प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भारत मंडपम में विश्व धरोहर समिति के 46वें सत्र का उद्घाटन करेंगे

Modi will hold meetings in

नई दिल्ली : रविवार , जुलाई 21, 2024/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में सायं 7 बजे विश्व धरोहर समिति के 46वें सत्र का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। इस उद्घाटन समारोह में यूनेस्को की महानिदेशक ऑड्रे अज़ोले भी भाग लेंगी।

भारत पहली बार विश्व धरोहर समिति की बैठक की मेज़बानी कर रहा है। यह बैठक 21 से 31 जुलाई, 2024 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित की जाएगी। विश्व धरोहर समिति की बैठक साल में एक बार होती है और यह विश्व धरोहर से संबंधित सभी मामलों के प्रबंधन और विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने वाले स्थलों पर निर्णय लेने के लिए उत्तरदायी होती है। इस बैठक में विश्व धरोहर सूची में नए स्थलों को नामांकित करने के प्रस्तावों, विद्यमान 124 विश्व धरोहर संपत्तियों की संरक्षण रिपोर्ट की स्थिति, अंतर्राष्ट्रीय सहायता और विश्व धरोहर निधियों के उपयोग आदि पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में 150 से अधिक देशों के 2000 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतिनिधि भाग लेंगे।

विश्व धरोहर समिति की बैठक के साथ-साथ विश्व धरोहर युवा पेशेवरों का मंच और विश्व धरोहर स्थल प्रबंधकों का मंच भी आयोजित किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, भारत मंडपम में भारतीय संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। रिटर्न ऑफ ट्रेजर्स प्रदर्शनी देश में वापस लाई गई कुछ कलाकृतियों को प्रदर्शित करेगी। अब तक 350 से अधिक कलाकृतियां वापस लाई जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, भारत के 3 विश्व धरोहर स्थलों- रानी की वाव, पाटन, गुजरात; कैलासा मंदिर, एलोरा गुफाएं, महाराष्ट्र; और होयसला मंदिर, हलेबिड, कर्नाटक के लिए नवीनतम एआर और वीआर तकनीकों का उपयोग करके एक भावपूर्ण अनुभव प्रदान किया जाएगा। साथ ही, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सदियों पुरानी सभ्यता, भौगोलिक विविधता, पर्यटन स्थलों के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में आधुनिक विकास को रेखांकित करने के लिए एक ‘अतुल्य भारत’ प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

 

पेरिस ओलंपिक में भारतीय सेना के 24 एथलीट दिखाएंगे दमखम, नीरज चोपड़ा भी शामिल

HANGZHOU, CHINA - OCTOBER 04: Neeraj Chopra of India competes in the men's javelin throw final athletics event during the 2022 Asian Games at Hangzhou Olympic Sports Centre on October 04, 2023 in Hangzhou, China. (Photo by Lintao Zhang/Getty Images)

नई दिल्ली : रविवार , जुलाई 21, 2024/ पेरिस ओलंपिक में भारत से शामिल होने वाले 117 भारतीय एथलीटों में 24 सशस्त्र बल कर्मी होंगे। पेरिस ओलंपिक 26 जुलाई, 2024 से शुरू होने वाले हैं। इन 24 एथलीटों में 22 पुरुष हैं, जिनमें स्टार जेवलिन थ्रोअर सूबेदार नीरज चोपड़ा शामिल हैं, और दो महिलाएं हैं, जो ओलंपिक में महिला सैन्य एथलीटों की पहली बार भागीदारी को दर्शाता है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार टोक्यो ओलंपिक वर्ष 2020 के स्वर्ण पदक विजेता सूबेदार नीरज चोपड़ा एक बार फिर शीर्ष सम्मान प्राप्‍त करने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे क्योंकि पेरिस ओलंपिक में उनकी भागीदारी असाधारण प्रदर्शन के आधार पर है, जिसके तहत उन्होंने वर्ष 2023 एशियाई खेलों, वर्ष 2023 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप, वर्ष 2024 डायमंड लीग और वर्ष 2024 पावो नूरमी खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।

राष्ट्रमंडल खेलों वर्ष 2022 की कांस्य पदक विजेता हवलदार जैस्मीन लाम्बोरिया और एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप वर्ष 2023 की कांस्य पदक विजेता सीपीओ रितिका हुड्डा महिला सेवा कर्मी हैं जो पहली बार खेलों में भाग ले रही हैं। वे मुक्केबाजी और कुश्ती में भाग लेंगी।

सूबेदार अमित पंघाल (मुक्केबाजी); सीपीओ तजिंदरपाल सिंह तूर (शॉट-पुट); सूबेदार अविनाश मुकुंद साबले (3000 मीटर स्टीपलचेज़); सीपीओ मुहम्मद अनस याहिया, पीओ (जीडब्ल्यू) मुहम्मद अजमल, सूबेदार संतोष कुमार तमिलारासन और जेडब्ल्यूओ मिजो चाको कुरियन (4X400 मीटर पुरुष रिले); जेडब्ल्यूओ अब्दुल्ला अबूबकर (ट्रिपल जंप); सूबेदार तरुणदीप राय और सूबेदार धीरज बोम्मादेवरा (तीरंदाजी) और नायब सूबेदार संदीप सिंह (निशानेबाजी) भी उन सैन्य कर्मियों में शामिल हैं जो देश को गौरवान्वित करने के लिए प्रतिस्‍पर्धा में भाग लेंगे।

मंत्रालय के अनुसार पेरिस ओलंपिक में सैन्यकर्मियों की भागीदारी खेल उत्कृष्टता को प्रोत्‍साहन देने और एथलेटिक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सशस्त्र बलों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, यह पूरे देश में खेलों के प्रति प्रेरित करती है।

 

प्रदेश के सभी अंचलों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

जबलपुर : रविवार , जुलाई 21, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में संतुलित और समतापूर्ण विकास की यात्रा को आगे बढ़ाते हुए निवेश और औद्योगिक गतिविधियों के प्रोत्साहन के लिए जबलपुर के रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में विभिन्न उद्योगपतियों और उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक गतिविधियों की दिशा में आने वाली सभी प्रक्रियाओं को सरल करते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही है। प्रदेश में पर्याप्त लैंड बैंक भी उपलब्ध है। निवेशक और उद्यमी भरोसे के साथ निवेश करें, सरकार उनकी हर संभव मदद के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वन-टू-वन वार्ता के क्रम में वोल्वो आयशर समूह के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद अग्रवाल से प्रदेश में ऑटोमोबाइल सेक्टर के विस्तार हाइडेलबरग सीमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के जॉयदीप मुखर्जी से प्रदेश में सीमेंट इकाइयों के संचालन तथा विस्तार के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैद्यनाथ ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रणव शर्मा और स्वराज शूटिंग्स के अध्यक्ष शब्बीर खान से चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ऊर्जा और नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और गतिविधियों के विस्तार की संभावनाओं के संबंध में लोहिया एनर्जी के नितेश लोहिया, रमणीक पावर एंड एलॉयज के हर्ष त्रिवेदी वायजैक बायोफ्यूल्स के अतुल वैद्य से वन-टू-वन संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से कृषि तथा संबंधित गतिविधियों और खाद्य प्र-संस्करण इकाइयों की स्थापना और विस्तार के संबंध में सहवाग एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के श्री रजनीकांत राय तथा ए.वी.जे.एग्रो के मैनेजिंग डायरेक्टर अभिनव सिंघल ने चर्चा की।

वन-टू-वन चर्चा में युवाओं के लिए कौशल विकास और उद्यमिता में दक्षता संवर्धन संबंधी गतिविधियों के संचालन की प्रदेश में संभावनाओं के बारे में डिक्की के अध्यक्ष डॉ. मिलिंद कांबले से भी बातचीत हुई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सम्मुख सूचना के विभिन्न क्षेत्रों में विस्तार के बारे में नेटलिंक लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराग श्रीवास्त व ने अपने प्रस्ताव रखे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में डाटा सेंटर संचालक की संभावनाओं के संबंध में सी.टी.आर.एल.एस के बिजनेस हेड विक्रम कुमार मल्लावरपु से भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से ताइवान के ताईपेइ वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के प्रबंधक विन लिन, नागार्जुन सीमेंट लिमिटेड के बी साई राम तथा खनिज उत्खनन के संबंध में मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड के अब्दुल्ला ने चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में डिफेंस सेक्टर के विस्तार के बारे में एडवांस्ड वेपंस एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष राजेश चौधरी से विचार विमर्श किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से प्रतिभा सिंटेक्स के श्रेयस्कर चौधरी ,जिओमीन इंडस्ट्रीज के चरणदीप सिंह ने भी चर्चा की।

 

कांग्रेस की राजनैतिक मामलों की समिति की बैठक

भोपाल : शनिवार, जुलाई 20, 2024/ कांग्रेस की राजनैतिक मामलों की समिति की प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आज दिन भर चली संगठनात्मक बैठक में अभा कांग्रेस कमेटी के महासचिव, मप्र प्रभारी जितेन्द्र सिंह, राज्यसभा सांसद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थित में संगठन की मजबूती और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ और सशक्त बनाने जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णयों पर चर्चा हुई।

कांग्रेस की राजनैतिक मामलों की बैठक में निर्णय हुआ कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जायेगा। राजनैतिक एवं वैचारिक प्रतिबद्वता से संबंध रखने वाले कांग्रेसजनों को संगठन में स्थान दिया जायेगा। मोर्चा संगठनों को और अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने और सक्रियता के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जायेगा। बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि संगठन के प्रत्येक स्तर बूथ, सेक्टर, मंडलम, ब्लाक और जिला स्तर पर अधिक से अधिक सक्रिय और राजनैतिक, सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी की जायेगी। सेवादल द्वारा प्रदेश भर में ब्लाक स्तर पर पार्टी की गतिविधियों और कांग्रेस पार्टी से लोगों को अधिक से अधिक से अधिक जोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम पुनः प्रारंभ किये जायेंगे।

इतना ही नहीं जनता की आवाज और बुलंद करने उनके हक और अधिकारों की लड़ाई को सड़क से सदन तक पूरी ताकत के साथ उठाने के लिए विपक्ष की भूमिका को मुद्दों और तथ्यों के साथ आक्रामकता से उठाया जायेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि जो भी व्यक्ति पार्टी छोड़कर गया है, उसे पार्टी में पुनः वापस नहीं लिया जायेगा।

बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, सीडब्ल्यूसी मेंबर कमलेश्वर पटेल, विधायक ओमकार मरकाम, पूर्व नेताप्रतिपक्षद्वय अजयसिंह राहुल भेया, डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्रीगण बाला बच्चन, सज्जन सिंह वर्मा, विजय लक्ष्मी साधौ, जयवर्धन सिंह, हिना कांवरे, विधायक आरिफ मसूद, फूलसिंह बरैया, सिद्धार्थ कुशवाहा, झूमा सोलंकी, प्रियव्रत सिंह, मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक सहित कांग्रेस पदाधिकारीगण राजीव सिंह, शेख अलीम, शोभा ओझा, महेन्द्र जोशी, के.पी. सिंह, अभा कांग्रेस कमेटी के सचिव मप्र प्रभारी संजय कपूर, कुलदीप इंदौरा, सी.पी. मित्तल, संजय दत्त एवं शिवभाटिया बैठक में उपस्थित थे।

 

प्रख्‍यात कृषिविद और पद्म श्री पुरस्‍कार से सम्‍मानित कमला पुजारी का निधन, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया

नई दिल्ली : शनिवार, जुलाई 20, 2024/ प्रख्‍यात कृषिविद और पद्म श्री पुरस्‍कार से सम्‍मानित कमला पुजारी का ओडीसा के कटक में आज सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 74 वर्ष की थीं। उन्‍हें वृद्धावस्‍था की कई तकलीफों की शिकायत के बाद कटक के एस. सी. बी. मेडिकल कॉलेज और अस्‍पताल में भर्ती किया गया था। ओडीसा के कोरापुट जिले के पत्रपुट गांव में जन्‍मीं कमला पुजारी को कृषि के क्षेत्र में उनके महत्‍वपूर्ण योगदान के लिए केन्‍द्र सरकार द्वारा वर्ष 2019 में प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया था। वे जैविक कृषि में उनके योगदान और धान की स्‍वदेशी किस्‍मों के परिरक्षण के लिए विश्‍वभर में विख्‍यात हैं। धान की एक सौ से अधिक किस्‍मों के अलावा उन्‍होंने हल्‍दी और जीरे की कई किस्‍मों के परिरक्षण की दिशा में योगदान दिया। कमला पुजारी गांवों में नंगे पैर जाया करती थी और किसानों विशेषकर महिलाओं को जैविक कृषि और जैविक उर्वरकों के इस्‍तेमाल की जानकारी दिया करती थी।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि प्रख्यात कृषिविद कमला पुजारी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उन्हें धान और अन्य फसलों के लुप्तप्राय और दुर्लभ बीजों को संरक्षित करने की उनकी प्रेरक पहल के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। उन्होंने कई किसानों, खासकर महिला किसानों के बीच जैविक खेती को बढ़ावा दिया। जैविक खेती और पर्यावरण संरक्षण में उनके योगदान को याद किया जाएगा। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित कमला पुजारी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने कृषि क्षेत्र, विशेष रूप से जैविक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने और स्वदेशी बीजों की रक्षा करने के मामले में एक उल्लेखनीय योगदान दिया। अपने एक एक्स पोस्ट में, प्रधानमंत्री ने कहा “कमला पुजारी के निधन से दुःख हुआ। उन्होंने कृषि क्षेत्र, विशेष रूप से जैविक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने और स्वदेशी बीजों की रक्षा करने के मामले में उल्लेखनीय योगदान दिया। स्थिरता को समृद्ध करने और जैव विविधता की रक्षा करने की दिशा में किए गए उनके कार्यों को वर्षों तक याद किया जाएगा। वह जनजातीय समुदायों को सशक्त बनाने के कार्य में भी एक अग्रदूत थीं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”

 

 

“एक पेड़ मां के नाम” केवल एक भावनात्मक अपील नहीं है, यह एक क्रांतिकारी कदम है – उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

नई दिल्ली : शनिवार, जुलाई 20, 2024/ उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कल सचेत किया कि जलवायु परिवर्तन एक टाइम बम है और यह मानव जाति के लिए अस्तित्व का संकट है। उन्होंने ने चेतावनी दी कि “मानवता संकट में है।” उपराष्ट्रपति ने कहा, “हमारा ग्रह, जो कभी एक हरा-भरा स्वर्ग था, अब अपने अतीत की छाया नहीं रहा। जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन और वनों की कटाई के कारण, ग्रह विनाश के कगार पर पहुंच गया है।”

उपराष्ट्रपति ने कल नई दिल्ली में “जैव ऊर्जा: विकसित भारत का मार्ग” विषयवस्तु पर आयोजित चौथे अंतरराष्ट्रीय जलवायु शिखर सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य भाषण दिया। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा, “कोई आकस्मिक योजना नहीं है, पृथ्वी के अलावा कोई अन्य ग्रह नहीं है और इसे संरक्षित और पोषित करने की आवश्यकता है।”

उपराष्ट्रपति ने जलवायु परिवर्तन के विनाशकारी प्रभावों जैसे कि लंबे समय तक सूखे की स्थिति, जंगलों में आग की घटनाओं का बढ़ना और विनाशकारी तूफानों को रेखांकित किया। श्री धनखड़ ने इस बात पर जोर दिया कि “ये परिवर्तन न केवल कमजोर आबादी बल्कि, जैव विविधता और खाद्य सुरक्षा को भी खतरे में डालते हैं, जिससे हमारे प्राकृतिक संसाधनों व कृषि प्रणालियों पर भारी दबाव पड़ता है”, इस तरह सामुदायिक गिरावट में इसका योगदान होता है।

उपराष्ट्रपति ने हमारे सदियों पुराने मूल्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि “प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व और इकोलॉजी को लेकर गहरा सम्मान, भारत के सभ्यतागत लोकाचार का एक आंतरिक पहलू रहा है।”

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने जलवायु न्याय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जलवायु न्याय हमारा लक्ष्य होना चाहिए, क्योंकि जलवायु परिवर्तन हाशिए पर स्थित और कमजोर समुदायों को काफी अधिक प्रभावित करता है।

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने भारत की ओर से वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन, हरित हाइड्रोजन मिशन और अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन जैसे उठाए गए अग्रणी कदमों की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने टिकाऊ ऊर्जा में भारत की निभाई गई नेतृत्वकारी भूमिका की सराहना की। उन्होंने जैव ऊर्जा के लाभों का उल्लेख किया। उपराष्ट्रपति ने कहा, “आधुनिक जैव ऊर्जा न केवल स्वच्छ ईंधन प्रदान करती है, बल्कि प्रदूषण को कम करने, किसानों की आय बढ़ाने, आयात बिलों को कम करने और स्थानीय नौकरियां उत्पन्न करने में भी सहायता करती है।”

उपराष्ट्रपति ने इस बात को रेखांकित किया कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव सीमाओं के पार तक पहुंच रहा है। उन्होंने सरकारों, कॉरपोरेट नेताओं और लोगों सहित सभी हितधारकों से इस खतरे से निपटने के लिए सामूहिक कार्रवाई करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “जब हिसाब-किताब का दिन आएगा, तो कोई भी नहीं बचेगा, इसलिए हमें एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा, जितना हो सके, अपनी ऊर्जा को अधिकतम तक पहुंचाना होगा, अपनी क्षमता का उपयोग करना होगा, अपना सबकुछ देना होगा।”

उपराष्ट्रपति ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की क्रांतिकारी क्षमता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक भावनात्मक अपील या नारा नहीं है, बल्कि यह एक क्रांतिकारी कदम है। इस कदम से यह सुनिश्चित होगा कि हर साल 140 करोड़ लोग पेड़ लगाएंगे। इसका बहुत सकारात्मक, व्यापक प्रभाव होगा। इससे हमें अस्तित्वगत समस्या से निपटने में सहायता मिलेगी, एक ऐसी समस्या जो हमारी ही बनाई हुई है- प्राकृतिक संसाधनों का दोहन और वनों की कटाई।”

इस अवसर पर पीएचडीसीसीआई (पीएचडी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, पीएचडीसीसीआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमंत जैन, पीएचडीसीसीआई के पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन के डॉ. अध्यक्ष जे.पी. गुप्ता, पीएचडीसीसीआई के कार्यकारी निदेशक डॉ. रणजीत मेहता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव संस्कारधानी जबलपुर में आज करेंगे आरआईसी का शुभारंभ

भोपाल : शनिवार, जुलाई 20, 2024/ मध्यप्रदेश में संतुलित और समतापूर्ण विकास की यात्रा आगे बढ़ाते हुए, राज्य सरकार आज शनिवार को सुबह 9 बजे से संस्कारधानी-जबलपुर में अपना दूसरा रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 80 करोड़ रूपये की लागत से नवनिर्मित “नेताजी सुभाष चंद्र बोस सांस्कृतिक और सूचना केंद्र” का उद्घाटन कर यहाँ होने वाले क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन का शुभारंभ भी करेंगे। सम्मेलन में प्रमुख उद्योगपतियों, विभिन्न उद्योग संघों के प्रतिनिधियों और प्रमुख विदेशी प्रतिनिधियों सहित 3500 से अधिक उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियाँ शामिल होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 60 से अधिक इकाईयों का वर्चुअली उद्घाटन कर उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे।

रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में शामिल होने वाली हस्तियों में बैद्यनाथ समूह, आईटीसी, वोल्वो आयशर, बेस्ट कॉर्प, एसआरएफ एवं दावत समूह जैसे प्रमुख औद्योगिक समूह भाग लेंगे। आरआईसी में ताईवान, मलेशिया, ब्रिटेन, फिजी, जापान और इंडोनेशिया का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख विदेशी प्रतिनिधि भी इसमें शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथि एमएसएमई मंत्री श्री चैतन्य काश्यप और पीडब्ल्यूडी मंत्री श्री राकेश सिंह सहित अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

जबलपुर में हो रही आरआईसी के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छिंदवाड़ा और जबलपुर सहित अन्य क्षेत्रों के उद्योगपतियों के साथ बैठक कर औद्योगिक निवेश के लिए प्रोत्साहित किया। सम्मेलन का उद्देश्य क्षेत्रीय क्षमता का दोहन कर औद्योगिक विकास में क्षेत्रीय असमानताओं को दूर करना है। जबलपुर क्षेत्र की औद्योगिक क्षमताओं और अवसरों से निवेशकों को रू-ब-रू करवाकर क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देना है। इस इनोवेटिव कान्क्लेव का उद्देश्य प्रमुख बाजारों से निवेशकों को एक मंच पर लाकर, सार्थक चर्चा कर सहयोग को बढ़ावा दिया जाना है।

जबलपुर एवं आसपास के क्षेत्र की निवेश संभावनाओं पर केंद्रित 5 क्षेत्रीय सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें कृषि, खाद्य एवं डेयरी प्र-संस्करण, रक्षा, खनन एवं खनिज, कपड़ा एवं परिधान तथा पर्यटन शामिल है। साथ ही उद्योग संघों, स्टार्ट-अप्स एवं रक्षा, कपड़ा एवं परिधान के विशेषज्ञों के साथ राउण्ड-टेबल चर्चा भी होगी।

सम्मेलन में 300 से अधिक क्रेता-विक्रेता मीटिंग्स और वन-टू-वन चर्चा भी होंगी। निवेशकों को महाकौशल का अनुभव प्रदान करने के लिए जबलपुर एक्सपो और रक्षा प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम और नेटवर्किंग डिनर के साथ होगा, जिसमें क्षेत्र की संस्कृति और व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा।

नई और उभरती सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनज़र हमें अपने रिस्पॉन्स में हमेशा एक कदम आगे रहना होगा – अमित शाह

नई दिल्ली : शनिवार, जुलाई 20, 2024/ केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विभिन्न सुरक्षा और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुखों के साथ देश की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के उत्तरदायी आसूचना ब्यूरो (Intelligence Bureau) के Multi Agency Centre (MAC) की कार्यप्रणाली की समीक्षा के लिए कल नई दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक को संबोधित करते हुए, केन्द्रीय गृह मंत्री ने देशभर की खुफिया और प्रवर्तन एजेंसियों सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों को राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति ‘Whole of the Government’ approach अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने देश में उभरते सुरक्षा खतरे के परिदृश्य से निपटने के लिए आतंकी नेटवर्क और उनके सहायक इको-सिस्टम को खत्म करने के लिए सभी एजेंसियों के बीच अधिक तालमेल पर जोर दिया।

देश की समग्र आंतरिक सुरक्षा स्थिति और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई की समीक्षा करते हुए,गृह मंत्री ने सभी प्रतिभागियों से Multi Agency Centre में अपनी भागीदारी बढ़ाने और इसे एक सामंजस्यपूर्ण मंच बनाने के लिए कहा, जो निर्णायक और त्वरित कार्रवाई के लिए सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों, ड्रग्स-रोधी एजेंसियों, साइबर सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों को एक साथ लाता है।

गृह मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि MAC ने अपने घटकों (constituents) का विश्वास अर्जित किया है और इसे अंतिम रिस्पॉंडर्स सहित विभिन्न हितधारकों के बीच pro-active और real-time कार्रवाई योग्य जानकारी साझा करने के लिए एक मंच के रूप में 24X7 काम करना जारी रखना चाहिए।

बैठक के दौरान केन्द्रीय गृह मंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा में शामिल सभी एजेंसियों से युवा, तकनीकी रूप से कुशल जोशीले अधिकारियों की एक टीम गठित करने पर जोर दिया, ताकि Big Data और AI/ML संचालित एनालिटिक्स और तकनीकी प्रगति का उपयोग करके आतंकी इकोसिस्टम को खत्म किया जा सके। उन्होंने दोहराया कि नई और उभरती सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनज़र हमें अपने रिस्पॉन्स में हमेशा एक कदम आगे रहना होगा।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, MAC फ्रेमवर्क अपनी पहुंच और प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए बड़े तकनीकी और ऑपरेशनल सुधारों को लागू करने को तैयार है। उन्होंने सभी स्टेकहोल्डर्स से त्वरित प्रतिक्रियाओं और साझा की गई जानकारियों के aggressive follow-up के माध्यम से इन प्रयासों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

 

महिला एशिया कप टी-ट्वेंटी क्रिकेट में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया

Dambulla : Players of India Women celebrate the wicket of Pakistan's Muneeba Ali during the Women's Asia Cup 2024 match between India Women and Pakistan Women at Rangiri Dambulla International Stadium in Dambulla on Friday, July 19, 2024. (Photo: IANS/@BCCIWomen)

दांबुला : शनिवार, जुलाई 20, 2024/ महिला एशिया कप टी-ट्वेंटी क्रिकेट में, भारत ने श्रीलंका के दांबुला में अपने पहले ग्रुप मैच में पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। जीत के लिए 109 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट और 35 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 19 ओवर और दो गेंद पर 108 रन पर सिमट गई।

भारतीय सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा ने चालीस रन और स्मृति मंधाना ने 45 रन बनाए। वहीं दीप्ति शर्मा ने सिर्फ 20 रन देकर तीन विकेट लिए। दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत का अगला मुकाबला रविवार को संयुक्‍त अरब अमीरात से होगा।

रामराजा लोक ओरछा में भगवान श्रीराम के प्रसंगों को दर्शाया जाए – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : शनिवार, जुलाई 20, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ओरछा में विकसित हो रहे रामराजा लोक में भगवान श्रीराम के वनवास अवधि में वर्तमान मध्यप्रदेश के भू-भाग में बिताई गई समयावधि में हुए प्रमुख प्रसंगों को दर्शाया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक लोकों के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इन स्थानों पर लाइट एंड साउंड शो की प्रस्तुति की व्यवस्था भी हो। प्रदेश में विकसित हो रहे विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक लोक के आय के साधन सुनिश्चित करते हुए उनके निर्माण और प्रबंधन प्रक्रिया तय की जाए, ताकि सभी लोकों का संचालन सुव्यवस्थित रूप से हो सके। लोकों का बेहतर प्रबंध सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित विभागों जैसे संस्कृति, पर्यटन, धर्मस्व, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगरीय विकास एवं आवास विभाग की स्थानीय स्तर पर संचालन समिति बनाई जाए। बैठक में संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव संस्कृति तथा पर्यटन शिवशेखर शुक्ला तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सुनिश्चित करने को कहा कि विकसित हो रहे सभी धार्मिक और सांस्कृतिक लोकों के निर्माण कार्य में आकल्पन इस प्रकार से हो कि सौंदर्यीकरण और आकर्षण दीर्घकालीन बना रहे। उन्होंने संत रविदास लोक, सागर में शोधपीठ और शैक्षणिक संस्था विकसित करने के निर्देश दिए। डॉ. यादव ने कहा कि भादवा माता लोक नीमच में श्रद्धालु दर्शन के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभ की दृष्टि से भी आते हैं। भादवा माता लोक से आयुर्वेदिक अस्पताल और फिजियोथेरेपी सेंटर को भी जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंदिर जिस स्थापत्य शैली में बने हैं, उनकी विशेषताओं का संरचनाओं के निर्माण में अनुसरण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के प्रचार-प्रसार के लिए प्रदेश की कला-संस्कृति-स्थापत्य और प्रमुख व्यंजनों पर केंद्रित मेले देश के अन्य राज्यों में आयोजित किए जाएं, इससे प्रदेश के पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रदेश में सांस्कृतिक, धार्मिक पुनर्जागरण और पर्यटन के विकास के उद्देश्य से पर्यटन विभाग द्वारा 18 लोकों के विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। इनमें 14 लोक धार्मिक और 4 सांस्कृतिक आधार के हैं, 10 धार्मिक और 4 सांस्कृतिक लोकों का निर्माण कार्य जारी है। लोकों से विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण, आस-पास की अधोसंरचना के विकास और श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए आवश्यक उच्च स्तरीय सुविधाओं के विकास का कार्य किया जाएगा। युवाओं में धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव की भावना सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लाइट एंड साउंड शो, प्रदर्श वीथिकाओं व प्रोजेक्शन, मेपिंग इत्यादि आधुनिक तकनीक द्वारा धार्मिक गाथाओं, लोक कलाओं आदि का प्रदर्शन भी होगा।

संत रविदास लोक सागर, देवी लोक सलकनपुर, श्री राम राजा लोक ओरछा, जाम सांवली श्री हनुमान लोक पांढुर्णा, पशुपतिनाथ लोक मंदसौर, परशुराम लोक महू, भादवा माता लोक नीमच, मां नर्मदा महालोक अमरकंटक, देवी अहिल्या लोक खरगोन, नागलवाड़ी लोक बड़वानी आदि के कार्यों में हुई प्रगति की जानकारी दी गई। मां पीतांबरा लोक दतिया, रतनगढ़ माता मंदिर लोक दतिया, मां शारदा देवी मैहर, मां जोगेश्वरी माता मंदिर चंदेरी, रानी दुर्गावती स्मारक जबलपुर, अटल स्मारक ग्वालियर, महाराणा प्रताप लोक भोपाल और रानी अवंती बाई स्मारक जबलपुर की कार्य योजना पर भी बैठक में विस्तृत चर्चा हुई।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...