भाजपा विधायकों और मंत्रियों के परिजनों को दान में मिली करोड़ों रूपए की संपत्तियों की हो जांच : दिग्विजय सिंह

digvijay singh

भोपाल (12 अक्टूबर 2023)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने आज यहां जारी अपने बयान में कहा कि 2004 से लेकर 2023 तक लगभग साढ़े 18 साल के भाजपा के शासनकाल में भाजपा विधायक व मंत्रियों ने भ्रष्टाचार का सहारा लेकर अकूत धन संपत्ति अर्जित की है। यही नहीं, भाजपा नेता मजबूर और गरीबों की जमीन हथियाने और कब्जाने के मामले में भी पीछे नहीं हैं।

पूर्व सीएम ने कहा कि अभी एक ताजा मामला पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने उनके संज्ञान में लाया है जिसमें सागर जिले के नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रदीप लारिया द्वारा अपनी पत्नी व पुत्र के नाम पर वेशकीमती जमीन दान पत्र द्वारा वसीयत कराई गई है। उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने उन्हें पत्र लिखकर विधायक प्रदीप लारिया द्वारा किए गए जमीन के सौदे का विवरण देते हुए बताया कि प्रदीप लारिया भाजपा विधायक, नरयावली द्वारा पद का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार करके अर्जित की गई धनराशि से अपने रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई बेशकीमती जमीन (कीमत लगभग 25 करोड रुपए) को स्वयं की पुत्र अंशुल लारिया एवं पत्नी रेणु लारिया के नाम पर दान पत्र कराई गई है। पूर्व सीएम ने कहा कि पूर्व मंत्री के बताए अनुसार प्रदीप लारिया की पत्नी रेणु लारिया को वसीयतकर्ता श्रीमती कौशल्या जाटव जो कि विधायक की रिश्ते में सरहज हैं व जिनके पति कैलाश यादव (एलआईसी एजेंट) की माली हालत ऐसी नहीं थी कि वे करोड़ों रूपय की जमीन खरीदें व दान कर दें। इसी तरह लारिया की सास श्रीमती इंद्राणी पति धन प्रसाद उर्फ राजाराम ने प्रदीप लारिया के बेटे अंशुल लारिया के नाम पर भी वसीयत की है दोनों वेशकीमती जमीनों की कीमत लगभग 25 करोड रुपए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि अमूमन पूरे प्रदेश में भाजपा के दलाल, मंत्री, नेता इसी तरह से अपने नाम जमीन हस्तांतरित करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी की शिकायत पर विधायक प्रदीप लारिया के पुत्र एवं पत्नी द्वारा दान में प्राप्त संपत्ति की जांच करवाने तथा दानकर्ता के इन लोगों से संबंध और उनके द्वारा अर्जित संपत्ति की निष्पक्ष जांच करवाने हेतु लोकायुक्त को पत्र लिखा है जिससे भ्रष्टाचार से अर्जित की गई संपत्तियों का खुलासा हो सके और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दोषियों पर कार्यवाही हो सके।

मंडला में ही पहली किस्त में 23000 किसानों का कर्ज माफ किया था: कमलनाथ

kamalnath-in-mandla-madhya-pradesh

 

भोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज मण्डला जिले में आयोजित कांग्रेस की जन आक्रोश सभा में माँ नर्मदा मैया की जय, रानी दुर्गावती का जयकारा लगाकर अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन के हमारे साथी हमारे आदिवासी भाइयों का जन आक्रोश सभा में बहुत-बहुत स्वागत करता हूं। मुझे आपके बीच में आकर बहुत ज्यादा खुशी हुई है, क्योंकि मुझे पता है कि आप कांग्रेस के सच्चे और मजबूत साथी हैं। अपनी जवानी के दिनों से लेकर अभी तक मेरा मंडला से थोड़ा ज्यादा गहरा लगाव रहा है। मुझे आपके बीच में आकर जितनी खुशी होती है, उतना दुख भी होता है कि हमारे मंडला की, हमारे प्रदेश की क्या हालत इस सरकार ने बना रखी है।
कमलनाथ ने कहा कि अभा कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी मैं आपको बताना चाहता हूं कि आप उस प्रदेश में आई हैं जिस प्रदेश का बेरोजगारी में हाल बहुत बुरा हो चुका है। प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार आज युवाओं की सुध लेने को तैयार नहीं है। आप उस प्रदेश में आई हुई है जो प्रदेश भ्रष्टाचार में नंबर वन है। भ्रष्टाचार का हाल यह है कि प्रदेश का हर नागरिक या तो भ्रष्टाचार का गवाह है या फिर भ्रष्टाचार का शिकार है। शिवराज सिंह चौहान ने कमीशन दो और काम लो वाला एक सिस्टम प्रदेश में विकसित कर दिया है। प्रदेश में बीज और खाद के लिए भटकता हुआ किसान शिवराज सिंह चौहान के कुशासन का सबसे बड़ा उदाहरण है।

कमलनाथ ने कहा कि प्रियंका मैं आपको बताना चाहता हूं कि चुनाव में केवल 32 दिन बचे हैं, 17 नवंबर को मतदान होना है। यह केवल एक उम्मीदवार या एक व्यक्ति का चुनाव नहीं है, ना ही यह केवल एक पार्टी का चुनाव है। यह मध्य प्रदेश और विशेष रूप से मंडला के भविष्य का चुनाव है। मैं आपको बता देना चाहता हूं कि अगर प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रहेगा, तो मंडला का भी भविष्य सुरक्षित रहेगा और मंडला का भविष्य सुरक्षित रहेगा तो यहां के युवाओं का भी भविष्य सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि आपको याद रखना है कि आपको अपना भविष्य सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी खुद उठानी है और 17 तारीख को जब आप बटन दबाए तो आपका वोट केवल कांग्रेस को जाए।

कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में 18 साल से राज कर रहे हैं। लेकिन फिर भी इनके पास बताने के लिए आज कोई उपलब्धि नहीं है। हमारी सरकार 2018 में बनी थी हमने 15 महीने सरकार चलाई जिसमें हमने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया था। हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ करने का काम किया था, जिसमें से मंडला में ही केवल 23000 किसानों का पहली किस्त में कर्ज माफ किया था। मैंने कहा था कि मैं 100 यूनिट बिजली फ्री दूंगा और मैंने वह देने का काम भी किया था। आप बताइए यह काम करके मैंने कौन सी गलती की थी? मैंने बेटियों के विवाह का पैसा बढ़ाने का काम किया, मैंने पेंशन बढ़ाने का काम किया, मैंने 1000 गोशाला बनवाई थी, तो इसमें क्या गलत किया था? लेकिन शिवराज सिंह चौहान और भाजपा को मेरी सही नीति और नियत पसंद नहीं आई और ना ही जनता का हित देखा गया, इसलिए उन्होंने खरीद-फरोख करके सरकार गिरा दी।

कमलनाथ ने कहा कि आज मैंने देखा कि पिछले 13 सालों से मंडला-जबलपुर की रोड का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है। मुझे मंडला के लोगों का दर्द पता है, क्योंकि यहां पर ना तो रेल की सही कनेक्टिविटी है ना ही सड़क हैं। मुझे देखकर बड़ा आश्चर्य होता है कि हम नर्मदा के किनारे हैं फिर भी हमारे आदिवासी भाइयों के लिए पेयजल की समस्या है। आज मंडला में सरकारी कार्यालय बंद होने लगे हैं। यह तो आपको भी पता है कि यहां से बिजली का कारखाना और सिंचाई मुख्यालय बाहर भेज दिया गया है।

कमलनाथ ने कहा कि आज यह पूरी तस्वीर आपके सामने है। मैं आज शिवराज सिंह से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने अपने 18 साल में दिया क्या है? मैं आपको बताता हूं कि शिवराज सिंह चौहान ने केवल महंगाई दी, बेरोजगारी दी, किसानों को परेशानी दी और भ्रष्टाचार दिया। उन्होंने कहा कि आप चिंता मत कीजिए, मैं आपको वचन देना चाहता हूं कि मैं आदिवासी भाइयों के लिए सही तरीके से पेसा कानून लागू करने का काम करूंगा। हमारी सरकार बनने पर हम विश्व आदिवासी दिवस के दिन सरकारी अवकाश देने का काम करेंगे। हम आपसे वादा करते हैं कि हम विश्व आदिवासी दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाएंगे। हम गांव में बर्तन बैंक बनाएंगे हम बैकलॉग भर्तियों को पूरा करने का काम करेंगे।
कमलनाथ ने कहा कि मैं आपको वचन देता हूं कि जितने भी वन अपराध के झूठे केस भारतीय जनता पार्टी द्वारा आप पर लगाए गए हैं वह सभी वापस लेने का काम हम करेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने आपके 3000 से अधिक पट्टे जो निरस्त किए हैं, कांग्रेस की सरकार आने पर हम उन्हें दोबारा से आपको देने का काम करेंगे। मैं अपने नौजवान साथियों से कहना चाहता हूं कि आपके भविष्य की चिंता हमें है और आपका भविष्य हमारे लिए एक चुनौती है। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि आप ही भविष्य में मध्य प्रदेश का निर्माण करेंगे लेकिन अगर आपका ही भविष्य अंधकार में रहा तो कैसे मध्य प्रदेश के भविष्य का निर्माण होगा।

कमलनाथ ने कहा कि मैं अपने नौजवान साथियों से कहना चाहता हूं कि जितने भी बैकलॉग एवं अन्य नौकरी के रिक्त पद हैं उन सभी पर जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा, और आपको नौकरियां दी जाएगी। क्योंकि रोजगार हमारी पहली प्राथमिकता है। मुझे मंडला की जनता पर पूरा विश्वास है। मैं आपसे स्पष्ट कहना चाहता हूं कि छिंदवाड़ा के बाद सबसे ज्यादा प्यार मुझे कहीं पर मिलता है तो वह है मंडला। मुझे आप सभी के चेहरे पर एक विश्वास नजर आ रहा है। मुझे पता है कि इस बार आप लोग ऐसा निर्णय करेंगे कि आपके बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो और 17 तारीख को मतदान के दिन कांग्रेस को भारी बहुमत से विजयी बनाने का काम भी आप पूरी मजबूती से करेंगे।

पहली से आठवीं तक के बच्चों को 500 रुपए, नवमीं व दसवीं के बच्चों को 1000 रुपए एवं 11वीं एवं 12वीं के बच्चों को 1500 रुपए देंगे: प्रियंका गांधी

priyanka gandhi in mandla madhya pradesh

भोपाल, मंडला में जनसभा को संबोधित करते हुए अभा कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने हर हर नर्मदे, जय बड़ादेव जी, जय सेवा, जय जोहार का नारा बुलंद करते हुए कहा कि ये महाकौशल की धरती है, आदिवासी संस्कृति का आंगन है, इस धरती को मेरा बहुत बहुत प्रणाम। क्रांतिदूत शंकर शाह जी, श्री रघुनाथ शाह जी, श्री हृदय शाह जी, श्री दलपत शाह जी, टंट्या मामा जी, रानी दुर्गावती जी, रानी अहिल्याबाई जी, अवंतीबाई लोधी और रानी फूल कुंवर को मेरा नमन।

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन की शुरूआत करते हुये कहा कि ये ऐसी धरती है जहां इतने सारे वीर हैं, यह धरती आपकी संस्कृति की धरती है, कितनी सुंदर, प्राचीन और अनूठी संस्कृति है आपकी। उन्होंने कहा कि अभी इंदिरा का जिक्र यहां किया गया, मेरी दादी इंदिरा कहती थी कि प्रकृति से प्रेम, रक्षा और पूजा सीखने की संस्कृति ही आदिवासी संस्कृति है, आप प्रकृति पर निर्भर हैं, मेहनत करते हैं और सादा जीवन जीते हैं। उन्होंने कहा कि अभी मैं गढ़ियाचौगान में गई थी, वहां आदिवासी आस्था के गौरव का केंद्र है, मुझे बताया गया कि आपकी पगड़ी आपके सम्मान से जुड़ी है। हम नेता आते है, आपसे वादे करते हैं, इसका मतलब हम आपके सामने अपनी पगड़ी रखते है। उन्होंने कहा कि नेताओं के वादों पर भरोसा होना चाहिए, आप इंदिरा को इंदिरा माता कहते हैं, मैं इंदिरा की पोती हूं इसलिए मेरी शक्ल उनसे मिलती है, इसलिए भी आपमें से कुछ लोग मुझे देखने आए हैं, लेकिन सिर्फ इतना ही नहीं है, इंदिरा ने आपके लिए काम किया, इसलिए आपको उन पर भरोसा था, इसलिए मेरी जिम्मेदारी आपसे सच की है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि इंदिरा ने आपको पट्टे दिलवाए, इसके पीछे उनकी भावना थी कि आपका अधिकार, आपकी शक्ति आपको मिले। सरकारों का काम है आपकी शक्ति और अधिकार आपको सौंपना। हमने आपको वन अधिकार कानून दिया, जल जंगल जमीन पर अधिकार दिया, मनरेगा से ग्रामीण रोजगार दिए जिससे पलायन रुका। बीजेपी ने ये अधिकार आपसे छीने, सरपंचों के अधिकार छीने, पट्टे-जमीनें आपसे छीन ली, वन अधिकार कानून खत्म किया, वहीं कमलनाथ ने आपको 15 महीने की सरकार में पट्टे दिए, लेकिन भाजपा ने वह काम बंद कर दिया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार में पूरे देश में सबसे ज्यादा 1.5 लाख महिलाएं गायब हुई हैं, रोजाना 17 बलात्कार होते हैं, उज्जैन की घटना आपके सामने है, आदिवासी अत्याचार में नंबर एक पर है मध्य प्रदेश, ये रोजगार तो देते नहीं, महंगाई और अत्याचार बढ़ाते जा रहे हैं, तो पलायन नहीं तो और क्या होगा, आपकी इस शहीदों की धरती से? 18 साल सिर्फ लूट, घोटाला, लेकिन चुनाव आते ही धर्म की बात, इन सब बातों से आपको सावधान रहना है।
आप सब और आपके घर की महिलाएं भी इतनी मेहनत करती हैं, तेंदूपत्ता चुनते हैं, इतनी मेहनत करने के बाद जब आप उसको बेचते हैं तो उसकी सही कीमत आपको नही दी जाती, इन्होंने आपकी बोनस में भी घोटाला कर दिया, आप इंदिरा को इंदिरा माता कहते हैं, यह तेंदूपत्ता बोनस उन्होंने ही शुरू किया था। मैं आपको बताना चाहती हूं कि हम छत्तीसगढ़ में तेंदूपत्ता के लिए प्रति मानक बोरा 4000 रुपए देते हैं, धान का बोनस भी छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा देते हैं। ये आपको छाता, जूते और चप्पल देकर उसमें भी कमीशन खाना चाहते हैं, 18 साल से क्यों नहीं दिया? आपका सम्मान ये आपको क्यों नहीं देते? कांग्रेस ने आपकी मेहनत, संस्कृति और परंपरा को सम्मान दिया, भाजपा ने आपके लिए कुछ नहीं किया, जमकर भ्रष्टाचार किया और आपको लूटा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मैने आपसे छत्तीसगढ़ की बात इसलिए की क्योंकि वहां भी हमें बस्तर आदिवासी संस्कृति के लिए जाना जाता है। हमने वहां तेंदूपत्ता का 4000 रुपए दाम तय किया है, आदिवासी क्षेत्र को एक ब्रांड के रूप में स्थापित किया है, मिलेट उत्पादन का प्लांट वहां लगाया। वहां के कोदा, कुटकी, रागी और ज्वार से बनी चीजें आज दिल्ली की बड़ी-बड़ी दुकानों में बिक रही हैं। स्वयं सेवा समूह गोठान चलाकर वहां महिलाएं 1 से 6 लाख तक कमा रही हैं। आपमें भी हुनर है, उस हुनर से कमाई करने का अवसर कांग्रेस आपको देगी, तेंदुप्पता का 4 हजार देंगे, छत्तीसगढ़ जैसा पेसा कानून लागू करेंगे।

प्रियंका गांधी ने कहा कि इस 225 महीनों को भाजपा सरकार में 250 से ज्यादा घोटाले हुये, 22 हजार घोषणाएं की, मंडला जबलपुर की सड़क 10 साल से बन रही है, 4 लेन से 2 लेन हो गई। हालत ऐसे है कि स्वयं नितिन गडकरी जिनको यहां की सड़क के लिए माफी मांगनी पड़ी। यहां मिड-डे मील में घोटाला, सर्व शिक्षा अभियान में घोटाला, छात्रवृत्ति घोटाला, पोषण आहार घोटाला, ऐसे में आपके बच्चों का क्या भविष्य है? नौजवान क्या करे? अंक लेकर आए, ट्यूशन पढ़े, फीस भरे, परीक्षा दे, पास हो जाए लेकिन फिर भी उसको नियुक्ति नहीं मिलती। यहां व्यापमं में कितने लोग मरे, महाकाल में घोटाला, मां नर्मदा का घोटाला, मूर्ति घोटाला, क्या इस सबसे आप थक नही गए? अब बस बहुत हुआ। अब आपके लिए आप काम करने वाली सरकार चुनिए।

उन्होंने कहा कि नेताओं से आपकी कई उम्मीदें होती हैं, लेकिन अगर वो केवल घोषणा करें और सालों तक घोटाला करें तो आप अपने आप से पूछें कि क्या आपकी तरक्की हुई? क्या महंगाई कम हुई? क्या किसानों की हालत बेहतर हुई?
उन्होंने कहा कि भाजपा आपको 450 में सिलेंडर देंगे, आप बताइए कि आपके नाम पर कनेक्शन है? कनेक्शन आपके नाम करवाने जाओ तो 4000 रुपए मांगते है। कांग्रेस की सरकार में आपको 425 का सिलेंडर मिलता था और 60 रुपए का राशन मिलता था, इनकी सरकार में चुनाव के पहले तक 1125 का सिलेंडर मिलता था एवं राशन मुफ्त देते हैं, आप सोचिए कि इसमें आपका नुकसान कितना है? यहां दवाई पर जीएसटी, भवन निर्माण सामग्री पर जीएसटी, पेट्रोल डीजल महंगा, रोजगार देने वाले पीएसयू बंद कर दिए, छोटे उद्योग बंद, मनरेगा बंद, आप ही बताइए आपका गुजारा कैसे होगा? एक तो महंगाई बढ़ा दी दूसरा आप पर अत्याचार करते हैं, क्या ये सही है? याद रखिए नेता को बनाने वाले आप हैं, नेता को शक्ति देने वाले आप हैं। हम यहां आपकी वजह से खड़े हैं, शक्ति आपकी है, वोट आपका है, इसका इस्तेमाल सोच समझ कर करना।

प्रियंका गांधी ने कहा कि कितने सारे पद आज मध्य प्रदेश में खाली पड़े हैं, लेकिन नौजवान आज भी बेरोजगार है। आज 70 हजार शिक्षकों के पद खाली है, कई विभाग में 90 प्रतिशत पद खाली हैं। मंडला में अस्पताल नहीं है, सीएनसी में आंख का डॉक्टर नहीं है तो आप प्राइवेट में जाओगे, लेकिन प्राइवेट में जाने के लिए आपके पास पैसे भी तो नहीं हैं। हमने राजस्थान में चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना में 25 लाख तक के इलाज की व्यवस्था की है, जिसमे दिल की सर्जरी तक मुफ्त हुई है। छत्तीसगढ़ में भी हमसे ऐसी ही योजना चलाई। आपके रोजगार और भविष्य संवारने की जिम्मेदारी सरकार की जिम्मेदारी होती है।

उन्होंने कहा कि जातीगत जनगणना होनी चाहिए, गिनती अगर मालूम नही तो कैसे न्याय होगा? अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़े वर्ग की जनसंख्यां कितनी है? बिहार में ये हुआ है, वहां 84 प्रतिशत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़े वर्ग की जनसंख्या है। जिनकी आबादी ज्यादा है उनको पद कितने मिले हैं यह आज एक सवाल है। इस गिनती से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़े वर्ग के साथ नौकरी और आरक्षण में न्याय होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है हम बांटना चाहते हैं, हम बांटना नहीं, हम आपके साथ न्याय चाहते हैं, भाजपा न्याय नहीं चाहती, इसलिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़े वर्ग की जनगणना का विरोध कर रही है। आप अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए सोच समझकर वोट डालियेगा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि कमलनाथ ने 15 महीने की सरकार में 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया, पेंशन बढ़ाकर 300 से 600 की, 1 करोड़ परिवारों को 100 रूपये में 100 यूनिट बिजली दी, 1000 गौशालाएं बनाई, 12000 बर्तन बैंक बनाए, अन्य पिछड़ा वर्ग का आरक्षण बढ़ाकर 27 प्रतिशत किया। कांग्रेस ने काम करके दिखाया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी फिर आपको कुछ गारंटी देना चाहती है। किसानों का फिर से कर्ज माफ करेंगे, 100 यूनिट बिजली मुफ्त एवं 200 यूनिट तक बिल आधा लिया जायेगा, पुरानी पेंशन लागू करेंगे, गैस सिलेण्डर 500 रुपए में देंगे, महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह देंगे, 5 हॉर्स पावर तक किसानों को बिजली मुफ्त देंगे, अन्य पिछड़ा वर्ग का आरक्षण 27 प्रतिशत करेंगे, जाती आधारित जनगणना कराएंगे, जहां आदिवासी 50 प्रतिशत से ज्यादा हैं वहां 6 वीं अनुसूची लागू करेंगे, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के बैकलॉग के पद तत्काल भरेंगे, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर और गांव को मिलने वाली राशि बराबर करेंगे, पढ़ो और पढ़ाओ योजना के तहत पहली से बारहवीं कक्षा तक के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देंगे और इसके साथ ही पहली से आठवीं तक के बच्चों को 500 रुपए, नवमीं व दसवीं के बच्चों को 1000 रुपए एवं 11 वीं एवं 12 वीं के बच्चों को 1500 रुपए देंगे।

उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में आपने जनादेश से कांग्रेस की सरकार चुनी परंतु भाजपा ने जनादेश को धनादेश से पलट दिया। आप सच्चाई को समझो। आप मेहनत करते हो। क्या आपके जीवन में तरक्की आई है? जनता में सबसे ज्यादा विवेक और अनुभव होता है, आपने इंदिरा की और उन्होंने आपकी सच्चाई को पहचाना, उन्होंने आपके लिए काम किया, आपने उनपर विश्वास किया। चुनाव के दिन याद रखिएगा, हमने काम करके दिखाया है। ऐसी सरकार चुनिए जिस पर आपको गर्व हो।

भाजपा कार्यकारी जिलाध्यक्ष बने प्रियवर सिंह ठाकुर

bjp-bhartiya-janta-party-logo

 

छिंदवाड़ा। विवेक बंटी साहू को छिंदवाड़ा विधानसभा प्रत्याशी घोषित किए जाने के उपरांत जिला संगठन को सुचारू रूप से चलाने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा द्वारा भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रियवर सिंह ठाकुर को कार्यकारी जिलाध्यक्ष घोषित किया गया। प्रियवर सिंह ठाकुर को कार्यकारी जिलाध्यक्ष बनाये जाने पर भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू ने प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का आभार व्यक्त किया साथ ही कार्यकारी जिलाध्यक्ष प्रियवर सिंह ठाकुर को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू के साथ सभी नेताओं, जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।

बलवीर ठाकुर बने भाजपा डॉक्यूमेंटेशन विभाग के जिला संयोजक

bjp-bhartiya-janta-party-logo

 

छिंदवाड़ा :- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की अनुमति से भाजपा डॉक्यूमेंटेशन विभाग के प्रदेश संयोजक मनोज सिंह यादव जी ने भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू की अनुशंसा पर बलवीर ठाकुर को भाजपा डॉक्यूमेंटेशन विभाग का जिला संयोजक नियुक्त किया है । बलवीर ठाकुर को भाजपा डॉक्यूमेंटेशन विभाग का जिला संयोजक बनने पर भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं बधाई दी ।

नवरात्रि प्रारंभ होने के साथ ही भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू करेंगे चुनावी शंखनाद

Vivek Bunty Sahu

गांगीवाड़ा बर्रा से बड़ादेव पूजन से शुरू होगा जनसंपर्क

छिंदवाड़ा। विधानसभा छिंदवाड़ा के भाजपा की ओर से अधिकृत प्रत्याशी विवेक बंटी साहू 15 अक्टूबर नवरात्रि प्रतिपदा से चुनाव का शंखनाद करेंगे। भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू रविवार को सुबह 10 बजे गांगीवाडा बर्रा पहुंचेंगे। भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू बर्रा में आदिवासी समाज के आराध्य बड़ादेव का पूजन कर जनसंपर्क प्रारंभ करेंगे। 15 अक्टूबर रविवार को प्रत्याशी विवेक बंटी साहू गांगीवाड़ा बर्रा से प्रारंभ कर मानेगांव, मोदई, सोमाढाना भैंसादंड, थुनिया उदना में जनसंपर्क कर ग्राम वासियों से संवाद स्थापित करेंगे।

इजरायल से 230 भारतीयों को लेकर आज रात रवाना होगी पहली फ्लाइट, विदेश मंत्रालय ने किया अलर्ट

First flight from Israel carrying 230 Indians

 

इजरायल पर हमास के किए हमले के बाद से हुई जंग छठे दिन गुरुवार (12 अक्टूबर) को भी जारी है. इस बीच विदेश मंत्रालय ने बताया कि इजरायल से आने वाले इच्छुक भारतीयों की देश वापसी के लिए पहली फ्लाइट ऑपरेशन अजय के तहत आज रवाना होगी. ये कल सुबह यानी शुक्रवार (13 अक्टूबर) को 230 भारतीयों को लेकर लौटेगा.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ”विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ऑपरेशन अजय की घोषणा बुधवार (11 अक्टूबर) को थी. पहली चार्टर फ्लाइट तेल अवीव आज पहुंचेगी. ये भारत कल सुबह वापस लौटगा. हम रिप्रेजेंटेटिव ऑफिस ऑफ इंडिया और तेल अवीव में स्थित दूतावास के संपर्क में हैं.”

बागची ने आगे ने कहा, ” इजरायल से जो भी भारतीय आने चाहते हैं हम उनकी देश वापसी करें. हमारी सलाह है कि भारतीय लोग स्थानीय गाइडलाइन का पालन करें.” उन्होंने बताया कि इजरायल में करीब 18 हजार भारतीय हैं.

फलस्तीन को लेकर क्या कहा?

बागची ने कहा कि हम इन हमलों को आतंकवादी हमलों के तौर पर देखते हैं. भारत ने शांतिपूर्ण सहअस्तित्व वाले एक संप्रभु फलस्तीन देश की स्थापना के लिए इजरायल के साथ सीधी बातचीत फिर से शुरू करने की हमेशा वकालत की है.

गाजा में कितने भारतीय मौजूद?

बागची ने बताया कि करीब 12 भारतीय नागरिक वेस्ट बैंक में हैं. इसके अलावा गाजा में तीन-चार नागरिक हैं. ये काफी कम लोग हैं. इनमें से किसी भी ने भी यहां से निकालने का अनुरोध नहीं किया है. हमें अनुरोध इजरायल से मिले हैं.

उन्होंने बताया कि एक भारतीय घायल हैं. हम उनके संपर्क में हैं. वो अस्पताल में और उनकी स्थिति ठीक है. राहत की बात है कि किसी भी भारतीय की जान नहीं गई है.

कितने लोगों की गई जान

अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, गाजा में 1 हजार 350 से ज्यादा लोगों की जान गई है. वहीं इजरायल में 1 हजार 300 लोगों की मौत हो गई है. इजरायल के ऊर्जा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि जब तक बंधकों को नहीं छोड़ा जाता तब तक गाजा में बिजली नहीं आएगी. इसके अलावा इन्हें पानी और ईंधन नहीं मिलेगा.

बैंक ऑफ बड़ौदा पर रिजर्व बैंक का बड़ा एक्शन, ग्राहकों पर पड़ेगा असर, ये है पूरा मामला

Reserve Bank's big action on Bank of

 

दिल्ली। बैंक ऑफ बड़ौद के खाताधारकों की चिंता बढ़ाने वाली खबर है। भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक ऑफ बड़ौदा के मोबाइल एप पर एक्शन लिया है। आरबीआई ने अपने आदेश में कहा कि इस एप से नए ग्राहकों को नहीं जोड़ा जाए।

बीओबी वर्ल्ड एप को किया निलंबित

बैंक ऑफ बड़ौदा का BOB वर्ल्ड नाम से एक मोबाइल एप है। इसके जरिए कस्टमर्स को कई सुविधाएं मिलती है। यह एप भुगतान, टिकट, आईपीओ आदि सुविधाए प्रदान करता है। अब इस एप को आरबीआई ने निलंबित कर दिया है।

रिजर्व बैंक की कार्रवाई के बाद नए ग्राहक इस ऐप से जुड़ नहीं पाएंगे। जिन लोगों का बैंक में अकाउंट है। उन्होंने अभी तक ऐप डाउनलोड नहीं किया है। वे फिलहाल बीओबी वर्ल्ड एप की सुविधा से वंचित रहेंगे। ग्राहकों को बैंक की कई सेवाएं ऑफलाइन लेनी होंगी। आरबीआई ने निर्देश दिया है कि बैंक यह सुनिश्चित करें कि पुराने कस्टमर्स को परेशानी न हो।

आरबीआई ने क्यों की कार्रवाई?

रिजर्व बैंक ने बैंक ऑफ बड़ौदा के एप को सस्पेंड करने की वजह बताई है। बैंक ने कहा कि बीओबी वर्ल्ड एप पर ग्राहकों को शामिल करने की प्रक्रिया को नोटिस किया गया। चिंता का विषय मानते हुए कार्रवाई की गई। बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949 की धारा 35ए के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा को एप में नए ग्राहक जोड़ने से रोक दिया गया। रिजर्व बैंक ने कहा कि एप पर लगी रोक तब हटाई जाएगी। जब सभी गड़बड़ियों को ठीक कर लिया जाएगा।

नीदरलैंड के खिलाड़ियों ने हिमाचली कलाकारों के संग गद्दी नाटी नृत्य किया

Netherlands players performed Gaddi Nati

 

शिमला, 12 अक्टूबर | हिमाचल के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में विश्व कप का तीसरा मैच नीदरलैंड और साउथ अफ्रीका की टीम के बीच खेला जाना है। आज विशेष विमान से नीदरलैंड की टीम कांगड़ा हवाई अड्डा पर पहुंची। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के अधिकारियों ने नीदरलैंड की टीम का हिमाचली पारंपरिक संस्कृति से स्वागत किया। उसके उपरांत इन खिलाड़ियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक निजी होटल में पहुंचाया गया होटल में कुछ देर आराम करने के बाद नीदरलैंड के खिलाड़ियों ने होटल में हिमाचली संस्कृति से रूबरू होते हुए प्रदेश की प्रसिद्ध गद्दी नाटी नृत्य स्थानीय हिमाचली कलाकारों के साथ किया। खिलाड़ियों ने एचपीसीए के अधिकारियों से हिमाचली संस्कृति को लेकर जानकारी भी हासिल की।

नाटी लोकनृत्य हिमाचल प्रदेश की संस्कृति का एक प्रतिबिंब है। इस नृत्य समूह में पुरुष और महिला दोनों सम्मिलित होते हैं, जिसका नेतृत्व प्रायः चँवर पकड़े हुए एक पुरुष करता है। नृत्य समूह की पोशाक गद्दी या हिमाचली खानाबदोशों को दर्शाती है।

सिनेमाघरों में फिर से रिलीज होगी ‘कुछ-कुछ होता है’, करण जौहर ने की अनाउंसमेंट

'Kuch Kuch Hota Hai' will be re-released

 

15 अक्टूबर को काजोल, शाहरुख खान और रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म कुछ-कुछ होता है एक बार फिर सिनेमाघरों में देखने को मिलेगी।

बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान और एक्ट्रेस काजोल की जोड़ी जब भी बड़े पर्दे पर आती है, तो धमाल मचा देती है। शाहरुख और काजोल की साथ में हर फिल्म सुपरहिट रही है। दोनों की जोड़ी को आज भी काफी पसंद किया जाता है। साल 1998 में रिलीज हुई करण जौहर की फिल्म ‘कुछ-कुछ होता है’, उस समय जमकर हिट हुई थी। 16 अक्टूबर को इस फिल्म को रिलीज हुए 25 साल पूरे हो जाएंगे। फैंस में इस फिल्म को लेकर काफी क्रेज देखने को मिला है, इसी को देखते हुए फिल्म मेकर्स ने कुछ-कुछ होता है को फिर से रिलीज करने का फैसला लिया है।

इस दिन री-रिलीज होगी फिल्म

बता दें कि कुछ-कुछ होता है फिल्म से करण जौहर ने बॉलीवुड में डायरेक्टर के रूप में डेब्यू किया था। करण की पहली ही फिल्म सुपरहिट साबित हुई। आज भी इस फिल्म को पसंद किया जाता है। ऐसे में करण जौहर ने फिल्म को री-रिलीज करने का एलान किया है। इसी के साथ फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग की जाएगी। 15 अक्टूबर को काजोल, शाहरुख खान और रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म कुछ-कुछ होता है एक बार फिर सिनेमाघरों में देखने को मिलेगी। इस बात की जानकारी करण ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दी है। फिल्म का क्रेज इतना की अनाउंसमेंट होते ही मिनटों में सभी टिकट बिक गई।

इतना कम रखा टिकट प्राइज

हालांकि, करण ने अपनी इस फिल्म का दाम काफी कम रखा था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘कुछ-कुछ होता है’ के 25 साल पूरे होने की खुशी में करण जौहर ने इस फिल्म की टिकट का प्राइज सिर्फ 25 रुपये रखा था। इसी के कारण फिल्म के सारे टिकट बिक गए। कुछ-कुछ होता है फिल्म 15 अक्टूबर 2023 को पीवीआर आइकाॅन वर्सोवा, मुंबई में शाम 7 बजे और 7.15 बजे के शो में दिखाई जाएगी।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...