कोलार के सरकारी स्कूलों की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Oplus_16908288

भोपाल। हुजूर विधानसभा के कोलार क्षेत्र में शासकीय विद्यालयों की बदहाल स्थिति और अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और एसडीएम के माध्यम से शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कोलार क्षेत्र के कई सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। स्कूलों में फर्श खराब और कई जगह उखड़ा हुआ है। वहीं, खुले एवं असुरक्षित बिजली के तारों के कारण छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कुछ शासकीय विद्यालयों की छतों की स्थिति भी जर्जर है। बारिश के दौरान स्कूलों में पानी टपकने की समस्या सामने आती है। इसके अलावा मध्याह्न भोजन तैयार किए जाने वाले स्थानों पर स्वच्छता की कमी, गंदगी और पानी भरने जैसी समस्याओं का भी कांग्रेस ने मुद्दा उठाया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकारी स्कूल बच्चों के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ-साथ स्कूलों में स्वच्छता, बिजली, भवन और बैठने जैसी बुनियादी सुविधाओं का होना जरूरी है। कांग्रेस ने शासन से मांग की कि कोलार क्षेत्र के सभी शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत और व्यवस्थाओं में सुधार कराया जाए।

मुख्यमंत्री के दावे पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बताया जाता है। कांग्रेस ने कहा कि मुख्यमंत्री को राजधानी भोपाल से बाहर जाने की जरूरत नहीं है। वे कोलार क्षेत्र के सरकारी स्कूलों का जमीनी निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति देख सकते हैं।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि स्कूलों की मौजूदा स्थिति देखने के बाद ही सरकारी स्कूलों में सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने प्रशासन से स्कूलों की समस्याओं का जल्द निराकरण करने और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की।

Previous articleइंदौर में Transport Summit 2026 का आगाज, Smart Mobility से Green Transport तक होगी चर्चा
Next articleKolar Crime: भोपाल में ट्रैफिक ACP के घर चोरी, 6 लाख कैश और लाखों के जेवर ले गए बदमाश