मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर-सिवनी-बालाघाट मार्ग पर यात्रा कर अतिवृष्टि से उपजे हालात का लिया जायजा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में अतिवृष्टि से उत्पन्न हालातों का जायजा लेने के लिये कल जबलपुर से सिवनी होते हुए बालाघाट तक सड़क मार्ग से भ्रमण किया। उन्होंने वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों और पशुओं के लिये पर्याप्त सुरक्षात्मक बंदोबस्त करने के निर्देश प्रशासनिक अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों और आम नागरिकों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति (मुआवजा) राशि दी जायेगी। मुख्यमंत्री का सड़क मार्ग से यात्रा के दौरान गाँव-गाँव में सभी वर्गों के लोगों के साथ जन-प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मार्ग में आमजन से चर्चा की और संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि सिवनी-बालाघाट मार्ग जल्दी ही फोरलेन बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुर्रई महाविद्यालय के नवीन भवन निर्माण और नगरीय क्षेत्र बरघाट में डिवाइडर युक्त मॉडल रोड निर्मित किये जाने की सौगात जनता को दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सड़क मार्ग द्वारा जबलपुर से सिवनी- जबलपुर सीमा में स्थित ग्राम बंजारी पहुंचने पर विधायक बरघाट श्री कमल मर्सकोले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरिया एवं वरिष्ठ जिलाधिकारियों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम बंजारी से सिवनी की ओर मार्ग में नागनदेवरी, लखनादौन, गनेशगंज, छपारा तथा बंडोल में बहनों से आत्मीय भेंट कर राखी बंधवाई। उन्होंने बहनों को रक्षाबंधन एवं कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी जिले में छपारा तहसील स्थित बैनगंगा नदी के पुल पर वाहन रुकवाया एवं बैनगंगा नदी को प्रणाम कर पुष्प अर्पित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भीमगढ़ बांध के बैक वाटर का अवलोकन कर विगत 22 जुलाई को हुई अतिवर्षा से निर्मित बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन से अतिवर्षा के दौरान जल भराव क्षेत्र एवं प्रभावित गाँवों के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक प्रबंध करने को निर्देशित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का सड़क मार्ग से सिवनी जिला मुख्यालय पहुंचने पर नगरवासियों द्वारा अभिवादन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अगस्त माह बहनों के लिए उत्सव की तरह मना रही है। नारी सशक्तिकरण की दिशा में सरकार द्वारा कईं महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को प्रदेश में रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश की लाडली बहनों को प्रतिमाह मिलने वाली 1250 रूपये की राशि के अतिरिक्त 250 रूपये की राशि रक्षा बंधन के लिए उनके बैंक खाते में अंतरित की जा रही है। जिससे वे रक्षा बंधन का त्यौहार पूरे उत्साह से मना सकें। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को ग्रामवार, वार्डवार, निकायवार तथा जिलेवार भव्य आयोजन किए जायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे सिवनी जिले की बहनों के स्नेह को सदैव अपनी स्मृति में सजों कर रखेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा सिवनी-बालाघाट सड़क मार्ग के गड्डों एवं सोल्डर की तत्काल मरम्मत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने सिवनी-बालाघाट राज्य मार्ग को परीक्षण उपरांत फोरलेन बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कुरई में महाविद्यालय का नवीन भवन बनाने एवं नगरीय क्षेत्र बरघाट में डिवाईडरयुक्त मॉडल रोड बनाने की घोषणा की।

 

सावन का महीना भाई-बहनों के प्रेम को प्रगाढ़ करने का पर्व : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत त्यौहारों की संस्कृति वाला देश है। यहाँ हर एक त्यौहार मनाने के पीछे कोई न कोई मूल भावना होती है। इन त्यौहारों में परस्पर भाईचारा, प्रेम और रिश्तों को निभाने वाले संस्कार समाहित होते हैं। वर्ष के 12 महीनों में एक मास श्रावण ही ऐसा है जिसका इंतजार सभी को रहता है। इस समय बादलों के घुमड़ने के साथ ही पेड़ों पर झूलों की बहारे नजर आने लगती है। ऐसे में रक्षाबंधन का त्यौहार आता है। आज मैं अपनी लाड़ली बहनों के बीच रक्षाबंधन का उत्सव मनाकर धन्य हो गया हॅू। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रावण के पवित्र सोमवार को बालाघाट के इतवारी गंज जैविक कृषि मंडी में आयोजित लाड़ली बहनों के लिये समर्पित आभार सह उपहार कार्यक्रम को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि हमारी संस्कृति यह सिखाती है कि जीवन में स्नेह का पहला हक माता-पिता का होता है। इनके बाद यह हक बहनों को मिला है जो अपने भाई से प्रेम करती है। मुझे 1 अगस्त से प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर अपनी बहनों का अपार स्नेह प्राप्त हो रहा है। भारी बारिश के बीच जबलपुर से बालाघाट मार्ग में आते समय जिस उत्सुकता से बहनों ने मेरा इंतजार किया है। वह इसी स्नेह का प्रतीक है। मेरी बहनें रक्षाबंधन का त्यौहार धूमधाम से मना सके इसके लिये 10 अगस्त को लाड़ली बहना योजना के तहत 1250 रुपये और रक्षाबंधन के शगुन/उपहार रूप में पर 250 रुपये की राशि सिंगल क्लिक से बहनों के खाते में अंतरित की जायेगी। रक्षाबंधन पर जब बहनें अपने भाई को तिलक लगाकर राखी बांधेगी तो उनका यह आशीर्वाद मुझे अपने आप ही मिल जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि हमारी बहनें मिलने वाली राशि का सदुपयोग और प्रबंधन करना बखूबी जानती है। बालाघाट जिले की बहनों को 10 अगस्त को 08 करोड़ 92 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। हमारी सरकार द्वारा जून 2023 से अगस्त 2024 तक हर माह 3 लाख 56 हजार बहनों को 500 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना में अब गैस सिलेण्डर 450 रुपये में देने का कार्य भी सरकार कर रही है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में स्व सहायता समूहों, एमएसएमई के माध्यम से उद्योगो से जोड़ने की दिशा में सरकार ने पहल की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बालाघाट जिले के चिन्नौर चावल को जीआई टैगिंग का दर्जा प्राप्त हुआ है। अब किसानों को गेहूं की तरह ही धान के लिए भी बोनस की राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही पशु पालकों की आर्थिक स्थिति एवं उनकी आमदनी को बेहतर बनाने के लिए बोनस दिया जाएगा। तेंदुपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन देने के लिए उन्हें मिलने वाली प्रति बोरा की राशि भी बढ़ाई जायेगी। पीएम जनमन योजना में विशेष पिछड़ी जनजातियों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए लगभग 7 हजार 300 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान बजट में किया गया है। जनजातीय समुदाय की बैगा बसाहटों में 19 सड़को के निर्माण कार्य भी प्रारंभ किये जाएंगे। साथ ही जल जीवन मिशन अंतर्गत नल-जल योजना का भी लाभ दिलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रदेश के बालाघाट की धरती को प्रकृति का आशीर्वाद मिला है। यह जिला अपनी खनिज संपदा के लिए देश-विदेश में पहचाना जाता है। अपने गर्भ में मैंगनीज एवं तांबा जैसी बहुमूल्य धातु समाई हुई है। जिले में लगभग 80 प्रतिशत मैंगनीज के भंडार मौजूद है। अगली बार मलाजखंड जाकर यहां तांबा खनन के कार्य को देखूंगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि वे बालाघाट आने पर प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किये जा रहे है। उन्होंने बताया है कि सिवनी में शीघ्र ही नये मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 12 मेडिकल कॉलेज पीपीपी मॉडल के अंतर्गत प्रारंभ किये जायेंगे। इसके अलावा सिवनी से बालाघाट सड़क मार्ग को फोर लेन बनाने के लिए सर्वे कार्य भी कराया जाएगा।

श्रावण के पवित्र सोमवार को बालाघाट की बहनों ने मुख्यमंत्री भाई डॉ. यादव की कलाई पर राखी बांधी। राखी बंधवाते हुए भाई मुख्यमंत्री डॉ. यादव पूरी तरह भाव विभोर हुए। उन्होंने बहनों के आगे अपने दोनों हाथ बढ़ाकर राखी बंधवाई और अपने हाथों से उपहार भी प्रदान किये। वहीं उन्होंने बहनों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर मुंह मीठा भी कराया। श्रावण का उत्सवी माहौल इतवारीगंज स्थित जैविक मंडी में आयोजित हुआ।

बालाघाट की लखपति दीदियों ने भी बालाघाट में हुए कार्यक्रम में राखी बांधी तो सीएम भैय्या ने अपने हाथों से मुंह मीठा कराया। जन-प्रतिनिधि बहनों, जैन समाज, लखपति दीदियों का समूह, प्रस्फुटन समिति, सखी समूह और रोटरी क्लब की बहनों के साथ ही बैगा जनजाति की बहनों ने भी अपने हाथों से बनाई राखी बांधी।

 

देवास में अखिल भारतीय उद्यमी सम्मेलन आज मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

एमएसएमई विभाग के सहयोग से लघु उद्योग भारती मध्यप्रदेश द्वारा आज देवास में अखिल भारतीय उद्यमी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का शुभारम्भ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। एमएसएमई मंत्री श्री चेतन्य काश्यप विशेष रूप से उद्बोधन देंगे। इस सम्मेलन के मुख्य वक्ता सह सरकार्यवाह आर.एस.एस. डॉ. कृष्ण गोपाल होंगे।

सम्मेलन में केन्द्र सरकार के एमएसएमई विभाग के सहयोग से महिलाओं और युवाओं पर केंद्रित तीन दिवसीय स्वयं सिद्धा इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर 2024 भी आयोजित किया गया है। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। इस समागम में 3000 से अधिक उद्यमी भाग ले रहे है, जिसमें लगभग 300 से ज्यादा अन्य प्रदेशों के है।

सम्मेलन में एमएसमएई विभाग के सचिव एवं उद्योग आयुक्त डॉ. नवनीत मोहन कोठारी नीतियों और योजनाओं पर प्रजेन्टेशन देंगे। उद्यमी सम्मेलन के अलावा स्वयं सिद्धा प्रदर्शनी भी आयोजित की गई है। सम्मेलन में 100 से ज्यादा स्टॉल लगाए जाएंगे।

कावड़ यात्रा से मिलती है शिवजी की विशेष कृपा – भगवानदास सबनानी

सावन के पवित्र महीने में शिव भक्तों द्वारा भगवान शिव को मनाने के लिए उपवास व्रत के साथ ही कावड़ यात्रा निकालने का अपना अलग ही महत्व है। भगवान भोलेनाथ के भक्तों द्वारा विशाल कावड़ यात्रा का आयोजन पिपलेश्वर महादेव मंदिर नेहरू नगर चौराहे से किया गया यात्रा विभिन्न मार्गो से होते हुए सिद्धेश्वरी मंदिर पहुंचेगी यात्रा के आयोजक राजेंद्र राठौड़ द्वारा यात्रा में सम्मिलित सभी शिव भक्तों का स्वागत किया गया।

विशाल कावड़ यात्रा के मुख्य संरक्षक व दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि सावन का यह पवित्र महिना अति शुभ होता है। यह महिना भगवान भोलेनाथ की पूजा के लिए अति महत्वपूर्ण माना गया है। कावड़ यात्रा से शिवजी की विशेष कृपा मिलती है। सनातन धर्म के सभी तीज त्यौहार लोगों में उत्साह के साथ ही भाईचारा बनाए रखते हैं। हमारे सभी त्योहार हमें प्रकृति से जोड़ते हैं इसलिए हमें प्रकृति के संरक्षण का विशेष ध्यान रखना चाहिए और सावन के इस महिने में अधिक से अधिक पौधारोपण कर धरती का श्रृंगार करना चाहिए। कावड़ यात्रा के इस शुभ अवसर पर मैं भगवान महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि हम सभी पर अपनी कृपा दृष्टि इसी प्रकार बनाए रखें। भगवानदास सबनानी ने आगे कहा राजेंद्र राठौड़ द्वारा आयोजित इस विशाल कावड़ यात्रा के सफलतम 2 वर्ष होने पर में आयोजन समिति को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

इस शुभ अवसर पर हजारों की संख्या में शिव भक्त सम्मिलित रहे और बम बम भोले के उद्घोष के साथ ही हाथों में तिरंगा लिए भारत माता की जय वंदे मातरम् का जय घोष किया गया। कार्यक्रम में महापौर मालती राय,पार्षद आरती अनेजा,पार्षद वृजुला सचान, कमल सिंह यादव, अंकित राजपूत, लवलेश तिवारी, शरद गोरदे, हितेश राजपूत सहित बड़ी संख्या में शिव भक्त उपस्थित रहे।

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में कल आवश्यक बैठक एवं श्रद्धांजलि सभा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में 6 अगस्त मंगलवार को आवश्यक बैठक का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश भाजपा कार्यालय में 6 अगस्त को प्रातः 10 बजे बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में पार्टी के सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा हर घर तिरंगा अभियान के जिला प्रभारी व सह-प्रभारी भाग लेंगे।

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में 6 अगस्त को सायं 5 बजे पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद स्व. प्रभात झा जी के देवलोकगमन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता स्व. प्रभात झा जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

बांग्लादेश में तख्ता पलट, शेख हसीना ने पीएम पद से दिया इस्तीफा, अंतरिम सरकार का होगा गठन

बांग्‍लादेश में तख्तापलट के बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस्‍तीफा दे दिया है। शेख हसीना भारत पहुंच गई हैं और यहां से लंदन रवाना होने वाली हैं। थोड़ी देर पहले उनका प्‍लेन गाजियाबाद के ह‍िंडन एयरबेस पर उतरा। उधर, बांग्लादेश के सेना प्रमुख ने ऐलान क‍िया क‍ि सेना ने देश की कमान संभाल ली है।

इससे पहले बांग्लादेश में जारी हिंसक प्रदर्शन के बीच सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक सैन्य हेलीकॉप्टर ने प्रधानमंत्री शेख हसीना को लेकर बंग भवन से उड़ान भरी। इस दौरान उनके साथ उनकी छोटी बहन शेख रेहाना भी नजर आईं।

खबरें आ रही हैं कि बांग्लादेश में आरक्षण के विरोध में जारी हिंसक प्रदर्शन के चलते चारों तरफ अराजकता का माहौल बना हुआ है। यह भी बताया जा रहा है कि चारों तरफ प्रदर्शन, आगजनी, हिंसा और कर्फ्यू के चलते सेना ने शेख हसीना को देश छोड़ने की सलाह दी थी।

बांग्लादेश के सेना मुख्यालय में हलचल तेज हो गई है। सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान ने एक बैठक की। बैठक में जातीय पार्टी के वरिष्ठ सह अध्यक्ष अनीसुल इस्लाम महमूद और पार्टी के महासचिव मुजीबुल हक चुन्नू को आमंत्रित किया गया। इस बैठक में ढाका विश्वविद्यालय के कानून विभाग के प्रो. आसिफ नजरूल को भी आमंत्रित किया गया।

इसके पश्चात् बांग्लादेश के सेना प्रमुख ने देश की जनता को संबोधित किया और देश में अंतरिम सरकार के गठन की बात कही। उन्होंने देश की जनता से कहा कि वे शांति व्यवस्था बहाल करेंगे। इसके लिए सेना पर भरोसा रखें। उन्होंने संबोधन में यह भी कहा कि प्रदर्शनकारियों की मांग पर विचार किया जाएगा।

बांग्लादेश में इसे तख्ता पलट के रूप में देखा जा रहा है। ढाका की सड़कों पर विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया है। प्रदर्शनकारी बंग-बंधु शेख मुजीबुर्रहमान की प्रतिमा तोड़ते नज़र आए।

उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश सरकार ने प्रदर्शनकारियों के आम जनता से ‘लॉन्ग मार्च टू ढाका’ में हिस्सा लेने का आह्वान करने के बाद इंटरनेट को पूरी तरह बंद करने का सोमवार को आदेश दिया। इससे एक दिन पहले बांग्लादेश में प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों और सत्तारूढ़ पार्टी के समर्थकों के बीच देश के विभिन्न हिस्सों में हुई झड़पों में 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

पेरिस ओलंपिक में पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला जर्मनी से

पेरिस ओलंपिक में रविवार को भारत और ब्रिटेन के बीच हॉकी के क्वार्टर फाइनल मैच में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार जीत दर्ज की। वहीं अब भारतीय टीम सेमीफाइनल में चार बार की ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और मौजूदा एफआईएच हॉकी विश्व कप चैंपियन जर्मनी से भिड़ेगी।

विश्व में पांचवें नंबर पर काबिज भारतीय पुरुष हॉकी टीम मंगलवार को चल रहे पेरिस ओलंपिक के सेमीफाइनल में चार बार की ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और मौजूदा एफआईएच हॉकी विश्व कप चैंपियन जर्मनी से भिड़ेगी। रविवार को क्वार्टर फाइनल में चौथी रैंकिंग वाली जर्मनी की सातवीं रैंकिंग वाली अर्जेंटीना पर 3-2 से जीत के बाद आखिरकार यह मुकाबला पक्का हो गया है।

दूसरे सेमीफाइनल में नीदरलैंड का मुकाबला स्पेन से होगा। नीदरलैंड, जो वर्तमान में तीसरी रैंकिंग वाली टीम है और जिसके पास दो ओलंपिक स्वर्ण हैं, उसने ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। छठी रैंकिंग वाली ऑस्ट्रेलिया, जो तीन बार विश्व कप विजेता भी है, को एक गंभीर झटका लगा क्योंकि उन्हें भारत से (1972 के बाद से ओलंपिक में एशियाई दिग्गजों के खिलाफ उनकी पहली हार) और नीदरलैंड से लगातार दो हार का सामना करना पड़ा।

स्पेन ने अपने क्वार्टर फाइनल में दुनिया की नंबर एक और मौजूदा ओलंपिक चैंपियन बेल्जियम को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में एक रोमांचक क्वार्टर फाइनल मैच में ग्रेट ब्रिटेन को हराया और रविवार को सेमीफाइनल में प्रवेश किया। निर्धारित समय के बाद स्कोर 1-1 से बराबर था, अतः भारत ने शूटआउट में 4-2 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। वर्तमान में, भारतीय दल ने पेरिस ओलंपिक में तीन कांस्य पदक जीते हैं और ये सभी निशानेबाजी में आए हैं।

यूक्रेन ने अमेरिका में निर्मित एफ-16 लड़ाकू विमानों का शुरू किया इस्तेमाल

यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि अमरीका में निर्मित एफ-16 लड़ाकू विमान उनके देश को मिल गये हैं। इसकी घोषणा करते हुए जेलेंस्की ने डेनमार्क, नीदरलैंड, अमरीका और यूक्रेन के अन्य भागीदारों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के पायलट पहले ही एफ-16 विमान का इस्तेमाल शुरू कर चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जुलाई के अंतिम दिन यूक्रेन को पहले दस एफ-16 फाइटर जेट मिले। स्थानीय मीडिया ने बताया कि जेट विमान यूक्रेन की वायुसेना में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगे।

दूसरी ओर, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चेतावनी दी है कि यदि नाटो देश यूक्रेन को युद्धक विमान देता है तो रूस नाटो देशों पर हमले करने पर विचार कर सकता है। अमरीका में निर्मित एफ-16 एक प्रतिष्ठित लड़ाकू विमान है जो 50 वर्षों से नाटो गठबंधन और दुनिया भर की कई वायु सेनाओं के लिए पसंदीदा फ्रंट-लाइन लड़ाकू विमान रहा है। अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पिछले साल अगस्त में इस्तेमाल किए गए एफ-16 को यूक्रेन में तैनात करने की अनुमति दी थी।

 

खंडवा के विकास में कोई कमी नहीं रखी जायेगी – कैलाश विजयवर्गीय

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि खंडवा के समग्र विकास के लिये कोई कमी नहीं रखी जायेगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों एवं योजनाओं पर सतत निगरानी रखे जाने के लिये भी कहा। नगरीय विकास मंत्री विजयवर्गीय रविवार को खंडवा में स्विमिंग पूल के लोकार्पण कार्यक्रम के समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि खंडवा शहर में बायपास एवं रिंग रोड के लिये कार्ययोजना तैयार की जाये। इस पर प्राथमिकता के साथ राज्य सरकार से मंजूरी दिलाई जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि वर्ष 2047 तक जब देश स्वंतत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा तब भारत दुनिया का शक्तिशाली राष्ट्र होना चाहिए, इसके लिये काम प्रारंभ कर दिया गया है। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक गरीब परिवार का स्वयं का आवास हो इसके लिये तेजी से प्रयास किये जा रहे है।

खंडवा नगर निगम महापौर अमृता यादव ने कहा कि शहर में जल संकट को दूर करने के लिये 137 करोड़ रूपये की योजना पर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में बताया गया कि स्विमिंग पूल का निर्माण 7 करोड़ रूपये की लागत से किया गया है। पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कविन्द्र कियावत ने बताया कि स्विमिंग पूल का निर्माण जनभागीदारी से किया गया है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री विजयवर्गीय ने खंडवा के गौरव दिवस समारोह को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि महान पाश्रर्व गायक स्व. किशोर कुमार ने संगीत के क्षेत्र में अपने श्रेष्ठ गायन से अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा है। उनकी जयंती को खंडवा में गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने युवाओं आग्रह किया कि वे अपनी प्रतिभा को निखारे और खंडवा के नाम को देश दुनिया में गौरवन्वित करे। कार्यक्रम को सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, महापौर अमृता यादव एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संबोधित किया। इस मौके पर लोक नृत्य के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गये। इस मौके पर निकाली गई गौरव यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी रही।

 

10वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का उत्‍सव मनाने के लिए नई दिल्ली के हथकरघा हाट में “विरासत” प्रदर्शनी शुरू हुई

10वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का उत्‍सव मनाने को समर्पित एक पखवाड़े तक चलने वाली प्रदर्शनी “विरासत” शनिवार, को जनपथ स्थित हथकरघा हाट में शुरू हुई। इस प्रदर्शनी का आयोजन भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय, के तत्वावधान में राष्ट्रीय हथकरघा विकास निगम लिमिटेड (एनएचडीसी) कर रहा है, जिसका समापन 16 अगस्त, 2024 को होगा।

“विरासत” श्रृंखला – “विशेष हथकरघा प्रदर्शनी” पिछले वर्ष राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर आयोजित समारोहों की अगली कड़ी है। इस वर्ष 10वां राष्ट्रीय हथकरघा दिवस 7 अगस्त को मनाया जाएगा। इस आयोजित कार्यक्रम का फोकस हथकरघा और हस्तशिल्प की गौरवशाली परंपरा पर है। यह हथकरघा बुनकरों और कारीगरों को बाजार भी उपलब्‍ध करवाता है और इससे जोड़ता है।

यह प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में भारत के कुछ आकर्षक स्थलों के हथकरघा उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान, हथकरघा हाट में कई गतिविधियाँ का आयोजन किया जाएगा, इसमें हथकरघा बुनकरों और कारीगरों के लिए 75 स्टॉल, जहाँ वे सीधे उत्पादों की खुदरा बिक्री कर सकेंगे, भारत के उत्कृष्ट हथकरघा उत्पादों की क्यूरेटेड थीम डिस्प्ले, प्राकृतिक रंगों, कस्तूरी कपास, डिजाइन और निर्यात पर कार्यशालाएँ, लाइव करघा प्रदर्शन, भारत के लोक नृत्य, स्वादिष्ट क्षेत्रीय व्यंजन आदि शामिल हैं।

माननीय प्रधानमंत्री ने, मन की बात (112वें एपिसोड) के दौरान इस बात की सराहना की थी कि हथकरघा कारीगरों का कौशल देश के कोने-कोने में फैला हुआ है और जिस तरह से हथकरघा उत्पादों ने लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई है, वह अत्‍यन्‍त सफल और उल्‍लेखनीय है। साथ ही उन्होंने स्थानीय उत्पादों के साथ फोटो को हैशटैग ‘#MyProductMyPride’ के साथ सोशल मीडिया पर अपलोड करने का आग्रह किया।

7 अगस्त, 1905 को शुरू किए गए स्वदेशी आंदोलन ने स्वदेशी उद्योगों और विशेष रूप से हथकरघा बुनकरों को प्रोत्साहित किया था। भारत सरकार ने वर्ष 2015 में, हर साल 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।

माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 7 अगस्त 2015 को चेन्नई में प्रथम राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाया गया। इस दिन हथकरघा बुनकर समुदाय को सम्मानित किया जाता है तथा देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में इस क्षेत्र के योगदान को विशिष्‍ट रूप से दर्शाया जाता है। हमारी हथकरघा विरासत की रक्षा करने तथा हथकरघा बुनकरों और श्रमिकों को अधिक अवसर प्रदान करके उन्हें सशक्त बनाने के संकल्प की पुनः पुष्टि की जाती है। सरकार हथकरघा क्षेत्र के सतत विकास को सुनिश्चित करने का प्रयास करती है, जिससे हमारे हथकरघा बुनकरों और श्रमिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके तथा उनकी उत्कृष्ट शिल्पकला पर उन्‍हें गौरान्‍वित किया जा सके।

हथकरघा क्षेत्र हमारे देश की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। भारत का हथकरघा क्षेत्र प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से 35 लाख व्‍यक्तियों को रोजगार प्रदान करता है, जो देश में कृषि क्षेत्र के बाद दूसरे स्थान पर है। हथकरघा बुनाई की कला में पारंपरिक मूल्यों से जुड़ाव है और इसके प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट विविधताएँ हैं। बनारसी, जामदानी, बालूचरी, मधुबनी, कोसा, इक्कत, पटोला, तसर सिल्क, माहेश्वरी, मोइरांग फी, बालूचरी, फुलकारी, लहरिया, खंडुआ और तंगलिया जैसे कुछ विशिष्‍ट उत्पादों के नाम हैं जिनकी विशिष्ट बुनाई, डिजाइन और पारंपरिक रूपांकन दुनिया भर के ग्राहकों को आकर्षित करता है।

भारत सरकार ने हथकरघा के लिए विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया हैं, जिसमें शून्य दोष और पर्यावरण पर शून्य प्रभाव वाले उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की ब्रांडिंग की जाती है, ताकि उत्पादों की विशिष्टता को प्रदर्शित करने के अलावा उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा सके और उन्हें एक अलग पहचान प्रदान की जा सके। यह खरीदार के लिए एक गारंटी भी है कि खरीदा जा रहा उत्पाद वास्तव में हस्तनिर्मित है। प्रदर्शनी में सभी प्रदर्शकों को अपने उत्कृष्ट उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है और इस प्रकार हथकरघा उत्पादों के लिए बाजार और हथकरघा समुदाय की आय में सुधार करने का लक्ष्य रखा गया है।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...