Wednesday, November 25, 2026

कोलार के श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में परीक्षा परिणाम पर बवाल, 65 विद्यार्थियों को मिले डबल जीरो अंक

भोपाल। कोलार स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय की परीक्षा एवं मूल्यांकन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बीकॉम द्वितीय वर्ष के बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय में करीब 200 विद्यार्थियों में से 65 विद्यार्थियों को शून्य अंक दिए जाने का मामला सामने आया है। वहीं, एक छात्रा को चारों परीक्षाओं में शामिल होने के बावजूद रिजल्ट में अनुपस्थित (ABSENT) दर्शाए जाने का आरोप है।

मामले को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजकुमार सिंह प्रभावित विद्यार्थियों के साथ बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार से मुलाकात कर विद्यार्थियों की समस्या उठाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की।

परीक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया पर उठे सवाल

जानकारी के अनुसार, बीकॉम सेकंड ईयर के बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को डबल जीरो अंक मिलने से छात्र परेशान हैं। इसके अलावा साक्षी नाम की छात्रा ने चारों परीक्षाएं दीं, लेकिन उसके परीक्षा परिणाम में सभी विषयों में ABSENT दर्ज कर दिया गया।

इस घटनाक्रम ने विश्वविद्यालय की परीक्षा संचालन और मूल्यांकन प्रक्रिया के साथ ही रिजल्ट तैयार करने वाली निजी कंपनी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच की मांग

राजकुमार सिंह ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं और परीक्षा परिणामों की दोबारा जांच कराई जाए। साथ ही, जिन विद्यार्थियों को गलत तरीके से अनुपस्थित या शून्य अंक दर्शाए गए हैं, उनके परिणामों में तत्काल सुधार किया जाए और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

Previous articleSSC CHSL 2026: 3 दिसंबर से टियर-1 परीक्षा, अभ्यर्थी चेक करें अपना परीक्षा शहर