कोलार बंद के बाद कांग्रेस का बड़ा ऐलान: व्यापारियों के समर्थन में सड़क से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेगी लड़ाई

भोपाल। बुधवार को कोलार व्यापारी महासंघ के आह्वान पर हुए सफल कोलार बंद के बाद गुरुवार को कोलार क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर व्यापारियों की मांगों का खुलकर समर्थन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रहवासी क्षेत्रों में वर्षों से संचालित व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर की जा रही कार्रवाई से हजारों व्यापारियों और कर्मचारियों की आजीविका प्रभावित हो रही है। भोपाल में हाल के दिनों में इस मुद्दे को लेकर व्यापारियों का विरोध लगातार बढ़ा है।
प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता जितेंद्र डागा ने कहा कि कई व्यापारी 30 से 40 वर्षों से अपना व्यवसाय चला रहे हैं। नगर निगम ने इन प्रतिष्ठानों को गुमास्ता लाइसेंस दिए, कर वसूला और अब अचानक कार्रवाई की जा रही है, जो व्यापारियों के साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से व्यावहारिक समाधान निकालने और वर्षों से संचालित प्रतिष्ठानों को राहत देने की मांग की।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी लड़ाई को सड़क से लेकर अदालत तक लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा, “कोलार के व्यापारी अकेले नहीं हैं। कांग्रेस उनके हक और सम्मान की लड़ाई में पूरी ताकत से साथ है। यदि सरकार ने व्यापारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो कांग्रेस धरना, प्रदर्शन और चक्काजाम जैसे आंदोलन करेगी।”

राहुल सिंह राठौड़ ने घोषणा की कि 5 सितंबर, शनिवार को कोलार में व्यापारियों के समर्थन में प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कांग्रेस अनुभवी अधिवक्ताओं के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में भी व्यापारियों का पक्ष रखेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक जितेंद्र डागा, राजकुमार सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़, मंगल सिंह यादव, सुखलाल ठाकुर सहित कोलार क्षेत्र के अनेक कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

Previous articleमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल को जन्मदिन पर दीं शुभकामनाएं