भोपाल एम्स सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा- आलोक शर्मा

भोपाल : रविवार, जुलाई 7, 2024/ भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने शनिवार को एम्स अस्पताल पहुंचकर अत्याधुनिक पॉलीजेट डिजिटल एनाटॉमी प्रिंटर का उद्घाटन किया। यह 3डी प्रिंटिंग तकनीक का लेटेस्ट मॉडल है, जो मल्टी-डेंसिटी और मल्टी-कलर प्रिंटिंग की सुविधा भी प्रदान करता है। उद्घाटन अवसर पर बोलते हुए सांसद आलोक शर्मा ने स्वास्थ्य सेवा में इस तकनीक की परिवर्तनकारी क्षमता पर चर्चा की।

शर्मा ने कहा कि “पॉलीजेट डिजिटल एनाटॉमी प्रिंटर डाक्टरी के क्षेत्र में एक गेम-चेंजर है, जो डाक्टरों को उनके कौशल को बढ़ाने और रोगी परिणामों को बेहतर बनाने के लिए सहायक होगा। यह सुविधा न केवल एम्स भोपाल को लाभान्वित करेगी, बल्कि अन्य चिकित्सा संस्थानों के लिए एक बेंचमार्क भी स्थापित करेगी। सांसद शर्मा ने एम्स के विभागाध्यक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि मरीजों की बेहतर सेवा कर एम्स भोपाल को नंबर 1 बनाएं। इस दौरान उन्होंने एम्स भोपाल में उपलब्ध सुविधाओं को भी देखा और अस्पताल में लोगों को मिलने वाली सुविधाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यपालक निदेशक प्रोफेसर अजय सिंह के नेतृत्व में, एम्स भोपाल आगे भी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा। इस नई सुविधा से चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और रोगी देखभाल को आगे बढ़ाने में विशेष सहायता मिलेगी। इस अवसर पर एम्स निदेशक प्रो. डॉ अजय सिंह ने बताया कि पॉलीजेट डिजिटल एनाटॉमी प्रिंटर का एकीकरण नवाचार और उत्कृष्टता के प्रति हमारी निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण है। हम इस तकनीक से मिलने वाली संभावनाओं को लेकर उत्साहित हैं और हमें विश्वास है कि यह चिकित्सा प्रशिक्षण और रोगी देखभाल में हमारी क्षमताओं को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रिंटर के उपयोग से रोगियों के अधिक संक्षिप्त, सटीक और प्रभावी ऑपरेशन किये जा सकेंगे, जिससे पोस्ट-ऑपरेटिव रिकवरी तेज़ी से होगी।

यह अत्याधुनिक प्रिंटर उल्लेखनीय शारीरिक यथार्थवाद के साथ अत्यधिक सटीक और जटिल 3क् चिकित्सा मॉडल बना सकता है। पॉलीजेट डिजिटल एनाटॉमी प्रिंटर की मुख्य विशेषताओं में शामिल हैं। जिसमें मल्टी-डेंसिटी और मल्टी-कलर प्रिंटिंगः प्रिंटर यथार्थवादी लुक और फील सुनिश्चित करते हुए रंगों, पारदर्शिता, बनावट और फिनिश की एक विस्तृत श्रृंखला में मॉडल बना सकता है।’ शारीरिक और शल्य चिकित्सा प्रशिक्षणः ये सजीव मॉडल शारीरिक और शल्य चिकित्सा प्रशिक्षण के लिए अमूल्य हैं, जो मेडिकल छात्रों और प्रोफेशनल्स के लिए व्यावहारिक शिक्षण अनुभव प्रदान करते हैं।’ अनुकूलित रोगी देखभालः यह तकनीक रोगी-विशिष्ट मॉडल के निर्माण की अनुमति देती है, जिससे शल्य चिकित्सा-पूर्व योजना को बेहतर बनाया जा सकता है और व्यक्तिगत चिकित्सा देखभाल का मार्ग प्रशस्त होता है।

