अब रेल मंत्री के क्षेत्र से नहीं, पूरे देश में आवश्यकता को देखते हुए बढ़ती हैं रेल सुविधाएं : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कल भोपाल रीवा के मध्य नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी, विष्णु खत्री, भोपाल संसदीय क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा, होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह, भोपाल की महापौर मालती राय उपस्थित थीं।

वर्तमान में राजधानी भोपाल से रीवा जाने के लिए रेवांचल एक्सप्रेस प्रतिदिन सागर कटनी होकर जाती है। नई एक्सप्रेस ट्रेन इटारसी मार्ग से सप्ताह में दो दिन चलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में हर तरह की यातायात कनेक्टिविटी को विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रीवा के लिए वायुयान सुविधा भी उपलब्ध है। गंभीर रोगियों, पर्यटकों श्रद्धालुओं आदि के लिए प्रदेश के अन्य नगरों के मध्य भी विभिन्न माध्यमों से कनेक्टिविटी प्रारंभ की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व में रेल मंत्री के क्षेत्र में ही रेल सुविधाएं बढ़ाई जाती थी। गत 10 वर्ष से इस परिपाटी को बदल दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने रानी कमलापति के नाम से सुविधायुक्त रेलवे स्टेशन की सौगात भोपाल को दी थी। अब भोपाल मुख्य स्टेशन का विकास भी तेजी से हो रहा है। कार्यक्रम को अन्य जनप्रतिनिधियों में भी संबोधित किया।

केंद्रीय मंत्रिमंडल 8 नई राष्ट्रीय हाई-स्पीड रोड कॉरिडोर परियोजना को दी मंजूरी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को 8 महत्वपूर्ण राष्ट्रीय हाई-स्पीड रोड कॉरिडोर परियोजनाओं को मंजूरी दी, जिनकी कुल लंबाई 936 किलोमीटर और कुल लागत 50,655 करोड़ रुपये है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव में शुक्रवार देर शाम नेशनल मीडिया सेंटर में पत्रकारों को मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी दी।

उन्होंने ने बताया कि मंत्रिमंडल ने 6-लेन आगरा-ग्वालियर राष्ट्रीय हाई-स्पीड कॉरिडोर, 4-लेन खड़गपुर-मोरग्राम राष्ट्रीय हाई-स्पीड कॉरिडोर, 6-लेन थराद-डीसा-मेहसाणा-अहमदाबाद राष्ट्रीय हाई-स्पीड कॉरिडोर, 4-लेन अयोध्या रिंग रोड, रायपुर-रांची राष्ट्रीय हाई-स्पीड कॉरिडोर के पत्थलगांव और गुमला के बीच 4-लेन सेक्शन, 6-लेन कानपुर रिंग रोड, 4-लेन उत्तरी गुवाहाटी बाईपास और मौजूदा गुवाहाटी बाईपास का चौड़ीकरण/सुधार, पुणे के पास 8-लेन एलिवेटेड नासिक फाटा-खेड़ कॉरिडोर को मंजूरी दी है।

केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन परियोजनाओं का लाभ गिनाते हुए कहा कि आगरा और ग्वालियर के बीच यात्रा का समय 50 प्रतिशत तक कम हो जाएगा। खड़गपुर-मोरग्राम कॉरिडोर पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर की अर्थव्यवस्था को बदल देगा। कानपुर रिंग रोड़ शहर के आसपास के राजमार्ग नेटवर्क को भीड़भाड़ से मुक्त करेगा। रायपुर रांची कॉरिडोर के पूरा होने से झारखंड और छत्तीसगढ़ के विकास को गति मिलेगी। वहीं थराद और अहमदाबाद के बीच नया कॉरिडोर पूरा होने पर गुजरात में निर्बाध बंदरगाह संपर्क और कम लॉजिस्टिक्स लागत के लिए हाई स्पीड रोड नेटवर्क सुनिश्चित होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि राष्‍ट्रीय तीव्र गति सड़क कॉरिडोर परियोजनाओं से देश की आर्थिक वृद्धि तेज होगी और रोजगार के अवसर बढेंगे। केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने कल 50 हजार करोड़ रुपये लागत की आठ परियोजनाओं को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि इससे एकजुट भारत की सरकार की प्रतिबद्धता स्‍पष्‍ट होती है।

कुल 936 किलोमीटर लंबाई की इन परियोजनाओं से माल ढुलाई क्षमता बढ़ेगी, जाम की समस्‍या में कमी आयेगी और देश के विभिन्‍न हिस्‍सों के बीच संपर्क बढ़ेगा। कल शाम नई दिल्‍ली में केन्‍द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्‍वनि वैष्‍णव ने कहा कि ये परियोजनाएं भारत के 2047 के लक्ष्‍य के अनुरूप है।

प्रदेश में वितरित होने वाली राशन सामग्री में श्रीअन्न को शामिल किया जाए : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में वितरित होने वाली राशन सामग्री में प्रदेश में उत्पन्न होने वाले ज्वार, बाजरा, रागी जैसे श्रीअन्न को शामिल किया जाए। इसके लिए स्थानीय किसानों से अनाज लेने और प्रक्रिया में स्व-सहायता समूहों को जोड़ने पर विचार किया जाए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जिन्हें पर्ची जारी की गई है। वह योजना के लिए पात्र हैं या नहीं इसका भी सर्वे कराया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। मंत्रालय में हुई बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा सहित अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नापतौल विभाग के अमले की यूनिफार्म तय की जाए। अन्य राज्यों जैसे महाराष्ट्र, केरल, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना आदि में इस संबंध में जारी व्यवस्था के आधार पर प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने पाइप लाइन द्वारा रसोई गैस उपलब्ध कराने संबंधी गतिविधि के लिए राज्य स्तर पर गैस कार्पोरेशन गठित करने की आवश्यकता बताई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में भी गैस उपयोग की संभावना है, अत: इसकी आपूर्ति को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना बनाई जाए। अन्य राज्यों में इस संबंध में लागू व्यवस्था का भी अध्ययन किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलहन उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए नीति बनाई जाए। साथ ही भू-जल भंडारण के संरक्षण और बिजली की बचत‍के दृष्टिगत बिना मौसम की धान व मूंग के उत्पादन को हतोत्साहित किया जाए। इसके लिए किसानों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से किसान सम्मेलन और कृषि विशेषज्ञों के साथ परिचर्चाएं भी की जाएं।

बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिनियम, फोर्टिफाईड चावल, शक्कर एवं नमक वितरण अनुसूचित जाति जनजाति विद्यार्थियों को रियायती दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने वन-नेशन-वन राशन कार्ड प्रधानमंत्री राशन आपके ग्राम योजना मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना महिलाओं को 450 रूपए में गैस रिफिल उपलब्ध करान प्रधानमंत्री जनमन मिशन गेहूं उपार्जन की स्थिति और लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के लिए जारी गतिविधियों पर प्रस्तुतिकरण के साथ चर्चा भी हुई। प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति रश्मि अरूण शमी, प्रमुख सचिव वित्त मनीष सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

राजेंद्र शुक्ल सादगी, प्रेम और सरलता से सम्पन्न असाधारण व्यक्तित्व

ताहिर अली

उप-मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल मध्यप्रदेश के राजनीतिक क्षितिज में दैदीप्यमान वह प्रकाशपुंज हैं जो उज्जवल भविष्य, चहूँओर विकास को प्रदर्शित करता है। उनका नाम, विकास का भविष्योन्मुखी सोच का परिचायक है। उनकी दूरदर्शी सोच और उस सोच को धरातल में लाने की दृढ़ इच्छाशक्ति और जुझारू व्यक्तित्व उन्हें विशेष बनाता है। जन-जन के विकास के लिए बिना-रुके, बिना- थके सतत प्रयासरत राजेंद्र शुक्ल की विनम्रता उनके व्यक्तित्व को असाधारण बनाती है। शिखर पर पहुँचने के बाद भी विनम्र बने रहना सबसे बड़ा गुण है। जहां तक राजेन्द्र शुक्ल का सवाल है, उन्हें विनम्रता का पर्याय कहना किसी भी तरह की अतिशयोक्ति नहीं होगी।

निःस्वार्थ सेवा, अथक परिश्रम, गहन समर्पण, अटूट निष्ठा, जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदा तत्परता और लक्ष्य की ओर निरंतर यात्रा ने उन्हें भीड़ में अलग पहचान दिलाई है। वे नवोन्मेषी विचारक हैं। उनके अंतरात्मा में विचारों की निरंतरता हमेशा गतिशील रहती है। उनके नवाचार की ऊष्मा हर पल नए और विशिष्ट विचारों का जन्म देती रहती है। चुनौतियों और लक्ष्यों से लड़ने की दृढ़ शक्ति उनमें निहित है। सौंपे गए दायित्वों को कुशलता से निभाने की क्षमता का आकलन कर विरोधी भी उनकी प्रशंसा किए बिना नहीं रहते हैं। कैसी भी बाधाएँ समस्याएँ आ जायें, बिना समय व्यर्थ किए, बिना विचलित हुए वे सदैव समाधान के लिए प्रयास करते हैं। उनका मानना है कि “अगर आप समाधान का हिस्सा नहीं है, तो आप ख़ुद एक समस्या हैं।”

वे मानते हैं कि “श्रमेण सिध्यन्ति कार्याणि न मनोरथैः” अर्थात श्रम से ही कार्य सिद्ध होते हैं, मात्र इच्छाओं से नहीं। लक्ष्य प्राप्ति के लिए सतत प्रयास करना सोच से भी महत्वपूर्ण है। सतत प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। यहाँ रश्मिरथी का यह उद्धरण प्रासंगिक है:
“खम ठोक ठेलता है जब नर, पर्वत के जाते पांव उखड़,
मानव जब जोर लगाता है, पत्थर पानी बन जाता है…”

राजेन्द्र शुक्ल का जीवन संघर्ष और सेवा का जीवंत उदाहरण है, जो हमें प्रेरणा देता है कि कैसे कठिनाईयों और संघर्षों के बीच भी एक व्यक्ति अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है और समाज के लिए आदर्श बन सकता है। राजेन्द्र शुक्ल के व्यक्तित्व की उदारता, सहृदयता, संवेदनशीलता और सज्जनता के अद्भुत संयोजन में ऐसा व्यक्तित्व निर्मित हुआ है, जिसने सरल, सहज, उदार, स्नेही व्यक्तित्व की नई इबारत लिखी है। विशाल व्यक्तित्व के धनी का सशक्त पहलू व्यापक विचारधारा है। उनकी चिंतन क्षमता ने उनके व्यक्तित्व में व्यवहारिकता और अध्यात्मिकता का अनूठा संयोजन किया है। उनकी सफलताओं का आधार उनके करिश्माई व्यक्तित्व और अनूठी सोच है। विचारों की व्यापकता का रूचि-नीति में भी परिलक्षित होती है। उनका यहीं सेवा-भाव जरूरतमंद की मदद करने में दिखता है।

शुक्ल में सेवा-संकल्प का समर्पित भाव, चुनौतियों की जिद और जूनून के साथ सामना करने का जज्बा उनके व्यक्तित्व के ऐसे पहलू हैं, जिन्होंने राजनीति को सेवा नीति में बदल दिया है। एक योगी की तरह हर आम-खास की बात, समस्या सुनना, मनन करना और जरूरतमंदों की सेवाभाव से मदद करना उनकी प्राथमिकता में रहता है। उनका यह ऐसा गुण है, जिसमें आम “जन” के “मन” से उनका एक गहरा और आत्मीयता पूर्ण रिश्ता बन जाता है।

