जन्माष्टमी के मौके पर खाएं कृष्ण फल, डायबिटीज के मरीजों के लिए बेहद फायदेमंद

Eat Krishna fruit

 

जन्माष्टमी के मौके पर बच्चों एवं बूढ़ों समेत परिवार के सभी सदस्य व्रत करते हैं। लेकिन बूढ़ों और विशेष तौर पर डायबिटीज के रोगियों के लिए व्रत करना मुश्किल हो जाता है। फलाहार करने से कई बार ब्लड शुगर लेवल बढ़ने का खतरा रहता है। ऐसे में हम आपको भगवान कृष्ण के नामवाले ही एक फल की खासियत बताने जा रहे हैं, जिसे व्रत के दौरान आराम से खाया जा सकता है। ये फल है कृष्ण फल, जो ना सिर्फ सेहत के लिए फायदेमंद होता है बल्कि डायबिटीज को कंट्रोल करने में भी अहम भूमिका निभाता है।

मूल रूप से ब्राजील का फल है, लेकिन अब इसकी खेती कई देशों में की जाती है। भारत में इस फल का नाम भगवान कृष्ण के नाम पर कृष्ण फल रखा गया है। इसे मिनरल्स और विटामिन्स का भंडार माना जाता है। इसमें केले, पपीते, आम और अनानास जैसे फलों से भी ज्यादा एंटीऑक्सीडेंट्स और पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके सेवन से सेहत को अनेकों फायदे मिलते हैं। आइये जानते हैं इस फल के फायदे –

डायबिटीज में लाभ

कृष्ण फल का ग्लाइसेमिक इंडेक्स काफी कम होता है, इसलिए डायबिटीज के मरीजों को इसका सेवन करने की सलाह दी जाती है। साथ ही इसके नियमित सेवन हाई ब्लड शुगर को भी कंट्रोल करने में मदद मिलती है। व्रत के दौरान शुगर के मरीज भी इस फल को खा सकते हैं।

शरीर को पोषण

व्रत के दौरान सॉलिड फूड नहीं मिलने के कारण कमजोरी हो सकती है। लेकिन कृष्ण फल को खाने से शरीर को पर्याप्त पोषण मिलता है और शरीर में किसी तरह की कमी नहीं होती। इसके साथ ही कृष्ण फल के बीजों का सेवन करने से भूख को कंट्रोल करने में भी मदद मिल सकती है।

इम्यून सिस्टम को मजबूती

कृष्ण फल में मौजूद विटामिन सी, बीटा-क्रिप्टोक्सांथिन और अल्फा-कैरोटीन शरीर के इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मदद करते हैं। इसके सेवन से शरीर में खून की कमी भी नहीं होती है। इसलिए ये एनीमिया से भी बचाव करता है। बढ़ती उम्र की बच्चियों के लिए इसका सेवन काफी फायदेमंद माना जाता है।

हड्डियों को ताकत

कृष्ण फल में आयरन, मैग्नीशियम और फास्फोरस जैसे तत्व भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। इसलिए इस फल को खाने से हड्डियों की ताकत बढ़ती है और हड्डियां मजबूत होती हैं। इनसे हड्डियों को मजबूती मिलती है। बढ़ती उम्र के बच्चों और युवाओं के लिए इसका सेवन बहुत फायदेमंद होता है। इसके सेवन से ऑस्टिोपोरोसिस का खतरा कम होता है।

दिल की सेहत

कृष्ण फल में मौजूद इलेक्ट्रोलाइट और पोटैशियम, दिल के स्वास्थ्य को दुरुस्त रखते हैं। इसके सेवन से दिल की बीमारियों का जोखिम कम होता है। कृष्ण फल में अल्कलॉइड और अन्य यौगिक मौजूद होते हैं, जो बैचेनी और अनिद्रा की समस्या को दूर करते हैं। इससे नींद अच्छी आती है और दिल की सेहत को लाभ पहुंचता है।

इसका रखें ध्यान

ध्यान रखें, कि फलों का काम, सिर्फ शरीर को अंदर से मजबूत करना और सेहतमंद रखना होता है। ये किसी दवा या डॉक्टर का विकल्प नहीं हैं। इसलिए हाई ब्लड शुगर के मामले में नियमित रूप से डॉक्टर से बात करते रहना चाहिए। साथ ही डायबिटीज के मरीजों को अपने डाइट में कोई भी बदलाव करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए।

सराफा बाजारों में सोने और चांदी के रेट में लगातार दूसरे दिन आई गिरावट

Gold and silver rates

 

नई दिल्ली। देशभर के सराफा बाजारों में सोने और चांदी के रेट में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। सबसे शुद्ध माने जाने वाले 24 कैरेट गोल्ड 10 ग्राम का रेट 160 रुपये घटकर 60 हजार रुपये पहुंच गया। जबकि मंगलवार को यह 60,160 रुपये पर था। उधर 22 कैरेट गोल्ड 10 ग्राम का रेट 55 हजार रुपये पर पहुंच गया है। उधर चांदी की कीमत में भी एक बार फिर बड़ी गिरावट आई है, यह 500 रुपये घटकर 74,700 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है।

देश के चार बड़े शहरों में गोल्ड का रेट

– दिल्ली सराफा बाजार में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 60,200 रुपये पर पहुंच गया, वहीं यहा 22 कैरेट गोल्ड का रेट 55,150 रुपये रहा।

– चेन्नई के सराफा बाजार में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 60,330 रुपये रहा, उधर 22 कैरेट गोल्ड का रेट 55,300 रुपये पहुंच गया।

– कोलकाता के सराफा बाजार में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 60 हजार रुपये और 22 कैरेट गोल्ड का रेट 55 हजार रुपये पर पहुंच गया।

– मुंबई सराफा बाजार में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 60 हजार रुपये और 22 कैरेट गोल्ड का रेट 55 हजार रुपये रहा।

इंटरनेशनल मार्केट में भी सोने और चांदी के रेट में आई गिरावट

इंटरनेशन मार्केट में भी सोने और चांदी के रेट में लगातार गिरावट आई रही है। गोल्ड का रेट 0.10 % गिरकर 1950.80 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया है। वहीं सिल्वर का रेट 0.20 % गिरकर 23.83 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया। सोने और चांदी के रेट अभी एक समित दायरे में बने हुए हैं।

वायदा मार्केट में सोने और चांदी का रेट

वायदा मार्केट में सोने और चांदी की रेट में भी गिरावट देखी गई है। एमसीएक्स में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 15 रुपये घटकर 59,228 रुपये पहुंच गया। एमसीएक्स में चांदी के रेट में 165 रुपये घटे हैं और यह 73,280 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए हैं।

भारत 48वें टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में लेगा भाग

48th Toronto International Film Festival

 

दिल्ली, 06 सितंबर| भारत 48वें टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (टीआईएफएफ) में भाग लेगा और देश की रचनात्मक शक्ति का प्रदर्शन करेगा। इस वर्ष, भारत को प्रतिभा, सामग्री और मनोरंजन के केंद्र के रूप में प्रदर्शित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा गया है कि अपनी व्यापक भागीदारी योजना में, भारत देश की रचनात्मक और साथ ही तकनीकी शक्तियों को प्रदर्शित करने के लिए कई सत्रों की मेजबानी करेगा और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों को भारत के साथ फिल्मों का सह-निर्माण करने और भारतीय स्थानों पर फिल्म बनाने के लिए आमंत्रित करेगा। टीआईएफएफ सात सितंबर से शुरू हो रहा है।

एक विशेष स्पॉटलाइट सत्र, जिसका शीर्षक है, आओ, भारत में फिल्म बनाएं, देश में फिल्मांकन की आसानी को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय बिरादरी के लिए भारत की फिल्म नीतियों और एकल खिड़की तंत्र को प्रदर्शित करने का प्रयास किया जाएगा। टीआईएफएफ में भारत की भागीदारी इंडिया पवेलियन के उद्घाटन के साथ शुरू होगी, जिसे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, अहमदाबाद द्वारा डिजाइन किया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि स्पॉटलाइट सत्र के अलावा, कहानीकारों की भूमि के रूप में भारत पर एक सत्र और अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ कई बैठकों की योजना बनाई गई है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस साल टीआईएफएफ के आधिकारिक चयन में छह भारतीय फिल्मों का चयन किया गया है। ये फिल्म तरसेम सिंह धंधवार द्वारा निर्देशित डियर जस्सी, निखिल नागेश भट्ट द्वारा निर्देशित किल, करण बुलानी द्वारा निर्देशित थैंक यू फॉर कमिंग, किरण राव द्वारा निर्देशित लॉस्ट लेडीज, जयंत दिगंबर सोमलकर द्वारा निर्देशित स्थल/ए मैच, आनंद पटवर्धन द्वारा वसुधैव कुटुंबकम/द वर्ल्ड इज फैमिली आनंद पटवर्धन है। सुसी गणेशन द्वारा निर्देशित फिल्म दिल है ग्रे को मार्केट सेक्शन में प्रदर्शित किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस कार्यक्रम में पहुंचे सीएम शिवराज, क्लीन एयर सर्वे के विजेता शहरों को किया पुरस्कृत

Clean Air Day

 

स्वच्छ वायु सर्वे में इंदौर सिरमौर रहा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पुरस्कार ग्रहण किया……..

भोपाल। अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस-2023 पर केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा मध्य प्रदेश पर्यावरण विभाग के सहयोग से भोपाल में गुरुवार को राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित इस सम्मेलन का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग भी शामिल हुए। यह कार्यक्रम पहली बार दिल्ली से बाहर भोपाल में आयोजित किया गया।

शहरों को मिला पुरस्कार

इस कार्यक्रम में स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2023 में प्रथम तीन स्थान पाने वाले शहरों को भी पुरस्कृत किया गया। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2023 में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में इंदौर को प्रथम, आगरा द्वितीय, ठाणे तृतीय, 3 से 10 लाख आबादी श्रेणी में अमरावती प्रथम, मुरादाबाद द्वितीय, गुंटूर तृतीय और 3 लाख से कम आबादी की श्रेणी में परवानू प्रथम, काला अंब द्वितीय और अंगुल तृतीय रहे हैं। इन शहरों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। 10 लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी में इंदौर को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव और व नगर निगम आयुक्त हर्षिका सिंह ने यह सम्मान ग्रहण किया।

प्रकृति का शोषण नहीं, दोहन करो

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकृति प्रेम और पर्यावरण प्रेम भारत की माटी में है। भारत ने हजारों साल पहले ही कह दिया था कि प्रकृति का शोषण नहीं बल्कि उसका दोहन करो। भारत ये कहता है कि “एक ही चेतना हम सभी में है”। वसुधैव कुटुंबकम, आत्मवत् सर्वेभूतेषु, जियो और जीने दो यह भारत के इसी दृष्टिकोण को दर्शाता है। प्रधानमंत्री जी ने भी इसी मंत्र को दुनिया को दिया है “मिशन लाइफ”।

मप्र के शहरों के उल्लेखनीय प्रदर्शन पर जताई खुशी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि स्वच्छ वायु के लिए जो प्रयत्न हमने किए हैं उसके बेहतर परिणाम आए हैं। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण- 2023 में इंदौर को प्रथम, भोपाल को 5वां, जबलपुर को 13वां और ग्वालियर को 41वां स्थान प्राप्त हुआ है। 3 लाख से 10 लाख तक की श्रेणी में सागर को 10वां और 3 लाख से कम आबादी वाले शहर में देवास को 6वां स्थान मिला है। सभी नगरों को बहुत-बहुत बधाई।

प्रदर्शनी के साथ लघु फिल्म का प्रदर्शन

कार्यक्रम में नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम की सफलता की कहानियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे सभागार परिसर में एक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें मिशन लाइफ, गौ-काष्ठ, अपशिष्ट प्रबंधन, कार्बन कैप्चर, प्रदूषण नियंत्रण के उपाय, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, क्लीन एयर प्रोजेक्ट, सेल्फी कियोस्क, सीमेंट उद्योग में प्रदूषण नियंत्रण, भीमा बांस रोपण आदि स्टाल लगाए गए हैं।

भोपाल में बनेगा सर्वसुविधायुक्त स्टेट मीडिया सेंटर -मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

Media Center

 

पहली बार एकत्र हुए प्रदेश के प्रमुख नगरों और सभी जिलों के मीडिया प्रतिनिधि

भोपाल, 07 सितम्बर| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि लोकतंत्र के आधार स्तंभ के रूप में मीडिया प्रतिनिधियों का परिश्रम प्रशंसनीय है। पत्रकार साथी दिन-रात कार्य करते हैं। अनेक कठिनाइयों के बीच वे तथ्यों और समाचारों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। यही नहीं सरकार और अन्य सभी के लिए सेतु के रूप में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मीडिया के लिए मेरे मन में बहुत आदर का स्थान है। आज इस पत्रकार समागम में अनेक साथियों से भेंट हो रही है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह आज मुख्यमंत्री निवास में पत्रकार समागम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पत्रकार वर्ग के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें उपचार सहायता, बीमा योजना, आवास सुविधा, शिक्षा के लिए सुविधा आदि शामिल है। इसके साथ ही जनसंपर्क विभाग छोटे शहरों और कस्बों के पत्रकारों को डिजिटल तकनीक प्रशिक्षण दिलवाने का कार्य भी करेगा। आज हुए पत्रकार समागम में पहली बार राजधानी में प्रदेश के अनेक जिलों के पत्रकार एकत्र हुए।

अत्याधुनिक होगा स्टेट मीडिया सेंटर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि भोपाल के मालवीय नगर में पत्रकार भवन की भूमि वर्तमान में अनुपयोगी है। सभी की इच्छा है कि यहां नया भवन बने। इसे नया स्वरूप दिया जाएगा। नया भवन निर्मित किया जाएगा। नवनिर्मित भवन के साथ ही इसे स्टेट मीडिया सेंटर का दर्जा रहेगा। इसमें सभागार, पुस्तकालय, कैंटीन, सामान्य कक्ष सहित अन्य सुविधाएं होंगी। सेंटर में आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराएंगे।

मीडिया के प्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने की आत्मीय चर्चा

आज मुख्यमंत्री निवास में पत्रकार समागम में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया, न्यू मीडिया के विभिन्न माध्यमों और सोशल मीडिया के अलग-अलग माध्यमों के प्रतिनिधि उपस्थित हुए। आकाशवाणी, दूरदर्शन से जुड़े प्रतिनिधियों और एफएम चैनल के प्रतिनिधि भी पत्रकार समागम में शामिल हुए। वीडियोग्राफर और फोटोग्राफर भी पत्रकार समागम में पहुंचे। राजधानी भोपाल सहित प्रमुख नगरों इंदौर, उज्जैन, सागर, रीवा, शहडोल, चंबल, ग्वालियर और नर्मदापुरम सहित सभी संभागों के सभी जिलों के प्रतिनिधि आए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने संबोधन के पश्चात मीडिया बंधुओं से आत्मीय भेंट और चर्चा की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मीडिया के बंधुओं को दोपहर भोज के लिए आमंत्रित किया और भोजन के पश्चात ही प्रस्थान करने का आग्रह किया। व्रतधारी अतिथियों के लिए फलाहार की भी व्यवस्था की गई थी। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री निवास परिसर में नवनिर्मित समत्व भवन और भोज ताल की सुंदरता का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की महत्वपूर्ण घोषणाएं

राजधानी के पत्रकार भवन की भूमि पर नए भवन का निर्माण किया जाएगा।

वर्तमान में भोपाल में दो स्थानों पर पत्रकारों के लिए भूमि आवंटित कर कॉलोनी विकसित की गई है। अन्य नगरों में आज की आवश्यकता के अनुसार पत्रकारों की सोसायटी को भूमि प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए विधिवत कदम उठाए जाएंगे। इससे पत्रकार बंधुओं को अपना मकान बनाने के लिए व्यवस्था आसान होगी।

बीमा कंपनी द्वारा प्रीमियम राशि में 27 प्रतिशत वृद्धि की गई थी। बढ़ी हुई राशि पत्रकारों को नहीं भरना होगी। राज्य सरकार बढ़ी हुई राशि वहन करेगी। गत वर्ष की तरह ही पत्रकारों को प्रीमियम देना होगा।

65 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ पत्रकारों को बीमा के लिए प्रीमियम राज्य सरकार द्वारा भरा जाएगा। पत्रकारों के जीवनसाथी (पति/पत्नी) के बीमा का प्रीमियम भीराज्य सरकार भरेगी।

बीमा योजना की अंतिम तिथि 16 सितंबर से बढ़ाकर 25 सितंबर की जाएगी।

अस्वस्थ होने पर पत्रकार बंधु को आर्थिक सहायता के लिए वर्तमान प्रावधान 20 हजार के स्थान पर 40 हजार रूपए किया जाएगा। गंभीर बीमारी की स्थिति में यह 50 हजार के स्थान पर एक लाख रुपये होगा।

मध्यप्रदेश के वरिष्ठ एवं बुजुर्ग पत्रकारों को मासिक सम्मान निधि की राशि 10 हजार के स्थान पर 20 हजार रूपए होगी।

सम्मान निधि प्राप्त करने वाले पत्रकार के अवसान की स्थिति में परिवार को आठ लाख रूपए की राशि प्रदान की जाएगी।

अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों को आवास ऋण ब्याज अनुदान योजना के अंतर्गत अधिकतम ऋण की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रूपए की जाएगी।

अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों के बेटे-बेटियों की शिक्षा के लिए बैंक से ऋण पर उसके ब्याज पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान 5 वर्ष के लिए राज्य सरकार वहन करेगी।

मध्यप्रदेश के छोटे शहरों और कस्बों के पत्रकार साथियों की जरूरत के अनुसार उन्हें भोपाल में डिजिटल तकनीक का प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा। इसके लिए जनसंपर्क विभाग आवश्यक व्यवस्थाएं करेगा। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल का सहयोग भी प्राप्त किया जाएगा।

पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए वरिष्ठ पत्रकारों की समिति गठित कर प्राप्त सुझावों पर राज्य शासन द्वारा अमल किया जाएगा।

पत्रकार समागम के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंहऔर जनसंपर्क विभाग के सचिव विवेक पोरवाल, आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह, जनसंपर्क संचालक आशुतोष प्रताप सिंह और मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

आदित्य एल1 ने ली सेल्फी, पृथ्वी और चंद्रमा की भी दिखी अद्भुत तस्वीर

Aditya L1

 

चंद्रयान-3 की सफलता के बाद अब भारत का सूर्य मिशन Aditya L1 भी अपने लक्ष्य की ओर सफर कर रहा है और राह में जाते समय खुद की सेल्फी लेने के साथ धरती और चंद्रमा की भी शानदार तस्वीरें ले रहा है। आदित्य-एल1 (Aditya L1 Video) ने आज पृथ्वी और चंद्रमा के साथ एक खास सेल्फी ली है, जिसे इसरो ने शेयर किया है।

इसरो की ओर से शेयर की गई फोटो में VELC (विजिबल एमिशन लाइन कोरोनाग्राफ) और SUIT (सोलर अल्ट्रावॉयलेट इमेजर) उपकरण दिखाई दे रहे हैं। ये दोनों उपकरण 4 सितंबर को भी आदित्य-एल1 पर लगे कैमरे द्वारा देखे गए थे। इसरो ने सोशल मीडिया पर इसका पूरा वीडियो शेयर किया है।

Aditya L1 की कक्षा में बदलाव

आपको बता दें कि जब से Aditya L1 लॉन्चिंग हुई है, तब से अभी तक दो बार पृथ्वी की कक्षा बदल चुका है। अपनी तय दिशा के आधार पर Aditya L1 सूर्य के एल1 प्वाइंट की ओर तेजी बढ़ रहा है। Aditya L1 करीब 4 माह बाद सूर्य और धरती के बीच स्थित एल1 बिंदु पर पहुंचेगा।

15 लाख किमी की दूरी

Aditya L1 चार माह में करीब 15 लाख किमी की दूरी तय करेगा। इसरो के सूर्य मिशन में लगा VELC सूरज की HD फोटो लेगा। यात्रा पूरी होने के बाद Aditya L1 के सारे पेलोड्स ऑन किए जाएंगे। यह उपग्रह सौर तूफानों के आने की वजह, सौर लहरों और उनका धरती के वायुमंडल पर क्या असर होता है। इस बारे में विस्तृत अध्ययन करेगा।

