प्रभास की ‘द राजा साब’ का कमाल, तीन दिन में बनाए ये 5 बड़े रिकॉर्ड्स

प्रभास की ‘द राजा साब’ का कमाल, तीन दिन में बनाए ये 5 बड़े रिकॉर्ड्स
प्रभास स्टारर फिल्म ‘द राजा साब’ 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इस फिल्म ने शुरुआत तो काफी धमाकेदार की थी लेकिन फिर इसे दर्शकों और क्रिटिक्स से मिले निगेटिव रिव्यू और कमजोर कहानी के चलते बड़ा झटका लगा और इसकी कमाई में वीकेंड पर बड़ी गिरावट दर्ज की गई. हालांकि रिलीज के तीन दिन में इस फिल्म ने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. चलिए यहां जानते हैं ‘द राजा साब’ ने कौन-कौन से रिकॉर्ड बनाए हैं?

‘द राजा साब’ ने बॉक्स ऑफिस पर कितना किया है कलेक्शन?
‘द राजा साब’ को सिनेमाघरों मे रिलीज हुए तीन दिन हो चुके हैं. इस फिल्म ने अपने प्रीव्यू शोज से 9.15 करोड़ का कलेक्शन किया था. वहीं पहले दिन इस फिल्म ने 53.75 करोड़ कमाए. इसके बाद दूसरे दिन फिल्म का कलेक्शन 26 करोड़ रुपये रहा और तीसरे दिन इस फिल्म की कमाई 19.1 करोड़ रुपये रही. इसी के साथ ‘द राजा साब’ की तीन दिनों की कुल कमाई 108 करोड़ हो चुकी है.

‘द राजा साब’ ने तीन दिन में कितने बनाए रिकॉर्ड्स
‘द राजा साब’ की कमाई बेशक वीकेंड पर घटी है लेकिन इस फिल्म ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है साथ ही कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए हैं.

बता दें कि द राजा साहब ने दुनिया भर में ज़बरदस्त ओपनिंग करते हुए 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी, इसी के साथ प्रभास अकेले ऐसे भारतीय अभिनेता बन गए हैं जिनकी छह फिल्मों ने दुनिया भर में पहले दिन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है .इस लिस्ट में पहले शामिल फिल्में हैं बाहुबली 2: द कंक्लूजन, साहो, आदिपुरुष, सालार: पार्ट 1 – सीजफायर और कल्कि 2898 एडी.
‘द राजा साब’ साल 2026 की भारत में और दुनियाभर में 100 करोड़ी बनने वाली पहली फिल्म है.
‘द राजा साब’ ने 108 करोड़ की कमाई कर धुरंधर के ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन (106 करोड़ कोईमोई के मुताबिक) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
‘द राजा साब’ ने तीन दिन में 100 करोड़ के क्लब में एंट्री की है इसी के साथ इसने ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर स्टारर वॉर 2 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. वॉ़र 2 ने चार दिन में 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया था.
158 करोड़ रुपये की कमाई के साथ, ‘द राजा साहब’ ने हाल ही में रिलीज हुई कई बड़ी तेलुगु फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है, जिनमें बालकृष्ण की ‘अखंडा 2’ भी शामिल है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 128 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी

इंदौर में दूषित पानी से 23वीं मौत

इंदौर में दूषित पानी से 23वीं मौत
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से लोगों की जान जाने का सिलसिला आखिर कब तक चलेगा। आज सोमवार को यहां एक और मरीज ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। मृतक की पहचान भगवानदास पिता तुकाराम भरणे (64 वर्ष) के रूप में की गई है। पिछले करीब 10 दिन से वे अस्पताल में भर्ती थे। लगातार मौतों से शहर में दहशत का माहौल भी लगातार बना हुआ है। जिनके परिजन या बच्चे बीमार हैं, उन्हें उनकी जिंदगी का डर लगा रहता है और हर दिन दुआएं मांगते गुजर रहा है।