युगों तक याद किया जाएगा डॉ. मुखर्जी का बलिदान – डॉ. मोहन यादव

भोपाल : रविवार, जुलाई 7, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने शनिवार डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर लालघाटी चौराहे पर डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा का अनावरण कर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने के लिए उन्होंने अपना बलिदान तक दे दिया है। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी का जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के लिए दिए गए बलिदान को कोई भूल नहीं सकता। डॉ. मुखर्जी ने देश में दो बड़ी समस्याओं की ओर जनता का ध्यान आकृष्ट कराया था। पहला बंग-भंग और दूसरा जम्मू-कश्मीर में धारा-370 की समस्या का था। दोनों ही खतरे देश के लिए बहुत बड़े थे। डॉ. मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने के लिए आत्म बलिदान तक दे दिया है। प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर में धारा 370 को हटाया गया और वहां अब चैन और शांति का माहौल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का 33 साल की आयु में वाइस चांसलर बनना उनकी प्रतिभा को दर्शाता है। उनके द्वारा कश्मीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करने के बाद भी देश में धारा-370 का कलंक जारी रहा एवं 40 हजार निरपराध लोग पीड़ा और हिंसा के शिकार हुए। अंततः प्रधामनंत्री नरेन्द्र मोदी के दृढ़-संकल्प ने देश को धारा-370 से मुक्ति प्रदान की। डॉ. मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय की रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई मृत्यु देश के लिए खेद का कारण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विकास दर में निरंतर सुधार हो रहा है। ग्रामीण विकास गतिविधियों तथा पंचायतों की कार्य-प्रणाली से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रगति स्पष्ट परिलक्षित हो रही है। विकास भवन में बना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागृह पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि बहुमुखी प्रतिभा सम्पन्न डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी युगदृष्टा थे। उन्होंने देश के सामने मौजूद समस्याओं का पूर्वानुमान लगाकर देश की एकता बनाए रखने और देशवासियों को जागरूक करने का अद्भुत कार्य किया। अंग्रेजों के बंग-भंग के षड़यंत्र का भंडाफोड़ करने और कश्मीर की समस्या के दूरगामी दुःखद परिणामों से जन-जन को अवगत कराने के लिए देश उनका सदैव आभारी रहेगा।

आज हमारे लिए सौभाग्य का दिन है कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया है। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर में धारा 370 हटाने के लिए बलिदान दिया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर में धारा 370 को हटाया गया और वहां अब चैन और शांति का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम सबका साथ, सबका विकास,सबका विश्वास, सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। भारत की तरफ अब दुनिया आशा भरी निगाहों से देखती है और सन 2047 तक भारत विकसित भारत बनकर विश्वगुरु बनकर देश के हर व्यक्ति के सपने को साकार करेगा।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, महापौर मालती राय, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा अनावरण से पहले अरेरा हिल्स में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल की उपस्थिति में डॉ.श्यामाप्रसाद मुखर्जी विकास भवन सभागृह का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश शासन की मंत्री राधा सिंह, प्रतिमा बागरी, भाजपा के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, सांसद आलोक शर्मा उपस्थित रहे।

डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपा प्रदेश कार्यालय सहित प्रदेश भर में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री व सांसद सुश्री कविता पाटीदाऱ, सांसद डॉ.सुमेर सिंह सोलंकी सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ अमरवाड़ा के हर गांव तक पहुंचा रही भाजपा – विष्णुदत्त शर्मा

छिंदवाड़ा : रविवार, जुलाई 7, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा और पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शनिवार को छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव को लेकर हर्रई, सुरलाखापा और अमरवाड़ा ग्रामीण मंडल के अहरवाड़ा, हड़ाई, धरमी और सेजा शक्ति केंद्र की बैठकों को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और कमलनाथ ने छिंदवाड़ा की जनता को हमेशा धोखा दिया है। कमलनाथ ने आदिवासी भाईयों को ठगा है। प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ अमरवाड़ा के हर गांव तक भाजपा सरकार पहुंचा रही है। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सभी बूथों को जीतने का संकल्प लेकर चुनाव अभियान में जुट जाएं। आप सभी अमरवाड़ा उपचुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाएं। इस विधानसभा क्षेत्र के हर गांव के विकास की गारंटी भारतीय जनता पार्टी लेती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने गौरपानी में धरमी शक्ति केन्द्र प्रभारी दयाराम धुर्वे के निवास पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देवतुल्य कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से मध्यप्रदेश में भाजपा को पहले विधानसभा चुनाव फिर लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय मिली है। छिंदवाड़ा जिले और अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में अधिकांश लोग प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की गरीब कल्याण योजनाओं के हितग्राही हैं। सभी का भाजपा के प्रति अटूट विश्वास है। सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करें और भाजपा की डबल इंजन सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता को बताएं। आप सभी अमरवाड़ा उपचुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाएं, भाजपा सरकार हर गांव में विकास के चार चांद लगा देगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा में भाजपा का परचम फैला है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से कमल खिलाकर इतिहास रच दिया है। रिकॉर्ड मतों से लोकसभा चुनाव जीते है। इसी तरह अमरवाड़ा उपचुनाव में भी पार्टी प्रत्याश्या कमलेश शाह को ज्यादा से ज्यादा वोट दिलाकर विजयी बनाना है। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद तीन करोड़ पीएम आवास को मंजूरी प्रदान की है। अमरवाड़ा क्षेत्र में जिन गरीबों को पीएम आवास के तहत पक्के मकान नहीं बने हैं, भाजपा गारंटी लेती है, सभी को पीएम आवास के तहत पक्के आवास बनाकर दिए जाएंगे। आयुष्मान भारत योजना से हर किसी को 5 लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज की सेवा दी जा रही है। अब 70 साल से ऊपर की उम्र के लोगों का 5 लाख रुपए तक का निशुल्क इलाज भी मिलेगा। भाजपा की सरकार ने कोरोना काल में 5 किलो अनाज हर गरीब को दिया है जो आज तक दिया जा रहा है। उज्जवला योजना से गैस कनेक्शन लाडली बहना योजना के अंतर्गत 1250 रुपए महीना प्रति माह दिया जा रहा है। भाजपा गरीब कल्याण और विकास के कार्यों को एक साथ कर रही है।

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका संगठन और देवतुल्य कार्यकर्ता है। आप सभी कायकर्ता हर बूथ पर पार्टी प्रत्याशी बनकर चुनाव अभियान में जुट जाएं। जितना मजबूत हमारा बूथ होगा, भाजपा को उतनी ऐतिहासिक विजय मिलेगी। उपचुनाव में भाजपा यहां से विजयी होगी और अमरवाड़ा का विकास भाजपा की डबल इंजन सरकार करेगी। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संपर्क करें और लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार के गरीब कल्याण के कार्यों के साथ उपलब्धियां जनता को बताएं और भाजपा को वोट देने की अपील करें। इस क्षेत्र की जनता का प्रधानमंत्री पर अटूट विश्वास है। आप सभी कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर लोगों को मतदान करने के लिए भी प्रेरित करें। जितना अधिक वोट प्रतिशत होगा, भाजपा को जीत उतनी ही ऐतिहासिक होगी। इसलिए आप सभी कार्यकर्ता प्रत्याशी बनकर अपने-अपने बूथ पर अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए प्रयास करें। केंद्र में भाजपा की सरकार है और राज्य में भाजपा की सरकार है। अमरवाड़ा में भी आपकी सरकार होना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता दीपक सक्सेना, वरिष्‍ठ नेता शैलेन्‍द्र बरूआ, जिलाध्‍यक्ष शेषराव यादव, प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले सहित शक्ति केंद्र प्रभारी, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संसद का बजट सत्र 22 जुलाई से 12 अगस्त, 2024 तक चलेगा, 23 जुलाई को पेश होगा केंद्रीय बजट

नई दिल्ली : शनिवार, जुलाई 6, 2024/ भारत सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति ने संसदीय मामलों की अनिवार्यताओं के अंतर्गत, 22 जुलाई, 2024 से 12 अगस्त, 2024 तक बजट सत्र, 2024 के लिए संसद के दोनों सदनों को बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। 23 जुलाई, 2024 को केंद्रीय बजट 2024-25 लोकसभा में पेश किया जाएगा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से इन विवरणों की जानकारी दी।

आम चुनावों के नतीजों के बाद 24 जून से 2 जुलाई तक आयोजित 18वीं लोकसभा के पहले सत्र में नए सदस्यों के शपथ लेने के बाद यह संसद का पहला पूर्ण सत्र होगा। भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए सरकार का अपने नए कार्यकाल का पहला बजट इस लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि तीसरे कार्यकाल का इस्तेमाल साहसिक निर्णयों के लिए याद किया जाएगा।

गौरतलब है कि 18वीं लोकसभा के गठन के बाद संसद का पहला सत्र हंगामेदार रहा, जिसमें विपक्ष और सरकार के बीच NEET-UG परीक्षा विवाद सहित कई मुद्दों पर टकराव हुआ। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 27 जून को दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया और लोकसभा और राज्यसभा दोनों ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने संसद के दोनों सदनों में धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई बहस का जवाब दिया। भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन आम चुनावों में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटा है।

 

 

मसूद पेज़ेश्कियान ईरान के राष्ट्रपति बने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

दुबई : शनिवार, जुलाई 6, 2024/ ईरान के उदारवादी नेता मसूद पजशकियान ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल कर ली है। भारत के लिहाज से देखें तो राष्ट्रपति रईसी के शासन में भारत का ईरान के साथ अच्छा रिश्ता था। उन्होंंने 30 लाख वोटों से कट्टरपंथी नेता सईद जलीली को हराया है। पजशकियान को 1.64 करोड़ वोट मिले। वहीं जलीली को 1.36 करोड़ वोट हासिल हुए।

इससे पहले ईरान में 28 जून को मतदान कराया गया था जिसमें पेजस्कियान को कुल मतों में से 42 दशमलव छह प्रतिशत मत मिले थे जबकि जलीली को 38 दशमलव आठ प्रतिशत वोट हासिल हुए थे। ईरान में राष्‍ट्रपति के चुनाव में जीत के लिए पचास प्रतिशत से अधिक मत हासिल करने की जरूरत होती है, लेकिन पहले चरण में किसी भी उम्‍मीदवार को पचास प्रतिशत से अधिक मत नहीं मिल पाया, इसलिए राष्‍ट्रपति चुनाव के लिए दूसरे चरण का मतदान कराया गया था। ईरान के राष्‍ट्रपति इ्ब्राहिम रईसी का इस वर्ष 19 मई को हेलीकॉप्‍टर दुर्घटना में निधन हो गया था जिसके कारण यह चुनाव कराया गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मसूद पेज़ेश्कियान को ईरान का राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा “इस्लामी गणराज्य ईरान का राष्ट्रपति चुने जाने पर डॉक्टर पेज़ेश्कियान आपको बधाई। हमारे लोगों और इस क्षेत्र के लाभ के लिए हमारे मधुर और दीर्घकालिक द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने की आशा है।”

 

आइये हम सब मिलकर सफल बनाए “एक पेड़ मां के नाम अभियान”

डॉ. मोहन यादव

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस के पुनीत अवसर पर 5 जून को बुद्ध जयंती पार्क में एक पौधा लगाकर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” के 111 वें एपिसोड में इस अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रत्येक देशवासी से अपनी मां के प्रति सम्मान स्वरूप कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने की मार्मिक अपील की थी। प्रधानमंत्री की उस मार्मिक अपील ने देशवासियों के दिलों को छू लिया और देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों के बीच अपनी मां के प्रति अपने सम्मान की अभिव्यक्ति के रूप में पौधे रोपित करने की होड़ लग गई। एक माह के अंदर ही देश भर में करोड़ों पौधे लगाए जा चुके हैं और यह अभियान 140 करोड़ पेड़ लगाने के लक्ष्य की ओर द्रुत गति से आगे बढ़ रहा है। हर भारतवासी अपूर्व उत्साह के साथ इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आतुर है। पर्यावरण की सुरक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित इस अभियान को मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरे कार्यकाल की अनूठी उपलब्धि मानते हुए उन्हें मध्यप्रदेश की जनता की ओर से साधुवाद देता हूं। इसमें कोई संदेह नहीं कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान आक्सीजन की मात्रा बढ़ाने, धरती का तापमान कम करने, भूजल स्तर को ऊपर लाने और प्रदूषण नियंत्रण में महत्वपूर्ण योगदान करने में समर्थ होगा।

मुझे प्रसन्नता है कि भारतीय जनसंघ (वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी) के संस्थापक और महान देशभक्त स्वर्गीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्म दिवस की शुभ तिथि 6 जुलाई से एक पखवाड़े के अंदर भोपाल जिले में 20 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अकेले 6 जुलाई को भोपाल जिले में विभिन्न स्थानों पर 12 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। 6 जुलाई को नगर निगम भोपाल द्वारा 300 स्थानों पर पौधे लगाने के लिए सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। भोपाल में 480 हेक्टेयर क्षेत्र में 20 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह प्रदेश की औद्योगिक राजधानी इंदौर में 51 लाख पौधे लगाने के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा चुका है। एक जुलाई से 15 जुलाई तक “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को युद्ध स्तर पर संचालित किया जा रहा है। एक पखवाड़े तक चलने वाले इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। मुझे पूरा विश्वास है कि मध्यप्रदेश “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत जन-जन की भागीदारी से एक पखवाड़े के अंदर अपना लक्ष्य प्राप्त करने में सफल होगा। हम निश्चित रूप से सारे देश में एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश के हर शहर, गांव और कस्बे के लोगों में इस अभियान जुड़ने की जो उत्कंठा जाग उठी है वह उनके मन में मां के प्रति अगाध श्रद्धा और आदर की परिचायक तो है ही, साथ ही यह प्रधानमंत्री मोदी के प्रति उनके विश्वास और प्रेम की अभिव्यक्ति भी है। मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री के इस भरोसे की कसौटी पर खरा उतरने के लिए कटिबद्ध है कि केंद्र सरकार की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं और अभियानों की भांति” एक पेड़ मां के नाम “अभियान की सफलता में भी मध्यप्रदेश का योगदान अहम साबित होगा। यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश ने 2017 में भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही देश में एक दिन में सबसे ज्यादा पौधे लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया था। तब 15 लाख वालंटियर ने प्रदेश भर में 12 घंटे में 6. 6 करोड़ से अधिक पौधे लगाए थे। तत्कालीन भाजपा सरकार के उस अविस्मरणीय अभियान में प्रदेश की जीवन रेखा पुण्य सलिला नर्मदा के किनारे 20 अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाए गए थे। मुझे विश्वास है कि जन-जन की भागीदारी से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में भी मध्यप्रदेश का योगदान से पर्यावरण की सुरक्षा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने में सफल होगा।

मैं मानता हूं कि माननीय प्रधानमंत्री मोदी ने पर्यावरण रक्षा के इस पुनीत अभियान को “एक पेड़ मां के नाम” का रूप देकर इसे मातृवंदना से जोड़ने की जो स्तुत्य पहल की है उसके लिए वे भूरि-भूरि प्रशंसा के हकदार हैं। प्रधानमंत्री मोदी का अपनी मां के प्रति जो समर्पण और श्रद्धाभाव रहा है वह हम सबके लिए प्रेरणा का विषय है। इस अभियान का एक निहितार्थ यह भी है कि हम सब प्रकृति की गोद में ही पलकर बड़े होते हैं। अतः इस अभियान से जुड़ कर हमें प्रकृति के प्रति अपने फर्ज को भी पूरा करने की संतुष्टि मिल सकती है। मैं प्रदेशवासियों से हार्दिक अपील करता हूं कि वे इस पुनीत अभियान को सफल बनाने के लिए तत्परता से आगे आकर इसमें प्राणपण से सहयोग प्रदान करें। यशस्वी प्रधानमंत्री की पहल पर शुरू किया गया यह पुनीत अभियान पर्यावरण के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय प्रयासों में महत्वपूर्ण योगदान करने में समर्थ होगा।

नोट – लेखक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य और केंद्र शासित प्रदेश पुलिस के कर्मियों को 36 वीरता पुरस्कार प्रदान किए

नई दिल्ली : शनिवार, जुलाई 6, 2024/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य और केंद्र शासित प्रदेश पुलिस के कर्मियों को 36 वीरता पुरस्कार प्रदान किए। नई दिल्ली में कल राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह चरण-एक में ये पुरस्‍कार प्रदान किए गए। इनमें दस कीर्ति चक्र और 26 शौर्य चक्र शामिल हैं। सात-सात कर्मियों को मरणोपरांत कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र से सम्‍मानित किया गया। इन्‍हें विशिष्ट वीरता, अदम्य साहस और कर्तव्य के लिए समर्पण प्रदर्शित करने के लिए सम्‍मानित किया गया। समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई गणमान्‍य व्‍यक्ति शामिल हुए।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर जारी एक पोस्ट में कहा ‘राष्ट्रपति भवन में रक्षा अलंकरण समारोह- 2024 (चरण-1) में भाग लिया, जहां राष्ट्रपति शौर्य पुरस्कार प्रदान किए। हमारे देश को हमारे बहादुर सैनिकों की वीरता और समर्पण पर गर्व है। वे सेवा एवं बलिदान के सर्वोच्च आदर्शों के उदाहरण हैं। उनका साहस हमारे लोगों को हमेशा प्रेरित करेगा।’

गेंदे के फूल की खेती से बन जाएंगे धनी

नई दिल्ली : शनिवार, जुलाई 6, 2024/ भारत मे गेंदा फूलों मे सबसे लोकप्रिय फसल है, जिसकी खेती सरलता से साल भर की जा सकती है। गेंदा के आकर्षक फूलो, फूलों की लंबी शेल्फ लाइफ, औषधीय गुणों और वैल्यू एडेड उत्पादों की वजह से बाज़ार मे मांग साल भर बनी रहती है। गेंदे का फूल पूजा-पाठ से लेकर शादी-ब्याह और दवाइयां बनाने के इस्तेमाल में आता है।

गेंदे की पखुंड़ियों से प्राकृतिक रंग बनाया जाता है, जो की मुर्गियों को दाने के साथ मिला कर दिया जाता है और खाद्य सामग्री में केसर के विकल्प के रूप मे उपयोग किया जाता है। गेंदे के फूलों से निकले हुए तेल का बड़ी मात्रा में इत्र उद्योग मे भी प्रयोग होता है। गेंदे मे पाए जाने वाले एक विशिष्ट रसायन,
अपल्फा –टेरथिएनिल की गंध से मच्छर भाग जाते है। जिस वजह से प्राय: गेंदे के फूल लोग घर के दरवाज़ो और आस-पास की जगह इसके आकर्षक फूलों और मच्छरों की रोकथाम हेतु लगाते है। गेंदे से पाइरेथ्रोइड एवं टेरथिएनिल रसायन को निकाल कर मच्छर मारने हेतुअगरबत्ती एवं विभिन्न प्रकार की औषधियां भी बनाई जाती हैं।

एकीकृत किट प्रबंधन (Integrated पेस्ट मैनेजमेंट) और गेंदा : निमेटोड मृदा में रहने वाला एक कीट है जो फसलों की जड़ों को काफी नकुसान पहुंचाते है और उत्पादन प्रभावित करते है। गेंदे के पौधों की जड़ से खास प्रकार का रसायन, ऐलीलोकेमिकल निकलता है जिसकी वजह से मृदा में मौजूद यह निमेटोडे नष्ट हो जाते है। इसलिए निमेटोडे प्रबंधन हेतु कृषि वैज्ञानिक फसल चक्रीकरण के तहत गेंदे की खेती करने की सलाह देते है ।

फल छेदक कीट से प्रभावित सब्जी (मिर्च, बैंगन, टमाटर, मटर आदि) के खेतो की मेढ़ पर गेंदे के फूल लगाने से कीट का प्रभाव मुख्य फसल पर कम हो जाता है और कीटनाशक का कम प्रयोग करना पड़ता है। सफ़ेद माखी, जेसीड्स इत्यादि से मुख्य सब्जी फसल को बचाने हेतु कंपेनियन क्रॉप की तरह गेंदे को खेत मे लगाया जाता है। ऐसा करने से कीटो मे कीटनाशक के प्रतिरोधक क्षमता बनने से रोका जा सकता है और कीटनाशक का उपयोग कम कर सकते है।

कैश क्रॉप के रूप मे गेंदे की खेती: खरीफ और रबी की पारंपररक फसलों की निड़ाई , बुवाई से लेकर कटाई तक में ठीक-ठाक समय लग जाने के कारण पिछले कुछ वर्षों में किसानों का वैकल्पिक फसलों की ओर रुझान बढ़ा है। ये फसलें कम समय में ज्यादा मनुाफा देने का काम करती हैं। गेंदा भी इसी श्रेणी के तहत कैश क्रॉप के रूप मे उगाया जाता है। गेंदे की खेती की सबसे खास बात यह है कि 45 से 60 दिनों केअंदर इसकी फसल तुड़ाई के लिए तैयार हो जाती है और खरीफ, रबी और जायद मे इसकी खेती आसानी से की जा सकती है। गेंदे का फूल और पत्तियों में औषधीय गुण समाहित होते हैं जिसकी वजह से पशुओं के द्वारा इसकी फसल को नकुसान नहीं किया जाता है। साथ ही इनके पौधों पर लाल मकड़ी और सफ़ेद मक्खी के अलावा अन्य कोई प्रमुख कीट का प्रहार नहीं होता है। जिससे इस फसल के प्रबंधन की लागत अन्य फसल की तलुना मे कम होती है। साथ ही इसके पौधे लगाने से मिट्टी के अंदर लगने वाली कई बीमारियां भी दूर हो जाती हैं।

गेंदा फूल का मार्केट आपके आस-पास आसानी से मिल जाता है। त्योहार और शादियों के मौसम में इस फूल की काफी मांग रहती है। ऐसे वक्त में इसकी कीमतों में ठीक-ठाक इजाफा भी देखने को मिलता है। इसके अतिरिक्त गेंदे से बनने वाले वैल्यू एडेड उत्पादनों की मांग को देखते हुए ऑफ सीज़न में भी किसानो को फसल का हाथों हाथ सही दाम मिल जाता है और वे अच्छा मुनाफा भी कमाते हैं ।

 

कमलेश शाह ने न सिर्फ कांग्रेस को धोखा दिया, बल्कि अमरवाड़ा की जनता के साथ भी विश्वास घात किया है: जीतू पटवारी

अमरवाड़ा : शनिवार, जुलाई 6, 2024/ मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कल अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में पूरे जोश के साथ कांग्रेस प्रत्याशी धीरेन शाह के पक्ष में ग्राम ढाबा से अपने रोड शो की शुरुआत की। ग्राम सुखारी, हिंगपानी, छुहादेही, छुई, सहकारी चंदनगांव, चिखलीकला, पौनार, सुकरूटोला, बिनेकीढाना, मरका वाडा, लिंगपानी, उमरिया, खिरेटी, बडेला, खामी, सालीवाड़ा आदि गांवों में सघन जनसंपर्क करने के बाद पटवारी अमरवाड़ा पहुंचे जहां कांग्रेसजनों के साथ बैठक की।

पटवारी ने रोड शो के दौरान संबोधित करते हुए कहा कि अमरवाड़ा विधानसभा की जनता ने 4 महीने पहले 5 साल के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में कमलेश शाह को चुना था लेकिन अपने भ्रष्टाचार के कारनामों से बचने के लिए और खुद के निजी स्वार्थ को देखते हुए उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली और आज वे भाजपा प्रत्याशी के रूप में जनता के सामने आ गए, उन्होंने न केवल 3-3 बार टिकट देने वाली कांग्रेस पार्टी को धोखा दिया, बल्कि अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की जनता के साथ भी विश्वास घात किया है। आज अमरवाड़ा क्षेत्र की जनता के सामने बड़ा मौका है, एक धोखेबाज स्वार्थी और अहंकारी को सबक सिखाने का।

पटवारी ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस के प्रत्याशी धीरन शाह आंचलकुंड दरबार वाले हैं, जिनके पूर्वजों की चार पीढ़ियां निस्वार्थ भाव से जनसेवा में लगी हैं वहीं दूसरी तरफ भाजपा के प्रत्याशी हैं जो जनता से मिलना नहीं चाहते घर बैठे महल से राजनीति चलाना चाहते हैं और जिनकी राजनीति स्वार्थ से शुरू होकर भ्रष्टाचार पर खत्म होती है। भाजपा ने प्रदेश की जनता से तमाम वादे किए और सरकार बनने के बाद उन वादों से मुकर गई। चाहे गेहूं का मूल्य 2700 रू., धान का मूल्य 3100 रू. करने की बात हो, लाडली बहनाओं को 3000 रू. प्रतिमाह देने की बात हो या 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की बात हो भाजपा जितने वादे किए चुनाव जीतने के बाद सारे के सारे वादे भूल गई।

पटवारी ने कहा कि कमलनाथ 45 साल से छिंदवाड़ा जिले की जनता की सेवा कर रहे है। कांग्रेस की यह जीत बीजेपी सरकार पर नकेल कसने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने पूरे प्रदेश के साथ साथ सबसे ज्यादा विकास छिंदवाड़ा जिले में किया है छिंदवाड़ा को एक मॉडल के रूप में विकसित किया है। लोकतंत्र में सशक्त विपक्ष सरकार द्वारा लिये जा रहे जनविरोधी निर्णय में जनता के हितों और अधिकारों की आवाज उठाता है। इसलिए अमरवाड़ा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को जिताना आवश्यक है। अमरवाड़ा विधानसभा में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है।

पटवारी ने कहा कि भाजपा राज में भर्ती परीक्षा में घोटाले ही घोटाले हुए, 40 से अधिक भर्ती परीक्षाओ में घोटाले किए गए, अपात्रों का चयन किया गया। व्यापम घोटाला, पटवारी भर्ती परीक्षा घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला और अभी नया-नया नीट परीक्षा में भी पेपर लीक करके घोटाला किया गया। भाजपा सरकार ने टोल के नाम पर लूट मचा रखी है, करोड रूपयों का अवांछित लाभ चहेते लोगों को पहुंचाया जा रहा है और जनता की जेब काटी जा रही है।

इस अवसर पर परासिया विधायक सोहन लाल बाल्मिक, चौरई विधायक सुजीत सिंह, चंपालाल कुर्चे, आनंद राजपूत, कैलाश जैन, भूपेन्द्र पटेल, विजय लोधी, कल्याण पटेल, निर्मल पटेल, लखन लोधी, प्रीतम पटेल, इब्ने हसन रिजवी, अनुराग भार्गव, कमलेश साहू, मलोठ चंद्रवंशी, गुलाब चंद्रवंशी, प्रेम पटेल, गुंजन शुक्ला, दिमाकचंद उईके, शंकर धुर्वे, मोती पटेल, गरीबा डहरिया, इरफान खान आदि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हितग्राहियों के खाते में साढ़े तीन हजार करोड़ रूपये की राशि की अंतरित

टीकमगढ़ : शनिवार, जुलाई 6, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कल टीकमगढ़ जिले के छिपरी ग्राम की विशाल जनसभा में मध्यप्रदेश में चल रही चार बड़ी योजनाओं में 2.89 करोड़ हितग्राहियों के बैंक खातों में 3575 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का अंतरण सिंगल क्लिक से किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के मध्यप्रदेश के 2.89 करोड़ हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक से 3575 करोड़ से अधिक की राशि का अंतरण किया। मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना में 1.29 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते में 1574 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान उनके बैंक खातों में सिंगल क्लिक से किया। डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में प्रदेश के 81 लाख से अधिक किसानों को वर्ष 2024-25 की प्रथम किश्त और योजना की 9वीं किश्त की राशि 1630 करोड़ रुपए का भुगतान हितग्राहियों के बैंक खाते में सिंगल क्लिक से किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में 24 लाख महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिल के लिए 41 करोड़ से अधिक राशि तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाले 55 लाख हितग्राहियों के बैंक खाते में 330 करोड़ से अधिक राशि भी अंतरित की। गैस सिलेंडर रिफिल योजना में 450 रूपये प्रति हितग्राही का भुगतान किया गया।

मुख्यमंत्री ने जतारा के विधायक हरिशंकर खटीक की मांग पर छिपरी ग्राम का नाम बदलकर मातृ धाम करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मातृ धाम में पर्यटन सहित उद्योग धंधे स्थापित करने के भी प्रयास किये जाएंगे। जो लोग उद्योग स्थापित करेंगे उन्हें सुविधाएं भी मुहैया कराई जायेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब के घर में भी गैस चूल्हा होने के सपने को साकार किया है। उन्होंने बताया कि संत शिरोमणि पंडित रवि शंकर महाराज रावतपुरा सरकार सामाजिक समरसता की मिसाल है। उनके द्वारा समाज सेवा और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से की जाने वाली राष्ट्र की सेवा अनुकरणीय है। उन्होंने मानवता की सेवा के लिए छिपरी धाम बनाया है, छिपरी को मातृ धाम का नाम देने के पीछे जो उद्देश्य है, वह मां की महिमा पर आधारित है। भारत देश में जो संस्कार हमें मिले हैं, उसमें मां को सर्वोपरि माना गया है। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि पंडित रवि शंकर महाराज का आशीर्वाद हम सब पर बना रहे, यही हमारी कामना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना की तरह ही मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। जितनी राशि केंद्र सरकार द्वारा किसानों के खाते में साल भर में डालती है, उतनी ही राशि मध्यप्रदेश सरकार भी किसानों के हित में उनके बैंक खाते में डालती है। जिस प्रकार सेना का जवान देश की सेवा कर रहा है, वैसे ही किसान भी सभी का पेट भरता है। डॉ. यादव ने कहा कि हमारी एक-एक सांस हमें प्रतिदिन मौत और जीवन से साक्षात्कार कराती है। यदि हम अपने शरीर की शारीरिक रचना समझ लें तो हमें पूरा ब्रह्मांड भी समझ में आ जायेगा।

केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि रावतपुरा सरकार के कारण टीकमगढ़ की पावन धरती छिपरी धाम धन्य हुई है। उन्होंने कहा कि रावतपुरा सरकार पर्यावरण संरक्षण सहित समाज सेवा के क्षेत्र में अनेक कार्य कर रहे हैं। इसी के तहत 2 लाख पौधे रोपित करने का कार्य उनके द्वारा किया जा रहा है। सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आज महिलाओं, किसानों और गरीबों के कल्याण की चार योजनाओं के तहत राशि अंतरित करने का पुण्य कार्य किया है। इसके लिये उन्होंने डॉ. यादव का साधुवाद किया। विधायक हरिशंकर खटीक ने कहा कि छिपरी में सदाशिव महादेव की प्रतिमा के लोकार्पण से यह धरा जहां अभिभूत हुई वहीं क्षेत्रवासी प्रफुल्लित हुये हैं।

सभा में विधायक अनिल जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता सिंह, पूर्व विधायक शिशुपाल सिंह, राकेश गिरी, राहुल सिंह, अनीता नायक, जिलाध्यक्ष अमित नुना, अखिलेश अयाची सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा सागर के संभागीय आयुक्त डा. वीरेंद्र सिंह रावत, पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, कलेक्टर अवधेश शर्मा, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...