NSUI के विरोध के बाद बैकफुट पर MCU प्रशासन, दीक्षांत समारोह में भोजन के नाम पर लिए पैसे करेगा वापस

 

 

भोपाल – एशिया का पहला पत्रकारिता विवि एमसीयू एक बार फिर गलत वजहों से सुर्खियों में है एमसीयू प्रशासन ने दीक्षांत समारोह में भोजन व्यवस्था निरस्त कर दिया है अब यूनिवर्सिटी द्वारा स्टूडेंट्स को 300 रुपए वापस लौटाया जाएगा, जो भोजन के नाम पर वसूले गए थे। एनएसयूआई के विरोध के बाद प्रशासन को यह निर्णय लेने पर मजबूर होना पड़ा।

दरअसल, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय द्वारा नवनिर्मित विशनखेड़ी परिसर में 15 सितंबर को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया है। देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय के कुलसचिव (रजिस्ट्रार) द्वारा एक अधिसूचना जारी कर पूर्व स्टूडेंट्स से दोपहर के भोजन के नाम पर 300 रुपए मांगे गए थे। एनएसयूआई ने इसका विरोध करते हुए उपराष्ट्रपति को पत्र लिखा था और कहा था कि विश्वविद्यालय के कोष में छात्र-छात्राओं के भोजन के लिए भी राशि नहीं हैं।

एनएसयूआई ने उपराष्ट्रपति से मांग की थी पूर्व स्टूडेंट्स के भोजन की व्यवस्था के लिए यूनिवर्सिटी को तीन लाख रुपए डोनेशन दें साथ ही सुझाव दिया था कि वे घर से लंच बॉक्स लेकर आएं मामला तूल पकड़ने के बाद अब विवि प्रशासन बैकफुट पर आ गई। एमसीयू द्वारा अब एक संशोधित अधिसूचना जारी कर कहा गया है कि दीक्षांत समारोह में भोजन की व्यवस्था नहीं रहेगी। भोजन के लिए स्टूडेंट्स से जो 300 रुपए लिए गए थे, वह रकम चेक के माध्यम से लौटाई जाएगी ।

हालांकि, एनएसयूआई ने इस फैसले पर भी आपत्ति जताई है। एनएसयूआई के रवि परमार ने कहा कि केजी सुरेश ने निर्लज्जता की सारी सीमाएं लांघ दी। पहले तो बेशर्मी से अपने यूनिवर्सिटी के पूर्व स्टूडेंट्स से भोजन के नाम पर चंदा किया। अब विरोध होने पर भोजन व्यवस्था ही निरस्त कर दिया गया। देश के कोने कोने से विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र दीक्षांत समारोह में शामिल होने आएंगे और यूनिवर्सिटी में उन्हें पानी तक नहीं पूछा जाएगा। हजारों किमी दूर से आए पूर्व छात्रों को क्या संदेश जाएगा ?

MCU Bhopal

रवि परमार ने आरोप लगाया कि कुलपति केजी सुरेश ने आरएसएस के इशारे पर देश के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं कांग्रेस नेता माखनलाल चतुर्वेदी जी के नाम पर बने इस विवि को बदनाम कर रहे हैं परमार ने कहा कि यदि दीक्षांत समारोह के दिन पूर्व स्टूडेंट्स के लिए लंच की व्यवस्था नहीं की जाएगी तो एनएसयूआई और मौजूदा छात्र विवि परिसर में भूख हड़ताल पर बैठेगी परमार ने कहा कि हम इस मामले में सीएम शिवराज और पीएम मोदी को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय को मुफ्त अनाज मुहैया कराने की भी मांग करेंगे ताकि बेशर्म कुलपति मुफ्त अनाज लेकर ही सही पूर्व स्टूडेंट्स के लिए भोजन की व्यवस्था कर सकें।

सोनिया गांधी के पत्र का प्रह्लाद जोशी ने दिया जवाब, आपको संसदीय परंपरा का ध्यान नहीं

replied to Sonia Gandhi's letter

नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर इसमें आने वाले विशेष एजेंडे को सार्वजनिक करने की मांग की थी। इस पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोनिया गांधी को जवाब देते हुए लिखा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आप लोकतंत्र के मंदिर संसद में हो रहे कामकाज का भी राजनीतिकरण करने का प्रयास कर रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने लिखा है कि जिस मामले में कोई विवाद नहीं है, वहां आप अनावश्यक रूप से विवाद उत्पन्न करना चाह रही हैं। पढ़‍िए क्या लिखा है पत्र के जवाब में…

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को लिखा गया है कि “जैसा कि आपको विदित है, अनुच्छेद 85 के तहत संसद सत्र नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। राष्ट्रपति समय-समय पर संसद के प्रत्येक सदन को ऐसे समय और स्थान पर, जो वह ठीक समझे, अधिवेशन के लिए आहूत करेगा, लेकिन उसके एक सत्र की अंतिम बैठक और आगामी सत्र की प्रथम बैठक के लिए नियत तारीख के बीच छह महीने का अंतर नहीं होगा।”

आपको संसद की परंपराओं का ध्यान नहीं

“पूर्ण रूप से स्थापित प्रक्रिया का पालन करते हुए ही संसदीय कार्य संबंधी मंत्रिमंडल समिति के अनुमोदन के पश्चात, राष्ट्रपति महोदया द्वारा 18 सितंबर से प्रारंभ होने वाले संसद सत्र को बुलाया है। शायद आपका परंपराओं की ओर ध्यान नहीं है। संसद सत्र बुलाने से पहले न कभी राजनीतिक दलों से चर्चा की जाती है और न कभी मुद्दों पर चर्चा की जाती है। महामहिम राष्ट्रपति के सत्र बुलाने के बाद और सत्र प्रारंभ होने के पहले सभी दलों के नेताओं की बैठक होती है, जिसमें संसद में उठने वाले मुद्दों और कामकाज पर चर्चा होती है।”

केंद्रीय मंत्री ने लिखा है, “मैं यह भी बताना चाहूंगा की हमारी सरकार किसी भी मुद्दे पर हमेशा चर्चा करने के लिए तैयार रहती है। वैसे तो आपने जिन मुद्दों का उल्लेख किया है वह सभी मुद्दे अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कुछ ही समय पूर्व मानसून सत्र के दौरान उठाए गए थे और सरकार द्वारा उन पर जवाब भी दिया गया था।”

“संसद सत्र की कार्यसूची हमेशा की तरह स्थापित आचरण के अनुसार उचित समय पर परिचालित की जाएगी। मैं यह भी फिर से ध्यान दिलाना चाहता हूं कि हमारी संसदीय कार्यप्रणाली में चाहे सरकार किसी भी दल की रही हो, आज तक संसद बुलाने के समय कार्यसूची पहले से कभी भी परिचालित नहीं की गई।”

केंद्रीय प्रह्लाद जोशी ने सोनिया गांधी को जवाब देते हुए लिखा है कि “मुझे पूर्ण विश्वास है कि संसद की गरिमा बनी रहेगी और इस मंच का उपयोग राजनीतिक विवादों के लिए नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मैं आगामी सत्र को सुचारू रूप से चलाने में आपके पूर्ण सहयोग की अपेक्षा करता हूं जिसके परिणामस्वरूप राष्ट्रीय हित में सार्थक परिणाम सामने आ सकें।”

शहर की सीमाओं पर शराब के अवैध कारोबार पर आबकारी विभाग ने कसा शिकंजा

liquor on city limits

 

ढाबा संचालक को भेजा जेल

भोपाल। जिले में अवैध शराब का कारोबार जमकर फल-फूल रहा है। खासतौर पर शहर की सीमाओं से लगे क्षेत्रों में तस्करों द्वारा अवैध रूप से देशी शराब का निर्माण करने के साथ ही बेचा भी जा रहा है। इन्हीं ठिकानों पर आबकारी की टीम ने बुधवार को छापामार कार्रवाई की है। टीम ने विभिन्न शराब के अवैध ठिकानों, ढाबा, तस्करों से कुल एक लाख 81 हजार लीटर अवैध शराब बरामद की है। साथ ही प्रिंस नामक एक ढाबा संचालक प्रिंस को जेल भेजा गया है। तस्करों में महिला आरोपित भी शामिल हैं। टीम ने कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 13 प्रकरण दर्ज किए हैं।

आबकारी विभाग ने कसा शिकंजा, ढाबा संचालक को भेजा जेल

आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शहर की सीमाओं से लगे क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने, तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। इसी वजह से बुधवार को आबकारी की अलग- अलग टीमों ने गांधीनगर, परवलिया, हरिपुरा, अर्जुन नगर, अयोध्या नगर बायपास रोड एवं आनंद नगर क्षेत्र में दबिश देते हुए छापामार कार्रवाई की है।

टीम ने मौके पर देखा तो देशी शराब बनाने के लिए हाथभट्टी बना रखी थी, जिसमें जमीन के अंदर कुप्पे, पालीथिन आदि गड़े हुए थे। इन्हें टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया और महुआ, लाहन के नमूने भी लिए गए है। टीम ने मौके से 141 लीटर हाथभट्टी शराब, 1310 किग्रा महुआ लाहन एवं 279 पाव देशी शराब और 37 बोतल बीयर बरामद की है।

तस्करों में सात महिलाएं भी शामिल

जिला आबकारी कंट्रोलर राजेंद्र जैन ने बताया कि आबकारी अधिनियम के तहत 13 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें सात महिला आरोपित इंदू,अनोखी, मीना, रूपवती, कम्मो,बीना और सरजू शामिल हैं। वहीं श्यामा ढाबा पर अवैध शराब और बीयर बेची जा रही थी। जिससे संचालक प्रिंस बाबू कुर्मी को जेल भेज दिया गया है। इनके अलावा दीनदयाल, सत्यनारायण,शुभम व दो अज्ञात आरोपितों पर कार्रवाई की गई है।

आज नेहरू नगर में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन , शामिल होंगे अभिनेता गोविंदा

Special decorations

 

दूसरी बार आ रहे हैं गोविंदा

भोपाल। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के चलते शहर में बुधवार को नेहरू नगर, अवधपुरी सहित अन्य छोटे-बड़े स्थानों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं हुईं। देर रात मशक्कत करने के बाद मटकियां फोड़ी गईं। गुरुवार को नेहरू नगर चौराहे पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन रखा गया है। अभिनेता गोविंदा इस मटकी फोड़ प्रतियोगिता कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होंगे। वह आज भोपाल पहुंचेंगे। विधायक पीसी शर्मा ने बताया कि मटकी फोड़ प्रतियोगिता में प्रदेशभर की टीमें शामिल होंगी। भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। मटकी फोड़ प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक लाख 11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसी जगह पर बुधवार को कांग्रेस नेता संजीव सक्सेना द्वारा नेहरू नगर में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 10 से अधिक टीमों ने भाग लिया।

समारोह, मंदिरों में की गई विशेष साज-सज्जा

यहां पर यह भी बता दें कि अभिनेता गोविंदा जन्माष्टमी के मौके पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता में शिरकत करने लगातार दूसरे साल भोपाल आ रहे हैं। पिछली बार वह करोंद में श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति के आमंत्रण पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता के लिए आए थे।

मल्हार उत्सव कल से शुरू

अरेरा कालाोनी दत्त मंदिर में तीन दिवसीय मल्हार उत्सव शुक्रवार से शुरू हो रहा है। महाराष्ट्रीयन समाज की ओर से वामन भालचंद्र बेहरे की स्मृति में संगीत समारोह मल्हार उत्सव हर दिन शाम 6:30 से शुरू होगा। शुक्रवार को अनिरुद्र जोशी सितार वादन की प्रस्तुति देंगे। वहीं नौ सितंबर शनिवार को सुरेखा भट्ट गायन और 10 सितंबर रविवार को प्रवीण शेवलीकर वायलिन वादन की प्रस्तुति देंगी। आयोजन समिति के प्रमुख संजय जोशी ने समारोह की जिम्मेदारी रोहिणी शिंगवेकर, चंद्रकांत बेहरे सहित अन्य लोगों को दी है।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...