हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होकर गर्व से आजादी का पर्व मनाएं: उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य है कि सभी लोग अपने घरों में तिरंगा फहराकर आजादी का जश्न मनाएं। जिस प्रकार देश के प्रधानमंत्री एवं अन्य विशिष्टजन ध्वजारोहण करते हैं उसी प्रकार प्रत्येक नागरिक अपने घर में झण्डा फहराकर आजादी के पर्व में उत्साह से शामिल हों। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल आज रीवा में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने तिरंगा लेकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी तिरंगा यात्रा में सहभागिता निभाई। तिरंगा यात्रा कालेज चौराहा होकर मानस भवन के सामने से शिल्पी प्लाजा होते हुए मार्तण्ड स्कूल क्रमांक तीन के ग्राउण्ड में समाप्त हुई।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत पुलिस विभाग द्वारा आयोजित बाइक रैली को उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने पुलिस लाइन से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उप मुख्यमंत्री स्वयं भी खुली जीप में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। सांसद जनार्दन मिश्र, आईजी एमएस सिकरवार, डीआईजी एसपी पाण्डेय, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, सीईओ जिला पंचायत डॉ सारैभ सोनवणे सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल के सदस्य शामिल हुए।

 

राहतगढ़ वॉटरफॉल प्रदेश में प्राकृतिक सुंदरता में नाम स्थापित करेगा: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

राहतगढ़ वॉटरफॉल बुंदेलखंड के साथ-साथ संपूर्ण मध्यप्रदेश में प्राकृतिक सुंदरता में अपना नाम स्थापित करेगा। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने यह विचार सुरखी विधानसभा क्षेत्र के राहतगढ़ में वाटरफॉल में सौंदर्यीकरण एवं विश्राम गृह, कैंटीन के लोकार्पण के अवसर पर व्यक्त किये। कैंटीन में क्षेत्र वासियों के साथ नाश्ता भी किया।

मंत्री राजपूत ने कहा कि बुंदेलखंड सहितसंपूर्ण प्रदेश से पर्यटक राहतगढ़ वॉटरफॉल को निहारने के लिए आएंगे। उन्होंने कहा कि यहां सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मंत्री राजपूत ने कहा कि वाटरफॉल में विश्रामगृह, कैंटीन, बच्चों के लिए खेल सामग्री, फोटोग्राफी के लिए सेल्फी प्वाइंट, घुड़सवारी की व्यवस्था, सुलभ कंपलेक्स की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि वाटरफॉल परिसर में बाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस वॉटरफॉल में राष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं और भी जो जरूरत होगी, उसे पूरा किया जाएगा। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि शीघ्र ही वॉटर स्पोर्ट्स की गतिविधियां भी प्रारंभ होंगी।

मंत्री राजपूत ने पर्यटन स्थल पर साफ सफाई को लेकर कैंटीन, विश्रामगृह के कर्मचारियों सहित क्षेत्रवासियों एवं आम जनों से अपील करते हुए कहा कि यह सुंदर पर्यटन स्थल तब तक ही सुंदर रहेगा, जब तक हम इसकी साफ सफाई पर ध्यान देंगे। इसलिए हर व्यक्ति साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। साफ-सफाई के लिए यहां जगह-जगह डस्टबिन रखे गए हैं, इसका इस्तेमाल आप सभी करें।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री राजपूत राहतगढ़ में तिरंगा रैली में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी देश की पहचान एवं शान है। इस दौरान स्थानीय जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

नगरीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के मानदेय में होगी 20 प्रतिशत की वृद्धि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सभी नगरीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के मानदेय में 20 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास में रक्षाबंधन की थीम पर आयोजित देवी अहिल्याबाई होल्कर-महिला जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित करते कहा कि अगले महीने से इसका लाभ सभी महापौर, अध्यक्ष, सभापति, उपाध्यक्ष और पार्षदों को मिलेगा। नगर पालिका निगम के महापौर का मानदेय 22 हजार रुपए से बढ़कर 26 हजार 400 रुपए, उपाध्यक्ष का मानदेय 18 हजार से बढ़कर 21 हजार 600 रुपए और पार्षद का मानदेय 12 हजार से बढ़कर 14 हजार 400 रुपए प्रतिमाह हो जाएगा। नगरपालिका अध्यक्ष का मानदेय 6 हजार से बढ़कर प्रतिमाह 7 हजार 200 रुपए, उपाध्यक्षों का मानदेय 4 हजार 800 से बढ़कर 5 हजार 760 रुपए प्रति माह होगा और पार्षद का मानदेय 3 हजार 600 से बढ़कर 4 हजार 320 प्रति माह होगा। नगर परिषद के अध्यक्ष 4 हजार 800 के स्थान पर 5 हजार 760 रुपए, उपाध्यक्ष 4 हजार 200 के स्थान पर 5 हजार 40 रुपए और पार्षद 2 हजार 800 रुपए प्रति माह के स्थान पर 3 हजार 360 रुपए प्रतिमाह प्राप्त करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हस्तांतरणीय विकास अधिकार (टीडीआर) वेब एप्लीकेशन का लोकार्पण भी किया और सर्टिफिकेट जनरेशन प्रक्रिया की शुरूआत की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नगरीय निकायों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। करों व शुल्कों के माध्यम से स्वयं की आय में अपने संभाग में सबसे अधिक वृद्धि करने वाली नगर पालिका को 5 करोड़ रुपए तथा नगर परिषद को 2 करोड़ रुपए प्रतिवर्ष प्रोत्साहन के रूप में दिए जाएंगे। इस राशि का उपयोग पार्षद निधि के रूप में जन-प्रतिनिधियों द्वारा अपनी अनुशंसित अधोसंरचनात्मक कार्यों पर किया जायेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जेंडर बजट तैयार कर माता-बहनों की सुरक्षा व सुविधा के लिए अनुपूरक बजट में विशेष प्रावधान किये जा रहे हैं, जिसके अंतर्गत सीसीटीवी परियोजना, महिलाओं के लिए स्थानीय परिवहन हेतु सिटी बस में विशेष प्रावधान और विशेष पिंक टॉयलेट आदि की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही महिला उद्यमियों के लिए निकायों में प्राथमिकता वाले विशेष प्रावधान और हितग्राही मूलक योजनाओं में महिलाओं का नाम अंकित करना जैसी योजनाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष-2025 को प्रदेश उद्योग आधारित वर्ष के रूप में मनाने वाला है। अत: लघु-कुटीर उद्योग, महिला स्व-सहायता समूह और एमएसएमई को मिलाकर महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी दिशा में प्रतिमाह रीजनल इन्वेस्टर समिट आयोजित की जा रही है़। अगस्त माह में ग्वालियर, सितंबर में सागर और अक्टूबर में रीवा में इन्वेस्टर समिट होंगी। संपूर्ण प्रदेश में महिला आधारित उद्योगों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने 300 वर्ष पहले महेश्वरी साड़ी उत्पादन की शुरुआत कर स्व-रोजगार की दिशा में प्रभावी कदम उठाया था। इसी प्रकार महिला जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सशक्त भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में रक्षाबंधन की गतिविधियों के साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा आरंभ तिरंगा अभियान में भी हर संभव योगदान दें। यह सुनिश्चित करें कि हर घर पर तिरंगा लगे, यह स्वतंत्रता सेनानियों को वास्तविक श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को अखंड भारत दिवस को पूर्ण गरिमा के साथ मनाया जाए। हर जिले में स्थापित पुलिस बैंड को जोड़ते हुए 15 अगस्त पर भव्य और उल्लास पूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही जिलों में होने वाले शासकीय कार्यक्रमों में पुलिस बैंड को जोड़ते हुए कार्यक्रमों को गरिमा पूर्ण तरीके से आयोजित किया जाए। प्रदेश में जन्माष्टमी भी धूमधाम से मनाने का प्रबंध किया जाए। सभी नगरीय निकायों में समाज को साथ जोड़ते हुए कार्यक्रम हों। जन्माष्टमी पर माता-बहनों और बच्चों पर केंद्रित गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर ग्वालियर, सतना और रीवा में 24 मीटर से अधिक चौड़ी सड़कों का चौड़ीकरण करने के लिए भूमि अधिग्रहीत करने पर मुआवजा प्रदान किया जाएगा। यह अधिकार विस्तार सभी 16 नगर निगमों में किया जाएगा। नगर निगम को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रावधान किये जा रहे हैं। इसमें एफएआर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। नगर निगम को नगरीय विकास के लिए आर्थिक रूप से अधिक सशक्त किया जाएगा। इससे निगम अपनी आय के साधन भी सृजित कर सकेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय संस्कृति में त्यौहार और पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय परम्परा में मातृ-सत्ता का स्थान सदैव पूजनीय और महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का सरोकार अपनी संस्कृति के साथ होना चाहिए, इसी क्रम में सरकार ने तय किया है कि सभी तीज त्यौहारों के आयोजन में सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में बहनों द्वारा राखी बांधने पर उन्होंने बहनों का आभार माना।

नगरीय विकास एवं शहरी आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारी सरकार नारी सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। मध्यप्रदेश में सबसे पहले नगरपालिकाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। महिला जन प्रतिनिधि, महिलाओं के आत्मविश्वास और आत्मसम्मान के लिए समर्पित होकर कार्य करें और नारी सशक्तिकरण की सभी योजनाओं में प्रदेश को देश में नम्बर वन बनाएं। सम्मेलन को सांसद वी.डी. शर्मा तथा राज्य मंत्री बागरी ने भी संबोधित किया। समारोह में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके, राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, भोपाल की महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहीं।

प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश, स्वच्छ भारत अभियान में देश में सर्वश्रेष्ठ है। प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, दीनदयाल अंत्योदय योजना, स्मार्ट सिटी परियोजना में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में नगरीय निकायों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्या-पूजन और दीप प्रज्ज्वलित कर तथा देवी अहिल्या के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास आईं बहनों का पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया, उनसे राखी बंधवाई तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यक्रम में पहुंचने पर ढोल ढमाके और नृत्य के बीच तिलक कर उनका स्वागत किया गया। उत्सवपूर्ण माहौल में आयोजित सम्मेलन में लगाए गए राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, पीएम स्वनिधि और स्व-सहायता समूह के उत्पादों की प्रदर्शनी मेले का आभास दे रही थी। बहनों के लिए जहां एक और राखी, श्रृंगार सामग्री, खाद्य सामग्री, सलवार सूट-साड़ियों के स्टॉल लगाए गए थे, वहीं आलता और मेहंदी लगवाने की भी व्यवस्था थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और मंत्री विजयवर्गीय ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर महिला उद्यमियों से चर्चा भी की।

 

भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी का विंध्य एकता परिषद मध्यप्रदेश द्वारा किया गया भव्य स्वागत

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक भगवानदास सबनानी के प्रयासों से भोपाल से रीवा के मध्य नई ट्रेन को मंजूरी मिल गई है। ट्रेन सप्ताह में दो दिन भोपाल से रीवा और रीवा से भोपाल के मध्य 2 अगस्त से संचालित भी हो गई है। विंध्य एकता परिषद वर्षों से भोपाल से रीवा के मध्य एक नई ट्रेन संचालित करने का मांग कर रहा था। भोपाल से रीवा के मध्य नई ट्रेन चलाने की सफलता मिलने पर विंध्य एकता परिषद मध्यप्रदेश के तत्वाधान में भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी का सम्मान समारोह एवं सावन महोत्सव आयोजित किया गया। भोपाल के शिवाजी नगर स्थित सिंधु भवन में आयोजित सम्मान समारोह और सावन महोत्सव में विंध्य क्षेत्र के हजारों नागरिकों ने भाग लिया। आयोजन में विधायक सबनानी का विंध्य एकता परिषद द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय विंध्य एकता परिषद द्वारा भोपाल से रीवा के मध्य नई रेल की मांग की गई थी। मेरा सौभाग्य है कि भोपाल-रीवा नई ट्रेन के भागीरथी प्रयास का मैं सहायक बन सका। नई ट्रेन के संचालन के लिए विंध्यवासियों के साथ हम सभी प्रदेशवासी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार प्रकट करते हैं। दो अगस्त को भोपाल से रीवा नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के लिए मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भी हृदय से आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने कहा कि विंध्यवासियों की वर्षों पुरानी मांग को भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने सुना और सौगात दी। नई रेल के शुरू होने से भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में निवासरत हजारों विंध्य वासियो की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। सबनानी ने कहा कि हम सभी के सामूहिक प्रयास से भोपाल-रीवा के लिए एक और ट्रेन मिली। भाजपा का नेतृत्व सदा ही जनता की समस्याओं को लेकर संवेदनशील रहा है।

विंध्य एकता परिषद की प्रदेश अध्यक्ष वंदना त्रिवेदी ने कहा कि विंध्य वासियां की बरसों पुरानी मांग को विधायक भगवानदास सबनानी ने गंभीरता से लेते हुए एक अतिरिक्त ट्रेन दिलाने में जो सहायता की है उसके लिए हम सब सबनानी के ऋणी रहेंगे। कार्यक्रम में विंध्य एकता परिषद की प्रदेश अध्यक्ष वंदना त्रिवेदी, पार्षद व महापौर परिषद के सदस्य आरके सिंह बघेल, महेश शर्मा, डॉ. लालजी मिश्रा, सीएम पटेल, रामकिशोर त्रिपाठी, सुनील पांडेय, प्रमोद उपाध्याय, शैलेंद्र पाठक, सहित बड़ी संख्या में विंध्य निवासी उपस्थित रहे।

देश भर में महिलाओं और बच्चों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग आवश्यक : अन्नपूर्णा देवी

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यों में महिला एवं बाल विकास/सामाजिक कल्याण मंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रशासकों/उपराज्यपालों के साथ अपनी पहली राष्ट्रीय स्तर की बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में 28 में से 21 राज्य मंत्रियों ने भाग लिया, जिसमें महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के तहत जारी कार्यक्रमों की प्रगति और विभिन्न प्रमुख पहलों के लिए भविष्य की कार्यनीतियों की समीक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया।

बैठक के दौरान, अन्नपूर्णा देवी ने यह सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच सहयोगात्मक प्रयासों के महत्व पर जोर दिया कि इन पहलों का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे। उन्होंने मिशन सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण 2.0, मिशन वात्सल्य और मिशन शक्ति के तहत मंत्रालय के प्रमुख कार्यक्रमों को विशेष रूप से रेखांकित किया।

अन्नपूर्णा देवी ने कहा, “हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हमारे प्रयासों का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे, जिसके लिए राज्यों के साथ मिलकर काम करना जरूरी है। इससे न केवल राज्यों का विकास होगा बल्कि हमारे देश की समग्र प्रगति में भी योगदान मिलेगा, जो प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप है।’’

अन्नपूर्णा देवी ने सभी राज्य मंत्रियों और प्रशासकों/उपराज्यपालों से इन मिशनों के कार्यान्वयन को बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार के साथ सक्रिय रूप से सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने और पूरे देश में महिलाओं और बच्चों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए ऐसा सहयोग आवश्यक है।

राज्यों के मंत्रियों ने अपने-अपने राज्यों में महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण तथा कल्याण की दिशा में किए जा रहे विशिष्ट प्रयासों को रेखांकित किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के स्तर पर की गई भागीदारी की सराहना की और कहा कि इससे राज्यों में तीनों मिशनों के कार्यान्वयन को गति मिलेगी, साथ ही उनके जारी प्रयासों की सराहना की। केंद्रीय मंत्री ने उन्हें अपने स्तर पर समय-समय पर निरंतर भागीदारी का आश्वासन दिया।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय एक समावेशी माहौल को बढ़ावा देने और देश में महिलाओं तथा बच्चों के सशक्तिकरण और कल्याण का समर्थन करने वाली नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

राष्‍ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा- नीट पीजी-2024 देश भर के 170 शहरों में सफलतापूर्वक आयोजित

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पीजी 2024 का आयोजन भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के एक स्वायत्त निकाय राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पीजी 2024 का आयोजन 170 शहरों में फैले 416 केंद्रों पर दो पालियों में किया गया था। परीक्षा एक ही दिन में दो पालियों में आयोजित की गई थी ताकि परीक्षा के लिए सर्वश्रेष्ठ और प्रतिष्ठित केंद्रों का चयन किया जा सके। राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) द्वारा 2,28,540 परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। जहां तक संभव हो, अभ्यर्थियों को उनके राज्यों के भीतर परीक्षा केन्द्र आवंटित किए गए थे।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पीजी 2024 के सुरक्षित और सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए, राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने दिल्ली में अपने द्वारका कार्यालय में एक केंद्रीय नियंत्रण केंद्र स्थापित किया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) का शासी निकाय, कार्यकारी निदेशक राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) के अधिकारियों ने अपनी टीमों के साथ परीक्षा के सुचारु संचालन पर कड़ी नजर रखी।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पीजी 2024 के संचालन की निगरानी के लिए परीक्षा केंद्रों पर 1,950 से अधिक स्वतंत्र मूल्यांकनकर्ता और 300 उड़न दस्ते के सदस्यों को प्रतिनियुक्त किया गया था।

परीक्षा के बारे में किसी भी गलत सूचना को रोकने के लिए, राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने सोशल मीडिया की बारीकी से निगरानी की और यह सुनिश्चित किया कि हितधारकों को केवल प्रामाणिक जानकारी दी जाए।

विभिन्न एजेंसियों के बीच घनिष्ठ समन्वय के साथ-साथ बढ़े हुए सुरक्षा उपायों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पीजी 2024 के सुरक्षित और सुचारु संचालन को सुनिश्चित किया है, जिससे इस परीक्षा की विश्वसनीयता बनी हुई है।

 

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल करेंगे प्रदेशव्यापी “इंडिया फ़ाइट्स एचआईवी एंड एसटीआई” अभियान का शुभारंभ

मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा राज्य स्तरीय सघन जागरूकता प्रदेशव्यापी “इंडिया फ़ाइट्स एचआईवी एंड एसटीआई” अभियान का संचालन किया जा रहा है। उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस आज समन्वय भवन, भोपाल में अपराह्न 4 बजे प्रदेश व्यापी जागरूकता अभियान का शुभारंभ करेंगे। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल भी शामिल होंगे।

अभियान में मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा आज से 12 अक्टूबर 2024 (2 माह) तक प्रदेश व्यापी सघन जागरूकता अभियान “इंडिया फ़ाइट्स एचआईवी एंड एसटीआई” संचालित किया जायेगा। अभियान का उद्देश्य जनसामान्य विशेष रूप से 15 से 49 वर्ष आयुवर्ग के युवाओं के बीच एचआईवी-एड्स की जागरूकता बढ़ाना है, जिससे वे अपनी सुरक्षा के प्रति सचेत हो सकें। साथ ही राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत जाँच एवं उपचार सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। अभियान में एचआईवी संक्रमित एवं प्रभावित व्यक्तियों के प्रति भ्रांतियों को दूर करने के प्रयास भी किये जायेंगे, जिससे भेदभाव को रोका जा सके।

अभियान में ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के स्टाफ तथा एनजीओ, एनएसएस आदि के सहयोग से ग्राम सभाओं में तथा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवसों के दौरान जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थाओ में जागरूकता गतिविधियां संचालित होंगी। मध्यप्रदेश के प्राथमिकता के 10 जिलों भोपाल, बड़वानी, खरगोन, धार, सतना, श्योपुर, जबलपुर, ग्वालियर, शिवपुरी एवं रतलाम में अभियान का विशेष फोकस रहेगा। शहर की घनी बस्तियों में जागरूकता गतिविधियों के साथ संचार के विभिन्न माध्यमों का जागरूकता गतिविधियों के संचालन में प्रयोग किया जायेगा।

 

 

