क्षतिग्रस्त सड़कों को चिहिन्त कर एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य सुनिश्चित करें – लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह

लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मंत्रालय में बारिश में क्षतिग्रस्त सड़कों की समीक्षा कर, एक सप्ताह का अभियान चलाकर सड़कों, शोल्डरों एवं पुल-पुलियाओं की मरम्मत करने के निर्देश दिये। उन्होंने विभाग के सभी अधिकारियों को शामिल होकर क्षतिग्रस्त सड़कों को चिहिन्त कर एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

मंत्री राकेश सिंह ने बैठक में यह भी निर्देश दिये कि मरम्मत उपरांत समस्त यंत्रियों से इस आशय का प्रमाण पत्र भी लिया जाये कि उनके क्षेत्र में अब कोई मरम्मत योग्य क्षतिग्रस्त सड़क शेष नहीं है। समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव के.सी.गुप्ता, प्रबंध संचालक सड़क विकास निगम, प्रमुख अभियंता एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

 

विनेश फोगाट ने कुश्ती से लिया संन्यास

भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक में कुश्ती के फाइनल मुकाबले में वजन बढ़ने के कारण कल अयोग्य घोषित किये जाने के बाद खेल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। विनेश फोगाट स्वर्ण पदक के लिए 50 किलोग्राम वर्ग में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले से पहले करीब 100 ग्राम भार अधिक होने के कारण अयोग्य घोषित कर दी गई थीं।

विनेश फोगाट के पेरिस ओलंपिक में महिला कुश्ती के 50 किग्रा भार वर्ग स्पर्धा के फाइनल से अयोग्य घोषित किए जाने के बाद पूरा देश स्तब्ध है। इस बीच भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक में कठिन अनुभव के बाद कुश्ती से संन्यास की घोषणा की है, जहां फाइनल में पहुंचने के बाद उन्हें टूर्नामेंट से अयोग्य घोषित कर दिया गया था।

वहीं गुरुवार की सुबह तड़के सोशल मीडिया पर विनेश ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा: “माँ, कुश्ती मेरे से जीत गई और मैं हार गई। मुझे माफ कर दो। मेरे सपने टूट गए हैं। मेरी हिम्मत टूट गई है। अब मुझमें और ताकत नहीं है। अलविदा कुश्ती। मैं हमेशा तुम्हारा ऋणी रहूगी। माफ करना।”

विनेश दूसरे वेट-इन (फाइनल के दिन) के दौरान वजन मापने में विफल रहीं और उन्हें टूर्नामेंट से अयोग्य घोषित कर दिया गया, जिससे उनका पक्का पदक भी छिन गया। 29 वर्षीय विनेश कुश्ती में ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई थीं। भारत के लिए ओलंपिक पदक जीतने वाली एकमात्र अन्य महिला पहलवान साक्षी मलिक ने रियो 2016 में कांस्य पदक जीता था।

दो बार की ओलंपियन विनेश के नाम तीन कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड, दो विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक और एक एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक है। उन्हें 2021 में एशियाई चैंपियन का ताज भी पहनाया गया था। विनेश प्रतिष्ठित फोगट कुश्ती परिवार से हैं। उनकी चचेरी बहनें गीता, संगीता और बबीता भी पहलवान हैं। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया ने उनकी चचेरी बहन संगीता से शादी की है।

विनेश ने एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में फाइनल में पहुंचकर महिलाओं की 50 किग्रा श्रेणी में अपना पेरिस ओलंपिक कोटा सुरक्षित कर लिया था। उन्होंने सेमीफाइनल में लौरा गनीकीजी को हराया। डब्ल्यूएफआई ने कहा कि वे ओलंपिक ट्रायल आयोजित नहीं करेंगे और कोटा जीतने वाले पहलवान पेरिस में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

इस बीच अमेरिकी रेसलर जॉर्डन बरोज ने विनेश को सिल्वर मेडल देने सहित अंतरराष्ट्रीय कुश्ती महासंघ (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) के नियमों में बदलाव की मांग उठाई है। ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट और छह बार के विश्व चैंपियन जॉर्डन बरोज ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर दो अलग-अलग पोस्ट शेयर करते हुए विनेश का सपोर्ट किया। उन्होंने पहली पोस्ट में लिखा कि विनेश को सिल्वर मेडल दिया जाए।

वहीं दूसरी पोस्ट में अमेरिकी रेसलर ने लिखा- यूडब्ल्यूडब्ल्यू के लिए नियमों में तत्काल ये बदलाव हों- दूसरे दिन 1 किलो बढ़े वजन तक की छूट मिले। वजन-तौल सुबह 8:30 बजे से बढ़ाकर 10:30 बजे हो। भविष्य के फाइनल में अगर विरोधी फाइनलिस्ट वजन कम करने में चूक जाता है तो उसकी हार घोषित हो। सेमीफाइनल में जीत के बाद, दोनों फाइनलिस्ट के मेडल सुरक्षित हों, भले ही दूसरे दिन वजन कम करने में चूक जाएं। गोल्ड मेडल केवल वही पहलवान जीत सकता है जो दूसरे दिन वजन कम रखता है। विनेश को सिल्वर मेडल दिया जाए।

 

संचालनालय एफएमआईएस का पुनर्गठन, 47 नवीन पदों के सृजन एवं पीएमयू गठन का अनुमोदन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा वित्त विभाग के अंतर्गत संचालनालय वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली (एफएमआईएस) के पुनर्गठन एवं 47 नवीन पदों के सृजन तथा नियमों में संशोधन एवं प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पी.एम.यू) के गठन का अनुमोदन किया गया। इससे प्रदेश के वित्तीय प्रबंधन की गुणवत्ता एवं सटीकता में और सुधार होगा। संचालनालय वित्तीय प्रबंध सूचना प्रणाली वर्ष 1980 से अस्तित्व में है। इसके माध्यम से राज्य शासन के आय-व्यय का निरंतर अनुश्रवण, राज्य शासन के मुख्य तथा अनुपूरक बजट,राज्य शासन के नगद शेष का अनुश्रवण, राज्य शासन का ऋण प्रबंधन, महालेखाकार कार्यालय से प्राप्त आय-व्यय के आंकड़ों के आधार पर विभिन्न वित्तीय सूचनाएं एवं विश्लेषण के कार्य संपादित किये जाते हैं। बजट प्रक्रियाओं में निरन्तर परिवर्तन/सुधार तथा वित्तीय संव्यवहारों में अधिक सजगता व सतर्कता की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए वित्तीय प्रबंध सूचना प्रणाली संचालनालय की वर्तमान संगठनात्मक संरचना को सुद्दढ़ किये जाने का निर्णय लिया गया।

मंत्रि-परिषद द्वारा लोकतंत्र सेनानियों के दिवंगत होने पर अंत्येष्टि के लिए प्रदाय की जा रही वर्तमान राशि 8 हजार रूपये में वृद्धि कर 10 हजार रूपये किये जाने एवं दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों की राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि किए जाने की स्वीकृति दी गईं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा 26 जून 2024 को की गई। घोषणा अनुसार के लिए अंत्येष्टि के लिए सहायता राशि में वृद्धि के लिए मध्यप्रदेश लोकतंत्र सेनानी सम्मान नियम 2018 की कंडिका 5(2) में संशोधन तथा राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि किये जाने के लिए नवीन कंडिका 5(3) प्रतिस्थापित की जाने की अनुमति दी गयी।

मंत्रि-परिषद द्वारा मध्यप्रदेश कार्य (आवंटन) नियम में उर्जा विभाग और पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अन्तर्गत वर्तमान प्रविष्टियों के स्थान पर संक्षेपिका के अनुसार प्रविष्टियां प्रतिस्थापित करने की स्वीकृति दी गईं। विभिन्न विभागों की संरचना में परिवर्तन एवं उनके कार्यों का विस्तार होने तथा विभागों का आपस में संविलियन हो जाने से विभागों के क्रियाकलापों में काफी परिवर्तन आया है। अनेक योजनाओं के आरंभ हो जाने के कारण भी विभागों के दायित्व परिवर्तित हुए हैं। तद्‌नुसार परिवर्तनों का समावेश करते हुए मध्यप्रदेश कार्य (आवंटन) नियम में संशोधन कर अद्यतन किये जाने की स्वीकृति दी गयी।

मंत्रि-परिषद द्वारा “मध्यप्रदेश कार्यपालक शासन के कार्य नियम” में संशोधन करते हुए, “कागज़-पत्र” या “अभिलेख” के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख को भी मंजूरी दी गयी।

