरकारी मशीनरी के संकल्‍प और जन भागीदारी से वांछित परिणाम अवश्‍य मिलते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में इस समय तीन लाख संस्‍थाएं काम कर रही हैं। मैं इन संस्‍थाओं से सामान्‍य लोगों का जीवन सुगम बनाने के लिए हर संस्‍था से एक साल में केवल दो सुधार करने का आह्वान करता हूँ। अगर ये संस्‍थाएं साल में केवल दो सुधार करें तो साल में लगभग 25 से 30 लाख सुधार होने से सामान्‍य लोगों का विश्‍वास बढेगा। ये सुधार, चाहे पंचायत स्‍तर पर हों, जिला स्‍तर पर हों या राज्‍य स्‍तर पर हों। इससे सामान्‍य लोगों का जीवन आसान हो जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने निराशा को आशा में बदला और लोगों के रवैये को बदला और बडे सुधारों को जमीन पर उतारा। उन्‍होंने कहा कि सुधारों की प्रतिबद्धता मजबूरी नहीं बल्कि देश की मजबूती के लिए है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोनाकाल की वैश्विक महामारी के दौरान सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्‍यवस्‍था के रूप में हमारा देश आगे बढा। जब हर घर तिरंगा की भावना से हर देशवासी बिना जात-पात, ऊंच-नीच की भावना के साथ आगे बढ़ता है तो हर घर तिरंगा की भावना पूरी होती है। सौ से अधिक आकांक्षी जिले, दूसरे जिलों की बराबरी कर रहे हैं और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे देश में लोगों को सरकार से हाथ फैलाकर मांगने की संस्‍कृति का सामना करना पडा, लेकिन सरकार खुद लोगों तक पहुंच रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों ने जनसेवा का हमें एक और मौका दिया है और हमारा संकल्‍प जन-जन की सेवा, हर परिवार की सेवा, हर क्षेत्र की सेवा करना है। हमारा संकल्‍प 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करना है। मैं देशवासियों को कोटि-कोटि आभार व्‍यक्‍त करता हूँ और नये विश्‍वास, नये संकल्‍प और नये जोश के साथ देश की सेवा करने के लिए आगे बढ़ रहा हूँ।

प्रधानमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सदियों पुरानी नालंदा भावना को जगाना होगा। ज्ञान की परंपरा को आगे बढ़ाना होगा। नई शिक्षा नीति 2020 ने भाषा के कारण प्रतिभा के लिए बाधा न आए इसके प्रयास किये गये हैं। इस नीति के अनुसार हर गरीब का सपना पूरा हो सकेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार बड़े सुधारों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्‍होंने कहा कि आज लोगों का भरोसा बढ़ा है, लोगों ने बदलाव देखा है और विश्‍व में भारत की शाख बढ़ी है और दुनिया का नजरिया बदला है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश का युवा धीरे-धीरे चलने नहीं बल्कि छलांग लगाने को तत्‍पर है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चिकित्‍सा शिक्षा के लिए हमारे देश के युवा बाहर जा रहे हैं, उनकी शिक्षा के लिए लाखों रूपये खर्च हो जाते हैं। इनकी सुविधा के लिए हमने एक लाख मेडिकल सीट बढ़ाई हैं और आज मैं घोषणा करता हूँ, अगले पांच वर्ष में मेडिकल लाइन में 75 हजार नई सीट तैयार की जाएंगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला स्‍व-सहायता समूह से दस साल में दस करोड़ बहनें जुड गई हैं और आत्‍म-निर्भर बन रही हैं। उन्‍होंने कहा कि भारत के सीईओ दुनियाभर में नाम कमा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्‍व-सहायता समूहों से एक करोड़ महिलाएं लखपति बनी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विश्‍व में आर्गेनिक फूड की मांग बढ़ रही है और इसकी पूर्ति हमारे देश का किसान कर सकता है। हमारा देश विश्‍व की ऑर्गेनिक फूड बास्‍केट कैसे बने, इस दिशा में हम काम कर रहे हैं। हमारे देश के किसान का जीवन सुगम हो, उसे स्‍वास्‍थ्‍य सुविधा मिले, किसान के बच्‍चों को अच्‍छी शिक्षा मिले, इसके लिए हम समग्र प्रयास कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश में नए अवसर बने हैं। उन्‍होंने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचे के निर्माण और सामान्‍य जन-जीवन की बाधाएं दूर होने से व्‍यापक बदलाव हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के कायाकल्प का सबसे बडा लाभ देश के वंचित वर्ग तक पहुंचा है। देश का सर्वागीण विकास सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के केंद्र में रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम लोगों में गौरव के भाव का अभाव था। देरी से आना हमारा स्‍वभाव माना जाता था लेकिन आज हमने ये भाव बदल दिया है। हमारे देश में खिलौने भी विदेश से आया करते थे लेकिन आज हमारे देश के खिलौने पूरे विश्‍व के बाजारों में बेचे जा रहे हैं। एक समय मोबाइल विदेश से आया करते थे लेकिन आज हम मोबाइल का बडा निर्यात कर रहे है और हमारा देश मोबाइल निर्यात का बडा केंद्र बन गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए अनावश्‍यक कानून खत्‍म किए गए। उन्‍होंने कहा कि सरकार नागरिक को न्‍याय दिलाने के लिए नए कानून लाई। सरकार ईज ऑफ लिविंग के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोगों को बाधाओं की जानकारी सरकार को देनी चाहिए और सरकार उन्‍हें दूर करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि रक्षा बजट का अधिकतर हिस्‍सा विदेशों से हथियार खरीदने में चला जाता था, लेकिन आज हम रक्षा क्षेत्र से जुड़ी हजारों चीजें स्‍वयं देश में ही बना रहे हैं। आज रक्षा साजो सामान का देश में निर्माण हो रहा है और इस क्षेत्र में हम लोग आत्मनिर्भर बन रहे हैं। रक्षा साजो सामान का निर्यात हो रहा है। जल्द ही हमारा देश रक्षा क्षेत्र का बडा निर्यातक बन जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश आकांक्षाओं से भरा है, नौजवान नई बुलंदी छूना चाहता है, इसलिए सरकार हर क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने, बुनियादी ढांचे के निर्माण और नागरिकों का जीवन सरल बनाने के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विश्‍व की कंपनियां देश में निवेश करने के लिए आगे आ रही हैं। यह देश के लिए बडा अवसर है। हम राज्‍यों से गुड गवर्नेंस का आह्वान कर रहे हैं जिससे निवेशकों में निवेश के लिए विश्‍वास बढेगा। राज्‍यों को निवेश के लिए अच्‍छा माहौल बनाने की आवश्‍यकता है। इसके लिए राज्‍यों के बीच प्रतिस्‍पर्धा होनी चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार प्रति व्‍यक्‍ति आय दोगुनी करने में सफल रही है। विदेशी मुद्रा भंडार पहले से दोगुना हुआ है। उन्‍होंने कहा कि मम् भाव और सम् भाव के मंत्र पर सरकार काम रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जी-20 के समूह जो नहीं कर पाये वह हमारे देश ने पूरा कर दिखाया है। नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भारत ने वर्ष 2030 तक पांच सौ गीगा वाट का लक्ष्‍य रखा है। रेलवे को शून्‍य कार्बन उत्‍सर्जन का लक्ष्‍य दिया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब आदिवासी साथियों तक सरकारी योजना पहुंचती है तो लगता है कि संवेदनशीलता से संतोष मिलता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि संवेदन शीलता की भावना से महिलाओं के मातृत्‍व अवकाश की संख्‍या बढ़ाई गई। उन्‍होंने कहा कि सेवा भाव से किए गए सरकार के कार्यों का परिणाम नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सौ 40 करोड़ भारतीयों की ओर से पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्‍होंने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि हमारे खिलाडी नये संकल्‍प, नये विश्‍वास और नये लक्ष्‍य के साथ आगे बढेंगे। हमारे देश के खिलाड़ियों का बडा जत्‍था पैरा‍लंपिक खेलों में भाग लेने पेरिस जा रहा है, देशवासियों की ओर प्रधानमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं दी। श्री मोदी ने कहा कि हम संकल्‍पों के लिए जीवन खपाने को अपना स्‍वभाव बनाना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नई शिक्षा नीति विकसित भारत के लिए श्रम शक्ति उपलब्‍ध कराएगी। उन्‍होंने कहा कि सरकार पूरे प्रयास कर रही है कि देशवासियों को शिक्षा के लिए बाहर न जाना पडे़। प्रधानमंत्री ने कहा कि निराशा के गर्त में डूबे मुठ्ठी भर लोगों की सोच के कारण देश को बड़ी हानि होती है। उनके मन में पैदा हो रही विकृति विनाश की ओर बढ रही है। हमें ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्‍यकता है। ऐसे लोगों के कारण देश को हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए वर्षों लग जाते हैं। हम ईमानदारी की भावना के साथ देश सेवा कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्‍व में हो रहे बदलाव को देखते हुए सरकार स्किल डेवलपमेंट पर पूरा बल दे रही है। उन्‍होंने कहा कि इस बार बजट में क्षमता निर्माण के लिए इंटर्नशिप पर जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि तेजी से बदलते विश्‍व में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के लिए रूचि बढ़ रही है। सरकार रिसर्च पर बल दे रही है और उसके लिए बजट बढा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि समाज की मनोरचना बदलाव का कारण बनती है। भ्रष्‍टाचार के खिलाफ हमने जंग छेड़ी है। इससे मेरी प्रतिष्‍ठा को नुकसान पहुंचा है लेकिन मेरी प्रतिष्‍ठा राष्‍ट्र की प्रतिष्‍ठा से बड़ी नहीं है। उन्‍होंने कहा कि ईमानदारी के साथ भ्रष्‍टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। भ्रष्‍टाचारियों के मन में भय का भाव होना चाहिए। कुछ लोगों द्वारा भ्रष्‍टाचार का महिमामंडन करना स्‍व्‍स्‍थ समाज के लिए बड़ी चिंता का विषय है। देशवासियों को ऐसे लोगों से दूरी बनाए रखनी चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत, स्‍वस्‍थ भारत भी होना चाहिए। इसलिए बच्‍चों के स्‍वास्‍थ्‍य को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्‍होंने कहा कि कृषि और किसानों के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि धरती माता के स्‍वास्‍थ्‍य और उत्‍पादन क्षमता बनाए रखने के लिए प्राकृतिक खेती के लिए बजट बढाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने बार-बार समान नागरिक संहिता-यूसीसी की चर्चा की है। इससे पहले अभी तक देश में जो सिविल कोड लागू था वह कम्‍यूनल सिविल कोड था। संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के समय हमें नये सिविल कोड की आवश्‍यकता है। सुप्रीम कोर्ट भी इसमें बदलाव की बात करता है। समान नागरिक संहिता पर पूरे देश में व्‍यापक चर्चा होनी चाहिए। यह कानून धर्म के आधार पर समाज को बांटता है हमें कम्‍यूनल सिविल कोड की जगह सेक्‍यूलर सिविल कोड को लागू करने की आवश्‍यकता है। कम्‍यूनल सिविल कोड सामान्‍य नागरिकों के बीच दूरी पैदा करता है। लेकिन सेक्‍यूलर सिविल कोड इस दूरी से मुक्ति प्रदान करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्‍व में विकास पर काम किया जा रहा है। रक्षा क्षेत्र सहित सभी क्षेत्रों में महिलाओं का दम-खम नजर आ रहा है प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं पर अत्‍याचार के कारण देश में रोष है। महिलाओं के साथ अपराधों की जल्‍द से जल्‍द जांच और दोषियों को जल्‍द सजा होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह स्‍वर्णिम कालखंड 2047 में विकसित भारत प्रतीक्षा कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि तीसरे टर्म में तीन गुनी तेजी गति से काम करूंगा जिससे देश के सपने जल्‍द से जल्‍द पूरा हो सके। मेरा हर क्षण, मेरा हर कण-कण मॉं भारती के लिए समर्पित है। ट्वेंटी फोर बाइ सेवेन फॉर ट्वेंटी फोर सेवेन के संकल्‍प के साथ हमारे पूर्वजों ने जो संकल्‍प लिया था उसे पूरा करना है। हम संकल्‍प लें कि हम 21वीं सदी में विकसित भारत का सपना साकार करेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने सेमीकंडक्‍टर मिशन पर काम किया है। उन्‍होंने कहा कि जब टैलेंट भारत में है तो प्रोडक्‍शन भी भारत में होगा। श्री मोदी ने कहा कि सरकार 6जी पर मिशन मोड में काम कर रही है। सरकार 5जी की तरह 6जी में भी विश्‍व में अग्रणी रहेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देना रोजगार के लिए आवश्‍यक है। कौशल विकास से जनभागीदारी को जोड़ा जा रहा है। वह दिन दूर नहीं जब भारत विनिर्माण का केन्‍द्र बनेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अपनी बेस्‍ट क्‍वालिटी के लिए पहचाना जाए। इसके लिए डिजाइन इंडिया पर बल दिया जा रहा है। अब इंडियन स्‍टेंडर्ड वर्ल्‍ड स्‍टैंडर्ड बनेगा। इसके लिए क्‍वालिटी पर जोर देना होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के पास बहुत बडी विरासत है जिसका उपयोग गेमिंग की दुनिया के लिए किया जाना चाहिए। सरकार गेमिंग और एनिमेशन पर जी-जान से काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने सिंगल यूज प्‍लास्टिक सहित कई क्षेत्रों में विश्‍व का नेतृत्‍व किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पीएम सूर्य घर बिजली योजना, अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में भारत के लक्ष्‍य प्राप्‍त करने में बड़ा काम करेगी। इससे ग्रीन जॉब बढ़ेगी और सरकार उसके लिए पूरी मदद करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने जी-20 के आयोजन को अलग-अलग शहरों में किया। इससे सिद्ध हुआ कि भारत में बड़े से बड़ा आयोजन करने की क्षमता है। इसलिए सरकार 2036 के ओलिम्पिक के आयोजन के लिए प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समाज के लिए प्रेरणा बनेगी। संवेदनशीलता, समाज के प्रति मम् भाव बढाने के लिए सबको प्रयास करने होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चुनौतियों अनगिनत हैं, बाहर भी हैं और अंदर भी हैं। जैसे-जैसे हम आगे बढेंगे तो चुनौतियॉ भी बढेंगी। उन्‍होंने कहा कि विश्‍व को भारत के आगे बढने से चिंतित नहीं होना चाहिए। भारत में पूरे विश्‍व के कल्‍याण का सामर्थ्‍य है। उन्‍होंने कहा कि चुनौतियों को चुनौती देना भारत की फितरत है। भारत बदनीयत को नेकनीयत से जीतेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बांग्‍लादेश की घटनाओं पर पडोसी देश के नाते भारत का चिंतित होना स्‍वाभाविक है। भारत वहां हिन्‍दुओं और अल्‍पसंख्‍यको की सुरक्षा सुनिश्‍चित करना चाहता है। सरकार बांग्‍लादेश की विकास यात्रा में सहभागी बना रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के संविधान को 75 वर्ष हो रहे हैं। संविधान ने देश के सभी वर्गों की सुरक्षा सुनिश्‍चित की है। लेकिन अब हमें कर्तव्‍यों पर भी ध्‍यान देना चाहिए। यदि हम सब मिलकर अपने कर्तव्‍यों को पूरा करेंगे तो देश का लोकतंत्र मजबूत होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि परिवारवाद और जातिवाद, भारत के लोकतंत्र को बहुत नुकसान पहुंचा रहा है। देश को इनसे मुक्ति‍ पानी होगी। उन्‍होंने कहा कि हम जल्‍द से जल्‍द एक लाख ऐसे नौजवानों को राजनीति में लाना चाहते हैं जिनके परिजन कभी राजनीति में नहीं रहे हैं। यही माई इंडिया का लक्ष्‍य है।

