केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का करेंगे शुभारंभ : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : गुरूवार, जुलाई 11, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रसन्नता का विषय है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आगामी 14 जुलाई को प्रदेश के सभी 55 जिलों में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का एक साथ शुभारंभ कर रहे हैं। एक्सीलेंस कॉलेजों की विशेषता है कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप इनमें सभी कोर्स उपलब्ध होंगे तथा ये कॉलेज सभी संसाधनों से युक्त होंगे। युवा पीढ़ी को इन कॉलेजों का लाभ मिलेगा। सभी मंत्रीगण अपने-अपने क्षेत्र में कॉलेजों के शुभारंभ कार्यक्रम में अवश्य शामिल हों। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में यह बात कही। बैठक मंत्रालय में वंदे मातरम् गान के साथ आरंभ हुई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के बजट की सभी ओर सराहना हो रही है। बजट के जन-कल्याण एवं विकास से संबंधित प्रमुख बिंदुओं पर सभी जिलों में संवाद कार्यक्रम किए जाएं। प्रदेश के विभिन्न अंचलों को राजधानी से सीधे जोड़ने के लिए बनने वाले एक्सप्रेस-वे तथा सभी विभागों को उपलब्ध कराई गई पर्याप्त राशि से प्रदेश के विकास पर होने वाले प्रभाव के संबंध में जिलों में चर्चा हो।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 20 जुलाई को जबलपुर में इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन हो रहा है। प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए सभी जिलों में सहयोग व मार्गदर्शन कार्यक्रम संचालित किए जाएं। प्रदेश के स्थानीय औद्योगिक इकाई संचालकों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें अपनी गतिविधियों का विस्तार करने एवं निवेश को बढ़ाने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हुए प्रोत्साहित किया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पड़ौसी राज्यों के साथ विभिन्न गतिविधियों में समन्वय और सहयोग बढ़ाया जाएगा। राजस्थान के मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश और राजस्थान के धार्मिक महत्व के स्थलों में बेहतर नेटवर्क विकसित करने में रुचि दिखाई है। दोनों राज्यों के बीच ‘नदी जोड़ों अभियान’ पर भी गतिविधियां चल रही हैं। इसी प्रकार महाराष्ट्र के साथ भी नदी जोड़ों अभियान की संभावनाओं पर चर्चा हुई है। नवाचार से छिंदवाड़ा सहित अन्य जिलों में पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पौध-रोपण अभियान के अंतर्गत साढे 5 करोड़ पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने इंदौर एवं भोपाल में जारी पौध-रोपण गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी जिले पौध-रोपण का लक्ष्य तय करें एवं सभी विभागों में समन्वय करते हुए इसे अंजाम दिया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभियान में लगाए गए पौधों के रख-रखाव के लिए लोगों को प्रेरित भी किया जाए।

 

भारत अगले तीन-चार वर्षों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर – वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल

नई दिल्ली : गुरूवार, जुलाई 11, 2024/ केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कल नई दिल्ली में फिक्की की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की बैठक में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूस के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’ से सम्मानित होने की उपलब्धि की सराहन की। पीयूष गोयल ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि भारत किस तरह से अंतरराष्ट्रीय संबंधों को कुशलता से संचालित करने में सक्षम रहा है। गोयल ने उद्योग जगत से भारत-रूस द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक 100 बिलियन डॉलर तक ले जाने के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करने को कहा।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि वे हाल ही में हस्ताक्षरित भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौते के तहत 100 बिलियन अमेरिकी डॉलर के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) लक्ष्य की दिशा में काम करने के लिए स्विट्जरलैंड का दौरा करेंगे। गोयल ने जोर देकर कहा कि यह प्रतिबद्धता पूरी तरह से एफडीआई को लेकर हमारी प्रतिबद्धता है और इसमें विदेशी पोर्टफोलियो निवेश शामिल नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि साझेदारी बनाने में भारतीय उद्योग के सामूहिक प्रयास से एफडीआई से जुड़ी प्रतिबद्धता पर ईएफटीए समझौते से भी आगे बढ़कर कार्य किया जा सकता है।

पीयूष गोयल ने कहा कि उद्योग के तेजी से विकास के साथ-साथ सरकार 2030 तक 2 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात के लक्ष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। गोयल ने कहा, “यह संभव है, इसे हासिल किया जा सकता है। हमारे पास सही आधारशिलाएं हैं, हमारे पास हमारा समर्थन करने के लिए मजबूत मैक्रोइकॉनॉमिक्स हैं। देश की मुद्रा स्थिर है और इसने अधिकांश अन्य उभरते बाजारों से बेहतर प्रदर्शन किया है।” उन्होंने कहा कि स्थिर सरकार, स्थिर बाजार, स्थिर अर्थव्यवस्था और सामूहिक ऊर्जा में पुनरुत्थान के साथ, देश को वैश्विक अर्थव्यवस्था में अधिकांश वैश्विक मंचों पर एक उज्ज्वल स्थान के रूप में महत्व दिया जा रहा है।

पीयूष गोयल ने कहा कि पिछले एक साल में 1 लाख से अधिक पेटेंट पंजीकृत किए गए हैं, जो 2014 से पेटेंट पंजीकरण में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में नवाचार के साथ-साथ अनुसंधान एवं विकास में निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय प्रतिस्पर्धी मानकों के साथ गुणवत्ता मानक और गुणवत्ता नियंत्रण आदेश जुड़े हुए हैं, जो भारत को लागत की दृष्टि से प्रतिस्पर्धी बनाने में सक्षम साबित करेंगे और सरकार को घटिया उत्पादों को भारतीय बाजार में प्रवेश करने से रोकने में मदद करेंगे।

गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए तीन गुना अधिक गति, तीन गुना अधिक काम और तीन गुना अधिक परिणाम लाने के लिए प्रतिबद्ध है। गोयल ने जोर देकर कहा कि सरकार सुधार के कार्य पर दृढ़ता से प्रतिबद्ध है, जो नागरिकों की आय के स्तर को बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय अर्थव्यवस्था को विकसित करने में मदद करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अगले पांच वर्षों के लिए जल जीवन मिशन के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सड़क और रेल संपर्क, बिजली, पाइप्ड गैस कनेक्शन, प्रत्येक घर के लिए पानी की कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे को बढ़ावा दिया जा रहा है।

गोयल ने जोर देकर कहा कि बुनियादी ढांचे का तेजी से रोलआउट उद्योग की जरूरतों के साथ गहराई से मेल खाता है, क्योंकि रोजगार, अर्थव्यवस्था और विभिन्न वस्तुओं और सेवाओं के उपभोग पर इसका कई गुना प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विस्तार से बताया कि बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने से विनिर्माण और रसद में तेजी के मामले में भारत की अर्थव्यवस्था पर दीर्घकालिक प्रभाव पड़ता है, लेकिन इससे सरकार को कम सुविधा प्राप्त वर्गों के जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाकर समाज में एक बेहतर संतुलन लाने में मदद मिलेगी। यह एक एक ऐसा विजन है, जिस पर प्रधानमंत्री मोदी पिछले दस वर्षों से काम कर रहे हैं।

गोयल ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवा का विस्तार, जल जीवन मिशन की सफलता, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन करोड़ मुफ्त घर और शहरी क्षेत्रों में मलिन बस्तियों के इन-सीटू पुनर्वास के प्रयास इस कार्यकाल के दौरान सरकार के एजेंडे का हिस्सा हैं। गोयल ने जोर देकर कहा कि तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इंडिया पहल और विनिर्माण में निवेश से मिलने वाले रोजगार या उद्यमिता के अवसरों के साथ ये बुनियादी सुविधाएं जल्द ही भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना देंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार अनुपालन संबंधी अत्यधिक बोझ को कम करने, जन विश्वास अधिनियम के माध्यम से कानूनों को अपराधमुक्त करने और कारोबारी सुगमता को बढ़ावा देने के ऐसे अन्य उपायों के माध्यम से भारतीय निवेश यात्रा को आसान बनाने की कोशिश कर रही है। गोयल ने उद्योग जगत से और अधिक सक्रिय होने तथा हितधारकों के समक्ष आने वाली बाधाओं को सामने लाने तथा भ्रष्टाचार से निपटने के लिए सरकार के साथ जुड़ने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के बारे में चर्चा करते हुए, गोयल ने कहा कि सरकार स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा उन्होंने उपस्थित लोगों से पेड़ लगाने का आग्रह किया। गोयल ने यह भी कहा कि बांस का स्थिरता पर कितना जबरदस्त प्रभाव है, क्योंकि यह ऑक्सीजन पैदा कर सकता है तथा कार्बन का अवशोषण भी करता है। उन्होंने प्रतिभागियों को व्यावहारिक पहलों पर गौर करने के लिए प्रोत्साहित किया, जो प्लास्टिक के उपयोग को कम करने में मदद करेंगे तथा उद्योग जगत से इस आंदोलन को देश के अंतिम व्यक्ति तक ले जाने के प्रयास में भागीदार बनने का आग्रह किया।

 

यह युद्ध का समय नहीं है, समस्याओं का समाधान रणभूमि में नहीं हो सकता – पीएम नरेंद्र मोदी

वियना : गुरूवार, जुलाई 11, 2024/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल ऑस्ट्रिया दौरे के दौरान वियना में चांसलर नेहमर के साथ बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच कई मुद्दों पर चर्चा भी हुई। बैठक के बाद पीएम मोदी और चांसलर ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। पीएम मोदी ने कहा, मैं गर्मजोशी भरे स्वागत और आतिथ्यसत्कार के लिए चांसलर नेहमर का आभार व्यक्त करता हूं। मुझे खुशी है कि मुझे अपने तीसरे कार्यकाल की शुरुआत में ऑस्ट्रिया आने का अवसर मिला। संयुक्त प्रेस वार्ता में पीएम मोदी ने कहा कि आज मानवता के सामने जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद जैसी चुनौतियों पर हमने विचार साझा किये। हम दोनों आतंकवाद की कठोर निंदा करते हैं। हम सहमत हैं कि ये किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। हम संयुक्त राष्ट्र संघ और अन्य अंतराष्ट्रीय संस्थाओं में रिफॉर्म के लिए सहमत हैं ताकि उन्हें समकालीन और असरदार बनाया जाये। पीएम मोदी ने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि यह युद्ध का समय नहीं है, समस्याओं का समाधान रणभूमि में नहीं हो सकता। चाहे वह कहीं भी हो, मासूम लोगों के जान की हानि अस्वीकार्य है। भारत और ऑस्ट्रिया संवाद और कूटनीति पर जोर देते हैं और इसके लिए हम साथ मिलकर हर संभव मदद देने के लिए तैयार हैं।

प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रियाई व्यापार हितधारकों से भारत में तेजी से सामने आ रहे अवसरों पर ध्यान देने का आह्वान किया, क्योंकि देश अगले कुछ वर्षों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले दस वर्षों में परिवर्तनकारी प्रगति की है और राजनीतिक स्थिरता, नीतिगत पूर्वानुमान व सुधार उन्मुख आर्थिक एजेंडे की अपनी ताकत को देखते हुए देश इसी रास्ते पर आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने सरकार द्वारा कारोबार करने की सुगमता में सुधार के लिए उठाए गए कदमों पर जोर दिया, जिससे वैश्विक बड़ी कंपनियां भारत की ओर आकर्षित हो रही हैं। भारतीय आर्थिक विकास और परिवर्तन के बारे में बात करते हुए उन्होंने स्टार्ट-अप के क्षेत्र में भारत की सफलता, अगली पीढ़ी की अवसंरचना के निर्माण और हरित एजेंडे पर आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया के बीच स्थापित स्टार्ट-अप ब्रिज के ठोस परिणाम सामने आयेंगे। इस संबंध में, उन्होंने सुझाव दिया कि दोनों देशों को एक साथ मिलकर एक संयुक्त हैकथॉन का आयोजन करना चाहिए। उन्होंने देश में डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना की सफलता तथा परिवहन-संपर्क और लॉजिस्टिक्स को बेहतर बनाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में भी बात की।

