चुनाव आयोग ने हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव तैयारियों की समीक्षा की

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और अन्य आयुक्तों ने 3 नवंबर से पहले होने वाले आगामी हरियाणा विधानसभा चुनावों की तैयारियों की विस्तृत और व्यापक समीक्षा की। अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान, ईसीआई अधिकारियों ने आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय लोक दल और जननायक जनता पार्टी सहित प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। पार्टियों ने कई मुद्दे उठाए, जिनमें स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने, सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को रोकने और विशेष रूप से बुजुर्ग और विकलांग मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र की पहुंच में सुधार के बारे में चिंताएं शामिल हैं।

पहली बार, चुनाव में 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और विकलांग लोगों को अगर वे चाहें तो घर से मतदान करने का मौका मिलेगा। इस नए विकल्प का उद्देश्य घरेलू मतदान प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए मतदान को अधिक सुलभ बनाना है।

ईसीआई ने मतदाता सूची, ईवीएम प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स और मतदाता जागरूकता पर ध्यान केंद्रित करते हुए जिला और पुलिस अधिकारियों के साथ चुनाव प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की। अंतिम मतदाता सूची 27 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी, और इसमें लगभग 2.01 करोड़ पंजीकृत मतदाता शामिल होंगे, जिनमें 4.5 लाख से अधिक पहली बार मतदाता और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक और विकलांग मतदाता शामिल होंगे।

समीक्षा में इस बात पर प्रकाश डाला गया कि कुल 20,629 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जो पिछले चुनावों से अधिक है। इसके अतिरिक्त, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग लागू की जाएगी।

ईसीआई ने चुनाव प्रक्रिया का समर्थन करने के लिए कई तकनीकी समाधान पेश किए हैं। इनमें उल्लंघनों की रिपोर्ट करने के लिए सीविजिल ऐप, उम्मीदवारों की अनुमतियों के प्रबंधन के लिए सुविधा ऐप, उम्मीदवारों के बारे में जानकारी प्रदान करने के लिए केवाईसी ऐप और विकलांग मतदाताओं की सहायता के लिए सक्षम ऐप शामिल हैं।

धन और अन्य प्रलोभनों के उपयोग को रोकने के लिए, ईसीआई ने प्रवर्तन एजेंसियों को अवैध गतिविधियों की निगरानी और नियंत्रण के लिए मिलकर काम करने का निर्देश दिया है। इसमें नकदी, शराब और नशीली दवाओं पर नज़र रखना और यह सुनिश्चित करना शामिल है कि सभी नकदी हस्तांतरण और ऑनलाइन लेनदेन की बारीकी से निगरानी की जाए।

आयोग ने राजनीतिक दलों को आश्वासन दिया कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सभी चिंताओं का समाधान किया जाएगा।

भारत को आजादी कैसे मिली, इसकी जानकारी देश के हर युवा को होनी चाहिए – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को पन्ना में युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया एवं तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। हर घर तिरंगा अभियान लोगों में देश भक्ति का जज्बा पैदा करता है। सभी प्रदेशवासी अपने-अपने घरों में तिरंगा लगाएं। हर घर में तिरंगा पहुंचे, इसके लिए शासन-प्रशासन के साथ भारतीय जनता पार्टी लगातार प्रयास कर रही है। लोगों के घरों तक तिरंगा झंडा पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र तभी बनेगा, जब देश के सभी युवा देशभक्ति से ओतप्रोत होकर कार्य करें। देश को आजादी कैसे मिली, इसकी जानकारी भी देश के हर युवा को होनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शर्मा ने युवाओं के साथ बाइक पर सवार होकर तिरंगा रैली में शामिल हुए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारत को आजादी ऐसे ही नहीं मिली है। लाखों लोगों के बलिदान के बाद देश को आजादी मिली है। इस तिरंगे के लिए हमारे देश के हजारों देशभक्तों ने बलिदान दिया है। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद कभी अंग्रेजों के हाथ नहीं आए। वे कहते थे आजाद हूं, आजाद ही रहूंगा। बताते हैं कि भारत माता के सपूत चंद्रशेखर आजाद अंग्रेजों से लड़ते रहे। जब उनकी बंदूक में अंतिम गोली बची तो खुद को मारकर शहीद हो गए। देश की सीमा पर तैनात देश का एक-एक सैनिक अपने इस तिरंगे झंडे के लिए अपना बलिदान देने को हरदम तैयार रहता है। देश का सैनिक जब विजय प्राप्त करता है तो सबसे पहले वहां तिरंगा फहराता है। सैनिक तिरंगे के मान के लिए देश को मिट्टी का टुकड़ा नहीं मानता, भारत माता कहते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि युवा पीढ़ी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी भूमिका निभाए। हर घर तिरंगा अभियान देश के नौजवानों में देश भक्ति का जज्बा पैदा करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत मध्यप्रदेश सहित देशभर के युवा अपने घरों में तिरंगा लगा रहे हैं। सोशल मीडिया, समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों में हम और आप सभी देख रहे हैं कि किस तरह देश के युवा देशभक्ति के जज्बे के साथ तिरंगा अभियान में सहभागिता कर रहे हैं। हर घर में तिरंगा पहुंचाने में भी युवा अपनी भूमिका का निर्वहन करें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आजादी के समय के लोगों को तो पता है कि भारत को आजादी कैसे मिली है। लेकिन आज के युवाओं को यह नहीं मालूम कि भारत को आजादी कैसे मिली। आज के युवा 2047 में देश के अंदर मुख्य भूमिकाओं में होंगे, इसलिए इन युवाओं को भारत विभाजन की विभीषका और देश को आजादी कैसे मिली यह पता होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विभाजन विभीषका दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। आज के युवाओं को यह बताया जाना चाहिए कि भारत और पाकिस्तान के विभाजन के समय कैसे हमारे हिंदू भाई-बहनों को टुकड़े-टुकड़े करके पाकिस्तान से ट्रेनों में भरकर भारत भेजा गया था। पाकिस्तान में हजारों हिंदू माताओं-बहनों के साथ किस प्रकार से दरिंदगी की गई, उनकी हत्याएं की गईं यह आज के युवा को भी मालूम होना चाहिए। इसलिए बुधवार 14 अगस्त को देशभर में भारत विभाजन विभीषका दिवस मनाया जा रहा है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 15 अगस्त को भारत स्वतंत्रा दिवस मनाएगा। आजादी के इस उत्सव को हम सभी ऐतिहासिक रूप से मनाएं। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन के साथ हर घर में तिरंगा फहराएं। आप सभी युवा अपने घरों के साथ पड़ोसियों के घरों में भी तिरंगा फहराएं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में पन्ना में टाउन हाल से गांधी चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा बाइक पर सवार होकर निकले। यात्रा पंचम सिंह चौराहा होते हुए पुरानी कलेक्ट्रेट, अजयगढ़ चौराहा, बड़ा बाजार, गोविंद चौक, बलदेव चौक, सर्किट हाउस तिराहा, कोतवाली चौराहा, कुमकुम टॉकीज होकर गांधी चौक पर संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा के समापन पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को तिरंगा यात्रा में शामिल होने से पहले पन्ना स्थित अपने निवास पर तिरंगा लगाया। फिर बूथ क्रमांक 204 के अध्यक्ष श्री रिक्की सारवान के निवास पर तिरंगा लगाया। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा इसके बाद लोकतंत्र सेनानी शिवबिहारी श्रीवास्तव के निवास पहुंचे और उनका सम्मान कर घर पर तिरंगा लगाया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में युवा मोर्चा द्वारा गुन्नौर विधानसभा में दो तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। पहली तिरंगा यात्रा सिली तिराहा से शुरू होकर जनपद कार्यालय एवं तहसील कार्यालय मुख्य मार्ग होते हुए साप्ताहिक बाजार स्थल तक निकाली गई। दूसरी तिरंगा यात्रा मुख्य मार्ग गुन्नौर नगर से प्रारंभ हुई और मंडी मोड़ पर संपन्न हुई। यात्रा के समापन के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित भी किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गुन्नौर में नवीन पुलिस थाना भवन और महेवा चौकी भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर विष्णुदत्त शर्मा ने कहा पुलिसकर्मी लोगों की सुरक्षा में सजग प्रहरी बनकर देश सेवा कर रहे हैं। अपराधियों में पुलिस का खौफ होना चाहिए, लेकिन आम जनता पुलिस का नाम सुनते ही खुद को और सुरक्षित मानने लगे, ऐसा कार्य पुलिसकर्मियों को करना चाहिए। इस अवसर पर विधायक राजेश वर्मा एवं नगर परिषद अध्यक्ष अर्चना मलखान सिंह उपस्थित रहीं।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया तिरंगा यात्रा को रवाना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भारत माता चौराहे से निकाली जा रही तिरंगा यात्रा का तिरंगा लहराकर एवं आसमान में तिरंगे गुब्बारे छोड़कर शुभारंभ किया। उन्होंने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। विधायक भगवान दास सबनानी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत माता के वेश में आयी बालिका को तिरंगा सौंपते हुए उसे दुलार किया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा में आए स्कूली बच्चों को प्रोत्साहित किया। भारत माता चौराहे से शौर्य स्मारक तक निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, वरिष्ठ जन, महिलाएं तथा बच्चे शामिल थे।