राजेन्द्र शुक्ल को कभी अपनी छवि निर्माण के लिए प्रयास नहीं करने पड़े। उनके कर्मठ व्यक्तित्व और सरल विनम्र स्वभाव ने उनकी छवि को इतना पुख्ता कर दिया है कि उसे धुंधला कर पाना संभव नहीं है। राजेंद्र शुक्ल के व्यक्तित्व का प्रभावी पहलू उनकी विशिष्ट संवाद क्षमता है। वे सीधे और सहज भाव से श्रोताओं के साथ सीधा सम्पर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं का निदान करते हैं। सीधे संवाद की विशिष्ट क्षमता, विचारों की व्यापकता व्यवहार की सहजता, व्यक्तित्व की विशालता का अद्भुत संयोजन का ही नाम राजेन्द्र शुक्ल हैं।

राजेन्द्र शुक्ल असाधारण व्यक्ति वाले आम आदमी है। वे दिखते साधारण है लेकिन उनका व्यक्तित्व असाधारण रूप से विशाल और प्रतिभा संपन्न हैं। मानवीय संवेदनाओं, अनुभूतियों से उदार गुणों से भरा दिल है जो हर पल पीड़ित मानवता की सेवा के लिए धड़कता है। वे कार्यों पर जितनी चौकस निगाह रखते हैं, उतनी उनको चिंता है कि दरवाजे पर आए गंभीर रोग से पीड़ित और हर दुखियारे की मदद कर उसका दुःख-दर्द दूर किया जाए।

सहजता, सरलता, सौम्यता, शुचिता के साथ ही तत्परता और त्वरित गति से जन-समस्याओं का निराकरण; ये वे गुण होते हैं जो राजनीति के क्षेत्र में काम करने वाले व्यक्ति को एक ऊँचे मुकाम तक पहुँचाते हैं। विन्ध्य की धरती पर जन्में राजेन्द्र शुक्ल के जीवन और उनके व्यक्तित्व-कृतित्व में ऐसे ही गुणों का समावेश है, जो सार्वजनिक जीवन में और राजनीति में काम करने की विशेषताएँ होती है, राजनीति उनके लिए सेवा का भाव रही है।

मानव-सेवा के लक्ष्य शिरोधार्य

राजेंद्र शुक्ल ने पिता समाजसेवी स्व. भैयालाल शुक्ल के गुणों और संस्कारों का अनुसरण करते हुए स्वयं को ढाला। धीर-गंभीर ऋषि-मुनि मानव सेवा के लक्ष्य में एक तपस्वी की तरह लीन रहना उनका लक्ष्य है। उनकी सेवा भावना की तपस्या को कभी किसी पद का लालच भंग करने का साहसी ही नहीं जुटा पाया है। मानव-सेवा के लक्ष्य को शिरोधार्य कर अनवरत प्रयासरत हैं।

कर्मयोगी की साधना

राजेंद्र शुक्ल का जन्म और प्रारंभिक शिक्षा रीवा, मध्यप्रदेश में हुई। रीवा में 3 अगस्त 1964 को जन्में राजेन्द्र शुक्ल ने युवा अवस्था में ही राजनीति के प्रति अपनी रुचि बता दी थी, जब वे वर्ष 1986 में रीवा इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गए। वर्ष 1992 में युवा सम्मेलन का आयोजन करने में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही। वे लायंस क्लब रीवा के लंबे समय से सदस्य रहे हैं। भाजपा मध्यप्रदेश की कार्य समिति के सदस्य और मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के डायरेक्टर भी रहे हैं। राजेंद्र शुक्ल ने वर्ष 1998 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए गए। व्यवसाय कृषि, तैराकी के शौकीन पहली बार वर्ष 2003 में विधानसभा के लिए चुने गए और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आवास एवं पर्यावरण रहे। उसके बाद उन्होंने निरंतर अपनी विजय को बरकरार रखा। योग्य, कुशल प्रबंधन और प्रशासनिक क्षमता के धनी राजेंद्र शुक्ल को जब भी जो जिम्मेदारी सौंपी गई, उन्होंने प्रबंधन कौशल का बेहतर प्रदर्शन कर उसे परिणाममूलक बनाया। अपने बेहतर प्रबंधन से राजनेताओं के सामने राजेंद्र शुक्ल ने अपनी पहचान को नए-नए आयाम दिए। विवादों से दूर रहकर बिना शोरगुल के काम करते रहने की नीति पर वे चले। राजनीति को राष्ट्र हित में रखते हुए वे राष्ट्रवादी चिंतन के साथ अपने कदम को आगे बढ़ाना चाहते हैं। राजेंद्र शुक्ल को तीन कार्यकाल में मंत्रीमंडल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली। वे मंत्री पद की कसौटी पर भी सदैव खरे उतरे। नेतृत्व के प्रति निष्ठा और राज्य सरकार के लक्ष्यों और कार्यक्रमों को पूरा करने की प्रतिबद्धता राजेंद्र शुक्ल की विशेषता है। उनकी कर्मठता और लक्ष्य के प्रति संकल्पबद्धता को शब्दों के रूप में पिरोने के लिए बशीर बद्र की यह ग़ज़ल प्रासंगिक है-
“जिस दिन से चला हूं मेरी मंज़िल पे नज़र है,
आंखों ने कभी मील का पत्थर नहीं देखा …”।

राजेंद्र शुक्ल वर्ष 2008 में तेरहवीं विधान सभा के सदस्य निर्वाचित हुए और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन, जैव विविधता तथा जैव प्रौद्योगिकी, खनिज साधन, विधि और विधायी कार्य और ऊर्जा मंत्री रहे। वर्ष 2009 में ऊर्जा एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का प्रभार संभालने के पश्चात्, राजेंद्र शुक्ल ने गुजरात की ग्राम ज्योति योजना से प्रेरित होकर मध्यप्रदेश में भी अटल ज्योति योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के माध्यम से प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के लक्ष्य को हासिल किया गया। ऊर्जा मंत्री के रूप में बिजली संकट जूझते हुए मध्यप्रदेश को रोशन करने की उन्हें चुनौती मिली। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप उन्होंने प्रदेश को बिजली संकट से उबारा। आज मध्यप्रदेश सरप्लस बिजली राज्य के रूप में खड़ा है। वर्ष 2012 में उन्हें मंत्री ऊर्जा, खनिज साधन बनाया गया। वर्ष 2013 में चौदहवीं विधान सभा के सदस्य निर्वाचित हुए और मंत्री, ऊर्जा, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा, खनिज साधन, जनसम्पर्क, वाणिज्य, उद्योग और रोजगार, प्रवासी भारतीय विभाग का मंत्री बनाया गया। राजेंद्र शुक्ल ने जनसंपर्क मंत्री के रूप में भी एक अलग पहचान स्थापित की। पत्रकारों के हित में अनेक योजनाओं को अमली जामा पहनाया। राजेंद्र शुक्ल ने उद्योग तथा खनिज विभाग के दायित्व को बखूबी निभाया। वे प्रदेश में औद्योगिक क्रांति का संकल्प लेकर राज्य में उद्योगों का जाल बिछाने का पर कार्य किया। खनिज आधारित उद्योगों की स्थापना तथा राजस्व वृद्धि करने में सफलता पायी। वर्ष 2018 में चौथी बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए। राजेंद्र शुक्ल ने 26 अगस्त 2023 को कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ग्रहण की। मंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं जनसंपर्क विभाग रहे। वर्ष 2023 में पांचवीं बार विधान सभा सदस्य निर्वाचित हुए और 13 दिसम्बर 2023 को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वर्तमान में प्रदेश के हर क्षेत्र हर नागरिक तक सुलभ और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच स्थापित करने के लिए वे कार्यरत हैं।स्वास्थ्य क्षेत्र में अधोसंरचना विस्तार, चिकित्सकीय और सहायक चिकित्सकीय मैनपॉवर और उपकरणों की उपलब्धता के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उनका लक्ष्य मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य के विभिन्न मानकों पर देश में शीर्ष पर ले जाना है। यह लक्ष्य बड़ा चुनौतीपूर्ण हैं पर कहते हैं न…
“कौन कहता है कि आसमां में सुराख नहीं हो सकता,
एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों”।

निःसंदेह कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था ज़िम्मेदार और कुशल हाथों में है। इसके सुखद परिणाम शीघ्र ही परिलक्षित होंगे।

विंध्य क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हर क्षेत्र में किए प्रयास

रात-दिन विन्ध्य के विकास का सपना देखने वाले राजेन्द्र शुक्ल ने अपनी जन्म-भूमि विन्ध्य के विकास के प्रति अपने दायित्व को बखूबी निभाया। उन्होंने विन्ध्य क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक तथा पर्यटन विकास को अपनी प्राथमिकता में रखा है। अपने क्षेत्र के विकास के लिए उनके ड्रीम प्रोजेक्ट्स मुकुन्दपुर व्हाईट टाईगर सफारी, चाकघाट से इलाहाबाद और हनुमना से बनारस फोर-लेन का निर्माण, हवाई पट्टी अथवा गुढ़ में विश्व का सबसे बड़े 750 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना हो। श्री शुक्ल ने रीवा के चौतरफा विकास में विशेष रुचि ली है। इसी के चलते रीवा विकास शहर के रूप में उभरा है। रीवा सहित पूरे विन्ध्य को यातायात और संचार के साधन मिलने के लिए उन्होंने कायाकल्प करने का संकल्प लिया है। रीवा बायपास न होने से यातायात अव्यवस्था से दुर्घटनाएँ होती थीं। चोरहटा से रतहरा बायपास बनवाकर रीवा में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया। राजेंद्र शुक्ल ने अपने समाजसेवी पिता स्व. श्री भैयालाल शुक्ल की प्रेरणा से रीवा में स्थित लक्ष्मण बाग गौ-शाला को आदर्श गौशाला बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अपनी तमाम व्यस्तता के बाद भी श्री शुक्ल लक्ष्मण बाग गौ-शाला में जाकर गायों की सेवा कर अपने पिता स्व. भैयालाल शुक्ल को सच्ची श्रद्धाजंलि अर्पित करते हैं।

उनके नेतृत्व और प्रयासों से रीवा और विन्ध्य क्षेत्र को नई पहचान मिली है और वे निरंतर अपने क्षेत्र के विकास के लिए कार्यरत हैं। नवकरणीय ऊर्जा मंत्री रहते हुए, उन्होंने रीवा में एशिया के सबसे बड़े सोलर प्लांट की स्थापना की और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकार्पित किया। राजेंद्र शुक्ल ने व्हाइट टाइगर को विन्ध्य क्षेत्र के मुकुन्दपुर वन क्षेत्र में वापस लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह क्षेत्र 46 वर्षों से व्हाइट टाइगर से वंचित था, जो कि विन्ध्य क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण राजनैतिक और भावनात्मक मुद्दा रहा है। वर्ष 2014 में स्थापित इस जू में आज भी हजारों देशी-विदेशी पर्यटकों का आकर्षण बना हुआ है।

राजेंद्र शुक्ल रीवा सहित विंध्य क्षेत्र के विकास के कार्यों में सदैव सक्रिय रहे हैं। रीवा में एयरपोर्ट सुविधा के लिए उनके प्रयास फलीभूत हुए और विध्य की देश के अन्य हिस्सों से कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। वे संभागीय मुख्यालय को महानगर बनाने की दिशा में भी सक्रिय हैं। उनके मंत्रिमंडल कार्यकालों के दौरान, वाणसागर के पानी से रीवा और विंध्य क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा में सतत वृद्धि हुई है। श्री शुक्ल के प्रयासों से रीवा में तालाबों और जल संरचनाओं का सौंदर्यीकरण और पुनरुद्धार हुआ है। उन्होंने सड़क, पुल, रिंग रोड, मठ, मंदिर, तीर्थ स्थलों का जीर्णोद्धार भी करवाया है। उन्होंने खाली पड़ी एवं अनुपयोगी जमीनों में पार्क और बागों का निर्माण करवाया है। रीवा विधानसभा के 41 गांवो को डी.पी.आई.पी. से जोड़कर करीब 42 स्वसहायता समूह के माध्यम से 41 गांवो में मछली पालन, सब्जी उत्पादन, दुग्ध डेयरी सहित अन्य रोजगार हेतु करीब 20 करोड़ से अधिक की राशि ग्रामीणों को उपलब्ध कराई गयी। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में तेज गति से विकास हुआ।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी विशेष अभिरुचि रही है। जगह-जगह वृक्षारोपण और ईको-पार्क, नगर वन तथा एपीएस वन का निर्माण करवाया है। युवाओं के खेलकूद के लिए उन्होंने विश्व स्तरीय मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया। बीहर नदी में रिवर फ्रंट का निर्माण भी उनके प्रयासों का परिणाम है। राजेंद्र शुक्ल के प्रयासों से संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना हुई। माखनलाल विश्वविद्यालय के रीवा परिसर की स्वीकृति, भवन निर्माण एवं संचालन के कार्य को मूर्तरूप देने का कार्य किया। रीवा विधानसभा में करीब 50 से अधिक विद्यालय भवन विहीन थे विद्यालय पेड़ो के नीचे संचालित थे। अभियान चला कर भवन निर्माण करवाया। 50 वर्ष से उन्नयन की बाट जोह रहे 5वीं से 8वीं करीब 25 विद्यालयों का उन्न्यन कराया गया। शिक्षा और संस्कृति के प्रति यह उनका समर्पण प्रदर्शित करता है। राजेंद्र शुक्ल गौ-सेवा के कार्यों के लिए सदैव प्रयासरत रहे हैं। उनके द्वारा गौ-सेवा में जनमानस की सहभागिता एवं प्रयासों को आर्थिक रूप से लाभकारी बनाने की दिशा में प्रयास किए गये हैं। बसामन मामा गौ-अभयारण्य गायों की देखभाल और संरक्षण के उत्कृष्ट प्रयासों का मूर्त मॉडल है।

राजेंद्र शुक्ल स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता के महत्व को जानते हैं और सदैव इस दिशा में प्रयास करते रहे हैं। राजेंद्र शुक्ल के नेतृत्व में स्वच्छ रीवा-स्वस्थ रीवा मिशन के तहत नगर पालिक निगम रीवा में करीब 20 से अधिक सुलभ शौचालय का निर्माण कराया गया है, साथ ही अभियान चलाकर नगर नगर पालिक निगम रीवा के अन्तर्गत जितने भी शुष्क शौचालय थे उनके स्थान पर जलरहित शौचालय निर्माण आन्दोलन चलाया गया था। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए उन्होंने ज़िला चिकित्सालय का उन्नयन, सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल का निर्माण और चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किये हैं। ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मज़बूत करने के लिए वे सतत प्रयास कर रहे हैं, ताकि हर क्षेत्र के नागरिकों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएँ सुलभता से प्राप्त हो सकें।
और अंत में राजेंद्र शुक्ल की सोच और संकल्प को रेखांकित करती हुई दो पंक्तियाँ –
भीड़ में भीड़ बनकर रहे तो क्या रहे
भीड़ में अपनी निजी पहचान होनी चाहिए।

नोट – लेखक सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक जनसम्पर्क अधिकारी रह चुके है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को कृषि अर्थशास्त्रियों के 32वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल शनिवार को कृषि अर्थशास्त्रियों के 32वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस वर्ष के सम्मेलन का विषय है: “स्थायी कृषि-खाद्य प्रणालियों की ओर परिवर्तन।” इसमें डिजिटल कृषि और टिकाऊ कृषि-खाद्य प्रणालियों के साथ-साथ भारत की कृषि में हुई प्रगति का प्रदर्शन किया जाएगा। इस सम्मेलन में लगभग 75 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

प्रधान मंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि पीएम मोदी 3 अगस्त 2024 को सुबह करीब 9.30 बजे राष्ट्रीय कृषि विज्ञान केंद्र (एनएएससी) परिसर, नई दिल्ली में कृषि अर्थशास्त्रियों के 32वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (आईसीएई) का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।

अंतर्राष्ट्रीय कृषि अर्थशास्त्री संघ द्वारा आयोजित यह त्रिवार्षिक सम्मेलन 02 से 07 अगस्त 2024 तक आयोजित किया जा रहा है। आईसीएई भारत में 65 वर्षों के बाद आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष के सम्मेलन का विषय है, “स्थायी कृषि-खाद्य प्रणालियों की ओर परिवर्तन।” इसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों का क्षरण, बढ़ती उत्पादन लागत और संघर्ष जैसी वैश्विक चुनौतियों के मद्देनजर टिकाऊ कृषि की तत्काल आवश्यकता से निपटना है। सम्मेलन में वैश्विक कृषि चुनौतियों के प्रति भारत के सक्रिय दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला जाएगा और कृषि अनुसंधान और नीति में देश की प्रगति को प्रदर्शित किया जाएगा।

आईसीएई 2024 युवा शोधकर्ताओं और अग्रणी पेशेवरों के लिए अपने काम को प्रस्तुत करने और वैश्विक साथियों के साथ नेटवर्क बनाने के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा। इसका उद्देश्य अनुसंधान संस्थानों और विश्वविद्यालयों के बीच साझेदारी को मजबूत करना, राष्ट्रीय और वैश्विक दोनों स्तरों पर नीति निर्माण को प्रभावित करना और डिजिटल कृषि और टिकाऊ कृषि-खाद्य प्रणालियों में प्रगति सहित भारत की कृषि प्रगति को प्रदर्शित करना है। सम्मेलन में लगभग 75 देशों के लगभग 1,000 प्रतिनिधि भाग लेंगे।

 

देशभर के शिवालयों में सावन की शिवरात्रि पर बम-बम भोले की गूंज

सावन की शिवरात्रि पर आज देशभर के सभी शिवालय, देवालय और अन्य पूजास्थल सुबह से बम-बम भोले के उद्घोष से गुंजायमान हैं। कांवड़ तीर्थयात्री पवित्र गंगाजल लेकर पहुंच रहे हैं। दोपहर से शिवरात्रि के शुभ मुहूर्त होने के साथ ही भगवान शिव का जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कांवड़ यात्रा मार्ग का सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान वह हैलीकॉप्टर से शिव भक्तों पर पुष्प वर्षा भी करने वाले हैं। सावन शिवरात्रि एक प्रमुख हिंदू त्योहार है जिसका धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व बहुत गहरा है। यह त्योहार चंद्र मास के 14वें दिन मनाया जाता है और भगवान शिव और देवी पार्वती के मिलन का प्रतीक है। जुलाई और अगस्त के बीच पड़ने वाला यह पवित्र महीना भगवान शिव को समर्पित पूजा, उपवास और तीर्थयात्रा का समय होता है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लगभग सभी देवालयों में सुबह से लोगों की भीड़ है। आज सुबह सावन के पवित्र महीने में शिवरात्रि के अवसर पर पूजा-अर्चना करने के लिए दिल्ली के चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ऐसा ही दृश्य कालकाजी मंदिर में रहा। भक्त भगवान शिव को प्रसाद चढ़ाने और अपनी श्रद्धा व्यक्त करने तथा अपने जीवन में दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मंदिर परिसर में उमड़ पड़े। लोगों को मंदिर में शिव लिंग पर जलाभिषेक करते तथा दही, दूध, शहद, पंचामृत बेलपत्र, फूल तथा चंदन का लेप चढ़ाते देखा जा सकता है।

देश के अन्य स्थानों में भी सावन की शिवरात्रि धूम-धाम से मनाई जा रही है। ‘सावन शिवरात्रि’ के अवसर पर उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर, वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा की गई। इस दौरान दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। अयोध्याधाम के नागेश्वर नाथ मंदिर, वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर, प्रयागराज के मनकामेश्वर मंदिर और मेरठ के काली पलटन मंदिर में भोर से ही लोगों की कतार लगी हुई है। झारखंड में भी सावन शिवरात्रि के अवसर पर शिव भक्तों ने रांची के पहाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

वहीं दूसरी ओर हरिद्वार और गोमुख आदि जगह से पवित्र गंगाजल लेकर राजस्थान और हरियाणा के अधिकांश कांवड तीर्थयात्री अपने गंतव्य की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं। दिल्ली में रात्रि विश्राम कर आज सुबह इन्होंने गंतव्य की तरफ प्रस्थान किया। कांवड मार्गों पर बम-बम भोले के उद्घोष की गूंज है। कांवड यात्रा जुलूस में कांवडिये नदी से पानी इकट्ठा करते हैं और इसे भगवान शिव के मंदिरों में चढ़ाने के लिए सैकड़ों किलोमीटर तक ले जाते हैं। कांवड यात्रा एक तीर्थयात्रा है जो 22 जुलाई को शुरू हुई और 2 अगस्त को शिवरात्रि पर समाप्त होगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कांवड़ यात्रा मार्ग का सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री मेरठ में बाबा औघड़नाथ मंदिर, बागपत में पुरा महादेव और गाजियाबाद में दूधेश्वरनाथ मंदिर का सर्वेक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री सर्वेक्षण के दौरान हैलीकॉप्टर से शिव भक्तों पर पुष्प वर्षा भी करने वाले हैं।

बता दें कि उत्तराखंड के हरिद्वार में मां गंगा के पावन तटों पर लोग स्नान कर शिवालयों की तरफ बढ़ रहे हैं। सबसे ज्यादा भीड़ कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में है। शिव भक्तों ने कनखल में दक्षेश्वर महादेव मंदिर, जो कि शिव का ससुराल है, में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। फागुन महीने में महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव का सती से विवाह हुआ था। इसी के प्रतीक के रूप में शिव भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं और उन्हें आदि के साथ दूध, दही, शहद, बेलपत्र, फूल तथा गंगा जल चढ़ाते हैं।

डॉ. मनसुख मांडविया ने पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के लिए सरबजोत सिंह के नेतृत्व में छह निशानेबाजों को सम्मानित किया

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने पेरिस ओलंपिक में भारतीय निशानेबाजी टीम के शानदार प्रदर्शन के सम्मान में, स्वदेश वापस लौटने पर छह उत्कृष्ट निशानेबाजों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सरबजोत सिंह रहे। उन्होंने मनु भाकर के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

सरबजोत सिंह को युवा कार्यक्र्म एवं खेल मंत्रालय की नकद पुरस्कार योजना के अंतर्गत डॉ. मांडविया ने 22.5 लाख रुपए का चेक प्रदान किया। इस कार्यक्रम में अर्जुन बाबूता, रमिता जिंदल, रिदम सांगवान, संदीप सिंह और अर्जुन सिंह चीमा के साथ-साथ उनके प्रशिक्षक सुमा शिरूर, समरेश जंग और सरबजोत के निजी कोच अभिषेक राणा के योगदान को मान्यता प्रदान करते हुए उन्हें भी सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि अर्जुन बाबूता पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में चौथे स्थान पर आकर पोडियम पर पहुंचने से चूक गए।