भारत की ताकत को देखते हुए प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रियाई प्रमुख कंपनियों से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत उच्च गुणवत्ता और लागत प्रभावी विनिर्माण के लिए और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के गंतव्य देश के रूप में भारतीय आर्थिक परिदृश्य का लाभ उठाने का आग्रह किया। इस संदर्भ में उन्होंने सेमीकंडक्टर, चिकित्सा उपकरण, सौर पीवी सेल आदि के क्षेत्र में वैश्विक विनिर्माण कंपनियों को आकर्षित करने के लिए भारत की उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना के बारे में बात की। उन्होंने उल्लेख किया कि व्यापार, विकास और स्थायित्व के लिए भारत की आर्थिक ताकत और कौशल तथा ऑस्ट्रियाई प्रौद्योगिकी स्वाभाविक साझेदार हैं।

उन्होंने ऑस्ट्रियाई व्यवसायों को भारत में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने और भारत की शानदार विकास गाथा का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया।

 

 

मुस्लिम महिला को अपने पति से गुजारा भत्ता पाने का अधिकार है : सर्वोच्‍च न्‍यायालय

नई दिल्ली : गुरूवार, जुलाई 11, 2024/ सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-125 के अंतर्गत एक मुस्लिम महिला को अपने पति से गुजारा भत्ता पाने का अधिकार है। न्‍यायाधीश बी. वी. नागरत्‍ना और ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की एक पीठ ने इस मामले में दायर याचिका को खारिज कर दिया जिसमें एक व्यक्ति ने धारा-125 सीआरपीसी के अंतर्गत अपनी तलाकशुदा पत्नी को गुजारा भत्ता देने संबंधी निर्देश के विरुद्ध याचिका दायर की थी।

पीठ ने यह भी आदेश दिया कि आवेदन लंबित रहने के दौरान अगर महिला को तलाक दिया जाता है तो वह विवाह अधिकार संरक्षण संबंधी 2019 के अधिनियम का सहारा ले सकती हैं। पीठ ने कहा कि मुस्लिम महिला (तलाक पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 1986 धर्मनिरपेक्ष कानून पर हावी नहीं होगा। पीठ ने यह भी कहा कि 2019 के अधिनियम के तहत उपाय सीआरपीसी की धारा 125 के तहत उपाय के अतिरिक्त है। सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने स्पष्ट किया कि गुजारा भत्ता मांगने का कानून सभी महिलाओं के लिए वैध होगा न कि सिर्फ शादीशुदा महिलाओं के लिए।

भारतीय जनता पार्टी ने उच्चतम न्यायालय के फैसले की सराहना की कि एक तलाकशुदा मुस्लिम महिला अपने पति से गुजारा भत्ता मांगने की हकदार है। नई दिल्ली में मीडिया के एक सवाल का जवाब देते हुए पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि फैसला मुस्लिम महिलाओं के लिए बड़ी राहत है और यह मुस्लिम महिलाओं को उनका उचित सम्मान देने का फैसला है। 1985 के शाह बानो मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कांग्रेस सत्ता में आई पार्टी ने विभिन्न तरीकों से संविधान पर हमला किया।

उन्होंने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने शाह बानो मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलट कर संविधान को कमजोर कर दिया था । जिसमें कोर्ट ने मुस्लिम महिलाओं के गुजारा भत्ते के अधिकार को बरकरार रखा था। उन्होंने कहा कि शीर्ष अदालत के फैसले ने 39 साल पहले मौजूद खतरे को खत्म कर दिया है।

मरीज़ों को सहजता से उपलब्ध हों गुणवत्तापूर्ण दवाएँ : उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

भोपाल : गुरूवार, जुलाई 11, 2024/ उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि प्रदेश में मरीज़ों की आवश्यकतानुसार दवाओं की उपलब्धता बनी रहे इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जायें। उन्होंने कहा कि मौसम और रोगों के आधार पर दवाओं की मांग का आंकलन किया जाये। आवश्यक दवाओं का रख-रखाव व्यवस्थित तरीक़े से किया जाये, जिससे दवाओं के अपव्यय को रोका जा सके और उनका उचित उपयोग सुनिश्चित हो। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने मंत्रालय वल्लभ भवन में प्रदेश में दवाओं और चिकित्सकीय उपकरणों की उपलब्धता, ख़रीदी और भंडारण व्यवस्था की समीक्षा की। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मो. सुलेमान, एमडी मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेज़ कॉर्पोरेशन लिमिटेड डॉ पंकज जैन, सीजीएम एफडीए वीरभद्र शर्मा, सीजीएम टेक्नीकल डॉ पंकज पाराशर, डॉ. पंकज पंचोली सहित अन्य विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने विभाग द्वारा प्रचलित गतिविधियों और बजट प्रावधान अनुसार प्रावधानित कार्रवाई की वृहद् समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि दवाओं और उपकरण की ख़रीदी पूर्ण पारदर्शिता के साथ की जाये। उपकरणों और दवाओं की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के आधार पर ही की जाये। उन्होंने ई-औषधि पोर्टल को सहज और पारदर्शी बनाने के लिए बनाने के लिए आवश्यक अपडेट करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मांग की आंकलन अनुसार दवाओं का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाये इससे नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े और उन्हें सहजता से आवश्यक दवाएँ उपलब्ध हों। उपकरणों की ख़रीदी सुनियोजित रूप से की जाये जिससे अधोसंरचना विकास के साथ ही चिकित्सकीय उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित हो और विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों से सेवाओं का सुचारू रूप से प्रदाय किया सके। उन्होंने विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिये।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेस कार्पोरेशन लिमिटेड का गठन वर्ष 2014 में हुआ था। कार्पोरेशन का मुख्य उद्देश्य दर अनुबंध सुनिश्चित करना है, साथ ही प्रदेश की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं में उपयोग के लिये दवाओं, कन्ज्युमेबल्स्, उपकरणों के लिए केन्द्रीयकृत दर, मात्रा अनुबंध उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही कार्पोरेशन विभिन्न आऊटसोर्स सेवाओं के लिए भी निविदा आमंत्रण का कार्य करती है। पोर्टल पर 1 हज़ार 349 प्रकार की औषधि, 627 कंज्यूमेबल्स् सामग्री और 200 उपकरण की दर और मात्रा अनुबंध की जानकारी उपलब्ध है। नवीन दवानीति-2023 में केन्द्रीयकृत क्रय प्रक्रिया निर्धारित की गई है, जिसमें दर अनुबंध की प्रक्रिया किया जाकर कार्यादेश एवं भुगतान की प्रक्रिया का कार्य कार्पोरेशन द्वारा किया जाता है। औषधियों की निविदा में सिर्फ वही दवा निर्माता कंपनी भाग ले सकती हैं जिनके पास WHO-GMP प्रमाण-पत्र उपलब्ध हों तथा विगत् 05 वित्तीय वर्षों में से किन्हीं 03 वर्षों का औसतन टर्नओवर 10 करोड़ से अधिक हो तथा सर्जिकल सामग्री एवं किट्स की निविदा में संबंधित सामग्री निर्माता या कंपनी भाग ले सकती है जिनका विगत् 05 वित्तीय वर्षों में से किन्हीं 03 वर्षों का औसतन टर्नओवर 02 करोड़ से अधिक हो।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व की खूबियों के मुरीद हुए पुतिन

कृष्णमोहन झा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके तीसरे कार्यकाल के लिए जिन विदेशी राष्ट्राध्यक्षों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं उनमें रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी के निकटतम विदेशी मित्रों में प्रमुखता हासिल कर ली है। हाल में ही रूस की राजधानी मास्को में आयोजित भारत – रूस शिखर वार्ता में भाग लेने के लिए मास्को पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का जिस गर्मजोशी से स्वागत किया गया वह भारत – रूस संबंधों में प्रगाढ़ता का परिचायक था जो समय की कसौटी पर न केवल खरे उतरे हैं बल्कि निरंतर मजबूत हुए हैं। राष्ट्रपति पुतिन ने नरेन्द्र मोदी को रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ द आर्डर आफ सेंट एंड्रयूज द एपोस्टल ‘ से नवाजकर अंतर्राष्ट्रीय जगत को यह संदेश दिया कि भारतीय प्रधानमंत्री के लिए रूस की जनता के दिलों में कितना आदर और प्रेम है। प्रत्युत्तर में प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान को भारत की 140 करोड़ जनता का सम्मान निरूपित करते हुए कहा कि मेरे लिए मेरा देश और मेरे देश के लोग सर्वोपरि हैं। प्रधानमंत्री ने मास्को में कहा कि ‘ आज से ठीक एक महीने पहले मैंने तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और प्रण लिया था कि मैं अपने तीसरे टर्म में तीन गुनी ताकत से काम करूंगा।’ इसमें कोई संदेह नहीं कि प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल की शुरुआत में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों से यह संकेत मिलने लगे हैं कि देश को प्रगति की आकाशीय ऊंचाईयों तक ले जाने के लिए आवश्यक इच्छा शक्ति उनके अंदर कूट कूट कर भरी है।

प्रधानमंत्री मोदी पांच साल बाद रूस के प्रवास पर पहुंचे थे । मास्को विमानतल पर रूस के प्रथम उपप्रधानमंत्री डेनिस मांतुरोव ने उनकी अगवानी की और विमान तल पर ही रूस की सशस्त्र सेनाओं के जवानों द्वारा उन्हें सलामी गारद से सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि राष्ट्रपति पुतिन ने विमान तल पर किसी राष्ट्राध्यक्ष की अगवानी के लिए पहली बार देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री को भेजा था। रूस में किसी राष्ट्राध्यक्ष के आगमन पर सामान्यतः द्वितीय उपप्रधानमंत्री द्वारा स्वागत की परंपरा रही है। मास्को विमानतल पर भारतीय प्रधानमंत्री के स्वागत हेतु रूस के प्रथम उपप्रधानमंत्री की उपस्थिति के यह अर्थ लगाए जा रहे हैं कि रूसी राष्ट्रपति के लिए भारत के मैत्री विशेष अहमियत रखती है और प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल में रूस के राष्ट्रपति पुतिन भारत के साथ रूस के रिश्तों को नई ऊंचाईयों तक ले जाने के लिए तत्पर हैं।

रूस के राष्ट्रपति ने नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री चुने पर बधाई देते हुए इसे उनके अनेक वर्षों के अच्छे कार्यों का प्रतिफल बताया। पुतिन ने नरेन्द्र मोदी को ऊर्जावान नेता बताते हुए यह व्यक्त विश्वास व्यक्त किया कि उनमें भारत और भारतीय लोगों के हित में अच्छे नतीजे देने की क्षमता मौजूद है।यह रिजल्ट से स्पष्ट है। पुतिन ने नरेन्द्र मोदी को अपना करीबी मित्र मानते हुए जब उन्हें इलेक्ट्रिक कार में सैर कराई तब ऐसा प्रतीत हो रहा था कि दोनों के बीच वर्षों पुरानी गहरी दोस्ती है।

रूस के राष्ट्रपति और भारतीय प्रधानमंत्री के बीच अत्यंत आत्मीय वातावरण में संपन्न हुई वार्ता में उभय राष्ट्राध्यक्षों ने दोनों देशों के सहयोग के नये क्षेत्रों पर चर्चा की । पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी की इस बात के सराहना की कि उनके नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना जीवन लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया है । इस पर नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के लोगों ने उन्हें मातृभूमि की सेवा करने का मौका दिया है। रूस के राष्ट्रपति के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम विगत दस वर्षों में 17 बार मिल चुके हैं और विगत 25 वर्षों में 22 दोनों देशों के 22 द्विपक्षीय बैठकें हो चुकी हैं। यह हमारे संबंधों की गहराई का परिचायक है। प्रधानमंत्री ने देश में किसानों को उर्वरक की कमी के संकट से निपटने में रूस से मिले सहयोग की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्ट्रपति को आतंकवाद की समस्या पर भारत की चिंताओं से अवगत कराते हुए इस बात पर विशेष जोर दिया कि भावी पीढ़ी के भविष्य के लिए विश्व में शांति कायम करने की बहुत आवश्यकता है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी की इस रूस यात्रा और रूस के राष्ट्रपति के साथ उनकी शिखर वार्ता के प्रति अंतर्राष्ट्रीय जगत में विशेष उत्सुकता बनी हुई थी।

लेखक राजनैतिक विश्लेषक है।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज डूरंड कप टूर्नामेंट की तीन ट्रॉफियों का अनावरण किया

नई दिल्ली : बुधवार, जुलाई 10, 2024/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित एक समारोह में डूरंड कप टूर्नामेंट 2024 की तीन ट्रॉफियों का अनावरण किया। इन ट्रॉफियों में डूरंड कप, प्रेसिडेंट कप और शिमला ट्रॉफी शामिल हैं।

इस अवसर पर संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि फुटबॉल, दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय खेलों में से एक है। जब पेशेवर फुटबॉल खिलाड़ी हजारों प्रशंसकों के सामने खेलते हैं, तो खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह कई गुना बढ़ जाता है।

राष्ट्रपति ने डूरंड कप टूर्नामेंट 2024 में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि चाहे वे हारें या जीतें, खेल में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए और उन्हें दूसरी टीमों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कभी-कभी खेल में आवेग और जुनून होता है, लेकिन खिलाड़ियों को अपनी भावनाओं को नियंत्रित करने और खेल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का पूरा प्रयत्न करना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी खिलाड़ी दृढ़संकल्प और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करेंगे।

राष्ट्रपति ने सभी फुटबॉल प्रेमियों से भारत में फुटबॉल के स्तर को बढ़ाने के लिए प्रयास करने का आग्रह किया।

 

सार्थक शिक्षा और ज्ञान वही है जो मानवता के कल्याण और उत्थान के लिए इस्तेमाल किया जाए – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

भुवनेश्वर : बुधवार, जुलाई 10, 2024/ ​राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल ओडिशा के भुवनेश्वर में राष्ट्रीय विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान संस्थान (एनआईएसईआर) के 13 वें स्नातक समारोह में भाग लिया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि नाइसर की यात्रा अभी कुछ वर्षों की ही है, लेकिन इतने कम समय में ही इसने शिक्षा जगत में अपना महत्वपूर्ण स्थान बना लिया है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि यह संस्थान विज्ञान की तार्किकता और परंपरा के मूल्यों को एकजुट कर आगे बढ़ रहा है।

राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सार्थक शिक्षा और ज्ञान वही है जो मानवता के कल्याण और उत्थान के लिए इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे जहां भी कार्य करेंगे, अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता के सर्वोच्च स्तर को प्राप्त करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी अपने कार्यक्षेत्र में उपलब्धियों के साथ-साथ अपने सामाजिक कर्तव्यों का भी पूरी जवाबदेही के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सात सामाजिक पाप परिभाषित किए हैं, जिनमें से एक है दयारहित विज्ञान, यानी मानवता के प्रति संवेदनशीलता के बिना विज्ञान को बढ़ावा देना पाप-कर्म के समान है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी उन्हें गांधी जी के इस संदेश को सदैव याद रखना चाहिए।

राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने व्यक्तित्व में हमेशा विनम्रता और जिज्ञासा की भावना बनाए रखें। उन्होंने कहा कि उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे अपने ज्ञान को एक सामाजिक उद्यम के रूप में देखें और इसका उपयोग समाज और देश के विकास के लिए करें।

राष्ट्रपति ने कहा कि विज्ञान, वरदान है लेकिन इसके साथ-साथ उसके अभिशाप का खतरा भी सदैव बना रहता है। आज विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बहुत तेजी से परिवर्तन हो रहे हैं। नए तकनीकी विकास मानव-समाज को क्षमताएं प्रदान कर रहे हैं, लेकिन साथ ही, वे मानवता के लिए नई चुनौतियां भी पैदा कर रहे हैं। जैसे सीआरआईएसपीआर – सीएएस9 ने जीन एडिटिंग को बहुत आसान बना दिया है। यह तकनीक कई असाध्य बीमारियों के समाधान की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है। हालांकि, इस तकनीक के उपयोग से नैतिक और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी समस्याएं भी उत्पन्न हो रही हैं। इसी तरह, जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में प्रगति के कारण डीप फेक की समस्या और कई नियामक चुनौतियां सामने आ रही हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि मौलिक विज्ञान के क्षेत्र में प्रयोग और शोध के परिणाम आने में अक्सर बहुत समय लगता है। कई बार कई वर्षों तक निराशा झेलने के बाद सफलता मिली है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे कभी-कभी ऐसे दौर से भी गुजर सकते हैं जब उनके धैर्य की परीक्षा होती है। लेकिन उन्हें कभी निराश नहीं होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को हमेशा यह याद रखने की सलाह दी कि मौलिक शोध में विकास अन्य क्षेत्रों में भी बेहद लाभदायक साबित होता है।

 

रेलवे सुरक्षा बल के डीजी ने कर्मचारियों के लिए भारतीय न्याय संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम पर पुस्तिकाएं जारी कीं

नई दिल्ली : बुधवार, जुलाई 10, 2024/ ​नए कानूनी ढांचे पर अमल किए जाने को सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के महानिदेशक (डीजी) मनोज यादव ने कल नई दिल्ली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 और भारतीय साख्य अधिनियम (बीएसए), 2023 पर समग्र पुस्तिकाएं जारी कीं।

ये पुस्तिकाएं आरपीएफ कर्मचारियों के लिए एक आवश्यक मार्गदर्शिका के रूप में काम करने के लिए तैयार की गई हैं, जो नए अधिनियमित कानूनों के अनुसार कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में बताती हैं। पुस्तिकाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आरपीएफ कर्मचारी भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (आईईए) से संबंधित नए अधिनियमों को लागू करने के लिए अच्छी तरह से सुसज्जित हैं। विस्तृत स्पष्टीकरण और व्यावहारिक मार्गदर्शन के साथ, पुस्तिकाएं बल (आरपीएफ) को न्याय को बनाए रखने और कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखने में सक्षम बनाएंगी।

आरपीएफ के महानिदेशक ने इन पुस्तिकाओं के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ये पुस्तिकाएं सुचारू और कुशल परिवर्तन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आरपीएफ कर्मचारियों की कानूनी दक्षता बढ़ाने तथा बल के भीतर कानूनी प्रक्रियाओं को सुचारू बनाने की दिशा में चल रहे प्रयासों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हैं। इससे कानून के शासन को बनाए रखने और न्याय प्रदान करने की बल की प्रतिबद्धता को बल मिलेगा।

मुद्रित संस्करणों के अलावा, पुस्तिकाओं की ई-फ्लिपबुक भी जारी की गई। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 के लिए पुस्तिका के साथ ये डिजिटल संस्करण जेआर आरपीएफ अकादमी की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं और मोबाइल फोन और डेस्कटॉप कंप्यूटर दोनों के लिए अनुकूल हैं, जिससे सभी आरपीएफ कर्मियों के लिए इन तक आसान पहुंच सुनिश्चित होती है।

अनाधिकृत रूप से चिन्हित कॉलोनियों का सर्वे दल गठित

भोपाल : बुधवार, जुलाई 10, 2024/ ​गोविन्दपुरा क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से चिंन्हित कॉलोनियों का सर्वे करने के लिये दल गठित किया गया है। राजस्व, नगर निगम, पुलिस, एमपीईवी के अधिकारियों को दल में शामिल किया गया है। अधिकारियों का यह दल अनाधिकृत कॉलोनियों में सड़क, बिजली, पानी और सीवेज की सुविधा को प्राथमिकता से उपलब्ध करने के लिये पता लगायेगा। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने निवास कार्यालय पर हुई समीक्षा बैठक में दल के गठन के निर्देश दिये है।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि गोविन्दपुरा क्षेत्र में 50 से अधिक अनाधिकृत रूप से चिन्हित कॉलोनियाँ है। इन कॉलोनियों में सड़क, बिजली, पानी और सिवेज जैसी मूलभूत सुविधाओं से इस कॉलोनियों के रहवासी वंचित है। बैठक में एसडीएम एल.के. खरे सहित अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...