भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच नियुक्त हुए गौतम गंभीर

नई दिल्ली : बुधवार, जुलाई 10, 2024/ ​भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर भारतीय पुरुष क्रिकेट के अगले मुख्य कोच होंगे। गंभीर, राहुल द्रविड़ की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल टी20 विश्व कप 2024 के समापन पर समाप्त हो गया था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव जय शाह ने कल एक्स के माध्यम से यह घोषणा की।

जय शाह ने कहा कि, मुझे अत्यंत खुशी हो रही है कि मैं भारतीय क्रिकेट टीम के नए मुख्य कोच के रूप में गौतम गंभीर का स्वागत करता हूं। आधुनिक क्रिकेट तेजी से विकसित हुआ है और गौतम ने इस बदलते परिदृश्य को करीब से देखा है। अपने पूरे करियर में कठिनाइयों को सहने और विभिन्न भूमिकाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद, मुझे विश्वास है कि गौतम भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए आदर्श व्यक्ति हैं।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय टीम के लिए उनका स्पष्ट दृष्टिकोण, उनके विशाल अनुभव के साथ मिलकर, उन्हें इस रोमांचक और सबसे अधिक मांग वाली कोचिंग भूमिका को निभाने के लिए पूरी तरह से सक्षम बनाता है। बीसीसीआई उनकी इस नई यात्रा के लिए उसका पूरा समर्थन करता है।

अपने करियर के दौरान, गंभीर ने 2007 टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, गौतम दोनों टूर्नामेंट के फ़ाइनल में भारत के लिए शीर्ष स्कोरर रहे थे।

 

केंद्र सरकार ने खालिस्तान समर्थक समूह ‘सिख फॉर जस्टिस’ पर पांच साल के लिए बढ़ाया प्रतिबंध

नई दिल्ली : बुधवार, जुलाई 10, 2024/ ​केंद्र ने खालिस्तान समर्थक समूह ‘सिख फॉर जस्टिस‘ पर प्रतिबंध पांच साल के लिए बढ़ा दिया है। यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के अन्‍तर्गत की गई है। एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह संगठन ऐसी गतिविधियों में लिप्त रहा है जो देश की अखंडता और सुरक्षा के लिए खतरा हैं। सिख फॉर जस्टिस अमरीका-आधारित समूह है और इसे गुरपतवंत सिंह पन्नू संचालित करता है। पन्‍नू को भारत द्वारा आतंकवादी घोषित किया गया था। राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण ने सिख फॉर जस्टिस के खिलाफ कई मामले दर्ज किए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया गया

मॉस्को : बुधवार, जुलाई 10, 2024/ ​रूस के राष्ट्रपति महामहिम व्लादिमीर पुतिन ने भारत-रूस संबंधों को बढ़ावा देने में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के योगदान के लिए क्रेमलिन के सेंट एंड्रयू हॉल में आयोजित एक विशेष समारोह में, उन्‍हें रूस के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार “द ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल” से सम्मानित किया। इस पुरस्कार की घोषणा 2019 में की गई थी।

इस पुरस्कार स्वीकार करते हुए, प्रधानमंत्री ने इसे भारत के लोगों और भारत व रूस के बीच मित्रता के पारंपरिक बंधन को समर्पित किया। उन्होंने आगे कहा कि यह सम्‍मान दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को प्रदर्शित करता है।

इस पुरस्कार की शुरुआत 300 साल पहले हुई थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस पुरस्कार से सम्मानित होने वाले पहले भारतीय नेता हैं।

 

समर्थन मूल्य पर किसानों को बोनस भुगतान के लिये 1000 करोड़ रूपये का बजट – खाद्य मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत

भोपाल : बुधवार, जुलाई 10, 2024/ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा है कि समर्थन मूल्य पर किसानों से फसल उपार्जन पर बोनस के भुगतान के लिए एक हजार करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा है कि विभाग को गत वर्ष की तुलना में 36 प्रतिशत अधिक बजट मिला है।

मंत्री राजपूत ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में बनाये गए बजट में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया गया है। इससे विभागीय योजनाओं को हितग्राहियों तक पहुँचाने में मदद मिलेगी।

मंत्री राजपूत ने बताया है कि लाड़ली बहनों को 450 रूपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में 89 लाख हितग्राहियों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराये गए हैं। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले ऐसे हितग्राही जो प्रधानमंत्री उज्ज्‍वला योजना के लाभ से वंचित रह गये हैं, उन्हें राज्य सरकार की गैर उज्ज्‍वला योजना में शामिल किया गया है। इन दोनों योजनाओं के लिए 520 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है।

मंत्री राजपूत ने बताया है कि पैक्स एवं लैम्प्स समिति के विक्रेताओं के मानदेय में 3 हजार रूपये की वृद्धि की जा रही है। इससे 13 हजार से अधिक विक्रेताओं को लाभ मिलेगा। इसके लिये बजट में 71 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

बजट में नवीन योजना के रूप में स्मार्ट पीडीएस योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया है। योजना मेंसार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिये सर्वर को अत्याधुनिक सुविधायुक्त बनाया जायेगा। इसके लिये 10 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। छात्रावासों में रहने वाले अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विद्यार्थियों को रियायती दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए बजट में 13 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। उन्हें गेहूँ पर 4 रूपये किलो तथा चावल पर साढ़े पाँच रूपये प्रति किलो सब्सिडी दी जाऐगी। प्रदेश में 1 करोड़ 23 लाख पात्र परिवारों को हर माह 1 रूपये प्रति किलो में आयोडीन/आयरन युक्त डबल फोर्टीफाइड नमक का वितरण कर रहे हैं। इसके अलावा 33 जिलों के 57 लाख पात्र परिवारों को 1 रूपये प्रति किलो में डबल फोर्टीफाइड युक्त नमक का वितरण की योजना पर कार्य कर रहे हैं। “मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम” योजना के तहत बजट में 15 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इस व्यवस्था से हम 20 आदिवासी जिलों के 89 विकासखण्डों में 7 लाख 13 हजार परिवारों को मोबाइल वाहन द्वारा राशन का वितरण कर सकेंगे।

 

अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में उप-निर्वाचन के लिये आज मतदान

भोपाल : बुधवार, जुलाई 10, 2024/ अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कौल ने बताया है कि छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (अजजा) में उप-चुनाव के लिये आज मतदान होगा। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 57 हजार 866 मतदाता हैं। इनमें से एक लाख 29 हजार 372 पुरूष, एक लाख 28 हजार 492 महिला और दो अन्य मतदाता हैं। कुल 332 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए 62 सेक्टर अधिकारी (रिजर्व सहित) केन्द्रीय पुलिस बल की 3 कंपनियां और जिला पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। कुल 1485 मतदान कर्मी की ड्यूटी लगाई गई है। कुल 10 मतदान केन्द्र महिला प्रबंधकीय बूथ हैं। कुल 53 मेडिकल ऑफिसर की ड्यूटी लगाई गई है। मतदान कराने के लिये मतदान दल सभी मतदान केन्द्रों में पहुँच गये हैं। मतगणना 13 जुलाई को होगी। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिये सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।

मतदाता जब मतदान करने जाएं तो मतदाता सूचना पर्ची के साथ 13 फोटो युक्त दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज जरूर लेकर जायें। क्यूआर कोड युक्त मतदाता सूचना पर्ची से मतदाता अपने मतदान केन्द्र का नाम, पता, क्रमांक, निर्वाचक नामावली में मतदाता क्रमांक राज्य और जिले का हेल्प लाइन नम्बर जैसी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कर सकेंगे, लेकिन मतदान के लिए एक फोटोयुक्त दस्तावेज जरूरी होगा।

यदि किसी मतदाता के पास मतदाता सूचना पर्ची नहीं है और उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज है, तो 13 फोटोयुक्त वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज दिखाकर मतदाता अपना मतदान कर सकेंगे।

फोटोयुक्त वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दिव्यांग यूनिक आईडी कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मनरेगा जॉब कार्ड, पेंशन दस्तावेज (फोटो सहित), पासपोर्ट, पासबुक (फोटो सहित बैंक/डाकघर द्वारा जारी), फोटोयुक्त सर्विस पहचान पत्र (केन्द्र/राज्य सरकार/सार्वजनिक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा जारी), सांसद, विधायक को जारी आधिकारिक पहचान पत्र, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड (श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी) में से कोई भी एक दस्तावेज दिखाकर मतदान कर सकते हैं।

बच्चों में शिक्षा ग्रहण करने की अपार शक्ति, लगन और ईमानदारी से करें मां-बाप के सपनों को साकार: मंत्री केदार कश्यप

रायपुर : मंगलवार, जुलाई 9, 2024/ वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप आज रायपुरा स्थित पंडित गिरिजा शंकर मिश्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने नौनिहालों को तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर शाला प्रवेश कराया। उन्होंने इस मौके पर बच्चों को शाला गणवेश तथा पाठ्यसामग्री वितरण भी किया। उन्होंने छात्राओं को सरस्वती सायकल योजना के तहत सायकल प्रदान किया। मंत्री कश्यप ने इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए नवाचार मॉडल प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

मंत्री कश्यप ने शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों में अपार क्षमता है। शासकीय स्कूल के बच्चे कठिन पस्थितियों के बाद भी बेहतर परिणाम ला रहे हैं। यह हम सबके लिए यह खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि बच्चे लगन और ईमानदारी से शिक्षकों के आदर्श में चलकर शिक्षा ग्रहण कर अपने मां-बाप के सपनों को साकार करें, बच्चों को हताश-निराश होने की जरूरत नहीं है। समय को ध्यान रखते हुए खेलने के समय खेले-कुदे और पढ़ाई के समय पढ़ाई करें। गरीब, किसानों के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारी सरकार की प्राथमिकता में है। भविष्य निर्माता आज के नौनिहालों की शिक्षा-दिक्षा में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। बच्चों के भविष्य निर्माण के लिए सरकार तत्पर है। हमारी सरकार ने प्रदेश में आईआईटी, आईआईएम जैसी बड़ी-बड़ी संस्थानें स्थापित की है। उच्च शिक्षा के लिए भी बाहर जाने की जरूरत नहीं है। अतिथियों ने इस मौके पर ‘‘मां के नाम एक पेड़’’ अभियान के तहत स्कूल परिसर में पौधा रोपण किया।

विधायक मोती लाल साहू ने कहा कि सरकारी स्कूल के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आज प्राईवेट स्कूल से बेहतर परीक्षा परिणाम शासकीय स्कूलों में आ रहा है। शासकीय स्कूलों में प्रवेश के लिए काफी भीड़ लगी है, इससे शासकीय स्कूलों का महत्व और गुणवत्ता अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कम सुविधाओं और चुनौती पूर्ण परिस्थितियों में भी बेहतर परिणाम सराहनीय है। बच्चों को भी लगन और ईमानदारी से शिक्षा ग्रहण करना चाहिए।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि नन्हें-नन्हें बच्चों को जीवन के नए पड़ाव में प्रवेश कराने आए हैं। उनका हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत है। उन्हांेने कहा कि सरकारी संस्थान में पढ़े-लिखे ज्यादा संस्कारी होते हैैं। आज के मंच में मंत्री, विधायक, कलेक्टर सहित जितने भी लोग है सभी सरकारी स्कूलों में पढ़कर आप लोगों के बीच उपस्थित हैं। आप लोगों को भी किसी प्राईवेट स्कूल के विद्यार्थियों को देखकर अपने आप को कमजोर आंकने की जरूरत नहीं है। आप लोगों में अपार शक्ति और जोश है, अपनी कड़ी मेहनत और लगन से इच्छानुसार परिणाम हासिल कर सकते हैैं।

विधायक गुरू खुशवंत साहेब ने जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अक्सर दूसरों के सुख सुविधओं और रहन-सहन को देखकर मन में उनकी तरह बनने की लालसा होती है। शिक्षा एक ऐसा माध्यम है जिससे हर सुख सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम शाला में अनुशासन का पालन करते हैं। जीवन में भी अनुशासन से आगे बढ़ सकते हैं और अपनी मंजिल को प्राप्त कर सकते है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान है। शिक्षकों को स्कूल के बच्चों को भी अपने बच्चों की तरह जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।

इस अवसर पर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विश्वदीप सिंह, नगर निगम के कमिश्नर अविनाश मिश्रा, जिला शिक्षाधिकारी खण्डेलवाल, वार्ड केे पार्षद वीरेन्द्र देवांगन सहित शिक्षक-शिक्षिकांए तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

रक्षा का सबसे अच्छा तरीका युद्ध के लिए सदैव तत्पर रहना है : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

नई दिल्ली : मंगलवार, जुलाई 9, 2024/ उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कल छावनी क्षेत्रों में पर्यावरण की देखभाल करने और वनस्पतियों का पोषण करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि समाज के व्यापक लाभ के लिए रक्षा संपदा भूमि पर संरचित तरीके से औषधीय पौधों और बागवानी को बढ़ावा देकर इसे प्राप्त किया जा सकता है।

उपराष्ट्रपति के एन्क्लेव में भारतीय रक्षा संपदा सेवा के 2023 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों से बातचीत करते हुए उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि छावनी क्षेत्रों को स्वच्छता, हरियाली और नागरिक सुविधाओं के मामले में अन्य निकायों (जैसे नगर पालिकाओं) के लिए एक उदाहरण बनना चाहिए।

विकसित हो रहे तकनीकी और भू-राजनीतिक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए, उपराष्ट्रपति ने युवा अधिकारियों को तेजी से बदलते परिदृश्य के साथ लगातार तालमेल बिठाने की सलाह दी। अधिकारियों से हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि रखने का आग्रह करते हुए उन्होंने इस बात पर जोर दिया, “रक्षा का सबसे अच्छा तरीका युद्ध के लिए सदैव तत्पर रहना है।”

रक्षा भूमि को हमारी सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उपराष्ट्रपति महोदय ने रक्षा भूमि के प्रबंधन में आने वाली कई चुनौतियों जैसे अतिक्रमण और उसके बाद कानूनी विवादों का उल्लेख किया। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को भूमि प्रबंधन के लिए प्रौद्योगिकी का सर्वोत्तम उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे आप किसी भी घुसपैठ की निगरानी कर सकेंगे और दृढ़ संकल्प के साथ त्वरित उपचारात्मक कार्रवाई कर सकेंगे। उपराष्ट्रपति, जो प्रतिष्ठित अधिवक्ता भी रहे हैं, उन्होंने ऐसे मामलों में अदालती कार्रवाई के लिए तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

उपराष्ट्रपति महोदय ने परिवीक्षार्थियों को कभी भी आसान रास्ता न अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि वे नैतिक आचरण का उदाहरण प्रस्तुत करें तथा दूसरों के लिए आदर्श बनें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि “जब आप दबावों और चुनौतियों का सामना करें, तब भी दृढ़ रहें।” उन्होंने अधिकारियों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए काम करने का आग्रह किया।

यह देखते हुए कि रक्षा संपदा का ऐतिहासिक और विरासत संबंधी महत्व बहुत अधिक है, उपराष्ट्रपति महोदय ने इसकी योजना और विकास में दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।

डॉ. सुदेश धनखड़, रक्षा मंत्रालय के सचिव गिरिधर अरमाने, रक्षा संपदा के महानिदेशक जी.एस. राजेश्वरन, राष्ट्रीय रक्षा संपदा प्रबंधन संस्थान के निदेशक राजेंद्र पवार, प्रशिक्षु अधिकारी, भारतीय रक्षा संपदा सेवा और उपराष्ट्रपति सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

कठुआ में सेना की गाड़ी पर आतंकी हमले में 5 जवान शहीद, 5 घायल

जम्मू : मंगलवार, जुलाई 9, 2024/ जम्‍मू – कश्‍मीर में कठुआ जिले के माचेडी इलाके में कल आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों का पता लगाने के लिए सुरक्षा बलों ने आज एक बड़ा संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। इस मुठभेड में सेना के पांच जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे और पांच अन्‍य घायल हुए थे।

हमले में घायल 5 जवानों को कठुआ के बिलावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से देर रात पठानकोट मिलिट्री हॉस्पिटल रेफर किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिलावर की चिकित्सा अधिकारी शीला देवी ने बताया कि पांच घायल जवानों को यहां लाया गया था, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया है। उन्हें इलाज के लिए सैन्य अस्पताल, पठानकोट रेफर कर दिया गया है।

