नर्मदापुरम। सावन मास के पावन अवसर पर भगवान शिव की आराधना और माँ नर्मदा की महिमा को समर्पित ऐतिहासिक श्री जटाशंकर कावड़ यात्रा 2026 का आयोजन 3 से 10 अगस्त तक किया जाएगा। यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति की प्रमुख सुश्री राजो मालवीय ने श्रद्धालुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित शामिल होने का आह्वान किया है।
यात्रा का शुभारंभ 2 अगस्त 2026 को सायं 4:00 बजे सेठानी घाट, नर्मदापुरम पर आयोजित माँ नर्मदा चुनरी महोत्सव एवं दीपदान के साथ होगा। इस अवसर पर श्रद्धालु माँ नर्मदा का पूजन-अर्चन, चुनरी अर्पित कर दीपदान करेंगे तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की मंगलकामना करेंगे।
इसके अगले दिन 3 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे सेठानी घाट से भव्य श्री जटाशंकर कावड़ यात्रा प्रारंभ होगी। शिवभक्त माँ नर्मदा का पवित्र जल कावड़ में लेकर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ पदयात्रा करते हुए श्री जटाशंकर महादेव मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा का समापन 10 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे श्री जटाशंकर महादेव मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन के साथ होगा।
सुश्री राजो मालवीय ने कहा कि श्री जटाशंकर कावड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा, श्रद्धा, अनुशासन, सामाजिक समरसता और लोककल्याण का सशक्त प्रतीक है। वर्षों से यह यात्रा माँ नर्मदा की कृपा एवं भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से हजारों श्रद्धालुओं को आस्था के सूत्र में जोड़ती आ रही है। मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा में भाग लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के लिए आयोजन समिति द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा, विश्राम, प्रसादी सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। श्रद्धालुओं से धार्मिक गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा प्रशासन एवं स्वयंसेवकों के निर्देशों का सहयोग करने की भी अपील की गई है।
आयोजन समिति के यात्रा संयोजक पंडित दिनेश तिवारी, महामंत्री गोविंद दुबे तथा गजेंद्र मालवीय सहित समिति के पदाधिकारियों ने भी सभी शिवभक्तों से सावन के इस पावन अवसर पर माँ नर्मदा एवं भगवान भोलेनाथ की आराधना में सहभागी बनकर धर्म, संस्कृति और सेवा के इस महाआयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।
