हर दिन जा रही एक जान
बता दें कि ये मौतें तब हो रही हैं, जब हाईकोर्ट इस पर सख्त टिप्पणी तक कर चुका है, वहीं प्रशासन से इसका जवाब तक तलब कर चुका है। पहली मौत 21 दिसंबर को हुई थी आज 22 दिन बाद 23वीं मौत ने झकझोर कर रख दिया है। हर दिन हो रही औसतन एक व्यक्ति की मौत।

हालत गंभीर होने पर बॉम्बे हॉस्पिटल किया था रेफर
परिजनों का कहना है कि पहले भगवानदास को तबीयत बिगड़ने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें बॉम्बे हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मरीज को अस्पताल लाए जाने के समय कार्डियक अरेस्ट आ चुका था।

चिकित्सकों ने तत्काल सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया और वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। इलाज के दौरान यह सामने आया कि मरीज गैंग्रीन सहित मल्टी ऑर्गन फेल्योर जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा था। भगवान दास के परिजनों को आखरी दम तक आस थी कि वो हर हाल में बच जाएंगे, लेकिन उनकी ये उम्मीद टूट गई। उनकी मौत के बाद परिवार सदमे में है।

PSLV C62 मिशन में रॉकेट के फ्लाइट पाथ में बदलाव -इसरो

PSLV C62 मिशन में रॉकेट के फ्लाइट पाथ में बदलाव -इसरो
PSLV C62 भारत ने सोमवार सुबह पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (पीएसएलवी)-सी62 द्वारा नया सैटेलाइट मिशन लॉन्च किया था। अब खबर है कि सैटेलाइट को स्पेस में ले जा रहा रॉकेट अब रास्ते से भटक गया है।

इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (इसरो) के चेयरमैन वी नारायणन ने बताया कि व्हीकल के फ्लाइट पाथ में एक बदलाव देखा गया है। वहीं, इसरो ने अपने एक्स पोस्ट में कहा- एक डिटेल एनालिसिस शुरू कर दी गई है।

नारायणन ने कहा- आज, हमने PSLV C62 / EOS – N1 मिशन का प्रयास किया है। PSLV व्हीकल चार स्टेज वाला व्हीकल है जिसमें दो सॉलिड स्टेज और दो लिक्विड स्टेज हैं। तीसरे स्टेज के आखिर में व्हीकल का परफॉर्मेंस उम्मीद के मुताबिक था। लेकिन हम उस व्हीकल में अब गड़बड़ी देख रहे हैं। व्हीकल के फ्लाइट पाथ में एक बदलाव देखा जा रहा है। हम डेटा का एनालिसिस कर रहे हैं और जल्द से जल्द और जानकारी देंगे।

सुबह 10.17 बजे लॉन्च हुआ था मिशन
आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसरो (ISRO New Mission) ने सोमवार सुबह 10.17 बजे साल 2026 का पहला सैटेलाइट मिशन लॉन्च किया।

सड़क पर वाहनों की भीड़ में सीएम मोहन यादव ने दौड़ाया ट्रेक्टर

सड़क पर वाहनों की भीड़ में सीएम मोहन यादव ने दौड़ाया ट्रेक्टर
एमपी की राजधानी भोपाल में रविवार को सड़क पर अनोखा नजारा दिखा। यहां 11 सौ से ज्यादा ट्रेक्टरों की रैली निकली। वाहनों की इस भीड़ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी स्टीयरिंग संभालकर रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने विधायक रामेश्वर शर्मा को बाजू में बैठाकर ट्रेक्टर दौड़ाया। इसी के साथ प्रदेश में कृषक कल्याण वर्ष 2026 का भव्य और गरिमापूर्ण शुभारंभ भी हो गया। इतनी बड़ी संख्या में ट्रेक्टरों के साथ किसानों ने रैली को ऐतिहासिक बना दिया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार की नीतियों का केंद्र किसान, नारी, युवा और गरीब हैं। इन चारों वर्गों के सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार योजनाओं और कार्यक्रमों का निर्धारण कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाने की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस साल किसानों के हितों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। किसान और कृषि से जुड़े सभी आयामों— फसल उत्पादन, लागत, बिक्री, आय को सुदृढ़ करेंगे। उन्होंने बताया कि कृषक कल्याण वर्ष के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदेश सरकार के 16 विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे।

प्रदेश की कृषि विकास दर 16 प्रतिशत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश की कृषि विकास दर 16 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य केवल उत्पादन बढ़ाना ही नहीं, बल्कि किसानों की आमदनी में वृद्धि और कृषि लागत में कमी लाने के लिए ठोस व व्यावहारिक उपायों को धरातल पर उतारना है।

किसानों का उत्साह देखकर मुख्यमंत्री ने भी एक ट्रेक्टर की कमान संभाल ली
कृषि कल्याण वर्ष 2026 के शुभारंभ के अवसर पर ट्रेक्टर रैली में किसानों का उत्साह देखकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी जोश में आ गए। उन्होंने भी एक ट्रेक्टर की कमान संभाल ली। ट्रेक्टर चालक से आग्रह कर वे ड्राइविंग सीट पर बैठे और रोड पर ट्रेक्टर दौड़ाने लगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ट्रेक्टर चलाते देख किसानों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।

केरल में अमित शाह ने फूंका चुनावी बिगुल

केरल में अमित शाह ने फूंका चुनावी बिगुल
केरल में इस साल होने वाले विधासनभा से पहले राज्यभर की सियासत में गर्माहट तेज है। राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारी भी तेज कर दी है। इसी बीच रविवार को केरल दौर पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक साथ कई मामलों को लेकर राज्य की सत्तारूढ़ विजयन सरकार पर तीखा हमला बोला। तिरुवनंतपुरम में केरल कौमुदी द्वारा आयोजित ‘न्यू इंडिया, न्यू केरल’ सम्मेलन में शाह ने एक साथ कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय दी। उन्होंने केरल के आर्थिक विकास, राजनीति और सुरक्षा से जुड़े कई सवालों उठाए।

सम्मेलन में शाह ने कहा कि अमित शाह ने कहा कि 2004-2014 में यूपीए सरकार ने केरल को 72,000 करोड़ रुपये दिए, जबकि 2014-2024 में एनडीए सरकार ने 3,23,000 करोड़ रुपये दिए, बावजूद इसके कि राज्य में उनकी पार्टी की सरकार नहीं थी। उन्होंने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन पर आरोप लगाया कि वे गलत तरीके से यह प्रचार कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी केरल के खिलाफ हैं, जबकि वास्तव में उनके शासन में ही राज्य के साथ अन्याय हुआ।

पीएम मोदी की नेतृत्व शैली और विकास पर जोर
इस दौरान अमित शाह ने पीएम मोदी के नेतृत्व शैाली और विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की पहल से राजनीति प्रदर्शन आधारित हो रही है, शिकायतों पर नहीं, बल्कि समाधान और विकास पर ध्यान है। उन्होंने कहा कि विकास और समानता के लिए राजनीति की जड़ता और शिकायतों से आगे बढ़ना जरूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के दबाए गए लोग अब मौन नहीं रहेंगे और जनता को सशक्त बनाना ही सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। अमित शाह ने अपने भाषण में केरल में निवेश, विकास, सुरक्षा और राजनीति में बदलाव की दिशा को प्रमुखता से बताया। साथ ही कहा कि एनडीए के नेतृत्व में केरल का भविष्य विकसित और मजबूत बन सकता है।

केरल की अर्थव्यवस्था और विकास
अमित शाह ने कहा कि केरल की अर्थव्यवस्था सिर्फ प्रवासी मजदूरों की रेमिटेंस पर आधारित है, यह लंबे समय में राज्य के हर नागरिक को फायदा नहीं पहुंचा सकती। उन्होंने रेमिटेंस का स्वागत किया, लेकिन कहा कि राज्य के विकास के लिए और उपाय जरूरी हैं।

राजनीतिक बदलाव और भविष्य की योजना पर भी की बात
इस दौरान शाह ने केरल में एनडीए की योजना को लेकर भी बातें की। उन्होंने कहा कि केरल में भाजपा और एनडीए की पकड़ बढ़ रही है। 2014 में भाजपा को 11%, 2019 में एनडीए को 16% और 2024 में 20% वोट मिले। हाल के स्थानीय निकाय चुनावों में पहली बार तिरुवनंतपुरम में भाजपा का मेयर बैठा है। उन्होंने कहा कि केरल को नई विचारधारा, नया नेतृत्व और नई राजनीति की जरूरत है, जिसे केवल भाजपा और एनडीए दे सकते हैं।

भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर, पूरी दुनिया की बढ़ीं उम्मीदें – PM मोदी

भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर, पूरी दुनिया की बढ़ीं उम्मीदें – PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन के गुजरात दौरे पर है। 10 जनवरी को पीएम मोदी सीधे सोमनाथ पहुंचे। इसके बाद पीएम मोदी ने राजकोट में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत से दुनिया की उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं और देश आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है।

पीएम मोदी ने कहा, 2026 के आरंभ के बाद ये मेरा गुजरात का पहला दौरा है और सुखद इसलिए भी है क्योंकि 2026 की मेरी यात्रा सोमनाथ दादा के चरणों में सिर झुकाकर शुरू हुई है और अब मैं राजकोट में इस शानदार कार्यक्रम में हिस्सा ले रहा हूं यानी ‘विकास भी विरासत भी’, ये मंत्र हर तरफ गूंज रहा है। 21वीं सदी का एक चौथाई हिस्सा बीत चुका है। बीते वर्षों में भारत ने बहुत तेज प्रगति भी की है और इसमें गुजरात की, आप सभी की बहुत बड़ी भूमिका रही है। भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेज गति से आगे बढ़ रहा है और जो आंकड़ें आ रहे हैं, उससे ये साफ है कि भारत से दुनिया की उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हालिया आंकड़े यह स्पष्ट करते हैं कि भारत से दुनिया की उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं और देश आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में महंगाई नियंत्रण में है और कृषि उत्पादन नए रिकॉर्ड बना रहा है। भारत आज दूध उत्पादन में दुनिया में नंबर वन है, वहीं जेनेरिक दवाओं और वैक्सीन निर्माण में भी भारत वैश्विक स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। भारत की विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल डेटा उपभोक्ता बन गया है। UPI आज दुनिया का नंबर-1 रियल-टाइम डिजिटल ट्रांजैक्शन प्लेटफॉर्म है। इसके साथ ही भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरर बन चुका है।

उन्होंने आगे कहा कि भारत के पास अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। एविएशन सेक्टर में भारत तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है, जबकि मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के मामले में भी भारत दुनिया के शीर्ष तीन देशों में शामिल हो चुका है।

‘कच्छ के लोगों ने अपनी कड़ी मेहनत से अपनी किस्मत बदली’
पीएम मोदी ने कहा, सौराष्ट्र और कच्छ गुजरात के ऐसे इलाके हैं जो हमें सिखाते हैं कि चुनौती कितनी भी बड़ी क्यों न हो, अगर हम ईमानदारी और कड़ी मेहनत से लगे रहें, तो सफलता जरूर मिलती है। यह वही कच्छ है जिसने इस सदी की शुरुआत में एक विनाशकारी भूकंप का सामना किया था। यह वही सौराष्ट्र है जहां वर्षों तक सूखा पड़ना आम बात थी। महिलाओं और लड़कियों को पीने का पानी लाने के लिए मीलों पैदल चलना पड़ता था। बिजली का कोई भरोसेमंद इंतजाम नहीं था…समय बदलता है, और यह सच में बदलता है। सौराष्ट्र और कच्छ के लोगों ने अपनी कड़ी मेहनत से अपनी किस्मत बदल दी है। आज, सौराष्ट्र और कच्छ सिर्फ मौकों के इलाके नहीं हैं, बल्कि वे भारत की तरक्की के लिए एक मजबूत आधार बन गए हैं।

ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी, हिंसा में मरने वालों का आंकड़ा 200 पार

ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी, हिंसा में मरने वालों का आंकड़ा 200 पार
ईरान में सत्ता के खिलाफ जारी देशव्यापी प्रदर्शनों के बीच तनाव और बढ़ गया है। ईरान में लगभग दो सप्ताह से जारी राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिंसा और दमन की कार्रवाई में अब तक 203 लोगों की मौत हो चुकी है। इंटरनेट और फोन सेवाएं बंद होने से हालात की स्वतंत्र पुष्टि करना मुश्किल हो गया है।

कार्यकर्ताओं के मुताबिक, प्रदर्शनों से जुड़ी हिंसा में अब तक 203 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 2,600 लोगों को हिरासत में लिया गया है।ईरान में इंटरनेट और फोन सेवाओं के बंद होने के कारण विदेश से प्रदर्शनों की स्थिति का आकलन करना मुश्किल हो गया है।

ईरान नहीं बता रहा मरने वालों का सही आंकड़ा
अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट न्यूज एजेंसी के अनुसार, प्रदर्शनों में जान गंवाने वालों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। एजेंसी के अनुसार, मृतकों में 162 प्रदर्शनकारी और 41 सुरक्षा बलों के सदस्य शामिल हैं। ईरान सरकार ने प्रदर्शनों में हताहतों की संख्या जारी नहीं की है।

‘..तो अमेरिकी और इस्राइली सैनिकों को बनाएंगे निशाना’
इसी बीच ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कालिबाफ ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ईरान पर हमला करता है तो अमेरिकी और इस्राइली सैनिकों को भी निशाना बनाया जाएगा। यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब राजधानी तेहरान और देश के दूसरे सबसे बड़े शहरों में प्रदर्शन दो हफ्ते से ज्यादा समय से जारी हैं।

संसद में यह बयान उस वक्त आया, जब सांसद नारेबाजी करते हुए आसन के पास पहुंच गए और अमेरिका मुर्दाबाद के नारे लगाए। विदेश में मौजूद लोगों को आशंका है कि सूचनाओं पर पाबंदी के कारण सुरक्षा बलों के सख्त रुख को बढ़ावा मिल सकता है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर प्रदर्शनकारियों के प्रति समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका मदद के लिए तैयार है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप को ईरान पर संभावित सैन्य कार्रवाई के विकल्प बताए गए हैं, हालांकि अंतिम फैसला नहीं हुआ है। वहीं, अमेरिकी विदेश विभाग ने चेताया कि ट्रंप जो कहते हैं, उस पर अमल भी करते हैं।

मार्को रुबियो होंगे क्यूबा के राष्ट्रपति

मार्को रुबियो होंगे क्यूबा के राष्ट्रपति
अमेरिका और लैटिन अमेरिकी देशों के बीच तनाव चरम पर है. हाल ही अमेरिका ने वेनेजुएला पर मिलिट्री ऑपरेशन कर वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था. अमेरिका की इस सैन्य कार्रवाई का लैटिन अमेरिकी देश और चीन-रूस ने कड़ी निंदा की है. ट्रंप ने वेनेजुएला का करीबी माने जाने वाले क्यूबा को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसने दुनिया भर की नजरें अमेरिका की ओर कर दी हैं.

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा है, ‘विदेश मंत्री मार्को रुबियो का क्यूबा के राष्ट्रपति बनने का विचार उन्हें अच्छा लग रहा है.’ दरअसल किसी यूजर ने एक पोस्ट में लिखा था, ‘मार्को रुबियो क्यूबा के राष्ट्रपति होंगे.’ ट्रंप ने इसे शेयर करते हुए लिखा, ‘यह सुनने में अच्छा लग रहा है’ (Sounds good to me!).

हालांकि इस पोस्ट के पीछे किसी भी आधिकारिक अमेरिकी कूटनीति का कोई सबूत नहीं है. फिलहाल यह सिर्फ सोशल मीडिया पर की गई हल्की बयानबाजी की तरह लग रहा है. ट्रंप का यह पोस्ट लैटिन अमेरिका से जुड़े उनके आक्रमक बयानों के बाद आया है. इससे पहले उन्होंने कोलंबिया की सत्ता एक बीमार इंसान के द्वारा चलाए जाने की बात कही थी.

क्यूबा को दी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने खुली चेतावनी
ट्रंप ने क्यूबा की आर्थिक कठिनाइयों से जुड़ी टिप्पणी भी की है. उन्होंने दावा किया है कि वेनेजुएला के तेल पर अधिक निर्भर द्वीप देश पतन की कगार पर था. ट्रंप ने क्यूबा को अमेरिका के साथ समझौता करने की चेतावनी दी है.

ट्रूथ पर लिखे पोस्ट पर उन्होंने कहा कि क्यूबा कई सालों तक वेनेजुएला से बड़ी मात्रा में तेल और पैसे पर जीवित रहा. पिछले दो वेनेजुएला के तानाशाहों को सुरक्षा सेवाएं प्रदान की, लेकिन अब और नहीं.

वेनेजुएला की रक्षा के लिए हमारे पास सबसे सुरक्षित सेना: ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला के पास अब संयुक्त राज्य अमेरिका है. उनकी रक्षा करने के लिए यह दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना है. हम उनकी रक्षा करेंगे. क्यूबा को अब एक भी तेल और पैसा नहीं जाएगा. इससे पहले बहुत देर हो जाए, एक समझौता करें.

इधर ट्रंप की प्रतिक्रियाओं पर कोलंबियाई राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने लैटिन अमेरिका के देशों से एकता का आह्वान किया है. साथी देशों से विदेशी शक्तियों के गुलाम बनने से बचने का आग्रह किया गया है. क्यूबा ने भी ट्रंप के बयान की निंदा की है.

‘बिहार में लोकतंत्र की हार धनतंत्र की हुई जीत’ – तेजस्वी यादव

‘बिहार में लोकतंत्र की हार धनतंत्र की हुई जीत’ – तेजस्वी यादव
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव में हुई हार को लेकर कड़ा प्रहार किया है. इस दौरान उन्होंने परिणामों को लेकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि बिहार में धनतंत्र की जीत हुई है. पिछले चुनाव में लोक की हार हुई और तंत्र की जीत हुई है. चुनाव में साजिश हुई. बिहार की जो सरकार बनी है वह छल कपट से बनी है. उन्होंने आगे कहा कि अब देखते 2 करोड़ लोगों को रोजगार कब मिलेगा.

तेजस्वी यादव ने आगे कहा जनतंत्र को इन लोगों ने धनतंत्र और मशीन तंत्र बना दिया है. उन्होंने आगे कहा कि यहां सब लोग जानते हैं कि क्या षड़यंत्र रचा गया. छल कपट से यह लोग चुनाव जीते हैं, लेकिन नई सरकार कैसे बनी है यह पूरा देश और बिहार की जनता जानती है.
रोजगार के वादे को लेकर क्या बोले तेजस्वी यादव?

उन्होंने कहा कि हम सकारात्मक राजनीति करते हैं. इसलिए 100 दिन तक सरकार के निर्णय पर हम कुछ नहीं बोलेंगे. उन्होंने आगे कहा कि देखते हैं हमारी गरीब माताओं-बहनों को 2-2 लाख रुपये कब मिलते हैं. 1 करोड़ युवाओं को रोजगार कब मिलता है.

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि हर जिले में 4-5 थाने लगाने की बात कही गई है. अब देखते हैं कि यह लगते हैं या नहीं. उन्होंने आगे कहा कि जो घोषणा पत्र सरकार ने जारी किया है उसे पूरा करने की जिम्मेदारी उनकी है. उन्होंने आगे किसी भी मुद्दे पर 100 दिन चुप रहने के लिए कहा है. 100 दिन तक किसी भी बात पर हम नहीं बोलेंगे.

परिवार पर आरोप तय होने के सवाल पर साधी चुप्पी
इस दौरान तेजस्वी यादव ने ‘लैंड फॉर जॉब स्कैम’ केस में चु्प्पी साधी. वह सवालों का बिना जवाब दिए निकल गए. बता दें कि लालू प्रसाद यादव को कोर्ट से इस केस में बड़ा झटका लगा है. अदालत की ओर से उनके परिवार के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया है. कोर्ट ने लालू परिवार को व्यापक साजिश रचने के लिए दोषी ठहराया है. कोर्ट ने परिवार के बरी करने को लेकर दी गई दलील को गलत ठहराया है.

विराट कोहली ने 28000 इंटरनेशनल रन पूरे कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

विराट कोहली ने 28000 इंटरनेशनल रन पूरे कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
विराट कोहली ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 28,000 रन पूरे कर लिए हैं. वो यह मुकाम हासिल करने वाले दुनिया के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज हैं. उन्होंने वडोदरा में खेले गए भारत बनाम न्यूजीलैंड पहले वनडे मैच में 25 रन बनाते ही इतिहास रच दिया. उन्होंने सबसे तेज 28 हजार अंतर्राष्ट्रीय रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है.

विराट कोहली ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
अब तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 28 हजार रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 644 पारियों में ऐसा किया था. वहीं विराट कोहली ने अपने करियर की 624वीं पारी में यह मुकाम हासिल कर लिया है. विराट ने तेंदुलकर से 20 कम पारियों में ये ऐतिहासिक आंकड़ा छू लिया है. विराट और सचिन के अलावा श्रीलंका के कुमार संगाकारा ऐसे तीसरे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 28 हजार से ज्यादा रन बनाए.

सबसे तेज 28000 रन
624 पारी – विराट कोहली
644 पारी – सचिन तेंदुलकर
666 पारी – कुमार संगाकारा

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन
विराट कोहली अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर आ गए हैं. कुमार संगाकारा ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 28,016 रन बनाए थे. विराट कोहली को उनसे आगे निकलने के लिए 41 रन और बनाने थे. वहीं इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर के नाम हैं, जिन्होंने अपने ऐतिहासिक करियर में 34,357 रन बनाए थे.
34,357 रन – सचिन तेंदुलकर
28,017+ रन – विराट कोहली
28,016 रन – कुमार संगाकारा

विराट कोहली टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. उन्होंने 123 टेस्ट मैचों के करियर में 9230 रन बनाए, दूसरी ओर 125 टी20 मैचों में उन्होंने 4188 रन बनाए. वहीं वनडे क्रिकेट में उन्होंने 14,600 से अधिक रन बना लिए हैं. वो पहले ही वनडे क्रिकेट इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज होने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं.

anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...

भोपाल AIIMS में अंगदान से 3 लोगों को नई जिंदगी की उम्मीद, शिवानी को...

0
भोपाल/नर्मदापुरम। अपनों को खोने का दर्द कितना गहरा होता है, यह उस परिवार से बेहतर कौन समझ सकता है, जिसने सड़क हादसे में अपनी...
social welfare 2026

₹53,428 करोड़ की सामाजिक सहायता योजना मंजूर, दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

0
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए ₹53,428 करोड़ की...
PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27

PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27: 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, जानें पात्रता, जरूरी दस्तावेज...

0
भोपाल | KOLAR18.COM | Social Welfare & Education News कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने...