टी20 क्रिकेट के लिए बदल गए नियम, 9 गेंदों का पावरप्ले

टी20 क्रिकेट के लिए बदल गए नियम, 9 गेंदों का पावरप्ले
इंटरनेशनल मेंस टी20 क्रिकेट मैच के पावरप्ले नियमों में कुछ अहम बदलाव हुए हैं। अब अगर बारिश या किसी अन्य कारण से पारी के ओवर कम किए जाते हैं, तो पावरप्ले को ओवर की बजाय गेंदों के आधार पर तय किया जाएगा। वर्तमान नियमों के अनुसार 20 ओवर की पारी में शुरुआती छह ओवर पावरप्ले के होते हैं। नए नियमों के अनुसार आठ ओवर की पारी में अब 2.2 ओवर का पावरप्ले होगा। इसी तरह नौ ओवर की पारी में 2.4 ओवर का पावरप्ले होगा। ये नियम जुलाई से प्रभावी होंगे। ऊपर दिए गए आठ ओवर के उदाहरण में, तीसरे ओवर की दो गेंदों के बाद अंपायर संकेत देंगे, जिसके बाद तीन अतिरिक्त फील्डर सर्कल के भीतर से बाहर जा सकेंगे।

इंग्लैंड पर पहले से लागू है ये नियम
यह नियम इंग्लैंड के टी20 ब्लास्ट टूर्नामेंट में कई सालों से उपयोग किया जा रहा है, जहां ओवर के बीच में पावरप्ले समाप्त होने से खिलाड़ियों या मैच अधिकारियों को कोई परेशानी नहीं होती है। टेस्ट क्रिकेट में ओवर-रेट पर नियंत्रण के लिए स्टॉप क्लॉक का उपयोग, नो-बॉल पर भी कैच की वैधता जांचना और घरेलू प्रथम श्रेणी क्रिकेट में प्लेयर रिप्लेसमेंट की मंजूरी देना पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने की शर्तों में किए गए कुछ अन्य प्रमुख बदलाव हैं। इनमें से कुछ नए नियम विश्व टेस्ट टेस्ट चैंपियनशिप (2025-27) के नए चक्र में पहले से लागू हो चुके हैं, जबकि सफेद गेंद वाले क्रिकेट से संबंधित नियम 2 जुलाई से लागू होंगे।
यह बदलाव खास तौर पर उन टी20 इंटरनेशनल मैचों पर केंद्रित है, जो बारिश या अन्य कारणों से कम ओवरों तक सीमित हो जाते हैं। नए नियमों के तहत, पावरप्ले की अवधि अब पूरे ओवर के बजाय गेंदों के आधार पर तय की जाएगी, जिससे खेल में पारदर्शिता और सटीकता बढ़ेगी। बता दें कि इससे पहले, टी20 मैचों में पावरप्ले की अवधि शुरूआती छह ओवरों तक होती थी, जिसमें सिर्फ 2 फील्डर 30 गज के दायरे से बाहर रह सकते थे।

अगर बारिश के कारण मैच कम ओवर का हो जाता था, तो पावरप्ले के ओवर 6 गेंदों के हिसाब से गिने जाते थे। जैसे 8 ओवर के मैच में 2 ओवर का पावरप्ले। इस अस्पष्टता को दूर करने के लिए, आईसीसी ने अब पावरप्ले को गेंदों के आधार पर परिभाषित किया है। उदाहरण के लिए, अगर मैच 5 ओवर का हो, तो पावरप्ले 1.3 ओवर (8 गेंदें) का होगा, 6 ओवर के मैच में 1.5 ओवर (9 गेंदें), और 19 ओवर के मैच में 5.4 ओवर (34 गेंदें) का पावरप्ले होगा।

एजबेस्टन टेस्ट में जो रूट तोड़ देंगे राहुल द्रविड़ का ये बड़ा रिकॉर्ड

एजबेस्टन टेस्ट में जो रूट तोड़ देंगे राहुल द्रविड़ का ये बड़ा रिकॉर्ड
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट लगातार टेस्ट क्रिकेट में एक के बाद एक रिकॉर्ड अपने नाम करते जा रहे हैं। अब उनके पास एक और ऐतिहासिक कीर्तिमान दर्ज करने का सुनहरा मौका है। भारत के खिलाफ एजबेस्टन में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट में जो रूट यदि एक कैच और लपक लेते हैं, तो वे टेस्ट क्रिकेट में बतौर फील्डर सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।

जो रूट ने की राहुल द्रविड़ की बराबरी
जो रूट ने लीड्स टेस्ट में दो कैच लेकर भारत के महान बल्लेबाज और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी। रूट 154 टेस्ट मैचों में 210 कैच ले चुके हैं और टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। द्रविड़ ने 164 टेस्ट मैचों में 210 कैच लपके थे, और यह रिकॉर्ड 2009 से अडिग खड़ा है। अगर रूट आगामी एजबेस्टन टेस्ट में एक और कैच ले लेते हैं, तो वे द्रविड़ को पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट में बतौर फील्डर सबसे ज्यादा कैच लेने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।

राहुल द्रविड़: ‘द वॉल’ का फील्डिंग में भी जलवा
राहुल द्रविड़ को क्रिकेट जगत में ‘द वॉल’ के नाम से जाना जाता है, और यह उपनाम केवल उनकी बल्लेबाजी के लिए ही नहीं, बल्कि उनकी शानदार फील्डिंग के लिए भी सटीक बैठता है। द्रविड़ ने अपने 164 टेस्ट मैचों के करियर में 210 कैच लपके, जो टेस्ट क्रिकेट में किसी भी फील्डर (विकेटकीपर को छोड़कर) द्वारा सबसे ज्यादा कैच का रिकॉर्ड है। उनकी स्लिप फील्डिंग की कला बेजोड़ थी। स्लिप में उनकी चुस्ती, एकाग्रता और सुरक्षित हाथों ने कई गेंदबाजों को बड़ी सफलताएं दिलाईं। 2009 में न्यूजीलैंड के खिलाफ इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने के बाद से कोई भी खिलाड़ी उनके आसपास भी नहीं पहुंच सका था, लेकिन अब जो रूट इस रिकॉर्ड को चुनौती देने को तैयार हैं।

15 जुलाई को पेश होगी भारत की पहली 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV

15 जुलाई को पेश होगी भारत की पहली 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV
भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स का बाजार तेजी से बढ़ रहा है और अब Kia Motors इस सेगमेंट में एक नया अध्याय जोड़ने जा रही है। कंपनी 15 जुलाई को Kia Carens Clavis EV को आधिकारिक रूप से पेश करने वाली है, जो देश की पहली 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV होगी।

पावरट्रेन और बैटरी ऑप्शन (Kia Carens Clavis EV Battery Capacity)
Kia Carens Clavis EV में वही इलेक्ट्रिक पावरट्रेन दिया जा सकता है जो Hyundai की Creta Electric में देखने को मिलता है। इसमें दो बैटरी वेरिएंट्स (42 kWh और 51.4 kWh) होने की संभावना है।
छोटी बैटरी के साथ कार की अनुमानित रेंज 390 किमी तक हो सकती है जबकि बड़ी बैटरी वेरिएंट में यह रेंज करीब 473 किमी तक पहुंच सकती है। चूंकि Carens Clavis EV का साइज और वजन थोड़ा ज्यादा है इसलिए इसकी रियल-वर्ल्ड रेंज थोड़ी कम हो सकती है।
चार्जिंग टाइम और ऑप्शंस (Kia Carens Clavis EV Charging Time)
Carens Clavis EV में फास्ट चार्जिंग की सुविधा भी होगी। AC और DC दोनों चार्जिंग सिस्टम इसमें उपलब्ध होंगे।

11 kW AC फास्ट चार्जर: 42 kWh बैटरी को 10% से 100% तक चार्ज करने में लगभग 4 घंटे लगते हैं जबकि 51.4 kWh बैटरी के लिए यह समय लगभग 4 घंटे 50 मिनट होता है।
50 kW DC फास्ट चार्जर: दोनों बैटरी वेरिएंट्स को 10% से 80% तक चार्ज करने में लगभग 1 घंटे का समय लगेगा।

कैसे होंगे फीचर्स (Kia Carens Clavis EV Features Interior)
Kia Carens Clavis EV में तकनीकी सुविधाओं के साथ-साथ कई ऐसे फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं जो पहले से मौजूद Creta Electric और ICE वेरिएंट्स में देखने को मिलते हैं। इनमें डुअल पैनोरामिक डिस्प्ले, 4-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स, स्मार्ट एयर प्यूरीफायर और BOSE का 8-स्पीकर ऑडियो सिस्टम शामिल हो सकते है। इसके अलावा Vehicle-to-Load (V2L) सपोर्ट, Boss मोड जैसी सीट एडजस्टमेंट सुविधा और रियर AC वेंट्स भी इसमें दिए जाने की संभावना है। इलेक्ट्रिक ड्राइविंग से संबंधित फीचर्स के तौर पर इसमें रीजनरेटिव ब्रेकिंग के लिए पैडल शिफ्टर्स और ADAS आधारित ब्रेकिंग कंट्रोल मिलने की भी संभावना जताई जा रही है।

कैसे होंगे सेफ्टी फीचर्स? (Kia Carens Clavis EV Safety Features)
Kia Carens Clavis EV में सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो इसमें 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), व्हीकल स्टेबिलिटी मैनेजमेंट (VSM), हिल स्टार्ट असिस्ट कंट्रोल (HAC), डाउनहिल ब्रेक कंट्रोल (DBC) और सभी पहियों में डिस्क ब्रेक्स जैसी सुविधाएं दी जा सकती हैं। इसके अलावा इसमें ADAS (Advanced Driver Assistance System) लेवल-2 से जुड़े लगभग 20 ऑटोमेटेड सेफ्टी फीचर्स शामिल होने की संभावना है।

डिजाइन और एक्सटीरियर (Kia Carens Clavis EV Exterior Safety Features)
डिजाइन के लिहाज से Kia Carens Clavis EV का लुक इसके पेट्रोल मॉडल से मिलता-जुलता हो सकता है लेकिन इलेक्ट्रिक वर्जन में कुछ खास बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें Star Map डिजाइन वाले LED DRLs के साथ इंटीग्रेटेड टर्न सिग्नल्स, आइस क्यूब स्टाइल में LED हेडलाइट्स और कनेक्टेड LED टेललैंप्स दिए जा सकते हैं। गाड़ी के आगे और पीछे स्किड प्लेट्स होने की संभावना है जो इसे थोड़ा रफ-टफ लुक देंगे। इसके अलावा इसमें खास तरह के एयरोडायनामिक अलॉय व्हील्स भी देखने को मिल सकते हैं जो इलेक्ट्रिक व्हीकल के डिजाइन को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। इन बदलावों के जरिए गाड़ी को एक अलग पहचान देने की कोशिश की जा सकती है।

संभावित कीमत (Kia Carens Clavis EV Price)
Kia Carens Clavis EV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 16 लाख रुपये से 18 लाख रुपये के बीच रखी जा सकती है। Carens Clavis EV के बाद Kia भारत में और भी इलेक्ट्रिक मॉडल्स लॉन्च करने की योजना बना रही है। आने वाले महीनों में Syros EV, Seltos EV, और इंटरनेशनल पोर्टफोलियो से EV3 और EV5 जैसे मॉडल्स भी भारतीय बाजार में दस्तक दे सकते हैं।

RSS ने संविधान में शामिल ‘सोशलिस्ट और सेक्युलर’ शब्दों पर खुली बहस की जरूरत – दत्तात्रेय होसबाले

RSS ने संविधान में शामिल ‘सोशलिस्ट और सेक्युलर’ शब्दों पर खुली बहस की जरूरत – दत्तात्रेय होसबाले
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले (Dattatreya Hosabale) ने संविधान (constitution) की प्रस्तावना में जोड़े गए सोशलिस्ट (socialist) और सेक्युलर (secular) शब्द पर खुली बहस की बात कही है। उन्होंने कहा कि ये दोनों शब्द मूल संविधान में नहीं थे। इमरजेंसी (Emergency) के दौरान इन शब्दों को जोड़ा गया था। ‘आपातकाल के 50 साल’ कार्यक्रम में होसबाले ने कहा कि इमरजेंसी के दौरान संसद और न्यायपालिका काम नहीं कर रही थी। इसी दौरान दोनों शब्दों को जोड़ा गया। अब ये शब्द संविधान में रहे या न रहे, इसे लेकर देश में खुली बहस होनी चाहिए।

संविधान की हत्या की गई थी
होसबाले ने संसद में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि इमरजेंसी के समय संविधान की हत्या की गई थी और न्यायपालिका की स्वतंत्रता खत्म कर दी गई थी। होसबाले ने कहा कि इमरजेंसी के दौरान एक लाख से अधिक लोगों को जेल में डाला गया था। 250 से अधिक पत्रकारों को कैद किया गया था। 60 लाख लोगों की जबरन नसबंदी करवाई गई थी। अगर ये काम उनके पूर्वजों ने किया था तो उनके नाम पर माफी मांगनी चाहिए।
42वें संशोधन में जोड़े गए थे दोनों शब्द
‘सेक्युलर’ और ‘सोशलिस्ट’ शब्द 1976 में 42वें संविधान संशोधन के जरिए शामिल किए गए थे। इस दौरान देश में आपातकाल था। 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल की घोषणा की थी। यह 21 मार्च 1977 यानी 21 महीने तक लागू रहा था।

क्या है दोनों शब्दों के मायने
सोशलिस्ट (समाजवादी): ऐसी व्यवस्था जिसमें आर्थिक और सामाजिक समानता हो, संसाधनों का समान वितरण हो और गरीबों, कमजोरों के अधिकारों की रक्षा की जाए। भारत में आर्थिक व सामाजिक समानता को बढ़ावा दिया जाए।
सेक्युलर (धर्मनिरपेक्ष): राज्य सभी धर्मों का सम्मान करता है। किसी एक धर्म का पक्ष नहीं लेता। धर्म से ऊपर उठकर शासन करता है। भारत के एक धर्मनिर्पेक्ष राष्ट्र रहेगा। सभी धर्मों का सम्मान होगा।

RG Kar कांड के बाद एक और दिल दहलाने वाली घटना

RG Kar कांड के बाद एक और दिल दहलाने वाली घटना
कोलकाता के आरजी कर कांड की दर्दनाक यादें अभी लोगों के जेहन में ताजा हैं, और अब एक और चौंकाने वाली घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया है। साउथ कोलकाता में कस्बा लॉ कॉलेज की छात्रा के साथ गैंगरेप की वारदात सामने आई है, जिसमें तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?
यह घटना एक प्रतिष्ठित लॉ कॉलेज में हुई, जहां एक छात्रा के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह वारदात सुनियोजित थी, और आरोपियों ने पीड़िता को निशाना बनाने के लिए पहले से साजिश रची थी।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
पुलिस ने इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि यह घटना कॉलेज परिसर या उसके आसपास की है, जिसने शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस मामले में और लोग शामिल हैं या कोई अन्य साजिश थी।

आरजी कर कांड से तुलना
आरजी कर कांड, जिसमें कोलकाता के एक मेडिकल कॉलेज में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटना हुई थी, ने पूरे देश में आक्रोश पैदा किया था। इस लॉ स्टूडेंट के साथ हुई घटना ने एक बार फिर उसी तरह की क्रूरता और असुरक्षा को उजागर किया है, जो महिलाओं को अपने कार्यस्थल या शैक्षणिक संस्थानों में झेलनी पड़ रही है।

लोकतंत्र को जीवित रखने एवं सशक्त करने के लिए जन-जागरूकता और सक्रिय भागीदारी अनिवार्य – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

लोकतंत्र को जीवित रखने एवं सशक्त करने के लिए जन-जागरूकता और सक्रिय भागीदारी अनिवार्य – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह अत्यंत आवश्यक है कि लोकतंत्र की हत्या के उस काले दिन को हमारी भावी पीढ़ी भी जाने, समझे और उससे सीख ले। आपातकाल के दौर को याद करते हुए भावुक हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कालखंड मेरे जीवन से गहराई से जुड़ा है। यह मेरे लिए मात्र एक घटना नहीं, बल्कि एक व्यक्तिगत पीड़ा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके बड़े पिताजी स्वर्गीय श्री नरहरि प्रसाद साय आपातकाल के दौरान 19 माह तक जेल में रहे। उस समय लोकतंत्र सेनानियों के घरों की स्थिति अत्यंत दयनीय थी—कई बार घर में चूल्हा तक नहीं जलता था। ऐसे अनेक परिवारों को मैंने स्वयं देखा है। उन्होंने कहा कि निरंकुश सत्ता ने उस समय अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचल दिया था, नागरिक अधिकार छीन लिए गए थे। वास्तव में, वह लोकतंत्र का काला दिन था, जिसका दंश हमारे परिवार ने झेला है और जिसे मैंने स्वयं जिया है।

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र सेनानी परिवारों के सदस्यों से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया तथा शॉल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार लोकतंत्र सेनानी परिवारों को सम्मान देने का कार्य कर रही है। इन परिवारों को प्रतिमाह 10 हजार से 25 हजार रुपए तक की सम्मान राशि दी जा रही है—यह उनके संघर्ष और बलिदान को नमन करने का एक विनम्र प्रयास है।

कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे आपातकाल के इतिहास को जानें, पढ़ें और समझें कि किस प्रकार उस कालखंड में संविधान को कुचला गया था। लोकतंत्र को जीवित रखने और सशक्त करने के लिए जन-जागरूकता और सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत के संविधान और लोकतंत्र पर आपातकाल एक ऐसा कलंक है, जिसे इतिहास में काले अक्षरों में दर्ज किया गया है। आपातकाल थोपकर न केवल संविधान को निष्क्रिय कर दिया गया, बल्कि मौलिक अधिकारों को समाप्त कर लोकतंत्र की आत्मा को कुचल दिया गया।

उन्होंने कहा कि उस समय देश को एक खुली जेल में बदल दिया गया था, जिसमें भय और आतंक का वातावरण था। एक लाख से अधिक लोगों को बिना न्यायिक प्रक्रिया के जेलों में बंद कर दिया गया, और उन्हें यातनाएं दी गईं। यह केवल राजनीतिक दमन का दौर नहीं था, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक चेतना को समाप्त करने का सुनियोजित प्रयास था।

डॉ. सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि वे आपातकाल के विषय में शोध करें, पढ़ें और समझें कि लोकतंत्र की रक्षा हेतु कितने लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी। भविष्य में लोकतंत्र को सुरक्षित बनाए रखने के लिए हमें सदैव जागरूक और सजग रहना होगा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति श्री बलदेव भाई शर्मा ने कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र का सबसे शर्मनाक और काला दिन था। इस दिन संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को जिस तरह से कुचला गया, उसका कोई दूसरा उदाहरण विश्व इतिहास में नहीं मिलता। संविधान में मनमाने ढंग से संशोधन किए गए, जिससे देश की आत्मचेतना और नागरिक अधिकारों का दमन हुआ।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित जनजागरूकता रैली में भी भाग लिया।

राजनाथ ने SCO की ज्वाइंट स्टेटमेंट पर साइन करने से किया इनकार

राजनाथ ने SCO की ज्वाइंट स्टेटमेंट पर साइन करने से किया इनकार
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defense Minister Rajnath Singh) चीन के दौरे पर हैं। उन्होंने चीन के किंगदाओ में आयोजित शंघाई कॉर्पोरेशन ऑर्गेनाइजेशन (SCO) की रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया। इस मौके पर राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान (Pakistan) को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने SCO की मीटिंग में पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के सामने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया। साथ ही कहा कि कुछ देश सीमा पार आतंकवादियों को पनाह देते हैं।

ज्वाइंट स्टेटमेंट पर नहीं किया साइन
SCO की रक्षामंत्रियों की बैठक में भारत ने आतंकवाद और पहलगाम हमले पर अपना पक्ष मजबूती से रखा। इसका नतीजा यह हुआ कि बैठक के बाद SCO की ओर से कोई संयुक्त बयान या प्रोटोकॉल जारी नहीं किया गया। पाकिस्तान और चीन आतंकवाद से ध्यान हटाने की कोशिशों में जुटे हुए थे, लेकिन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने SCO के ज्वाइंट स्टेटमेंट पर साइन करने से इनकार कर दिया।

अब आतंकी ठिकाने सुरक्षित नहीं हैं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक में कहा कि आतंकवाद के प्रति भारत (India) का ‘जीरो टॉलरेंस’ आज जग जाहिर है। इसमें आतंकवाद के खिलाफ खुद की रक्षा करने का हमारा अधिकार भी शामिल है। उन्होंने बताया कि भारत ने दिखाया है कि आतंकवाद के केंद्र अब कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। भारतीय सेना उन्हें निशाना बनाने में संकोच नहीं करेगी।

राजनाथ ने कहा कि हमें अपने युवाओं में कट्टरपंथ के प्रसार को रोकने के लिए भी सक्रिय कदम उठाने चाहिए। SCO के ‘आरएटीएस तंत्र’ ने इस संबंध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भारत की अध्यक्षता के दौरान जारी SCO राष्ट्राध्यक्षों की परिषद के संयुक्त वक्तव्य ‘आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद को बढ़ावा देने वाले कट्टरपंथ का मुकाबला’ पर हमारी साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

सबसे बड़ी चुनौती विश्वास की कमी
राजनाथ सिंह ने क्षेत्र के सामने सबसे बड़ी चुनौती शांति, सुरक्षा और विश्वास की कमी को बताया। उन्होंने कहा कि शांति और समृद्धि आतंकवाद के साथ नहीं रह सकती। सिंह ने कहा कि मेरा मानना ​​है कि हमारे क्षेत्र में सबसे बड़ी चुनौतियां शांति, सुरक्षा और विश्वास की कमी से संबंधित हैं। इन समस्याओं का मूल कारण कट्टरपंथ, उग्रवाद और आतंकवाद में वृद्धि है।

उन्होंने कहा कि शांति और समृद्धि उन परिस्थितियों में संभव नहीं, जहां आतंकवाद और सामूहिक विनाश के हथियार गैर-राज्य तत्वों और आतंकवादी संगठनों के हाथों में हों। इन चुनौतियों से निपटने के लिए निर्णायक कार्रवाई की जरूरत है। हमें इन बुराइयों के खिलाफ अपनी सामूहिक सुरक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए एकजुट होकर लड़ना होगा।

अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से सुरक्षाबलों की मुठभेड़

अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से सुरक्षाबलों की मुठभेड़
अमरनाथ यात्रा से पहले आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई है। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इलाके में दोनों ओर से भारी गोलीबारी हो रही है। सुरक्षाबलों ने इलाके को चारो ओर से घेर लिया है। सुरक्षा बलों को आज इलाके में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद सर्च अभियान चलाया गया। जंगल में सुरक्षाबलों से आमना-सामना होने पर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

सेना और J&K पुलिस कर रही आतंकियों का सामना
सेना और जम्मू कश्मीर की पुलिस ज्वाइंट ऑपरेशन कर रही है। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबलों को भेजा गया है। ड्रोन के जरिए एरियल निगरानी भी की जा रही है। व्हाइट नाइट कोर ने X पर बताया कि ऑपरेशन बिहाली चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना मिली थी कि उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके के बिहाली इलाके में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं। जानकारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ सेना ने एक संयुक्त अभियान शुरू किया। आतंकवादियों से मुठभेड़ जारी है।

3 जुलाई से शुरू हो रही है अमरनाथ यात्रा
इस साल अमरनाथ की यात्रा 3 जुलाई से शुरू हो रही है। अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षाबल अलर्ट मोड पर हैं। यात्रा 9 अगस्त तक चलेगी। इसमें लाखों श्रद्धालुओं के आने उम्मीद है। ऐसे में आतंकियों का उधमपुर में पाया जाना, सुरक्षा के लिए लिहाज से चिंता का विषय बन गया है।

पाकिस्तान को राजनाथ सिंह ने जमकर लताड़ा
वहीं, राजनाथ सिंह ने चीन के किंगदाओ में आयोजित शंघाई कॉर्पोरेशन ऑर्गेनाइजेशन (SCO) की रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया। इस मौके पर राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान (Pakistan) को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने बैठक में ऑपेरशन सिंदूर का जिक्र किया है। साथ ही, कहा कि कुछ देश सीमा पार से आतंकवाद को बढ़ावा देते हैं, लेकिन अब भारत चुप नहीं रहेगा। वह आत्मरक्षा के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए आतंकियों के ठिकानों को तबाह करेगा।

अमिताभ की आवाज़ अब नहीं बजेगी फोन पर, कॉलर ट्यून पर सरकार ने लगाया ब्रेक

अमिताभ की आवाज़ अब नहीं बजेगी फोन पर, कॉलर ट्यून पर सरकार ने लगाया ब्रेक
फिल्मी दुनिया के महानायक अमिताभ बच्चन की आवाज़ में चलने वाली साइबर सुरक्षा कॉलर ट्यून इन दिनों काफी सुर्खियों में है। इससे पहले भी कई लोगो ने इसे बंद करने की मांग की थी और अब जाके सरकार ने आम लोगों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए ये बड़ा फैसला लिया है।

कॉलर ट्यून पर सरकार ने लगाया ब्रेक
बता दें कि अमिताभ बच्चन के इस कॉलर ट्यून में 40 सेकंड का मैसेज होता था जो हर कॉल से पहले बजता था। लेकिन अब संचार मंत्रालय ने फैसला लिया है कि अब इसे सिर्फ दिन में दो बार ही चलाया जाएगा। ये फैसला सरकार ने इमरजेंसी कॉल को ध्यान में रखते हुए लिया है ।

साइबर जागरूकता कॉलर ट्यून अब इमरजेंसी नंबर पर नहीं
जिस अभियान के द्वारा देश के लोगो को अमिताभ बच्चन के आवाज के जरिए साइबर क्राइम से बचने की चेतावनी कॉलर ट्यून के द्वारा दी जा रही थी। अब ये अभियान बंद हो चुका है। तो भारत सरकार ने ये फैसला लिया है कि इस कॉलर ट्यून को पूरी तरीके से बंद कर दिया जाए और कहा है कि साइबर जागरूकता कॉलर ट्यून इमरजेंसी नंबर पर नहीं बनाए जाते हैं। अब आप जब भी कॉल करेंगे तो आपके यह कॉलर ट्यून नहीं सुनाई देगा।

DRS से लेकर स्टॉप क्लॉक तक ICC बदलने जा रहा ढेरों नियम

DRS से लेकर स्टॉप क्लॉक तक ICC बदलने जा रहा ढेरों नियम
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वनडे और टेस्ट क्रिकेट में कई बदलाव करने का निर्णय लिया है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 साइकल की शुरुआत के साथ ही नए नियमों का दौर भी शुरू हो गया है। पहले से ही कुछ महत्वपूर्ण बदलाव प्लेइंग कंडीशन्स में लागू हो चुके हैं और कुछ 2 जुलाई 2025 से प्रभाव में आने वाले हैं।

टेस्ट क्रिकेट में स्टॉप क्लॉक की एंट्री
ICC ने टेस्ट क्रिकेट में अब स्टॉप क्लॉक का प्रयोग किया जाएगा, जो पहले केवल वनडे और टी20 मुकाबलों में होता था। इसके तहत गेंदबाजी करने वाली टीम को हर ओवर शुरू करने के लिए 60 सेकंड (1 मिनट) का समय मिलेगा। समयसीमा का पालन न करने पर पहली दो बार चेतावनी दी जाएगी, जबकि तीसरी बार पर विरोधी टीम को 5 रन पेनल्टी के रूप में दिए जाएंगे। हर 80 ओवर के बाद चेतावनियाँ रीसेट कर दी जाएंगी।

थूक से गेंद बदलने की अनिवार्यता खत्म
थूक का इस्तेमाल गेंद पर अब भी बैन है, लेकिन अब अंपायर को गेंद तुरंत बदलने की ज़रूरत नहीं। अगर कोई टीम जानबूझकर थूक लगाकर गेंद बदलवाने की कोशिश करता है, तो अंपायर गेंद की हालत देखेंगे। अगर गेंद ज़्यादा गीली या चमकदार नहीं है, तो उसे बदला नहीं जाएगा। यह पूरी तरह से अंपायरों के विवेक पर छोड़ दिया गया है। साथ ही, अगर अंपायरों के यह कहने के बाद भी कि लार के इस्तेमाल से गेंद की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है, गेंद में कुछ बदलाव होने लगे, तो उसे बदला नहीं जा सकता। हालांकि, बल्लेबाजी करने वाली टीम को पांच रन दिए जाएंगे।

DRS में दूसरी समीक्षा का नया नियम
मान लीजिए, बल्लेबाज को कैच आउट दिया गया और वह रिव्यू लेता है। अगर अल्ट्राएज दिखाता है कि गेंद बल्ले से नहीं, बल्कि पैड से टकराई, तो अब टीवी अंपायर LBW की जांच करेगा। पहले, LBW के लिए डिफॉल्ट फैसला “नॉट आउट” होता था। लेकिन अपडेट किए गए नियमों के तहत जब एलबीडब्ल्यू के लिए बॉल-ट्रैकिंग ग्राफिक प्रदर्शित किया जाता है, तो उस पर “ऑरिजनल डिसिजन” लेबल “आउट” लिखा होगा और अगर समीक्षा में अंपायर का फैसला आता है, तो बल्लेबाज आउट हो जाएगा।

कंबाइंड रिव्यू में क्रमबद्ध जाँच
अब अगर LBW और रन-आउट जैसे दो रिव्यू एक साथ हों, तो टीवी अंपायर पहले उस घटना की जांच करेगा जो पहले हुई। उदाहरण के लिए, अगर LBW पहले हुआ और बल्लेबाज आउट है, तो गेंद “डेड” मानी जाएगी, और रन-आउट की जांच नहीं होगी।

नो बॉल पर फेयर कैच होगा रिव्यू
अगर अंपायर कैच की जांच कर रहे हैं और पता चलता है कि नो-बॉल थी, तो अब टीवी अंपायर कैच की वैधता भी जांचेगा। अगर कैच सही है, तो बल्लेबाजी करने वाली टीम को नो-बॉल के लिए 1 रन मिलेगा। अगर कैच गलत है, तो बल्लेबाजों द्वारा लिए गए रन गिने जाएंगे।

जानबूझकर शