भोपाल में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, ढाबों और रिसोर्ट से 108800 रुपये की अवैध मदिरा जब्त

रायसेन बायपास से एयरपोर्ट रोड तक कई स्थानों पर दबिश, दोपहिया वाहन भी जब्त

भोपाल। भोपाल जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 12 नवंबर को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग की विभिन्न टीमों ने ढाबों, रिसोर्ट और अन्य स्थानों पर दबिश देकर कुल 1 लाख 8 हजार 800 रुपये कीमत की अवैध मदिरा जब्त की।

कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के आदेशानुसार तथा उपायुक्त आबकारी संभाग भोपाल श्री के.सी. अग्निहोत्री एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री वीरेन्द्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व कंट्रोलर श्रीमती वर्षा उइके ने किया।

इन स्थानों पर हुई कार्रवाई

सहायक जिला आबकारी अधिकारी महेश विश्वकर्मा की टीम ने रायसेन बायपास रोड स्थित मधुवन ढाबा से गोविंद कोकता के कब्जे से 10 पाव देशी मदिरा प्लेन तथा बिलखीरिया में कंकाली माता मंदिर के पास मंगला दुबे से 10 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की। दोनों मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

वहीं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती सीमा कशीसिया की टीम ने रेत घाट के पास कृष्णा सूर्यवंशी को अवैध मदिरा का परिवहन करते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से देशी मदिरा के पाव और एक सुजुकी बर्गमैन दोपहिया वाहन जब्त किया गया। वाहन की अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये और मदिरा की कीमत 3,800 रुपये बताई गई है। इसके अलावा इतवारा स्थित मुर्गी बाजार के पास से 40 पाव देशी मदिरा भी जब्त की गई।

याराना ढाबा और वीर विला रिसोर्ट पर भी दबिश

उपनिरीक्षक श्रीमती स्वाति बघेल की टीम ने याराना ढाबा से अशोक मोंगिया के कब्जे से 90 पाव देशी मदिरा प्लेन और 3.2 बल्क लीटर विदेशी मदिरा जब्त की। इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

देर रात एयरपोर्ट रोड स्थित वीर विला रिसोर्ट में भी कार्रवाई की गई। यहां संचालक निलेश देवानी से 6.75 बल्क लीटर विदेशी मदिरा व्हिस्की और 4 बल्क लीटर बीयर जब्त की गई। होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट में निर्धारित नियमों के विपरीत मदिरापान कराने के मामले में संबंधितों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 36A/B के तहत कार्रवाई की गई। इस मामले में जब्त मदिरा की कीमत 21 हजार रुपये बताई गई है।

अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

आबकारी विभाग के अनुसार इस अभियान में जब्त मदिरा की कुल कीमत 1 लाख 8 हजार 800 रुपये है। विभाग ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को निर्धारित समय और नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है।

सहायक आबकारी आयुक्त श्री वीरेन्द्र सिंह धाकड़ ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन, विक्रय और नियम विरुद्ध मदिरापान पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में सघन गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Previous articleभोपाल के कोलार रोड पर 18 नवंबर से श्रीमद् भागवत कथा, 24 नवंबर को होगा समापन
Next articleभोपाल में महिला की हत्या के दोषी को आजीवन कारावास, शव सेप्टिक टैंक में छिपाया था