गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 14 जिलों की 93 विधानसभा सीट पर मतदान हो रहा है। इस चरण में 61 राजनीतिक दलों के 833 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 285 निर्दलीय भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मतदान किया। 8 दिसंबर, गुरुवार को मतगणना होगी।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री इंदौर में क्रांतिसूर्य टंट्या मामा भील बलिदान दिवस में शामिल हुए
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि जनजातीय समाज को जल, जंगल और जमीन का अधिकार दिलाने के लिये पेसा एक्ट लागू किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं जनता के बीच जाकर इसे सरल भाषा में समझा रहे हैं। पेसा एक्ट जनजातीय समाज को सफलता के शिखर पर ले जायेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में वंचित वर्ग के कल्याण और समावेशी समाज बनाने के लिये सराहनीय प्रयास हो रहे हैं। राजय सरकार जनजातीय समाज को सिकल सेल जैसी बीमारी से बचाने के लिये भी सराहनीय कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री चौहान इस सबके लिये बधाई के पात्र हैं। जनजातीय नायकों ने जल, जंगल और जमीन बचाने के लिये अंग्रेजों के खिलाफ भीषण संघर्ष किया। आज टंट्या मामा भील के बलिदान दिवस पर मैं सभी को नमन करता हूँ।
राज्यपाल पटेल एवं मुख्यमंत्री चौहान आज नेहरू स्टेडियम इंदौर में क्रांति सूर्य टंट्या मामा भील बलिदान दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज यहाँ क्रांतिसूर्य जननायक टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम कोई कर्म कांड नहीं बल्कि सामाजिक और आर्थिक क्रांति का शंखनाद है। मध्यप्रदेश की धरती पर जनजातीय कल्याण के संकल्प को पूरा भी किया जा रहा है। प्रदेश के 89 जनजातीय बहुल विकासखंडों में पेसा एक्ट लागू किया जा चुका है, जो जनजातीय समुदाय को जल, जंगल और जमीन का हक प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मैं पेसा एक्ट समझाने वाला मास्टर ट्रेनर हूँ। आज आप सबको ट्रेंड करने आया हूँ, जिससे हमारे जनजातीय भाई-बहन अपने अधिकारों को समझे और अपना एवं अपने गाँव को समृद्ध कर आत्म-निर्भर बनाये। प्रदेश में मास्टर ट्रेनर्स बना कर प्रशिक्षण देने का काम चल रहा है। प्रत्येक विकासखंड में 15-15 कोआर्डिनेटर बनाये जायेंगे। पेसा एक्ट के माध्यम से जनजातीय वर्ग की जिंदगी बदलने का काम करना है। यह महा अभियान है, मुख्यमंत्री चौहान ने इसमें सभी को साथ मिल कर चलने का संकल्प भी दिलाया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कई लोग जनजातीय समाज की बेटियों से शादी कर उनकी जमीन हड़पने का षड़यंत्र करते हैं। मैं मध्यप्रदेश की धरती पर लव जिहाद का खेल चलने नहीं दूँगा। कोई बेटी के 35 टुकड़े कर दे, मैं यह बर्दाश्त नहीं करूँगा। जरूरत पड़ी तो लव जिहाद के खिलाफ कड़ा कानून बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार अच्छा कार्य करने वालों को सम्मानित करेगी और गड़बड़ी करने वालों को छोड़ेगी नहीं। शिवराज मामा का संकल्प है कि न खाऊँगा और न खाने दूँगा। बेईमान सावधान हो जायें। जगह-जगह छापामार कार्यवाही की जायेगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आगामी बजट में गरीबों के लिये माइक्रो फाइनेंस योजना लायेंगे, जिसमें गरीबों को 5 हजार रूपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया जायेगा। रोजगार एवं स्व-रोजगार के लिये ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराये जायेंगे। आने वाले समय में मध्यप्रदेश से पलायन को शून्य करेंगे, जिससे ग्रामीणों को रोजगार के लिये कहीं बाहर न जाने पड़े।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पेसा एक्ट में हर गाँव में समितियाँ बनेगी। इन समितियों में एक तिहाई सदस्य महिला होंगी। ग्राम सभाओं को अपने गाँव की जल, जंगल और जमीन के उपयोग का पूर्ण अधिकार होगा। पेसा एक्ट छल-कपट से छीनी गई जमीन पर जनजातीय समाज को दोबारा अधिकार दिलवायेगा। गाँव की रेत, गिट्टी, पत्थर पर पहला हक जनजातीय सहकारी समितियों का होगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में मेडिकल एवं इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिन्दी में प्रारंभ की गई है। मेधावी छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा की फीस सरकार भर रही है। बच्चे खूब पढ़ें, कोई चिंता न करें, उनकी फीस मामा भरेगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ग्रामों में धार्मिक एवं पूजा स्थलों का जीर्णोद्धार कराया जायेगा। हर ग्राम पंचायत में भोजन बनाने के बर्तन उपलब्ध कराये जायेंगे, जिससे ग्रामीणों को आयोजन के लिये बर्तन किराये से न लेना पड़ें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार जब मैं यहाँ आया था, तब कुछ मांगें पूरा करने का वादा किया था, वे सभी मांगे पूरी कर दी गई हैं। आज भंवरकुआं इंदौर में टंट्या मामा की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। मुख्यमंत्री चौहान ने घोषणा की कि ग्राम पंचायत दौलतपुरा के ग्राम नयापुरा में शहीद खाज्या नायक भील की प्रतिमा स्थापित की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौण वन संपदा जैसे अचार की गुठली, महुए का फूल, महुए की गुल्ली, हर्रा, बहेड़ा, बाँस, आंवला,तेन्दूपत्ता आदि को बेचने, बीनने और इनके मूल्य निर्धारण का अधिकार भी अब ग्राम सभा के पास होगा। साथ ही ग्राम सभा,अमृत सरोवर और तालाबों का प्रबंधन भी करेगी। तालाबों में सिंघाड़ा उगाने, मछली पालन और मत्स्याखेट की सहमति ग्राम सभा देगी।
आने वाली पीढ़ी के लिए हमें बेहतर धरती छोड़ना है – मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हमें आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर धरती छोड़ने के लिए वृक्षा-रोपण आवश्यक है। हम सभी अपने जन्म-दिवस, विवाह की वर्षगाँठ तथा परिजनों की स्मृति में पौधे लगा कर इस दिशा में सकारात्मक प्रयास कर सकते हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने स्मार्ट सिटी उद्यान में अशोक, सामिया केसिया और जंगल जलेबी के पौधे लगाते समय यह बात कही। मुख्यमंत्री चौहान की इस भावना के अनुरूप आज पौध-रोपण में तीन परिवार शामिल हुए। महापौर परिषद के सदस्य एवं पार्षद राजेश हिंगोरानी ने अपनी विवाह वर्षगाँठ पर पौधे लगाए। उनकी पत्नी रत्ना हिंगोरानी तथा परिवार के सदस्य कुमारी पारूल, जयश, दिनेश और प्रवीण प्रेमचंदानी शामिल हुए। मुख्यमंत्री चौहान को हिंगोरानी ने प्रसिद्ध सिंधी व्यंजन दाल पकवान तथा सिंधी पापड़ भेंट किए। न्यूज नेशन के रिपोर्टर आशु खान ने 13 नवम्बर को हुए विवाह के उपलक्ष्य में पत्नी समन खान के साथ पौध-रोपण किया। उनकी बहनें फरहा और सना साथ थी।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ स्व. आर.सी.एस. स्मृति स्वास्थ्य शिक्षा एवं सामाजिक संगठन भोपाल के सदस्यों ने संगठन के संस्थापक डॉ. रामबाबू श्रवण की पुण्य-तिथि पर पौध-रोपण किया। पर्यावरण, शिक्षा और कुपोषण के क्षेत्र में कार्य कर रही इस संस्था के डॉ. विजय कुमार श्रवण, डॉ. अजय श्रवण, मनीष सैनी, गीत, लावण्या, बालक अंशुल तथा अर्नब ने भी पौधे लगाए।
गुजरात के शाही इमाम का मुस्लिम महिलाओ के लिए विवादित बयान
गुजरात के शाही इमाम का मुस्लिम महिलाओ के लिए विवादित बयान
अहमदाबाद की जामा मस्जिद के शाही इमाम शब्बीर अहमद सिद्दीकी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चुनावों में मुस्लिम महिलाओं को टिकट देने पर आपत्ति जताई है। सिद्दीकी ने इसे इस्लाम के खिलाफ बगावत बताया है। साथ ही इस्लाम को कमजोर करने की साजिश करार दिया। शाही इमाम ने कहा, इस्लाम को कमजोर किया जा रहा है। क्या कोई आदमी नहीं है टिकट के लिए।
महिलाओं का इस्लाम में मकाम
शाही इमाम शब्बीर अहमद सिद्दीकी ने कहा कि अभी यहां लोग नमाज पढ़ रहे हैं। क्या एक भी महिला नजर आई। इस्लाम में सबसे ज्यादा अहमियत नमाज को है। यदि औरतों का इस तरह से लोगों के सामने आना इस्लाम में जायज होता तो उनको मस्जिद आने से नहीं रोका जाता। उन्होंने कहा, ‘मस्जिद से क्यों रोक दिया गया, क्योंकि महिला का इस्लाम में एक मकाम है। इसलिए जो औरतों को टिकट देते हैं, वे इस्लाम के खिलाफ बगावत करते हैं। मर्द नहीं हैं क्या जो आप औरतों को ला रहे हैं। इससे इस्लाम कमजोर होगा, क्योंकि कर्नाटक में हिजाब का मसला हुआ।’
ईरान सरकार हिजाब विवाद में झुकी
ईरान सरकार हिजाब विवाद में झुकी
ईरान में हिजाब के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन जारी है। पुलिस ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करके जेल में डाल दिया है। हालांकि इसके बाद भी जनता की नाराजगी कम नहीं हो रही है। आखिरकार लोगों के सामने सरकार झुकती नजर आ रही है। करीब दो महीने से जारी हिंसक प्रदर्शनों के बीच ईरान सरकार ने हिजाब की अनिवार्यता से जुड़े कानून में बदलाव के संकेत दिए हैं। इस कानून के तहत ही महिलाओं को अपना सिर ढंकना होता है। इसी कानून के तहक 22 साल की महसा अमीनी को अरेस्ट किया गया था। 16 सितंबर को पुलिस हिरासत में उसकी मौत हो गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस कस्टडी में उसे काफी टॉर्चर किया गया था।
हिजाब कानून में बदलाव होगा
न्यूज एजेंसी एएफपी ने ईरान के अटॉर्नी जनरल मोहम्मद जफर मोंटाजेरी के हवाले से बताया कि सरकार ने हिजाब की अनिवार्यता से जुड़े दशकों पुराने कानून में बदलाव करने का फैसला लिया है। कहा कि संसद और न्यायपालिका दोनों इस मुद्दे पर काम कर रहे हैं। ISNA समाचार एजेंसी के अनुसार यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों निकायों की ओर से कानून में क्या संशोधन किया जा सकता है।
नए साल में मंगल के मार्गी होने से मिलेगा मान-सम्मान, धन और तरक्की
नए साल में मंगल के मार्गी होने से मिलेगा मान-सम्मान, धन और तरक्की
सभी ग्रह समय-समय पर अपनी चाल बदलते रहते हैं। इन्हें ज्योतिष शास्त्र में वक्री और मार्गी नाम में भी जाना जाता है। जब भी कोई ग्रह उल्टी चाल चलता है तो उसे वक्री कहा जाता है। वहीं जब वह सीधी चाल चलने लगता है तो इसे मार्गी नाम से जाना जाता है। ग्रहों के मार्गी और वक्री होने का असर हर राशि के जातकों पर पड़ता है। वहीं मंगल ग्रह नए साल में मार्गी होने जा रहे हैं। मंगल को आक्रामकता, उत्साह, साहस, शक्ति और परिश्रम का कारक माना गया है। मंगल के मार्गी होने का शुभ प्रभाव कुछ राशि के जातकों पर पड़ने वाला है। मंगल नए साल यानी कि 2023 में 13 जनवरी को वृषभ राशि में मार्गी होंगे।
राजामौली को RRR के लिए मिला बेस्ट डायरेक्टर का अवाॅर्ड
राजामौली को RRR के लिए मिला बेस्ट डायरेक्टर का अवाॅर्ड
आरआरआर फिल्म के बाद से ही इसके डायरेक्टर एसएस राजामौली चर्चा में हैं। अब इस बार साउथ के मशहूर डायरेक्टर ने भारतीय सिनेमा को गौरवान्वित किया है। बाहुबली के बाद उनकी फिल्म आरआरआर को दुनिया भर में काफी पहचान मिली है। हाल में फिल्म निर्देशक एसएस राजामौली ने न्यूयॉर्क फिल्म क्रिटिक्स सर्कल मैं मैग्नम ओपस के लिए बेस्ट डायरेक्टर का अवाॅर्ड जीता है। इस अवाॅर्ड को जीतकर राजामौली ने कई प्रतिष्ठित और शानदार हाॅलीवुड डायरेक्टर को हराया है। इस अवॉर्ड को जीतने के बाद से ही राजामौली को सेलेब्स बधाइयां दे रहे हैं। फिल्म के कलाकार आलिया भट्ट और जूनियर एनटीआर ने भी राजामौली को बधाई दी है।
समर्थन मूल्य पर उपज बेचने मंडी आने वाले किसानों से जरूरी दस्तावेज लाने की अपील
जिले के समस्त किसान भाईयो से अपील की गई है कषि उपज मंडियों में उपज विक्रय हेतु लाते समय उक्तानुसार आधार कार्ड, किसान पंजीयन, समग्र आईडी आदि दस्तावेज साथ में लायें ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
किसान का नाम, मोबाईल नम्बर समग्र आईडी या आधार नम्बर, किसान पंजीयन कोड दर्ज करने पर किसान द्वारा मण्डी में विकय की गई मात्रा की जानकारी देखी जा सकेगी उसका प्रिन्ट निकाल कर केन्द्र पर नियोजित नोडल अधिकारी द्वारा परीक्षण कर केन्द्र प्रभारी को दी जायेगी, तद्नुसार किसान की पात्रता की शेष मात्रा का गेहूँ का नियमानुसार उपार्जन, खरीदी की जायेगी।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा किसानो के पंजीयन का दुरुपयोग रोकने हेतु निर्देश जारी किए गए हैं । अब उपार्जन मण्डी मिलान प्रणाली अंतर्गत मण्डी में की गई एन्ट्री की जानकारी जिले के समस्त निर्धारित केन्द्रों पर उपार्जन मण्डी मिलान प्रणाली समिति के विकल्प पर रियलटाईम किसानवार जानकारी प्रदर्शित होगी।
सांसद चौपाल आज तरावलीकलां में
जिला पंचायत भोपाल द्वारा जनपद पंचायत बैरसिया के ग्राम तरावलीकलां के मंदिर प्रांगण में 5 दिसंबर को प्रात: 11 बजे से लोकसभा सांसद साधवी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में सांसद चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ऋतुराज सिंह ने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जानकारी के साथ सांसद चौपाल में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे।
सहायक शिक्षक हरिसिंह को जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबित किया
जिला शिक्षा अधिकारी, भोपाल नितिन सक्सेना ने बिना कारण और सूचना के अनुपस्थित रहने पर शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
जांच में पाया गया कि संस्था में पदस्थ हरि सिंह टेलर, सहायक शिक्षक एवं प्रभारी शासकीय माध्यमिक शाला भैसोंदा बिना किसी सूचना अथवा अवकाश आवेदन के अपने कर्तव्य से अनुपस्थित पाये गये। जबकि उसी दिन शासकीय माध्यमिक शाला भैसोंदा संकुल शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैरसिया भोपाल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मध्यान्ह भोजन में स्व सहायता समूह द्वारा कड़ी एवं चावल दिया गया। कड़ी चावल खाने के बाद संस्था में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के पेट दर्द, उलटिया एवं सर दर्ज की शिकायत होना पाया गया। छात्र-छात्राओं को सिविल अस्पताल बैरसिया में भर्ती कराया गया। घटना की जांच के लिए अधोहस्ताक्षरकर्ता उक्त संस्था में उपस्थित हुए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया की बिना सूचना के मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 उप नियम (1.11. III ) एवं नियम-7 में निहित प्रावधानों के विपरीत होकर कदाचरण की श्रेणी में आता हैं। श्री हरि सिंह टेलर, सहायक शिक्षक को मध्य प्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के नियम -9 (1) के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
निलम्बन अवधि में संबंधित को मूलभूत नियम 53 के प्रावधान अनुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। निलम्बन अवधि में श्री हरि सिंह टेलर, सहायक शिक्षक शासकीय माध्यमिक शाला भैसोंदा संकुल शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चैरसिया, भोपाल का मुख्यालय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ईटखेडी, भोपाल नियत किया जाता हैं।














