
बिलखिरिया थाना क्षेत्र का सनसनीखेज मामला, चाकू से किए थे दो वार; अदालत ने आठ महीने में सुनाया फैसला
भोपाल। शराब का पैग बनाने को लेकर हुए विवाद में अपने ही सगे चाचा की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी भतीजे को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। भोपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र के इस सनसनीखेज हत्याकांड में आरोपी आनंद गिरी को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय ने दोषी करार दिया है।
13 नवंबर 2026 को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत आजीवन कारावास और 1,000 रुपये अर्थदंड से दंडित किया। इसके अलावा धारा 217(बी) के तहत एक वर्ष का सश्रम कारावास तथा आयुध अधिनियम की धारा 25(1-बी)बी के तहत दो वर्ष का सश्रम कारावास और 500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई।
पैग बनाने को लेकर हुआ था विवाद
विशेष लोक अभियोजक श्रीमती सुधाविजय सिंह भदौरिया के अनुसार, घटना 7 दिसंबर 2025 की है। मृतक लीला गिरी जीवन सिंह विष्ठ के खेत पर बने टपरे में चौकीदारी करते थे और वहीं रहते थे। घटना वाले दिन शाम करीब 4:30 बजे टपरे पर कुछ लोग बाटी और मुर्गा बनाने के साथ पार्टी कर रहे थे।
इसी दौरान शराब पीने के लिए पैग बनाने को लेकर लीला गिरी और उनके भतीजे आनंद गिरी के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से अपने चाचा पर चाकू से दो वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण लीला गिरी की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस को दी थी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या की सूचना
अगले दिन 8 दिसंबर 2025 को आरोपी आनंद गिरी ने पुलिस थाना बिलखिरिया में सूचना दी कि जब वह अपने चाचा को पानी देने टपरे पर पहुंचा तो वे चूल्हे के पास खून से लथपथ पड़े थे। उनके पेट में घाव था और उनकी मृत्यु हो चुकी थी। आरोपी ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने की आशंका जताई थी।
पुलिस ने मर्ग क्रमांक 72/2025 दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों से शराब की पार्टी के दौरान हुए विवाद तथा चाकू से हमले की जानकारी सामने आई। इसके बाद आरोपी आनंद गिरी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 422/2025 दर्ज कर विवेचना की गई।
DNA और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से साबित हुआ अपराध
पुलिस ने संपूर्ण विवेचना के बाद अप्रैल 2026 में न्यायालय के समक्ष अभियोग पत्र प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाहों के बयान, परिस्थितिजन्य साक्ष्य, DNA रिपोर्ट और दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए। इन साक्ष्यों और अभियोजन के तर्कों से सहमत होकर न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
आठ महीने में आया फैसला
इस मामले में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक श्रीमती सुधाविजय सिंह भदौरिया ने प्रभावी पैरवी की। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2025 में हुई इस हत्या के मामले में न्यायालय ने करीब आठ महीने में फैसला सुनाते हुए आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।




