चिरायु अस्पताल क्षेत्र में भी भोजताल की ग्राउंड ट्रुथिंग, गौहर महल से शुरू हुआ ड्रोन सर्वे

भोपाल। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) द्वारा गठित टीम ने रविवार को भोजताल और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का ड्रोन सर्वे और ग्राउंड ट्रुथिंग की। सर्वे की शुरुआत गौहर महल से हुई। ड्रोन के जरिए तालाब क्षेत्र की स्थिति का तकनीकी आकलन किया गया, जबकि दूसरी टीम ने विभिन्न स्थानों पर मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।

सर्वे के दौरान चिरायु अस्पताल क्षेत्र को भी निरीक्षण के दायरे में रखा गया। इसके अलावा खानूगांव के अंडर-कंस्ट्रक्शन क्रूज़ साइट, आर्मी स्पोर्ट्स एरिया, ग्राम कोहेफिजा, हलालपुरा के फिजा फार्म और लैंडमार्क मैरिज गार्डन के पीछे के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण में भोजताल की सीमा, FTL (फुल टैंक लेवल) और ग्रीन बेल्ट के चिन्हांकन की स्थिति देखी गई। कुछ स्थानों पर रिटेनिंग वॉल के ऊपर से पानी बहता मिला। करबला पंप हाउस के सामने और श्रीन नदी के आसपास तालाब में जलकुंभी और पानी में उगने वाली घास का फैलाव भी पाया गया।

खानूगांव क्षेत्र में कई स्थानों पर FTL और ग्रीन बेल्ट के मुनारे मौके पर दिखाई नहीं दिए।

टीम ने उन स्थानों का भी निरीक्षण किया, जहां पानी वास्तविक रूप से आगे तक फैला हुआ मिला।

हलालपुरा के फिजा फार्म क्षेत्र में पक्का पुल बना हुआ पाया गया और उसके आगे तक पानी फैला नजर आया। वहीं लैंडमार्क मैरिज गार्डन के पीछे सड़क के आसपास करीब छह फीट तक का भराव दिखाई दिया। आसपास पानी के साथ मैरिज गार्डन और पार्किंग से जुड़े भराव के हिस्से भी नजर आए। यहां भी FTL के मुनारे मौके पर स्पष्ट दिखाई नहीं दिए।

ड्रोन सर्वे के साथ की गई ग्राउंड ट्रुथिंग का उद्देश्य मौके की वास्तविक स्थिति और उपलब्ध रिकॉर्ड में दर्ज सीमाओं के बीच स्थिति का तकनीकी परीक्षण करना है।

निरीक्षण के दौरान सुभाष सी. पांडेय और याचिकाकर्ता राशिद नूर खान टीम के साथ मौजूद रहे। कार्रवाई दोपहर करीब 3 बजे तक चली।

बैरागढ़ क्षेत्र का सर्वे अभी बाकी है, जिसे आगे पूरा किया जाना है।

NGT की टीम द्वारा किए जा रहे ड्रोन सर्वे और ग्राउंड ट्रुथिंग के बाद भोजताल से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों में FTL, ग्रीन बेल्ट और वास्तविक जलभराव क्षेत्र की स्थिति को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Previous articleसत्य निकेतन इमारत हादसा: मालिक के खिलाफ FIR, CM रेखा गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा