MP Sarkari Naukri 2026: मध्यप्रदेश में ढाई लाख से ज्यादा सरकारी भर्तियां, युवाओं के लिए बड़ा मौका

भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। आने वाले दो साल में प्रदेश में ढाई लाख से अधिक पदों पर सीधी भर्ती के अवसर बनने की संभावना है। लंबे अंतराल के बाद पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने से निचले स्तर के पद भी खाली होंगे, जिससे नई भर्तियों का रास्ता खुलेगा।
जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा भर्ती पुलिस, शिक्षा और राजस्व विभाग में होने की संभावना है। गृह विभाग में करीब 17,500 आरक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जबकि उप निरीक्षक और सूबेदार के करीब 507 पदों के लिए अधिसूचना जारी हो चुकी है।
स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग में करीब 1.5 लाख शिक्षकों के लिए पात्रता परीक्षा सितंबर-अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित है। वहीं उच्च शिक्षा विभाग में 7 हजार से अधिक, पुलिस विभाग में 18,500 से अधिक और शिक्षा विभाग में 10 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की संभावना बताई गई है।
राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में पटवारी और ग्राम सचिव के करीब 2,300 पदों के लिए भी प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। अन्य विभागों में भी रिक्त पदों का आकलन कर भर्ती की तैयारी की जा रही है।
दस साल बाद पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने से बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदों पर पदोन्नति होगी। इससे नीचे के स्तर पर पद खाली होंगे और विभागवार भर्ती के अवसर बढ़ेंगे। अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों के अनुसार आने वाले समय में भर्ती प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

Previous articleकोलार बंद के बाद कांग्रेस का बड़ा ऐलान: व्यापारियों के समर्थन में सड़क से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेगी लड़ाई
Next articleरूस-यूक्रेन युद्ध पर शांति प्रयास तेज, अमेरिकी दूत मॉस्को और कीव का करेंगे दौरा