बिलों से 2025 से कारोबार संचालित होने के मिले प्रमाण, एक्सपायरी ब्रेड-पाव भी मिले; पनीर और गुलाब जामुन के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
भोपाल। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने कोलार रोड स्थित बैरागढ़ चीचली के आम्र पैलेस (AAMRA PALACE) का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान में बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के कैटरिंग और बैंक्वेट हॉल का संचालन किए जाने का मामला सामने आया। जांच में वर्ष 2025 से खाद्य कारोबार संचालित होने के प्रमाण भी मिले हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में उपलब्ध बिलों और अभिलेखों की जांच में वर्ष 2025 से लगातार कैटरिंग एवं बैंक्वेट हॉल से संबंधित कारोबार किए जाने की जानकारी सामने आई। हालांकि, मौके पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक FSSAI लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया।
कैंटीन में सफाई की कमी, एक्सपायरी ब्रेड-पाव मिले
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के कैंटीन और भोजन तैयार करने वाले क्षेत्र में पर्याप्त साफ-सफाई नहीं पाई गई। वहां सेनेटरी और हाइजीन संबंधी व्यवस्थाएं भी संतोषजनक नहीं थीं। इसके अलावा खाद्य सामग्री के रूप में रखे ब्रेड और पाव की उपयोग अवधि समाप्त पाई गई।
पनीर और गुलाब जामुन के नमूने लिए
निरीक्षण के समय परिसर में कोलार निवासी हर्ष मिश्रा के परिवार का विवाह समारोह आयोजित था। समारोह में मेहमानों को परोसने के लिए तैयार किए गए खाद्य पदार्थों में से पनीर और गुलाब जामुन के नमूने खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने संग्रहित किए हैं। इन नमूनों को गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आम्र श्री इवेंट्स के नाम से मिले पंजीयन अभिलेख
जांच के दौरान प्रतिष्ठान के पास गुमास्ता और GST पंजीयन उपलब्ध पाए गए। वहीं, उपलब्ध पंजीयन अभिलेखों में प्रतिष्ठान का नाम आम्र श्री इवेंट्स (AAMRA SHREE EVENTS) तथा नंद किशोर मारन सहित अन्य भागीदारों के नाम दर्ज मिले।
शहर के मैरिज गार्डन और कैटरिंग संचालकों की होगी जांच
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विवाह समारोहों के सीजन को देखते हुए भोपाल के सभी बैंक्वेट हॉल, मैरिज गार्डन और कैटरिंग व्यवसायों का निरीक्षण जारी रहेगा। सभी खाद्य कारोबार संचालकों के लिए FSSAI लाइसेंस लेना और निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
प्रशासन के मुताबिक, बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस कारोबार करते पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर खाद्य कारोबार पर प्रतिबंध लगाने और प्रतिष्ठान का संचालन बंद कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
स्रोत: खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला भोपाल।
















