युवराज सिंह दूसरी बार बने पिता, पत्नी हेजल ने बेटी को दिया जन्म

Yuvraj Singh became a father for the second time

 

पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह दूसरी बार पिता बन गए हैं। युवराज की पत्नी हेजल कीच ने बेटी को जन्म दिया है। पूर्व ऑलराउंडर ने यह खुशखबरी सोशल मीडिया के जरिए साझा की। इसके साथ ही युवराज ने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ एक फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की। इस पोस्ट में युवराज ने अपनी बेटी का नाम भी बताया है।

युवराज सिंह ने इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी की एक फोटो पोस्ट की। इस तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘हमारी छोटी राजकुमारी AURA का स्वागत है। बिना नींद की रातें और बेहतर हो गई हैं।’

युवराज और हेजल की लव स्टोरी

युवराज सिंह और हेजल कीच की लव स्टोरी काफी चर्चा में रही थी। 2016 में दोनों ने शादी कर ली। हेजल से शादी करने के लिए युवराज को काफी संघर्ष करना पड़ा। एक इंटरव्यू में कहा था कि हेजल ने तीन महीने बाद उनकी फ्रेंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट की थी।

बॉडीगार्ड में आई थीं नजर

हेजल कीच एक मॉडल और अभिनेत्री हैं। वह सलमान खान की फिल्म ‘बॉडीगार्ड’ में नजर आई थीं। इस फिल्म में उन्होंने करीना कपूर की दोस्त का किरदार निभाया था।

आंखों के डार्क सर्कल को प्राकृतिक संसाधनों से भी दूर किया जा सकता है

Dark circles of the eye

 

आज के दौर में कई लोग आंखों के आसपास के काले घेरे से परेशान हैं। इसके लिए वे कई तरह के उपचार अपनाते हैं। आंखों के आसपास के काले घेरे जिन्हें डार्क सर्कल कहते हैं, उसके कई कारण हो सकते हैं।

कंप्यूटर व मोबाइल का अधिक प्रयोग, बढ़ती उम्र, शराब व धूम्रपान का सेवन, हार्मोन का असंतुलन, अनुवांशिक कारण, नींद पूरी न होना, तनाव, चिंता, खानपान सही न होना, थकान और गर्भावस्था के कारण डार्क सर्कल हो सकते हैं। इस समस्या से बहुत सजह ढ़ंग से छुटकारा पाया जा सकता है।

जहां तक प्राकृतिक संसाधनों से इस समस्या को दूर करने की है तो खीरा हमारी त्वचा के गहरे रंग को हल्का करता है। यह आंखों को ठंडक और आराम देता है। खीरे के मोटे टुकड़े काटें और इसे 30 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। अब इन टुकड़ों को आंखों पर दस मिनट के लिए रखें। ऐसा दो हफ्ते तक लगातार करें।

इसके अलावा खीरा और नींबू के रस को बराबर मात्रा में मिलाकर रूई की मदद से काले घेरे पर लगाएं। 10 मिनट बाद चेहरा पानी से धो लें। एक सप्ताह में ही सकारात्मक परिणाम मिल सकता है। प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से न तो त्वचा पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और ना ही समस्या और बढ़ेगी। इसके अलावा यह तरीके हर तरह की त्वचा के लिए लाभदायक होते हैं।

27 अगस्त की शाम आसमान में दिखेगा अद्भुत नजारा, पृथ्वी के सबसे नजदीक होगा शनि

Saturn will be closest to the Earth

 

शनि, पृथ्‍वी और सूर्य तीनों एक सीधी रेखा में रहेंगे…..

भोपाल। 27 अगस्‍त, रविवार को एक अद्भुत खगोलीय घटना होने जा रही है। इस दिन शनि ग्रह पृथ्वी के बेहद नजदीक रहेगा। इससे आप आसमान में शनि को इसके खूबसूरत वलय (रिंग) के साथ देख सकते हैं। हालांकि इसके लिए आपको टेलिस्कोप की मदद लेनी होगी। ऐसी खगोलीय घटना लगभग एक साल में एक बार होती है। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया परिक्रमा करते हुये पृथ्‍वी आज सूर्य और शनि के बीच पहुंचेगी। इस तरह शनि, पृथ्‍वी और सूर्य तीनों एक सीधी रेखा में रहेंगे । इस समय शनि पृथ्‍वी के सबसे समीप होगा, जिससे यह अपेक्षाकृत अधिक चमकीला महसूस होगा।

27 अगस्त की शाम आसमान में दिखेगा अद्भुत नजारा, पृथ्वी के सबसे नजदीक होगा शनि

भारतीय समय के अनुसार यह दोपहर 1 बजकर 50 मिनिट पर ठीक सीध में पहुंचेगा। लेकिन इसका दिखना शाम सूर्योस्‍त के बाद पूर्व दिशा में आरंभ होगा। शनि रात भर आकाश में भ्रमण करता दिखकर सुबह सबेरे सूर्यादय के पहले पश्चिम में अस्‍त होगा।अगर आपके पास टेलिस्‍कोप है और बादल बाधा नहीं बनते हें तो आप इसे रिंग के साथ चमकता देख सकते हैं। बिना टेलिस्‍कोप यह एक मध्‍यम तारे के जैसा दिखेगा तथा इसके रिंग खाली आंखों से नहीं देखे जा सकेंगे।

इसके बाद 08 सितंबर 2024 को करीब आएंगे पृथ्वी व शनि

अपोजीशन के समय सेटर्न की पृथ्‍वी से दूरी लगभग 131 करोड़ 9 लाख किमी होगी । इसका प्रकाश आप तक पहुंचने में लगभग 73 मिनिट लग रहा होगा । इसके रिंग 8.1 डिग्री के कोण पर झुके होंगे। चूकि शनि की सूर्य से दूरी ,पृथ्‍वी की सूर्य से दूरी की तुलना में लगभग साढ़े नौ गुना अधिक है, इसलिये शनि के अपोजीशन की इस घटना में कोई चमत्‍कारिक अंतर नहीं आता है जैसा कि सोशल मीडिया में बढ़-चढ़ कर बताया जाता है । लगभग एक साल में होने वाली खगोलीय घटना इसके बाद 2024 में 08 सितम्‍बर को होगी ।

चंद्रमा पर भारत ने बनाए ‘शिव शक्ति’ और ’तिरंगा’ पॉइंट

India made 'Shiv Shakti' and 'Tiranga' points on Moon

 

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग का यादगार बनाने के लिए हर साल भारत में 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे मनाया जाएगा

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह बेंगलुरु पहुंचे और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (ISRO) के वैज्ञानिकों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने सभी वैज्ञानिकों को चंद्रयान-3 की सफलता की बधाई दी। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने तीन बड़े ऐलान किए।

-चंद्रमा पर जहां चंद्रयान-3 की लैंडिंग हुई है, उस स्थान को शिव शक्ति पॉइंट से जाना जाएगा|चंद्रमा पर जहां -चंद्रयान-2 का लैंडर गिरा था, उस स्थान को दुनिाय में तिरंगा पॉइंट के नाम से जाना जाएगा।चंद्रयान-3 की -सफल लैंडिंग का यादगार बनाने के लिए हर साल भारत में 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे मनाया जाएगा।

बेंगलुरु में पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

इसरो रिसर्च सेंटर में वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “आप सभी के बीच आकर आज एक अलग ही खुशी महसूस कर रहा हूं। शायद ऐसी खुशी बहुत दुर्लभ अवसरों पर होती है, जब ऐसी घटनाएं घटती हैं कि बेसब्री हावी हो जाती हैं। इस बार मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ है।”
“मैं भारत आते ही जल्द से जल्द आपके दर्शन करना चाहता था। आप सबको सैल्यूट करना चाहता था। सैल्यूट आपके परिश्रम को, सैल्यूट आपके धैर्य को, सैल्यूट आपकी लगन को, सैल्यूट आपके जज्बे को। आप देश को जिस ऊंचाई पर लेकर गए हैं, ये कोई साधारण सफलता नहीं है। ये अनंत अंतरिक्ष में भारत के वैज्ञानिक सामर्थ्य का शंखनाद है।”
“India is on the moon. We have our national pride placed on the moon.
हम वहां पहुंचे जहां कोई नहीं पहुंचा था। हमने वो किया जो पहले कभी किसी ने नहीं किया।”
“ये आज का भारत है। निर्भीक और जुझारू। ये वो भारत है जो नया सोचता है, नए तरीके से सोचता है। जो डार्क जोन में जाकर भी दुनिया में रोशनी की किरण फैला देता है।”
“मेरी आंखों के सामने 23 अगस्त का वह दिन, वह एक-एक सेकंड बार-बार घूम रहा है। जब टच डाउन कंफर्म हुआ तो जिस तरह यहां ISRO सेंटर में, पूरे देश में लोग उछल पड़े, वह दृश्य कौन भूल सकता है। कुछ स्मृतियां अमर हो जाती हैं। वह पल अमर हो गया।”
“हर भारतीय को लग रहा था कि विजय उसकी अपनी है। हर भारतीय को लग रहा था जैसे वह खुद एक बड़े एक्जाम में पास हो गया है। आज भी बधाइयां दी जा रही हैं, संदेशे दिए जा रहे हैं और ये सब मेरे देश के वैज्ञानिकों ने मुमकिन बनाया है। मैं आपका जितना गुणगान करूं, कम है, जितनी सराहना करूं, कम है।”
“चंद्रमा के जिस हिस्से पर हमारा चंद्रयान उतरा है, भारत ने उस स्थान के भी नामकरण का फैसला लिया है। जिस स्थान पर चंद्रयान-3 का मून लैंडर उतरा है, अब उस Point को ‘शिवशक्ति’ के नाम से जाना जाएगा।”
“चंद्रमा के जिस स्थान पर चंद्रयान-2 अपने पद चिन्ह छोड़े हैं, वह प्वाइंट अब ‘तिरंगा’ कहलाएगा। ये तिरंगा प्वाइंट भारत के हर प्रयास की प्रेरणा बनेगा, ये तिरंगा प्वाइंट हमें सीख देगा कि कोई भी विफलता आखिरी नहीं होती।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मैन विद अ विजन और मैन ऑन अ मिशन हैं – मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

Prime Minister Narendra Modi

 

सवा सौ करोड़ भारतवासियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का क्रांतिकारी नवाचार है मन की बात

भोपाल, 26 अगस्त| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा है कि संपूर्ण विश्व इस बात पर एकमत है कि “यह भारत का दौर है। समस्या कोई भी हो, सारा विश्व समाधान के लिए भारत की ओर देखने लगा है।” यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व क्षमता से संभव हुआ है। पिछले 9 वर्षों के छोटे से अंतराल में भारत कुछ नहीं कर सकता से भारत ही कर सकता है की भावना सम्पूर्ण विश्व में व्याप्त हुई है। यह भारत का सौभाग्य है कि हमें प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व और मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मैन विद अ विजन-मैन ऑन अ मिशन हैं। उन्होंने वर्ग विशेष के तुष्टिकरण की जगह हर हितग्राही के संतुष्टिकरण की नीति के क्रियान्वयन के लिए टारगेटिंग 100 प्रतिशत सैचुरेशन का लक्ष्य रखा। सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास की भावना जीरो टॉलरेंस फॉर करप्शन और फोकस ऑन डायरेक्ट कम्युनिकेशन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की विशेषताएं हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह नरेन्द्र मोदी की मन की बात पर आधारित सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास पुस्तक के भाग 2 और भाग 3 के विमोचन अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। केन्द्रीय सूचना-प्रसारण, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने 9 साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के विषय पर केन्द्रित मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन की बात से लोगों की चिंताओं और आकांक्षाओं से सीधे जुड़ते हैं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि सवा सौ करोड़ भारतवासियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का क्रांतिकारी नवाचार मन की बात आज देश के जन-जन की बात बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी सोच, अपने विचार और विजन को बहुत सहजता से समझा देते हैं। किसान हो या इंजीनियर, वैज्ञानिक हो या लेखक, छात्र हो या शिक्षक, आमजन हो या राजनेता, श्रोताओं का कोई भी समूह उनके साथ ऐसे जुड़ जाता है, मानो वे उन्हीं में से एक हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन की बात से लोगों की चिंताओं और आकांक्षाओं से सीधे जुड़ते हैं।

प्रधानमंत्री जी की पुस्तकों का भोपाल में विमोचन होना हमारा सौभाग्य – मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि सीधा संवाद, समावेशिता और भागीदारी, एकता और राष्ट्रीय पहचान, प्रेरणा और उत्साहवर्धन, सरकारी नीतियों तथा योजनाओं के बारे में जागरूकता, पारदर्शिता और जवाबदेही, डिजिटल पहुंच का विस्तार मन की बात के प्रमुख आयाम हैं। इसके माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण सहित अनेक सामाजिक मुद्दों पर देश के जन-जन से चर्चा की गई है। मन की बात देश के विभिन्न क्षेत्रों की परम्पराओं, त्यौहारों और प्रथाओं पर प्रकाश डालकर भारत की समृद्ध विरासत को भी प्रदर्शित करती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रदेशवासियों को पुस्तक के अध्ययन के लिए प्रेरित किया तथा पुस्तकों के विमोचन के लिए भारत सरकार के सूचना प्रसारण मंत्रालय द्वारा मध्यप्रदेश को चुनने के लिए आभार माना।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सबसे तेजी से बढ़ने वाले राज्यों में शामिल हुआ – केन्द्रीय मंत्री ठाकुर

केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सबसे तेजी से बढ़ने वाले राज्यों में शामिल हुआ है। प्रधानमंत्री के भाषणों के संग्रह के दोनों खंड शोधार्थियों, विद्यार्थियों के लिए बहुत उपयोगी हैं, इनसे सभी को कुछ न कुछ सीखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की धारा को विकासवाद की ओर मोड़ा है। समतामूलक समाज का निर्माण, राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मातृभाषा पर बल, चंद्रयान की सफलता, 18 करोड़ 50 लाख लोगों का गरीबी रेखा से बाहर निकलना, प्रधानमंत्री की नीतियों का ही परिणाम है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 86 भाषण खंड 2 में और 80 भाषण खंड 3 में संग्रहित हैं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषणों पर केन्द्रित सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के खंड 2 और खंड 3 का‍विमोचन किया। खंड 2 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूसरे कार्यकाल के दूसरे वर्ष अर्थात जून 2020 से मई 2021 तक के 86 भाषणों का संग्रह है। यह संग्रह आत्मनिर्भर भारत, सिटीजन-फर्स्ट गवर्नेंस, कोविड-19 और बदलता विश्व, उदीयमान भारत, जय जवान-जय किसान-जय विज्ञान, टेक इंडिया-न्यू इंडिया, हरित भारत- ओजस्वी-स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत-सक्षम भारत, शाश्वत भारत-आधुनिक भारत और मन की बात के दस खंडों में विभाजित है।

खंड 3 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूसरे कार्यकाल के तीसरे वर्ष अर्थात जून 2021 से मई 2022 तक के 80 भाषणों का संग्रह है। पुस्तक में स्टार्टअप इंडिया, सुशासन सबका प्रयास, स्वास्थ्य पर बदलता विश्व, उदीयमान भारत, छोटा किसान बने देश की शान, नारी शक्ति-राष्ट्र शक्ति, खेलो इंडिया-फिट इंडिया, शाश्वत भारत और मन की बात नाम से 9 खंड हैं। यह पुस्तकें हर भारतीय के मन में राष्ट्र प्रथम की भावना को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने के भाव जगाती है। कार्यक्रम में खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग तथा अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी उपस्थित थे।

राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2022 के आवेदन 5 सितंबर से, अक्टूबर के अंत में परीक्षा

Application for State Service Main Examination-2022

 

राज्य सेवा मुख्य परीक्षा का आधिकारिक कार्यक्रम मप्र लोकसेवा आयोग (पीएससी) ने जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा का सिलसिला 30 अक्टूबर से शुरू होगा। चार नवंबर तक परीक्षा जारी रहेगी। इससे पहले प्रारंभिक परीक्षा में चयनित हुए उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन करना होगा। आवेदन का सिलसिला पांच सितंबर से शुरू होगा।

पीएससी ने मुख्य परीक्षा के कार्यक्रम के साथ आवेदन प्रक्रिया भी घोषित कर दी है। 12 जुलाई को घोषित प्रारंभिक परीक्षा में चयनित सभी अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए आनलाइन आवेदन करना होगा। पांच सितंबर से 25 सितंबर के बीच वे आवेदन कर सकेंगे। आरक्षित वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 400 रुपये जबकि अनारक्षित वर्ग के लिए 800 रुपये निर्धारित है। आवेदन के साथ परीक्षार्थी अपने केंद्र के लिए शहर का चयन कर सकते हैं।

पीएससी के अनुसार, मुख्य परीक्षा के लिए इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, रतलाम, सतना, सागर, शहडोल और बड़वानी में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। 30 अक्टूबर को पहला प्रश्नपत्र सामान्य अध्ययन का होगा। 31 से 2 नवंबर तक सामान्य अध्ययन के शेष तीन और प्रश्न पत्र होंगे। तीन नवंबर को हिंदी व व्याकरण और चार नवंबर को हिंदी निबंध व प्रारुप लेखन का अंतिम प्रश्न पत्र होगा।

पीएससी ने घोषणा की है कि प्रश्न और उत्तर पत्र एक ही होगा। प्रश्न के नीचे दिए स्थान में उत्तर लिखना होगा। जल्द ही वेबसाइट पर आयोग प्रश्न-उत्तर पत्र की नमूनार्थ प्रति जारी कर देगा। ताकि अभ्यर्थी अभ्यास कर सकें। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र की उपलब्धता 20 अक्टूबर से वेबसाइट पर ही करवाई जाएगी।

मुख्य परीक्षा 2022 में वे सभी अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे जो प्रारंभिक परीक्षा के मुख्य या प्रावधिक किसी भी भाग में चयनित हुए हैं। हालांकि अच्छे अंक लाने पर भी प्रावधिक सूची वाले अभ्यर्थी मुख्य भाग में शिफ्ट नहीं हो सकेंगे। इसी तरह मुख्य भाग वालों की भी श्रेणी अपरिवर्तित रहेगी। जब तक आरक्षण पर कोर्ट का निर्णय नहीं आ जाता प्रावधिक भाग वालों का अंतिम चयन परीणाम घोषित नहीं होगा।

भोपाल मेट्रो को सीहोर और मंडीदीप तक बढ़ाया जाएगा- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

Bhopal Metro

स्मार्ट सिटीज में प्रदेश को बेस्ट अवार्ड, इन्दौर को नेशनल स्मार्ट सिटी अवार्ड तथा पाँच शहरों को 13 अवार्ड मिलने पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

भोपाल, 26 अगस्त| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश नगरीय विकास के क्षेत्र में नई ऊचाईयाँ प्राप्त कर रहा है। इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड्स कॉन्टेस्ट-2022 में उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर प्रदेश की पाँच स्मार्ट सिटी को विभिन्न श्रेणी में 13 अवार्ड मिले हैं। प्रदेश को बेस्ट स्टेट का अवार्ड मिला है और इन्दौर नेशनल स्मार्ट सिटी अवार्ड में प्रथम स्थान पर है। इन उपलब्धियों के लिए प्रदेशवासियों को बधाई। इसके साथ ही आज का दिन एक संकल्प और सपना साकार होने का दिन है। नगरीय विकास की दिशा में आगे बढ़ते हुए भोपाल और इन्दौर में हम मेट्रो ट्रेन के संचालन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट पार्क में मेट्रो ट्रेन के मॉडल कोच के अनावरण अवसर पर यह बात कही।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मेट्रो ट्रेन केवल भोपाल शहर तक सीमित नहीं रहेगी। इसे भोपाल से मंडीदीप और फिर बैरागढ़ होते हुए सीहोर तक ले जाया जाएगा। मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन इन्दौर और भोपाल में सितम्बर माह में आरंभ हो जाएगा और अप्रैल-मई तक ट्रेन चलने लगेगी। अब भोपाल और इन्दौर मेट्रो रेल सिटी होंगे। मेट्रो ट्रेन से जनता को बहुत सुविधाएँ मिलेंगी। आवागमन का समय बचेगा और सफर भी आरामदायक होगा।

कोरोना की कठिन परिस्थितियों के बाद भी मेट्रो रेल के लिए तेजी से कार्य किया गया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश बदल रहा है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी पिछली सरकार ने भोपाल औऱ इन्दौर को मेट्रो सिटी बनाने का निर्णय लिया था और इस दिशा में काम भी शुरु कर दिया था, लेकिन दूसरी सरकार आने के कारण पंद्रह महीने काम बंद रहा। कोरोना की कठिन परिस्थितियों के बाद भी हमारी सरकार ने भोपाल और इन्दौर में मेट्रो रेल के लिए तेजी से कार्य किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इस अवसर पर पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में भोपाल की महापौर मालती राय तथा जन-प्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

आमजन के अवलोकन के लिये खुला रहेगा मेट्रो ट्रेन कोच

उल्लेखनीय है कि स्मार्ट पार्क में मेट्रो ट्रेन कोच का वास्तविक मॉडल प्रदर्शित किया गया है। अनावरण के बाद मॉडल कोच को बच्चों एवं आमजन के अवलोकन के लिये खोला जायेगा। मेट्रो ट्रेन इस प्रकार के 3 कोच से मिल कर बनती है। भोपाल में 5 किलोमीटर एवं इंदौर में 6 किलोमीटर लम्बाई के मेट्रो ट्रॉयल रन की तैयारी तेजी से की जा रही है। भोपाल में मेट्रो की ऑरेंज एवं ब्लू लाइन निर्माणाधीन है, जिसकी कुल लम्बाई 31 किलोमीटर और लागत 7 हजार करोड़ रूपये है। ऑरेंज लाइन करोंद चौराहा से एम्स तक 17 किलोमीटर और ब्लू लाइन भदभदा चौराहा से रत्नागिरि चौराहा तक 14 किलोमीटर की लम्बाई की है। ऑरेंज लाइन का कार्य तेजी से चल रहा है। इंदौर मेट्रो में येलो लाइन निर्माणाधीन है। इसकी कुल लम्बाई 31 किलोमीटर एवं लागत 7500 करोड़ है।

विश्व की अग्रणी तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलीजेन्स का उपयोग होगा मेट्रो ट्रेन के संचालन में

भोपाल-इंदौर मेट्रो को विश्व की अग्रणी तकनीक (ग्रेड ऑफ ऑटोमेशन-4) से संचालित करने के लिये डिजाइन किया गया है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलीजेन्स का भी उपयोग किया गया है। इस तकनीक से मेट्रो की सेफ्टी सुनिश्चित करने तथा ऊर्जा संरक्षण में काफी फायदा होगा। प्रत्येक कोच में कुल 8 दरवाजे होंगे। मेट्रो ट्रेन में सीसीटीवी कैमरा प्रणाली, डिस्प्ले यूनिट, एयर कंडीशनिंग(AC) सिस्टम, अत्याधुनिक प्रणाली की लाइटिंग व्यवस्था, आपातकालीन स्थिति में यात्रियों की चालक से बात हो सके, इसके लिए पेसेंजर इमरजेंसी कम्युनिकेशन यूनिट की व्यवस्था होगी। यात्रियों की आग से सुरक्षा के लिये सबसे सुरक्षित स्तर यानी HL-3 लेवल से ट्रेन का डिजाइन तैयार किया गया है। ट्रेन में फायर अलार्म, स्मोक अलार्म सिस्टम एवं फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था भी होगी।

गगन के ह्रदय का मुख्यमंत्री बाल ह्रदय उपचार योजना में हुआ सफल ऑपरेशन

Successful operation of Gagan's heart

 

भोपाल, 26 अगस्त| समय पर सहायता मिल जाए, तो वह वरदान से कम नहीं है। बालाघाट जिले के लांजी विकासखंड के ग्राम खांडाफरी के सात माह के मासूम गगन का ह्रदय में छेद की बीमारी का मुंबई में सफल ऑपरेशन यही प्रमाणित करता है। यह ऑपरेशन मुख्यमंत्री बाल ह्रदय उपचार योजना से मिली सहायता से हुआ है।

बालाघाट जिले में 30 अगस्त तक चलाये जा रहे दस्तक अभियान में लक्ष्मीचंद टिकेश्वर को सात माह के पुत्र गगन टिकेश्वर के दिल में छेद की बीमारी का पता लगा था। लक्ष्मीचंद हैदराबाद में मजदूरी का काम करते हैं। बीमारी का पता लगने के बाद उन्होंने अपने बच्चे का बालाघाट जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया। लक्ष्मीचंद ने ह्रदय रोग के संबंध में स्वास्थ्य अधिकारी से चर्चा की, जिन्होंने उन्हें मुख्यमंत्री बाल ह्रदय उपचार योजना की जानकारी दी। प्रकरण तैयार कर ऑपरेशन के लिये मुंबई के नारायणा ह्रदयालय भेजा गया, जहाँ बच्चे का सफल ऑपरेशन हुआ। बच्चा अब स्वस्थ है। बच्चे के ऑपरेशन के लिये राज्य शासन की ओर से एक लाख 47 हजार रूपये की स्वीकृति दी गई थी।

लक्ष्मीचंद ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को मासूम गगन के निशुल्क ऑपरेशन के लिये धन्यवाद ज्ञापित किया है। जिले में दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता, आँगनवाड़ी कार्यकर्ता और एएनएम घर-घर जाकर 5 वर्ष उम्र तक के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने नवनियुक्त मंत्रियों को शपथ दिलाई

oath to the newly appointed ministers.

राजभवन में मंत्रि-परिषद् शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

भोपाल, 26 अगस्त| मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के ठीक पहले आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए गौरीशंकर बिसेन और राजेंद्र शुक्ल को कैबिनेट मंत्री और राहुल सिंह लोधी को राज्य मंत्री के रूप में शामिल किया।

राजभवन में आयोजित संक्षिप्त एवं गरिमामय समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने तीनों नवनियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री एवं प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और अनेक जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

विधानसभा चुनाव के ठीक पहले क्षेत्रीय, जातिगत और राजनैतिक दृष्टि से संतुलन के उद्देश्य से नए मंत्रियों को शपथ दिलायी गई है। मंत्रिमंडल में अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के अलावा मंत्रियों की संख्या बढ़कर 33 हो गयी है। इसमें 25 कैबिनेट मंत्री और आठ राज्य मंत्री शामिल हैं। दो सौ तीस सदस्यीय राज्य विधानसभा में तय मापदंड के अनुरूप मुख्यमंत्री शिवराज सिंह समेत अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं। इस तरह अब भी एक पद रिक्त है। विंध्य अंचल से आने वाले राजेंद्र शुक्ल रीवा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं और वे पहले भी मंत्री रह चुके हैं। महाकौशल अंचल से आने वाले लगभग 70 वर्षीय गौरीशंकर बिसेन बालाघाट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे भी राज्य मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं पहले भी दे चुके हैं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे राहुल लोधी बुंदेलखंड की खरगापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और वर्ष 2018 में पहली बार ही विधायक बने हैं। उन्हें राज्य मंत्री बनाकर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय को साधने की कोशिश की गयी है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और भाजपा नेताओं ने नवनियुक्त मंत्रियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सभी समीकरणों को ध्यान में रखकर मंत्रिमंडल का विस्तार किया है और इसमें अनुभव के साथ ही युवा जोश को भी तवज्जो दी गयी है। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में शानदार विजय हासिल कर एक बार फिर से प्रदेश में सरकार बनाएगी। राज्य में आगामी नवंबर दिसंबर माह में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। हालाकि अभी चुनाव कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मेट्रो ट्रेन कोच के अनावरण अवसर पर रोपे पौधे

Chief Minister Shivraj Singh planted saplings

 

भोपाल, 26 अगस्त| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में मेट्रो ट्रेन कोच के मॉडल के अनावरण अवसर पर पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने नीम, जामुन, कदंब, सारिका इंडिका और मौलश्री के पौधे रोपे। पौध-रोपण में भोपाल महापौर मालती राय सहित जन-प्रतिनिधि, नगर निगम और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के पदाधिकारी सम्मिलित हुए।

 

 

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...