मंडला से भी प्रारम्भ होगी पीएमश्री वायु सेवा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने मंडला प्रवास के दौरान अनेक सौगातें देते हुए ग्वारा में हवाई पट्टी विकसित करने के लिए 6 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मंडला से भी शीघ्र ही पीएमश्री वायुसेवा प्रारंभ की जाएगी। साथ ही बम्हनी के महाविद्यालय में पीजी कोर्सेस प्रारंभ किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बम्हनी को उप तहसील से तहसील का दर्जा देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि गेहूं की तरह अब धान की खरीदी पर भी बोनस दिया जायेगा। साथ ही दुग्ध उत्पादक किसानों को भी बोनस राशि दी जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल मंडला जिले के बम्हनी में रक्षाबंधन सह श्रावण उत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंद्र देव के आशीर्वाद के बीच बम्हनी की बहनों का स्नेह और प्यार अद्भुत है। यहां पर हर घर से राखी बंधकर आयी है। यह बहनों का प्यार बड़ा ही स्मरणीय हो गया है। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त को बहनों के खातों में राशि प्रदान की गई है। बात सिर्फ रुपये पैसों की नहीं है, बल्कि बहनों की सुविधाओं की है। बहनें योजना से मिली इस राशि से राखी के अलावा कई सामग्री खरीदती है। परिवार में जब भी रुपये आते है बहनें रुपयों का सदैव सद्उपयोग करना जानती है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। श्रावण मास त्यौहारों की श्रृंखला का पर्व है। उन्होंने कहा कि वे पहले सिर्फ एक विधानसभा की बहनों के साथ राखी पर्व मनाते रहे हैं, अब से पूरा प्रदेश उनका ही परिवार हो गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश रानी दुर्गावती का 500वाँ जन्मदिन मना रहा है। मंडला की धरती पर ऐसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुए हैं जिन्होंने हमेशा इस भूमि की रक्षा की है। यहां की भूमि पर रानी दुर्गावती और अवंती बाई ने मुगलों, पठानों और सुल्तानों से लड़ाईयाँ लड़ी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शंकरशाह व रघुनाथ शाह जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। इस अभियान में सभी नागरिक अपने-अपने घरों पर तिरंगा जरूर फहराए। जो चन्द्रशेखर आज़ाद, भगत सिंह, मंगल पांडे, शंकरशाह, रघुनाथ शाह, रानी दुर्गावती सहित अनेक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को आपकी ओर से श्रृद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राखी बांधने के लिए मंडला जिले की बहनों ने 11 हजार राखियां संग्रहित की, जिन्हें मंच से कार्यक्रम स्थल के छोर तक रेशम की एक डोर से बांधा गया था। इस डोर में बहनों की 11 हजार राखियां बांधी गई थी, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से अपनी ओर खींचा। साथ ही बहनों ने मुख्यमंत्री को आभार देने के लिए 1लाख 11 हजार आभार-पत्र लिखे, जिनका संग्रह मुख्यमंत्री डॉ. यादव को एनआरएलएम की दीदियों ने सौंपा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली लक्ष्मी योजना से आरोही जोगी, एनआरएलएम की लखपति दीदी सुनिता चौहान और मुद्रा योजना से गोरा बाई को लाभान्वित किया। मुख्यमंत्री ने तनुश्री पाठक को अनुकंपा नियुक्ति-पत्र भी प्रदान किया।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि मंडला जिले के हृदय स्थल पर रक्षाबंधन का यह आयोजन गौरवान्वित कर रहा है। बम्हनी कॉलेज में पीजी कोर्स प्रारंभ करने और वायु सेवा प्रारंभ करने की मांग रखी थी, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा पूरी करने की घोषणा कार्यक्रम के दौरान ही की गई। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें मौजूद रही।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मंडला जिले की हवाई पट्टी ग्वारा में “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत तिरंगा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, मंत्री संपतिया उईके और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते तिरंगा रथ में सवार होकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। नागरिकों ने पुष्प-वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह बैंड बाजे, लोक गीत और लोक नृत्य कर यात्रा का स्वागत किया गया।

 

