Sport News: राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ शतक बनाकर रोहित शर्मा ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, बना डाले ये बड़े कीर्तिमान

Sharma created a series of records

 

Rohit Sharma: राजकोट टेस्ट के पहले दिन भारत ने 5 विकेट पर 326 रन बनाए. भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा और रवीन्द्र जडेजा ने शतक जड़ा. टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने 196 गेंदों पर 131 रन बनाए. उन्होंने अपनी इनिंग में 14 चौके और 3 छक्के जड़े. वहीं, रोहित शर्मा ने कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए. दरअसल, रोहित शर्मा टेस्ट फॉर्मेट में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय कप्तान बन गए हैं. इसके अलावा रोहित शर्मा वनडे और टी20 फॉर्मेट में भी शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान हैं. रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ यह कारनामा किया था.

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में खूब चला है रोहित शर्मा का बल्ला…

साथ ही रोहित शर्मा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले रोहित शर्मा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2019-21 और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 में भी सबसे ज्यादा शतक जड़े थे. इस तरह आंकड़ें बताते हैं कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में रोहित शर्मा का बल्ला खूब चला है. वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक जड़ा. रोहित शर्मा ने 57 टेस्ट मैचों में 45.51 की एवरेज से 3959 रन बनाए हैं.

राजकोट टेस्ट में टीम इंडिया की पकड़ मजबूत…

बताते चलें कि भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट राजकोट में खेला जा रहा है. फिलहाल, यह सीरीज 1-1 की बराबरी पर खड़ी है. राजकोट टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया. पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम का स्कोर 5 विकेट पर 326 रन है. भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा के अलावा रवीन्द्र जडेजा ने शतक बनाया. इसके अलावा सरफराज खान ने 62 रनों की अच्छी पारी खेली. लेकिन यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल और रजत पाटीदार जैसे टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने निराश किया.

Congress News: कमल नाथ बोले- राज्य सभा की कभी दावेदारी नहीं की, अशोक सिंह का नाम मैंने ही किया प्रस्तावित

Kamal Nath said

 

MP Rajya Sabha Election 2024: भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्य सभा कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह जाएंगे। वे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खेमे से हैं पर कमल नाथ की टीम का हिस्सा रहे हैं। पार्टी के प्रत्याशी को लेकर यह अटकलें भी लगाई जा रही थीं कि पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ राज्य सभा जाने के इच्छुक हैं।

इसे उनके सोनिया गांधी से मिलने और फिर विधायकों को भोज देने से बल भी मिला पर उन्होंने इसे अटकलें ही करार दिया और कहा कि मैंने कभी दावेदारी नहीं की। अशोक सिंह का नाम मैंने ही प्रस्तावित किया था। वे स्वयं उन 40 विधायकों में से एक हैं, जो सिंह के प्रस्तावक बने हैं।

मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने कमल नाथ के स्थान पर जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष और उमंग सिंघार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाकर संदेश दिया कि अब नए नेतृत्व को आगे किया जाएगा। इसके बाद लंबे समय तक कमल नाथ प्रदेश के बाहर रहे। एक बार आए तो छिंदवाड़ा में तीन-चार दिन रुके और फिर चले गए।

राज्य सभा चुनाव से पहले उन्होंने नौ फरवरी को पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में भेंट की और 13 फरवरी को भोपाल में कांग्रेस विधायकों को रात्रि भोज पर बुलाया। इसे उनके राज्य सभा जाने की तैयारी से जोड़कर देखा गया। दरअसल, 230 सदस्यीय विधानसभा में दलीय स्थिति (भाजपा 163, कांग्रेस 66 और भारत आदिवासी पार्टी 1) के अनुसार कांग्रेस राज्य सभा में एक सदस्य भेजने की स्थिति में है।

इसे देखते हुए प्रदेश कांग्रेस ने सोनिया गांधी को मध्य प्रदेश से राज्य सभा भेजने का प्रस्ताव दिया था लेकिन पार्टी ने उन्हें राजस्थान से राज्य सभा भेजने का निर्णय लिया। प्रदेश से अशोक सिंह का नाम घोषित किया गया। उनके प्रस्ताव कमल नाथ भी बने। जब उनके राज्य सभा की दावेदारी को लेकर पूछा गया तो कहा कि मेरा कभी राज्य सभा जाने की कोई इरादा नहीं था। कोई दावेदारी नहीं की। अशोक सिंह का नाम भी मैंने ही प्रस्तावित किया।

पांच दिवसीय छिंदवाड़ा दौरे पर कमल नाथ

कमल नाथ पांच दिवसीय छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र के दौरे पर हैं। वे अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाकर कार्यक्रम कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि यहां से उनके पुत्र नकुल नाथ सांसद हैं और पिछले दिनों वे आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कमल नाथ की उपस्थिति में कर चुके हैं।

MP Patwari Recruitment: मध्य प्रदेश में पटवारियों की नियुक्ति का रास्ता साफ, शासन ने दिए निर्देश

clear for the appointment

 

MP Patwari Exam News: भोपाल। मध्य प्रदेश में पिछले वर्ष हुई पटवारी भर्ती परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। गुरुवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने संबंधित विभागों को कर्मचारी चयन मंडल द्वारा ग्रुप-2, सब ग्रुप-4 और पटवारी परीक्षा के घोषित परिणाम के आधार पर नियुक्ति करने के निर्देश दे दिए। शासन ने यह निर्देश जस्टिस राजेंद्र वर्मा के एक सदस्यीय जांच आयोग की जांच रिपोर्ट के आधार पर दिए हैं, जिसमें परीक्षा में धांधली के आरोपों की पुष्टि नहीं पाई गई।

पटवारी के नौ हजार से अधिक पदों के लिए 15 मार्च से 26 अप्रैल 2023 तक कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा कराई थी। 30 जून को परिणाम घोषित हुए। ग्वालियर के एक ही सेंटर से 10 में से सात टापर के नाम सामने आने पर प्रश्न उठने और अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जस्टिस राजेंद्र वर्मा का एक सदस्यीय जांच आयोग गठित कर 31 अगस्त तक रिपोर्ट मांगी थी।

लेकिन जांच पूरी नहीं हो सकी और तीन बार अवधि बढ़ाई गई। जनवरी 2024 में आयोग ने मुख्य सचिव वीरा राणा को जांच रिपोर्ट सौंप दी। इसमें भर्ती प्रक्रिया पर संदेह नहीं जताया गया। इस पर सरकार ने मंडल द्वारा घोषित परिणाम के आधार पर विभागों को नियुक्ति की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Rahul Gandhi: बिहार पहुंचे राहुल गांधी ने किसानों के मुद्दे पर केंद्र को घेरा

Rahul Gandhi reached

 

Congress News: भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyay Yatra) के क्रम में गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे गुरुवार को बिहार पहुंचे. औरंगाबाद में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि गरीब और किसान कितनी भी आवाज उठाएं, उन्हें पता है कि इस देश में उन्हें न्याय नहीं मिल सकता. वहीं, बिना नाम लिए पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सुना है दुबई में वहां के राजा के साथ गले (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) मिल रहे हैं.

यूपीए ने किसानों का कर्ज माफ कर दिया था- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर केवल अमीरों के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने किसानों का कर्ज माफ कर दिया था. वहीं, आगे उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी को वोट दिया गया तो कांग्रेस जाति आधारित जनगणना कराने के बाद एक व्यापक वित्तीय सर्वेक्षण कराएगी ताकि संसाधनों के स्वामित्व में असमानता को प्रकाश में लाया जा सके.

रैली में उन्होंने जाति आधारित जनगणन को एक तरह का ‘एक्स-रे’ करार दिया. लगभग 45 मिनट तक चले अपने भाषण में राहुल गांधी ने बीजेपी-आरएसएस पर एक समुदाय को दूसरे से लड़ाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि विभाजनकारी राजनीति ने ही मणिपुर में आग लगाने का काम किया.

मणिपुर से राहुल गांधी ने शुरू की है यात्रा

बता दें कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ एक दिन के ठहराव के बाद औरंगाबाद से गुरुवार को फिर से शुरू हुई. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल से पहले रैली को संबोधित किया. इसमें पार्टी के कई अन्य शीर्ष नेता भी उपस्थित रहे. गौरतलब है कि गांधी ने पिछले महीने मणिपुर से अपना देशव्यापी दौरा शुरू किया था.

Sonia Ghandhi News: इतने करोड़ की मालकिन हैं सोनिया गांधी, इटली में भी प्रॉपर्टी लेकिन नहीं है खुद की कार; एफिडेविट में खुला राज

Sonia Gandhi is the owner

 

Property: सोनिया गांधी ने राज्यसभा चुनाव के लिए भरे गए नामांकन में दिए गए एफिडेविट में सोनिया ने इटली में पिता की प्रॉपर्टी में अपना हिस्सा होने का उल्लेख किया है। पांच साल में उनकी चल और अचल संपत्ति में भी 72 लाख रुपये का इजाफा हुआ है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने राज्यसभा चुनाव के लिए राजस्थान से नामांकन दाखिल किया है। दरअसल, सोनिया की तबीयत खराब रहने लगी है इस कारण से वह रायबरेली से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी और पार्टी उन्हें राज्यसभा के रास्ते संसद भेज रही है। आइए, जानते हैं कि सोनिया गांधी की इनकम कितनी है और वह कितनी संपत्ति की मालिक हैं।

सोनिया गांधी के पास कुल कितनी प्रॉपर्टी?

सोनिया गांधी के पास कुल 12.53 करोड़ रुपये की संपत्ति है। लोकसभा चुनाव की तुलना में पांच साल में उनकी चल और अचल संपत्ति में 72 लाख रुपये का इजाफा हुआ है। साल 2019 में सोनिया गांधी ने रायबरेली से चुनाव लड़ा था। इस दौरान उन्होंने चुनावी एफिडेविट में बताया था कि उनकी संपत्ति 11.81 करोड़ रुपये है। वहीं, अब राज्यसभा चुनाव के लिए भरे गए नामांकन में दिए गए एफिडेविट में सोनिया ने इटली में पिता की प्रॉपर्टी में अपना हिस्सा होने का उल्लेख किया है। उनका वहां पैतृक संपत्ति में हिस्सा है।

पिछले 5 साल में इनकम टैक्ट रिटर्न में दिखाई गई आय-

वित्त वर्ष 2018-19 में 10.23 लाख

2019-20 में 10.57 लाख
2020-21 में 09.90 लाख
2021-22 में 10.68 लाख
2022-23 में 16.69 लाख

5 साल में 12 बीघा जमीन हुई कम

सोनिया के पास 88 किलो चांदी, 1267 ग्राम सोना और ज्वेलरी हैं। वहीं, 2019 में सोनिया ने दिल्ली के पास डेरामांडी गांव में तीन बीघा जमीन और सुल्तानपुर महरौली में 12 बीघा 15 बिस्वा जमीन बताई थी लेकिन इस बार दिए एफिडेविट में 12 बीघा जमीन का उल्लेख नहीं है।

उनके पास अब भी नई दिल्ली के डेरामंडी गांव में तीन बीघा कृषि जमीन है जिसकी कुल बाजार कीमत 5.88 करोड़ बताई गई है।

सोनिया के पास नहीं है खुद की कार

सोनिया गांधी के पास खुद की कोई गाड़ी नहीं है। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी खुद के पास कोई टू व्हीलर या फोर व्हीलर नहीं होना बताया था।

किताबों से कितनी रॉयल्टी मिलती है?

सोनिया गांधी का पेंगुइन बुक इंडिया, ऑस्कफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस आनंदा पब्लिशर्स और कांटिनेंटल प्रकाशन से करार है। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस से 1.69 लाख रुपये की रॉयल्टी मिलने का उल्लेख एफिडेविट में किया है।

कितने केस पेंडिंग?

सोनिया गांधी के खिलाफ नेशनल हेराल्ड मामले में एक केस पेंडिंग है। एफिडेविट के मुताबिक नई दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में धारा 420, 120 बी, 403, 406 के तहत केस पेंडिंग है।

Rajya Sabha Elections: मध्य प्रदेश से कांग्रेस प्रत्याशी अशोक सिंह ने भरा पर्चा, जीतू पटवारी भी साथ रहे मौजूद

Congress candidate from Madhya

 

MP Congress News: मध्य प्रदेश से कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी अशोक सिंह (Ashok Singh) ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी (Jitu Patwari),विधानसभा नेताप्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, जयवर्धन सिंह,पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, अजय सिंह, विधायक निर्मला सप्रे, विधायक नितेंद्र सिंह राठौर, विधायक आरिफ मसूद सहित पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे. अशोक सिंह फिलहाल प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं. राज्यसभा प्रत्याशी के लिए पूर्व सीएम कमलनाथ (Kamal Nath) के नाम की चर्चा चल रही थी लेकिन पार्टी ने अशोक सिंह पर भरोसा जताया.

कमलनाथ के बारे में यह माना जा रहा था कि वह राज्यसभा के जरिए राष्ट्रीय राजनीति में वापसी करना चाहते हैं लेकिन यह हो नहीं पाया. हालांकि अशोक सिंह भी कमलनाथ के भी करीबी माने जाते हैं. कमलनाथ ने अशोक सिंह को प्रत्याशी बनाने का स्वागत किया है. वहीं, कांग्रेस में कमलनाथ के अलावा मीनाक्षी नटराजन, अरुण यादव, अजय सिंह राहुल भैया, कमलेश्वर पटेल को लेकर भी चर्चा चल रही थी. मध्य प्रदेश से राज्यसभा की 5 सीट अप्रैल में खाली हो रही है जिनपर 27 फरवरी को चुनाव कराए जा रहे हैं. इनमें से चार बीजेपी औऱ कांग्रेस के एक सांसद हैं. कांग्रेस के राजमणि पटेल का कार्यकाल समाप्त होने वाला है.

पार्टी की आर्थिक मदद करते रहे हैं अशोक सिंह

अशोक सिंह की बात करें तो वह ग्वालियर-चंबल क्षेत्र से आते हैं. वह तीन बार लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं. भले ही उन्हें चुनावों में हार मिलती रही हो लेकिन फिर भी पार्टी के लिए भी बेहद अहम माने जाते हैं और संभवत: उसकी वजह उनके द्वारा पार्टी को दी जाने वाली फंडिंग है. वह कांग्रेस के अमीर नेताओं में गिने जाते हैं. अशोक सिंह को चुने जाने के पीछे जाति भी एक कारण है. जब कमलनाथ के नाम की चर्चा चल रही थी तो यह खबर भी थी कांग्रेस किसी दलित या ओबीसी समाज के व्यक्ति को प्रत्याशी बना सकती है और अशोक सिंह ओबीसी समाज से हैं.

Resigned: सांसद मिमी चक्रवर्ती ने दिया इस्तीफा, लोकसभा चुनाव के पहले ममता बनर्जी को बड़ा झटका

Mimi Chakraborty resigns

 

 

Mimi Chakraborty Resigned: तृणमूल कांग्रेस की सांसद मिमी चक्रवर्ती ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में स्थानीय पार्टी नेतृत्व पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संसद के पद से इस्तीफे दे दिया है. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक उन्होंने अपना इस्तीफा तृणमूल कांग्रेस चीफ और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सौंपा है. 2019 के लोकसभा चुनाव में मिमी चक्रवर्ती ने जादवपुर सीट पर जीत दर्ज की थी.

‘राजनीति की बारीकियों को नहीं समझती’

मिमी चक्रवर्ती ने कहा, “मैंने जादवपुर के लिए एक सपना देखा था, लेकिन मुझे कई समस्याओं का सामना करना पड़ा, जब कोई व्यक्ति फिल्मी पृष्ठभूमि से आता है तो उसे यह कहकर बदनाम करना बहुत आसान होता है कि वह काम नहीं करता है.”

उन्होंने कहा, “मैं राजनीति की बारीकियों को नहीं समझती, जब मैं लोगों के पास पहुंची, तो मुझे लगा कि यह बहुत से लोगों को पसंद नहीं आया होगा या हो सकता है कि उनमें से कुछ लोगों को यह पसंद आया हो.”

उन्होंने कहा, “राजनीति मेरे लिए नहीं है. अगर आप किसी की मदद कर रहे हैं तो आपको राजनीति में किसी को बढ़ावा देना होगा. एक राजनेता होने के अलावा, मैं एक अभिनेत्री के रूप में भी काम करती हूं. यदि आप राजनीति में शामिल होते हैं तो आपकी लोकचना की जाती है चाहे आप काम करें या न करें.”

‘2022 में भी दिया था इस्तीफा’

मिमी चक्रवर्ती ने कहा, “मैंने अपने मुद्दों को लेकर सीएम ममता बनर्जी से बात की है. मैंने साल 2022 में भी उन्हें संसद के पद से अपना इस्तीफा सौंपा था, लेकिन उस समय उन्होंने इसे रिजेक्ट कर दिया था. ममता बनर्जी जो कहेंगी उसके बाद मैं आगे की प्रक्रिया पूरी करूंगी.”

 

Gold-Silver Price: सोने के भाव में आई मामूली गिरावट, चांदी की कीमतों में तेजी

Slight decline in gold

 

Gold-Silver Price: भारतीय सर्राफा बाजार में 15 फरवरी 2024 को सोने-चांदी के भाव में कमी आई है। सोने का भाव 61454 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। 14 फरवरी 2024 को सोने के शाम के भाव की तुलना में 36 रुपये की गिरावट देखने को मिली है। चांदी के भाव में तेजी आई है। चांदी का भाव 69891 रुपये प्रति किलो हो गया है। राष्ट्रीय स्तर पर 999 शुद्धता वाले चांदी के भाव में 14 फरवरी से 741 रुपये की तेजी आई है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स के अनुसार 14 फरवरी की शाम को 999 शुद्धता वाले 24 कैरेट सोने की कीमत 61590 रुपये थी। 15 फरवरी की शाम को 999 वाले 24 कैरेट सोने की कीमत 61454 रुपये हो गई है। 14 फरवरी की शाम को 999 शुद्धता वाली चांदी की कीमत 69150 रुपये थी। 15 फरवरी की सुबह को 999 शुद्धता वाली चांदी की कीमत 69891 रुपये हो गई।

जानिए क्या हैं भाव

15 फरवरी को 995 शुद्धता वाले सोने की कीमत 61208 रुपये हो गई है। 916 शुद्धता वाले सोने की कीमत 56292 रुपये हो गई है। 750 शुद्धता वाले सोने की कीमत 46091 रुपये हो गई है। 585 शुद्धता वाले सोने की कीमत 35951 रुपये हो गई है।

कैरेट के अनुसार सोना

24 कैरेट सोना= 100% सोना
22 कैरेट सोना= 91.7% सोना
18 कैरेट सोना= 75.0% सोना
14 कैरेट सोना= 58.3% सोना
12 कैरेट सोना= 50.0% सोना
10 कैरेट सोना= 41.7% सोना
मिस्ड कॉल लगाकर जानें सोने-चांदी का भाव

ibja केंद्र सरकार की छुट्टियों और शनिवार और रविवार को रेट जारी नहीं करता है। आपको 22 कैरेट और 18 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी का रेट जानना है, तो 8955664433 पर मिस्ड कॉल कर सकते हैं। मिस्ट कॉल के कुछ ही समय बाद एसएमएस के जरिए रेट्स मिल जाते हैं। गोल्ड या सिल्वर का रेट जानने के लिए www.ibja.co या ibjarates.com पर भी जा सकते हैं।

MP CM News: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यसभा प्रत्याशियों को दीं शुभकामनाएं

extended best wishes to

 

MP CM News: भोपाल| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरूगन, उज्जैन के वाल्मिकी धाम के पीठाधीश्वर बाल योगी उमेश नाथ जी महाराज, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नरोलिया, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर को राज्यसभा सदस्य के लिए नामांकन पत्र जमा करने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डॉ. एल. मुरूगन भारत सरकार के मंत्री हैं, बाल योगी उमेश नाथ जी महाराज का पूरा जीवन सामाजिक समरसता के लिए बीता है, माया नरोलिया बहन-बेटियों के उत्थान के लिए निरंतर सक्रिय रही हैं और बंशीलाल गुर्जर किसान हितों को समर्पित हैं। राज्य सभा में मध्यप्रदेश को मिलने वाला नया प्रतिनिधित्व सबके लिए सौभाग्यशाली रहेगा। राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों द्वारा विधानसभा में नामांकन भरने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।

 

MP Police (IPS) transfer latest list

आई पी एस अधिकारियों की नई पदस्थापना

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...