डॉ. मांडविया ने सम्मान समारोह में बोलते हुए खिलाड़ियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “आपमें से हर कोई चैंपियन है। मुझे पता है कि आपमें से कुछ लोगों के लिए यह स्वीकार करना मुश्किल था कि आप पदक से बहुत कम अंतर से चूक गए, लेकिन इस हार से खेल के प्रति अपने जुनून को कम न होने दें। इसके बजाय, इसे भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अपनी प्रेरणा को और बढ़ाएं।”

डॉ. मांडविया ने खेलो इंडिया कार्यक्रम के प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा, “इस बार 117 एथलीटों में से 70 एथलीट पहली बार ओलंपिक में भाग ले रहे हैं, जो हमारे देश में नई प्रतिभाओं के उभरने को प्रदर्शित करता है। इन 117 एथलीटों में से 28 एथलीट खेलो इंडिया से आए हैं और अब लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) का हिस्सा हैं। इसका मतलब है कि जमीनी स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक, उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और दोनों योजनाओं से समर्थन प्राप्त किया है।”

डॉ. मांडविया ने एथलीटों की कड़ी मेहनत और समर्पण पर बल देते हुए कहा, “सरबजोत इस पिरामिडनुमा संरचना का – खेलो इंडिया से लेकर लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना से लेकर ओलंपिक पोडियम फ़िनिश तक एक मूर्त रूप है। लेकिन सिर्फ़ समर्थन ही परिणाम की गारंटी नहीं दे सकता – यह एथलीटों की कड़ी मेहनत, उनके माता-पिता, कोच और उनके आस-पास के लोगों की प्रेरणा है, जो उनकी अंतिम जीत सुनिश्चित करती है।”

कांस्य पदक विजेता सरबजोत वर्ष 2019 से खेलो इंडिया छात्रवृत्ति एथलीट हैं। अर्जुन चीमा, रिदम सांगवान, अर्जुन बबूता और रमिता जिंदल को भी इस योजना का लाभ मिला है, जो लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना में परिवर्तित हो गए हैं।

डॉ. मंडाविया ने भारतीय खेल इकोसिस्टम में निरंतर हो रहे विकास पर विस्तार से बताते हुए कहा, “माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने का सपना देखा है और इसमें खेलों की बड़ी भूमिका होगी। वर्ष 2047 तक भारत खेल इकोसिस्टम के मामले में भी दुनिया के शीर्ष 5 देशों में शामिल हो जाएगा।”

उन्होंने कहा, “कीर्ति (खेलो इंडिया राइजिंग टैलेंट इनिशिएटिव) जैसी पहल, जो एक राष्ट्रव्यापी खेल प्रतिभा अभियान है, जमीनी स्तर से भविष्य के ओलंपियनों की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”

निशानेबाजों ने बातचीत के दौरान पेरिस ओलंपिक के दौरान अपने अनुभव साझा किए और भारत में अब उपलब्ध विश्व स्तरीय सुविधाओं की प्रशंसा की, जिसमें बुनियादी ढांचा, खेल विज्ञान और कोचिंग शामिल हैं। उन्होंने पेरिस ओलंपिक तक की अपनी यात्रा में सरकार से मिले महत्वपूर्ण सहयोग पर भी बल दिया।

ओटीटी प्लेटफॉर्म में मिली अभिव्यक्ति की आज़ादी का सही उपयोग ज़रूरी – निर्देशक अनंत महादेवन

फिल्म टीवी वेब मीडिया उद्योग का आकार विगत दशकों में बहुत बढ़ा है लेकिन उसमें से सब्सटेंस या मूल तत्व का अभाव होता जा रहा है। टेक्निकली बहुत आगे बढ़ने के बाद भी दिल को छूने वाला काम कम हो गया है। स्ट्रीमिंग या ओटीटी प्लेटफॉर्म में सेंसरशिप ना होने से बहुत सी बुराइयां इससे जुड़ गईं हैं, अभिव्यक्ति की इस आज़ादी का सही उपयोग करना का चैलेंज है। ये बातें सुप्रसिद्ध अभिनेता, निर्माता एवं निर्देशक अनंत महादेवन ने स्टेट प्रेस क्लब, मध्यप्रदेश के तत्वाधान में कल इंदौर के पहले फिल्म स्कूल के उद्घाटन अवसर पर कहीं। इस पत्रकार वार्ता में OMG 2 के निदेशक अमित राय, कई फिल्म फेस्टिवलों से जुड़े फिल्म निर्माता मनोज श्रीवास्तव एवं इंदौर फिल्म स्कूल के निदेशक फिल्म निर्माता कुणाल श्रीवास्तव भी उपस्थित थे।

अनंत महादेवन ने कहा कि सृजन दिल से निकला हुआ होना चाहिए। उन्होंने सदा उन्हीं विषयों पर फिल्में या सीरियल बनाए जो उनके दिल को छूते थे। उन्होंने इंदौर फिल्म स्कूल को फिल्मोद्योग में प्रवेश के इच्छुक प्रतिभाओं के लिए अच्छा अवसर बताते हुए कहा कि पहले के अभिनेताओं को स्वयं के अनुभव से सीखने में लंबा समय लगाना पड़ता था।

रोड टु संगम और पंकज त्रिपाठी अभिनीत चर्चित फिल्म ओएमजी टू के निदेशक अमित राय ने कहा कि उनकी कहानियां सप्रयास किसी धार्मिक रूढ़िवादिता पर प्रहार नहीं करती बल्कि वे रिश्तों और कल्चर की गहरी जड़ों को अपनी फिल्मों में उभारने की कोशिश करते हैं। उन्होंने नए विद्यार्थियों को टिप दी कि परिवार और मित्रों के रिश्तों में ईमानदार रहें ताकि फिल्म के संघर्ष में उनका साथ रहे। दूसरा, यदि मन के मुताबिक काम न मिले तो स्वयं को परमार्जित करते हुए अपनी विचारधारा के अनुकूल काम मिलने का इंतज़ार करें। अपने मन की अभिव्यक्ति में झूठ का सहारा न लें और न साहस खोएं। स्वयं पर अटूट भरोसा रखना इस उद्योग में सफलता की शर्त है।

अनेक फिल्म फेस्टिवलों के निदेशक रहे फिल्म निर्माता निर्देशक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि भारत में IFFI के साथ इतनी सरकारी एजेंसियां और उनके अधिकारियों के दिमाग जुड़े होते हैं कि देश का अपना विश्व स्तर का फ़िल्म फेस्टिवल स्थापित कर पाना मुश्किल है। वास्तव में भारत का फिल्म फेस्टिवल सरकारी एजेंसियों की आपसी खींचतान में ही उलझ जाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इंदौर फ़िल्म स्कूल के विद्यार्थी अगले चार पांच सालों में ही उद्योग के लिए उपयोगी साबित होकर अपना मुकाम बना लेंगे।

इंदौर फिल्म स्कूल के निदेशक कुणाल श्रीवास्तव ने कहा कि इस संस्थान में विद्यार्थियों को कई वर्षों में मिलने वाली स्किल्स बहुत कम समय में मिल जायेंगी। मप्र शासन द्वारा प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए सब्सिडी देने से प्रदेश में स्कोप बढ़ा है लेकिन उसके प्रशिक्षित लोगों का अभाव है। चूंकि उनका प्रोडक्शन हाउस कई फिल्में और संबंधित निर्माण स्वयं करता है इसलिए विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के साथ उद्योग का असल अनुभव भी मिलेगा। वे इस कार्य को फिल्मोद्योग में प्रवेश के लिए तत्पर प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के मक़सद से करना चाहते हैं, पैसा कमाने के उद्देश्य से नहीं।

कार्यक्रम के आरंभ में स्टेट प्रेस क्लब, मप्र के अध्यक्ष प्रवीण कुमार खारीवाल, रचना जौहरी, सोनाली यादव, रवि चावला, अभिषेक सिसोदिया एवं पंकज क्षीरसागर ने अतिथियों का स्वागत किया एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए। कार्टूनिस्ट गोविन्द लाहोटी ‘कुमार’ ने सभी अतिथियों को उनके द्वारा निर्मित कैरीकेचर भेंट किए। आयोजन में सभी फिल्मी हस्तियों से बेहद रोचक संवाद कर पत्रकार एवं बहुविध संस्कृतिकर्मी श्री आलोक बाजपेयी ने अपनी छाप छोड़ी। इंदौर फिल्म स्कूल की ओर से अनंत महादेवन, अमित राय एवं मनोज श्रीवास्तव ने प्रवीण खारीवाल, आलोक बाजपेयी, सोनाली यादव एवं बंसी लालवानी का सम्मान किया ।

रीवा-भोपाल के मध्य नई ट्रेन का संचालन विंध्य क्षेत्र के लिए बड़ी सौग़ात

उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा-भोपाल के मध्य नवीन ट्रेन संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रीवा से भोपाल के बीच यात्रियों की लंबी वेटिंग रहती थी, इस नवीन ट्रेन के संचालन से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्य क्षेत्र के निवासियों के लिए यह एक बड़ी सौग़ात है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नवीन ट्रेन को आज शुक्रवार को रात्रि भोपाल से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

उल्लेखनीय है कि यह नई रेल-सेवा (22145/46) 2 अगस्त से प्रारंभ हो रही है। भोपाल से यह ट्रेन शुक्रवार और रविवार को रात्रि 11 बजे चलेगी और रानी कमलापति, इटारसी, जबलपुर होकर अगले दिन सुबह 9:15 बजे रीवा पहुंचेगी। इसी तरह यह ट्रेन रीवा से शनिवार और सोमवार की रात 10:30 बजे चलेगी तथा सुबह 8:05 बजे भोपाल पहुंचेगी।

इस वर्ष जुलाई में बढ़कर 20 लाख 64 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचा यू.पी.आई. आधारित लेनदेन

नई दिल्ली : शुक्रवार, अगस्त 2, 2024/ देश में इंटरनेट की स्पीड के साथ ही डिजिटल ट्रांजेक्शन भी रिकॉर्ड तेजी से बढ़ रहा है। जुलाई महीने में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) आधारित लेन-देन में जबरदस्त उछाल आया है। यह आंकड़ा 20.64 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने गुरुवार को इस संबंध में आंकड़े जारी किए। रिपोर्ट में कहा गया है कि UPI लेन-देन में पिछले साल के मुकाबले 35 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

जुलाई में यूपीआई से होने वाले कुल लेनदेन की संख्या लगभग 4 प्रतिशत (मासिक आधार पर) बढ़कर 14.44 बिलियन हो गई। औसत दैनिक लेनदेन की मात्रा 466 मिलियन रही। यूपीआई पर अब हर महीने 60 लाख नए उपयोगकर्ता जुड़ रहे हैं, जिसकी वजह यूपीआई पर रुपे क्रेडिट कार्ड और विदेशों में इसकी शुरुआत है।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मुद्रा और वित्त (2023-24) पर नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, देश अपने मजबूत डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, जीवंत फिनटेक पारिस्थितिकी तंत्र और अनुकूल नीतिगत माहौल के दम पर दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रणी बनकर उभर रहा है।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...