तिरंगा देशभक्ति का जज्बा पैदा करता है, प्रदेशवासी अपने घरों में फहराएं – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित तिरंगा काउंटर से तिरंगा झंडा खरीदकर प्रदेशव्यापी हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने अपने निवास पर तिरंगा ध्वज फहराने के लिए खरीदा और सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी भी ली। भाजपा प्रदेश कार्यालय में बनाए गए काउंटर से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी तिरंगा झंडा खरीदा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भाजपा हर घर तिरंगा अभियान चला रही है। प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ हो गया है। तिरंगा ज्यादा से ज्यादा लोगों के घरों तक पहुंचाया जा सके, इसका पूरा प्रयास भाजपा कर रही है। आज से जिलों में भाजपा द्वारा तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। प्रदेश में 13 अगस्त तक तिरंगा यात्राएं निकालीं जाएंगीं। भाजपा प्रदेश के डेढ़ करोड़ घरों में तिरंगा झंडा फहराया जाए, इसके लिए झंडा लोगों तक पहुंचाने में जुटी है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि तिरंगा देश भक्ति का जज्बा पैदा करता है, सभी प्रदेशवासी तिरंगा अपने-अपने घरों में पहरायें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि डेढ़ करोड़ घरों तक तिरंगा झंडा सुगमता से उपलब्ध हो और लोगों को अपने घरों में फहराने के लिए आसानी से मिल सके, इसके लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय में तिरंगा उपलब्ध कराने काउंटर खोला गया है। यहां आमजनता के साथ भाजपा कार्यकर्ता तिरंगा प्राप्त कर सकते हैं। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के साथ मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार भी लोगों को तिरंगा आसानी से मिल सके, इसके लिए खादी ग्रामोद्योग विभाग के जरिए झंडा उपलब्ध करा रही है। भाजपा प्रदेश कार्यालय के साथ सार्वजनिक स्थानों पर झंडे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। केंद्र सरकार डाकघरों व अन्य माध्यमों से झंडे उपलब्ध करा रही है। भाजपा का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर घर में तिरंगा झंडा फहराया जाए। हर व्यक्ति को फहराने के लिए तिरंगा झंडा उपलब्ध कराने का प्रयास भाजपा कार्यकर्ता कर रहे हैं।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, सांसद रोडमल नागर, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, वरिष्ठ नेता राघवेन्द्र गौतम, शैलेन्द्र शर्मा, पुस्तालय विभाग के प्रदेश संयोजक नीरव प्रधान सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भारत की विशाल तिरंगा यात्रा की तैयारियां जोरों पर

भोपाल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत 14 अगस्त को राजधानी में प्रस्तावित भारत की विशाल तिरंगा यात्रा की तैयारियां जोरों पर है। यात्रा का आयोजन विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा अपनी संस्था कर्मश्री के तत्वावधान में किया गया है। इस यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। मुखर्जी नगर कोलार से संत नगर (बैरागढ़) तक लगभग 30 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का 500 से अधिक स्थानों पर स्वागत किया जाएगा।

यात्रा की तैयारियों को लेकर विधायक रामेश्वर शर्मा और “कर्मश्री” के कार्यकर्ताओं द्वारा वार्डों में, कॉलोनियों में बैठकों का दौर जारी है। रविवार को इसी क्रम में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर कोलार में “कर्मश्री” की एक बड़ी बैठक एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में संपन्न हुई। बैठक में विधायक रामेश्वर शर्मा सहित हजारों की संख्या में संस्था के स्वयंसेवक एवं भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने यात्रा के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि अखंड भारत संकल्प दिवस पर यह यात्रा निकाल रहे हैं। लेकिन इस बार की यात्रा अभी तक की सबसे विशाल यात्रा होने वाली है। इसमें शामिल होने वाले 33 हजार से अधिक दुपहिया वाहनों का अभी तक पंजीयन किया जा चुका है। पंजीयन लगातार जारी है। इस प्रकार यात्रा में 70 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को एक सूत्र में पिरोने और जन मन को राष्ट्रभक्ति से गौरवान्वित करने हेतु हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत हम जो तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं उसमें भोपाल का हर नागरिक शामिल हो ऐसा हमारा आग्रह है। जो प्रत्यक्ष रूप से बाइक पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर निकल सकता है वह पंजीयन कराए। और जो नागरिक यात्रा में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सकते वह यात्रा मार्ग पर अपने घरों के सामने, छतों पर और चौक चौराहों पर अपने हाथों में तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा का स्वागत करेंगे तो वह भी अप्रत्यक्ष रूप तिरंगा यात्रा में सम्मिलित होने की अनुभूति कर सकते हैं। विधायक श्री शर्मा ने समस्त भोपाल वासियों से अपील करते हुए कहा कि आप तिरंगा यात्रा में स्वयं शामिल हों। अपने बच्चों को, परिजनों को, मित्रों को प्रेरित करें और यात्रा में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल होकर भारत माता का अभिनंदन करें।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...