विकसित मध्यप्रदेश की परिकल्पना को साकार करेगा केन्द्रीय बजट – विष्णुदत्त शर्मा

भोपाल : बुधवार, जुलाई 24, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने केंद्र सरकार के नए बजट का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जो बजट पेश किया है वह देश, देश के युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों और समाज के हर वर्ग को ताकत देगा। बजट के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने देश को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प जताया है। वर्ष 2024-25 का केंद्रीय बजट हर वर्ग के लिए ’मोदी की गारंटी’ को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बजट को सर्वसमावेशी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि समाज के हर वर्ग की बेहतरी को ध्यान में रखकर तैयार किए गए नए बजट में मोदी सरकार की नौ प्राथमिकताएं स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं। बजट में कृषि में उत्पादकता और अनुकूलनीयता, रोजगार और कौशल प्रशिक्षण, समावेशी मानव संसाधन विकास और सामाजिक न्याय, विनिर्माण और सेवाएं, शहरी विकास, ऊर्जा सुरक्षा, अवसंरचना, नवाचार, अनुसंधान और विकास तथा अगली पीढ़ी के सुधारों पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बहुआयामी बजट में पूरा ध्यान दिया गया है। यह बजट 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का रोड मैप देगा, जो भारत को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का खाका भी तैयार करेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जिन चार जातियों युवा, महिला, गरीब और किसानों की बात करते हैं, नए बजट में उनके सशक्तीकरण पर जोर दिया गया है। बजट में महिलाओं और बालिकाओं को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं के लिए 3 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. जो महिला विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। युवाओं से संबंधित रोजगार और कौशल प्रशिक्षण से जुड़ी 5 योजनाओं के लिए 2 लाख करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। 5 सालों में 4.1 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। 20 लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। देश में उच्च शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये के लोन का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा युवाओं को पहली जॉब पर 15 हजार रुपए सीधे ईपीएफओ अकाउंट में मिलेंगे। किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए कृषि और उससे जुड़े सेक्टरों के लिए 1.53 लाख करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। 6 करोड़ किसानों की जानकारी लैंड रजिस्ट्री पर लाई जाएगी। 5 राज्यों में नए किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए जाएंगे। 32 फसलों के लिए 109 नई किस्में लाई जाएंगी तथा दलहन एवं तिलहन के उत्पादन पर जोर दिया जाएगा। बजट में 1 करोड़ किसानों को नेचुरल फॉर्मिंग से जोड़े जाने का प्रावधान किया गया है। गरीबों को आवास उपलब्ध कराने के लिए नए बजट में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में तीन करोड़ अतिरिक्त मकान बनाने की घोषणा की गई है। जनजातीय समुदायों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान की शुरुआत की जाएगी। इससे 63 हजार गांवों में 5 करोड़ आदिवासी भाईयों-बहनों को लाभ होगा।

