
उधारी के पैसे और शादी के दबाव को लेकर हुई थी हत्या, डीएनए और CCTV साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दोषी करार
भोपाल। भोपाल के शाहजहानाबाद क्षेत्र में महिला की निर्मम हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में छिपाने के सनसनीखेज मामले में न्यायालय ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अवैध संबंधों, उधारी के पैसों और शादी को लेकर हुए विवाद के बाद महिला की हत्या करने वाले आरोपी राजेन्द्र प्रसाद वैद्य उर्फ राजू उर्फ नंदकिशोर को अदालत ने दोषी ठहराया है।
13 नवंबर 2026 को बारहवें अपर सत्र न्यायाधीश श्री जयंत शर्मा की अदालत ने आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास और 1,000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। वहीं धारा 201 के तहत 3 वर्ष का सश्रम कारावास और 1,000 रुपये अर्थदंड भी लगाया गया।
सेप्टिक टैंक में मिला था महिला का शव
अभियोजन के अनुसार, 12 अक्टूबर 2022 को सूचनाकर्ता विजय सिंह ने थाना शाहजहानाबाद क्षेत्र के मरघटिया मंदिर के पास एक नवनिर्मित मकान के सेप्टिक टैंक में अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना दी थी। सोशल मीडिया पर महिला की तस्वीर प्रसारित होने के बाद परिजनों ने शव की पहचान गीता बाई, पत्नी नर्मदा प्रसाद के रूप में की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि गीता बाई मरघटिया मंदिर में राजेन्द्र प्रसाद वैद्य से मिलने जाया करती थी। पुलिस जांच में CCTV फुटेज में भी महिला मंदिर की ओर जाती दिखाई दी। घटना स्थल के आसपास आरोपी की संदिग्ध गतिविधियां भी सामने आईं।
विवाद के बाद गला दबाकर की थी हत्या
पुलिस पूछताछ में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, आरोपी और महिला के बीच उधारी के पैसे वापस करने तथा शादी को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने गीता बाई का हाथों से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद घोड़ानिकास बाजार से एक बड़ी बोरी लाकर शव को उसमें लपेटा और रात करीब 1:15 बजे नवनिर्मित मकान के सेप्टिक टैंक में डालकर ऊपर से पटिया से ढक दिया।
DNA और CCTV साक्ष्यों से साबित हुआ अपराध
मामले की जांच में पुलिस ने CCTV फुटेज, आरोपी और मृतिका के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), DNA परीक्षण और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को आधार बनाया। आरोपी के कपड़ों से प्राप्त महिला के बालों का DNA परीक्षण भी कराया गया। इन साक्ष्यों की कड़ी के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी मानते हुए सजा सुनाई।
विशेष लोक अभियोजक ने की प्रभावी पैरवी
इस प्रकरण में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक श्रीमती वर्षा कटारे ने प्रभावी पैरवी की। उनके द्वारा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत साक्ष्यों और अभियोजन के पक्ष को आधार बनाकर आरोपी को दोषसिद्ध कराया गया।