वहीं, उधमपुर में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सोमवार को कठुआ जिले के माचेडी इलाके में भारतीय सेना के काफिले पर आतंकवादियों ने हमला किया था जिसमें 5 जवानों की जान चली गई। आतंकवादियों ने सेना के वाहनों को निशाना बनाकर एक ग्रेनेड फेंका और गोलीबारी की। ये वाहन कठुआ शहर से 150 किलोमीटर दूर लोहई मल्हार में बदनोता गांव के पास अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे माचेडी-किंडली-मल्हार मार्ग पर नियमित गश्त पर थे। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की लेकिन आतंकवादी नजदीक के जंगलों में भाग गए थे। कठुआ के माचेडी इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान आज भी जारी है।

घने वन क्षेत्रों में तलाशी दल के लिए हेलीकॉप्‍टर, यू ए वी निगरानी, खोजी कुत्‍ते और मेटल डिटेक्‍टरों से सहायता ली जा रही है। कठुआ जिले के माचेडी, बदनोट, किंडली और लोहाई इलाकों में सेना, पुलिस और केन्‍द्रीय रिजर्व पुलिस बल का संयुक्‍त दल घेराबंदी और तलाश अभियान चला रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि हमले में तीन से चार आतंकवादी थे जिनमें ज्‍यादातर विदेशी थे। ये उसी समूह का हिस्‍सा हैं जो बसंतगढ हमले में शामिल थे जिसमें पनारा गांव में 28 अप्रैल को मुठभेड में एक रक्षा गार्ड मारा गया था।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि जम्‍मू कश्‍मीर के कठुआ जिले में आतंकवादियों द्वारा सेना के जवानों के काफिले पर किया गया हमला एक कायरतापूर्ण कार्य है जिसकी निंदा की जानी चाहिए और सख्‍ती से इसका जवाब देने के लिए कडे कदम उठाने चाहिए। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में राष्‍ट्रपति ने कहा कि उनकी सहानुभूति उन बहादुरों के परिवारों के साथ है जिन्होंने आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ चल रही इस लडाई में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन्‍होंने घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की कामना भी की।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जम्‍मू कश्‍मीर के कठुआ जिले में आतंकी हमले में सेना के पांच जवानों के वीरगति को प्राप्‍त करने पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्‍ट्र इस कठिन समय में सेना के जवानों के परिवार के साथ खडा है। उन्‍होंने सूचित किया कि आतंकरोधी कार्रवाई जारी है और भारतीय जवान क्षेत्र में शांति और व्‍यवस्‍था कायम करने के लिए प्रतिबद्ध है। राजनाथ सिंह ने घायलों के जल्‍द स्‍वस्‍थ होने की कामना की।

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम: उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

भोपाल : मंगलवार, जुलाई 9, 2024/ उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह अभियान आज एक जन-आंदोलन बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने 5 करोड़ 50 लाख पौधरोपण का संकल्प लिया है। विगत दिनों भोपाल में एक दिन में रिकॉर्ड 12 लाख पौधे रोपे गए। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में इंदौरवासियों ने 51 लाख पौधरोपण का संकल्प लिया है।

उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि यह अभियान प्रकृति के प्रति हमारे कर्तव्यों को रेखांकित करता है, सेवा करने का अवसर प्रदान करता है। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने भोपाल में चार इमली स्थित निवास के सम्मुख अपनी माताजी की स्मृति में बरगद के पौधे का रोपण किया। उप-मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अभियान में सहभागिता कर पौधरोपण करने और उनका संरक्षण करने की अपील की है। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल के साथ सांसद भारत सिंह कुशवाह और अन्य जनप्रतिनिधियों ने पौधों का रोपण किया। बरगद, नीम, कदंब सहित अन्य पौधों का रोपण किया गया।

खेलो इंडिया महिला वुशू लीग के लिए तैयारी पूरी

नई दिल्ली : सोमवार, जुलाई 8, 2024/ खेलो इंडिया महिला वुशु लीग का आगामी उत्तरी क्षेत्रीय दौर, बहुत से लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने वाला है, क्योंकि इसमें प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एथलीट आयरा चिश्ती और कोमल नागर अपना शानदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। यह प्रतियोगिता 9 से 13 जुलाई तक पटियाला के नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान में होगी, जिसमें सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर श्रेणियों के 350 एथलीट अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। एसएआई पटियाला द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में सांडा (लड़ाई) और ताओलू (रूप) दोनों शामिल होंगे और इसमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर और लद्दाख की प्रतिभागी भाग लेंगी।

युवा मामले और खेल मंत्रालय का खेल विभाग भारतीय वुशु महासंघ द्वारा आयोजित 7.2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वाली इस प्रतियोगिता का वित्तपोषण करता है। सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर स्पर्धाओं के शीर्ष आठ वुशु एथलीटों को नकद प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

पिछले महीने कर्नाटक में हुए दक्षिण क्षेत्रीय मुकाबलों के बाद यह अगले दौर की क्षेत्रीय प्रतिस्‍पर्धा होगी। चार क्षेत्रीय मुकाबलों के बाद राष्ट्रीय रैंकिंग चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी।

महिला वुशु लीग कई ऐसी नई खिलाड़ियों को मौका देगी जो अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता आयरा (18 वर्ष) और कोमल (19 वर्ष) की तरह बड़ा नाम कमाना चाहती हैं और जो एनएसएनआईएस पटियाला सेंटर में प्रशिक्षण ले रही हैं।

2022 में इस प्रतियोगिता में पदार्पण करने वाली आयरा ने कहा, “मैं तीसरी खेलो इंडिया महिला वुशु लीग में अपने घरेलू मैदान में खेलने को लेकर बहुत उत्साहित हूं और पिछली दो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हूं।” आयरा ने कहा, “खेलो इंडिया महिला लीग उन बहुत सारी लड़कियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है जो खेलों में अपना भविष्य संवारना चाहती हैं और मैं इसके लिए सरकार की आभारी हूं। जहां तक ​मेरा सवाल है, मैं 52 किग्रा वर्ग में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना चाहती हूं और इस भार वर्ग में भारत के लिए यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली महिला बनना चाहती हूं। इससे पहले, मेरा लक्ष्य इस सितंबर में चीन में होने वाली सीनियर एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना है।”

जम्मू-कश्मीर की आयरा, जो सीनियर 52 किग्रा सांडा वर्ग में हिस्सा लेंगी, ने 2022 में इंडोनेशिया में जूनियर वुशु विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने 2022 में जॉर्जिया में अंतर्राष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप में स्वर्ण और 2024 में रूसी मॉस्को स्टार्स वुशु अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता था।

चंडीगढ़ की कोमल सांडा में रूसी मॉस्को स्टार्स वुशु अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2023 की स्वर्ण पदक विजेता हैं। उन्‍होंने कहा, “कैलेंडर वर्ष में राष्ट्रीय टूर्नामेंट के अलावा एक और टूर्नामेंट खेलने का अवसर मिलने से हमारा आत्मविश्वास बढ़ता है।”

कोमल ने 14 साल की उम्र में आत्मरक्षा तकनीक सीखना शुरू किया था, उन्‍होंने कहा, “खेलो इंडिया महिला लीग हमें अपने प्रदर्शन का आकलन करने, अपने खेल की खामियों और उसमें सुधार करने की दिशा में काम करने के लिए एक अच्छा मंच प्रदान करती है।”

महिलाओं के लिए खेल विषय के तहत, खेलो इंडिया महिला लीग को दो मुख्य प्रारूपों में तय किया गया है: मेजर लीग और सिटी लीग। ये लीग विभिन्न खेल प्रारूपों में महिलाओं के प्रदर्शन को बढ़ावा देने के लिए मंच के रूप में काम करती हैं। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक खेल की आवश्यकताओं के अनुरूप विशिष्ट आयु श्रेणियों या भार श्रेणियों में लीग आयोजित की जाती हैं।

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा समर्थित यह दृष्टिकोण न केवल महिला एथलीटों की व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करता है, बल्कि देश भर में विभिन्न कौशल स्तरों और आयु समूहों में प्रतिभा की पहचान और उसके विकास की सुविधा भी देता है। इन खेल प्रारूपों के माध्यम से, खेलो इंडिया पहल का उद्देश्य देश में एक जीवंत खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और भारत की महिला एथलीटों के प्रदर्शन में सुधार करना है।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...