मप्र: बच्चों के लिए जहर बनी दवा को और 24 घंटे की मोहलत

मप्र: बच्चों के लिए जहर बनी दवा को और 24 घंटे की मोहलत

भोपाल। छिंदवाड़ा में बच्चों की जान लेने वाले कफ सिरप पर स्वास्थ्य विभाग ने फिलहाल अंतिम निर्णय टाल दिया है। मौतों का कारण बने ‘कोल्ड्रिफ’ और ‘नेक्सा डीएस’ समेत संदिग्ध दवाओं के दस और नमूने दिल्ली और भोपाल की लैब भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट कल तक आने की संभावना है। तब तक स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों और अभिभावकों से दवाओं के उपयोग में सतर्कता बरतने की अपील की है।

प्रदेशभर से लिए गए दवाओं के सैंपल
प्रदेश के खाद्य एवं औषधि नियंत्रक दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि अब तक नौ नमूनों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। इनमें छह नमूनों की जांच दिल्ली की लैब में हुई। सभी रिपोर्ट में दवा में कोई हानिकारक रसायन नहीं पाया गया। मौर्य ने कहा कि विवादित हुए कफ सिरफ कोल्ड्रिफ (Coldrif) और नेक्सा डीएस (Nexa DS) के अलावा खांसी ठीक करने में उपयोगी अन्य दवाओं के नमूने भी लिए गए हैं। ये नमूने सिर्फ परासिया ही नहीं बल्कि प्रदेश के अन्य स्थानों से भी जुटाए गए।
फिलहाल एडवायजरी जारी,बरतें सतर्कता
ड्रग कंट्रोलर ने कहा कि कोल्ड्रिफ और नेक्सा डीएस का विक्रय छिंदवाड़ा जिले में पहले ही प्रतिबंधित किया जा चुका है। अन्य स्थानों के लिए भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से एडवायजरी जारी की गई है। चिकित्सकों व बीमार बच्चों के परिजनों को दवाओं के सेवन में सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।

अब तक नौ बच्चों की मौत
7 सितंबर से अब तक छिंदवाड़ा जिले में 9 बच्चों की किडनी फेल होने से मौत हो चुकी है। शुरुआती जांच में दवा के नमूनों में हानिकारक तत्व नहीं मिले थे, लेकिन नई जांच में एथिलीन ग्लाइकॉल और डाइएथिलीन ग्लाइकॉल जैसे जहरीले रसायनों के संकेत ने खतरे की घंटी बजा दी है। ये रसायन आमतौर पर वाहनों के कूलेंट में डाले जाते हैं और शरीर में जाने पर किडनी व दिमाग को क्षतिग्रस्त कर सकते हैं।

श्रीराम पथ गमन, परिक्रमा पथ और श्रीराम राजा लोक का निर्माण भव्यता के साथ करें पूरा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

श्रीराम पथ गमन, परिक्रमा पथ और श्रीराम राजा लोक का निर्माण भव्यता के साथ करें पूरा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के बाद पर्यटकों और श्रद्धालुओं का सारा फोकस चित्रकूट पर है। श्रीराम पथ गमन और श्रीराम राजा लोक के निर्माण कार्य भव्यता के साथ किये जाएं। साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता में रखें। सभी विभाग आपसी समन्वय और तालमेल के साथ प्रभावी कार्यवाही करें। समयबद्ध योजना के अनुसार आवंटित राशि का समुचित उपयोग करें और प्रबंधन कर सभी निर्माणाधीन कार्य समय-सीमा में पूरे करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम पथ गमन निर्माण से पहले परिक्रमा पथ तैयार किया जाए, इससे देश-विदेश के पर्यटकों के बीच चित्रकूट का व्यापक प्रचार होगा। उन्होंने कहा कि चित्रकूट के घाटों पर पर्यटकों को आध्यात्मिक अनुभव होना चाहिए और हमारे सभी प्रयास इसी दिशा में आगे बढ़ने चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में श्रीराम पथ गमन कार्य योजना की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट में धार्मिक के साथ मेडिकल पर्यटन की भी सभी संभावनाएं विकसित करने के लिए ठोस कार्यवाही की जाए। चित्रकूट में उच्च कोटि का हेल्थ वेलनेस सेंटर बनाया जाए। इससे चित्रकूट आने वाले पर्यटकों को सामान्य सहित आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने निवाड़ी जिले के ओरछा में भगवान श्री रामराजा लोक निर्माण की अद्यतन प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ल, प्रमुख सचिव लोक निर्माण सुखवीर सिंह, आयुक्त जनसम्पर्क दीपक सक्सेना, मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चित्रकूट के समग्र विकास के लिए सेवा के कामों से जुड़ी धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को भी जोड़ा जाए। बड़ी कम्पनियों के सीएसआर फंड से भी चित्रकूट में सेवा गतिविधियां विकसित की जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चित्रकूट में परिक्रमा पथ जल्द से जल्द तैयार किया जाए। यहां सोमवती अमावस्या पर उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की भारी तादाद के चलते भीड़ प्रबंधन की माइक्रो प्लानिंग की जाए। उन्होंने अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास को निर्देश दिए कि चित्रकूट नगर परिषद हैं, इसलिए वहां नगरीय विकास से जुड़े सभी काम प्राथमिकता से किए जाएं। चित्रकूट नगर का सौन्दर्यीकरण इस तरह से हो कि वह और भी अधिक सुंदर, नियोजित और व्यवस्थित हो जाए।

अपर मुख्य सचिव संस्कृति एवं पर्यटन शुक्ल ने बताया कि चित्रकूट में स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत 27.21 करोड़ रूपए, कामदगिरि परिक्रमा पथ के‍ विकास के लिए 36.84 करोड़ रूपए और स्मारक यज्ञ देवी सहित अन्य विकास कार्यों के लिए 72 लाख रूपए के निर्माण कार्य वर्तमान में संचालित हैं। इसी प्रकार ओरछा में श्रीराम राजा लोक निर्माण दोनों चरण सहित 7 विभिन्न प्रकार की परियोजनाओं पर कुल 239.87 करोड़ रूपए से अधिक की लागत के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा मंत्रि-परिषद के निर्णय के अनुरूप श्रीराम पथ गमन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए श्रीराम पथ गमन न्यास का गठन किया गया है। इस न्यास में 33 सदस्य हैं, जिसमें 28 पदेन न्यासी एवं 5 अशासकीय न्यासी सदस्य की नियुक्ति 3 वर्ष के लिए की गई है। ये अशासकीय सदस्य श्रीराम के जीवनकाल संबंधी शोध से जुड़े विद्वत सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि इस न्यास में 5 विशेषज्ञों की भी नियुक्ति की जाएगी।

अपर मुख्य सचिव संस्कृति ने बताया कि चित्रकूट में घाटों के विस्तार एवं जीर्णोद्धार तथा सौन्दर्यीकरण के लिए आसपास की निजी भूमि सहित अन्य आवश्यक भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग द्वारा चित्रकूट के समग्र विकास के लिए तैयार प्रस्ताव पर कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। पर्यटन स्थल विकास के लिए मझगवां में वन विभाग से भूमि हस्तांतरण की कार्यवाही सहित अमरकंटक में निजी और शासकीय भूमियों के चिन्हांकन की कार्यवाही भी शीघ्र पूर्ण की जाएगी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में श्रीराम पथ गमन क्षेत्र अंतर्गत आरंभिक रूप से मध्यप्रदेश में 9 जिलों के अंतर्गत 23 स्थान चिन्हित किये गये हैं। कार्ययोजना में इन चिन्हित 23 स्थलों की विकास कार्य योजना प्रारूप, कॉन्सेप्ट मास्टर प्लान, वास्तुविद डिजाइन, ड्रॉइंग्स इत्यादि के निर्धारण हेतु म.प्र. पर्यटन विकास निगम द्वारा निविदा प्रक्रियाधीन है। उन्होंने बताया कि कामदगिरि परिक्रमा मार्ग विकास कार्ययोजना के अंतर्गत 36.84 करोड़ के कार्य और बृहस्पति कुंड, जिला पन्ना में 7.96 करोड़ की लागत से विकास कार्य एवं कैंटिलीवर ग्लास ब्रिज का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। शरभंग आश्रम, सतना में 92.78 लाख की लागत से संरक्षण एवं विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं और अगस्त्य मुनि आश्रम, जिला पन्ना में 3.95 करोड़ की लागत से विकास कार्य भी पूरे हो चुके हैं।

आर एस एस के पथ संचलन में तीन पीढ़ियों ने एक साथ हिस्सा लेकर पेश की मिसाल

आर एस एस के पथ संचलन में तीन पीढ़ियों ने एक साथ हिस्सा लेकर पेश की मिसाल
अनूपपुर/ मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी समारोह के अवसर पर जिला मुख्यालय अनूपपुर में आयोजित हुए पथ संचलन के दौरान तीन पीढ़ियों के स्वयंसेवकों ने एक साथ हिस्सा लेकर मिसाल पेश की है।
2 अक्टूबर, 2025 को अनूपपुर में विजयादशमी के अवसर पर यह दृश्य देखने को मिला,जहाँ वरिष्ठ भाजपा नेता मूलचंद अग्रवाल ने भी इस पथ संचलन में भाग लिया।इस अवसर पर उनके एक ही परिवार की तीन पीढ़ियाँ, जिनमें मूलचंद अग्रवाल स्वयं उनके पुत्र राकेश अग्रवाल एवं राकेश अग्रवाल के पुत्र अक्षत अग्रवाल (वंश) एक साथ पूर्ण गणवेश में संचालन करते देखे गए।कार्यक्रम के दौरान तीनों पीढ़ियाँ संघ की पारंपरिक गणवेश सफेद शर्ट,खाकी फुल पैंट और काली टोपी धारण की।हाथ में दंड लेकर उन्होंने पथ संचालन
में भाग लिया।
यह तस्वीर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा और राष्ट्र सेवा के प्रति परिवार के सदस्यों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है,जिसे पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाया जा रहा है।ज्ञातव्य हो कि वरिष्ठ भाजपा नेता मूलचंद अग्रवाल 12 वर्ष की उम्र में ही आरएसएस में शामिल हो गए थे।

अनूपपुर जिला कांग्रेस ने किया महात्मा गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती समारोह का आयोजन

अनूपपुर जिला कांग्रेस ने किया महात्मा गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती समारोह का आयोजन
गांधीवादी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का शॉल, श्रीफल देकर, माला पहनाकर मिठाई खिलाकर किया गया सम्मानित एवं गांधी जी की विरासत को किया गया नमन
आमीन वारसी

अनूपपुर/ जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन अनूपपुर में जयंती समारोह का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई, साथ ही कांग्रेस सेवादल के द्वारा सामूहिक वन्दे मातरम गीत का गायन कर, 2 मिनट का मौन रखा गया। तत्पश्चात सर्वधर्म सद्भाव सभा व गोष्ठी का भी आयोजन किया गया जिसमें रघुपति राघव राजाराम पतित पावन सीताराम भजन गाया गया तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री जी के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला गया। उक्त कार्यक्रम के बाद उपस्थित कांग्रेसजनों ने जिलाध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान को शॉल व श्रीफल देकर सम्मानित किया और फिर विधायक पुष्पराजगढ़ फुंदेलाल सिंह मार्को एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित जिले के सबसे वरिष्ठ कांग्रेस नेता हीरालाल गुप्ता, विद्या शर्मा, भूरा यादव, राम सुंदर शर्मा, बिसाहूलाल साहू, रुकमणी कोल, मो. सलीम, राज कोहली का कांग्रेस कार्यालय में एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रेम कुमार त्रिपाठी का उनके निज निवास पर जाकर शॉल, श्रीफल, गांधीवादी तिरंगा भेंटकर व मिठाई खिलाकर सभी को सम्मानित किया गया। जयंती समारोह कार्यक्रम को विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को सहित उपस्थित समस्त वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने संबोधित करते हुए अपने अपने विचार रखे। इस दौरान जिलाध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का देश के विकास और मानवता के लिए दिया गया योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। गुड्डू चौहान ने कहा कि देश की सभी पार्टियां गांधीवादी विचारधारा का समर्थन करती हैं, लेकिन सत्ता में बैठे कुछ लोग नाथूराम गोडसे की विचारधारा का पक्ष लेते हैं। उन्होंने जोर दिया कि पूरा देश गांधीवादी विचारधारा के साथ है और सभी मिलकर नाथूराम गोडसे की विचारधारा, नफरत एवं आतंक को पराजित कर एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण करेंगे। उक्त कार्यक्रम में विधायक पुष्पराजगढ़ फुंदेलाल सिंह मार्को, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष राजीव सिंह, वोटर लिस्ट पुनरीक्षण कार्यक्रम जिला प्रभारी जीवेंद्र सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामखेलावन राठौर, सेवादल प्रशिक्षक डॉ एहसान अली, सेवादल कार्यवाहक जिलाध्यक्ष रामसजीवन गौतम, एन एस यू आई जिलाध्यक्ष रफी अहमद, कार्यालय प्रभारी सत्येंद्र दुबे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता उमेश राय, फारुक बेग, तौहीद खान बाबा, तिलकधारी कोल, महिला नेत्री सावित्री त्रिपाठी, रवीन्द्र सुखाड़िया, दोमल सिंह, मो. सफीर, अनूप सिंह, मानवेन्द्र मिश्रा, जय प्रकाश पाण्डेय, पुरुषोत्तम चौधरी, देव सिंह, धरमदास, सोहन सिंह, महेंद्र सिंह, प्रभाव सिंह एवं अन्य कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।

सीएम डॉ मोहन यादव ने क्यूआर कोड स्कैन कर लांच किया AI आधारित सेफ क्लिक चेटबॉट

सीएम डॉ मोहन यादव ने क्यूआर कोड स्कैन कर लांच किया AI आधारित सेफ क्लिक चेटबॉट
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज दशहरे के दिन इंदौर प्रवस पर रहे, उन्होंने यहाँ कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया, मुख्यमंत्री पुलिस के शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए, स्वच्छ भारत दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए, स्वच्छता दिवस पर लगाई गई प्रदर्शनी देखी साथ ही इंदौर पुलिस द्वारा तैयार किये गए एआई बेस्ड चेटबॉट सेफ क्लिक को लांच किया।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने विजयादशमी के अवसर पर इंदौर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में परम्परागत शौर्य परम्परा का निर्वहन करते हुए हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने माँ कालका की आराधना के साथ परम्परागत तलवार, भाला से लेकर अत्याधुनिक एके-47 और अन्य अस्त्र-शस्त्रों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजन किया।

दशहरे पर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि विजयादशमी केवल बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व ही नहीं, बल्कि यह शौर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देने वाला उत्सव है। शस्त्र केवल युद्ध का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन और मर्यादा का प्रतीक भी है। हमारी पुलिस और सुरक्षा बल इन्हीं शस्त्रों के माध्यम से समाज की रक्षा का संकल्प लेते हैं। इस परंपरा का संरक्षण करना हम सबका दायित्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी पर रावण दहन के साथ शस्त्रों का पूजन भी व्यापक रूप से होना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में शस्त्र पूजन की परंपरा को और व्यापक रूप से मनाने के लिए नई सोच और नए संकल्प के साथ इसे आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

सीएम ने लांच किया एआई बेस्ड चेटबॉट सेफ क्लिक
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने विजयादशमी के विशेष अवसर पर नागरिकों की सुरक्षा और यातायात सुगमता के लिए इंदौर पुलिस द्वारा तैयार किये गए एआई बेस्ड चेटबॉट सेफ क्लिक को लांच किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर आधिकारिक रूप से नागरिकों के लिए यह सेवा प्रारम्भ की।

इंदौर बना मध्य प्रदेश में पहला शहर
मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए यह अत्याधुनिक तकनीक नागरिकों को सूचना देने और विभिन्न प्रकार की जानकारियां प्राप्त करने में अत्यंत उपयोगी साबित होगी। पुलिस के मुताबिक यह सेवा देने वाला इंदौर मध्य प्रदेश में पहला शहर है। अभी इंदौर पुलिस यातायात और सुरक्षा क्षेत्र में इस तकनीक का उपयोग करेगी। आगे इस तकनीक को अन्य क्षेत्र में भी उपयोगी बनाया जाएगा। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने कहा कि एआई आधारित यह चेटबॉट ओपन सोर्स से इनफार्मेशन प्राप्त करेगा। इस चेटबॉट में नागरिक बोलकर या टाइप कर सेवा ले सकेंगे।

इंदौर सबसे अलग और अनूठा करता है
मुख्यमंत्री नेहरू पार्क में आयोजित स्वच्छ भारत दिवस पर कार्यक्रम में शामिल हुए उन्होंने कहा कि इंदौर जो भी करता है, वह सबसे अलग और अनूठा होता है। इंदौर स्वच्छता के साथ अन्य क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़े और इंदौर का परचम देश-दुनिया में मजबूती के साथ फैलाये। इंदौर मेट्रोपोलिटन सिटी में भी आगे बढ़ने के साथ अब वह मेट्रो सिटी बन चुका है। इंदौर अब स्वच्छता का महागुरु बनकर, अब वह अन्य शहरों को भी साफ-सफाई और स्वच्छता की प्रेरणा का संदेश दे रहा है। इंदौर ने इस बार देपालपुर नगर को भी स्वच्छ करने का संकल्प लिया है, जिसमें इंदौर को निश्चित ही सफलता मिलेगी।

महात्मा गांधी ने दिखाया अहिंसा का मार्ग : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

महात्मा गांधी ने दिखाया अहिंसा का मार्ग : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महात्मा गांधी ने हम सबको अहिंसा का मार्ग दिखाया। उन्होंने हमें स्वदेश से प्रेम करना सिखाया और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को सदैव प्रोत्साहित भी किया। गांधी जी के विचार आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही हमारा देश आज आर्थिक रूप से स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनकर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को गांधी जयंती के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देकर कृतज्ञता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श हमेशा हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे। हमारी सरकार विरासत से विकास का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी के साथ ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ नारे का उद्घोष किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रारंभ हुए सेवा पखवाड़े का गांधी जयंती पर औपचारिक समापन हो गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर के मुख्य द्वार के सामने स्थापित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा और उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश को ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री स्व. शास्त्री जी का राष्ट्र के प्रति प्रेम और उनके जीवन आदर्श हम सबके लिए सदैव पथ प्रदर्शक बने रहेंगे।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, विधायक एवं प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, हितानंद शर्मा, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय, रविंद्र यति सहित नागरिक उपस्थित थे।

अधर्म पर धर्म की जीत का पर्व विजयादशमी-मुख्यमंत्री साय

अधर्म पर धर्म की जीत का पर्व विजयादशमी-मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर शहर के रावणभांठा एवं शंकरनगर दशहरा उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने कहा विजयादशमी पर्व अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। सत्य परेशान हो सकता है पर पराजित नहीं हो सकता है। सत्य की अंततः जीत होती है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा छत्तीसगढ़ के लिए विजयादशमी का अवसर बहुत ही खास है। प्रभु श्रीराम का छत्तीसगढ़ से बहुत गहरा नाता है। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका और प्रभु राम का ननिहाल है। इस लिए हम प्रभु राम को भांचा राम कहते है। इसी के कारण छत्तीसगढ़ में भांजे का पैर छूकर प्रणाम करने की परंपरा है। वनवास के दौरान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी ने यहां लंबा समय बिताया। छत्तीसगढ़ में अलग अलग स्थानों में इसके प्रमाण मिलते है। वनवास काल में प्रभु श्रीराम के सामने अनेक कठिनाइयां थीं। रावण से युद्ध के समय श्रीराम वनवासी थे जबकि रावण के पास अस्त्र-शस्त्र के साथ ही विशाल असुरों की सेना थी। प्रभु श्रीराम ने वानर सेना के साथ मिलकर रावण को परास्त कर यह सिद्ध किया कि अधर्म और अहंकार का नाश निश्चित है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने अंदर रावण रूपी काम, क्रोध,अहंकार,लोभ,मोह एवं माया रूपी बुराइयों को समाप्त करने का आव्हान किया और प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा यहां दहशरा मनाने की परंपरा लगभग 150 साल पुराना इतिहास है। प्रभु बालाजी महाराज का विशेष आशीर्वाद इस प्रांगण को मिलता है। आज विजयादशमी का पर्व असत्य पर सत्य की,अधर्म पर धर्म की जीत का का प्रतीक है। विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि गण दूधाधारी मठ से जुड़े पदाधिकारी,खम्हारडीह सार्वजिक दशहरा एवं सांस्कृतिक समिति के सदस्य एवं नागरिक गण उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के हृदय स्थल आजाद चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा और शास्त्री चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी जी के सिद्धांतों और उनके आदर्शों को याद करते हुए स्वच्छता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने भारत में स्वाधीनता आंदोलन को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री का स्मरण करते हुए कहा कि शास्त्री जी का भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्र भारत के निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है। सत्य, सादगी और अनुशासन से भरे उनके व्यक्तित्व ने पूरे राष्ट्र को दिशा दिखाई। शास्त्री जी ने किसानों और जवानों की शक्ति को राष्ट्र की असली ताकत बताया और “जय जवान – जय किसान” का नारा देकर पूरे देश को आत्मनिर्भरता और परिश्रम के मार्ग पर अग्रसर किया।

इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

राम की भक्ति में डूबेगा कोलार, संपूर्ण रूप से स्वदेशी दशहरा महोत्सव आज, प्रदेश का सबसे बड़ा रावण दहन

राम की भक्ति में डूबेगा कोलार, संपूर्ण रूप से स्वदेशी दशहरा महोत्सव आज, प्रदेश का सबसे बड़ा रावण दहन

मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे सीएम डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल

भोपाल।

कोलार हिन्दू उत्सव समिति और दैनिक भास्कर के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को कोलार के बंजारी दशहरा मैदान में शाम छह बजे से विशाल दशहरा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस बार का दशहरा महोत्सव संपूर्ण रूप से स्वदेशी थीम पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें सभी काम और व्यवस्थाएं स्वदेशी ही होगी।

प्रदेश के सबसे बड़े रावण दहन यानी 105 फीट के रावण के पुतले के दहन होगा। बंजारी दशहरा मैदान में आयोजित प्रदेश के सबसे बड़े दशहरा महोत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, समस्त मंत्रीगण, समस्त सांसद, विधायक और महापौर सहित कई लोग मौजूद रहेंगे। इस आयोजन में दो लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर रखी हैं।

कोलार हिंदू उत्सव समिति के सचिव *रविंद्र यति* ने बताया कि कोलार में लगातार 23 वें साल भव्य और विशाल रावण दहन किया जा रहा है। विगत कई वर्षों से लगातार इस आयोजन में  105 फिट के रावण के पुतले का दहन किया जा रहा है। साथ ही मेघनाथ एवं कुंभकरण के पुतलों का भी दहन होगा, जिसमें जयपुर एवं शिवकाशी की रंगारंग आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा। कोलार के बंजारी दशहरा मैदान में आयोजित इस महोत्सव में मंच पर नाट्य श्री एवं भारतीय कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। इस बार लगातार चौथी बार श्रद्धेय विजेश लूनावत जी युवा पुरस्कार भी मंच से दिया जाएगा। आयोजन मे हजारों की संख्या में शहरवासियों के आने की संभावना है। मैदान में महिलाओं, बच्चों, वीआईपी एवं वीवीआईपी व्यक्तियों के बैठने की लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों  के लिए पानी, बिस्किट, चिप्स आदि की भी व्यवस्था होगी। पूरे मैदान में प्रकाश की व्यवस्था के लिए टॉवर लगा कर पूरे मैदान को जगमग किया जाएगा। मैदान में कई जगह अलग से टॉवर बना कर एलईडी की बड़ी स्क्रीन लगाई गई है, जिसमें कार्यक्रम का लाईव प्रसारण किया जाएगा। पार्किंग की आत्यधुनिक व्‍यवस्था की गई है, जिसमें आम जनता एवं वीआईपी की अलग व्यवस्था पूरे मैदान में आवश्यकतानुसार बेरिकेटिंग की व्यवस्था है। मध्यप्रदेश विद्युत मंडल द्वारा बिजली की व्यवस्था की गई है। बुधवार को तैयारी के संबंध में दशहरा मैदान में अंतिम बड़ी बैठक आयोजित की गई। इस मौके मे अध्यक्ष महेश मीना, सुनील सिंह, राजीव शर्मा, आदित्य नारोलिया, राजीव दीक्षित, कोषाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला, हरीश यादव, भगवानदास विश्वकर्मा, सुरेन्द्र सिंह विष्ट, पार्थ पाटीदार, संतोष सेन, बजरंग भगत, सरदार सिंह पटेल, गिरजेश कटारे, अनुज गौर, सुभाष अय्यर, दिलीप पाण्डेय, अवतार सिंह मठारू, नरेश पाटीदार, विकास जैन, अशोक मीना, राजकुमार मिश्रा, प्रकाश वर्मा, संदीप श्रीवास्तव, संदीप सिंह परिहार, रोहित मिश्रा, रवि यादव महिला संयोजन समिति से साधना श्रीवास्तव, आराधना तोमर, नेहा भगत, पूजा भारद्वाज, सुरेन्‍द्र शुक्ला, धनराज नायडू, पलाश साहू, विजय श्रीवास सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।

मुकेश अंबानी फिर बने भारत के सबसे अमीर शख्स

मुकेश अंबानी फिर बने भारत के सबसे अमीर शख्स
एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 जारी हो गई है, जिसमें भारत के अमीरों की संख्या में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। देश में अब 350 से अधिक अरबपति हैं, जो पिछले 13 वर्षों में छह गुना से ज्यादा की वृद्धि दर्शाता है। इनकी कुल संपत्ति 167 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई, जो भारत के जीडीपी का करीब आधा है। रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने फिर टॉप स्पॉट हासिल किया, जबकि बॉलीवुड किंग शाहरुख खान पहली बार बिलेनियर क्लब में शामिल हो गए। यह लिस्ट भारत को वैश्विक अमीरों का नया हब बनते दिखाती है।

मुकेश अंबानी का दबदबा बरकरार
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और परिवार की नेटवर्थ 9.55 लाख करोड़ रुपये आंकी गई। वे लगातार तीसरे साल भारत के सबसे अमीर बने रहे। अंबानी की संपत्ति में जियो और रिटेल सेक्टर की मजबूती का बड़ा योगदान है। हुरुन रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी लीडरशिप ने रिलायंस को डिजिटल और ग्रीन एनर्जी में अग्रणी बनाया। अंबानी ने कहा, यह सफलता टीम की मेहनत का नतीजा है।

गौतम अडानी दूसरे नंबर पर
अडानी ग्रुप के संस्थापक गौतम अडानी और परिवार की संपत्ति 8.15 लाख करोड़ रुपये है। वे दूसरे स्थान पर कायम हैं, हालांकि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद उनकी हार्बर और एनर्जी प्रोजेक्ट्स ने स्थिरता दी। अडानी ने हाल ही में ग्रीन हाइड्रोजन पर फोकस बढ़ाया, जो उनकी संपत्ति वृद्धि का राज है।

रोशनी नादर टॉप-3 में धमाल
एचसीएल टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा ने पहली बार टॉप-3 में जगह बनाई। उनकी नेटवर्थ 2.84 लाख करोड़ रुपये है, जो उन्हें भारत की सबसे अमीर महिला बनाती है। आईटी सेक्टर की इस दिग्गज ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। हुरुन के अनुसार, वे अब तक की सबसे ऊंची रैंक वाली महिला अरबपति हैं।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...