राहुल गांधी ने अपने मणिपुर दौरे के दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों से की मुलाकात

इंफाल : सोमवार, जुलाई 8, 2024/ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपने एक दिवसीय दौरे पर मणिपुर पहुंच गए। वह आज सुबह असम के कछार पहुंचे और बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। फिर वह मणिपुर के जिरीबाम जिले पहुंचे और जिले में शरण ले रहे हिंसा प्रभावित परिवारों से बातचीत की। इंफाल का दौरा करने के बाद राहुल गांधी चुराचांदपुर पहुंचे। जहां उन्होंने राहत शिविरों का दौरा किया।

इसके बाद राहुल गाँधी बिष्णुपुर जिले का दौरा करेंगे और राहत शिविर के कैदियों से मिलेंगे। कांग्रेस नेता आज शाम इंफाल रवाना होने से पहले मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके से भी मुलाकात करेंगे।

प्रभास की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ ने बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ का आंकड़ा किया पार

मुंबई : सोमवार, जुलाई 8, 2024/ फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। पिछले चार दिनों में फिल्म ने जबरदस्त कमाई कर कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। देश के साथ- साथ विदेशों में भी कल्कि 2898 AD का बोलबाला देखने को मिल रहा है।

फिल्म में प्रभास, अमिताभ बच्चन और दीपिका पादुकोण की अहम भूमिका निभाई है। प्रभास की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता थी। टीजर और ट्रेलर रिलीज होने के बाद दर्शक फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। फिल्म के रिलीज होते ही दर्शक इसे देखने के लिए सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं। वहीं अब ‘कल्कि 2898 एडी’ की रिलीज के 11वें दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ गए हैं।

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, ‘कल्कि 2898 एडी’ ने अपनी रिलीज के 11वें दिन 41.3 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके बाद इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 507 करोड़ रुपये हो गया है। जिसमें से फिल्म ने हिंदी में अकेले 211.9 करोड़ रुपये की कमाई की है। 600 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुई है।

‘सैक्निल्क’ के मुताबिक, ‘कल्कि 2898 एडी’ ने रिलीज के पहले दिन 95 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। रिलीज के दूसरे दिन देशभर में 54 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। तीसरे दिन 64.5 करोड़ रुपये, चौथे दिन 84 करोड़ रुपये, पांचवें दिन 34.6 करोड़ रुपये, छठे दिन 27.05 करोड़, सातवें दिन 22.7 करोड़ रुपये, 8वें दिन की कमाई 22.25 करोड़ रुपये, 9वें दिन 17.25 करोड़ रुपये, 10वें दिन 34.45 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।

कल्कि 2898 एडी 2 की कहानी भगवान विष्णु के आधुनिक अवतार के इर्द-गिर्द घूमती है। अमिताभ बच्चन अश्वत्थामा के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में प्रभास बाउंटी हंटर (भैरव) के किरदार में हैं। जो 5 महीने की प्रेग्नेंट सुमति (दीपिका पादुकोण) को कैद कर लेता है। जिसकी मदद के लिए अश्वत्थामा आते हैं। बड़ी ही खूबसूरती के साथ फिल्म का डायरेक्शन किया गया है। जिसकी वजह से फैन्स और सितारे फिल्म की तारीफ कर रहे हैं।

 

भारतीय जनता पार्टी की ’’विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक’’ भोपाल में हुई संपन्न

भोपाल : सोमवार, जुलाई 8, 2024/ भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक रविवार को भोपाल के रविंद्र भवन सभागार में संपन्न हुई। पार्टी नेताओं ने दीप प्रज्जवलित कर एवं महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ बैठक का शुभारंभ किया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो चार जातियां बताई हैं, गरीब, युवा, किसान और महिलाएं, मध्यप्रदेश सरकार इन्हीं को ध्यान में रखकर काम कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि पहले विधानसभा और फिर लोकसभा चुनाव में मिली जीत सामूहिकता के साथ पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता द्वारा किए गए परिश्रम का नतीजा है। बैठक के विशिष्ट अतिथि एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि हमने 2023 और 2024 के चुनावों में प्रचंड जीत हासिल की है, लेकिन हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प की पूर्ति तक रुकना नहीं हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस और इंडी गठबंधन गलत नैरेटिव सेट करने का प्रयास कर रहे हैं कि उन्होंने चुनाव में जीत हासिल की है। भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के इस झूठ को बेनकाब करना है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि लोकसभा चुनाव में जीत का जो इतिहास रचा है, उसे आगे भी बनाए रखें। भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का एक आदर्श संगठन कैसा होना चाहिए, वह मध्यप्रदेश के भाजपा संगठन से देखा जा सकता है। प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कठोर परिश्रम किया और 100 प्रतिशत परिणाम दिया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मिली जीत जनता की शक्ति और पार्टी के जांबाज कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है, मैं उन्हें नमन करता हूं। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस ने बीते चुनाव में जमकर दुष्प्रचार किया, लेकिन उसका दुष्प्रचार पराजित हुआ और भाजपा कार्यकर्ता जनता का भरोसा जीतने में सफल रहे। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि कार्यकर्ता जिन बूथों पर हमें सफलता नहीं मिली है, उन्हें जीतने की कार्ययोजना बनाकर जुट जाएं। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हमने पांचवीं बार मध्यप्रदेश में सरकार बनाई है। हमारा लक्ष्य अगले पांच सालों में प्रदेश के बजट को दोगुना करना है और इसकी शुरुआत भी हमने कर दी है। डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं और पार्टी कार्यकर्ता इन योजनाओं के माध्यम से जनता की सेवा करने में सरकार की सहायता करें। उन्होंने कहा कि जब हम देखते हैं कि कोई व्यक्ति किसी अपने के शव को साइकिल पर ले जा रहा है, तो यह देखकर बहुत कष्ट होता है। हमारी सरकार ने इस बजट के माध्यम से यह प्रबंध कर दिया है कि ऐसी स्थितियां न बनें। इसके लिए एंबुलेंस या शव वाहन की व्यवस्था की गई है। हमारे कार्यकर्ता भी अपने आसपास निगाह रखें कि यह व्यवस्था ठीक से काम कर रही है या नहीं। कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हो रही? अगर हम सजग रहेंगे, तो ऐसी लापरवाही को रोक सकेंगे। डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए खाली पदों पर भर्ती करने जा रही है। जो पद प्रमोशन से भरे जाने थे, उनकी प्रक्रिया में हमारे विरोधियों के रवैये के कारण थोड़ा व्यवधान आया है, जो बार-बार इस मामले को अदालत में ले जाते हैं। रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए हम क्षेत्रीय आधार पर योजना बना रहे हैं। उज्जैन में हुई रीजनल समिट इसका उदाहरण है। अब दूसरी रीजनल समिट इसी महीने 20 जुलाई को जबलपुर में होने वाली है, जिसके माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेंगे। कृषि सेक्टर के विकास के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं। इसी प्रकार माइनिंग, एविएशन आदि क्षेत्रों में भी कदम उठाए जा रहे हैं। शिक्षा क्षेत्र की बेहतरी के लिए 55 जिलों में 55 एक्सीलेंस कॉलेज इसी महीने प्रारंभ हो रहे हैं। इन कॉलेजों में हम सुविधाएं भी बढ़ा रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि इस कार्यसमिति में मैंने बजट में किए गए कुछ प्रावधानों को प्रस्तुत किया है, आप सभी से आग्रह है कि व्यापारी संगठनों के माध्यम से, प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से इन बातों को संबंधित वर्गों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने ’ एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश में साढे 5 करोड़ पेड़ हम लगाने वाले हैं। आप अपने-अपने स्तर पर अपने-अपनी पंचायत तक भी इस एक पेड़ मां के नाम का अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि विधानसभा के चुनाव के पूर्व ग्वालियर में हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हमारे नेता अमित शाह ने संकल्प दिलाया था कि मध्यप्रदेश में सिर्फ सरकार नहीं बनेगी, बल्कि प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएंगे। कार्यकर्ताओं की मेहनत से इस संकल्प की पूर्ति हुई। 2023 के चुनाव में हमने 49 प्रतिशत वोट शेयर हासिल किया और 163 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया। हमने नारा दिया था-’मोदी के मन में एमपी और एमपी के मन में मोदी’, जिसे प्रदेश की जनता ने लोकसभा चुनाव में भरपूर आशीर्वाद देकर साकार कर दिया। हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव लड़ा और प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाया। शर्मा ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की योजनाएं लोगों के जीवन में खुशियां ला रही हैं, तो दूसरी तरफ मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार गुड गवर्नेंस को साकार कर रही है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के हितग्राही भारतीय जनता पार्टी की ताकत रहे हैं, लेकिन इन योजनाओं को नीचे तक पहुंचाने में हमारे कार्यकर्ताओं की महत्व्पूर्ण भूमिका रही है और जीत का श्रेय इन्ही कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे 41 लाख कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए बूथ विजय के लिए मैदान में उतरे और झूठ, छल-कपट की राजनीति करने वाली कांग्रेस को उखाड़ फेंका। बूथ के कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर ही हम 59.27 प्रतिशत वोट हासिल करने में सफल रहे और 80.56 प्रतिशत बूथों पर हमने जीत हासिल की। अन्य वर्गों के साथ अजा और अजजा वर्ग में भी भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ा है। आने वाले समय में हमें उन क्षेत्रों में अपना वोट शेयर बढ़ाने के प्रयास करना है, जहां अभी हमें कम वोट मिले हैं।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि हमने विधानसभा चुनाव में 163 सीटें जीती हैं और लोकसभा चुनाव में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। लेकिन इसका कारण क्या है? अकेली योजनाओं से जीत नहीं मिलती, क्योंकि अगर ऐसा होता तो छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तमिलनाडु और उड़ीसा में भी सत्ताधारी दलों की जीत होती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मध्यप्रदेश पार्टी के उन महापुरुषों की धरती है, जिन्होंने संगठन को खड़ा करने के लिए सिर्फ काम किया, अहंकार नहीं किया। हमें जनहित की योजनाओं के साथ साफ छवि और अहंकार रहित निस्वार्थ कार्यकर्ताओं की टोली की बदौलत यह जीत हासिल हुई है। यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार देश में कई परिवर्तन लाई है। कांग्रेस के जमाने में जहां सिर्फ 15 पैसे गरीब की जेब में पहुंचते थे, आज सरकार की ईमानदारी और नई टेक्नोलॉजी की बदौलत पूरे 100 पैसे खाते में पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, युवा, महिला और किसान हर वर्ग के लिए काम किया है। वहीं, मध्यप्रदेश जनजाति बहुल राज्य है और हमारी सरकार ने पेसा एक्ट लागू करने समेत महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए अनेक कदम उठाए हैं। यादव ने कहा कि डबल इंजन सरकारों के कामकाज और कार्यकर्ताओं की मेहनत के आधार पर हमने लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीटें जीती हैं और देश में 1960 के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार सरकार बनाने में सफल रहे हैं। लेकिन देश में आज भी कई चुनौतियां हैं। जो कांग्रेस सुशासन और नीतियों के आधार पर भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला नहीं कर सकती, वो अब नकारात्मकता के साथ षडयंत्र रच रही है। उसके नेता आरोपों की राजनीति कर रहे हैं। चुनावों के दौरान भी कांग्रेस ने आरक्षण और संविधान को लेकर झूठ फैलाया था। जबकि वास्तविकता यह है कि कांग्रेस हमेशा न्यायालय, चुनाव आयोग पर हमला करती रही है, संसद और लोकतंत्र का मखौल उड़ा रही है। हमें इसके खिलाफ जन जागरण करना है और विकसित भारत के साथ विकसित म.प्र.बनाने के लिए काम करना है।

विस्तारित प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सफलता भाजपा और एनडीए गठबंधन को मिली है। कांग्रेस पार्टी इस लोकसभा चुनाव में 13 राज्यों में खाता नहीं खोल पाई है। इंडी गठबंधन इस चुनाव में पूरी तरह से हारा है, लेकिन कांग्रेस हार के बाद भी जश्न मना रही है। कांगेस देश में गलत नैरेटिव सेट करने की कोशिश कर रही है कि वह वह सफल हुई है। भाजपा कार्यकर्ताओं को यह गलत नैरेटिव सेट नहीं होने देना है। सफलता सिर्फ भाजपा को मिली है, सफल सिर्फ भाजपा हुई है। भारतीय जनता पार्टी दक्षिण के राज्यों में भी सफलता प्राप्त कर रही है। केरल में पहली बार हमारी पार्टी का खाता खुला। उड़ीसा में चमत्कार हुआ और भाजपा ने विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। आंध्रप्रदेश में भाजपा के 10 प्रतिशत वोट बढ़े हैं। तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु में भी भाजपा के वोट बढ़े हैं। कर्नाटक में 28 में 17 सीटें जीतकर भाजपा सफल हुई है। राहुल गांधी ने अग्निवीर को एक करोड़ की आर्थिक सहायता नहीं मिलने का झूठ बोला, एमएसपी को लेकर झूठ बोला। लेकिन जब सदन में एमएसपी के आंकड़े रखे तो चुप हो गए। राहुल गांधी कह रहे हैं कि हमने राम मंदिर आंदोलन को हरा दिया है। बालक बुद्धि राहुल गांधी को कौन समझाए कि हिंदुत्व की परिषाभा क्या होती है। राहुल गांधी और उनका परिवार हिंदुत्व की परिभाषा नहीं जानता।

भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक सफलता अर्जित की है। भाजपा ने प्रदेश के सभी 29 लोकसभा क्षेत्रों में विजय हासिल की है। सफलता प्राप्त करने के साथ उस सफलता को बनाए रखना भी बहुत जरूरी है। इसलिए आप सभी कार्यकर्ता इसी तरह कार्य करते रहें और आगामी चुनावों में भी पार्टी की इस सफलता को बनाए रखें। जामवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा का संगठन आदर्श है। संगठन शक्ति और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और परिश्रम से लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 घंटे देश सेवा के कार्य में लगे हुए हैं। प्रधानमंत्री जी गरीबों के लिए जीते हैं। हर चुनाव में हमें सामाजिक समरसता, सामाजिक समीकरण, संतुलन खड़ा करना पड़ता है। हमें हर चुनाव में इस संबंध में उतनी ही मेहनत करनी पड़ती है। आप सभी कार्यकर्ता अभी से इन सभी विषयों को लेकर अपने-अपने क्षेत्र में ऐसा कार्य करें कि चुनाव के समय हमें इन कार्यों को लेकर अधिक मेहनत न करनी पड़े।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का एक आदर्श संगठन कैसा होना चाहिए, वह मध्यप्रदेश में भाजपा संगठन एक आदर्श संगठन है। यहां के संगठन का स्वरूप और कार्य करने की शैली विशिष्ठ है। भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से पहले विधानसभा में ऐतिहासिक सफलता फिर लोकसभा चुनाव में सभी 29 लोकसभा सीटों पर विजय सामान्य बात नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जर्नादन रूपी जनता ने भाजपा को जो आशीर्वाद प्रदान किया है, वह एक दिन की मेहनत से नहीं मिला है। इसके लिए संगठन लगातार कार्य करता है। लोकसभा चुनाव में भाजपा 80 प्रतिशत बूथों पर विजय प्राप्त हुई है, जिन 20 प्रतिशत बूथों पर विजय प्राप्त नहीं हुई है, उन बूथों को लेकर कार्यकर्ता अभी से बूथ विजय अभियान चलाकर कार्य करें। ऐतिहासिक विजय में शक्ति केन्द्रों की भूमिका भी बहुत महत्वपूर्ण है। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में 207 विधानसभा सीटों पर भाजपा को विजय मिली है। बाकी सीटों पर और जिन बूथों पर हमें सफलता नहीं मिली है, उन के लिए अभी से कार्य शुरू किया जाए। मध्यप्रदेश की जनता को कांग्रेस को उसके कार्यों को लेकर सबक सिखाया है। हमें भाजपा सरकार के गरीब कल्याण और विकास के कार्यों को जनता तक पहुंचाकर उन्हें बताना है कि आपने जिस पार्टी को आशीर्वाद प्रदान किया है, वह आपके हितों और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाजपा सरकार गांवों का पूरा विकास कर रही है।

प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार बुलेट ट्रेन की रफ्तार से कार्य कर रही है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में जो वादे किए हैं, उनमें 40 पूरे हो चुके हैं, 269 वादों पर प्रदेश की भाजपा सरकार कार्य कर रही है। सतीश उपाध्याय ने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में 100 प्रतिशत परिणाम दिया है। जन आकांक्षाओं और जन अपेक्षाओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य से विकसित राज्य बनाया है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय की परिकल्पना को साकार कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने कार्यकाल में चुनावी संकल्प-पत्र के 269 वादों पर कार्य किया है। सतीश उपाध्याय ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और इंडी गठबंधन के दलों ने दो नैरेटिव बनाने का कार्य किया था। पहला यह कि भाजपा की सरकार बन गई तो संविधान बदल दिया जाएगा और दूसरा यह कि आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा। लेकिन मैं मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं को बहुत धन्यवाद देता हूं कि आप सभी की अथक मेहनत, परिश्रम से मध्यप्रदेश में विपक्षी दलों के इस दुष्प्रचार को जनता को समझाने में सफल हुए और इसका प्रदेश में कोई असर नहीं हुआ।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समय हमारे सामने दोहरी चुनौतियां थीं। एक विधानसभा चुनाव की और दूसरी लोकसभा चुनाव की। हमने उस समय संकल्प लिया था कि कांग्रेस को मध्यप्रदेश चौपट नहीं करने देंगे। विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनाएंगे। हमारे ये दोनों ही संकल्प पूरे हुए हैं, जिसके लिए में सभी कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं। सिंधिया ने कहा कि महाभारत में भी कहा गया है कि जहां धर्म होता है, जीत वहीं होती है। ये जीत सत्य की जीत है। ये कांग्रेस की नकारात्मकता के खिलाफ जनता की शक्ति और जांबाज कार्यकर्ताओं की जीत है। सिंधिया ने कहा कि हमने संकल्प लिया था-मेरा बूथ सबसे मजबूत। इस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाते हुए हमने 80 प्रतिशत बूथ जीते, सभी 29 सीटों पर जीत हासिल की। सिंधिया ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं-मेरे जीवन का पल-पल और शरीर का कण-कण देशवासियों को समर्पित है। न खाऊंगा न खाने दूंगा। लेकिन कांग्रेस के नेतृत्व वाला ठगबंधन भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की विचारधारा पर चलता है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि हाल ही में हुए चुनावों में मध्यप्रदेश भरोसे का प्रदेश बनकर उभरा है। हम सभी 29 लोकसभा सीटें जीतने में सफल रहे, जिसका श्रेय हमारे कार्यकर्ताओं को जाता है। कांग्रेस ने आरक्षण और संविधान को लेकर झूठ का पहाड़ खड़ा करने का प्रयास किया। जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस न देश के संविधान का सम्मान करती है, न कभी संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर को सम्मान दिया। डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि यूपीए सरकार के समय कांग्रेस के एक नेता ने सरकार के प्रस्ताव की कॉपी फाड़ दी थी। डॉ. अंबेडकर के खिलाफ अपना प्रत्याशी उतारकर कांग्रेस ने उन्हें संसद में निर्विरोध नहीं आने दिया, जबकि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने उन्हें राज्यसभा में पहुंचाने में सहयोग किया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने संगठन की आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश की विस्तारित कार्य समिति की बैठक के बाद जिला और मंडल स्तर की कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जानी हैं। 9 से 12 जुलाई तक प्रदेश के सभी जिलों की कार्यसमिति की बैठकें करनी हैं। जिन जिलों में 9 जुलाई को बैठक हो जाएगी, वहां 10 से 15 जुलाई के मध्य मंडल स्तर की कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की जाएं। 13 से 20 जुलाई के मध्य शक्ति केंद्रों का सम्मेलन आयोजित किया जाए, जिनमें पोलिंग एजेंटों को सम्मानित किया जाए। हितानंद ने कहा कि 28 जुलाई को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का मन की बात कार्यक्रम होना है, जिसे सभी बूथों पर सुना जाए और प्रदेश सरकार के सभी सांसद-विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र के किसी बूथ एक पर पहुंचकर कार्यक्रम सुनें और बूथ की बैठक में शामिल हों। हितानंद ने कहा कि डिजिटल भारत के तहत मध्यप्रदेश का भाजपा संगठन भी डिजिटल हो रहा है। आज सभी कार्यकर्ताओं का डिजिटली रजिस्ट्रेशन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सभी से पेड़ लगाने का आह्वान किया है। महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चा-प्रकोष्ठ पौधे लगाने की कार्ययोजना बनाएं। पेड़ लगाने के साथ उसके संरक्षण और संवर्धन की दिशा में कार्य करें। अपने लगाए हुए पौधे का हर महीने जन्मदिन मनाएं और उसकी फोटो सोशल मीडिया में शेयर करें। 21 जुलाई को गुरूपूर्णिमा का कार्यक्रम भी पार्टी द्वारा बूथ स्तर तक मनाया जाएगा। इसके साथ ही 26 को करगिल विजय दिवस, 14 अगस्त को भारत विभाजन विभीषिका दिवस को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम भी पार्टी कार्यकर्ता मनाएं।

बैठक के दौरान संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, वरिष्ठ नेता व सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, वरिष्ठ नेता विक्रम वर्मा, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, भूपेन्द्र सिंह, सुरेश पचौरी, ओमप्रकाश धुर्वे उपस्थित रहे। पिछली कार्यसमिति बैठक का अनुमोदन प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने रखा। प्रदेश महामंत्री शरतेंदु तिवारी ने दिवंगत नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समाज जनों के निधन पर शोक प्रस्ताव रखा, जिसके उपरांत दिवंगतों की आत्मिक शांति के लिए मौन रखा गया। बैठक का आभार प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल ने माना। लोकसभा चुनाव विश्लेषण की प्रस्तुति प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने दी। बैठक में पहली बार 1099 मंडल अध्यक्षों सहित 2 हजार से अधिक पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विदेशी निवेशकों ने पांच जुलाई तक देश के शेयर बाजारों में सात हजार नौ सौ 62 करोड़ रुपये का निवेश किया

मुंबई : सोमवार, जुलाई 8, 2024/ इस महीने विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजारों पर भरोसा जारी रखते हुए पांच जुलाई तक देश के शेयर बाजारों में सात हजार नौ सौ 62 करोड रूपये का निवेश किया है। देश के सकारात्‍मक आर्थिक संकेतकों और बाजारों के बेहतर प्रदर्शन से विदेशी निवेशकों में उत्‍साह है। इससे पहले जून में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में 26 हजार पांच सौ 65 करोड रूपये का निवेश किया था। ताजा आकडों के अनुसार 2024 में विदेशी निवेशक अब तक भारतीय शेयरों में एक लाख 16 हजार करोड रूपये का निवेश कर चुके हैं।

इससे पहले, मई में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से 25 हजार करोड रुपये से ज्‍यादा निकाल लिए थे। अप्रैल में भी विदेशी निवेशकों ने आठ हजार सात सौ करोड रुपये निकाले थे। विदेशी निवेशकों ने मार्च में भारतीय पूंजी बाजार में 35 हजार 98 करोड रुपए और फरवरी में एक हजार 539 करोड रुपए का निवेश किया था, जबकि जनवरी में उन्‍होंने 25 हजार 743 करोड रुपए निकाले थे।

 

लोकसभा चुनाव नीति, नीयत, निष्ठा और निर्णयों पर विश्वास का चुनाव रहा – अर्चना चिटनीस

भोपाल : सोमवार, जुलाई 8, 2024/ भारतीय जनता पार्टी विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई प्रस्ताव और प्रदेश में विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मिली जीत के साथ विकसित भारत के लिए विकसित मध्यप्रदेश का लक्ष्य लेकर प्रस्ताव पारित किया। पूर्व मंत्री और विधायक अर्चना चिटनीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के पारित होने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना हमारे लिए गौरव की बात है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ भारत निरंतर विकास के रास्ते पर नए आयाम छू रहा है और 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा कर विश्व गुरु बनेगा। वहीं विधायक हरिशंकर खटीक ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में तेज गति से विकास हो रहा है। प्रथम प्रस्ताव प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार ने रखा, जिसका समर्थन केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके व प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने किया। द्वितीय प्रस्ताव भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत ने रखा और समर्थन प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला एवं विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने किया।

विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस सहित उनके सहयोगी दलों ने संविधान को लेकर झूठ फैलाया। 90 से ज्यादा बार कांग्रेस ने संविधान में संशोधन किया है। 2024 का लोकसभा नीति, नीयत, निष्ठा और निर्णयों पर विश्वास का चुनाव रहा है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन के पास भ्रम, नकारात्मकता और झूठ था और हमारे पास विकास, विचार, सेवा के साथ बड़े लक्ष्यों का टारगेट था। कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद दिल खोलकर रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग कर विरोधी दलों को करारा जवाब दिया।

विधायक चिटनीस ने कहा कि कई राज्यों में कांग्रेस खाता तक नहीं खोल पाई और हमने इस बार केरल में भी एक लोकसभा सीट जीतकर वहां भी पार्टी का झंडा गाड़ दिया है। कई राज्यों में हम प्रदेश सहित सभी लोकसभा सीटें जीतने में कामयाब रहे और हमारा वोट प्रतिशत भी बढ़ा है। चिटनीस ने कहा कि आने वाले पांच सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल सुख-समृद्धि के साथ देश को सर्वोत्तम स्थिति में ले जाने वाला होगा।

दूसरे प्रस्ताव के संबंध में पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक हरिशंकर खटीक ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी को प्रदेश में ऐतिहासिक जीत मिली। विधानसभा चुनाव में 48.57 प्रतिशत वोट शेयर हासिल कर प्रदेश के करीब 61 प्रतिशत बूथों पर जीत दर्ज कर 163 सीटों पर विजय प्राप्त की। वहीं लोकसभा चुनाव में 59.57 प्रतिशत वोट प्राप्त कर 29 सीटों पर जीत हासिल की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में इस बार बिना कोई कर लगाए बजट 16 प्रतिशत वृद्धि के साथ पेश किया गया है। 2003-04 में प्रति व्यक्ति आय मात्र 13 हजार 465 रुपए थी, जो कि बढ़कर अब 11 गुना हो गई है। आने वाले समय में बजट में एवं वृद्धि होगी और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता जाएगा।

विधायक हरिशंकर खटीक ने कहा कि जनवरी 2024 में जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 2 करोड़ 30 लाख लोग गरीबी से बाहर आए हैं। कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के उद्देश्य से 2028 तक एक करोड़ हेक्टेयर भूमि को सिंचित करने का लक्ष्य रखा गया है। अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए उज्जैन में चना और ग्वालियर में सरसों अनुसंधान की स्थापना की जा रही है। वहीं, केन-बेतवा लिंक परियोजन हो या प्रदेश में दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना कई योजनाओं पर तेज रफ्तार काम करने के साथ प्रदेश को अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने वाला प्रदेश बनाने क प्रयास मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में किया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधायक खटीक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जहां विकास को आगे रखकर काम किया जा रहा है वहीं, कांग्रेस अपनी नीति,नीयत और सनातन विरोधी होकर लोकतंत्र में मजाक बनकर रह गई है। तथ्यहीन बातें करना और महिलाओं का अपमान करने सहित हमेशा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार करना कांग्रेस का चरित्र बन गया है। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता गुलरेज शेख, ब्रजगोपाल लोया, मिलन भार्गव, अजय धवले, अजय यादव एवं शिवम शुक्ला उपस्थित रहे।

मरीज़ों को सहज एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का प्रदाय सुनिश्चित करें: उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

भोपाल : सोमवार, जुलाई 8, 2024/ उप-मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल से मध्यप्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों के अधिष्ठाताओ ने भोपाल के निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। अधिष्ठाताओं ने पे-प्रोटेक्शन, लीव-प्रोटेक्शन, सर्विस-प्रोटेक्शन और नॉन-प्रैक्टिसिंग एलाउंस के बारे में उप-मुख्यमंत्री शुक्ल द्धारा किये जा रहे प्रयासों के लिये आभार व्यक्त किया। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने निर्देश दिये कि चिकित्सा महाविद्यालयों में छात्रों की शिक्षा बेहतर करने के लिये प्रयास करें। समस्त अधिष्ठाता अस्पताल के अधीक्षकों के साथ समन्वय कर मरीजों को सहज और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सकीय सेवाओं के प्रदाय के लिए व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करें। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल को अधिष्ठाताओं ने महाविद्यालय के संचालन, अधोसंरचणात्मक विकास एवं उन्नयन, प्रशासनिक व्यवस्था, वित्तीय आवश्यकता और मेंटेनेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण आवश्यकताओं के संबंध में अवगत कराया। उप-मुख्यमंत्री ने शीघ्र आवश्यक सहयोग मुहैया कराने की बात कही।

मेडिकल कॉलेज में प्रशासकीय अधिकारी (वित्त) की नियुक्ति, महाविद्यालयों के उन्नयन, हॉस्टल और अस्पतालों के सिविल और इलेक्ट्रिक उपकरणों के मेंटेनेंस, लेक्चर हॉल और प्रदर्शक रूम को स्मार्ट क्लास में विकसित करने के लिये बजट उपलब्ध कराने का अधिष्ठाताओं ने अनुरोध किया। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में सहभागिता के लिये नीति बनाने का अनुरोध किया ताकि चिकित्सा शिक्षक और छात्र अपनी रिसर्च को विश्वस्तरीय प्लेटफार्म पर प्रस्तुत कर सकें। बैठक में डॉ प्रमेंद्र सिंह ठाकुर अधिष्ठाता बीएमसी सागर, डॉ. कविता सिंह अधिष्ठाता जीएमसी भोपाल, डॉ. धाकड अधिष्ठाता ग्वालियर,डॉ सुनील अग्रवाल अधिष्ठाता रीवा, डॉ. परमहंस अधिष्ठाता शिवपुरी, डॉ. मनीष निगम अधिष्ठाता विदिशा और डॉ मरावी अधिष्ठाता दतिया शामिल हुए।

नीट यूजी और पीजी के लिए काउंसलिंग की तारीख अभी तय नहीं : स्वास्थ्य मंत्रालय

नई दिल्ली : रविवार, जुलाई 7, 2024/ स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के अंतर्गत आने वाली मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) ने वर्ष 2024 के लिए नीट यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों के काउंसलिंग कार्यक्रम को अभी तक अधिसूचित नहीं किया है।

एमसीसी द्वारा अपनी वेबसाइट पर नीट यूजी और पीजी के लिए काउंसलिंग कार्यक्रम की घोषणा दरअसल परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के साथ-साथ राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) द्वारा सीट मैट्रिक्स को अंतिम रूप देने के आधार पर की जाती है। वर्ष 2021, 2022 और 2023 में यूजी सीटों के लिए काउंसलिंग क्रमशः 19/1/2022, 11/10/2022 और 20/7/2023 को शुरू हुई थी।

वर्ष 2024 के लिए एनएमसी ने यूजी और पीजी सीटों के लिए सीट मैट्रिक्स को अंतिम रूप देने के अपने कार्यक्रम के बारे में जून माह के अंतिम सप्ताह में सूचित किया है, जिसमें यह संकेत दिया गया है कि वह जुलाई के तीसरे सप्ताह तक यूजी सीट मैट्रिक्स और अगस्त के मध्य तक पीजी सीट मैट्रिक्स को अंतिम रूप देगा। एमसीसी तदनुसार काउंसलिंग कार्यक्रम को अधिसूचित करेगी।

अत: यह स्पष्ट किया जाता है कि एमसीसी ने वर्ष 2024 के लिए काउंसलिंग कार्यक्रम को अभी तक अधिसूचित नहीं किया है।

 

आगामी 5 वर्षों में प्रदेश का बजट 7 लाख करोड़ रुपये वार्षिक तक ले जाने के प्रयास किये जायेंगे: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

उज्जैन : रविवार, जुलाई 7, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को उज्जैन में सेन्ट्रल इण्डिया चेम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित मध्य प्रदेश बजट सन्देश-2024 कार्यक्रम में शामिल हुए। यह आयोजन विक्रम विश्वविद्यालय के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ.अखिलेश कुमार पाण्डेय ने की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विवेक जोशी, सेन्ट्रल इण्डिया चेम्बर ऑफ कॉमर्स की उज्जैन इकाई के अध्यक्ष माणकलाल गिरिया, उपाध्यक्ष आनन्द बांगड़, सचिव यशवंत जैन, संजय अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल, राजेन्द्र भारती, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के अध्यक्ष एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार राज्य का बजट पिछले वर्ष के बजट की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है। इस बार का बजट विकासोन्मुखी है। प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिये बजट में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किये गये हैं। अगले पांच वर्षों में प्रदेश का बजट सात लाख करोड़ रुपये वार्षिक तक ले जाने का प्रयास है। इस बार के बजट में प्रदेश के समग्र विकास के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं। हमें अधोसंरचनात्मक विकास पर विशेष ध्यान देना है, ताकि आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले। खेती के लिये पर्याप्त सिंचाई हो सके, इसके लिये हमें मिलने वाले पानी का पूर्ण उपयोग करना होगा। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि गंभीर डेम में पाईप लाइन के माध्यम से मां नर्मदा का पानी भरा जायेगा।

यशवंत सागर बांध को भी पाईप लाइन के माध्यम से भरने का कार्य किया जायेगा। इस प्रकार बांधों में वर्षभर पानी उपलब्ध रहेगा। चंबल, पार्वती, कालीसिंध नदी के जल का उपयोग करने के लिये केन्द्र सरकार से 35 हजार करोड़ रुपये की राशि से कार्य योजना बनाई जा रही है, जिससे प्रदेश के कई जिलों को लाभ मिलेगा। बुंदेलखण्ड क्षेत्र में बेतवा नदी पर भी कई परियोजनाएं प्रारम्भ की जायेंगी।

बजट का 40 प्रतिशत औद्योगिक विकास के लिये निर्धारित किया गया है। उद्योग के लिये मूलभूत आवश्यकताओं में शामिल जमीन, पानी, बिजली, सड़क के लिये सुव्यवस्थित तरीके से कई कार्य योजनाएं बनाई जायेंगी। प्रदेश में छह नये एक्सप्रेस-वे बनाये जायेंगे। नये फोरलेन बनाये जायेंगे, पुराने मार्गों को दुरूस्त किया जायेगा, ताकि उद्योगों की स्थापना के लिये उचित दरों पर जमीन मिल सके। खदान आधारित उद्योगों के सरल आवागमन के लिये फोरलेन मार्ग बनाये जायेंगे। एयर टैक्सी की सुविधा प्रारम्भ की गई, ताकि कम समय में दूरस्थ क्षेत्रों की यात्रा की जा सके।

स्वास्थ्य के क्षेत्र को और सुदृढ़ बनाने के लिये प्रदेश के गांव के सामुदायिक केन्द्रों में डॉक्टरों की भर्ती की जायेगी। प्रदेश में 42 हजार चिकित्सकों तथा स्वास्थ्यकर्मियों के पद एकसाथ भरे जायेंगे। चिकित्सा, शिक्षा क्षेत्र को और मजबूत किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि वन क्षेत्रों में पेसा एक्ट लागू किया गया है। इसके माध्यम से वनोपज पर एमएसपी प्रदाय की जा रही है। मोटे अनाज के उत्पादन को भी बढ़ावा दिया जायेगा। तीसरी फसल के विकल्प लाये जायेंगे।

प्रदेश में धार्मिक महत्व के पर्यटन को काफी बढ़ावा मिला है। एयर सेवा के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा सुगम हो सकेगी। इसके लिये हेलीकॉप्टर सेवा पूर्व में प्रारम्भ की गई है। आने वाले समय में 16 सीटर हेलीकॉप्टर से यात्रा प्रारम्भ की जायेगी, ताकि अधिक संख्या में लोग इसका लाभ ले सकें। जिला चिकित्सालय को डिसमेंटल करके नया अस्पताल बनाया जायेगा, जो सर्वसुविधायुक्त होगा। इसकी टेण्डर की प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है।

विक्रम उद्योगपुरी में एक हजार एकड़ जमीन उद्योगों के लिये आरक्षित की गई थी। बहुत-से उद्योगपतियों ने यहां उद्योग प्रारम्भ करने की इच्छा जताई है। उज्जैन में अमूल प्लांट के प्रारम्भ होने से प्रदेश के अन्य शहरों से दूध व अन्य उत्पादों की प्रोसेसिंग उज्जैन में होगी। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। आने वाले समय में गेहूं और धान के अलावा दूध खरीदी पर भी बोनस दिया जायेगा।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि हाल ही में उज्जैन में क्षेत्रीय इण्डस्ट्रीयल समिट का आयोजन किया गया। भोपाल में आगामी दिनों में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया जायेगा। इसके अलावा क्षेत्रीय स्तर पर भी इण्डस्ट्रीयल समिट का आयोजन समय-समय पर किया जायेगा, जिससे क्षेत्र के लोकल उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि कोठी पैलेस में भारत के गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराने के लिये इसे बतौर ‘वीर भारत संग्रहालय’ के रूप में विकसित करने की कार्य योजना बनाई जा रही है। उज्जैन में तारा मण्डल में अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से साइंस सेन्टर बनाया गया है। सिंहस्थ के दृष्टिगत उज्जैन के आसपास के शहरों के लिये आवागमन की सुविधा के दृष्टिगत पुराने मार्गों के अतिरिक्त नये मार्ग भी बनाये जायेंगे। उज्जैन आवागमन को सुगम बनाने के लिये हवाई मार्ग, रेल मार्ग और सड़क मार्ग को और सुदृढ़ बनाया जायेगा। जयपुर की तर्ज पर मूर्तिशिल्प कारखाना उज्जैन में प्रारम्भ किया जायेगा। उज्जैन में सेवा निवृत्त लोगों के लिये सोसायटी बनाई जायेगी। पूजन सामग्री, भगवान की पोशाखें भी यहां बनाये जाने के लिये इकाई स्थापित की जायेगी।

डॉ.अखिलेश कुमार पाण्डेय ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि उद्योग और शिक्षा में तालमेल वर्तमान समय की आवश्यकता है। प्रदेश में 20 से अधिक मेडिकल कॉलेज स्थापित किये जा चुके हैं। ड्रोन टेक्नालॉजी और ड्रोन पायलट से सम्बन्धित पाठ्यक्रम विश्वविद्यालयों में प्रारम्भ किये जाने की कार्य योजना बनाई जा रही है। विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष 11 करोड़ से अधिक पर्यटक आये हैं। मृदा परीक्षण प्रयोगशाला प्रत्येक जिले में प्रारम्भ की जायेगी।

वित्त विभाग के उप सचिव रूपेश पठवार ने कार्यक्रम में कहा कि इस बार के बजट में रोजगार सृजन और निवेश प्रोत्साहन पर विशेष ध्यान रखा गया है। बजट में केन्द्र और राज्य शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को शामिल किया गया है। औद्योगिक अधोसंरचनाओं के विकास पर मुख्य रूप से फोकस किया गया है। राजस्व प्राप्ति लगातार बढ़ रही है। इस बजट में सभी वर्गों के लिये प्रावधान रखे गये हैं। उज्जैन में महाकाल महालोक के निर्माण के बाद यहां आर्थिक गतिविधियां बढ़ी हैं, इसी प्रकार अन्य धार्मिक स्थलों को भी महालोक के रूप में विकसित किया जायेगा।

लाड़ली बहना योजना में 19 हजार करोड़, अटल कृषि योजना में 6 हजार करोड़ का बजट रखा गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत नये मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव रखा गया है। रोजगार गारंटी योजना में भी 3500 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। उज्जैन में सिंहस्थ-2028 पर्व को देखते हुए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है, जिसे और बढ़ाने का प्रयास किया जायेगा।

कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। कार्यक्रम का संचालन विवेक गुप्ता ने किया और आभार प्रदर्शन कुलदीप शास्त्री ने किया।

 

समेकित प्रयास से मध्यप्रदेश स्वास्थ्य क्षेत्र में शीघ्र बनेगा अग्रणी : उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

इंदौर : रविवार, जुलाई 7, 2024/ उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि इंटिग्रेटिव मेडिसिन (एकीकृत चिकित्सा) के बारे में सरकार बहुत गंभीरतापूर्वक विचार कर रही है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवायें बेहतर होंगी। हमने ग्रामीण क्षेत्रों में तेज़ी से अधोसंरचना विकास किया है। पर्याप्त मानव संसाधन की उपलब्धता के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में इंटिग्रेटिव मेडिसिन रिसर्च सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि अरबिंदो अस्पताल की यह पहल विश्वास जगाती है कि ऐसे प्रयासों से जल्द ही मध्यप्रदेश स्वास्थ्य क्षेत्र में शीघ्र अग्रणी प्रदेश बनेगा।

उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने अरबिंदो विश्वविद्यालय इंदौर में “इंटिग्रेटिव मेडिसिन रिसर्च सेंटर” का शुभारंभ किया। साथ ही अरबिंदो विवि के अंतर्गत इंटिग्रेटिव मेडिसिन कोर्स की शुरुआत भी की। उप-मुख्यमंत्री ने इंदौर जिले की नगर निगम और परिषदों में कार्यरत महिलाकर्मियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप का वर्चुअली उद्घाटन किया। इस अवसर पर कैंपस में 1100 औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया। जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, राजेश मिश्रा, अरबिंदो विवि की कुलाधिपति डॉ. मंजूश्री भंडारी, प्रति-कुलाधिपति-द्वय डॉ. मोहित भंडारी, डॉ. महक भंडारी, कुलपति डॉ. ज्योति बिंदल उपस्थित थीं।

 

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने एक वरिष्ठ सांसद की टिप्पणी की निंदा की कि “नए कानूनों का मसौदा अंशकालिक लोगों द्वारा तैयार किया गया”

तिरुवनंतपुरम : रविवार, जुलाई 7, 2024/ उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कल बिना नाम लिए एक वरिष्ठ सांसद और पूर्व वित्त मंत्री की टिप्पणी की निंदा की, जिसमें उन्होंने कहा था कि “नए कानून अंशकालिक लोगों द्वारा बनाए गए हैं।” उनके शब्दों को संसद की बुद्धिमत्ता का अक्षम्य अपमान बताते हुए उपराष्ट्रपति ने सवाल किया कि “क्या हम संसद में अंशकालिक हैं?”

वरिष्ठ सांसद द्वारा एक अंग्रेजी दैनिक को दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए वीपी ने आगे कहा, ” संसद के एक सदस्य को पार्ट टाइमर के रूप में लेबल किया जाना? मेरे पास इस तरह के कथानक की निंदा करने के लिए पर्याप्त शब्द नहीं हैं। आखिरकार यह संसद ही है जो कानून बनाने का अंतिम स्रोत है।” उपरोक्त नेता से संसद सदस्यों के प्रति अपनी “अपमानजनक, बदनामीपूर्ण और अत्यधिक अपमानजनक टिप्पणियों” को वापस लेने की अपील करते हुए, वी.पी. ने उनसे अपनी अंतरात्मा के प्रति जवाबदेह होने को कहा।

धनखड़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि “जब जानकार लोग जानबूझकर आपको गुमराह कर रहे हों।” हमें सावधान रहना चाहिए, उन्होंने कहा कि अगर आप कुछ अनोखा कहते हैं, जिस पर आपको विश्वास नहीं है, तो हर कोई आप पर विश्वास करेगा, क्योंकि आप ऊंचे पद पर हैं।

केरल के तिरुवनंतपुरम में कल आईआईएसटी के 12वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए, धनखड़ ने कहा, “आज सुबह जब मैंने अखबार पढ़ा, तो एक प्रबुद्ध व्यक्ति जो इस देश के वित्त मंत्री रहे हैं, लंबे समय तक सांसद रहे हैं, और वर्तमान में राज्यसभा के सदस्य हैं, ने मुझे चौंका दिया क्योंकि मुझे बहुत गर्व था कि इस संसद ने एक महान काम किया है। इसने तीन ऐसे कानून बनाकर हमें औपनिवेशिक विरासत से मुक्त किया है जो युगांतकारी हैं। “दंड विधान” से हम “न्याय विधान” तक पहुँच गए हैं।

इस बात पर प्रकाश डालते हुए कि सदन में इन तीन कानूनों पर बहस के दौरान प्रत्येक संसद सदस्य को योगदान देने का अवसर मिला था, धनखड़ ने दुख जताते हुए कहा, “यह माननीय सज्जन, जो संसद के एक प्रतिष्ठित सदस्य हैं, जिनका वित्त मंत्री के रूप में एक महान अनुभव है। लेकिन भारी मन से, मैं आपके साथ साझा कर रहा हूँ, उन्होंने अपने वाक शक्ति का उपयोग नहीं किया, उन्होंने बहस के दौरान अपनी वाणी को पूरी तरह से आराम दिया।”

संसद में तीन कानूनों पर बहस के दौरान अन्य कानूनी दिग्गजों की गैर-भागीदारी को अस्वीकार करते हुए, वीपी ने कहा, “केवल वे ही नहीं, मेरे कानूनी बिरादरी के उनके प्रतिष्ठित सहयोगी, वरिष्ठ अधिवक्ता राष्ट्र की मदद के लिए आगे नहीं आए। उन्हें संसद में बात रखने का अवसर मिला था। वे अपने संवैधानिक कर्तव्य और दायित्व को निभाने में विफल रहे और हम ऐसे व्यक्ति पर कैसे भरोसा कर सकते हैं, जो केवल व्यवस्था को अस्थिर करने के लिए लोगों से सहमति प्राप्त करने के लिए चीख रहा हो।”

धनखड़ ने कहा कि वे “शब्दों से परे सदमे में हैं” और उन्होंने सभी से ऐसे लोगों से सावधान रहने को कहा जो जानबूझकर हमारे देश को बदनाम करने, हमारी संस्थाओं को नीचा दिखाने और हमारी प्रगति को कलंकित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे काल की गाल पर लिखी बातों को नहीं देखते, वे आलोचना के लिए बस आलोचना करते हैं।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के नेतृत्व में मिशनों की सफलता की सराहना करते हुए, धनखड़ ने इस बात पर जोर दिया कि इन मिशनों ने भारत की कूटनीतिक ताकत में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और लाखों लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार किया है।

स्नातक छात्रों को बधाई देते हुए, धनखड़ ने उन्हें अपने जीवन में सीखते रहने की सलाह दी। शिक्षा को परिवर्तन का सबसे प्रभावशाली तंत्र बताते हुए उन्होंने कहा, “यह समानता को बढ़ाता है और असमानताओं को दूर करता है। यह सकारात्मक बदलाव का तंत्र है।” इसरो की अपनी यात्रा को याद करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि वे वहां के लोगों द्वारा किए जा रहे कार्यों से प्रेरित, उत्साहित और ऊर्जान्वित हुए।

इस अवसर पर आईआईएसटी शासी निकाय के अध्यक्ष, विज्ञान विभाग के सचिव, एस सोमनाथ, आईएसडी के कुलपति, डॉ. बीएन सुरेश, विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र के निदेशक, डॉ. उन्नीकृष्णन नय्यर, शिक्षक गण, कर्मचारी, स्नातक छात्र और उनके अभिभावक उपस्थित थे।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...