5 नंबर बस स्टॉप के रविशंकर शुक्ल मार्केट री-डेवलपमेंट पर सवाल, नाले और ग्रीन बेल्ट में भराव का आरोप

भोपाल। 5 नंबर बस स्टॉप, शिवाजी नगर स्थित रविशंकर शुक्ल मार्केट री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट को लेकर जिला प्रशासन, नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से शिकायत की गई है। आवेदक राशिद नूर खान ने प्रोजेक्ट की आड़ में मुख्य नाले और ग्रीन बेल्ट की भूमि पर रातों-रात भराव कर नई घुमठियां स्थापित किए जाने का आरोप लगाया है।

शिकायत में कहा गया है कि मौके पर पोकलेन और जेसीबी मशीनों से नाले के किनारे भारी भराव किया गया। आवेदक के अनुसार इससे नाले की जल निकासी क्षमता प्रभावित हो सकती है और बारिश के दौरान आसपास की पुरानी बस्तियों एवं आवासीय मकानों में जलभराव का खतरा बढ़ सकता है।

आवेदन में नाले की सीमा और ग्रीन बेल्ट का तत्काल सीमांकन कराने तथा निर्माण क्षेत्र की तकनीकी जांच की मांग की गई है। साथ ही मास्टर प्लान के प्रावधानों के तहत setback की माप कराने का भी अनुरोध किया गया है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की आड़ में कुछ प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए प्राइम लोकेशन पर दुकानें या घुमठियां स्थापित की गई हैं। इसे लेकर संभावित आवंटन में अनियमितता की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

आवेदन में आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारियों से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि मौके पर संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किस प्राधिकरण से अनुमति दी गई है।

राशिद नूर खान ने कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी से संयुक्त निरीक्षण कराकर जांच पूरी होने तक भराव और निर्माण कार्य रोकने, नाले व ग्रीन बेल्ट की सीमा का सीमांकन करने तथा यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता ने कहा है कि मामला किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि सार्वजनिक नाले, प्राकृतिक जल निकासी, पर्यावरण और आसपास के नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा जनहित का विषय है। साथ ही शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण लेने की बात कही गई है।

Previous articleदिल्ली में BRICS सम्मेलन का दूसरा दिन, PM मोदी की कई अहम द्विपक्षीय बैठकें