अमेरिका का हमला, मादुरो की गिरफ्तारी और वेनेजुएला पर ट्रंप का कब्जा

अमेरिका का हमला, मादुरो की गिरफ्तारी और वेनेजुएला पर ट्रंप का कब्जा
वेनेजुएला में ऑपरेशन कर अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. उन्हें हथकड़ी लगाकर अमेरिका ले जाया गया. अमेरिका में उन्हें डीईए के न्यूयॉर्क स्थित मुख्यालय में पेश किया गया है. वहीं, ट्रंप ने कहा है कि सत्ता परिवर्तन होने तक अमेरिका ही देश का संचालन करेगा.

वेनेजुएला-अमेरिका टेंशन की शुरुआत
ट्रंप द्वारा लगाए गए ड्रग्स तस्करी के आरोपों को लेकर अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव पहले से ही मौजूद था, जिसे लेकर अमेरिका ने कई कथित तस्करी नौकाओं पर हमले किए थे. वेनेजुएला की राजधानी काराकास और अन्य शहरों में शनिवार को विस्फोटों और जेट विमानों के उड़ने की खबरें आने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई. शुरुआती कुछ घंटों तक अमेरिका की ओर से कोई बयान नहीं आया. बाद में ट्रंप ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि ये विस्फोट अमेरिका द्वारा किए गए हमले थे. उन्होंने कहा कि अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को पकड़ लिया है.

मादुरो को कैसे पकड़ा गया
ट्रंप ने कहा कि वो रियल टाइम में ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे थे, जिसमें अमेरिका ने वेनेजुएला पर कई हवाई हमले किए. उसके बाद अमेरिकी फोर्सेज ने वामपंथी नेता मादुरो को पकड़ लिया. शनिवार शाम को मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर अमेरिकन नेवी के जहाज पर ले जाया गया और फिर उन्हें अमेरिका भेज दिया गया.

मादुरो के खिलाफ अमेरिकी आरोप
शनिवार को सार्वजनिक किए गए अभियोग के अनुसार मादुरो के अलावा उनकी पत्नी, उनके बेटे और 3 अन्य लोगों पर भी आरोप लगाए गए हैं. मादुरो पर ड्रग्स को लेकर आतंकवाद की साजिश, कोकीन आयात की साजिश, मशीनगन और विनाशकारी उपकरणों पर कब्जे का आरोप है. अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि वेनेजुएला सरकार ने सिनालोआ कार्टेल और ट्रेन डी अरागुआ गिरोह जैसे संगठनों के साथ सीधे तौर पर मिलीभगत की.

वेनेजुएला की सत्ता अमेरिका के हाथ
ट्रंप ने शनिवार को घोषणा की, कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद संयुक्त राज्य अमेरिका वेनेजुएला का अस्थायी नियंत्रण अपने हाथ में लेगा. फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो रिसॉर्ट में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने कहा, “हम तब तक देश का संचालन करेंगे जब तक कि हम एक सुरक्षित सत्ता हस्तांतरण नहीं कर देते. हम ये जोखिम नहीं उठा सकते है कि कोई ऐसा व्यक्ति वेनेजुएला की बागडोर संभाले, जो वेनेजुएलावासियों के हित में न सोचता हो.

वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति को पदभार संभालने का आदेश
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक वेनेजुएला की सर्वोच्च अदालत की संवैधानिक पीठ ने शनिवार को आदेश दिया कि मादुरो की अनुपस्थिति में उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति की भूमिका निभाएंगी. अदालत के फैसले में कहा गया है कि रोड्रिगेज़ प्रशासनिक निरंतरता और राष्ट्र की व्यापक रक्षा सुनिश्चित करने के लिए वेनेजुएला के बोलिवेरियन गणराज्य के राष्ट्रपति का पदभार ग्रहण करेंगी.

माही विज-जय भानुशाली शादी के 15 साल बाद हुए अलग

माही विज-जय भानुशाली शादी के 15 साल बाद हुए अलग
टीवी के पॉपुलर कपल माही विज और जय भानुशाली ने अपने रास्ते अलग कर लिए हैं. उन्होंने अपनी 15 साल की शादी तोड़ दी है. जय और माही ने सोशल मीडिया पर सेपरेशन की खबरों को लेकर पोस्ट शेयर की है. माही और जय ने बताया कि उनकी इस कहानी में कोई भी विलेन नहीं है.

जय और माही ने पोस्ट कर लिखा ये

जय और माही ने पोस्ट शेयर कर लिखा, ‘आज हम इस सफ़र में अलग होने का फैसला करते हैं, जिसे जिंदगी कहते हैं. फिर भी हम एक-दूसरे का साथ देते रहेंगे. शांति, ग्रोथ, दयालु और इंसानियत हमेशा हमें सिखाते रहेंगे. हमारे बच्चे तारा, खुशी और राजवीर के लिए हम बेस्ट पेरेंट्स, बेस्ट फ्रेंड्स बनेंगे. और वो सबकुछ करेंगे जो बच्चों के लिए जरुरी होगा.’

आगे उन्होंने लिखा, ‘हम अलग-अलग रास्ते पर चलेंगे, लेकिन हमारी इस कहानी का कोई विलेन नहीं है. इस निर्णय के साथ कोई भी निगेटिविटी नहीं है. कोई भी नतीजा निकालने से पहले, कृपया जान लें कि हम ड्रामा से ज्यादा शांति और सबसे ऊपर समझदारी को चुनते हैं. हम एक-दूसरे की रिस्पेक्ट करते रहेंगे. एक दूसर का सपोर्ट करते रहेंगे और हमेशा दोस्त रहेंगे. हम एक-दूसरे की रिस्पेक्ट करते हुए आप लोगों से रिस्पेक्ट, प्यार मांगते हैं.’

भगवान बुद्ध सबके हैं, सबको जोड़ते हैं – पीएम

भगवान बुद्ध सबके हैं, सबको जोड़ते हैं – पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भगवान बुद्ध से जुड़े पवित्र पिपरहवा अवशेषों की भव्य अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा, सवा सौ साल के इंतजार के बाद भारत की विरासत लौटी है, भारत की धरोहर लौटी है। आज से भारतीय जनमानस, भगवान बुद्ध के इन पवित्र अवशेषों के दर्शन कर पाएगा, भगवान बुद्ध के आशीर्वाद ले पाएगा। मैं इस शुभ अवसर पर यहां मौजूद सभी अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन करता हूं।

पीएम मोदी का 2026 का पहला सार्वजनिक कार्यक्रम
उन्होंने आगे कहा, 2026 के शुरुआत में ही यह शुभ उत्सव बहुत प्रेरणादायी है और मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि 2026 का ये मेरा पहला सार्वजनिक कार्यक्रम है, जो भगवान बुद्ध की चरणों से शुरू हो रहा है। मेरी कामना है कि भगवान बुद्ध के आशीर्वाद से 2026 दुनिया के लिए शांति, समृद्धि और सद्भाव का नया दौर लेकर आए। जिस स्थान पर यह प्रदर्शनी लगी है वो भी अपने-आप में विशेष है। किला राय पिथौरा का यह स्थान भारत के गौरवशाली इतिहास की यशभूमि है।

‘भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष पाकर हम सभी धन्य’
उन्होंने कहा, भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष को अपने बीच पाकर हम सभी धन्य हैं। इनका भारत से बाहर जाना और लौटकर फिर भारत आना… ये दोनों ही पड़ाव अपने-आप में बहुत बड़ा सबक है। सबक ये है कि गुलामी कोई राजनीतिक और आर्थिक नहीं होती, गुलामी हमारी विरासत को भी तबाह कर देती है। भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष के साथ भी यही हुआ। गुलामी के कालखंड में इन्हें भारत से छीना गया। तब से करीब सवा सौ साल तक ये देश से बाहर ही रहे हैं। इसलिए उन्होंने इन पवित्र अवशेषों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नीलाम करने का प्रयास किया। भारत के लिए तो भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष… हमारे आराध्य का ही एक अंश है, हमारी सभ्यता का अभिन्न अंग है।

‘पूरी मानवता का है भगवान बुद्ध का मार्ग’
उन्होंने कहा, भगवान बुद्ध का ज्ञान, उनका दिखाया मार्ग… पूरी मानवता का है। यह भाव हमने बीते कुछ महीनों में बार-बार अनुभव किया। बीते कुछ महीनों में भगवान बुद्ध के पावन अवशेष जिस भी देश में गए, वहां आस्था और श्रद्धा का ज्वार उमड़ आया।

‘बुद्ध सबके हैं…सबको जोड़ते हैं..’
प्रधानमंत्री ने कहा, भगवान बुद्ध सबके हैं… सबको जोड़ते हैं। मैं खुद को बहुत भाग्यशाली समझता हूं, क्योंकि भगवान बुद्ध का मेरे जीवन में बहुत ही गहरा स्थान रहा है। मेरा जन्म जिस वडनगर में हुआ, वो बौद्ध शिक्षा का बहुत बड़ा केंद्र था। जिस भूमि पर भगवान बुद्ध ने प्रथम उपदेश दिए, वो सारनाथ आज मेरी कर्मभूमि है। भारत केवल भगवान बुद्ध के पावन अवशेषों का संरक्षक नहीं है, बल्कि उनकी परंपरा का जीवंत वाहक भी है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध से जुड़े अवशेष बुद्ध के संदेश की जीवित उपस्थिति है।

ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और रेफरल मरीजों को प्राथमिकता – AIIMS

ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और रेफरल मरीजों को प्राथमिकता – AIIMS
देश के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थान एम्स ने नए साल की शुरुआत में इलाज को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी हैं. संस्थान का कहना है कि सीमित संसाधनों के बीच गंभीर और जटिल मरीजों को बेहतर इलाज तभी मिल पाएगा, जब सामान्य बीमारियों का दबाव कम होगा. इसी को लेकर एम्स प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों से सहयोग की अपील की है.

सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, सामान्य क्लिनिक नहीं

एम्स के निदेशक डॉ. एम श्रीनिवास ने कहा है कि यह संस्थान रोजमर्रा की छोटी बीमारियों के इलाज के लिए नहीं बनाया गया है. एम्स की भूमिका उन मामलों में होती है, जहां इलाज की जटिलता अधिक होती है या अन्य अस्पतालों में सुविधा उपलब्ध नहीं होती. खांसी, जुकाम या हल्के बुखार जैसे मामलों में स्थानीय अस्पताल बेहतर विकल्प हैं.

बिना जरूरत आने से बढ़ती है परेशानी.

डायरेक्टर के अनुसार, बड़ी संख्या में ऐसे मरीज एम्स पहुंच जाते हैं, जिन्हें सामान्य अस्पतालों में भी इलाज मिल सकता है. इससे गंभीर मरीजों को समय पर सुविधा देने में दिक्कत आती है. अगर लोग सही स्तर पर इलाज कराएं, तो एम्स की सेवाएं ज्यादा प्रभावी हो सकती हैं.

ऑनलाइन अपॉइंटमेंट पर जोर

एम्स में इलाज के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट सिस्टम को और सख्त किया जा रहा है. प्रशासन ने साफ किया है कि पहले से समय लेकर आने वाले मरीजों को प्राथमिकता दी जाएगी. बिना अपॉइंटमेंट पहुंचने पर लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.

भारी भीड़ के बीच सुविधा बनाए रखने की कोशिश
एम्स प्रशासन का कहना है कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार सुधार किए जा रहे हैं. रात के समय मरीजों की आवाजाही आसान बनाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की व्यवस्था की गई है. लक्ष्य यही है कि इलाज के साथ अव्यवस्था न बढ़े.

हर मरीज समान नहीं, प्राथमिकता जरूरी
डॉ. श्रीनिवास ने बताया कि एम्स में आने वाले हर मरीज की स्थिति अलग होती है. इसलिए इलाज भी प्राथमिकता के आधार पर दिया जाता है. हर साल ओपीडी में करीब 50 लाख मरीज इलाज के लिए आते हैं. यह संख्या कई छोटे देशों की आबादी से अधिक है. ऐसे में पूरे देश का बोझ एक अस्पताल नहीं उठा सकता.

रेफरल मरीजों को मिलेगी वरीयता
एम्स प्रशासन का कहना है कि जिन मामलों को अन्य अस्पताल संसाधनों या विशेषज्ञता की कमी के कारण रेफर करते हैं, वही एम्स की असली जिम्मेदारी होते हैं. ऐसे मरीजों पर फोकस बनाए रखने के लिए भीड़ कम होना जरूरी है.

अस्पताल व्यवस्था होगी ज्यादा डिजिटल
इलाज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एम्स ने एक और बड़ा कदम उठाया है. अब ऑन-कॉल ड्यूटी से जुड़ी जानकारी एक ऑनलाइन डैशबोर्ड पर उपलब्ध होगी. इससे यह तुरंत पता चल सकेगा कि किस समय कौन डॉक्टर या स्टाफ ड्यूटी पर मौजूद है.

एक क्लिक पर मिलेगी ड्यूटी की पूरी जानकारी, इमरजेंसी में नहीं होगी देरी
नए सिस्टम के तहत सभी विभाग अपने ऑन-कॉल रोस्टर एम्स इंट्रानेट पर अपलोड करेंगे. कंट्रोल रूम और प्रशासन को अलग-अलग जगह जानकारी तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी. पूरा डेटा एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगा. रियल टाइम अपडेट होने वाले रोस्टर से आपात स्थिति में सही मेडिकल टीम को तुरंत बुलाया जा सकेगा. इससे इलाज में होने वाली देरी कम होगी और मरीजों को समय पर मदद मिल पाएगी. एम्स प्रशासन के मुताबिक, 1 अप्रैल से ऑनलाइन ऑन-कॉल डैशबोर्ड ही आधिकारिक माध्यम होगा. मैन्युअल प्रक्रिया लगभग खत्म हो जाएगी. इससे अस्पताल का कामकाज ज्यादा व्यवस्थित होगा और इसका सीधा लाभ मरीजों को मिलेगा.

वेनेजुएला की राजधानी काराकास पर मिसाइल से अटैक

वेनेजुएला की राजधानी काराकास पर मिसाइल से अटैक
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेज़ुएला में अचानक हुए तेज धमाकों ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है. राजधानी कराकास समेत कई इलाकों में विस्फोटों की आवाज सुनी गई, जिसकी पुष्टि अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने की है. सूत्रों के अनुसार धमाके केवल राजधानी कराकास तक सीमित नहीं रहे. मैक्वेटिया शहर के पास स्थित ला गुआइरा पोर्ट क्षेत्र में भी विस्फोट और आग की खबरें सामने आई हैं. यह इलाका रणनीतिक रूप से बेहद अहम माना जाता है क्योंकि यहां प्रमुख बंदरगाह और हवाई गतिविधियां संचालित होती हैं. धमाकों के तुरंत बाद हालात इतने गंभीर हो गए कि वेनेज़ुएला का एयरस्पेस लगभग पूरी तरह खाली हो गया. कई विमानों ने सुरक्षा कारणों से अपने रूट बदल लिए, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी असर पड़ा है.

धमाके के बाद अमेरिका ने बड़ा सुरक्षा कदम उठाते हुए अपने सभी नागरिक विमानों के लिए वेनेज़ुएला के एयरस्पेस में प्रवेश पर रोक लगा दी है. अमेरिका की फेडरल एविएशन अथॉरिटी की तरफ से जारी नोटिफिकेशन में सुरक्षा जोखिमों का हवाला दिया गया है. हालांकि यह पाबंदी अमेरिकी सैन्य विमानों और हेलीकॉप्टरों पर लागू नहीं होगी. इस फैसले से साफ है कि अमेरिका हालात को बेहद संवेदनशील मान रहा है और किसी भी संभावित खतरे से बचना चाहता है.

कोलंबिया के राष्ट्रपति का गंभीर बयान
वेनेज़ुएला में हुए धमाकों पर कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इस समय कराकास पर बमबारी की जा रही है और पूरी दुनिया को सतर्क हो जाना चाहिए. उनके अनुसार वेनेज़ुएला पर हमला हुआ है और मिसाइलों के जरिये बमबारी की जा रही है. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करते हुए कहा कि ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ अमेरिकन स्टेट्स और संयुक्त राष्ट्र को तुरंत आपात बैठक बुलानी चाहिए, ताकि हालात पर चर्चा कर जरूरी कदम उठाए जा सकें.

क्षेत्रीय तनाव बढ़ने की आशंका
विश्लेषकों का मानना है कि अगर कराकास पर हमले की पुष्टि होती है तो यह पूरे लैटिन अमेरिका के लिए गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है. वेनेज़ुएला पहले से ही राजनीतिक और आर्थिक संकट से जूझ रहा है और ऐसे में किसी बाहरी हमले की आशंका क्षेत्रीय अस्थिरता को और बढ़ा सकती है. फिलहाल वेनेज़ुएला सरकार की ओर से आधिकारिक सैन्य या हमले संबंधी पुष्टि सामने नहीं आई है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों और पड़ोसी देशों की प्रतिक्रियाओं से हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

आईपीएल से बाहर होंगे बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान

आईपीएल से बाहर होंगे बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान
बांग्लादेश के खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान आने वाले आईपीएल 2026 का हिस्सा नहीं बन पाएंगे. दरअसल बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को उन्हें अपनी टीम से रिलीज करने का निर्देश दे दिया है. इसी बीच आपको बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपए में खरीदा था. इस फैसले के बाद एक सवाल लोगों के बीच उठ रहा है कि क्या मुस्तफिजुर को यह पूरा वेतन मिलेगा या फिर नहीं.

मुस्तफिजुर को आईपीएल छोड़ने के लिए क्यों कहा गया
बीसीसीआई के सेक्रेटरी देवाजीत सैकिया के मुताबिक बोर्ड ने यह कदम मौजूदा हालात की वजह से उठाया है. दरअसल बांग्लादेश में बढ़ते तनाव और अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की रिपोर्ट की वजह से यह फैसला लिया गया है. इसी वजह से बीसीसीआई ने शाहरुख खान की कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज को रिलीज करने का निर्देश दिया है.

आईपीएल 2026 टाइमलाइन और टीम पर असर
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सीजन 26 मार्च से शुरू होने वाला है. इसका फाइनल 31 मार्च को होगा. क्योंकि मुस्तफिजुर को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही रिलीज कर दिया गया है, इस वजह से कोलकाता नाइट राइडर्स को बिना किसी रोक-टोक के एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी साइन करने की इजाजत दे दी गई है. इससे यह साफ हो जाता है कि मुस्तफिजुर इस सीजन में एक भी मैच नहीं खेलेंगे.

क्या मुस्तफिजुर रहमान को उनकी पूरी सैलरी मिलेगी
कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल नीलामी में मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपए में खरीदा था. लेकिन आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट नियमों के मुताबिक पेमेंट उपलब्धता पर ही निर्भर होती है. आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट आमतौर पर तब पूरे किए जाते हैं जब कोई खिलाड़ी फिट होता है और सिलेक्शन के लिए मौजूद होता है. हालांकि जब भी किसी खिलाड़ी को पूरी तरह से बाहर कर दिया जाता है और सीजन शुरू होने से पहले उसकी जगह किसी और को ले लिया जाता है तब स्थिति बदल जाती है. अब क्योंकि मुस्तफिजुर टूर्नामेंट के लिए बिल्कुल भी मौजूद नहीं होंगे इस वजह से इस बात की काफी कम संभावना है कि उन्हें पूरी राशि दी जाएगी.

आईपीएल सैलेरी पेमेंट आमतौर पर कैसे काम करता है
आईपीएल खिलाड़ियों को आमतौर पर प्रो-राटा बेसिस पर पेमेंट किया जाता है. इसका मतलब है कि पेमेंट उन मैचों की संख्या से जुड़ा होता है जिनके लिए वे खेलने के लिए मौजूद होते हैं. अगर कोई खिलाड़ी चोट या फिर नेशनल ड्यूटी की वजह से कुछ मैच मिस कर देता है तो उसे उसी अनुपात में पेमेंट किया जाता है.

‘धुरंधर’ को धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ ने दी कड़ी टक्कर

‘धुरंधर’ को धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ ने दी कड़ी टक्कर
फेमस निर्देशक श्रीराम राघवन, जो अपनी थ्रिलर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, इस बार एक देशभक्ति से भरी फिल्म ‘इक्कीस’ लेकर आए हैं। ये फिल्म न केवल एक वीर सपूत की गाथा है, बल्कि इसके साथ दर्शकों की गहरी भावनाएं भी जुड़ी हैं। साथ ही ‘इक्कीस’ के फेमस अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म भी है और अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा की बॉलीवुड में पहली फिल्म, जिसे दर्शको द्वारा अच्छा रिस्पॉस भी देखने को मिल रहा है।
फिल्म ‘इक्कीस’ ने ‘धुरंधर’ को दी कड़ी टक्कर

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में हमेंशा उतार-चढ़ाव देखने को मिलता रहता है। फिल्म ‘इक्कीस’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी शुरुआत काफी मजबूती से की थी। पहले दिन फिल्म ने करीब 7 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। हालांकि, दूसरे दिन इसकी कमाई में 50 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती 2 दिनों के आंकड़ों को देखें तो फिल्म का कुल कलेक्शन अब 10.51 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

इतना ही नहीं, नए साल के अवसर पर रिलीज हुई फिल्म ‘इक्कीस’ को बॉक्स ऑफिस पर पुरानी फिल्मों से कड़ी चुनौती मिल रही है। रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ अपनी रिलीज के 29वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है। बता दें, शुक्रवार को ‘धुरंधर’ ने करीब 8.75 करोड़ रुपये कमाए। इस मामले में ‘इक्कीस’ ने अच्छा प्रदर्शन किया है।

धर्मेंद्र को आखिरी बार बड़े पर्दे पर देखना
फिल्म ‘इक्कीस’ 1971 के युद्ध नायक सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर बेस्ड है। फिल्म में अगस्त्य नंदा ने अरुण खेत्रपाल की भूमिका निभाई है, जबकि धर्मेंद्र उनके पिता एम.एल. खेत्रपाल के किरदार में नजर आ रहे हैं। अपने पसंदीदा सुपरस्टार धर्मेंद्र को आखिरी बार बड़े पर्दे पर देखना फैंस के लिए एक भावुक अनुभव हैं।
फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिली

श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जयदीप अहलावत और सिमरत कौर (सिमर भाटिया) ने भी अहम भूमिका निभाई हैं। क्रिटिक्स की ओर से फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और अगस्त्य नंदा के एक्टिंग की भी सराहना की जा रही है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ये फिल्म वीकेंड पर कैसा प्रदर्शन करती है और क्या ये ‘धुरंधर’ की रफ्तार को धीमा कर पाएगी।

घर के क्लेश और रोग पीपल के पत्ते दूर करें

घर के क्लेश और रोग पीपल के पत्ते दूर करें
नए साल की शुरुआत हर कोई शांति, सुख और स्वास्थ्य के साथ करना चाहता है। ज्योतिष और धर्मशास्त्रों में कुछ ऐसे सरल उपाय बताए गए हैं, जिन्हें करने से पूरे साल उनका प्रभाव घर और जीवन पर बना रहता है। इन्हीं में से एक है 5 पीपल के पत्तों का विशेष उपाय, जो घर के झगड़े, क्लेश, रोग और नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने में सहायक माना जाता है।

पीपल के पत्ते क्यों होते हैं शुभ?
पीपल का वृक्ष धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र माना गया है। शास्त्रों के अनुसार इसमें देवताओं का वास होता है। पीपल के पत्ते विशेष रूप से गुरु ग्रह (बृहस्पति) से जुड़े माने जाते हैं। बृहस्पति ज्ञान, शांति और सद्बुद्धि का कारक ग्रह है। जब गुरु मजबूत होता है, तो घर में समझदारी बढ़ती है और झगड़े अपने आप कम हो जाते हैं।

5 पीपल के पत्तों का उपाय कैसे करें?
यह उपाय नए साल के किसी शुभ दिन सुबह के समय करें।
सबसे पहले स्नान करके पूजा-पाठ करें
पीपल के पेड़ के पास जाकर हाथ जोड़ें
“ॐ बृहस्पतये नमः” मंत्र का जाप करते हुए 5 पीपल के पत्ते तोड़ें
पीले रंग का धागा लें
सभी पत्तों पर रोली से ॐ लिखें
पत्तों को धागे में पिरोकर तोरण (Torana) बना लें
पूजा मंडप में धूप-दीप दिखाकर इसकी आरती करें
अब इस तोरण को घर के मुख्य द्वार (Main Gate) पर लगा दें

इस उपाय से क्या लाभ होते हैं?
घर के क्लेश और झगड़े कम होते हैं
नकारात्मक ऊर्जा बाहर ही रुक जाती है
घर में गुरु और लक्ष्मी का प्रवेश माना जाता है
रोग, तनाव और मानसिक अशांति में कमी आती है
नए साल में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहती है

कब करें यह उपाय?
अमावस्या या गुरुवार का दिन
सुबह का समय सबसे शुभ माना जाता है

नक्सलियों को बीजापुर-सुकमा में करारा झटका, मुठभेड़ में 14 माओवादी ढेर

नक्सलियों को बीजापुर-सुकमा में करारा झटका, मुठभेड़ में 14 माओवादी ढेर
बस्तर रेंज में नक्सल विरोधी ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान कुल 14 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें बीजापुर जिले से दो और सुकमा जिले से 12 नक्सली शामिल हैं।

मुठभेड़ में भारी हथियार बरामद
सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ वाली जगहों से AK-47, INSAS और SLR राइफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार भी बरामद किए हैं। कहा जा रहा है कि इससे नक्सलियों की एक बड़ी साज़िश नाकाम हो गई है। बीजापुर और सुकमा ज़िलों के दक्षिणी इलाकों में हथियारबंद माओवादियों की मौजूदगी की पक्की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के तहत, DRG (डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड) की टीमों को दक्षिण बस्तर इलाके में भेजा गया।

अलग-अलग समय पर हुई मुठभेड़
बीजापुर जिले में सुबह करीब 5:00 बजे से DRG और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रही। सुकमा जिले में सुबह करीब 8:00 बजे से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रही।

अभियान अभी जारी
सर्च ऑपरेशन के दौरान अब तक एनकाउंटर वाली जगहों से 14 माओवादियों की लाशें बरामद की गई हैं। हालांकि, ऑपरेशन अभी भी जारी है। एनकाउंटर की सही जगह, इसमें शामिल सुरक्षा बलों की संख्या और दूसरी सेंसिटिव जानकारी अभी रोक दी गई है ताकि तैनात सैनिकों की सुरक्षा पक्की हो सके।

बस्तर रेंज नक्सल विरोधी अभियान
बस्तर रेंज को लंबे समय से नक्सली गतिविधियों के लिए एक सेंसिटिव इलाका माना जाता रहा है। बीजापुर और सुकमा जिले माओवादी संगठनों के खास तौर पर एक्टिव गढ़ रहे हैं, जहां सुरक्षा बलों पर हमले, सड़क बनाने में रुकावट और गांववालों को डराने-धमकाने जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं। इन चुनौतियों को देखते हुए, राज्य और केंद्र सरकारों के निर्देश पर इस इलाके में लगातार एंटी-नक्सल ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।

हाल के दिनों में, खुफिया एजेंसियों को बीजापुर और सुकमा के बॉर्डर और दक्षिणी इलाकों में हथियारबंद माओवादियों की मौजूदगी की पक्की जानकारी मिली थी। जानकारी के आधार पर, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) समेत कई सुरक्षा बलों की जॉइंट टीमों को सर्च ऑपरेशन पर भेजा गया था। इस दौरान, अलग-अलग जगहों पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई।

नक्सलियों की बड़ी हिंसक साजिश नाकाम
इन एनकाउंटर्स में सिक्योरिटी फोर्सेज़ को बड़ी कामयाबी मिली, जिसमें 14 नक्सलियों के शव बरामद हुए। इनमें बीजापुर ज़िले से दो और सुकमा ज़िले से 12 नक्सली शामिल हैं। इसके अलावा, एनकाउंटर वाली जगहों से एडवांस्ड हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया, जिससे माना जा रहा है कि नक्सलियों की एक बड़ी हिंसक साज़िश नाकाम हो गई है।

सिक्योरिटी कारणों और ऑपरेशन की सेंसिटिविटी के कारण, ऑपरेशन के बारे में डिटेल्ड जानकारी अभी शेयर नहीं की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, ऑपरेशन का मकसद इलाके में शांति बहाल करना, नक्सली नेटवर्क को कमज़ोर करना और आम लोगों को सुरक्षित माहौल देना है। ऑपरेशन पूरा होने के बाद डिटेल्ड जानकारी जारी की जाएगी।

इंदौर केस में सबसे बड़ी कार्रवाई, नगर निगम कमिश्नर दिलीप यादव को हटाया

इंदौर केस में सबसे बड़ी कार्रवाई, नगर निगम कमिश्नर दिलीप यादव को हटाया
इंदौर के भागीरथपुरा में गंदा पानी पीने से अब तक 15 लोग दम तोड़ चुके हैं। करीब 200 लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। मामले में प्रदेश सरकार की खासी किरकिरी हो रही है। ऐसे में सीएम मोहन यादव सख्त एक्शन ले रहे हैं। शुक्रवार सुबह उन्होंने अहम बैठक बुलाई और खराब पानी की आपूर्ति के लिए जिम्मेदार नगर निगम के बड़े अफसरों पर कार्रवाई की। सीएम मोहन यादव ने इंदौर नगर निगम के अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को तत्काल प्रभाव से हटाने को कहा। सीएम ने इंदौर कमिश्नर दिलीप यादव को कारण बताओ नोटिस देकर जवाब मांगा। इतना ही नहीं, रात होते होते उन्हें हटा ही दिया। नगर निगम कमिश्नर दिलीप यादव को हटाने की जानकारी सीएम मोहन यादव ने खुद दी। उन्होंने दोहराया कि सरकार दोषियों को बख्शेगी नहीं।

सीएम मोहन यादव ने मुख्य सचिव अनुराग जैन और अन्य अधिकारियों के साथ इंदौर के दूषित पेयजल प्रकरण में राज्य शासन द्वारा की जा रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। बैठक में प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट पर भी चर्चा की।
अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को इंदौर से हटाकर भोपाल भेज दिया

डॉ. मोहन यादव ने इंदौर नगर निगम आयुक्त और अपर आयुक्त को मामले में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर आयुक्त को तत्काल इंदौर से हटाने को कहा और प्रभारी अधीक्षण यंत्री से जल वितरण कार्य विभाग का प्रभार वापस लेने के लिए भी निर्देशित किया। सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश के परिपालन में अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को इंदौर से हटाकर भोपाल भेज दिया। जल वितरण कार्य विभाग के इंचार्ज सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव से भी प्रभार वापस ले लिया।

रात को डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर एक्शन लिया
रात को डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर एक्शन लिया। उन्होंने इंदौर नगर निगम कमिश्नर दिलीप यादव को भी हटाने के निर्देश ​दे दिए। सीएम मोहन यादव ने अपने एक्स हेंडल पर इसकी जानकारी दी।

anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...

भोपाल AIIMS में अंगदान से 3 लोगों को नई जिंदगी की उम्मीद, शिवानी को...

0
भोपाल/नर्मदापुरम। अपनों को खोने का दर्द कितना गहरा होता है, यह उस परिवार से बेहतर कौन समझ सकता है, जिसने सड़क हादसे में अपनी...
social welfare 2026

₹53,428 करोड़ की सामाजिक सहायता योजना मंजूर, दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

0
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए ₹53,428 करोड़ की...
PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27

PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27: 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, जानें पात्रता, जरूरी दस्तावेज...

0
भोपाल | KOLAR18.COM | Social Welfare & Education News कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने...