सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसके लिए अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला अधिकारी मैदानी स्तर पर भ्रमण करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों का निराकरण करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करें सभी फील्ड स्तर के अधिकारी अपने मुख्यालय में रहें।

मुख्यमंत्री साय ने कल सूरजपुर जिले में विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों की क्रियान्वयन की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्टर को चाँदनी बिहारपुर जैसे दूरस्थ अंचलों में बुनियादी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव बना कर भेजने के निर्देश दिए ताकि उन स्थानो पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सके। उन्होंने बैठक में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा में कहा कि किसानों को धान खरीदी केन्द्रों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसानों को धान बेचने किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली बिल योजना के बेहतर क्रियान्वयन, सड़कों का गुणवत्तायुक्त तथा समय-सीमा में पूर्ण करने और स्वास्थ्य अमले को अस्पतालों में सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर कलेक्टर एस.जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र पाटले सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे।

टी20 वर्ल्ड कप वेन्यू विवाद में बांग्लादेश को बहुत बड़ा झटका

टी20 वर्ल्ड कप वेन्यू विवाद में बांग्लादेश को बहुत बड़ा झटका
टी20 वर्ल्ड कप विवाद विकराल रूप लेने लगा है, क्योंकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की जिद के कारण बांग्लादेशी क्रिकेटरों को नुकसान उठाना पड़ेगा. मीडिया रिपोर्ट्स अनुसार भारत की क्रिकेट उपकरण बनाने वाली कंपनी एसजी (SG) कई मुख्य बांग्लादेशी क्रिकेटरों के साथ अनुबंध समाप्त करने जा रही है.

एनडीटीवी के अनुसार ICC के एक सूत्र ने बताया कि भारत और बांग्लादेश के मध्य बढ़ते तनाव के बीच भारतीय क्रिकेट उपकरण निर्माता कंपनी SG ने लिटन दास समेत कई बंगलादेशी क्रिकेटरों के साथ अनुबंध समाप्त करने का निर्णय लिया है.

बांग्लादेश के लिए एक और बड़ा झटका यह है कि एक अन्य भारतीय स्पोर्ट्स कंपनी, सरीन स्पोर्ट्स ने बांग्लादेश में अपने उत्पादों का वितरण ना करने का फैसला लिया है. इन फैसलों के कारण बांग्लादेशी क्रिकेटरों को आर्थिक रूप से भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है. एंडोर्समेंट डील के माध्यम से क्रिकेटर साल भर में मोटी कमाई कर लेते हैं, लेकिन एसजी के फैसले से बांग्लादेशी क्रिकेटरों को तगड़ा नुकसान हो सकता है.

कुछ ही घंटों में BCB के लिए यह दूसरा बड़ा झटका है. आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अल्टीमेटम दे दिया है कि उसे अपने टी20 वर्ल्ड कप के मैच भारत में ही खेलने होंगे. अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का कहना है कि बांग्लादेश इस बात से राजी है, तो 21 जनवरी तक अपना अंतिम फैसला सुना दे, नहीं तो वर्ल्ड कप उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया जाएगा. बांग्लादेश अगर बाहर होता है, तो स्कॉटलैंड को रैंकिंग के आधार पर टी20 वर्ल्ड कप में एंट्री मिल जाएगी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल अनुसार बांग्लादेश ग्रुप C में है. उसे अपना पहला मैच 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के साथ खेलना है. मौजूदा शेड्यूल अनुसार बांग्लादेश को अपने वर्ल्ड कप मैच मुंबई और कोलकाता में खेलने हैं. BCB ने पहले अपनी टीम को वर्ल्ड कप के लिए भारत भेजने से मना कर दिया था, लेकिन रिपोर्ट्स अनुसार आईसीसी ने इस मांग को ठुकरा दिया है.

UAE राष्ट्रपति के 3 घंटे के भारत दौरे में 5 समझौतों पर मुहर

UAE राष्ट्रपति के 3 घंटे के भारत दौरे में 5 समझौतों पर मुहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बुलावे पर संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान सोमवार (19 जनवरी 2026) को भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए. पिछले 10 सालों में मोहम्मद बिन जायद की यह भारत की 5वीं यात्रा थी और UAE के राष्ट्रपति के तौर पर यह उनकी तीसरी आधिकारिक यात्रा थी.

दोनों देशों के बीच प्रमुख परियोजनाओं पर सहमति बनी
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग के पूरे दायरे की समीक्षा की. वे इस बात पर सहमत हुए कि पिछले एक दशक में भारत-UAE व्यापक रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हुई है. दोनों देश के बीच एक प्रमुख परियोजना पर सहमति बनी है, जिसके तहत अबू धाबी में भारतीय कला विरासत और पुरातत्व के संग्रहालय सहित एक सांस्कृतिक केंद्र स्थापित किया जाएगा.

यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब वैश्विक राजनीति में भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है. एक ओर वेनेजुएला और ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका की चीन और रूस के साथ तनातनी है, वहीं ईरान में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं. इसके अलावा यूएई और सऊदी अरब के बीच तनाव की खबरें भी सामने आ रही हैं. ऐसे माहौल में भारत और यूएई के शीर्ष नेतृत्व की यह मुलाकात खास अहमियत रखती है.

विदेश मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत और यूएई के बीच द्विपक्षीय व्यापार 100.06 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है, जो 19.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है. इस उपलब्धि के साथ यूएई, भारत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में और मजबूती से शामिल हो गया है.

आतंकवाद, एआई, रक्षा सहयोग पर बनी बात
मोहम्मद बिन जायद ने 3 घंटे के भारत दौरे के दौरान आतंकवाद, एआई, रक्षा सहयोग और निवेश जैसे मुद्दों पर चर्चा की. विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि पीएम मोदी और मोहम्मद बिन जायद के बीच निजी और प्रतिनिधिमंडल स्तर पर चर्चा हुई. दोनों नेताओं की उपस्थिति में कई दस्तावेजों का आदान-प्रदान हुआ. इस दौरान सैटेलाइट मैन्युफैक्चरिंग क्षमता के विकास वाले समझौते पर हस्ताक्षर हुए, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के रक्षा सहयोग को मजबूत करना है.

एलएनजी की आपूर्ति करेगा UAE
आर्थिक और ऊर्जा क्षेत्रों में भारत को प्रति वर्ष 0.5 मिलियन मीट्रिक टन एलएनजी की आपूर्ति के लिए एक समझौता किया गया, जिससे यूएई भारत का दूसरा सबसे बड़ा एलएनजी आपूर्तिकर्ता बन गया. गुजरात के धोलेरा में स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन के विकास में यूएई की भागीदारी के लिए एक अलग दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए गए.

खाद्य सुरक्षा और कृषि सहयोग को लेकर भी समझौते हुए. खाद्य सुरक्षा और तकनीकी आवश्यकताओं पर एक MoU पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे भारतीय किसानों को लाभ होने के साथ-साथ यूएई में खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने की उम्मीद है. दोनों देश आपसी संप्रभुता के आधार पर ‘डेटा एंबेसी’ (Data Embassy) स्थापित करने की संभावना पर भी काम करेंगे.

न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर पर बनी सहमति
दोनों देशों ने न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर में साझेदारी पर सहमति जताई है और एआई को प्राथमिकता देने वाले क्षेत्रों पर चर्चा की. इसके अंतर्गत संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भारत में डेटा सेंटर में निवेश करेगा और दोनों देश मिलकर एक सुपरकंप्यूटिंग क्लस्टर स्थापति करेंगे. दोनों देश पश्चिम एशिया और अफ्रीका में निर्यात को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करेंगे और द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने को लेकर अबू धाबी में ‘हाउस ऑफ इंडिया’ स्थापित किया जाएगा.

