पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट अयोग्य घोषित, अब नहीं खेल पाएंगी फाइनल

कुश्ती के मैदान में भारत की पदक की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को बुधवार को 50 किलोग्राम भार वर्ग में महिला कुश्ती स्पर्धा से अयोग्य घोषित कर दिया गया।

विनेश का स्वर्ण पदक के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका की पहलवान सारा एन हिल्डब्रैंड से मुकाबला था। यह मुकाबला देर रात 12:30 बजे (आठ अगस्त) खेला जाना था। इससे पहले विनेश फोगाट ने मंगलवार रात सेमीफाइनल में क्यूबा की युस्नेलिस गुजमैन लोपेज को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक मुकाबले में प्रवेश किया था।

लेकिन आज ओवरवेट की वजह से उन्हें अयोग्य घोषित किया गया है। 50 किलोग्राम भार वर्ग की महिला कुश्ती प्रतिस्पर्धा में विनेश का वजन 50 किलोग्राम से कुछ ज्यादा पाया गया है। इस वजह से वह अब कुश्ती का फाइनल मुकाबला नहीं खेल पाएंगी।

इस संबंध में भारतीय ओलंपिक संघ ने कहा है कि भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को अधिक वजन के कारण महिला कुश्ती 50 किलोग्राम से अयोग्य घोषित कर दिया गया। यह खेदजनक है कि भारतीय दल विनेश फोगाट को महिला कुश्ती 50 किग्रा वर्ग से अयोग्य घोषित करने की खबर साझा कर रहा है।

भारतीय ओलंपिक संघ ने यह भी कहा कि रात भर टीम द्वारा किए गए बेहतरीन प्रयासों के बावजूद, आज सुबह उनका वजन 50 किग्रा से कुछ ग्राम अधिक पाया गया। दल द्वारा इस समय कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी। भारतीय दल आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करता है।

उल्लेखनीय है कि विनेश फोगाट भारत की पहली महिला रेसलर थीं जो फाइनल में पहुंची थीं। इस मुकाबले के लिए अयोग्य घोषित होने से पहले उनसे पूरी उम्मीद की जा रही थी कि वे भारत की झोली में एक गोल्ड मेडल जरूर लाकर देंगी। इससे पहले मंगलवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में विनेश फोगाट ने यूक्रेन की उकसाना लिवाच को 7-5 से हराया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में विनेश ने पहले पीरियड में 2-0 की बढ़त ले ली। दूसरे पीरियड में लिवाच ने वापसी की लेकिन विनेश ने उनकी चुनौती को रोक दिया। यूक्रेनी पहलवान को पछाड़ कर विनेश ने 7-5 से जीत दर्ज की थी। इस तरह विनेश ओलंपिक में मेडल जीतने वाली दूसरी महिला रेसलर बन गई हैं। इससे पहले महिला रेसलिंग में भारत के लिए साक्षी मलिक ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

 

भारत और श्रीलंका के बीच तीसरा और निर्णायक एकदिवसीय मुकाबला आज, कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होगा मैच

तीन एकदिवसीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला में भारत और श्रीलंका के बीच तीसरा और अंतिम मैच आज कोलंबो में आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजकर 30 मिनट शुरू होगा। श्रीलंका दूसरा एकदिवसीय मैच 32 रन से जीतकर श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बनाए हुए है। पहला मैच टाई हो गया था।

श्रीलंका ने 27 साल बाद पहली बार भारत के खिलाफ श्रृंखला में बढ़त बनाई है और वह जीत के करीब पहुंच गया है। भारत के लिए आज का मैच जीतना श्रृंखला में हार से बचने और अपने अजेय क्रम को बरकरार रखने के लिए आवश्यक है। भारत 1997 के बाद से श्रीलंका के खिलाफ कोई श्रृंखला नहीं हारा है।

मध्यप्रदेश को देश में ग्रीन स्टेट के रूप में पहचान दिलायें : मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि नागरिकों को बेहतर सुविधा देने के लिये नगरीय निकायों में कैडरवाइज रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया में तेजी लायें। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में समृद्ध वन हैं, इस बात को ध्यान में रखते हुए विभाग मध्यप्रदेश को प्रदूषण मुक्त बनाने में श्रेष्ठ कार्य करते हुए इसे ग्रीन स्टेट के रूप में पहचान दिलाने की ठोस पहल करे। मंत्री विजयवर्गीय कल भोपाल में मंत्रालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इस मौके पर नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी भी मौजूद थीं। बैठक में विभाग के संकल्प पत्र की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में मंत्री विजयवर्गीय ने निर्देश दिये कि भोपाल एवं इंदौर में महानगरीय सेवाओं को सुदृढ़ किया जाये। इन शहरों के आसपास के नगरों में बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने के लिये मैट्रोपोलिटन अथॉरिटी के जरिये काम किये जाये। बैठक में अग्निश्मन सेवा के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिये अलग से संचालनालय गठित करने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। अग्निश्मन सेवा में आधुनिकीकरण के लिये केन्द्र सरकार से करीब 300 करोड़ रूपये प्राप्त हुए हैं। साथ ही राज्य का अंश 100 करोड़ रूपये का है। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आगजनी की घटना के दौरान ऐसे वाहनों की सेवा ली जाये, जो खेतों और ग्रामीण क्षेत्रों में आसानी से पहुँच सकें। मंत्री विजयवर्गीय ने शहरी क्षेत्रों में रजक समुदाय के लिये समर्पित लॉन्ड्री क्षेत्र आवंटित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि 5 महानगरों में भूमि चिन्हित कर इस कार्य की शुरूआत की जाये।

बैठक में बताया गया कि 10 हजार करोड़ रूपये के निवेश के साथ भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, सागर, सतना और उज्जैन में विकास कार्य किये जा रहे हैं। इनमें से 5 हजार 707 करोड़ रूपये के कार्य पूरे किये जा चुके हैं। इलेक्ट्रिक व्हीकल प्रोत्साहन नीति के तहत 6 शहरों में 552 ई-बसों के लिये निविदा जारी की जा चुकी हैं। इंदौर में 70 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। विभाग की अमृत 2.0 योजना में जल आपूर्ति की 151 परियोजनाओं में कार्यादेश जारी किये जा चुके हैं। नगरीय निकायों द्वारा संचालित दीनदयाल अंत्योदय रसोई घर केन्द्रों की संख्या अब बढ़कर 191 हो गई है। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना में 7 लाख 92 हजार आवास पूर्ण किये जा चुके हैं।

प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि आगामी 12 अगस्त को भोपाल के रवीन्द्र भवन में नगरीय ‍निकायों की महिला जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन और रक्षाबंधन कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में करीब 3 हजार महिला जनप्रतिनिधियों के शामिल होने का अनुमान है। सम्मेलन में स्वसहायता समूह स्टॉल लगाये जायेंगे। प्रतिनिधियों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। साथ ही नगर तथा ग्राम निवेश द्वारा टीडीआर पोर्टल लांच किया जायेगा। आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री भरत यादव ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में एक करोड़ 75 लाख पौधरोपण का कार्यक्रम तैयार किया गया है। पौधरोपण कार्यक्रम 15 सितम्बर तक चलेगा।

बैठक में भोपाल नगर निगम की सड़कों पर चर्चा की गई। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि राजधानी की सड़कों का मरम्मत कार्य प्राथमिकता के साथ किया जाये। भोपाल नगर निगम के पास 2020 किलोमीटर लंबाई की सड़के हैं।

एनएचएआई को अपनी मजबूत ऋण भुगतान योजना के जरिए लगभग 1,000 करोड़ रुपये के ब्याज की बचत हुई

अपनी समग्र ऋण देनदारी को कम करने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में, एनएचएआई ने 15,700 करोड़ रुपये के बैंक ऋण के सफल पूर्व-भुगतान के साथ एक महत्वपूर्ण वित्तीय उपलब्धि हासिल की। इस ऋण को निर्धारित समय से पहले चुकाने से लगभग 1,000 करोड़ रुपये की अनुमानित ब्याज की बचत होगी। इस पूर्व-भुगतान के साथ, एनएचएआई की बकाया ऋण देनदारी घटकर लगभग 3,20,000 करोड़ रुपये रह गई है।

भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार, इनविट मुद्रीकरण से प्राप्त आय का उपयोग विशेष रूप से एनएचएआई के ऋण पुनर्भुगतान के लिए किया जाना है। वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान इनविट के जरिए 15,700 करोड़ रुपये की राशि अर्जित की गई। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान, एनएचएआई का इरादा इनविट के जरिए 15,000-20,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का मुद्रीकरण करने का है। इसके साथ, वित्तीय वर्ष 2025 के अंत में एनएचएआई की कुल ऋण देनदारी और कम होकर लगभग 3,00,000 करोड़ रुपये हो जाने की उम्मीद है।

मजबूत ऋण भुगतान योजना के एक हिस्से के रूप में और इनविट मुद्रीकरण से प्राप्त आय का उपयोग करते हुए, एनएचएआई ब्याज दरों को कम करने के लिए ऋणदाता बैंकों के साथ सक्रिय रूप से संवाद कर रहा है। परिणामस्वरूप, बैंकों ने अपनी ब्याज दर 8.00-8.10 प्रतिशत से घटाकर 7.58-7.59 प्रतिशत कर दी है। इस प्रक्रिया में, जहां ब्याज दरों को कम नहीं किया जा सका, बैंक ऋण के लिए 15,700 करोड़ रुपये चुकाए गए हैं और इसके परिणामस्वरूप लगभग 1,000 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण ब्याज की बचत होगी।

एनएचएआई भारत के राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित बुनियादी ढांचे की दक्षता को बढ़ाने के अपने मिशन के प्रति दृढ़ है। प्रभावी वित्तीय योजना के साथ मजबूत परिसंपत्ति मुद्रीकरण से प्राप्त आय एनएचएआई के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन का संकेत देती है। इस ऋण कटौती से प्राप्त बचत राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित वर्तमान में जारी एवं भावी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

देवास के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास में 172 करोड़ रूपये के विकास कार्यो का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इसमें अमृत योजना में 151.90 करोड़ रूपये के 8 विकास कार्यो का भूमि-पूजन और जिला चिकित्सालय परिसर देवास में 20 करोड़ रूपये की लागत से बने नवीन 100 बिस्तरीय मेटरनिटी अस्पताल का लोकार्पण किया। मेटरनिटी अस्पताल में जिले की महिलाओं को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 11 से 15 अगस्त तक तिरंगा अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास में दो देवियों का वास है। देवास के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। देवास को नवीन 100 बिस्तर के मेटरनिटी अस्पताल की सौगात मिली है। मेटरनिटी अस्पताल जिले की महिलाओं को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करेगा। देवास में अस्पताल बन जाने से अब देवास की बहू-बेटियों को इंदौर-उज्जैन नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मेटरनिटी अस्पताल भवन में महिलाओं को बेहतर सुविधा और सेवाऐं मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभी ग्वालियर में रीजनल इंडस्ट्री कान्क्लेव का आयोजन किया जायेगा। आने वाले समय में सभी संभागों में उद्योग समिट का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्योगपतियों से आह्वान किया कि उद्योग लगाओ, सरकार आपकी मदद करेगी। देवास, इंदौर, उज्जैन और धार जिले के औद्योगिक विकास के लिये संयुक्त कार्य-योजना बनाई जायेगी। उद्योग लगाने से रोजगार मिलता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रावतपुरा सरकार तपस्वी संत है। सेवा के कार्य के लिए पूरे देश में नाम है। संतों की महिमा निराली है। संतों के माध्यम से हम देवी-देवताओं तक पहुँच सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संत शिरोमणि पंडित रवि शंकर जी महाराज रावतपुरा सरकार सामाजिक समरसता की मिसाल हैं। उनके द्वारा समाज सेवा और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से की जाने वाली राष्ट्र की सेवा अनुकरणीय है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर राज्य सरकार 10 अगस्त को सिंगल क्लिक से प्रदेश की बहनों के खाते में प्रतिमाह मिलने वाले 1250 रूपये के अतिरिक्त 250 रूपये उपहार स्वरूप प्रदान करेगी। इसके लिए प्रदेश में 25 हजार से अधिक स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जायेगा। सभी प्रदेशवासी तिरंगा अभियान में सहभागी बनें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को समारोह में लाड़ली बहनों ने राखी बांधी, मुँह मीठा कराया साथ ही वृहद आकार की राखी भेंट की।

स्थानीय विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि देवास के लिए आज का दिन महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है। देवास को आज मैटरनिटी अस्पताल की सौगात मिल रही है। देवास में रोजाना 30 से 40 डिलीवरी होती हैं और इतनी ही पेशेंट देवास से इंदौर, उज्जैन के लिए रैफर की जाती है। अब देवास में मैटरनिटी अस्पताल की सुविधा मिल जाने से देवास की बहन-बेटियों को इंदौर नहीं जाना पड़ेगा। देवास तुलजा भवानी का शहर है, यहां कोई कमी नहीं रहेगी। सिंहस्थ से पहले देवास शहर को और भी बहुत से सौगातें मिलेगी।

खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी, सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, महापौर गीता अग्रवाल सहित अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

स्पेस टेक्नोलॉजी में म.प्र. ने पहली बार निवेश के लिए बढ़ाया कदम, मुख्यमंत्री डॉ. यादव बेंगलुरु में निवेशकों से करेगें संवाद

राज्य की विकास योजनाओं में नवीन तकनीक की सहायता लेने और उपयोग बढ़ाने के लिए मध्यप्रदेश पहली बार स्पेस टेक कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित कर रहा है। स्पेस टेक्नोलॉजी सेक्टर में मध्यप्रदेश में पहली बार निवेश प्राप्त करने के लिए कदम बढ़ाया है। स्पेस टेक्नोलॉजी सेक्टर में काम कर रही कंपनियां उपग्रह चित्रण और डाटा एनालिटिक्स की सेवाएं उपलब्ध कराती है। उपग्रह के माध्यम से वैश्विक निगरानी और डाटा की शुद्धता में सुधार होता है। यह कंपनियां अंतरिक्ष में प्रदूषण और कक्षीय वस्तुओं पर निगरानी के लिए नवीनतम तकनीकी विकसित कर रही है। इन कंपनियों का उद्देश्य अंतरिक्ष में सुरक्षा को बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बेंगलुरु में आयोजित निवेशको के साथ आज एवं कल आयोजित दो दिवसीय इन्वेस्टर रोड-शो में उद्योगपतियों से संवाद करेंगे। वे इस क्षेत्र में काम कर रही प्रमुख कंपनियों को मध्यप्रदेश में निवेश का आमंत्रण देंगे। इनमें मुख्य रूप से पिक्सल, दिगंतरा, गैलेक्स आई, सेटस्योर कलाइड ईओ, स्काई सर्वर जैसी कंपनियों से मध्यप्रदेश में निवेश की संभावना पर चर्चा करेंगे। सेटस्योर कंपनी सैटेलाइट इमेजरी उपलब्ध कराती है जो कृषि क्षेत्र के लिए बहुत उपयोगी है। इसी प्रकार पिक्सल कंपनी पृथ्वी के चित्रों पर आधारित छोटे सैटेलाइट का निर्माण और संचालन करती है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव आईटी सेक्टर की कंपनियों से भी संवाद करेंगे और निवेश की संभावना पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्य रूप से कॉग्निजेंट, नेसकॉम, किंड्रील, इंफोसिस, टीसीएस, विसेन टेक्नोलॉजी, सीसा इंफोसेक हैपिएस्ट माइंड्स, डेल्टा कैपिटा, नीमन मारकस एवं मोवाटे जैसी कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे।

इसके अलावा बहुराष्ट्रीय कंपनियां अपने वैश्विक ऑपरेशन को बेहतर तरीके से संचालन करने के लिए ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थपित करती है। यह सेंटर आर्थिक प्रबंधन, मानव संसाधन प्रबंधन, आईटी सपोर्ट, डाटा एनालिटिक्स और अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता की सेवाएं और संचालन की दक्षता प्रदान करते हैं। वे लागत में कमी लाने में भी मदद करते हैं और स्थानीय बाजार में निवेश के अवसर सृजन करने में सहायक होते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा है कि ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स को भोपाल और इंदौर में स्थापित करें। इससे स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। इन केंद्रों की स्थापना से राज्य की प्रतिभाओं का उपयोग किया जा सकेगा जिससे कुशल कार्यबल की उपलब्धता भी बढ़ेगी। इन केंद्रों से शहरों में तकनीकी नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव वैश्विक और राष्ट्रीय परिदृश्य में आईटी के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और इस क्षेत्र की आवश्यकताओं के संबंध में प्रमुख निवेशकों से चर्चा करेंगे।

मध्यप्रदेश में गारमेंट इंडस्ट्री की संभावनाओं को देखते हुए बेंगलुरु में प्रमुख परिधान और वस्त्र (टेक्टाइल) कंपनियों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव चर्चा करेंगे। इस क्षेत्र की कई कंपनियां जैसे बेस्ट कॉर्प और गोकलदास मध्यप्रदेश में निवेश कर रही है। गारमेंट इंडस्ट्री में निवेश से मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। गारमेंट इंडस्ट्री में निवेश से मध्यप्रदेश को युनिवर्सल गारमेंट सेक्टर में एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरने में मदद मिलेगी।

मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों, आईटी सेक्टर में निवेश, पर्यटन, एमएसएमई में निवेश और गारमेंट सेक्टर में मध्यप्रदेश में बनी संभावनाओ से निवेशकों को परिचित कराया जाएगा।

 

बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद स्वर्गीय प्रभात झा को भाजपा प्रदेश कार्यालय में अर्पित की गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद स्व. प्रभात झा के देवलोकगमन पर मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित शोकसभा में भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। शोकसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी ने कहा कि स्व. प्रभात झा को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनकी तरह सच्चे कार्यकर्ताओं का निर्माण और संगठन तैयार किए जाएं। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि एक श्रेष्ठ विचारक, कुशल संगठन हमारे बीच नहीं रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्व. प्रभात झा कुशल संगठक थे, घर जाकर मंडल के कार्यकर्ताओं से मिलते थे, यह संगठन निर्माण की अद्भुत कौशल शक्ति थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि एक कुशल संगठक कैसा होना चाहिए, प्रभात झा से सीखा जा सकता है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्व. प्रभात झा ने देश, समाज और विचार के लिए अपना जीवन जिया है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि स्व. प्रभात झा ने लोकसभा चुनाव में मुझे अभिभावक की तरह मध्यप्रदेश के संबंध में बताया था। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि कार्यकर्ताओं को कैसे कार्य करना चाहिए, स्व. प्रभात झा के जीवन से सीखना चाहिए। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कभी कल्पना नहीं कि थी प्रभात झा इतनी जल्दी हम सबको छोडकर चले जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा स्व. प्रभात के जो दिल में होता था, वही उनके स्वर में होता था।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी ने कहा कि स्व. प्रभात झा अल्प समय में चले गए। अल्प समय में निधन पर तकलीफ थोड़ी ज्यादा होती है। कोई व्यक्ति मूलतः अच्छा हो, समय आने पर उसे सभी पार्टी और समाज के लोग अच्छा ही कहते हैं, इसी प्रकार के व्यक्तित्व थे प्रभात झा। प्रभात झा को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनकी तरह सच्चे कार्यकर्ताओं का निर्माण और संगठन तैयार किए जाएं। स्व. प्रभात झा एक अच्छे पत्रकार, कुशल संगठन, विचारक होने के साथ लाभ-हानि को सोचे बिना, जो मन में होता था, वही बोल देते थे। वे पत्रकार भी विशेष थे, खोजी पत्रकारिता, समाचारों का विश्लेषण करने के साथ सामाजिक सक्रियता भी बनाए रखने की उनमें विलक्षण क्षमता थी। ग्वालियर क्षेत्र में व्यापक संपर्क होने से उस क्षेत्र के सभी नेता उनसे संपर्क में रहते थे। जिन परिस्थितियों में वह जीवन यापन कर यहां तक पहुंचे। वह एक अच्छा और आदर्श कार्यकर्ता ही हो सकता है। प्रभात झा स्व. कुशाभाऊ ठाकरे की तरह आदर्श कार्यकर्ता निर्माण करने, संगठन को गढ़ने के साथ आदर्श और समग्र जीवन जीया है।

सुरेश सोनी ने कहा कि प्रभात झा परंपरा के प्रवाह में कभी दायित्व में रहे, कभी नहीं रहे। लेकिन बिना दायित्व के भी वे अपने संगठन, पार्टी के लिए हमेशा सक्रिय रूप से कार्य करते रहे। एक अच्छा कार्यकर्ता कैसा होना चाहिए, स्व. प्रभात झा के जीवन से सीखना चाहिए। स्व. कुशाभाऊ ठाकरे उन्हें ग्वालियर से भोपाल लाए और पार्टी में मीडिया की जिम्मेदारी सौंपी। प्रभात झा ने भोपाल में भाजपा का मीडिया सेंटर स्थापित किया। इसके बाद राजनाथ सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष रहते लखनऊ बुलाया, वहां मीडिया सेंटर की स्थापना हुई। वे कभी भी पद के कारण सक्रिय नहीं रहे, एक कार्यकर्ता को कैसे कार्य करना चाहिए यह प्रभात झा के जीवन से सभी को सीखना चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि 2002 में उत्तराखंड के चुनाव के समय से मेरा और प्रभात जी का संबंध है। उनके अस्वस्थ होने से पूर्व एक बहुत ही प्रेरणादायी व्हाट्सएप मैसेज उनका मुझे प्राप्त हुआ था, जिसमें मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व प्रदेश के अंदर सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का किस प्रकार से प्रवास हो और कैसे सबको संभाला जाए। उनके सुझाव के आधार पर हम लोगों ने योजना बनाई थी। एक कुशल राजनेता, प्रखर पत्रकार, श्रेष्ठ विचारक एवं कुशल संगठक हमारे बीच नहीं रहे। स्व. प्रभात झा ने संगठन में रहते हुए कार्यकर्ताओं के निर्माण का जो कार्य किया है, वह बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपना पूरा जीवन पत्रकारिता, फिर संगठन को मजबूत बनाने, पार्टी कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगाया है। प्रभात झा ने हमेशा सार्वजनिक जीवन में एक आदर्श स्थापित किया, प्रदेश भर में भ्रमण कर उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान की और कार्यकर्ताओं को पहचान कर उन्हें गढ़ने का कार्य किया है। एक कुशल संगठक में जो गुण होने चाहिए, वह सभी स्व. प्रभात झा में थे। मैं अपनी ओर से, भारतीय जनता पार्टी केंद्र की ओर से, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की ओर से उनके श्रीचरणों में अपनी श्रद्धांजलि निवेदित करता हूं और परमात्मा से प्रार्थना करता हूं कि उनको अपने श्री चरणों में स्थान दें।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रद्वेय प्रभात को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आज इस सभा में सभी ने स्वर्गीय प्रभात जी के साथ अपने-अपने संबंध साझा किए। सब उनको स्मरण कर रहे हैं। मैं भी उनके साथ अलग-अलग दायित्व में रहा। जब-जब उनसे मिलता था, एक अलग ही ताकत पाता था और इसका ऐहसास भी होता था। जब वह पहली बार प्रदेश अध्यक्ष बनकर आए तो उन्होंने एक नया क्रम चालू किया कि प्रत्येक मंडल अध्यक्ष के घर पर जाकर मिलकर आना है। तब मुझे शुरू में अटपटा लगा, लेकिन बाद में ध्यान में आया कि यह उनका कार्यकर्ताओं के साथ खड़े होने का अनुपम संस्कार है। पैर में घाव होने पर भी वह पॉलिथीन लपेटकर महाकाल मंदिर में बाबा के दर्शन करने जाया करते थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद मुख्यमंत्री निवास में पहुंचकर उन्होंने मेरा एक अभिभावक की तरह मागदर्शन किया और उनका हमारे बीच से चला जाना अत्यंत पीड़ा दायक है। ऐसे श्रेष्ठ कार्यकर्ता की कमी-कभी पूरी नहीं की जा सकेगी। बाबा महाकाल प्रभात को मोक्ष प्रदान करें।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज भी मेरा मन नहीं मानता कि प्रभात झा अब हमारे बीच नहीं हैं। प्रभात झा जब बीमार हुए उससे 5 दिन पहले मुझे उनका फोन आया कि तुम कहां हो, मिलना है। मैंने कहा कि प्रदेश कार्यालय में हूं, मैं यहां से निकलकर आपके निवास आकर मुलाकात करता हूं, लेकिन उन्होंने कहा कि मैं मिलने आऊंगा। वे मेरे निवास आए और आधे घंटे तक हुई बैठक में विभिन्न विषयों पर बात हुई। मेरा संबंध स्व. प्रभात झा से 1990 में कॉलेज का विद्यार्थी रहते समय हुआ था। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में रहते हुए मैं उनके मुलाकात करने उनके निवास जाया करता था। स्व. प्रभात झा ऐसे संगठक थे कि एक व्यक्ति को कैसे तैयार किया जाता है, यह मैंने उनको कार्यकर्ताओं को तैयार करते हुए देखा है। वे छोटी सी लूना से चलते थे। अपनी मेहनत व श्रम से यहां तक पहुंचना कोई सामान्य बात नहीं है। पूरे देश के साथ दुनियाभर में आज उनके तैयार किए हुए कार्यकर्ता, समर्थक उन्हें याद कर रहे हैं। पार्टी में मंडल स्तर तक वे प्रवास करते थे। प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए इतना निचले स्तर तक प्रवास करना कार्यकर्ता निर्माण और संगठन को मजबूत बनाने का उनका ही कौशल था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि जब मैं विद्यार्थी परिषद में था, विज्ञप्ति देने स्वदेश समाचार पत्र के ग्वालियर कार्यालय जाता था, तब स्व. प्रभात झा सिखाते थे कि कैसे विज्ञप्ति तैयार करना है। कार्यकर्ता से सीधा बात कर उन्हें तैयार करना उन्होंने ही हम सबको सिखाया है। हम अगर किसी से नाराज हो सकते थे तो वह थे स्व. प्रभात झा। यह उनका स्नेह ही था कि हम नाराज हो जाते थे, वे समझाते थे कि किस तरह से कार्य करना है। उन्होंने लाखों कार्यकर्ताओं के लिए जो कार्य किया है वह उदाहरण के तौर पर हम सबके सामने है। स्व. प्रभात झा आप ने हम सबको जो पाथेय दिया है, उसके लिए भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के एक-एक कार्यकर्ता, प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ता की ओर से मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके निधन से मध्यप्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं, भाजपा परिवार पर जो वज्रपात हुआ है, भगवान उसे सहन करने की शक्ति दे। वैसे तो स्व. प्रभात झा परिवार से ऊपर थे, लेकिन भगवान उनके परिवार को भी यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अपने लिए तो सब जीते हैं। कीट पतंगे भी जीते हैं, पशु पक्षी भी जीते हैं, अपने लिए जिए तो क्या जिए। स्वर्गीय प्रभात झा ने देश, समाज और विचार के लिए अपना जीवन जिया। हर काम कैसे सफल हो यह तड़प उनके अंदर थी। वह सचमुच के एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक संस्था थे। वे एक मौलिक चिंतक, राष्ट्रवादी विचारक थे। उसकी प्लानिंग और अनेक स्मृतियां मेरे हृदय में हैं। प्रदेश अध्यक्ष के नाते हर मंडल अध्यक्ष से उनका सीधा संवाद होता था। कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए एक दिन में कई मंडलों की बैठक और कार्यकर्ताओं से संवाद करते रहे। जो काम में नहीं लगे उनको कम लगते थे, मुझे कई आईडिया देते थे कि यह करना चाहिए। दिन और रात केवल काम कैसे बेहतर हो इसकी चिंता उन्होंने सदैव की। दिल्ली इलाज के लिए ले गए तब भी लगता था कि जल्दी स्वस्थ होंगे फिर वापस लौटेंगे। आत्मा तो अजर अमर है। शास्त्र काट नहीं सकते, आग जला नहीं सकती, पानी गीला नहीं कर सकता, हवा सुख नहीं सकती। अजर, अमर अविनाशी शाश्वत सनातन और सच्चिदानंद यानी सच्चिदानंद यह वास्तविक स्वरूप है और इस रूप में प्रभात जी सदैव हमारे बीच रहेंगे और हमें प्रेरणा देते रहेंगे। जितने पत्र प्रभात झा ने लिखे हैं, उतने पत्र किसी ने भी नहीं लिखे होंगे। मैं युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद क्रांति मसल यात्रा निकलने वाला था, उसके लिए प्रभात झा ने पत्रकार रहते हुए हजारों कार्यकर्ताओं को पत्र लिखकर यात्रा को सफल बनाने के लिए कार्य किया। युवा मोर्चा की ग्वालियर में एक सभा थी, उसे सफल बनाने के लिए बिना कहे प्रभात झा ने कार्यकर्ताओं को लगाकर कार्य किया। उन्होंने एक कुशल संगठक के रूप में अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दिया। उनके पांव में घाव हो गया था, मैं पकड़कर उन्हें अस्पताल लेकर गया। 2013 के विधानसभा चुनाव में दिनरात कार्य में लगे रहे, सरकार व संगठन का कामकाज कैसे अच्छा हो, इसके लिए हमेशा मागर्दशन करते रहे। प्रभात झा सचमुच एक उजास थे, कुसल संगठन के रूप में हजारों कार्यकर्ता तैयार किए। भले ही वे आज भौतिक शरीर से नहीं हैं, लेकिन आत्मा अजर, अमर है, हमेशा हमारे बीच रहेंगे। उनके किए गए कार्यों से प्रेरणा लेकर जीवन को और सार्थक बनाएं। उनके चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि महान पुरूष आते हैं और अपने पद चिन्ह छोड़कर चले जाते हैं। 2007 में स्व. प्रभात झा का मुझे सानिध्य मिला। मैं उत्तर प्रदेश में महामंत्री था, चुनाव की दृष्टि से स्व. प्रभात झा जी पार्टी का कार्य करने लखनऊ आए थे। एक छोटे से कमरे में रहते थे और चुनाव में किस प्रकार कार्य करना है, कार्यकर्ताओं को कैसे कार्य पर लगाएं रखना है, यह बताते थे। मीडिया से लेकर सभी कामों को देखते थे। अचानक एक दिन रात करीब एक बजे उनका फोन आया कि तबियत ठीक नहीं है। मैं तुरंत कार्यालय पहुंचा और उनको लेकर अस्पताल गया। आधे घंटे में उनका स्वास्थ्य सामान्य हुआ, मैं तीन बजे रात तक अस्पताल में बैठा था। दो दिन बाद उनको अस्पताल से छुट्टी मिली। इस दौरान सौदान सिंह भी साथ थे। 2004-2005 में मैं राष्ट्रीय मंत्री बना, वे उपाध्यक्ष थे। उन्होंने मुझे घर बुलाया, एक अभिभावक की तरह बहुत सारी बातें बताईं। लोकसभा चुनाव के दौरान मैं उनसे ग्वालियर में घर जाकर मुलाकात की। मैं और स्व. प्रभात झा ट्रेन से ग्वालियर से भोपाल तक साथ में आए, इस दौरान पूरे रास्ते में उन्होंने हमें मध्यप्रदेश के संबंध में जानकारी दी और एक पत्रकार, शब्दकार, पूर्व सांसद और अभिभावक जिस तरह से चुनाव की दृष्टि से समझाना चाहिए, बताया। प्रभात झा एक संरक्षक, एक पत्रकार, एक स्वयंसेवक, कुशल संगठनकर्ता, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सांसद के रूप में कार्य करते रहे। मेरे पास उनके लिए शब्द नहीं है। वे अतुलनीय थे, उनकी यादें अविस्मरीण हैं। मैं अपनी ओर से उन्हें भावांजलि, श्रद्धांजलि और पुष्पांजलि अर्पित करता हूं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि जब मैं दिल्ली प्रदेश का अध्यक्ष था तो स्वर्गीय प्रभात झा केन्द्र की तरफ से हमारे प्रभारी थे। तब कैसे कार्यकर्ताओं, पत्रकारों के साथ समन्वय करना है, किस प्रकार से कठोर और स्पष्ट निर्णय लेने हैं, यह छोटी-छोटी बारीकियां हमेशा एक अभिभावक के रूप में हमेशा उनसे सीखने का अवसर प्राप्त किया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी न्यास में कमल संदेश के संपादक के रूप में कार्य करते हुए उनका मार्गदर्शन हमेशा हमको मिलता रहता था। लोकसभा चुनाव के दौरान मुझे उनके ग्वालियर स्थित निवास जाना हुआ और उन्होंने अपने पुस्तकालय में ले जाकर जो नई किताबें लिख रहे हैं उसके बारे में हमको जानकारी दी और कार्यकर्ताओं को कैसे कार्य करना चाहिए उसके बारे में पुस्तक भी मुझे दी थी। ऐसी अनेकों स्मृतियां प्रभात जी के साथ हैं। स्वर्गीय प्रभात झा हमारे बीच में नहीं हैं, लेकिन उनके चिर स्मृतियों के साथ अपनी तरफ से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कभी जीवन में यह कल्पना नहीं की थी कि प्रभात झा को इतनी जल्दी श्रद्धांजलि देने की स्थिति में हम लोग यहां एकत्रित होंगे। मेरा तो लगभग 40 वर्ष का साथ है, हम लोग 24-25 साल की उम्र में एक-दूसरे के मित्र बने और एक लंबा संघर्षकाल साथ बीता। कार्यकर्ता, पार्टी के पदाधिकारी, राज्यसभा के सांसद के रूप में जो उनकी भूमिका थी, उसको मैं ठीक प्रकार से अनुभव कर सकता हूं। हर भूमिका को बहुत ही शिद्दत के साथ उन्होंने निर्वहन किया। पार्टी के लिए जो योगदान हो सकता है उसे हमेशा पूरी श्रद्धा के साथ निभाया। एक कार्यकर्ता के रूप में उनका जीवन बहुत सारे लोगों को याद है। देशभर के विभिन्न अखबारों में जो पत्रकार वर्तमान में कार्य कर रहे हैं उनसे से कई प्रभात झा के सिखाए हुए हैं और अपने पत्रकारिता के क्षेत्र में दायित्व का निर्माण कर रहे हैं। कार्यकर्ता के रूप में भी उन्होंने राज्य, देश और पार्टी का मार्गदर्शन किया। मैं ग्वालियर का कार्यकर्ता हूं, इसलिए बचपन से हम लोग एक-दूसरे के साथ रहे, बहुत सारे खट्टे-मीठे अनुभव रहे, लेकिन प्रभात जी आज हमारे मध्य नहीं है। निश्चित रूप से हमारे संगठन परिवार में एक बड़ी रिक्तता है। प्रार्थना करता हूं दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जहां एक परिवार का संबंध न हो, लेकिन जीवन के इस यात्रा में कई ऐसे घनिष्ठ संबंध हो जाते हैं जो कभी-कभी पारिवारिक संबंध से भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाते हैं। यह क्षमता और अद्भुत प्रतिभा स्व. प्रभात झा जी में थी। स्व. प्रभात झा जी की जीवन हम सबके लिए प्रेरणा है। मेरा उनसे एक पीढ़ी, दो पीढ़ी नहीं आजी अम्मा एवं पूज्य पिताजी के समय से संबंध है। उनका असमय चले जाना मेरे लिए एक व्यक्तिगत क्षति है। उनका आशीर्वाद सदैव मेरे ऊपर रहा है। प्रभात जी के जो दिल में होता था, वही उनके स्वर में होता था। हर जिम्मेदारी को हिम्मत के साथ धर्म की तरह निभाने की एक क्षमता उनमें थी, ऐसे बहुत बिरले लोगों में मैंने देखा है। उनकी जीवन शैली हमारे लिए प्रेरणादायक रहे, यही कामना करते हुए विनम्रता पूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करता हॅू।

स्वदेश समाचार पत्र सहूह भोपाल के प्रधान संपादक राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि स्व. प्रभात झा ने पत्रकारिता स्वदेष ग्वालियर से प्रारंभ की और आज यह कहते हुए प्रसन्नता है की प्रभात झा ऐसा उनका नाम था उसी तरह एक प्रभात की तरह वे निरंतर उदित होते ही गए। वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, राज्यसभा के सांसद, पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष बने, लेकिन पत्रकार उनके मूल में था। इसलिए दिल्ली जाकर के भी भारतीय जनता पार्टी की पत्रिका कमल संदेश संपादक रहे। प्रदेष अध्यक्ष बने तब प्रदेश में सर्वाधिक प्रवास करने वाले अध्यक्ष थे। आज हमारे बीच से प्रतिभा के धनी राजनेता, पत्रकार और कार्यकर्ता की कमी हमेषा खलेगी। भाजपा में जितने भी व्यक्ति मीडिया के क्षेत्र में कार्य किए हैं, उनमें स्व. प्रभात झा सवोत्कृष्ट थे। ईश्वर की विचित्र लीला है, कि प्रभात अस्त हो गया। प्रभात मध्यकालीन अस्त हुए। अभी उनके जाने की उम्र नहीं थी। भाजपा का एक सर्वोत्तम कार्यकर्ता चले गए। बहुत गतिशील होने के कारण चले गए। मैं उन पर गर्व करते हुए कह रहा हूं कि यह उनके जाने का समय नहीं था।

लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के संरक्षक व वरिष्ठ नेता रघु ठाकुर ने कहा कि स्व. प्रभात झा जीवंत पत्रकार, नेता व सच्चे कार्यकर्ता थे। उन्होंने पार्टी के विभिन्न दायित्व का निर्वहन किया और हर कार्यकर्ता को नाम से बुलाते थे। पढ़ने के साथ मित्रता निभाने में वे अद्भुत थे। वे हमेशा जमीन से जुड़े रहे। ग्वालियर में पत्रकारिता के दौरान रात करीब एक बजे वे घर जा रहे थे, एक फायर ब्रिगेड जा रही थी, वे फायर ब्रिगेड के पीछे लटक गए और दूसरे दिन कहां आग लगी, किस तरह से बुझाई गई, यह समाचार सिर्फ ग्वालियर स्वदेश में ही प्रकाशित हुए। कुछ इस तरह से वे पत्रकारिता करते थे कि लोगों को इंतजार रहता था स्वदेश ग्वालियर में आज प्रभात झा ने क्या लिखा है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि स्वर्गीय प्रभात झा के वक्तव्य में उनकी अभिव्यक्ति में किसी भी बात में कोई दोहरा अर्थ नही निकल सकता है। प्रभात झा ने पत्रकारिता से जीवन शुरू कर संघर्ष के प्रतिमूर्ति बन जाना और प्रतिमान खड़े करना तीनों बातों का अद्भुत समायोजन किया था। मृत्यु के बाद यही लोगों का विचार बन जाता है। राष्ट्रीय समाचार चैनलों में मैंने आधा सैकड़ा से अधिक डिबेट प्रभात झा के साथ की, लेकिन एक बार भी उनके शब्द, वचन ऐसे नहीं होते थे, जिनके दोहरे अर्थ निकलते हों। मैं मध्यप्रदेश कांग्रेस पार्टी की ओर से उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनकी अनंत स्मृतियां अपने मन में संजोकर रखा है। वह ऐसे राजनेता थे, जिनके प्रति मेरा आदर हमेशा बना रहेगा।

श्रद्धांजलि सभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, अखिल भारतीय सह सपंर्क प्रमुख दीपक बिस्पुते, मध्य क्षेत्र प्रचारक स्वप्निल कुलकर्णी, प्रांत प्रचारक विमल गुप्ता, प्रांत संघचालक अशोक पांडे, प्रांत प्रचार प्रमुख मुकेश त्यागी, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद , प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवडा, राजेन्द्र शुक्ला, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल, पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, लालसिंह आर्य, पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री माखनसिंह चौहान, मप्र शासन के मंत्री गोविंद सिंह, तुलसीराम सिलावट, प्रद्युम्न सिंह तोमर, राव उदयप्रताप सिंह, राकेश शुक्ला, करणसिंह वर्मा, संपतिया उइके, विश्वास सारंग, नारायण सिंह कुशवाहा, निर्मला भूरिया, लखन पटेल, नागरसिंह चौहान, एंदल सिंह कंसाना, दिलीप अहिरवार, प्रतिमा बागरी, राधा सिंह, नरेंद्र पटेल, धर्मेन्द्र लोधी, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, जयंत मलैया, उमाशंकर गुप्ता, महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी, श्याम महाजन, प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत, हरिशंकर खटीक, सरतेंदु तिवारी, पूर्व संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी, वरिष्ठ नेता विनोद गोटिया, विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दर्शनसिंह चौधरी, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ऐजाज खान, डॉ. सनवर पटेल, भोपाल जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, आलोक संजर, सत्येन्द्र भूषण सिंह, विधायक अर्चना चीटनीस, अजय विश्नोई, ऊषा ठाकुर, अभिलाष पाण्डे, सुदेश राय, कैलाश मिश्रा सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रदेश के जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, विभिन्न समाज के वरिष्ठजन, वरिष्ठ पत्रकारगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया।

इंदौर नगर निगम भ्रष्टाचार में नंबर वन हो गया है: जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कल इंदौर के नगर निगम मैदान में आयोजित कांग्रेस के विशाल जंगी प्रदर्शन में शामिल हुये। पटवारी ने इंदौर नगर निगम में हुये व्यापक घोटाले, भ्रष्टाचार सहित किसानों की समस्याओं, नीट और नर्सिंग घोटाले को लेकर इंदौर नगर निगम और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला।

पटवारी ने कहा कि इंदौर नगर निगम का पूरा अमला सरकार की सह पर भ्रष्टाचार के आगोस में तरबतर है। केंद्र सरकार ने सफाई में नंबर वन का दर्जा तो दे दिया, किंतु निगम का हर विभाग भ्रष्टाचार में संलिप्त है। जनता पर नये कर लादकर निगम सुविधा देने में फिसड्डी साबित हुई है। होर्डिंग घोटाले से लेकर नाला टेपिंग और अन्य तरह के महाघोटाले इंदौर नगर निगम में हुये। घोटाले में शामिल बड़े मगरमच्छों को तालाब में ही खुला छोड़ रखा है। लगभग डेढ सौ करोड़ रूपयों का घोटाला इंदौर नगर निगम में हुआ हैं, इंदौर नगर निगम में भ्रष्टाचार का पैमान व्यापक है, जिस पर सरकार मौन है। भाजपा के वरिष्ठ नेता नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने यदि ग्यारह लाख पौधे लगाने की बात कहीं है तो वे उसका सत्यापन कराये कि वे पौधे कहा और कब-कब लगे, उन्होंने विकास के नाम पर इंदौर में लूटपाट मचा रखी है।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश में किसान समस्याओं से ग्रसित है। अन्नदाता को फसल का उचित समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है। किसानों के साथ सरकार ठगी कर रही है। प्रदेश में नीट और नर्सिंग महाघोटाले से प्रदेश के युवाओं को जो आघात पहुंचा है उससे उनका भविष्य अंधकार मय हुआ है। पर्ची से निकले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह क्षेत्र में भी भ्रष्टाचार की लंबी फेहरिस्त है। मुख्यमंत्री से लेकर प्रदेश के सभी मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और प्रदेश की जनता इस कर्ज, क्राईम और करप्शत की सरकार से त्राहिमाम कर रही है। जनता की सुनने वाला कोई नहीं है।

पूर्व मंत्री अरूण यादव ने कहा कि इंदौर सहित पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलवाला है। प्रदेश की जनता भाजपा की 20 साल की सरकार से पूरी तरह से ऊब चुकी है। सत्ता के मद में चूर भाजपा जनता पर प्रहार करने से बाज नहीं आ रही है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, अभा कांग्रेस के सचिव कुलदीप इंदौरा, सचिव सत्यनारायण पटेल, नेता चौकसे नेता प्रतिपक्ष नगर निगम चिंटू चौकसे, प्रवक्ता अमित चौरसिया, पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े, मप्र कांग्रेस कौमी एकता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सच सलूजा, फौजिया शेख, अवनीश भार्गव, गजेन्द्र सिसोदिया सहित इंदौर के कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

स्वतंत्रता दिवस पर प्रभारी मंत्री फहराएंगे जिलों में तिरंगा – डॉ. मोहन यादव

हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में भारतीय जनता पार्टी की कामकाजी बैठक मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि हर-घर तिरंगा अभियान में पूरे समाज की सहभागिता हो। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के लिए प्रदेश सरकार भी अपनी ओर से तैयारियां कर रही है और 15 अगस्त को हर जिले में प्रभारी मंत्री तिरंगा फहराएंगे। प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इस अभियान के दौरान प्रदेश के सभी 1.5 करोड़ परिवारों तक तिरंगा ध्वज पहुंचाने का संकल्प लें। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हमारा तिरंगा सारी दुनिया में लहरा रहा है, स्वतंत्रता दिवस पर इसे हर-घर में लहराएं। प्रदेश के सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि विभाजन की विभीषिका के बारे में युवा पीढ़ी को जानकारी नहीं है। पार्टी कार्यकर्ता तिरंगा अभियान के दौरान युवाओं को इसकी जानकारी दें। संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि नवाचार करना मध्यप्रदेश के पार्टी संगठन की पहचान रही है। यह पहचान हर-घर तिरंगा अभियान में बनी रहे, इसके प्रयास करें। बैठक के दौरान प्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेन्द्र शुक्ल मंचासीन रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि देश में विभिन्न आधारों पर फूट डालने के प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन जब किसी रेखा को छोटा करना हो, तो उसके सामने एक बड़ी रेखा खींच दी जाती है। हम राष्ट्रवाद की रेखा खींचकर इस विघटनकारी रेखा को छोटा कर देना चाहते हैं। हर-घर तिरंगा अभियान इसी योजना का एक अंग है। शिवप्रकाश ने कहा कि हर-घर तिरंगा अभियान के लिए हमें तिरंगों की उपलब्धता के लिए प्रयास करना होंगे, जिसमें स्व सहायता समूह की बहनों का भी सहयोग लिया जा सकता है। इसके अलावा अन्य प्रतिष्ठानों से भी तिरंगे ध्वज लेकर उन्हें जनता को उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उपयोग हमें युवाओं को विभाजन की विभीषिका की जानकारी देने के लिए करना है। यह अत्यंत मार्मिक विषय है और विभाजन के दौरान हुए दंगों में करोड़ों लोग बेघर हुए थे, लाखों की हत्या कर दी गई थी। लेकिन अधिकांश युवाओं को उस समय के घटनाक्रम और त्रासदी की जानकारी नहीं है। शिवप्रकाश ने कहा कि युवाओं को तथ्यपरक जानकारी दी जा सके, इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता स्वयं अध्ययन करें।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जीवंतता है कि हमारी पार्टी सदैव समाज के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य करती है। देश और प्रदेश में कई पार्टियां हैं, परंतु हमारी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत यह है कि हमारे हर कार्यक्रम का आधार कार्यकर्ता होता है। दुनिया में कई देश हमारे साथ या हमारे बाद आजाद हुए, लेकिन आज बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका के लोकतंत्र की बदहाली सबके सामने है। भारतीय जनता पार्टी जैसी राष्ट्रीय भावना जागृत करने वाले दल ही लोकतंत्र को मजबूत करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 10 अगस्त को प्रदेश के 25 हजार स्थानों पर एक साथ भाई-बहन का पवित्र त्योहार रक्षाबंधन मनाया जाएगा। उसी दिन लाड़ली बहनों के खाते में 1250 रुपए के अतिरिक्त 250 रुपए की राशि उपहार के तौर पर भेजी जाएगी। 15 अगस्त और 26 जनवरी हमारे सभी त्योहारों से बड़े त्योहार हैं। स्वतंत्रता दिवस मनाने में सभी की भागीदारी हो, इसलिए हर-घर तिरंगा अभियान के माध्यम से इसे एक सप्ताह पहले से मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हम स्वतंत्रता दिवस का त्योहार पूरे आनंद के साथ मनाएंगे। हमारे सरकार ने हर जिले में पुलिस बैंड की व्यवस्था सुनिश्चित की है। बारिश या अन्य कोई आपदा की स्थिति में फसलों को लेकर हमारी सरकार आपदा सर्वे को डिजिटल करने जा रही है। इसके तहत दो लोगों को जिम्मेदारी दी जाएगी जिनके पास मोबाइल कैमरा होगा, ताकि सारी जानकारी सही समय पर मिल सके। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नई शिक्षा नीति को लेकर आभार जताते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद हमारे प्रदेश में अब कुलपतियों को कुलगुरू कहा जाने लगा है। नए पाठयक्रमों में भी बहुत कुछ नया जोड़ा जा रहा है हमारी संस्कृति और हमारे प्रदेश की पहचान रही है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने छिंदवाड़ा संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के बल पर जीता हैं।

बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता हर-घर तिरंगा अभियान चला रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में भी इसकी चर्चा की है। तिरंगा हर भारतवासी का गौरव है और इसे देखकर हर देशवासी के मन में राष्ट्रीयता की भावना जागृत हो, इसी दृष्टि से यह अभियान चलाया जा रहा है और 15 अगस्त को पूरा देश तिरंगामय हो जाता है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में इस अभियान को एक उत्सव के रूप में मनाया जाता है, जिसमें सरकार और समाज के साथ-साथ संगठन की भी सहभागिता होती है। मध्यप्रदेश में लगभग 1.5 करोड़ घर हैं और तिरंगा अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं का यह प्रयास होना चाहिए कि सभी 1.5 करोड़ परिवारों तक तिरंगा पहुंचाया जाए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान 11 अगस्त से शुरू होगा और एक सप्ताह तक चलेगा। तिरंगा यात्राओं और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से इसकी शुरुआत होगी। हमारे सभी सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत और जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष, पार्षद, सरपंच एवं समस्त जनप्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर इस अभियान के लिए एक समिति गठित की गई है। इसी तरह जिला और मंडल स्तर पर भी समितियों का गठन किया जाए। जिस तरह प्रदेश स्तर की बैठक आयोजित की गई है, उसी तरह 7-8 अगस्त को जिला स्तर एवं 9-10 अगस्त को मंडल स्तर की बैठकें आयोजित की जाएं। पूरे प्रदेश में अभियान को लेकर पत्रकार वार्ताओं का आयोजन किया जाए। इसके साथ ही नगरीय क्षेत्रों में 7 अगस्त को तथा ग्रामीण निकाय क्षेत्रों में 8-9 अगस्त को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित हों। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा द्वारा 11,12 व 13 अगस्त को प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। 12, 13, 14 अगस्त को स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारकों पर माल्यार्पण किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि 14 अगस्त को सभी जिलों में भारत विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा तथा विभाजन की त्रासदी को दिखाने वाली प्रदर्शनियों, गोष्ठियों तथा अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। हम सभी को मिलकर इस अभियान को प्रदेश के सभी 64123 बूथों तक पहुंचाने और इसे ऐतिहासिक एवं प्रभावी बनाने का प्रयास करना है। इस अभियान में होने वाली गतिविधियों को सरल एवं संगठन एप पर अपलोड करना न भूलें।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण आज देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में भारत का ध्वज लहरा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी की 75 वीं वर्षगांठ को अमृत महोत्सव का नाम दिया और पूरे देश ने वर्ष भर कोई न कोई उत्सव मनाया। डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि आज लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार तेजी से आगे बढ़कर देश को तीसरी अर्थव्यवस्था वाला देश बनाने के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। देश में आज हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का संगठन देश में नंबर-1 रहा है और चाहे तिरंगा यात्राएं हों, या फिर घर-घर झंडा फहराने का लक्ष्य हो, हमारा प्रदेश हमेशा की तरह आगे रहेगा ऐसा मेरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के मान-सम्मान का ख्याल रखकर आजादी के त्योहार को जोश के साथ मनाएं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि अगस्त माह की हमारे राष्ट्र जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका है। पांच अगस्त, 2019 को कश्मीर से धारा 370 समाप्त करके नया इतिहास रचा गया। अगस्त माह में ही अगस्त क्रांति हुई थी। 15 अगस्त को हमें आजादी मिली, लेकिन उससे पहले 14 अगस्त को देश का विभाजन हुआ, जिसे विभाजन विभीषिका दिवस के रूप में मनाने का आह्वान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। उपाध्याय ने कहा कि विभाजन की विभीषिका में करीब 1.5 करोड़ परिवार विस्थापित हुए, लगभग 6 लाख लोग मारे गए। 1 लाख से अधिक महिलाओं से दुष्कर्म की घटनाएं हुईं, लेकिन ये काला अध्याय हमारे अधिकांश युवाओं की जानकारी में नहीं है। उन्होंने कहा कि विभाजन की विभीषिका के लिए जिम्मेदार विघटनकारी और षड्यंत्रकारी ताकतें आज फिर सिर उठा रही हैं। इसलिए हर-घर तिरंगा अभियान के दौरान विभाजन विभीषिका मनाकर देश के बंटवारे की यादों को ताजा करें ताकि देशवासी उस समय की गई गलतियों से सबक लें और विघटनकारी ताकतों से सतर्क रहें।

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने हर घर तिरंगा अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि हमारी पार्टी में हर बूथ पर कार्यकर्ता हैं, इसलिए हर बूथ पर लोगों को शामिल करके आजादी के त्योहार को आनंद के साथ मनाया जाना चाहिए। मध्यप्रदेश नवाचार के लिए जाना जाता है। अगर कोई नवाचार तिंरगे के मान-सम्मान को रखकर किया जा सकता है तो उसे पूरा करने का प्रयास अवश्य करें। युवा पीढ़ी हमारे देश को आगे बढ़ाने के लिए आगे बढ़कर कार्य कर रही है। अगर कोई युवा इस अभियान में बढ़चढ़ कर आगे आना चाहता हो तो उसे आने का मौका दिया जाना चाहिए, लेकिन तिरंगे के मान-सम्मान के साथ ही अवसर दिया जाना चाहिए। हितानंद ने कहा कि आजादी का पर्व 15 अगस्त से पहले शुरू हो जाएगा, इसलिए अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों का वर्गीकरण करना सुनश्चित करें ,ताकि अभियान सफल हो सके। हितांनद ने पार्टी के आगामी विभिन्न अभियानों को लेकर विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया। बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, प्रदेश के मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा हर-घर तिरंगा अभियान के जिला प्रभारी व सह-प्रभारी उपस्थित रहे।

 

प्रकृति से जो पाया है उसे लौटाने का प्रयास है पौध-रोपण – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पौध-रोपण के लिए आरंभ किया गया, “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण और वसुंधरा को संवारने के उनके मन के भाव और संकल्प का प्रकटिकरण है। पौध-रोपण का यह अभियान, परमात्मा से प्रकृति के रूप में जो हमें प्राप्त हुआ है, उसे वापस लौटाने का एक प्रयास भी है। विकास के क्रम में हुए प्रकृति के क्षरण की प्रतिपूर्ति करने और संतुलन बनाए रखने में भी पौध-रोपण से मदद मिल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पौध-रोपण के “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम अंतर्गत ऊर्जा विभाग के गोविंदपुरा स्थित निष्ठा परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने परिसर में आंवले का पौधा भी लगाया। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, महापौर मालती राय तथा अपर मुख्य सचिव ऊर्जा मनु श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति मातृ-सत्ता की उपासक है और पौध-रोपण अभियान को प्रधानमंत्री श्री मोदी ने माँ का नाम देकर प्रत्येक व्यक्ति को अभियान से आत्मीय रूप से जोड़ा है। माँ के नाम से अथवा उनकी स्मृति में पौधा लगाना इस बात का भी प्रतीक है कि हमने जो प्रकृति से पाया है, उसे लौटाने का भी हमारे मन में भाव हैं। भारतीय संस्कृति वृक्षों को बहुत महत्व प्रदान करती है, ब्रह्म पुराण में एक वृक्ष को दस पुत्रों के बराबर मानना इस बात का प्रतीक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर ऊर्जा विभाग द्वारा जारी (बालक-विद्युत और बालिका-बिजली) शुभंकर का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को इस अवसर पर वृक्ष स्वरूप प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने भी निष्ठा परिसर में आंवले का पौधा रोपा। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में ऊर्जा विभाग के प्रदेश में स्थित विभिन्न परिसरों में पौध-रोपण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किए गए पौध-रोपण के साथ गोविंदपुरा स्थित निष्ठा परिसर में एक सौ पौधे एवं प्रदेश में एक लाख पौधे रोपे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पौध-रोपण में सहभागिता के लिए मंत्री श्री तोमर ने आभार व्यक्त किया।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...