भारत माता की जय के उद्घोष के साथ देशभक्ति की धुन पर तिरंगा लहराते युवा राष्ट्र प्रेम की भावना का संचार कर रहे थे। जन-जन के अभियान के रूप में अपने गंतव्य की ओर अग्रसर यात्रा से क्षेत्र का वातावरण उत्साह और उमंग से परिपूर्ण था।

 

भोपाल की खराब सड़कों को लेकर कांग्रेस नव नियुक्त प्रभारी मंत्री कश्यप को भेंट करेगी सड़को पर चलने के लिए हेलमेट,पैड

मोहन सरकार ने प्रभारी मंत्रियों की सूची जारी की है भोपाल में कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप को ज़िम्मेदारी सौपी गई है। मप्र कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने प्रभारी मंत्री के आगमन से पहले भोपाल की ज्वलंत समस्याओं से अवगत करवाने हेतु बदहाल सड़को की पोल प्रभारी मंत्री के सामने खोल कर रख दी।

त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश में आज सड़क व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है आम जनता को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। रोड टैक्स और भारी टोल वसूलने के बाद भी जनता को मप्र की सरकार अच्छी सड़के उपलब्ध नहीं करवा पा रही है। जनता अपनी जान हथेली पर ले कर इन जानलेवा सड़को पर चलने के लिए मजबूर है। हर रोज़ सड़क दुर्घटनाओं की सूचना प्रदेश के कोने कोने से आती है पर भाजपा सरकार के कानो पर जू तक नहीं रेंग रही है।

त्रिपाठी ने बताया कि जिस शहर से पूरा प्रदेश संचालित होता है,उस राजधानी भोपाल में ही अच्छी सड़को के लिये जनता को तरसना पड़ रहा है। मंत्रालय से लेकर राजभवन और मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर विधानसभा तक की सड़के भ्रष्टाचार की भेट चढ़ गई और शहरवासियों का दुर्भाग्य है कि इन सड़को पर चलने वाले ज़िम्मेदार और मंत्री अधिकारी कोई सुध लेने के लिए तैयार नहीं है।

त्रिपाठी ने कहा हम प्रभारी मंत्री को ये सुरक्षा उपकरण भेट कर माँग करते है कि भ्रष्टाचार की भेट चढ़ चुकी इन बदहाल सड़को का जीर्णोद्धार कर भोपालवासियों को इस प्रबल समस्या से मुक्ति दिलवाने का कष्ट करे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरंगा लहराने को बनाया जन-जन का अभियान – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आरंभ हुए “हर घर तिरंगा” अभियान से पूरा देश नए उत्साह और उमंग से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव के समय से आम आदमी द्वारा तिरंगा फहराने के संबंध में विशेष छूट दिलवाई थी। इसी का परिणाम है अब तिरंगा लहराना पूरे देश में जन-जन का अभियान बन गया है। हर घर तिरंगा अभियान में राज्य सरकार, केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है। नगरीय निकाय, पंचायती राज संस्थाएं भी इस दिशा में सक्रिय हैं। हम सब अपने घर पर पवित्र तिरंगा लगाए और इसकी मर्यादा का भी ध्यान रखें। यही हमारी क्रांतिकारी, शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल पुलिस की तिरंगा रैली का शुभारंभ कर संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय से तिरंगा ध्वज लहराकर तिरंगा रैली को रवाना किया। उन्होंने तिरंगे गुब्बारे भी आसमान में छोड़े। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगे झंडों से सजी पुलिस की वाहन रैली को देशभक्ति गीतों के बीच झंडी दिखाई। साथ ही नगर रक्षा समिति, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों द्वारा निकाली जा रही तिरंगा रैली को भी रवाना किया। तिरंगा रैली में 300 से अधिक बाइकर्स वर्दी में राजधानी के विभिन्न मार्गों पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने रवाना हुए। ग्राम रक्षा समिति, नगर रक्षा समिति, सामाजिक संगठनों के सदस्य और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी बड़ी संख्या में रैली में शामिल हुए।

पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना ने परिचयात्मक उद्बोधन में बताया कि पुलिस परिवार द्वारा “आजादी के रंग-खाकी के संग” थीम पर पूरे प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन जारी है। कार्यक्रम में विधायक भगवान दास सबनानी, भोपाल महापौर मालती राय, अपर मुख्य सचिव गृह एस.एन. मिश्रा, पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित थे।

 

महिलाओं की औद्योगिक गतिविधियों में सफलता उनकी सामर्थ्य का परिचायक : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय संस्कृति में महिलाएं शक्ति और सामर्थ्य का प्रतीक मानी गई हैं। रानी लक्ष्मी बाई, देवी अहिल्या और रानी दुर्गावती ने पराक्रम और अपनी क्षमता के कई उदाहरण आज भी प्रेरणा के स्त्रोत हैं। बहनों का आशीर्वाद और शुभकामनाएं भाईयों के लिए सदैव फलदायी रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं की समाज के लिए प्रतिबद्धता को पहचानते हुए ही लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की है। राज्य सरकार भी स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण उपलब्ध करा रही है, जो देश में सर्वाधिक है। वह दिन दूर नहीं है जब महिलाएं केवल उद्यमी ही नहीं, अपितु उद्योग मंत्री भी बनेंगी। प्रदेश में महिला उद्योगपतियों और उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रक्रियाओं को सरल करने के साथ आवश्यक प्रशिक्षण और प्रोत्साहन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश सरकार बगैर विलम्ब के त्वरित कार्य कर रही है। इसी का परिणाम है कि सिंगल क्लिक से राशि सीधे खातों में जारी की जा रही है और एक साथ औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में महिला उद्योगपति व उद्यमी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन और कन्या-पूजन कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक से 850 एमएसएमई इकाइयों को सिंगल क्लिक से 275 करोड़ रूपये की प्रोत्साहन राशि अंतरित की। साथ ही 99 इकाइयों का लोकार्पण और 12 इकाइयों का वर्चुअली भूमि-पूजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को रक्षाबंधन और श्रावण उत्सव में पर्व प्रदेश की उद्यमी बहनों की ओर से सात बहनों ने राखी बांधी और वृहद आकार की राखी भी भेंट की गई। सावन उत्सव भी मनाया गया। कार्यक्रम में महिला उद्यमियों की सफलता की कहानियों पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। महिला उद्यमी शिवानी झरिया, कुमुद तिवारी, सीमा मिश्रा ने उद्यमिता के क्षेत्र में उनकी पहल से संबंधित अनुभव साझा किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महिला उद्यमियों के प्रशिक्षण और प्रोत्साहन के लिए प्रदेश में विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही उनके द्वारा उद्यम संचालन के लिए विशेष भवन के निर्माण पर भी राज्य सरकार विचार कर रही है। सभी को आगे बढ़ने का मौका उपलब्ध कराने के लिये प्रदेश में सभी वर्गों को साथ लेकर औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए कार्य किया जा रहा है। उद्यमियों और उद्योगपतियों के विभिन्न संगठन भी इस प्रक्रिया में साथ है।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि प्रदेश में भारत सरकार द्वारा रजिस्टर्ड 4 हजार 445 स्टार्ट-अप में इनमें से 2082 महिलाओं द्वारा संचालित हैं, जो कुल स्टार्ट-अप का 47 प्रतिशत है। महिला उद्यमियों के स्वामित्व वाले सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।

महिला उद्यमी सम्मेलन में मध्यप्रदेश एसोसिएशन ऑफ वूमेन इंटरप्राइजेज, फिक्की, सीआईआई का इंडियन वूमेन नेटवर्क, लघु उद्योग भारती, डिक्की, बी.आई.सी.बी.आई., पीएचडी चेंबर, बीएनआई और आईएम स्टार्ट-अप संगठन की महिला उद्यमी और पदाधिकारी शामिल हुए।

 

देश का सबसे बड़ा तिरंगा भोपाल के बड़े तालाब में लगाया जाएगा – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भोपाल के बड़े तालाब में देश का सबसे बड़ा तिरंगा लगाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आहवान पर आजादी के पर्व पर उत्साह, उमंग और जोश के साथ हर घर तिरंगा अभियान मनाया जा रहा है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और तिरंगा सदा से ही हमारे लिए संघर्ष, परिश्रम और प्रगति का प्रेरणा स्रोत रहा है। हर घर तिरंगा अभियान में सभी लोग देशभक्ति के आनंद से अभिभूत हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़ा तालाब स्थित बोट क्लब पर आयोजित तिरंगा यात्रा के अवसर पर मीडियाकर्मियों से चर्चा में यह बात कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बोट क्लब पर मध्य प्रदेश टूरिज्म के नवीनीकृत फूड कॉर्नर लहर फास्ट का फीता काटकर तथा पूजन कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सांसद वी.डी. शर्मा, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी, सहित जिला प्रशासन व पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूरे जोश के साथ देशभक्ति गीत “यह देश है वीर जवानों का” गाया और बड़े तालाब में नावों पर कलाकारों ने प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वॉटर स्पोर्ट्स तिरंगा शो के अंतर्गत बड़े तालाब पर लेक प्रिंसेस क्रूज में ध्वज अभिवादन किया और तिरंगे गुब्बारे छोड़े। मध्य प्रदेश स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने स्पोर्ट्स बोट में तिरंगा लेकर परेड की और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा लहराकर सभी का उत्साहवर्धन किया है। वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों द्वारा बड़े तालाब में देश भक्ति की धुनो के बीच तिरंगे के साथ नावों के माध्यम से विशेष फॉर्मेशन भी निर्मित की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भोपालवासियों ने वॉटर स्पोर्ट्स तिरंगा परेड का आनंद लिया।

 

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंत्रियों को सौंपा जिलों का प्रभार, मुख्यमंत्री इंदौर, विजयवर्गीय सतना-धार के प्रभारी मंत्री

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य की कमान संभालने के सात माह बाद मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंप दिया है। राज्य सरकार के दिग्गज नेताओं को छोटे जिलों की कमान सौंपी गई है। सोमवार देर रात इसकी लिस्ट जारी की गई। इसमें सीएम मोहन यादव ने इंदौर जिले का प्रभार अपने पास रखा है। डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल सागर और शहडोल के प्रभारी मंत्री बनाए गए हैं। वहीं, जगदीश देवड़ा को जबलपुर और देवास जिले का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।

राजधानी भोपाल और राजगढ़ जिले की कमान मंत्री चैतन्य काश्यप को दी है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को सतना और धार का प्रभार दिया गया है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल को भिंड और रीवा का प्रभार दिया गया है। यह आश्चर्यजनक है क्योंकि माना जा रहा था कि इनमें से किसी एक को छिंदवाड़ा का प्रभार दिया जाएगा। इसके बजाय पीडब्ल्यूडी मंत्री और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम का प्रभार दिया गया।

ग्वालियर का प्रभारी तुलसीराम सिलावट और उज्जैन जिले का प्रभारी गौतम टेटवाल को बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गुना संसदीय क्षेत्र के जिलों में उनके करीबी मंत्रियों को प्रभारी बनाया गया है। गुना का प्रभार गोविंद सिंह राजपूत, शिवपुरी का प्रभार प्रद्युम्न सिंह तोमर को सौंपा गया है। मंत्री विजय शाह को रतलाम व झाबुआ, करण सिंह वर्मा को मुरैना व सिवनी, उदय प्रताप सिंह को बालाघाट व कटनी, संपतिया उइके को सिंगरौली व अलीराजपुर, रामनिवास रावत को मंडला व दमोह, एंदल सिंह कंसाना को दतिया व छतरपुर का प्रभारी बनाया गया है।

इसी तरह निर्मला भूरिया को मंदसौर व नीमच, विश्वास सारंग को खरगोन व हरदा, नारायण सिंह कुशवाहा को शाजापुर व निवाड़ी, नागर सिंह चौहान को आगर व उमरिया, राकेश शुक्ला को श्योपुर व अशोक नगर, इंदर सिंह परमार को पन्ना व बड़वानी, कृष्णा गौर को सीहोर व टीकमगढ़, धर्मेंद्र सिंह लोधी को खंडवा, दिलीप जायसवाल को सीधी, लखन पटेल को विदिशा व मऊगंज, नारायण सिंह पवार को रायसेन, नरेंद्र शिवाजी पटेल को बैतूल, प्रतिमा बागरी को डिंडोरी, दिलीप अहिरवार को अनूपपुर और राधा सिंह को मैहर जिले का प्रभारी बनाया गया है।

 

ताइवान के पर्यटकों ने व्हाइट टाइगर सफारी का किया भ्रमण

महाराजा मार्तण्ड सिंह जू देव व्हाइट टाइगर सफारी की प्रसिद्धि देश के साथ-साथ विदेशों में भी हो रही है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के प्रयासों से निर्मित व्हाइट टाइगर सफारी अब विदेशी पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केन्द्र बन गया है। ताइवान से आए 18 विदेशी पर्यटकों ने कल टाइगर सफारी का भ्रमण किया और सफेद शेर के साथ बब्बर शेर, बंगाल टाइगर व अन्य वन्य प्राणियों को देखकर रोमांचित हुए।

वन मण्डलाधिकारी सतना ने बताया कि व्हाइट टाइगर सफारी की विदेशों में पहचान दिलाने के लिए इसे वाराणसी से खजुराहो पर्यटन रूट में शामिल किया गया है ताकि विदेशी सैलानी भी इसे देख सकें और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके। ताइवान के पर्यटक ने व्हाइट टाइगर सफारी का भ्रमण करने के उपरांत कहा कि मैं इसे देखकर रोमांच से भर गया हूँ। इतने करीब से सफेद शेर और अन्य वन्य प्राणियों को देखना मेरे जीवन की विशेष उपलब्धि है। उल्लेखनीय है कि व्हाइट टाइगर के विदेशी पर्यटकों के बीच प्रसिद्धि के लिए प्रणव सिंह का विशेष योगदान रहा है।

विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिकाः डॉ. मनसुख मांडविया

केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कल गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित ‘इम्पैक्ट विद यूथ कॉन्क्लेव 2024’ में मुख्य भाषण दिया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से संयुक्त राष्ट्र भारत, यूनिसेफ, यूनिसेफ युवाह और एलिक्सिर फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में अपनी क्षमता को प्रदर्शित करने के प्रति समर्पित सैकड़ों उत्साही युवाओं ने भाग लिया।

विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए, डॉ. मांडविया ने कहा, “युवा सिर्फ कल के नेता ही नहीं, बल्कि आज के परिवर्तन के वाहक भी हैं। आपकी ऊर्जा और आपका नवाचार एवं समर्पण माननीय प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने की कुंजी हैं।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भारत एक युवा देश है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार को उनकी क्षमताओं पर पूरा भरोसा है और वह उन्हें सशक्त बनाने तथा सर्वोत्तम अवसर प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

डिजिटल प्रौद्योगिकियों की परिवर्तनकारी क्षमता के बारे में बात करते हुए, डॉ. मांडविया ने युवाओं से ‘माई भारत’ प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश के भविष्य को बदलते समय के अनुरूप ढालने के लिए यह मंच पेश किया है। उन्होंने कहा, “आने वाले दिनों में, माई भारत युवाओं की सभी जरूरतों के लिए एक समग्र (वन-स्टॉप) समाधान के रूप में काम करेगा।” उन्होंने कहा, “चाहे सूचना हो, करियर संबंधी आवेदन हो या फॉर्म जमा करना हो, यह मंच न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहुंच योग्य होगा।”

‘युवा संवाद’ नामक एक विशेष सत्र में, डॉ. मांडविया युवाओं के साथ संवाद में शामिल हुए। कई युवा प्रतिभागियों ने समाज में सार्थक योगदान देने की अपनी क्षमता एवं दृढ़ संकल्प को रेखांकित करते हुए, चुनौतियों पर काबू पाने और अपने समुदायों में सकारात्मक बदलाव लाने की अपनी प्रेरक कहानियां साझा कीं।

केन्द्रीय मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ कार्यप्रणालियों में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए, युवाओं को माननीय प्रधानमंत्री की #प्लांट4मदर पहल में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिधि और यूनिसेफ युवाह बोर्ड की सह-अध्यक्ष सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे ने युवाओं को वैश्विक कार्रवाई में शामिल करने के महत्व पर जोर दिया।

संयुक्त राष्ट्र का अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस, हर वर्ष 12 अगस्त को वैश्विक स्तर पर मनाया जाता है, जो दुनिया के भविष्य को आकार देने में युवाओं के महत्व को रेखांकित करता है। इस वर्ष की थीम, ’’क्लिक से प्रगति तक: सतत विकास के लिए युवाओं की डिजिटल राह’ इस बात पर जोर देती है कि कैसे डिजिटलीकरण हमारी दुनिया को बदल रहा है और सतत विकास में तेजी लाने के लिए अभूतपूर्व अवसर प्रदान कर रहा है। मोबाइल उपकरण, सेवाएं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी डिजिटल प्रौद्योगिकियां सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को आगे बढ़ाने में सहायक हैं।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...