प्रधानमंत्री मोदी कहा कि देश में बार-बार चुनाव गतिरोध पैदा कर रहे हैं। हर काम को चुनाव के रंग में रंग दिया गया है। इसलिए एक राष्‍ट्र एक चुनाव के लिए सबको आगे आना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता ने जो दायित्‍व दिया है उसके लिए जी-जान से काम करूंगा और कोई कोर कसर नहीं छोडूंगा।

दीदी तुम ही हो सही मायने में सशक्तीकरण की असली मिसाल, तुम्हारे लिए कुछ भी करना असंभव नहीं है – शिवराज सिंह चौहान

केन्द्रीय ग्रामीण विकास व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल नई दिल्ली में 78वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दीन दयाल उपाध्याय – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित लखपति दीदी एवं ड्रोन दीदियों के अभिनंदन समारोह का उदघाटन किया।

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा की लखपति दीदियों की कहानी आज पूरा विश्व देख और सुन रहा है। हमारी दीदियाँ ही हैं नारी सशक्तीकरण की असली मिसाल। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य सभी दीदियों को लखपति बनाना है, जिसके लिए हम रात-दिन मेहनत करेंगे और हर दीदी को साथ लेकर चलेंगे, कोई भी बहन, कोई भी दीदी गरीब नहीं रहेगी, मज़बूर नहीं रहेगी, हम सबको जोड़ेंगे और साथ लेकर चलेंगे। आर्थिक सशक्तीकरण, राजनीतिक सशक्तीकरण, सामाजिक सशक्तीकरण और शैक्षणिक सशक्तीकरण अर्थात सम्पूर्ण सशक्तीकरण हो रहा है दीदियों का।”

ड्रोन दीदियों को संबोधित करते हुए उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि अभी तो दीदियों द्वारा ड्रोन के माध्यम से किसानों को सेवा देने के कार्य की सिर्फ शुरुआत हुई है, और यह दीदियाँ इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि कैसे सिर्फ कुछ ही महीनों मे दीदियों ने न सिर्फ निपुणता हासिल की है, बल्कि किसानों का भी उनमें विश्वास बढ़ा है। ड्रोन दीदियां ना केवल पायलट बन गईं हैं बल्कि उन्नत किसान भी। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि जो दीदियाँ छूट गयी हैं हमें उनको भी जोड़ना है, हमें किसी को भी पीछे नहीं छोड़ना है।

चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि भारत को विकसित करना है और दीदियों को भी विकसित करना है ताकि कोई भी दीदी गरीब ना रहे।

चौहान ने हर्ष के साथ संबोधित करते हुये प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण के तहत दिये जाने वाले 2 करोड़ पक्के आवासों का भी उल्लेख किया और कहा कि आज हर घर कि मालिक हमारी बहनें और यह दीदियाँ हैं।

ग्रामीण विकास राज्य मंत्री, डॉ चंद्र शेखर पेम्मासानी ने दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने में, और हम पूरी तरह सफल तब होंगे जब हर दीदी को लखपति दीदी बना पाएंगे। अपने समापन संबोधन मे उन्होंने कहा “हम हर दीदी को विकास का सहयोगी मानते हैं और एक मजबूत और समृद्ध भारत के निर्माण में आपके अमूल्य योगदान की सराहना करते हैं।”

सेवा हमारी संस्कृति का हिस्सा है और एक-दूसरे की मदद करना हमारे पालन-पोषण में अंतर्निहित है : डॉ. मांडविया

केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया तथा केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे ने कल नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष संवादात्मक सत्र में 500 युवा स्वयंसेवकों के एक जीवंत समूह के साथ बातचीत की। स्वतंत्रता दिवस समारोह 2024 में देश भर से युवा स्वयंसेवकों, 400 राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों और 100 माई भारत के स्वयंसेवकों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

स्वयंसेवकों की युवा ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए, डॉ. मांडविया ने कहा, “हमारे युवा स्वयंसेवक परिवर्तन एवं प्रगति के सच्चे अग्रदूत हैं। राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका उत्साह और समर्पण प्रेरणादायक है।”

दूसरों की सेवा के महत्व के बारे में बोलते हुए, उन्होंने जोर देकर कहा, “सेवा हमारी संस्कृति का हिस्सा है। एक-दूसरे की मदद करना हमारे पालन-पोषण में अंतर्निहित है। ये मूल्य आपको चुनौतियों से निपटने और एक विकसित भारत के निर्माण में सहायता करेंगे।”

उन्होंने सामुदायिक सेवा और राष्ट्रीय विकास में युवाओं की भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा की भावना से विभिन्न क्षेत्रों में अपने प्रयास जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया और इस बात पर जोर दिया कि 2047 तक भारत को एक विकसित देश में बदलने के प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।

युवाओं की क्षमता को स्वीकार करते हुए, डॉ. मांडविया ने कहा, “मैं आप सभी में अपार संभावनाएं देखता हूं। पिछले एक दशक में, सरकार ने युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल करने के कई अवसर सृजित किए हैं, चाहे मुद्रा योजना व स्टार्ट-अप इंडिया जैसी पहल के माध्यम से उद्यमशीलता एवं नवाचार को बढ़ावा देना हो या खेलो इंडिया कार्यक्रम के जरिए खेलों से जुड़ी प्रतिभाओं को निखारना हो।

उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, प्रधानमंत्री संग्रहालय, कर्तव्य पथ जैसे नई दिल्ली के प्रमुख स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्मारकों का दौरा करने का आग्रह किया।

केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे ने विशेष अतिथियों की उनके प्रभावशाली कार्यों के लिए सराहना की, जिसमें ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान, अमृत वाटिका के निर्माण और वृक्षारोपण अभियान, रक्तदान शिविर एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता जैसी विभिन्न समुदाय-केन्द्रित पहलों में उनकी भागीदारी शामिल है।

इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण केन्द्रीय मंत्री और स्वयंसेवकों के बीच एक सार्थक संवाद था, जिसमें केन्द्रीय मंत्री ने युवाओं को सशक्त बनाने और स्वयंसेवक की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई सरकार की विभिन्न पहलों के बारे में जानकारी साझा की। जबकि, स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव एवं सीख से जुड़ी बातें साझा कीं और युवाओं के नेतृत्व वाले कार्यक्रमों के प्रभाव को बढ़ाने तथा माई भारत पोर्टल को और अधिक मजबूत बनाने हेतु बहुमूल्य सुझाव दिए।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...