उज्जैन में 33.27 लाख दीयों से जगमगाई शिप्रा, तीन मिनट में रोशन हुए घाट और बना विश्व रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर महाकाल की नगरी उज्जैन में गुरुवार शाम भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। शिप्रा नदी के घाटों और महाकाल महालोक में एक साथ 33 लाख 27 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन ने विश्व रिकॉर्ड बनाया।

शाम करीब 7 बजे सायरन बजते ही रामघाट, दत्त अखाड़ा, केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट और भूखी माता घाट समेत शिप्रा के विभिन्न घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन शुरू हुआ। करीब 25 हजार से अधिक वॉलंटियर्स, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर कुछ ही मिनटों में घाटों को दीपों की रोशनी से जगमगा दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंघी भी मौजूद रहे। इसके बाद नेताओं ने मां शिप्रा की आरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

दीपोत्सव का आयोजन केवल शिप्रा घाटों तक सीमित नहीं रहा। महाकाल महालोक भी लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। वहीं, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मध्य प्रदेश के 845 प्रमुख स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए और आयोजकों के अनुसार प्रदेशभर में कुल 3.55 करोड़ दीये जलाए गए।

उज्जैन में दीपों की इस भव्य रोशनी ने शिप्रा तट और महाकाल की नगरी को अलौकिक स्वरूप दे दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने भागीदारी की।

Previous articleकोलार रोड में दीपोत्सव के साथ मनाया PM मोदी का 76वां जन्मदिन
Next articleभारत के क्रिकेट शेड्यूल में बड़ा बदलाव, रविंद्र जडेजा की ODI टीम में वापसी