मंत्रि-परिषद द्वारा बुरहानपुर जेल के आवास गृहों के निर्माण कार्य के लिए 73 करोड़ 44 लाख रूपये तथा 60 पदों के सृजन, उप जेल मऊगंज के आवास गृहों के निर्माण के लिए 19 करोड़ 44 लाख रूपये तथा 33 पदों के सृजन, उप जेल मैहर के उन्नयन के संबंध में पुनर्घनत्वीकरण योजना अंतर्गत नई जेल का निर्माण कराये जाने तथा योजना की डीपीआर का अनुमोदन कर 33 अतिरिक्त पदों के सृजन, जिला जेल अनूपपुर में 60 पदों के सृजन, उप जेल त्यौथर के लिए 31 पदों के सृजन, उप जेल बड़नगर में 31 पदों के सृजन तथा उप जेल गैरतगंज में 31 पदों के सृजन की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गईं।

मंत्रि-परिषद द्वारा शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय रीवा में 02 नवीन संकाय सिविल एवं मैकेनिकल प्रारंभ करने के लिए पदीय संरचना की स्वीकृति प्रदान की गयी। सिविल संकाय में 01 विभागाध्यक्ष एवं 06 व्याख्याता और मैकेनिकल संकाय में 01 विभागाध्यक्ष एवं 06 व्याख्याता के पद शामिल है। इन संकाय के प्रारंभ होने से रीवा अंचल के विद्यार्थियों को तकनीकी रोजगारमूलक शिक्षा का लाभ प्राप्त होगा। प्राकृतिक संपदा से समृद्ध रीवा जिले में स्थित औ‌द्योगिक क्षेत्रों में सीमेंट फैक्ट्रियों की अधिकता है। इन औ‌द्योगिक इकाइयों में सिविल एवं मैकेनिकल संकाय के छात्रों की मांग बनी रहती है। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय रीवा में फॉयर टेक्नालॉजी एण्ड सेफ्टी ब्रांच को यथावत वर्तमान पद स्वीकृति सहित रखा जायेगा। अपेक्षित आवर्ती/अनावर्ती व्यय लगभग 592 लाख रूपये के वित्तीय प्रावधान की स्वीकृति प्रदान की गयी।

 

भाजपा कार्यकर्ता एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत हर बूथ पर करें पौधारोपण – हितानंद

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बुधवार को भोपाल ग्रामीण जिले के बैरसिया विधानसभा के महावीर पैलेस में आयोजित बूथ नेतृत्व सम्मान समारोह में बूथ समतियों को सम्मानित करते हुए कहा कि “मेरा बूथ सबसे मजबूत“ ध्येय के साथ लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए निरंतर परिश्रम की पराकाष्ठा करने वाले भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की ताकत हैं। भाजपा के जिला पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष प्रत्येक बूथ पर जाकर पार्टी के पक्ष में सबसे अधिक मतदान कराने वाली मंडल की तीन बूथ समितियों को सम्मानित करें। सम्मान समारोह को बैरसिया विधायक विष्णु खत्री ने भी संबोधित किया।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर पूरे मध्यप्रदेश सहित देशभर में एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाकर पौधे रोपे जा रहे हैं। भाजपा के कार्यकर्ता हर बूथ पर हैं। बूथ समितियों के सदस्य अपने-अपने बूथ पर अभियान के तहत पौधा रोपें और उनका संरक्षण व संवर्धन की चिंता करें।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘मन की बात कार्यक्रम’ को भाजपा हर बूथ पर सुचारू रूप से जनता के साथ हर बूथ पर सुनने की व्यवस्था की जाए। बूथ क्षेत्र के तहत आने वाले गणमान्य व्यक्तियों, स्थानीय लोगों, सामाजिक व अन्य संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ मन की बात कार्यक्रम सुनिश्चित करना है। मन की बात कार्यक्रम में समसामयिक, मध्यप्रदेश सहित देशभर के विभिन्न मुद्दों पर प्रधानमंत्री प्रकाश डालते हैं, दृष्टिकोण रखते हैं।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, जिला अध्यक्ष केदार सिंह मंडलोई, विधानसभा प्रभारी अखिलेश आर्य, पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह मीणा सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पस्थित रहे।

चालू वित्त वर्ष में 31 जुलाई तक 2.60 लाख टन प्याज का निर्यात किया गया

चालू वित्त वर्ष 2024-25 में 31 जुलाई, 2024 तक कुल 2.60 लाख टन प्याज का निर्यात किया जा चुका है। इसके अलावा, सरकार ने मूल्य स्थिरीकरण बफर के लिए राष्‍ट्रीय उपभोक्‍ता सहकारी संघ और नैफेड के माध्यम से मुख्यतया महाराष्ट्र से 4.68 लाख टन प्याज प्राप्‍त किया है। केन्द्र सरकार ने 4 मई, 2024 से प्याज निर्यात प्रतिबंध हटा लिया है और 550 अमेरिकी डॉलर प्रति मीट्रिक टन के न्यूनतम निर्यात मूल्य (एमईपी) और 40 प्रतिशत निर्यात शुल्क के साथ निर्यात की अनुमति दी है।

उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अनुसार पिछले वर्ष (2023) की तुलना में, चालू वर्ष में प्याज उपजाने वाले किसानों द्वारा प्राप्त मूल्य बहुत अधिक रहा है। अप्रैल से जुलाई, 2024 के बीच महाराष्ट्र में प्याज की औसत मासिक मंडी मॉडल कीमतें 1,230 रुपये से 2,578 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहीं, जबकि पिछले वर्ष (2023) इसी अवधि के लिए यह 693 रुपये से 1,205 रुपये प्रति क्विंटल थी। चालू वर्ष में बफर के लिए प्याज का औसत खरीद मूल्य 2,833 रुपये प्रति क्विंटल था, जो पिछले साल के 1,724 रुपये प्रति क्विंटल के खरीद मूल्य से 64 प्रतिशत अधिक है।

उल्लेखनीय है कि भारत प्याज का शुद्ध निर्यातक है और निर्यात से आय उपार्जन करता है। पिछले तीन वर्षों में भारत द्वारा अर्जित शुद्ध निर्यात मूल्य वर्ष 2021-22 में 3,326.99 करोड़ रुपये, वर्ष 2022-23 में 4,525.91 करोड़ रुपये और वर्ष 2023-24 में 3,513.22 करोड़ रुपये था।

उद्योगों के सहयोग से मध्यप्रदेश और देश सभी क्षेत्रों में बढ़ेगा आगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश निवेश प्रोत्साहन के लिये बेंगलुरु में आयोजित “राउंड टेबल सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट ऑपर्च्युनिटी इन मध्यप्रदेश” में उद्योगपतियों से संवाद करते हुए कहा कि उद्योगों की स्थापना और उद्यमियों को प्रोत्साहन से मध्यप्रदेश सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। इसमें उद्योगों का अहम योगदान रहा है। उद्योगों के सहयोग से ही मध्यप्रदेश और भारत प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना का साकार करेगा। बेंगलुरू में राउंड टेबल सेशन में मध्यप्रदेश में उद्योगों के लिये अवसर, संभावनाओं और नीतियों पर उद्योगपतियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें उद्योगपतियों ने अपने अनुभव साझा किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्योगपतियों के साथ नेटवर्किंग डिनर भी किया।

राउंड टेबल सेशन में चेयरमैन नैसकॉम और सीईओ कॉग्निजेंट राजेश नांबियार ने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योगों के लिए पर्याप्त अवसर मौजूद हैं। सुकून और शांति के टापू मध्यप्रदेश में उनकी कंपनी निश्चित ही उद्योग स्थापित करेंगी।

इंफोसिस की ग्लोबल डिलीवरी हेड बिंदिया राज ने कहा कि प्रदेश के लोकल टेलेंट को निखारने और रोजगार देने के लिए मध्यप्रदेश में एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। राकुटेन सिंफनी के एमडी राहुल अत्री ने कहा कि इंदौर क्लीनेस्ट सिटी होने के साथ ही उत्पादन हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

राउंड टेबल सेशन में शामिल उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को आश्वस्त किया कि वे सभी मध्यप्रदेश में उद्योग स्थापित करने में सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रहे हैं। जल्द ही प्रदेश में उनकी कम्पनियाँ विभिन्न क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करेगी। उद्योगपतियों ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में वर्तमान में उद्योगों विस्तारित करने, उद्योगों को लगाने में प्रशासनिक तौर पर सहयोग देने, उद्योग लगाने में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिये सरकार की तत्परता को देखते हुए उद्योग लगाने के लिये मध्यप्रदेश में अनुकूल माहौल बना है। उद्योगपतियों ने राउंड टेबल सेशन में अधोसंरचना, इको सिस्टम, इंजीनियरिंग, रिसर्च, स्किल डेवलेपमेंट आदि विषयों पर विचार रखें और सुझाव भी दिए।

 

मनु भाकर पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीतकर लौटीं स्वदेश, जोरदार हुआ स्वागत

भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर पेरिस ओलंपिक 2024 में दो पदक जीतने के बाद स्वदेश लौट आई हैं। उनका राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके प्रशंसकों तथा युवा कार्य और खेल मंत्रालय के अधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मनु भाकर व उनके कोच जसपाल राणा का भव्य स्वागत किया और दोनों को फूल-मालाओं से लाद द‍िया। लोग मनु भाकर के साथ सेल्फी ले रहे थे। भव्य स्वागत पर मनु भाकर बहुत खुश दिख रही थीं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह बहुत खुश हैं। लोगों का इतना प्यार मिल रहा है।

उल्लेखनीय है कि 22 वर्षीय मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। मनु ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का पेरिस ओलंपिक में खाता खोला था। इसके बाद उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में सरबजोत सिंह के साथ मिलकर कांस्य पदक जीता।

इससे वह एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली भारतीय बन गईं। इसके बाद उनके पास तीसरा ओलंपिक पदक जीतकर एकमात्र भारतीय बनने का इतिहास रचने का मौका था लेकिन महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में वह मामूली अंतर से चूक गईं थीं और चौथे स्थान पर रही थीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तेजस में बैठकर खुद को गौरवान्वित महसूस किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बेंगलुरू पहुँचते ही हिन्दुस्तान एयरोनॉटिकल लिमिटेड का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वदेशी तकनीक से निर्मित लाइट कॉम्बेट एयरक्राफ्ट तेजस में बैठकर खुद को गौरवान्वित महसूस किया। मुख्यमंत्री ने एचएएल द्वारा निर्मित कई विमान एवं हेलीकॉप्टर के निर्माण एवं कार्य पद्धति को समझा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एचएएल की देश में कई स्थानों पर यूनिट्स है। मध्यप्रदेश सरकार की मंशा है कि एचएलए द्वारा एयरोस्पेस एवं रक्षा में से किसी एक डेवलपमेंट विंग की प्रदेश में स्थापना हो। मध्यप्रदेश सरकार इसकी स्थापना के लिये भूमि सहित समस्त आधारभूत सुविधाएँ सिंगल विंडो से सारी कार्यवाही त्वरित गति से पूरी करवायेगा। यूनिट स्थापना के लिये एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की भी जायेगी, जिससे सम्पूर्ण प्रक्रिया आसानी से की जा सके।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव एचएएल के इक्विपिंग एवं फाइनल असेंबली का अवलोकन किया। उन्होंने एलसीए एयरक्राफ्ट के मैन्युफैक्चरिंग सीक्वेंस को समझा। साथ ही स्ट्रक्चरल, असेंबली, कपलिंग इक्विपिंग एवं टेस्टिंग के चरणों को जाना। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एयरक्राफ्ट को जानने की उत्सुकता और गौरव के पल को महसूस करने के लिये स्वयं तेजस एयरक्राफ्ट में बैठे और उसकी सुरक्षा तथा मारक क्षमता की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ध्रुव हेलीकॉप्टर में बैठकर पायलट से हेलीकॉप्टर की खूबियों को जाना। उन्होंने एच.ए.एल. के अधिकारी एवं कर्मचारियों को स्वदेशी तकनीक से एयरक्राफ्ट एवं रक्षा उपकरण बनाने के लिये बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एचएएल द्वारा स्वदेशी तकनीक से निर्मित विमान और सुरक्षा उपकरणों से भारतीय नौसेना की क्षमता में वृद्धि हुई, जो प्रत्येक भारतीय के लिये गौरव का विषय है। साथ ही विजिटर बुक में एंट्री भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को एच.ए.एल. के चेयरमेन और मैनेजिंग डायरेक्टर श्री सी.बी. कृष्ण अनंत तेजस लड़ाकू विमान की प्रतिकृति सम्मान स्वरूप भेंट की।

एचएएल भारत सरकार का सार्वजनिक क्षेत्र का विशिष्ट उपक्रम है। इस उपक्रम में एयरोनॉटिकल एवं रक्षा क्षेत्र में उपयोगी उत्पादों का निर्माण किया जाता है। यह स्वदेशी सैन्य तथा विमानों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान करता है।

 

देश के पश्चिमी, उत्‍तर-पश्चिमी, मध्‍य तथा उत्‍तर-पूर्वी क्षेत्रों में इस सप्‍ताह हल्‍की से तेज बारिश होने की संभावना

देश के पश्चिमी, उत्‍तर-पश्चिमी, मध्‍य तथा उत्‍तर-पूर्वी क्षेत्रों में इस सप्‍ताह हल्‍की से तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार जम्‍मू-कश्‍मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्‍तराखंड और राजस्‍थान में अगले सात दिनों के दौरान तेज बारिश हो सकती है। इस अवधि में उत्‍तर प्रदेश, पंजाब, हरियाण, चंडीगढ और दिल्‍ली में कहीं-कहीं हल्‍की या तेज वर्षा होने की संभावना है।

कोंकण, गोवा और गुजरात में भी बारिश बौंछारे पड सकती हैं। मध्‍य महाराष्‍ट्र, मराठवाडा, सौराष्‍ट्र और कच्‍छ में भी बारिश का असर देखा जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान असम और मेघालय में कुछ स्‍थानों में तेज वर्षा हो सकती है।

यूट्यूब और गूगल के साथ सहयोग करने से विमानन क्षेत्र में दक्षता और नवाचार में वृद्धि होगी – राममोहन नायडू

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने कल नई दिल्ली में यूट्यूब के ग्लोबल हेड नील मोहन, गूगल एशिया प्रशांत क्षेत्र के प्रमुख संजय गुप्ता, सरकारी मामलों के एमडी श्रीनिवास रेड्डी और यूट्यूब सरकारी मामलों के ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट लेस्ली मिलर के साथ विस्तृत चर्चा की। मंत्री महोदय ने इस ऐतिहासिक बैठक में नागर विमानन और शासन की उन्नति के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने का लक्ष्य रखा है।

इस बैठक के दौरान नेताओं ने शासन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की बढ़ती भूमिका पर विचार-विमर्श किया और गूगल के ऐसे नवोन्मेषी समाधानों की खोज की जो एआई का उपयोग करके शासन को बेहतर बना सकते हैं। राममोहन नायडू ने नागर विमानन क्षेत्र में प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने, दक्षता में सुधार करने और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए एआई की क्षमता पर जोर दिया।

राममोहन नायडू ने इस सहयोग के सकारात्मक परिणामों के बारे में आशा व्यक्त करते हुए कहा, “शासन और नागर विमानन में एआई और प्रौद्योगिकी के एकीकरण में अपार संभावनाएं हैं। यूट्यूब और गूगल जैसी प्रौद्योगिकी दिग्गजों के साथ मिलकर काम करके, हम एक अधिक कुशल, सूचित और नवीन विमानन क्षेत्र बना सकते हैं जो सभी को लाभान्वित करेगा।”

यूट्यूब के ग्लोबल हेड नील मोहन ने यूट्यूब की कंटेंट क्रिएशन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि पर प्रकाश डाला, जो दुनिया भर में अरबों लोगों को शिक्षित करने और उनका मनोरंजन करने में सहायक रही है। उन्होंने प्रभावशाली कंटेंट क्रिएशन के महत्व पर जोर दिया, जो विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता और ज्ञान को बढ़ावा दे सकती है।

राममोहन नायडू ने इस अवसर का उपयोग नागर विमानन के बारे में अधिक जागरूकता और ज्ञान फैलाने में यूट्यूब के सहयोग का अनुरोध करने के लिए किया है। उन्होंने एक ऐसी साझेदारी की कल्पना की, जिसमें यूट्यूब जनता को विमानन क्षेत्र की पेचीदगियों और उन्नति के बारे में शिक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके, जिससे अधिक सूचित और सक्रिय दर्शकों को बढ़ावा मिले।

इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री ने गूगल से विमानन से संबंधित स्टार्टअप के लिए सहयोग के अवसरों का पता लगाने का आग्रह किया। उन्होंने विमानन उद्योग के सामने आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला और इन समस्याओं के समाधान के लिए अभिनव समाधान विकसित करने में गूगल की विशेषज्ञता मांगी। संभावित साझेदारी का उद्देश्य उन स्टार्टअप का समर्थन करना है जो अत्याधुनिक तकनीक और अभिनव दृष्टिकोणों के माध्यम से विमानन क्षेत्र के विकास और विकास में योगदान दे सकते हैं।

यह बैठक इन सहयोग के अवसरों का पता लगाने और अभिनव समाधानों को लागू करने की दिशा में काम करने के लिए आपसी समझौते के साथ संपन्न हुई, जो नागर विमानन और शासन के भविष्य को आगे बढ़ा सकते हैं।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...