नियमित स्वास्थ्य जाँच कराने से गंभीर रोगों से होता है बचाव – उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

भोपाल : रविवार, जून 30, 2024/ उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शासकीय कन्या महाविद्यालय रीवा में नि:शुल्क कैंसर जाँच शिविर का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर बहुत घातक रोग है, लेकिन इसका समय पर पता चल जाने पर पूरी तरह से बचाव हो जाता है। इसके लिए हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की नियमित जाँच कराना चाहिए। नियमित स्वास्थ्य जांच कराने से गंभीर रोग से बचाव संभव है। इसके साथ ही हमें विभिन्न विटामिन और अन्य पोषक तत्वों की कमी का भी पता चलता है जिन्हें दूर करके हम स्वस्थ रह सकते हैं।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि रीवा में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। मेडिकल कॉलेज में नई कैंसर यूनिट का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें शीघ्र ही 32 करोड़ रुपए की लागत से अति आधुनिक मशीन लगाई जाएगी। रीवा को मेडिकल हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे न केवल विन्ध्य क्षेत्र के रोगियों का उपचार होगा बल्कि आसपास के क्षेत्र के गंभीर रोगी भी यहां उपचार करने के लिए आएंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आम जनता के स्वास्थ्य की लगातार चिंता कर रही है। मुख्यमंत्री जी ने हाल ही में पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा शुरू की है। सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर अब गरीब भी हवाई जहाज से जाकर अपना इलाज करा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नेशनल हॉस्पिटल तथा जिला रेडक्रॉस समिति ने शासकीय कन्या महाविद्यालय में नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर लगाकर बहुत सराहनीय कार्य किया है। यहां की छात्राओं और कार्यरत महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की नि:शुल्क सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पूर्व रीवा में पूरे संभाग के एक लाख व्यक्तियों की नि:शुल्क जांच की व्यवस्था की गई थी। जिसमें जांच के बाद 136 कैंसर रोगी पाए गए थे। जिन्हें उचित उपचार की सुविधा दी जा रही है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने जिला रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष डॉ प्रभाकर चतुर्वेदी, नेशनल हॉस्पिटल के संचालक डॉ अखिलेश पटेल, डॉ पूजा गंगवार पटेल तथा डॉ योगेश शुक्ला कैंसर रोग विशेषज्ञ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

भूमिहीन कृषि मजदूरों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिये बहुआयामी प्रयास करने की आवश्यकता : ऊर्जा मंत्री

भोपाल : रविवार, जून 30, 2024/ राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख ने चित्रकूट प्रकल्प के माध्यम से भूमिहीन कृषि श्रमिकों के लिये जो मॉडल प्रस्तुत किया है वह आत्मनिर्भर ग्रामो के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार करने के लिये आधारभूत प्रेरणास्रोत है। हमें आज के समय में भूमिहीन कृषि मजदूरों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिये बहुआयामी प्रयास करने की आवश्यकता है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने यह बात भूमिहीन खेतिहर मजदूरों के आर्थिक सशक्तिकरण से कृषि प्रक्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लक्ष्य पर महात्मा गॉधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी के शुभारंभ अवसर पर कही।

दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, दीनदयाल शोध संस्थान और मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद एक साथ मिलकर कर रहे है। इस संगोष्ठी में देश भर के अनेक राज्यों से विद्वान विचार-विमर्श के लिये एकत्र हुये हैं।

भूमिहीन श्रमिकों के प्रश्न को संवेदनशीलता, प्रतिष्ठा, गरिमा और निजता से जोड़कर समाधान ढूंढने के लिये ‘आउट आफ बॉक्स’ विचार करने का आग्रह विशिष्ट अतिथि और पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजय पासवान ने किया। उन्होंने कहा कि भारत विरोधी ताकतें कृषक और भूमिहीन श्रमिकों में संघर्ष देखना चाहती हैं, किन्तु हमारा प्रयास समन्वय से समाधान निकालने का होना चाहिये। हमारे प्रयास केवल आर्नामेंटल नहीं इंस्ट्रूमेंटल होना चाहिये।

संगोष्ठी के सूत्रधार और सामाजिक समरसता के राष्ट्रीय संयोजक श्यामप्रकाश ने कहा कि पाश्चात्य चिन्तन ने हमारी दृष्टि कृषकों और भूमिहीन श्रमिकों में भेद करने का प्रयास किया है पर वस्तुतः यह दोनों एक ही हैं।

ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. भरत मिश्रा ने कहा कि महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय अपने नवाचारों के माध्यम से देश में अपनी विशेष पहचान बना रहा है। नानाजी देशमुख के संस्मरणों को साझा करते हुये डॉ. मिश्रा ने कहा कि नानाजी कहते थे कि आज की परिस्थितियों में- ’गांव उजाड़ हो रहे हैं और शहर आबाद।’ विकास का यह मॉडल दूरगामी रूप से ठीक नहीं हैं। इसके परिणाम समाज और राष्ट्र के हित में नहीं होगे। प्रो. मिश्रा ने कहा कि देश को नानाजी का चिंतन एक नई दृष्टि दे सकता है। विशिष्ट अतिथि दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन ने नानाजी के आत्मनिर्भर गाँवों के संकल्प को साझा किया।

विशिष्ट अतिथि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय एवं पूर्व अपरमुख्य सचिव एवं वर्तमान में जनजातीय प्रकोष्ठ राजभवन के संयोजक दीपक खांडेकर ने भी विचार व्यक्त किए। उद्घाटन सत्र पर 13 राज्यों के भूमिहीन श्रमिकों की सामाजिक आर्थिक स्थिति पर अध्ययन के आधार पर बनाये गये प्रतिवेदनों की पुस्तक- ‘सोशियो इकानोमिक रिपोर्ट्स आफ लैण्डलेस लेबर फ्राम वेरियस स्टेट्स’ और इस विषय पर चिन्तन आधारित विचार परक आलेखों का संकलन ‘वाइस आफ द लैण्डलेस’ पुस्तक का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया।

 

पेरिस 2024 ओलंपिक खेलों की तैयारी में हमारे एथलीटों को हरसंभव सहयोग मिला है: डॉ. मांडविया

नई दिल्ली : रविवार, जून 30, 2024/ केन्द्रीय युवा कार्य एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कल नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान का दौरा किया और ओलंपिक जाने वाली एथलीट भारोत्तोलक मीराबाई चानू, भाला फेंक खिलाड़ी अनु रानी और शॉट पुटर आभा खटुआ से मुलाकात की तथा खिलाडि़यों की मूलभूत सुविधाओं वाले नए बुनियादी ढांचे की प्रगति का निरीक्षण किया।

डॉ. मांडविया ने कहा, “मीराबाई, अन्नू रानी और आभा के साथ मेरी बातचीत से मुझे विश्वास हो गया है कि हमारे एथलीटों को पेरिस 2024 ओलंपिक खेलों की तैयारी में हर संभव सहयोग मिला है।”

मीराबाई चानू ने युवा कार्य और खेल मंत्रालय से मिले अपार सहयोग पर प्रकाश डाला, विशेष रूप से अमेरिका के सेंट लुई से विश्व प्रसिद्ध खेल वैज्ञानिक डॉ. आरोन होर्शिग की सेवाएं प्राप्त करने में, जबकि अन्नू रानी ने यूरोपीय केन्द्रों में लंबे समय तक प्रशिक्षण लेने में सक्षम होने के बारे में उत्साहपूर्वक बात की।

डॉ. मांडविया ने यहां राष्ट्रीय उत्कृष्टता केन्द्र में नामांकित अन्य एथलीटों और कुछ प्रमुख कोचों से भी बातचीत की। उन्होंने उनसे प्रतिस्पर्धी खेल से ड्रॉप-आउट दरों को कम करने के लिए सुझाव मांगे। उन्‍होंने कहा, “आपको आवश्यक सहयोग मिल रहा है। हालांकि, जिन लोगों ने आपके साथ शुरुआत की, लेकिन पदक नहीं जीत पाए, उनमें से कई पीछे रह गए। हम उनके लिए क्या कर सकते हैं?”

उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की खेलों के समग्र विकास की परिकल्पना को ध्यान में रखते हुए सरकार जमीनी स्तर की प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें बढ़ावा देने को प्रोत्साहित करेगी।

केन्द्रीय मंत्री ने एनएसएनआईएस की भी समीक्षा की और विभिन्न खेल मैदानों, खेल विज्ञान सुविधाओं और नई बुनियादी ढांचा परियोजना स्थलों का दौरा किया। वह खेल विज्ञान के उच्च प्रदर्शन केन्द्र और रसोई और भोजन कक्ष की प्रगति से भी प्रसन्न थे।

डॉ. मांडविया ने कहा, “मैं भारतीय खेलों के पारंपरिक घर, पवित्र एनआईएस में आकर प्रसन्न हूं। यह न केवल गुणवत्ता वाले कोच तैयार करने का एक महत्वपूर्ण केन्द्र है, जो जमीनी स्तर पर बदलाव ला सकते हैं, बल्कि यहां बेहतरीन प्रशिक्षण सुविधाएं भी हैं। हमारे कुछ एथलीट जिन्होंने दुनिया भर के अन्य केन्द्रों में प्रशिक्षण लिया है, उनका मानना ​​है कि एनआईएस की तुलना सर्वश्रेष्ठ संस्थानों से की जा सकती है।”

इसके बाद केन्द्रीय मंत्री पंचकूला रवाना हो गए, जहां उन्हें ताऊ देवी लाल स्टेडियम में राष्ट्रीय अंतर-राज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के नए लोगो (प्रतीक चिन्ह) का अनावरण करना था।

मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस व विपक्षी दलों की छल-कपट की राजनीति को नकार दिया – विष्णुदत्त शर्मा

भोपाल : रविवार, जून 30, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के चंदला और पन्ना विधानसभा के मतदाता और कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर देश की जनता का अपार विश्वास है। देश की जनता ने विश्वास व्यक्त करते हुए ही लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत से भाजपा को जिताकर नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने भ्रम फैलाया कि भाजपा 400 सीटें जीत गई तो संविधान बदल देगी। मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस और विपक्षी दलों की झूठ, छल-कपट की राजनीति को नकार दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शर्मा ने चंदला, पन्ना एवं राजनगर विधानसभा के कई गांवों में पहुंचकर मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। चंदला में आयोजित समारोह में प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार और पन्ना में आयोजित समारोह को पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा सरकार के प्रति जनता का इतना विश्वास है कि चंदला विधानसभा के एक बूथ पर भाजपा को 95 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए हैं। इसी विश्वास को सम्मान देने के लिए मैं मतदाताओं का अभिनंदन कर रहा हूं। 95 प्रतिशत वोट प्राप्त करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत व परिश्रम किया है, इसलिए उनका भी अभिनंदन किया जा रहा है। चंदला विधानसभा के प्रत्येक गांव में सड़क और पीने के पानी की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। चंदला क्षेत्र विकास में किसी भी क्षेत्र से पीछे नहीं रहेगा। आप लोगों ने मुझ पर और भाजपा पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसका पूरा सम्मान रखा जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने देशभर में झूठ, छल-कपट की राजनीति की है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से छल-कपट की राजनीति करती आ रही है। इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और विपक्षी दलों ने सबसे बड़ा झूठ बोला है कि भाजपा अगर 400 सीटों पर विजयी हो जाएगी तो संविधान बदल देगी। लेकिन मैं मध्यप्रदेश की जनता का हृदय से धन्यवाद देता हूं कि यहां की जनता ने कांग्रेस की छल-कपट की राजनीति को सफल नहीं होने दिया और नरेन्द्र मोदी पर विश्वास व्यक्त करते हुए प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाई है। मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस की झूठ व छल-कपट की राजनीति को पूरी तरह से नकार दिया है, लेकिन अभी भी कांग्रेस भ्रम फैलाने से बाज नहीं आ रही है। मध्यप्रदेश की जनता आगे भी कांग्रेस को इसी तरह से सबक सिखाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खजुराहो लोकसभा क्षेत्र सहित मध्यप्रदेश में जिन बूथों पर भाजपा को जीत नहीं मिली है, उन बूथों की संख्या बहुत कम है। जिन बूथों पर भाजप को विजय नहीं मिली है, उन बूथों की जनता को मैं कहना चाहता हूं कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के ध्येय वाक्य पर कार्य करते हैं। जिन लोगों ने इस लोकसभा चुनाव में भाजपा को मतदान नहीं किया उनका उनके क्षेत्र में विकास के सभी कार्य किए जाएंगे और भाजपा उन मतदाताओं का भी विश्वास जीतने का कार्य करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में आप सभी मतदाताओं के विश्वास और कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत व परिश्रम से ऐतिहासिक विजय मिली है। मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय आज देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। सभी 29 सीटों पर भाजपा को विजय बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत व परिश्रम व जनता के विश्वास के कारण ही संभव हो सकी है। छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र को लेकर तरह-तरह की बातें होती थीं, लेकिन हमें अपने भाजपा के कार्यकर्ताओं पर भरोसा था कि हम छिंदवाड़ा भी जीतेंगे। छिंदवाड़ा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता का विश्वास, गरीब कल्याण की योजनाओं और बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही ऐतिहासिक विजय मिली है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को राजनगर विधानसभा के ग्राम बसाहनाला (देवपुर तिराहा) ग्राम मढ़ा, मुंडेरी, पटना तिराहा, बसंतपुर तिराहा, बालकोरा तिराहा और बिछाना तिराहा पर आयोजित कार्यक्रम में मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया है। इसके साथ पन्ना विधानसभा के ग्राम बीरा और अजयगढ़ में भी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। पन्ना में आयोजित समारोह में मतदान केंद्र पर जाकर मतदान करने वाले 95 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता कन्हैयालाल साहू को सम्मानित किया। इसके साथ ही बुजुर्ग मतदाता व मीसाबंदी अवध चौबे और त्रिलोक चंद जैन को भी सम्मानित किया है।

चंदला में आयोजित समारोह में जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, विधायक अरविन्द पटेरिया, पूर्व विधायक रेखा यादव, करुणेंद्र प्रताप सिंह, हरप्रसाद पटेल, संजय रिछारिया, सुरेंद्र चौरसिया, अरविन्द बुन्देला, अरविन्द त्रिपाठी, अवध मिश्रा, पंकज पांडे सहित जिला पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, मतदाता उपस्थित रहे।

पन्ना जनसभा में विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, सदानंद गौतम, उमेश शुक्ला, रामअवतार पाठक, आशुतोष मेहदेले, जिला पंचायत अध्यक्ष मीनाराजे परमार, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मीना पाण्डेय सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।

40 सालों में नगर परिषद और कॉलेज नहीं दे पाए, फिर कैसा छिंदवाड़ा मॉडल – डॉ. मोहन यादव

छिंदवाड़ा : रविवार, जून 30, 2024/ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को अमरवाड़ा विधानसभा के सिंगोड़ी और हर्रई में पार्टी प्रत्याशी कमलेश शाह के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय लोग कहते थे कि छिंदवाड़ा कांग्रेस का गढ़ है। हम कहते थे, यह गढ़ नहीं गड़बड़ है। विकास के छिंदवाड़ा मॉडल की बात करने वाले हवाई जहाज में उड़ते रहते थे। हवा में ही रहते थे, जमीन पर नहीं उतरते थे। ये 40 सालों तक छिंदवाड़ा मॉडल की बात करते रहे, लेकिन सिंगोड़ी नगर परिषद नहीं बन पाया। यहां कॉलेज नहीं खुल सका। किसानों के लिए सिंचाई के इंतजाम नहीं हुए। डूब क्षेत्र वालों को मुआवजा नहीं मिला, फिर कैसा छिंदवाड़ा मॉडल?

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जीवन में शिक्षा का स्थान कितना महत्वपूर्ण है, यह हमारे भगवान गोपाल कृष्ण ने 5000 साल पहले बताया था। उन्होंने मथुरा आकर कंस को मारा, लेकिन कुर्सी पर नहीं बैठे। महाराज उग्रसेन को राजगद्दी सौंपकर पढ़ने के लिए उज्जैन आ गए थे। जब उस समय शिक्षा इतनी महत्वपूर्ण थी, तो आज क्यों नहीं? क्यों यहां पर कॉलेज नहीं होना चाहिए। कांग्रेस के लोग यहां से चुनाव पर चुनाव जीतते रहे, लेकिन न कॉलेज दिया न नगर परिषद दी। पता नहीं ये लोग क्यों चुनाव लड़ते हैं। इन्होंने बांध बनाया, लेकिन डूब क्षेत्र वालों को मुआवजा नहीं दिया। लेकिन आप चिंता मत करना, हम वो सभी काम करेंगे जो कांग्रेस वालों ने नहीं किए। नगर परिषद भी बनेगी, कॉलेज भी खुलेगा। डूब क्षेत्र वालों को मुआवजा मिलेगा, यह हमारी गारंटी है। हम भगवान का जयकारा लगाते हैं, तो कांग्रेसियों को बुखार आ जाता है। लेकिन हम जाम सांवली में हनुमान जी का हनुमान लोक भी बनाएंगे। हम नदी लिंक परियोजना के माध्यम से अमरवाड़ा और हर्रई में पीने के पानी और सिंचाई का प्रबंध करेंगे। यहां का पातालकोट क्षेत्र जड़ी बूटियां के लिए प्रसिद्ध है। हम उन जड़ी-बूटियों के आधार पर कुटीर उद्योग लगाएंगे। अचार, हर्रा-बहेड़ा जैसी वनोपज की खरीदी सरकार समर्थन मूल्य पर करेगी। हमारी केंद्र सरकार ने 14 फसलों के लिए समर्थन मूल्य घोषित किया है। लेकिन हम कोदों-कुटकी जैसे श्रीअन्न भी समर्थन मूल्य पर खरीदेंगे। पहले 4200, फिर 5000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदेंगे। तेंदूपत्ता संग्रहण की दर भी हमने बढ़ा दी है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि आदिवासी अंचल में कांग्रेस के लोग 70 सालों तक वोट मांगते रहे। लेकिन उन्होंने कभी भगवान बिरसा मुंडा को याद नहीं किया। भाजपा ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाकर जनजातीय योद्धाओं को सम्मान दिया। हमारी सरकार ने रानी दुर्गावती को सम्मान देने के लिए कैबिनेट की पहली बैठक जबलपुर में ही की थी। अभी हाल ही में उनका बलिदान दिवस था और हमारी सरकार ने उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए उनके नाम पर जबलपुर एयरपोर्ट का नाम रखने, उनके नाम पर पांच लाख रुपये का पुरस्कार दिये जाने की घोषणा की है। उनके गौरवशाली अतीत को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने एक सामान्य परिवार की आदिवासी बहन द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद पर स्थान दिया है। लेकिन कांग्रेस के लोगों की मानसिकता देखिए, उन्होंने अभी दो दिन पहले उस सैम पित्रोदा को वापस पार्टी में शामिल कर लिया है, जिसने हमारे आदिवासी भाईयों का अपमान किया था। उन्हें काला बताकर उन्हें अफ्रीकन बताया था। उनकी इस सोच पर कांग्रेसियों को माफी मांगना चाहिए। वे शरीर के रंग रूप के आधार पर भेदभाव करते हैं। ये आदिवासियों का अपमान था और इसके लिए देश कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों ने दशकों तक जनता को बहुत बेवकूफ बनाया। बहुत झूठ बोले, पता नहीं क्या-क्या बोले। उसी के चलते कांग्रेस की यह हालत हुई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से रावण ने भेष बदलकर माता सीता का अपहरण किया था, उसी तरह आपका वोट हड़पने कांग्रेस के लोग भेष बदलकर आएंगे। कई आडंबर और छल-प्रपंच रचेंगे, लेकिन आपको उनके इस जाल में नहीं फंसना है। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा, खेती किसानी वाला क्षेत्र है। यहां के लोग किसानी के बारे में सब जानते हैं। किस फसल के लिए क्या तैयारी करनी है, उनको पता है। लेकिन कांग्रेस के लोग बिना जमीन के ही हथेली पर फसल उगाने की बात करते हैं। ये विकास की बात करते हैं, लेकिन न मध्यप्रदेश में और न ही केंद्र में कांग्रेस की सरकार है, फिर ये क्या करेंगे। इसलिए आपको इनकी बातों में नहीं आना है और हमारे प्रत्याशी कमलेश शाह को जिताकर झूठ बोलने वालों, बेवकूफ बनाने वालों को जवाब देना है।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर जिन स्थानों पर हमारे भगवान के कदम पड़े, उन तीर्थों का विकास क्यों नहीं होना चाहिए? कांग्रेस के पेट में मरोड़ उठे तो उठे, लेकिन हम उनका विकास करेंगे। भगवान राम ने 11 साल सतना जिले के चित्रकूट में व्यतीत किए। उनके चरण जहां-जहां पड़े हैं, उन स्थलों का हम तीर्थों के रूप में विकास कर रहे हैं। इसी तरह भगवान गोपाल कृष्ण ने उज्जैन में शिक्षा ग्रहण की, अमझेरा में उनका रुक्मी के साथ युद्ध हुआ, इंदौर के समीप जानापाव में भगवान परशुराम ने उन्हें सुदर्शन चक्र प्रदान किया, हम इन सभी स्थानों का विकास कर रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने तय किया है कि अगर कोई गौमाता को कष्ट देता है, तो हमारी सरकार उसे छोड़ने वाली नहीं है। अभी तक हजारों गौमाता के प्राणों की रक्षा हमने की है और उन पर अत्याचार करने वाले 1000 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से भी कई पर तो रासुका की कार्रवाई की गई है। हमारी सरकार गौशाला बनाने वालों को हर स्तर पर मदद देगी और वृद्ध, निराश्रित, अपंग, बीमार गौमाता का ध्यान हमारी सरकार रखेगी।

डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार छिंदवाड़ा के विकास में कोई कसर नहीं रहने देगी। नागपुर-शहडोल, नागपुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने का काम कर रहे हैं, जो छिंदवाड़ा से गुजरेंगे। मेडिकल कॉलेज के लिए 768 करोड़ के कामों को मंजूरी दी गई है। कोई भी ऐसा व्यक्ति जिसके पास आयुष्मान कॉर्ड है, वह एयर एंबुलेंस की सहायता से भोपाल और दिल्ली-मुंबई इलाज के लिए जा सकता है। हमारी सरकार ने हेल्थ डिपार्टमेंट में 42000 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी है। पुलिस विभाग में खाली 15000 पदों को भरने का काम भी हमारी सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग शोर मचाते हैं कि ये पैसे नहीं देंगे। लेकिन किसान सम्मान निधि के पैसे भी देंगे और लाड़ली बहनों की राशि भी समय पर देंगे। डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की ऊंगली पर जिस तरह सुदर्शन चक्र होता था, वैसी ही ताकत आपकी ऊंगली में है। आगामी 10 तारीख को आपको कमल का बटन दबाकर कांग्रेस के हर झूठ का जवाब देना है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व सरपंच कैलाश साहू के निवास पहुंचकर भोजन किया। इस अवसर पर सांसद विवेक बंटी साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव और मंडल अध्यक्ष सोनू सरसवार उपस्थित रहे।

सिंगोड़ी जनसभा को प्रदेश शासन की मंत्री संपतिया उइके, भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह, उत्तम ठाकुर, मोनिका बट्टी ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने दिया। इस अवसर पर सांसद विवेक बंटी साहू, विधायक व विधानसभा सह प्रभारी हेमंत खंडेलवाल, जिलाध्यक्ष प्रभारी संतोष पारिक, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह, रमेश दुबे, दीपक सक्सेना, प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले, नत्थन शाह, उत्तम ठाकुर, लखन वर्मा, मोनिका बट्टी, माधवी शाह, कामिनी शाह, जिला महामंत्री टीकाराम चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी व जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

किसानों को खाद-बीज, बिजली की आपूर्ति समय पर हो, फसलों की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाये : दिनेश गुर्जर

भोपाल : रविवार, जून 30, 2024/ मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय बैठक कल किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दिनेश गुर्जर की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभागार में आहूत की गई। बैठक में किसान कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे।

गुर्जर ने बैठक को संबोधित करते हुये कहा कि यह समय फसल की बुबाई का चल रहा है। भाजपा सरकार खाद एवं बीज की कालाबाजारी कर रही है, जिससे किसानों को खाद-बीज और यूरिया नहीं मिल पा रही है। प्रदेश में व्याप्त बिजली संकट किसानों की सिंचाई को प्रभावित कर रहा है वहीं अल्पवर्षां से किसानों को खेत में सिंचाई करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गुर्जर ने बैठक में किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों से आग्रहपूर्वक कहा कि किसानों को सिंचाई, खाद बीज की उपलब्धता में आ रही परेशानियों से निपटने के लिए उनकी सहायता करें। क्योंकि अन्नदाता किसान यदि परेशान रहेगा तो प्रदेश की जनता को भी उसका असर पड़ेगा और महंगाई जैसी भयावह समस्या से जूझना पड़ेगा। किसानों के हित में आवश्यकता पड़ने पर खाद-बीज, बिजली को लेकर सरकार के खिलाफ व्यापक धरना-प्रदर्शन आयोजित कर खाद-बीज की आपूर्ति और किसानों को उच्च गुणवत्ता का खाद-बीज मिले यह भी सुनिश्चित करायें।

गुर्जर ने कहा कि फसल की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाये। वर्तमान समय में मूंग की तुलाई चल रही है। भाजपा सरकार का किसान विरोधी चेहरा सबके सामने हैं, किसान से प्रति हेक्टेयर 8 क्विंटल मूंग ही खरीदी जा रही है, जबकि औसतन मूंग की उपज 14 क्विंटल प्रति हेक्टेयर हैं। इसलिए मूंग की खरीदी 14 क्विंटल प्रति हेक्टेयर के मान से करायी जाये। श्री गुर्जर ने भाजपा सरकार को उसका संकल्प पत्र याद दिलाते हुये कहा कि विधानसभा चुनाव में 2700 रूपये और 3100 रूपये गेहूं और समर्थन मूल्य पर देने की घोषणा की थी, सरकार उस घोषणा को तत्काल पूरा करें। यदि सरकार किसानों को घोषणा अनुसार समर्थन मूल्य नहीं देती है तो किसान कांग्रेस किसानों के हित में सरकार की किसानों के साथ की जा रही वादाखिलाफी को लेकर सड़क से सदन तक लड़ाई लडेंगी। प्रत्येक ब्लाक से जिला स्तर तक आंदोलन किया जायेगा। बैठक में लोकसभा चुनाव में आये परिणामों को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक में आगामी माह में किसान कांग्रेस द्वारा आंदोलन करने की रणनीति तय की गई। बैठक में पूर्व मंत्री एवं मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी राजीव सिंह, जे.पी. धनोपिया, सै. साजिद अली, योगेश यादव, पूर्व विधायकद्वय सुनील सराफ, शैलेन्द्र पटेल, भूपेन्द्र गुप्ता, फिरोज सिद्वीकी, देवकरण मीना, रामशरण सिंह राणा सहित प्रदेश भर से आये किसान कांग्रेस के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

 

पुलिस ने नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने का पराक्रम दिखाया- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

बालाघाट : शनिवार, जून 29, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रकति ने बालाघाट को विशेष वरदान दिया है। स्वर्ग जैसी भूमि पर नक्सली गतिविधियां कतई बर्दाश्त नही की जाएगी। इसका नमूना इसी वर्ष हॉकफोर्स के जवानों ने एक अप्रैल को लांजी के पितकोना क्षेत्र में दिखाया है। हॉकफोर्स और पुलिस के जवानों ने अपनी सक्रियता से नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने में अपना शौर्य और पराक्रम दिखाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 28 जवानों को शौर्य और पराक्रम प्रदर्शित करने के लिये उनके कंधों पर फीते और स्टार लगाकर क्रम-पूर्व पदोन्नति देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ बेल पत्र का पौधा भी लगाया।

मुख्यंमत्री डॉ. यादव ने शनिवार को बालाघाट में पुलिस विभाग के अलंकरण समारोह में सम्बोधित करते हुए कहा कि आज का दिन वास्तविक अर्थो में ऐतिहासिक दिन के साथ ही भारत माता को गौरवान्वित करने का भी दिन है। आज का दिन शौर्य, साहस, हिम्मत और पराक्रम को सार्थक करने वाले जवानों के सम्मान का दिन है। धन-धान्य व भूगर्भ संपदा से परिपूर्ण भूमि पर नक्सली/माओवादी ताकतों की नजर रही है। ऐसी ताकतों पर एक अप्रैल 2024 को की गई कार्रवाई पुलिस का कड़ा प्रहार है। समारोह का आयोजन हॉकफोर्स व पुलिस जवानों का क्रम से पूर्व प्रमोशन के लिए किया गया था।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने नक्सली गतिविधियों पर अब तक हुई कार्रवाई के बारे में कहा कि पिछले 5 वर्षों में हॉकफोर्स और पुलिस के जवानों ने 19 नक्सलियों को मार गिराया है। जिन पर विभिन्न प्रदेशों में 3 करोड़ 5 लाख रुपये के ईनाम घोषित थे। यह कार्यक्रम उन जवानों को याद और सम्मानित करने का भी दिन है, जिन्होंने कर्त्तव्य निर्वहन करते हुए अपना बलिदान दिया है। साथ ही क्रम से पूर्व प्रमोशन का आयोजन है। सरकार उन सभी के साथ खड़ी है, जिन्होंने हिम्मत और साहस के बल पर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व का ऐसा तीसरा देश बन गया है, जो अपने देश में ही नहीं बल्कि दुश्मन देश की सीमाओं में घुसकर दुश्मनों को खत्म करने की ताकत रखता है। इजराइल और अमेरिका के बाद भारत तीसरा देश है। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम के पश्‍चात पुलिस जवानों के परिजनों के साथ समय बिताया। उन्‍होंने बच्‍चों को स्नेह व दुलार किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जवानों के माता-पिता व दादा-दादी से आशीर्वाद लिया। साथ ही जवानों के परिजनों के साथ फोटो भी करवायें।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने स्‍वागत सम्‍बोधन में आयोजित रूपरेखा बतायी। साथ ही पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्‍सेना ने 1 अप्रैल 24 को लांजी में घटित हुई नक्‍सली घटना के बारे में विस्‍तार से बताया। उन्‍होनें कहा कि 32 वर्षो में पहली बार 1 अप्रैल को बढ़ी जवाबी कार्यवाही हुई, जिसमें 2 हार्डकोर नक्‍सली मारे गये। वहीं एके-47 रायफल जैसे घातक हथियार जब्‍त किये गये।

हॉकफोर्स और पुलिस जवानों के अलंकरण समारोह में क्षेत्रीय सांसद भारती पारधी, कटंगी विधायक गौरव पारधी, लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे, बैहर विधायक संजय उइके, परसवाड़ा विधायक मधु भगत, वारासिवनी विधायक विक्‍की पटेल, पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन व रामकिशोर कावरे तथा नपा अध्‍यक्ष भारती सुरजीत ठाकुर उपस्थित रहे।

बेरोज़गारी जैसे बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है भाजपा सरकार : कमलनाथ

भोपाल : शनिवार, जून 29, 2024/ भारतीय जनता पार्टी असली मुद्दों से भटकाने वाली राजनीति करती है। इस समय देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती बेरोजगारी है। प्रधानमंत्री ने हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन रोजगार के अवसर बढ़ने के बजाय घटते जा रहे हैं। जो भरतियां निकलती भी हैं, उनकी प्रतियोगी परीक्षाएं घोटालों का शिकार हो जाती हैं। प्रतियोगी परीक्षा में हो रहा भ्रष्टाचार और पेपर लीक नया उद्योग बन गया है। नीट परीक्षा में हुआ फर्जीवाड़ा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।

इसके अलावा महंगाई से आम आदमी बुरी तरह परेशान है। खाने-पीने की चीजों के दाम आसमान पर हैं। दाल, सब्जी, आटा और दूध जैसी बुनियादी चीजों की क़ीमतें राकेट की तरह बढ़ रही हैं। देश के सामने तीसरी बड़ी समस्या सार्वजनिक निर्माण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की है। पिछले कुछ दिन में सबने देखा कि किस तरह दिल्ली, जबलपुर और राजकोट एयरपोर्ट की इमारत के हिस्से गिर गए, मुंबई में अटल सेतु में दरारें पड़ गई और बिहार में करीब छह पुल गिर गए। देश की संसद में जनता से जुड़े इन सब विषयों पर सबसे पहले चर्चा होनी चाहिए। लेकिन देखने में यह आ रहा है कि भाजपा की सरकार लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के नेता तक को बोलते नहीं दे रही।

विपक्ष जनता के बीच यह सब मुद्दे ना उठा सके इसके लिए विपक्ष के नेताओं पर झूठे मुकदमे डालकर उन्हें जेल में भेजा जा रहा है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मामले में हाई कोर्ट के फैसले से यह बात और ज्यादा स्पष्ट हो रही है। बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा सांप्रदायिक नफरत, 50 साल और 100 साल पहले हुई किसी घटना को आज बिना किसी संदर्भ के बढ़ा-चढ़ा कर पेश करना और हवाई जुमले उछालने जैसे काम कर रही है।

महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाकर भाजपा लोकतंत्र के साथ आपराधिक षडयंत्र कर रही है। अब समय आ गया है जब देश की जनता और सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर ध्यान भटकाने की इस राजनीति का विरोध करना है और जनता की बुनियादी समस्याओं को दूर करने का हर संभव प्रयास करना है।

अमित शाह ने आज एनडीआरएफ के दूसरे पर्वतारोहण अभियान ‘विजय’ के सफलतापूर्वक लौटने पर नई दिल्ली में स्वागत किया

नई दिल्ली : शनिवार, जून 29, 2024/ केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने NDRF के दूसरे पर्वतारोहण अभियान ‘विजय’ के 21625 फुट ऊंचे माउंट मणिरंग पर सफल पर्वतारोहण से लौटने पर आज नई दिल्ली में स्वागत किया। गृह मंत्री ने आपदा प्रबंधन उपकरण और फोटो प्रदर्शनी का भ्रमण भी किया। इस प्रदर्शनी में NDRF कर्मियों द्वारा अभियानों में प्रयोग किए जाने वाले अत्याधुनिक उपकरणों और तकनीकों को दर्शाया गया है। भारत और तुर्की में आपदा प्रबंधन अभियानों में शामिल रहे बचाव दलों के लीडर्स द्वारा गृह मंत्री को प्रदर्शनी के बारे में बताया गया। केन्द्रीय गृह मंत्री ने बाढ़ के दौरान बचाव अभियान, भूस्खलन, ढांचों के मलबे में खोज एंव बचाव अभियान, कैमिकल बायोलॉजिकल रेडियोलॉजिकल न्यूक्लियर रिस्पॉंस मैकेनिज़्म (CBRN), पर्वत बचाव अभियान, बोरवैल बचाव अभियान और तूफान प्रतिक्रिया आदि के बारे में विस्तार से जाना। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह सचिव और एनडीआरएफ के महानिदेशक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

21625 फुट ऊँचे माउंट मणिरंग पर सफल अभियान के लिए NDRF के जवानों की सरहना करते हुए अमित शाह ने कहा कि इतनी ऊंचाई पर जाने के लिए अदम्य साहस दिखाने का फैसला करने वाले हमारे जवानों के ऐसे कठिन अभियानों से व्यक्ति और बल दोनों की कार्यकुशलता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कठिन अभियानों से लक्ष्य को सिद्ध करने, विजय प्राप्त करने और अकल्पनीय कठिनाइयों को पार कर लक्ष्य तक पहुंचने की आदत पड़ती है। शाह ने कहा कि विजय की आदत ही व्यक्ति और बल को महान बनाती है और ये व्यक्ति के जीवन में सत्मार्ग पर चलने, विजयी बनने और विश्वास में वृद्धि का सबसे बड़ा स्रोत होती है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज इस अभियान में कुछ जवानों ने सफलता प्राप्त की है लेकिन सही मायनों में यह पूरे NDRF की सफलता है। उन्होंने कहा कि इन जवानों ने सिर्फ मणिरंग पर्वत की ऊंचाई पर विजय प्राप्त नहीं की है, बल्कि पूरे बल के हौंसले को बढ़ाने का काम किया है। गृह मंत्री ने कहा कि पर्वतारोहण सिर्फ एक स्किल नहीं है, बल्कि जीवन जीने की कला है और इस कला को सिद्धहस्त करना पूरे जीवन के लिए एक शिक्षा बनता है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने अभियान ‘विजय’ में सफलता प्राप्त करने वाले 35 जवानों और NDRF के महानिदेशक को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। शाह ने कहा कि इन जवानों द्वारा 21600 फुट से अधिक की ऊंचाई पर तिरंगा फहराना पूरे बल के लिए बहुत बड़ी सिद्धि का परिचायक रहा है। उन्होंने कहा कि अगर हमें सफलता के शिखर पर पहुंचना है तो जीवनभर सातत्यपूर्ण लक्ष्य हासिल करने का प्रयास करना होता है, तभी सफलता मिलती है।

अमित शाह ने कहा कि एक ज़माने में भारत में आपदा को लेकर हमारा दृष्टिकोण सिर्फ राहत-केन्द्रित था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अब आपदा प्रबंधन के लिए राहत-केन्द्रित अप्रोच नहीं बल्कि ज़ीरो कैजुअल्टी अप्रोच को अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने से संबंधित अप्रोच के मामले में ये हमारी बहुत बड़ी यात्रा रही है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के पिछले 10 साल के कार्यकाल में आपदा से निपटने के लिए दुनियाभर की बेस्ट प्रैक्टिसिस को हमने भारत में ज़मीन पर उतारा है। उन्होंने कहा कि ट्रेनिंग, बल का हौंसला बढ़ाने, बल का गठन करने, बल की पर्याप्त संख्या, इतने बड़े देश में हर जगह बल के जवानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आपदा के आंकलन के लिए अग्रिम सूचना के माध्यम से NDRF और NDMA का एक विजयी गठजोड़ बनाने का काम मोदी सरकार के इन 10 साल में हुआ है। उन्होंने कहा कि आज देश या दुनिया में कहीं भी कोई आपदा आती है तो सभी लोग NDRF की तरफ देखते हैं। शाह ने कहा कि एनडीआरएफ के जवानों को देखकर आपदा में फंसे लोगों का हौंसला कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार इस पर्वतारोहण अभियान में सफलता प्राप्त करने के लिए हमारे 35 जवानों ने पल-पल जागरूकता के साथ अपने आप को लक्ष्य के साथ जोड़ा है, उसी प्रकार हमारे बल को ज़ीरो कैजुअल्टी के लक्ष्य के साथ स्वयं को जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपलब्धि कभी संतुष्टि का कारण नहीं बनना चाहिए, बल्कि इसे और कठिन लक्ष्य तय करने का कारण बनना चाहिए। शाह ने कहा कि तुर्की हो या सीरिया, बिपॉरजॉय हो या मिचुआंग, रोपवे की घटना हो या पर्वतारोहियों को बचाना, सुरंग की घटना हो या जापान का ट्रिपल डिज़ास्टर या फिर नेपाल का भूकंप, जहां भी NDRF कर्मी गए हैं वहां एक अच्छी शुरूआत करके वापस लौटे हैं और ये पूरे देश के लिए बहुत ही गर्व की बात है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि भविष्य़ में जलवायु परिवर्तन के कारण सभी जगह हिमस्खलन, भूस्खलन, बाढ़ और तूफान जैसे खतरे बढ़ने वाले हैं औऱ इसे ध्यान में रखते हुए हमें विज्ञान का सहारा लेकर ज़ीरो कैज़ुअल्टी के लक्ष्य की ओर दृढ़ता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अभी भी जंगल में लगने वाली आग जैसे कई क्षेत्रों में अपनी कार्यकुशलता को बढ़ाने के साथ ही परिणाम भी लाने हैं। गृह मंत्री ने कहा कि जंगल की आग के समय सिर्फ मानव जीवन बचाना हमारा एकमात्र उद्देश्य नहीं है, बल्कि जंगलों का बचाव कैसे हो और हम ऐसा क्या कर सकते हैं कि आग लगे ही नहीं, इसके लिए दुनियाभर में होने वाले प्रयोगों को ज़मीन पर उतारना पड़ेगा। शाह ने यह भी कहा कि बादल फटने से आने वाली बाढ़ के लिए हमें अपने आप को और अधिक तैयार करने की ज़रूरत है।

अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने NDRF के विकास, ट्रेनिंग और बल को आधुनिक संसाधन मुहैया कराने के लिए लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है और इसके लिए कभी बजट की ओर नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि हमें भारत में एक ऐसा बल बनाना चाहिए जो पूरे देश में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सर्वप्रथम हो। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी स्वयं आपदा प्रबंधन के प्रति बहुत चिंतित और सजग रहते हैं और भारत द्वारा इस क्षेत्र में प्राप्त की गई सफलता इसी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 के बीच 10 साल में आपदा राहत के लिए SDRF और NDRF को मिलाकर कुल 66,000 करोड़ रूपए का बजट आवंटित हुआ, जो 2014 से 2024 के 10 साल में बढ़कर 2 लाख करोड़ रूपए हो गया। उन्होंने कहा कि यही बताता है कि आपदा को लेकर भारत सरकार की कितनी तैयारी है। शाह ने कहा कि डायल 112 हो, मौसम, दामिनी, मेघदूत इस तरह की मोबाइल एप्लीकेशन हो या अर्ली वार्निंग का सिस्टम हो, मोदी सरकार हर तरह से NDRF को वैज्ञानिक सहायता उपलब्ध करवा रही है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि बहुत समय से NDRF कर्मियों के लिए जोखिम और कठिनाई भत्ते की मांग की जा रही थी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कल ही भारत सरकार ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि अब NDRF के 16,000 कर्मियों को 40 प्रतिशत की दर से जोखिम और कठिनाई भत्ता मिलेगा। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने ये भी निर्णय किया है कि अब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में सभी आउटडोर और इंडोर खेलों में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) की एक टीम हिस्सा लेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए पूरा रोडमैप बन चुका है और इसके कर्यान्वयन के लिए जल्ह ही सरकार एक मॉडल बनाकर देश के सामने लाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार CAPFs में खेलों को संस्कार के रूप में स्थापित करना चाहती है।

 

 

कड़ी सुरक्षा के बीच आज से शुरू हो गई अमरनाथ यात्रा

जम्मू : शनिवार, जून 29, 2024/ 52 दिनों तक चलने वाली वार्षिक अमरनाथजी यात्रा आज सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच कश्‍मीर घाटी के पहलगाम और बालटाल मार्ग से शुरू हो गई। यह यात्रा 19 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के दिन संपन्न होगी। जम्‍मू कश्‍मीर प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं।

अनंतनाग में पारंपरिक नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल में बालटाल मार्ग से आज शुरू हुई अमरनाथ यात्रा 52 दिन तक चलेगी। यह 19 अगस्त को खत्म होगी। इस साल अमरनाथ यात्रा के लिए 3.50 लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। 26 जून से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है।

कल शुक्रवार को 4,603 तीर्थयात्री कश्मीर घाटी के बालटाल और पहलगाम बेस कैंप पहुंचे थे। 231 गाड़ियों में सवार होकर जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप से CRPF की थ्री लेयर सुरक्षा के बीच यह जत्था रवाना हुआ था।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीर्थयात्रियों को रवाना किया था। उपराज्यपाल ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षित यात्रा की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा अमरनाथ जी का आशीर्वाद सभी के जीवन में शांति, खुशी और समृद्धि लाए।
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर पहुंचने पर पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के काजीगुंड इलाके में नवयुग सुरंग पर 4,603 तीर्थयात्रियों का स्वागत किया।

गांदरबल के बालटाल और पहलगाम के नुनवान बेस कैंप में दर्शन के लिए पहुंचे तीर्थयात्रियों के लिए बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां रोजाना 9 हजार लोग रुक सकते हैं। दोनों यात्रा मार्गों पर 260 टॉयलेट, 120 वॉशरूम, हर 100 मीटर पर मोबाइल यूरिन पॉइंट हैं, ताकि आसानी रहे।

बालटाल से 2 किलोमीटर पर दोमेल कैंप है। 5 किलोमीटर आगे बरारी मार्ग है। यहां से 4 किलोमीटर पर संगम है। यहां पहुंचते ही 80% यात्रा पूरी हो जाती है। यहां से तीन किलोमीटर पर गुफा है। बालटाल से 4 किलोमीटर तक 20 फीट चौड़ी रोड है, बाद में 12 फीट रह जाती है। दोनों मार्गों पर DRDO के 100-100 बेड के अस्पताल हैं।

इस रूट से गुफा तक पहुंचने में 3 दिन लगते हैं, लेकिन ये रास्ता आसान है। यात्रा में 3 किलोमीटर की सिर्फ एक ही खड़ी चढ़ाई है। पहलगाम से पहला पड़ाव चंदनवाड़ी है। ये बेस कैंप से 16 किमी दूर है। यहां से चढ़ाई शुरू होती है। 3 किमी चढ़ाई के बाद यात्रा पिस्सू टॉप पर पहुंचती है। पिस्सू टॉप की ही खड़ी चढ़ाई है।
इसके बाद यहां से पैदल चलते हुए शाम तक यात्रा शेषनाग पहुंचती है। ये सफर करीब 9 किमी का है। अगले दिन शेषनाग से यात्री पंचतरणी जाते हैं। ये शेषनाग से करीब 14 किमी है। पंचतरणी से गुफा सिर्फ 6 किमी रह जाती है।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...