उन्होंने कहा कि नए बजट में देश में अधोसंरचना के विकास के साथ देश के बहुआयामी विकास पर जोर दिया गया है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 1.28 करोड़ से अधिक पंजीकरण किए गए हैं और 14 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह योजना ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी। बजट में उन्नत अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्रौद्योगिकी के प्रयोग से एनटीपीसी और बीएचईएल द्वारा संयुक्त रूप से 800 मेगावाट के वाणिज्यिक ऊर्जा संयंत्र की स्थापना का प्रावधान किया गया है। औद्योगिक विकास को ध्यान में रखते हुए देश के 100 शहरों में या उनके आस-पास “प्लग एंड प्ले“ औद्योगिक पार्क तैयार किए जाने का प्रावधान किया गया है। राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास कार्यक्रम के अंतर्गत 12 औद्योगिक पार्कों को मंजूरी दी जाएगी। देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गया स्थित विष्णुपद मंदिर और बोधगया में महाबोधि मंदिर को विश्वस्तरीय तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। नालंदा को एक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किए जाने का भी प्रावधान है। नए बजट में मुद्रा लोन की राशि 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपए की गई है तथा नए टैक्स रिजीम में 3 लाख तक कोई कर नहीं लगाने का प्रावधान है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि नया बजट विकसित भारत के विराट संकल्प की पूर्ति के लिए एक मजबूत नींव का निर्माण करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। अब भारत को अगले तीन साल में 5 ट्रिलियन और 2030 तक 7 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य है, जिसकी पूर्ति में आज का बजट काफी कारगार सिद्ध होगा। शर्मा ने कहा कि कोरोना संकट और विश्व में चल रहे क्षेत्रीय संघर्षों के बावजूद भारत की ताकत का लोहा पूरे विश्व ने माना है। मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से पिछले 10 वर्षों में भारत के लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। बजट 2024-25 ने अमृतकाल का ब्लू प्रिंट प्रस्तुत किया है। सभी के सपनों को पूरा करने वाले इस बजट में देश को समृद्ध, सशक्त, आत्मनिर्भर बनाने और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने पर खास ध्यान दिया गया है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विकास की नीति पर चलने वाली भाजपा सरकार का यह बजट अंतिम पंक्ति में खड़े आदमी के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि बजट में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। यह बजट विकसित मध्यप्रदेश की परिकल्पना को साकार करेगा। मध्यप्रदेश पर्यटन का एक बहुत बड़ा हब है। ऐसे में केंद्रीय बजट में किए गए प्रावधानों का लाभ मध्यप्रदेश को मिलना तय है। मध्यप्रदेश के पन्ना में एशिया का सबसे अच्छा डायमंड निकलता है। डायमंड के लिए भी प्रधानमंत्री ने इस बजट में अलग से जो प्रावधान किए हैं, उनसे पन्ना के हीरा उद्योग और मध्यप्रदेश को बहुत लाभ होगा। शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ने समग्र विकास की एक रूपरेखा तैयार की है। मध्यप्रदेश को औद्योगिक हब बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में जबलपुर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की थी। केंद्रीय बजट में 100 शहरों में प्लग एंड प्ले औद्योगिक पार्क स्थापित करने का जो प्रावधान किया गया है, उसका लाभ भी मध्यप्रदेश को मिलेगा और प्रदेश सरकार द्वारा औद्योगिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को ताकत मिलेगी।

लाड़ली बहनों को 1250 रुपए के अतिरिक्त सावन में पहली अगस्त को मिलेंगे 250 रुपए : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : मंगलवार, जुलाई 23, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय संस्कृति में सावन माह का विशेष महत्व है। सावन माह में प्रत्येक लाड़ली बहन के खाते में आने वाली एक तारीख को 250 रुपए अंतरित किए जाएंगे, यह राशि प्रतिमाह जारी होने वाली 1250 रुपए की राशि के अतिरिक्त होगी। लाड़ली बहनों को प्रतिमाह जारी होने वाले 1250 रुपए पूर्वानुसार उनके खाते में जारी किए जाएंगे। उन्होंने मंत्रीगण से रक्षाबंधन के पर्व पर अपने-अपने क्षेत्र की लाड़ली बहनों से राखी बंधवाने का आहवान भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में यह बात कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय परंपरा से जुड़े त्योहारों को मनाने का आनंद ही अलग है। इस क्रम में गुरु पूर्णिमा पर स्कूल शिक्षा तथा उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सभी शैक्षणिक संस्थानों में गुरुओं के सम्मान के लिए आयोजित कार्यक्रम से प्रदेशवासियों को गुरु परंपरा से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ है। भारतीय त्यौहार परंपरा सामाजिक उद्देश्यों से जुड़ी है। संक्रांति का पर्व नारी सशक्तिकरण और गुड़ी पड़वा को विक्रमोत्सव के रूप में मनाया गया है। इसी क्रम में सावन मास को बहनों के त्यौहार के रूप में मनाया जाएगा। यह गतिविधियां भारतीय संस्कृति के अनुसार त्यौहार मनाने की परंपरा को बनाए रखने में सहायक होंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रावण मास में मंदिरों में श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ रहा है। सभी मंत्री अपने-अपने क्षेत्र में भक्तों के आवागमन, कानून-व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दें। साथ ही वर्षा काल चलने के कारण नदी व बांधों में बढ़ रहे जल स्तर के संबंध में भी जिला प्रशासन के सतत संपर्क में रहते हुए जागरूक रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर में हुई रीजनल इंडस्ट्री कान्क्लेव की सफलता के लिए मंत्रि-परिषद के सभी सदस्यों को बधाई दी। लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि जबलपुर कॉन्क्लेव के सुखद परिणाम सामने आए हैं। निवेशक के साथ हुई सकारात्मक चर्चा से महाकौशल क्षेत्र तथा प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों और निवेश का परिणाममूलक वातावरण निर्मित करने में सफलता मिली है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत आर्थिक सर्वेक्षण में उल्लेखित मध्यप्रदेश से संबंधित बिंदुओं की चर्चा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश वर्ष 2023- 24 में सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में तेजी से आगे बढ़ते राज्यों में शामिल है। मध्यप्रदेश ने 15 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की है। केंद्रीय मंत्री ने अपने वक्तव्य में मध्यप्रदेश से जुड़े दो नदी जोड़ो अभियानों केन-बेतवा लिंक परियोजना और काली सिंध-चंबल-पार्वती लिंक परियोजना का भी उल्लेख किया है। दलहन उत्पादन में मध्यप्रदेश भारत में प्रथम स्थान पर है और तिलहन उत्पादन में देश में नंबर दो पर है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश में दलहन का एक चौथाई हिस्सा उत्पादन कर रहा है और देश के तिलहन उत्पादन में मध्यप्रदेश का पांचवा हिस्सा है। सोयाबीन उत्पादन में मध्यप्रदेश पुनः प्रथम स्थान पर है। चना व गेहूं के उत्पादन में भी मध्यप्रदेश प्रथम है। कुल खाद्यान्न उत्पादन में मध्यप्रदेश, देश में द्वितीय स्थान पर है। मक्का, मोटे अनाज, मूंगफली और मटर के उत्पादन में मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर है। इस उपलब्धि के लिए सभी किसान भाई बधाई के पात्र हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्रौद्योगिकी के आधार पर उपज अनुमान का मध्यप्रदेश में सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। इसके लिए भी प्रदेश को केंद्र शासन द्वारा बधाई दी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए देश के 7 पीएम मित्र पार्क में से एक धार जिले में 4 हजार 445 करोड़ रुपए का बड़ा प्रोजेक्ट प्रस्तावित है। इससे लगभग 1 लाख स्थानीय जनजातीय युवाओं को लाभ मिलेगा। राज्यों के शिक्षण अधिगम को सुगम बनाने के लिए मध्यप्रदेश ने 6 में से 6 अंक अर्जित किए हैं। एकल राज्य अधिनियम के अंतर्गत पंचायती सहकारी समितियों की संख्या में मध्यप्रदेश देश में चौथे स्थान पर आया है। सीमेंट उत्पादन में मध्यप्रदेश देश में पांचवें स्थान पर है। इंदौर बायो सीएनजी प्लांट का आर्थिक सर्वेक्षण में केस स्टडी के रूप में उल्लेख हुआ है। आर्थिक सर्वे में भावांतर भुगतान किसान हितैषी ढांचे के रूप में चर्चा की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश के इतने बिंदुओं का उल्लेख होना हम सबके लिए प्रसन्नता और गर्व का विषय है।

 

दिव्यांग विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए सरकार है संकल्पबद्ध : उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

रीवा : मंगलवार, जुलाई 23, 2024/ उप-मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शासकीय मूकबधिर विद्यालय रीवा में आयोजित समारोह में 84 दिव्यांग विद्यार्थियों को नि:शुल्क लैपटॉप प्रदान किए। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि दिव्यांग विद्यार्थी प्रतिभा में किसी से कम नहीं हैं। हमारी सरकार दिव्यांग विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के लिए संकल्पबद्ध है। दिव्यांग अच्छी शिक्षा प्राप्त कर जीवन के हर क्षेत्र में सफलता और ऊंचा मुकाम हासिल कर सकेंगे। रीवा से ही स्व. यमुना प्रसाद शास्त्री नेत्रों से दिव्यांग होने के बावजूद सबसे प्रखर सांसद थे। वर्तमान में प्रदेश में नेत्रों से दिव्यांग एक आएएएस अधिकारी एक संभाग की कमान संभाल रहे हैं। आप सब भी इन्हीं की तरह सफलताएं प्राप्त कर सकते हैं।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगता अब किसी तरह की बाधा नहीं रह गई है। आधुनिक तकनीक का उपयोग करके दिव्यांग शिक्षा में अच्छी सफलता प्राप्त करे इसीलिए आप सबको लैपटाप प्रदान किए जा रहे हैं। अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर और प्रोत्साहन देने के लिए आज लैपटाप दिए जा रहे हैं। मूक बधिर विद्यालय रीवा के 44, नेत्रहीन विद्यालय के 12, आईटीआई रीवा के 26, ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय के एक तथा उ.मा.वि. अमिलिया के एक दिव्यांग विद्यार्थी को मुख्यमंत्री नि:शक्तजन शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत 29 लाख 39 हजार रुपए की लागत के 84 लैपटॉप का वितरण किया गया। उप-ख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत फलदार पौधे रोपित किए। नगर निगम के अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सुदिशा फाउण्डेशन संस्था के प्रतिनिधि एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

एग्री एंड हॉर्टी एक्सपो में मध्यप्रदेश को मिला प्रथम पुरूस्कार

भोपाल : मंगलवार, जुलाई 23, 2024/ प्रगति मैदान नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय एग्री एंड हॉर्टी एक्सपो में मध्यप्रदेश को हॉर्टिकल्चर, फूड प्रोसेसिंग में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रथम पुरूस्कार प्रदान किया गया है। उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने सोमवार को प्रगति मैदान में लगे मध्यप्रदेश पवेलियन का अवलोकन किया। उन्होंने एक्सपो में भाग लेने वाले प्रदेश की हॉर्टिकल्चर और खाद प्रोसेसिंग में कार्य करने वाले उत्कृष्ट उद्यमियों से विस्तृत चर्चा की और राज्य सरकार की ओर से पुरस्कृत भी किया।

बीसीसीआई आगामी पेरिस ओलंपिक के लिए भारतीय ओलंपिक संघ को 8.5 करोड़ रुपये देगा

नई दिल्ली : मंगलवार, जुलाई 23, 2024/ भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव जय शाह ने भारतीय ओलंपिक संघ को पेरिस ओलंपिक अभियान के लिए आठ करोड़ पचास लाख रुपये देने की घोषणा की है। युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने आर्थिक सहायता देने के लिए शाह को धन्यवाद कहा है। मांडविया ने कहा कि देश को ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे प्रत्येक खिलाड़ी पर गर्व है। पेरिस ओलंपिक में भाग ले रहे भारतीय दल ने 117 खिलाड़ी जिसमें 70 पुरुष और 47 महिलाएं शामिल हैं। 140 सहयोगी सदस्‍य भी इस दल का हिस्‍सा हैं। 2024 पेरिस ओलंपिक खेल इस महीने की 26 से शुरू होंगे।

प्रदेश में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाते रहेंगे: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : मंगलवार, जुलाई 23, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में विकास के सभी क्षेत्रों में ध्यान दिया जा रहा है। विकास के कार्य लगातार आगे बढ़ाते रहेंगे। मध्यप्रदेश धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में भी पहचान बना रहा है। भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों का तीर्थ स्थलों के रूप में विकास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने के सपने को साकार करने के लिए मध्यप्रदेश इस संकल्प की सिद्धी में बड़ी भूमिका निभाने को तैयार है। राज्य सरकार ने निवेश प्रोत्साहन को प्राथमिकता देते हुए वर्ष 2025 को उद्योग वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित मध्य भारत रत्न कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ, यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि भगवान श्रीकृष्ण को उनके गुरु सांदीपनि का सानिध्य उज्जैन में ही प्राप्त हुआ। भगवान राम ने चित्रकूट में 11 साल गुजारे, यह गर्व की बात है। भगवान श्रीकृष्ण को आचार्य सांदीपनि ने सभी वेद पुराण और विधाओं की शिक्षा दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के मध्य में है। यहां हवाई, रेल सेवा, सड़क मार्गों का विकास हुआ है। हाइ-वे को फोरलेन में कन्वर्ट किया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में आर्थिक सर्वेक्षण-2023 प्रस्तुत किया है, जिसमें मध्यप्रदेश देश में अग्रणी राज्यों में शामिल है। मध्यप्रदेश में सामाजिक- आर्थिक क्षेत्र के नवाचारों का विशेष उल्लेख किया गया है। सर्वेक्षण में नदी जोड़ो लिंक परियोजना का भी जिक्र किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश ऐसा पहला राज्य है, जहां दो नदी जोड़ो परियोजनाएं केन-बेतवा लिंक, परियोजना और काली सिंध-चंबल-पार्वती योजना का एक साथ कार्य चल रहा है। इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा एक लाख 75 हजार करोड़ का पैकेज मंजूर किया गया है।

 

श्रावण के पहले सोमवार भगवान श्री महाकाल मनमहेश स्वरूप में निकले नगर भ्रमण पर

भोपाल : मंगलवार, जुलाई 23, 2024/ श्रावण मास के पहले सोमवार पर भगवान श्री महाकालेश्वर मनमहेश स्वरूप में नगर भ्रमण पर निकले। सवारी के निकलने के पूर्व श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर के सभामंडप में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने भगवान श्री महाकालेश्वर का पूजन-अर्चन किया और आरती की। सर्वप्रथम भगवान श्री महाकालेश्वर का षोड़शोपचार से पूजन-अर्चन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार जल संसाधन मंत्री सिलावट बाबा महाकाल की सवारी में सम्मिलित हुए थे। उन्होंने सवारी में शामिल होकर रामघाट पर पालकी का पूजन भी किया।

विधायक बड़नगर जितेन्द्र पंड्या, तराना विधायक महेश परमार, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव, हितानंद शर्मा, विशाल राजौरिया, बहादुर सिंह बोरमुंडला सहित गणमान्य नागरिकों ने भी बाबा महाकाल के मुखारविंद का पूजन किया। इसके बाद अवंतिकानाथ भगवान श्री मनमहेश के रूप में पालकी में सवार होकर अपनी प्रजा का हाल जानने और भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकले। पालकी जैसे ही श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची, सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा पालकी में सवार भगवान श्री मनमहेश को सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दी गई। सवारी मार्ग के दोनों ओर हजारों की संख्या में दर्शनार्थियों ने पालकी में विराजित श्री मनमहेश भगवान के दर्शन लाभ लिये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशानुरूप बाबा महाकाल की सवारी में जनजातीय कलाकारों के दल ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। धार जिले के जनजातीय कलाकारों ने श्री अजय सिसौदिया के नेतृत्व में भील भगोरिया नृत्य के माध्यम से श्रद्धालुओं का मन मोहा। जनजातीय कलाकारों द्वारा ढोलकिया, पिप्री, मांदल आदि वाद्य यंत्रों के साथ आकर्षक नृत्य की प्रस्तुतियां दी गई।

“आ रही पालकी, जय श्री महाकाल की” के जयकारों के साथ श्रावण के पहले सोमवार पर भगवान की सवारी के दौरान पूरी उज्जैन नगरी शिवमय हो गई। श्री महाकालेश्वर भगवान की सवारी में हजारों भक्त झांझ, मंजीरे, डमरू, ढोल आदि वाद्य बजाते हुए महाकाल की आराधना करते हुए पालकी के साथ उत्साहपूर्वक चले। श्री महाकालेश्वर की सवारी महाकाल मंदिर से गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाडी, होते हुए रामघाट पहुंची।

भगवान श्री महाकालेश्वर की श्रावण मास की पहली सवारी महाकाल मंदिर से प्रस्थान कर जैसे ही रामघाट पहुँची, चारों ओर श्रद्धा और उल्लास का वातावरण हो गया। श्रावण में अपने सौन्दर्य की छटा बिखेरते हुए स्वयं प्रकृति भगवान श्री महाकाल का स्वागत करने के लिए आतुर थी। भगवान श्री महाकालेश्वर का पूजन और जलाभिषेक पुजारी आशीष गुरु आदि द्वारा किया गया। भगवान महाकालेश्वर मनमहेश के स्वरुप में अपने भक्तों को आशीर्वाद देने के लिए शिप्रा तट पर पहुँचे। इसके पश्चात मां शिप्रा नदी के जल से भगवान का जलाभिषेक किया गया। पूजन के पश्चात पुरोहितों द्वारा रुद्रपाठ किया गया। श्री महाकालेश्वर भगवान की दूसरी सवारी 29 जुलाई सोमवार को निकलेगी।

बाबा महाकाल की सवारी के सुगमतापूर्वक दर्शन के लिये श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति द्वारा चलित रथ की व्यवस्था की गई, जिसके दोनों ओर एलईडी के माध्यम से सवारी का लाईव प्रसारण किया गया। जिससे श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन लाभ लिये।

बाबा महाकाल की सवारी के गरिमामय आयोजन के साथ श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिये जिला प्रशासन उज्जैन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध किये गये। वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की गई। पुलिस प्रशासन के 2 हजार से अधिक बल और वॉलेंटियर्स द्वारा व्यवस्थाओं को संभाला। ड्रोन के माध्यम से सवारी मार्ग की निगरानी की गई। सवारी के सुव्यवस्थित संचालन के लिये सवारी मार्ग पर मजबूत टू—लेअर बेरिकेडिंग की गई। श्रद्धालुओं के लिये सवारी मार्ग पर पेयजल की भी उत्तम व्यवस्था रही।

सवारी मार्ग पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल पर पुष्पवर्षा कर दर्शन लाभ लिये, सवारी मार्ग पर चहुंओर दर्शन के लिये भारी संख्या में जन-समूह उपस्थित रहा। सवारी मार्ग पर जगह-जगह आकर्षक रंगोली बनाकर बाबा महाकाल की सवारी का स्वागत किया गया। कई भक्तों ने आकर्षक स्वरूप धारण कर सवारी को शोभायमान किया। भजन मण्डलियों में सैंकड़ों महिलाओं ने शिव स्तुतियां की। बच्चे उत्साहपूर्वक डमरू और मजीरे बजाते हुए सवारी में आगे-आगे चले। विशाल ध्वज के साथ बाबा श्री महाकाल की पालकी निकाली गई।

 

70 सालों बाद आज से सावन की शुरुआत, बन रहें अद्‌भुत संयोग

नई दिल्ली : सोमवार, जुलाई 22, 2024/ आज सावन माह के पहले सोमवार के दिन देशभर के शिवालयों और मंदिरों में जलाभिषेक के लिए सुबह से लंबी कतारें लगी हुई हैं। उज्जैन में महाकालेश्वर की श्रावण-भाद्रपद माह में निकलने वाली सवारियों के क्रम में श्रावण माह के पहले दिन आज सोमवार को पहली सवारी निकाली जाएगी। इस दौरान भगवान महाकाल पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे और अपने भक्तों को मनमहेश स्वरूप में दर्शन देंगे।

देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार में श्रद्धालु गंगा मैया की हर की पौड़ी पर पवित्र डुबकी लगा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और वाराणसी में भी लोग गंगा स्नान कर भगवान शिव की उपासना कर रहे हैं। महाराष्ट्र में मुंबई के बाबुलनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए हजारों लोग पहुंचे हैं। झारखंड मे देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में शिवभक्तों का तांता लगा हुआ है। हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ मंदिर में भी लोग पूजा-अर्चना करने पहुंचे हैं।

बता दें विश्व प्रसिद्ध बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक दक्षिणमुखी भगवान महाकालेश्वर की श्रावण-भाद्रपद माह में निकलने वाली सवारियों के क्रम में श्रावण माह के पहले दिन आज सोमवार को पहली सवारी निकाली जाएगी। इस दौरान भगवान महाकाल पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे और अपने भक्तों को मनमहेश स्वरूप में दर्शन देंगे। हरियाणा में आज से शुरू होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा से पहले नूंह में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

वहीं दूसरी ओर श्रावण मास के पहले सोमवार पर श्री काशी विश्वनाथ की नगरी शिवमय हो गई है। अपने आराध्य की भक्ति में लीन कांवड़ियों और शिवभक्तों का रेला धाम में लगातार उमड़ रहा है। बाबा की नगरी में सावन माह के पहले दिन ही चंहुओर कंकर-कंकर शंकर का नजारा दिख रहा है। पूरे मंदिर परिक्षेत्र में सुरक्षा का व्यापक प्रबंध किया गया है। चप्पे-चप्पे पर चौकसी बरती जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एटीएस के कमांडो तैनात किए गए हैं।

वैसे तो सावन के पूरे महीने भगवान शिव की पूजा-अर्चना, स्तुति और जलाभिषेक किया जाता है। उसमें भी विशेष रूप से सावन महीने में पड़ने वाले सोमवार का अपना खास महत्व है। इस बार सावन माह का प्रारंभ सोमवार से ही हो रहा है। इसलिए इस बार सावन माह में 5 सोमवार पड़ेंगे। ऐसा सुखद संयोग लगभग 70 वर्षों के बाद देखने को मिल रहा है, जिसमें पहला सोमवार 22 जुलाई को तो अंतिम सोमवार 19 अगस्त को पड़ेगा।

महिलाएं आज के दिन व्रत उपवास रखकर पूजा करते हुए भगवान महाकाल को प्रसन्न करने का प्रयास करती हैं। भगवान शंकर के पूजन में जलाभिषेक के साथ-साथ बेलपत्र शमी पत्र पुष्प इत्यादि अर्पित करते हुए भस्म लगाई जाती है। कहते हैं की जो भी भक्त सावन महीने में सोमवार का व्रत रखता है भगवान शंकर उसकी समस्त मनोकामनाओं की पूर्ति करते हैं। यही नहीं इस महीने में लाखों श्रद्धालु तमाम ज्योतिर्लिंगों के दर्शन हेतु हरिद्वार, काशी, उज्जैन और नासिक पहुंचते हैं।

इस महीने में शिव भक्तों के द्वारा कावड़ यात्रा निकाली जाती है और लाखों शिव भक्त कांवड़ लेकर विभिन्न तीर्थ स्थलों पर पैदल ही पहुंचते हैं। शास्त्रों में वर्णन है कि जब चातुर्मास में भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं तब महादेव ही सृष्टि का पालन करते हैं। शिव पुराण के अनुसार सावन चातुर्मास का पहला महीना होता है, जिसके अधिपति शंकर जी है इस दौरान भोलेनाथ पृथ्वी पर वास कर अपने भक्तों के दुख, कष्ट दूर करते हैं। सावन के महीने में तीन प्रकार के व्रत रखे जाते हैं जिनमें सावन के सोमवार का व्रत 16 सोमवार व्रत और प्रदोष व्रत प्रमुख रूप से हैं।

इस बार पहला सोमवार 22 जुलाई 2024 को और दूसरा सोमवार 29 जुलाई को, तीसरा सोमवार 05 अगस्त, चौथा सोमवार 12 अगस्त और पांचवां सोमवार 19 अगस्त को रहेगा। 19 अगस्त, सोमवार को ही सावन माह का समापन होगा।

 

गुरू से प्राप्त ज्ञान से ही जीवन की चुनौतियों का सामना करने का सामर्थ होता है: उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

रीवा : सोमवार, जुलाई 22, 2024/ गुरू पूर्णिमा महोत्सव के आयोजन पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि गुरू के बिना ज्ञान प्राप्त नहीं होता। गुरू से प्राप्त ज्ञान से ही जीवन की चुनौतियों का सामना करने का सामर्थ होता है इसी से समाज में मान-सम्मान व प्रतिष्ठा प्राप्त होती है।

रीवा में ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय में आयोजित गुरू पूर्णिमा महोत्सव में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्पण व अस्था भाव से गुरू का सम्मान करें। उनके द्वारा प्रदत्त ज्ञान और मार्गदर्शन जीवन यात्रा में हमें आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। गुरूओं के प्रति कृतज्ञता के भाव होने चाहिए। यह दिन महत्वपूर्ण दिन है जब हम गुरूओं का सम्मान करते हुए स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने संकल्प लिया है कि सभी शिक्षण संस्थानों में गुरू पूर्णिमा पर गुरूजन का सम्मान किया जाय और उनके द्वारा दिये गये मार्गदर्शन से आदर भाव पैदा हो जो हमें आगे बढ़ने में सहायक है। शुक्ल ने आदर्श नागरिक बनकर पूर्ण जिम्मेदारी से भारत की संस्कृति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया तथा स्वामी विवेकानंद के आदर्श पर चलने की बात कही। उप मुख्यमंत्री ने कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्यों एवं सेवानिवृत्त प्राध्यापकों का सम्मान किया गया। जन भागीदारी समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र ताम्रकार ने कहा कि यह कार्यक्रम गुरू शिष्य परंपरा को जीवंत बनाये रखने का अनुपम उदाहरण है। गुरू अपना सर्वस्व ज्ञान विद्यार्थी को देता है विद्यार्थी का कर्तव्य है कि वह ज्ञान प्राप्त कर समाज के जिस क्षेत्र में रहे इसका सदुपयोग करें। इससे पूर्व महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अर्पिता अवस्थी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विवेक दुबे, प्रवीण गौतम सुमन, सहित गुरूजन व विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अखिलेश शुक्ल ने किया।

 

पचमढ़ी मानसून मैराथन : हल्की फुहारों के बीच रनर्स ने लगाई दौड़

भोपाल : सोमवार, जुलाई 22, 2024/ नर्मदापुरम जिले के हिल स्टेशन पचमढ़ी में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड (एमपीटीबी) के सहयोग से ‘एडवेंचर एंड यू’ (के.ए. कनेक्ट) पचमढ़ी मानसून मैराथन का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। जिला प्रशासन नर्मदापुरम के सहयोग से आयोजित हुई मैराथन में देशभर से 1165 धावकों ने हिस्सा लिया और पचमढ़ी के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच 42 किलोमीटर, 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर श्रेणियों में दौड़ लगाई गई। मैराथन दौड़ की शुरुआत एमपीटी ग्लेनव्यू होटल से हुई। 42 किलोमीटर दौड़ सुबह 3 बजे शुरू हुई। शेष तीनों दौड़ सुबह 6 बजे शुरू की गई। जिसे टूरिज्म बोर्ड के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी डायरेक्टर वीरेंद्र खंडेलवाल ने फ्लैगऑफ की। दौड़ में छः वर्ष के बच्चे से लेकर 82 वर्ष के बुजुर्ग ने हिस्सा लिया। नर्मदापुर की पूर्व कलेक्टर दास भी 21 किमी दौड़ में शामिल हुई।

समापन के बाद एक समारोह में अतिथियों द्वारा विजेताओं को ट्रॉफी व मेडल दिए। मानसून मैराथन में देशभर से लोग शामिल हुए और सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी में प्राकर्तिक सौंदर्य का आनंद लिया। 82 वर्ष के बुजुर्ग मोहन लाल यादव, गोंदिया महाराष्ट्र को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक ए.यू. खान, सहायक संचालक के.के. सिंह, केए कनेक्ट से मितेश रामभिया भी विशेष रूप से मौजूद थे।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...