आतंकवाद पर पाकिस्तान को सख्त संदेश
दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया और वैश्विक मुद्दों पर अपने विचारों का आदान-प्रदान किया. इस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा को कायम रखने पर दोनों देशों ने सहमति जताई. उन्होंने सीमा पार आतंकवाद की निंदा की और इस बात पर सहमति व्यक्त की है कि आतंकवाद, उसे फंड करने वाले और उसके समर्थकों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए, जो कि पाकिस्तान के लिए एक कड़ा संदेश है.

BMC मेयर पद के लिए दिखेंगे नए राजनीतिक समीकरण- डिप्टी CM एकनाथ शिंदे

BMC मेयर पद के लिए दिखेंगे नए राजनीतिक समीकरण- डिप्टी CM एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव परिणाम आने के बाद नये राजनीतिक समीकरण की खबरों को खारिज कर दिया है. उन्होंने सोमवार (19 जनवरी) को कहा कि मुंबई में महायुति का महापौर होगा. शिंदे ने मीडिया को बताया कि जिन नगर निकायों में शिवसेना और बीजेपी ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, उनमें महायुति गठबंधन के महापौरों को नियुक्त किया जाएगा. उपमुख्यमंत्री ने अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि शिवसेना जनादेश के खिलाफ नहीं जाएगी.

शिंदे का यह बयान बीएमसी में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन द्वारा मामूली बहुमत हासिल करने के बाद, शिवसेना के 29 निर्वाचित पार्षदों को मुंबई के एक होटल में स्थानांतरित किए जाने को लेकर जारी बहस के बीच आया है. चुनाव परिणाम पिछले सप्ताह शुक्रवार को घोषित किये गए थे. ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि शिंदे शिवसेना के लिए बीएमसी महापौर का पद कम से कम पहले ढाई साल के लिए सुनिश्चित करना चाहते हैं, क्योंकि यह पार्टी के संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे की जन्म शताब्दी वर्ष है.

पार्षदों को होटल में रखे जाने पर क्या बोले शिंदे?
शिंदे ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘शिवसेना और बीजेपी ने बीएमसी चुनाव गठबंधन के तहत लड़ा था, इसलिए महायुति के उम्मीदवार महापौर बनेंगे. ठाणे, कल्याण-डोम्बिवली, उल्हासनगर और अन्य नगर निकायों में भी यही निर्णय लिया जाएगा, जहां गठबंधन ने संयुक्त रूप से चुनाव लड़ा था.’’ आधिकारिक तौर पर, शिवसेना का कहना है कि नव निर्वाचित सदस्यों को देश के सबसे धनी नगर निकाय के कामकाज से अवगत कराने के लिए एक प्रशिक्षण कार्यशाला के लिए होटल में स्थानांतरित किया गया.

बीजेपी-शिवसेना को मिला है बीएमसी में बहुमत
यह कदम बीएमसी चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद उठाया गया, जिसमें उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना 65 सीटें जीतकर बीजेपी के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी. बीजेपी ने 89 पर जीत हासिल की और उसकी सहयोगी शिवसेना ने 29 सीटें जीतकर महायुति को 227 सदस्यीय बीएमसी में मामूली बहुमत दिला दी.
‘नये राजनीतिक समीकरण बनने की खबरों में सच्चाई नहीं’

डिप्टी सीएम ने कहा, ”मुंबईवासियों ने शिवसेना-बीजेपी गठबंधन को विश्वास के साथ वोट दिया है और उस विश्वास का सम्मान किया जाएगा. यह भी कहा कि बीएमसी या महाराष्ट्र के अन्य नगर निकायों में नये राजनीतिक समीकरण बनने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है, और जहां भी गठबंधन के तहत साथ मिलकर चुनाव लड़ा गया है, वहां महापौर का पद महायुति को ही मिलेगा.” इस बीच, शिवसेना ने एक विज्ञप्ति में कहा कि हालांकि, किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, लेकिन बीएमसी में जनादेश शिवसेना-बीजेपी गठबंधन के पक्ष में है.

बंपर ओपनिंग करेगी बॉर्डर 2, एडवांस बुकिंग में धुरंधर को पछाड़ा

बंपर ओपनिंग करेगी बॉर्डर 2, एडवांस बुकिंग में धुरंधर को पछाड़ा
सनी देओल की मच अवेटेड फिल्म बॉर्डर 2 जबरदस्त सुर्खियों में हैं. फिल्म को लेकर फैंस बहुत एक्साइटेड हैं. ये फिल्म 23 जनवरी को रिलीज होगी. इस फिल्म में सनी देओल के अलावा वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे स्टार्स नजर आएंगे. फिल्म की एडवांस बुकिंग इंडिया में सोमवार को और विदेशों में रविवार शाम से शुरू हो गई है.

फिल्म ने एडवांस बुकिंग शुरू होते ही रफ्तार पकड़ ली है. हर घंटे ऑनलाइन 2 हज़ार से ज़्यादा टिकट बिक रहे हैं. बॉर्डर 2 हाल में रिलीज हुई कई फिल्मों से आगे निकल गई है.

धुरंधर को बॉर्डर 2 ने छोड़ा पीछे
फिल्म की एडवांस बुकिंग अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी और कनाडा के कुछ सिलेक्टेड थिएटर में शुरू हो गई. पिंकविला की खबर के मुताबिक, फिल्म हाल ही में रिलीज हुई दो बड़ी फिल्में धुरंधर और वॉर 2 से आगे निकल गई है. ट्रेड सोर्सेस के मुताबिक, अमेरिका और जर्मनी में भी ऐसा ही रिस्पॉन्स मिल रहा है. वहीं कनाडा में सबसे बड़ी सिनेमा चेन ने सिनेप्लेक्स ने अभी ए़डवांस बुकिंग शुरू नहीं की है. जब सिनेप्लेक्स में बुकिंग शुरू होगी उसके बाद पिक्चर ज्यादा क्लियर होगी.

जबरदस्त ओपनिंग करेगी बॉर्डर 2
भारत में एडवांस बुकिंग शुरू हुए कुछ ही घंटे हुए हैं और फिल्म ने तेजी पकड़ ली है. सोमवार दोपहर तक, हर घंटे में 2 हजार टिकट बिक रहे थे. अभी फिल्म रिलीज होने में 4 दिन बाकी हैं और जिस हिसाब से फिल्म ने रफ्तार पकड़ी है आने वाले दिन फिल्म के लिए शानदार होने वाले हैं. शुरुआत ट्रेंड्स के मुताबिक, फिल्म इंडिया और विदेशों में जबरदस्त ओपनिंग करने वाली है.

बता दें कि ये फिल्म 1997 में आई जेपी दत्ता की फिल्म बॉर्डर का सीक्वल है. उस फिल्म को फैंस ने बहुत पसंद किया था. अब बॉर्डर 2 को जेपी दत्ता, निधि दत्ता, भूषण कुमार, कृष्णा कुमार प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म को अनुराग सिंह ने डायरेक्ट किया है.

भोपाल में निनाद सांस्कृतिक विकास समिति का भव्य सांस्कृतिक आयोजन

भोपाल में निनाद सांस्कृतिक विकास समिति का भव्य सांस्कृतिक आयोजन
भोपाल। निनाद सांस्कृतिक विकास समिति, भोपाल के तत्वावधान में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निनाद संगीतालय के विद्यार्थियों ने अपनी मधुर संगीत प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अध्यक्ष का प्रेरक संबोधन
समिति की अध्यक्ष अर्चना खरे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगीत, कला और संस्कृति केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि ये दैनिक जीवन में मानसिक शांति, संवेदनशीलता और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने छात्रों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

विद्यार्थियों की मनमोहक संगीत प्रस्तुतियाँ
कार्यक्रम में निनाद संगीतालय के विद्यार्थियों द्वारा एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति दी गई—

मिहिका – “पंख होते तो उड़ आती रे”
नव्या श्रीवास्तव – “उनसे मिली नजर के मेरे होश उड़ गए”
मंजू लिखते – “रोज़ रोज़ आँखों तले”
तरुण शर्मा – “मैं निगाहें तेरे चेहरे से हटाऊं कैसे”
नितिन – “होश वालों को खबर क्या”
उषा सक्सेना – “बाबूजी धीरे चलना”
अनीता सक्सेना – “कांटों से खींच के ये आँचल”
पूजा देशमुख – “एक अजनबी हसीना से”
पल्लवी मिश्रा – “तुझे देखा तो ये जाना सनम”
संदीप – “देखा ना हाय रे”
डॉ. विपिन – “बहुत प्यार करते हैं सनम”
संजय यादव – “छलकाए जाम”

इन सभी प्रस्तुतियों को श्रोताओं ने खूब सराहा।
गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में समिति के सदस्य पारुल मिश्रा, मंजू लिखते, ललित खरे, अजय भटनागर, गार्गी भटनागर एवं वीणा गणोरकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कलाकारों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर सिस्टम का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर सिस्टम का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सूरजपुर विकासखंड के सरना पारा, पर्री निवासी मती राजकुमारी द्विवेदी के निवास पर पहुँचकर पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर सिस्टम का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने घर की छत पर लगाए गए सोलर पैनल एवं उससे जुड़ी तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और योजना के ज़मीनी क्रियान्वयन को नज़दीक से देखा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने मती द्विवेदी एवं उनके परिवारजनों से आत्मीय बातचीत की और योजना से प्राप्त हो रहे लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। परिवारजनों ने बताया कि सोलर सिस्टम स्थापित होने के बाद बिजली की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित हुई है और घरेलू बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे आर्थिक राहत मिली है।

मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली बिल में हो रही बचत, दैनिक उपयोग में सुविधा तथा ऊर्जा आत्मनिर्भरता के अनुभवों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह योजना आम नागरिकों को न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा दे रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को स्वच्छ, सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराना है। यह योजना बिजली पर निर्भरता को कम करने के साथ-साथ हरित ऊर्जा की दिशा में देश और राज्य को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक परिवार इस योजना से जुड़ें और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनें।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को बिना किसी कठिनाई के इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत के विज़न को ज़मीन पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव और सामूहिक आनंद का उत्सव है: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव और सामूहिक आनंद का उत्सव है: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
कर्मा महोत्सव को छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोक पर्वों को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव, आपसी भाईचारा और सामूहिक आनंद का उत्सव है। उक्त आशय के विचार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सूरजपुर जिले के चुनगुड़ी में आयोजित कर्मा महोत्सव में व्यक्त किए।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 172.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने चुनगुड़ी के स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने तथा नगर पंचायत भटगांव के विकास हेतु एक करोड़ रुपये की घोषणा की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री मती लक्ष्मी राजवाड़े और सांसद चिंतामणि महाराज ने भी सम्बोधित किया।

परंपरा, संस्कृति और उल्लास से परिपूर्ण कर्मा महोत्सव में मांदर की थाप और घुंघरुओं की झंकार के बीच पूरा क्षेत्र कर्मा नृत्य की लय में थिरक उठा। सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया एवं मनेंद्रगढ़ जिलों से आए 33 कर्मा दलों के लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में कर्मा नृत्य प्रस्तुत कर सबको लोक संस्कृति के रंगों से भर दिया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगायी गई प्रदर्शनी के स्टॉलों का निरीक्षण कर नाव-जाल एवं आइस बॉक्स, आयुष्मान कार्ड, छत्तीसगढ़ महिला कोष से ऋण वितरण और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित छह रेडी-टू-ईट ईकाइयों का शुभारंभ किया और पोषण वितरण कार्य से जुड़ी महिलाओं को शॉल- फल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अलावा महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा लोन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमा क्लेम तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत खुशियों की चाबी प्रदान की।

कार्यक्रम में विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष मती चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष मती रेखा राजलाल रजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

एमपी में 26 आईएएस को किया इधर से उधर

एमपी में 26 आईएएस को किया इधर से उधर
मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। प्रदेश के दो दर्जन से ज्यादा अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। कुल 26 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। ये सभी आईएएस हैं। एमपी के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने इस संबंध में आदेश जारी किए।
सामान्य प्रशासन विभाग ने आईएएस अधिकारियों के तबादला सूची जारी की

मध्यप्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने आईएएस अधिकारियों के तबादला सूची जारी की है। इसमें 26 अधिकारियों के नाम हैं। खास बात यह है कि सूची रविवार को यानि अवकाश के दिन जारी की गई। 18 जनवरी को जारी किए आदेश में शिवशेखर शुक्ल, उमाकांत उमवार, शोभित जैन, जान किंग्सले जैसे अधिकारियों को अहम दायित्व दिए गए हैं।

दिल्ली से बागडोगरा जा रहे इंडिगो प्लेन में बम की सूचना से हड़कंप

दिल्ली से बागडोगरा जा रहे इंडिगो प्लेन में बम की सूचना से हड़कंप
दिल्ली से बागडोगरा जा रहे विमान में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया है. 18 जनवरी 2026 को इंडिगो एयरलाइंस का विमान संख्या 6e6650 दिल्ली से बागडोगरा जा रहा था, तभी प्लेन में बम होने की जानकारी मिली. सुबह 9:17 बजे फ्लाइट को लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है.

बाथरूम में टिश्यू पेपर पर मिली बम की जानकारी
फ्लाइट के बाथरूम में टिश्यू पेपर पर लिखा था कि फ्लाइट में बम है. यह टिश्यू पेपर एक यात्री ने देखा तो उसने तत्काल क्रू मेंबर को जानकारी दी. इसके बाद पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी. लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद विमान के कौने-कौने को चेक किया जा रहा है.

विमान में 230 पैसेंजर सवार थे, सभी सुरक्षित
लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचते ही सुरक्षाकर्मियों ने विमान को अपने घेरे में ले लिया. बम निरोधक दस्ते और CISF टीम ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है. विमान में 230 यात्री थे, जिनमें 8 बच्चे भी शामिल हैं, 6 क्रू मेंबर और 2 पायलट सहित कुल 238 लोग सवार थे. सभी को चेकिंग के बाद सुरक्षित उतार दिया गया. अंदर ही सबके लगेज की जांच की जा रही है.सभी यात्रियों की स्कैनिंग करते हुए यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया है.

2 महीने पहले 3 फ्लाइट्स की हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले 7 नवंबर 2025 को लखनऊ एयरपोर्ट पर 3 विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी. तीनों विमान इंडिगो एयरलाइंस के थे. एक विमान दिल्ली से वाराणसी, दूसरा प्रयागराज जा रहा था और तीसरा मुंबई से प्रयागराज जा रहा था. तीनों को खराब मौसम की वजह से इमरजेंसी में उतारना पड़ा था. वाराणसी वाले विमान को वाराणसी के करीब पहुंचते ही पायलट को सूचना मिली कि यहां मौसम खराब है. फ्लाइट को लखनऊ के लिए डायवर्ट कर दिया गया. यह विमान सुबह 6:45 बजे लखनऊ में लैंड हुआ था.

2 फ्लाइट्स में मिली थी बम की धमकी
30 अक्टूबर 2024 को इंडिगो एयरलाइंस की दो उड़ानों को बम की धमकी मिली थी. सुरक्षाकर्मियों ने विमानों को अपने कब्जे में लेकर जांच की थी, लेकिन वहां पर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था.

anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...

भोपाल AIIMS में अंगदान से 3 लोगों को नई जिंदगी की उम्मीद, शिवानी को...

0
भोपाल/नर्मदापुरम। अपनों को खोने का दर्द कितना गहरा होता है, यह उस परिवार से बेहतर कौन समझ सकता है, जिसने सड़क हादसे में अपनी...
social welfare 2026

₹53,428 करोड़ की सामाजिक सहायता योजना मंजूर, दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

0
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए ₹53,428 करोड़ की...
PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27

PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27: 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, जानें पात्रता, जरूरी दस्तावेज...

0
भोपाल | KOLAR18.COM | Social Welfare & Education News कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने...