Salman Khan House Firing: ‘ये सिर्फ ट्रेलर था’, लॉरेंस बिश्नोई के भाई ने ली सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी

Lawrence Bishnoi's brother

National News: जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली है. लॉरेंस का भाई अनमोल अमेरिका में मौजूद है. उसने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सलमान के घर के बाहर हुई फायरिंग का जिम्मा लिया है. साथ ही कहा है कि सलमान हमने ये हमला तुम्हें सिर्फ ट्रेलर दिखाने के लिए किया था. ये हमारी पहली और आखिरी वार्निंग है.

दरअसल, सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर रविवार सुबह मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने फायरिंग की. इसके बाद पुलिस ने उनके आवास के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है. पुलिस ने बताया कि मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट्स’ के बाहर सुबह करीब पांच बजे दो व्यक्तियों ने चार गोलियां चलाईं और भाग गए. सलमान का घर इसी अपार्टमेंट में है. पुलिस फिलहाल घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

‘हमने सिर्फ ट्रेलर दिखाया, अब गोली घर पर नहीं चलेगी’

अनमोल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है, “ॐ जय श्री राम, जय गुरुजी जम्भेश्वर, जय गुरु दयानंद सरस्वती, जय भारत. हम अमन चाहते हैं. जुल्म के खिलाफ फैसला अगर जंग से हो तो जंग ही सही. सलमान खान हमने ये तुम्हें सिर्फ ट्रेलर दिखाने के लिए किया है, ताकि तुम समझ जाओ हमारी ताकत को और मत परखो. यह पहली और आखरी वार्निंग है. इसके बाद गोलियां खाली घर पर नहीं चलेगी.”

पोस्ट में आगे कहा गया, “तुमने दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील को भगवान मान रखा है, बाकी ज्यादा बोलने की हमें आदत नहीं है. लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप, गोल्डी बराड़ ग्रुप, काला जठेड़ी ग्रुप.”

सलमान को पिछले साल मिली थी धमकी

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल मार्च में सलमान के ऑफिस में एक ईमेल आया था, जिसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी. पुलिस ने इस मामले में गस्टर लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और एक अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी. ईमेल में कहा गया था कि सलमान ने लॉरेंस बिश्नोई द्वारा एक समाचार चैनल को दिया गया इंटरव्यू देखा होगा और अगर नहीं देखा है तो उन्हें वह देखना चाहिए. अगर खान इस मामले (काला हिरण केस) को बंद करना चाहते हैं, तो उन्हें गोल्डी भाई से आमने-सामने बात करनी चाहिए.

Bhopal News: शाहपुरा की होटल में युवती की हत्या, निर्वस्त्र अवस्था में मिला शव

Girl murdered in Shahpura

Bhopal Crime News: शाहपुरा थाना इलाके के पाश इलाके में स्थित के-स्क्वायर नामक होटल के कमरे में एक युवती की हत्या कर दी गई। पुलिस ने निर्वस्त्र अवस्था में उसका शव बरामद किया। बताया जाता है कि वह दोपहर के समय एक युवक के साथ होटल पहुंची थी। उसके बाद युवक चला गया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर छानबीन शुरू कर दी है। पंचनामा तैयार करने के बाद युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भिजवाया गया है। होटल के कमरे को पुलिस ने फिलहाल सील कर दिया।

संदिग्ध युवक हिरासत में

शाहपुरा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतका की उम्र 26-27 साल रही होगी। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे लगता है कि उसके साथ मारपीट की गई थी। युवती के नाम की पहचान हो गई है। उसके घर का पता तलाश किया जा रहा है। इधर, पुलिस ने उस संदेही युवक को हिरासत में ले लिया है, जो युवती को साथ लेकर आया था, आरोपित का नाम पीके पांडे बताया जा रहा है, जो कोलार थाना क्षेत्र का शातिर बदमाश है। उस पर छेड़खानी, दुष्कर्म समेत एक दर्जन से ज्यादा महिला अपराध दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

अवैध गतिविधियों का शक

जिस होटल में युवती की लाश बरामद हुई है, पुलिस जांच में उसमें अवैध गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह होटल कांग्रेस के पूर्व मंत्री के घर के पास है। आरोपित युवक के अक्सर इस होटल में अलग-अलग लड़कियों के साथ आने की जानकारी मिली है। पुलिस सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।

Lok Sabha Chunav 2024 : पिपरिया की जनसभा में गरजे पीएम, बोले- मोदी की गारंटी वहां से शुरू होती है, जहां दूसरों की उम्मीद खत्म हो जाती है

PM roared in the public

पिपरिया, होशंगाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पिपरिया की जनसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर करारा प्रहार किया। मोदी ने होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी के पक्ष में विशाल जनसभा को संबोधित किया । उन्होंने मंच पर नर्मदा मैया की जय के साथ अपना संबोधन शुरू किया। जनसभा में छिंदवाड़ा सीट से प्रत्‍याशी विवेक बंटी साहू भी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सभा में कहा कि आप INDI गठबंधन की स्थिति देखिए। वो तय नहीं कर पा रहे हैं कि घोषणापत्र एक जिम्मेवारी होती है, देश की जनता के लिए प्रतिबद्धता होती है। उनकी सरकार क्या करना चाहती है, कैसे करना चाहती है, ये भी उनकी बातों में कहीं नजर नहीं आता है। उनके घोषणापत्र में एक से बढ़कर एक खतरनाक वादे हैं। उनके एक साथी का घोषणापत्र कहता है कि देश से परमाणु हथियार खत्म कर देंगे। कोई देश ऐसा सोचेगा क्या?… क्या ये देश की भलाई सोच सकते हैं? जैसी घातक इनकी सोच है, वैसा ही घातक उनका घोषणापत्र है। भाजपा का संकल्प पत्र मोदी की गारंटी के रूप में आपके सामने है। गांव हो या शहर, सरकार हर गरीब का पक्के घर का सपना पूरा करेगी। ये मोदी की गारंटी है।”

मोदी ने कहा कि अब तो कांग्रेस का शाही परिवार धमकी दे रहा है कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बना तो देश में आग लग जाएगी। ये 2014 में भी बोलते थे, कभी आग लगी क्या? ये 2019 में भी बोलते थे, कभी आग लगी क्या? ये राम मंदिर के लिए भी बोलते थे, कभी आग लगी क्या?

मोदी ने कहा कि आग देश में नहीं लगी। आग, जलन उनके दिलों में लगी है। ये जलन उनके दिल और दिमाग में ऐसे भरी पड़ी है कि वो उनको अंदर से जलाती जा रही है। ये जलन भी मोदी के कारण नहीं है। ये जलन 140 करोड़ देशवासियों के मोदी के प्रति प्रेम के कारण है। वो ये प्रेम भी सहन नहीं कर पा रहे हैं।

अभी ज्यादा दिन नहीं हुए हैं, जब मध्य प्रदेश ने पूरे देश को चौंका दिया था और होशंगाबाद ने तो कमाल कर दिया था।

यहां से जो लहर उठी थी, वो लहर पूरे देश में फैल चुकी है।

आज देश के कोने-कोने से एक ही आवाज आ रही है – फिर एक बार मोदी सरकार।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र युवाशक्ति, नारीशक्ति, किसान और गरीब को समर्पित है। इन्हीं संकल्पों को लेकर मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले में अपनों के बीच आकर गर्व महसूस कर रहा हूं।

मोदी ने कहा आजादी के अनेक दशक तक कांग्रेस के एक ही परिवार ने सीधे या रिमोट कंट्रोल से सरकार चलाई है। इसी परिवार ने देश में आपातकाल या इमरजेंसी लगाई थी। कांग्रेस ने देश भर में लोकतांत्रिक सरकारों को जब मर्जी पत्तों के महल की तरह गिरा दिया। कांग्रेस ने अपने हिसाब से इतिहास को तोड़ा-मरोड़ा और जो मन किया वो लिखवाया और खुद का ही महिमामंडन करवाया। कांग्रेस की मानें तो लोकतंत्र तब ठीक चल रहा था, फलफूल रहा था। लेकिन जैसे ही गरीब घर का बेटा प्रधानमंत्री बना वैसे ही कांग्रेस अफवाह फैलाने लगी कि मोदी आया है, संविधान और लोकतंत्र पर खतरा हो जाएगा। कांग्रेस वालों को पता नहीं है। ये बाबासाहेब का जो संविधान है, उसके कारण तो मोदी यहां पहुंचा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि अनेक बार इस आदिवासी अंचल से मुझे जुड़ने का सौभाग्य मिला है। मैं जानता हूं यहां कितनी दूर-दूर तक बस्तियां हैं, गांव हैं, इसके बावजूद हम सभी को आशीर्वाद देने आए हैं। मैं आप सभी का बहुत-बहुत आभारी हूं और मुझे कल बताया गया कि इतनी तेज बारिश यहां हुई थी कि लग रहा था आज कार्यक्रम कर पाएंगे कि नहीं कर पाएंगे, लेकिन आपका प्यार, आपका उत्साह देखने को मिला। रात-रात मेहनत करके इतना शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया। मैं आपका अभिनंदन करता हूं। मैं मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करता हूं क्योंकि मुझे आगे जल्दी पहुंचना है क्योंकि कर्नाटक केरल सहित अन्य स्थानों पर कार्यक्रम हैं। तो उन्होंने अपना भाषण भी छोड़ दिया और मुझे बोलने के लिए निमंत्रित कर दिया मैं मुख्यमंत्री जी के लिए उनका आभार व्यक्त करता हूं

संविधान निर्माता बाबासाहेब अंबेडकर का उल्‍लेख

पीएम ने कहा कि आज देश के इतिहास का बहुत बड़ा दिन है। आज संविधान निर्माता बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती है। उनकी जन्मस्थली महू यहां से ज्यादा दूर नहीं है। महू में उनका घर हो या देश-विदेश में वे जहां भी रहे, उन स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का सौभाग्य भाजपा सरकार को मिला है। जो सम्मान कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कभी नहीं दिया वो सम्मान करने का सौभाग्य हमें मिला है। कांग्रेस जैसी पार्टियों ने हमेशा बाबासाहेब को अपमानित करने का काम किया है। बाबासाहेब ने जो संविधान बनाया है, उसके कारण ही आज गरीब मां का बेटा, मोदी तीसरी बार आपसे सेवा करने का मौका मांग रहा है।

मप्र ने देश को चौंकाया

पीएम मोदी ने कहा कि भाई और बहनो, अभी ज्यादा दिन नहीं हुए, जब मध्य प्रदेश में पूरे देश को चौंका दिया था और होशंगाबाद में तो कमाल कर दिया था यहां से जो लहर उठी थी वह पूरे देश में फैल चुकी है। आज कोने-कोने से एक ही आवाज आ रही है फिर एक बार मोदी सरकार, फिर एक बार फिर मोदी सरकार।

कांग्रेस पर बोला हमला

कमाल देखिए आजादी के अनेक दशक तक कांग्रेस के एक ही परिवार ने सीधे या रिमोट कंट्रोल से सरकार चलाई है। इसी परिवार ने देश में आपातकाल इमरजेंसी लगाई। कांग्रेस से देश भर में लोकतांत्रिक सरकारों को जब मर्जी आई, तब उसे पत्ते के महल की तरह गिरा देते थे। कांग्रेस ने अपने हिसाब से इतिहास को तोड़ा मरोड़ा और मर्जी को जब लिखवाया और खुद का ही महिमा मंडन करवाया।

आपके वोट की ताकत से भारत बनेगा शक्तिशाली

मोदी ने जनता से पूछा कि आप बताइए शक्तिशाली भारत कौन बना सकता है…। इस पर जनता की ओर से मोदी-मोदी के नारे सुन पीएम ने मुस्कराते हुए कहा कि आप गलत जवाब दे रहे हैं। यह काम मोदी नहीं, आपका एक वोट कर सकता है। आपके वोट की ताकत ही देश को ताकतवर बनाएगी। देश को शक्तिशाली बनाएगी।

विपक्ष के घोषणा पत्र में खतरनाक वादे

पीएम मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन को देखिए वह तय नहीं कर पा रहे हैं कि घोषणा पत्र देश की जिम्मेदारी होती है। वह आपस में उलट-पुलट ही कर रहे हैं और ऐसे ऐसे बातें कर रहे हैं। यह देश किस दिशा में जाएगा, तय नहीं कर सकते। उनकी सरकार क्या करना चाहती है कैसे करना चाहती है, यह भी उनकी बातों में कहीं भी नजर नहीं आता। उनके घोषणा पत्र में एक से बढ़कर एक खतरनाक वादे हैं।

हर गरीब का बनेगा पक्का मकान

गांव हो या शहर सरकार हर गरीब के पक्के मकान का सपना पूरा करेगी। यह मोदी की गारंटी है यह मोदी की गारंटी है। उन्होंने लोगों से पूछा- मेरा एक काम करोगे। लोगों से जाकर बताना कि जिनका मकान नहीं बन पाया है वह भी मोदी की गारंटी में पूरा होगा। संकल्प पत्र में दिव्यांग साथियों को लाभ मिलेगा।

तीसरे कार्यकाल को लेकर गिनाई प्राथमिकताएं

पीएम मोदी ने कहा कि 2025 में भगवान बिरसा मुंडा की 125वी में जन्म जयंती है। इसे जनजाति गौरव वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। आदिवासी कला संस्कृति से जुड़ी विरासत को सुरक्षित करने के लिए संग्रहालय बनाया जाएगा। एसटी, एससी ओबीसी से जुड़ी योजनाएं तेजी से जमीन पर उतरे उसके लिए हर जिले में बनने वाली कमेटियों में एसटी एससी या ओबीसी के प्रतिनिधि रखे जाएंगे। एकलव्य मॉडल स्कूलों की संख्या 750 तक पहुंचाने के लिए तेजी से काम किया जाएगा। जनजातियों में भी पिछड़ी जनजातियों के लिए 24000 करोड रुपए की पीएम जनमन योजना पर पहले से काम चल रहा है। मोदी के तीसरे कार्यकाल में इसे भी तेजी से पूरा किया जाएगा।

पीएम मोदी ने कहा कि मोदी की गारंटी वहां से शुरू होती है, जहां से दूसरों से उम्मीद खत्म हो जाती है। इसलिए हताश कांग्रेस ऐसी घटनाएं कर रही है जो खुद कांग्रेस के नेताओं को समझ नहीं आ रहा है। कांग्रेस के शहजादे ने अभी घोषणा की, एक झटके में गरीबी खत्म कर देंगे। ऐसा होता है क्या यह तो मजाक है। ऐसे में यह हंसी के पात्र बन जाते हैं, देश उन्हें गंभीरता से नहीं लेता।

पीएम मोदी ने कहा कि अब आपको विश्वास हो गया है मोदी का अपना कोई सपना नहीं है। मोदी के लिए तो आपका सपना ही मोदी का संकल्प है। मैं आपके लिए ही पैदा हुआ हूं। आप सभी पूरा देश मेरा भारत ही मेरा परिवार है। चारों तरफ चौड़ी सड़क बनाई जा रही हैं। मेडिकल कॉलेज की संख्या 10 साल में दोगुनी हो चुकी है।

पीएम मोदी दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सेना के विशेष विमान से भोपाल पहुंचे थे, जहां से हेलिकाप्टर के जरिए पिपरिया पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंत्री विश्वास सारंग और कृष्णा गौर ने भोपाल स्टेट हैंगर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगवानी की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुनाव प्रचार के लिए सप्ताह में तीसरी बार रविवार को मध्य प्रदेश आए हैं।

पिपरिया में भाजपा की विजय संकल्प रैली के मंच पर मुख्य्मंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री उदय प्रताप सिंह, मंत्री प्रहलाद पटेल, राज्यसभा सदस्य माया नरोलिया, प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी, छिंदवाड़ा से प्रत्याशी विवेक बंटी साहू सहित स्थानीय नेता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के मंच से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने जनता से पूछा कि मोदी जी के आने के बाद कोई घोटाला हुआ? नहीं हुआ। पहले मुंबई, काशी में विस्फोट होते थे मोदी के आने के बाद हुए क्या?

छिंदवाड़ा से भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू बोले कि मैं ऐसे क्षेत्र से आया हूं जहां आजादी नहीं मिली है। 45 वर्षों से एक परिवार का कब्ज़ा है।

पूर्व विधायक ओपी रघुवंशी भाजपा में शामिल

छिंदवाड़ा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आये हैं। पिपरिया के सभा स्थल से छिंदवाड़ा जिले की सीमा 25 किमी है। मोदी यहाँ से दो सीट साधेगे। पूर्व मंत्री, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कांग्रेस के कद्दावर नेता हजारीलाल रघुवंशी के बेटे सिवनी मालवा के पूर्व विधायक ओपी रघुवंशी भी यहां पहुंचे और भाजपा में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान वर्षा होने की संभावना के चलते वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था की गई । पिछले दो दिन से अंचल में हो रही वर्षा ने तैयारियाें को प्रभावित किया । सभास्थल पर कीचड़ हो गई जिसे मिट्टी, गिट्टी से ढंक कर समतल करने का काम शनिवार दोपहर तक चलता रहा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पीएम की आमसभा के दौरान पुलिस के लगभग 15 सौ जवान व अधिकारियों की सुरक्षा में ड्यूटी लगाई । इसके अलावा डाग स्क्वाड एवं अन्य सुरक्षा एजेंसी के 600 जवान अलग से सुरक्षा में रहे। प्रधानमंत्री मोदी का सुरक्षा घेरा 5 लेयर का रहा।

Lok Sabha Chunav MP: अपनी ही सीट में उलझ गए कांग्रेस के महारथी, दिग्विजय-भूरिया-कमल नाथ ने भी खुद को किया सीमित

Congress' maestros got

 

 

MP News: भोपाल: मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने उन नेताओं को भी चुनाव मैदान में उतार दिया है, जिनके ऊपर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में संगठन को सक्रिय करने की जिम्मेदारी थी और अब संगठन के ये महारथी अपनी ही सीट पर चुनाव में उलझकर रह गए हैं। पार्टी के पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाहा सतना तो आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम को बैतूल लोकसभा सीट से चुनाव में उतारा गया है। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राजगढ़, कमल नाथ छिंदवाड़ा और कांतिलाल भूरिया रतलाम में उलझकर रह गए हैं।

विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस ने रणनीति के तहत कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए अपने वरिष्ठ नेताओं को चुनाव मैदान में उतारा। दरअसल, 2018 से पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के हाथों में पार्टी की पूरी बागडोर थी। वह ही सत्ता और संगठन के केंद्र बिंदु थे। उन्होंने अपने हिसाब से जमावट भी की थी लेकिन जब चार माह पहले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पराजय मिली तो पार्टी ने उन्हें हटाकर जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी भंग कर दी गई और अब तक नई टीम भी नहीं बन पाई है।

प्रदेश में आदिवासी और पिछड़ा वर्ग को पार्टी के पक्ष में जोड़ने की जिम्मेदारी जिन संगठनों की थी, उनके मुखिया ही चुनाव लड़ रहे हैं। न तो सिद्धार्थ कुशवाहा सतना छोड़ पा रहे हैं और न ही रामू टेकाम बैतूल से बाहर निकल पा रहे हैं। इससे संगठन की गतिविधियां भी एक प्रकार से ठप हो गई हैं और टीम भी एक दिशा में काम नहीं कर पा रही है। यही स्थिति युवा कांग्रेस के साथ भी हो रही थी। इसके प्रदेश अध्यक्ष डा. विक्रांत भूरिया के पिता कांतिलाल भूरिया रतलाम लोकसभा से चुनाव लड़ रहे हैं। वह स्वयं झाबुआ से विधायक भी हैं, जो रतलाम लोकसभा क्षेत्र में ही आता है, इसलिए वे पूरा समय वहीं दे रहे थे। इससे संगठन की गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं, जिसे देखते हुए उन्होंने पद छोड़ने की पेशकश की, जिसे स्वीकार करते हुए अब मितेंद्र सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता शैलेंद्र पटेल का कहना है कि निश्चित रूप से जो संगठन के लोग थे, उन्हें चुनावी राजनीति में मौका देने की आवश्यकता थी। पार्टी ने ऐसे लोगों को चुनाव लड़ाया है। जैसे-जैसे उनके चुनाव होते जाएंगे, वे पूरे प्रदेश में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। संगठन के अन्य पदाधिकारी पूरी सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं और इसके परिणाम भी सामने आएंगे।

राजगढ़ में दिग्विजय, छिंदवाड़ा में कमल नाथ, रतलाम में उलझे भूरिया

कांग्रेस ने अपने दिग्गज नेता पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को राजगढ़ से चुनाव मैदान में उतारा है। वह 33 वर्ष बाद फिर राजगढ़ से चुनाव लड़ रहे हैं। पूरे क्षेत्र में अभी उन्होंने पदयात्रा की और अब चुनाव प्रचार में जुटे हैं और बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। इसी तरह कमल नाथ छिंदवाड़ा में उलझे हैं। पार्टी ने उनके पुत्र नकुल नाथ को दूसरी बार प्रत्याशी बनाया है। कमल नाथ ही चुनाव प्रचार की कमान संभाले हैं और क्षेत्र से अब तक बाहर नहीं निकले हैं। यही स्थिति कांतिलाल भूरिया की रतलाम में है। वह भी क्षेत्र में ही उलझे हुए हैं।

National News: 1200 करोड़ का चुनावी चंदा देने वाली मेघा इंजीनियरिंग पर सीबीआई ने दर्ज किया केस, लगे ये आरोप

case against Megha Engineering

 

CBI registered case against Megha Engineering: चुनावी बॉन्‍ड योजना में सबसे ज्‍यादा डोनेशन देने वालों की ल‍िस्‍ट में दूसरे स्‍थान पर रही मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के अफसरों पर भ्रष्‍टाचार के आरोप लगे हैं. केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई की ओर से इन अध‍िकार‍ियों के ख‍िलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज क‍िया गया है. इस कंपनी की तरफ से राजनीत‍िक दलों को चुनावी बॉन्‍ड के जर‍िए 1200 करोड़ रुपए का चंदा द‍िया गया था.

सीबीआई ने एनआईएसपी के लिए ₹315 करोड़ के प्रोजेक्‍ट के क्र‍ियान्वयन में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मामले को लेकर कार्रवाई की है. सीबीआई ने इस्पात मंत्रालय के एनएमडीसी आयरन एंड स्टील प्लांट के 8 अधिकारियों समेत मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के खिलाफ यह मामला दर्ज किया है.

इस बीच देखा जाए तो हाल ही में चुनावी बॉन्‍ड से जुड़े डेटा के सामने आने के बाद से मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड सुर्ख‍ियों में आई थी. यह कंपनी राजनीत‍िक दलों को चंदा देने वाली टॉप 10 ल‍िस्‍ट में दूसरे नंबर की सबसे बड़ी खरीदार बनकर सामने आई थी. पामिरेड्डी पिची रेड्डी और पीवी कृष्णा रेड्डी की कंपनी एमईआईएल ने ₹966 करोड़ रुपए के चुनावी बॉन्‍ड खरीदे थे.

सुप्रीम कोर्ट ने फरवरी में रद्द कर थी चुनावी बॉन्‍ड स्‍कीम

गौरतलब है क‍ि सुप्रीम कोर्ट की ओर से गत फरवरी माह में एक ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए राजनीतिक पार्टियों को दिए जाने वाले चंदे के लिए लाई गई इलेक्टोरल बॉन्‍ड स्‍कीम को रद्द कर दिया था. सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद इस स्‍कीम से जुड़ा पूरा डेटा एसबीआई की ओर से भारत के न‍िर्वाचन आयोग को सौंपा गया. इसके बाद ईसीआई ने इसको सार्वजन‍िक तौर पर चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर द‍िया था. इसके बाद चुनावी बॉन्‍ड खरीदारों की पूरी ल‍िस्‍ट सामने आई थी. इस पर व‍िपक्ष ने चुनावी बॉन्‍ड कई बड़े खरीदारों के नाम सामने आने पर बीजेपी पर हमला बोला था.

सीबीआई को म‍िली थी भ्रष्टाचार की श‍िकायत

एचटी की र‍िपोर्ट के मुताब‍िक, सीबीआई को भ्रष्‍टाचार से जुड़ी एक शिकायत म‍िली थी ज‍िस पर कार्रवाई की गई. श‍िकायत में आरोप लगाए गए थे क‍ि एनआईएसपी/एनएमडीसी के 8 अधिकारियों और मेकॉन लिमिटेड के 2 अफसरों ने एनएमडीसी की ओर से मेघा इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रियल लिमिटेड को क‍िए गए भुगतान के बदले रिश्वत ली थी.

MP News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को मध्य प्रदेश के पिपरिया और 19 अप्रैल को दमोह में करेंगे सभा

Modi will hold meetings in

 

 

Lok Sabha Chunav 2024: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुनाव प्रचार के लिए सप्ताह में तीसरी बार रविवार को प्रदेश में आएंगे। वे होशंगाबाद लोकसभा क्षेत्र में आने नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से भाजपा के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी प्रत्याशी हैं, जो पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।

यहां 26 अप्रैल को मतदान होना है। वहीं, दूसरे चरण के ही चुनाव में शामिल दमोह लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल को दमोह के इमलाई में सभा करेंगे। यह सभा पहले रहली विधानसभा के गढ़ाकोटा में प्रस्तावित थी, लेकिन शुक्रवार को स्थल परिवर्तन कर दमोह किया गया। यहां से राहुल लोधी को प्रत्याशी बनाया गया है। वह भी पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसके पहले सात अप्रैल को जबलपुर में रोड-शो किया था। इसके बाद बालाघाट में उनकी सभा हुई थी। पिपरिया में उनकी सभा से होशंबाद सीट के अतिरिक्त इससे लगी जबलपुर लोकसभा सीट को भी साधने की कोशिश है। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रतलाम आ सकते हैं।

प्रचार थमने के एक दिन पहले छिंदवाड़ा में रोड-शो करेंगे अमित शाह

प्रचार थमने के एक दिन पहले 16 अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छिंदवाड़ा में रोड-शो करेंगे। इसके पहले यहां 12 अप्रैल को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सभा हो चुकी है।

मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव पांच बार चुनाव प्रचार के लिए छिंदवाड़ा पहुंच चुके हैं। पिछली बार एकमात्र इस सीट पर कांग्रेस के नकुल नाथ जीते थे जो फिर मैदान में हैँ। कांग्रेस अपने इस गढ़ को बचाने के लिए पूरी ताकत से जुटी है।

National News: बस्तर में बोले राहुल गांधी, 70 करोड़ लोगों के पास जितना धन, उतना हिंदुस्तान में 22 लोगों के पास संपत्ति

Gandhi said in Bastar

 

Rahul Gandhi in Bastar: छत्‍तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में सिर्फ बस्‍तर लोकसभा सीट पर चुनाव हो रहा है। यहां कांग्रेस ने पूर्व मंत्री कवासी लखमा को प्रत्‍याशी बनाता है। लखमा के समर्थन में ही शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दंतेवाड़ा जिले के गीदम में सभा का आयोजन हुआ।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी की सरकार पर जमकर आरोप लगाए। साथ ही कांग्रेस की सरकार बनने पर जनता के लिए कांग्रेस के वादों को याद दिलाया। उन्‍होंने अपने भाषण में कहा, लाखों लोग कोरोना के कारण मरे। हर प्रदेश से गरीब लोग घर वापस लौटे। दिल्ली (केंद्र) की सरकार ने कोई मदद नहीं की, किसी की भी मदद नहीं की। पूरा का पूरा फायदा 2-3 अरबपतियों को दे देते हैं। हिंदुस्तान में 22 लोग हैं जिनके पास उतना ही धन है जितना 70 करोड़ हिंदुस्तानी लोगों के पास है। पीएम मोदी 24 घंटा इन 22-25 लोगों की मदद करते रहते हैं।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, हिंदुस्तान के सब बेरोज़गार युवाओं को सरकार ये अधिकार देगी कि एक साल के लिए निजी कंपनी में, PSUs में, सरकारी कार्यालयों में हिंदुस्तान के बेरोज़गार युवाओं को एक साल की नौकरी मिलेगी जिसमें उनका प्रशिक्षण होगा और 1 साल में उनके बैंक अकाउंट में 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। अगर उन्होंने अच्छा काम किया तो उन्हीं संस्थाओं में उन्हें पक्की नौकरी मिलेगी। चुनावी सभा में राहुल गांधी ने बस्‍तर के विकास के लिए लोगों से कांग्रेस प्रत्‍याशी कवासी लखमा को वोट देने की अपील की।

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, बस्तर में कांग्रेस हमेशा से मज़बूत रही है। भाजपा नेता 10 साल में उन्होंने क्या किया उसपर चर्चा नहीं कर रहे। उनका चुनाव प्रचार भी मुद्दों से हटकर जज़्बाती मुद्दों पर, धर्म, मंदिर-मस्जिद पर केंद्रित है। हम छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

सभा के एक दिन पहले शुक्रवार शाम को पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, लोकसभा चुनाव संचालन समिति के संयोजक व बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल के साथ बस्तर पहुंचे और सभा स्थल में तैयारियों का अवलोकन किया।

बस्तर को 2008 में मिला नगर पंचायत का दर्जा

बस्तर जिले का मुख्यालय जगदलपुर है तो बस्तर से 18 किलोमीटर दूर है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बस्तर आजादी से पहले रियासतकालीन राजधानी रही थी। लगभग 15 हजार की आबादी वाले बस्तर को 2008 में नगर पंचायत का दर्जा मिला था।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों आठ अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुनावी जनसभा भी इसी बस्तर विकासखंड के ग्राम छोटे आमाबाल में हुई थी। बस्तर से लगभग 20 किलोमीटर दूर है। कांग्रेस ने भी राहुल गांधी की चुनावी जनसभा के लिए इसी विकासखंड को चुना है। निरीक्षण के दौरान धनेन्द्र साहू, मोहन मरकाम, राजमन बेंजाम, मलकीत सिंह, मिथलेश आदि भी उपस्थित थे।

प्रियंका भी इसी दिन आई थीं

राहुल गांधी की बहन कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी भी एक साल पहले 13 अप्रैल को बस्तर दौरे पर आई थीं। वह जगदलपुर में आयोजित कांग्रेस के भरोसे के सम्मेलन में शामिल हुई थीं। प्रियंका गांधी के दौरे के ठीक साल भर बाद इसी तारीख को बस्तर दौरे पर आ रहे हैं।

Weather Forecast: दिल्ली-हरियाणा-राजस्थान-मध्य प्रदेश में मौसम लेगा करवट, कुछ ही घंटों में होगी झमाझम बारिश, IMD का अलर्ट

Weather will take a

Weather Update: मौसम विभाग ने देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की है. आईएमडी की ओर से शनिवार (13 अप्रैल) संभावना जताई गई है कि अगले तीन घंटों के अंदर उत्तरी राजस्थान, दक्षिणी हरियाणा, पश्चिमी दिल्ली, उत्तरी मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ-साथ बिजली गिर सकती है.

इन जगहों पर आंधी और तूफान की संभावना

मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि इन जगहों पर आंधी और तूफान के साथ-साथ हवा की स्पीड 40-50 किमी प्रति घंटे हो सकती है. इसके अलावा इन जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. आईएमडी के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बालिटस्टान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में 13-15 अप्रैल के दौरान तेज गरज, बिजली और तेज हवाओं (स्पीड 30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ-साथ हल्की से मध्य स्तर की बारिश होने की संभावना है.

उत्तर भारत में तेज गरज के साथ बारिश

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में 13 से 15 अप्रैल तक तेज गरज के साथ बारिश, बिजली और तेज हवाओं के चलने की संभावना है. आईएमडी के अनुासर हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम मध्य प्रदेश में 13 और 14 अप्रैल को और उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 अप्रैल को छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है.

16 अप्रैल के बाद से अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, असम, मेघालय में फिर से बारिश होने की संभावना है. उत्तर पश्चिम भारत में 13, 14 और 15 अप्रैल तक बारिश की स्थित बने रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार कर्नाटक के अधिकांश जिलों में 17 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना है.

इन जगहों पर हीववेव

पूर्वी हवाओं के कारण दक्षिणी तमिलनाडु, केरल के अलग-अलग स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है. पिछले 24 घंटों में देश के किसी भी हिस्सों में हीटवेव दर्ज नहीं की गई है और अगले दो दिनों तक इसकी कोई संभावना भी नहीं है. ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में 15 अप्रैल के बाद से हीटवेव होने की संभावना है.

International News: ‘नहीं मारी जाती गोली तो करता रहता हत्याएं’, बोले सिडनी मॉल हमले के चश्मदीद

Sydney Mall attack

Sydney Mall Attack News: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी के एक शॉपिंग मॉल में शनिवार (13 अप्रैल) को एक दिल दहलाने वाली घटना हुई है, जहां एक शख्स ने चाकू मार कर छह लोगों को मौत के घाट उतार दिया. कम से कम नौ लोग घायल हैं. घायलों में एक बच्चा भी है.

मॉल के CCTV फ़ुटेज से पता चला है कि हमलावर ने ऑस्ट्रेलियाई रग्बी की जर्सी पहन रखी थी. उसका मकसद क्या था, इस बारे में फिलहाल कुछ पता नहीं चल पाया है. स्थानीय पुलिस का कहना है कि उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है और किस इरादे से उसने हमला किया था, यह भी पता लगाया जा रहा है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई खौफनाक कहानी

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमलावर के पास एक लंबा और तेज धार वाला चाकू था, जिससे वह लगातार हर उस शख्स पर हमला कर रहा था जो उसके सामने आ रहा था. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि वह दौड़ दौड़ कर हमला कर रहा था और जिस किसी के भी पास से गुजर रहा था उसे मौत के घाट उतारने के इरादे से तेज प्रहार कर रहा था.

घटना के चश्मदीदों ने हंगामे के बीच गोलियों की आवाज सुनने का भी जिक्र किया. इसका जो वीडियो सामने आया है उसमें देखा जा सकता है कि मॉल के चारों ओर एंबुलेंस, पुलिस सायरन और हेलीकॉप्टर की आवाज गूंज रही है.

क्या कहना है पुलिस का?

सहायक पुलिस आयुक्त एंथनी कुक ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि मॉल में तब भगदड़ मच गई जब एक अकेले हमलावर ने मॉल में मौजूद लोगों पर अंधाधुंध चाकू से वार करना शुरू कर दिया. उसने कई लोगों को निशाना बनाया और फिर एक पुलिस निरीक्षक से भिड़ने पर उसे गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई.

एंथनी कुक ने बताया कि छङ पीड़ितों की मौत हो गई है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों ने तेजी से क्षेत्र से सैकड़ों लोगों को निकाला. उन्होंने बताया कि अगर पुलिसकर्मी उसे गोली नहीं मारती तो वह कई और लोगों पर लगातार हमला करता रहता.

Bhopal News: शाहपुरा डकैती मामले में छिंदवाड़ा से दो बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने घटनास्थल ले जाकर किया मुआयना

criminals arrested

Chhindwara- Bhopal News: शाहपुरा के बी सेक्टर में किसान के घर में से 50 लाख रुपये और सोने के आभूषणों की लूटपाट करने वाले पांच डकैतों के बाद पुलिस ने दो और डकैतों को छिंदवाड़ा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ शुरू कर दी है। उनके तीन और साथी फरार हैं। उन्हें गिरफ्तार के बाद पुलिस इस मामले में नया खुलासा कर सकती है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों को लेकर पीडित परिवार के घर पहुंचकर उनको घटनास्थल पर घुमाया, साक्ष्य जुटाए और घटना के दिन की पूरी जानकारी एकित्रत की। इस मामले में पुलिस पुलिस लूटे गए आभूषण अब भी बरामद नहीं कर पाई है।

यह है मामला

हम बता दें कि बी सेक्टर शाहपुरा में रहने वाले ज्ञानेंद्र सिंह के घर पर सोमवार रात में कुछ हथियारबंद डकैतों ने घुसकर 50 लाख के करीब रुपये और सोने व हीरे के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे। इस साजिश में पीडित परिवार को कार चालक लक्ष्मण सिंह कीर और नाबालिग नौकर भी शामिल था। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों की गिरफ्तारी की थी और उसके बाद में पूछताछ में पांच और डकैतों की जानकारी मिली। इस पर चार टीमों ने गुरुवार देर रात छिंदवाड़ा से दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके तीन साथी की अभी भी तलाश जारी है।

घटनास्थल पर लेकर पहुंची पुलिस

पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार डकैतों को लेकर शाहपुरा के बी सेक्टर के मकान पर पहुंची और आरोपितों को घटना स्थल दिखाया और घटना के दिन का पूरा विवरण पूछा। आरोपितों ने किस तरह से मकान में अंदर गए और किस तरह से वारदात की। इस पूरे प्रकरण की वीडियोग्राफी भी की गई।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...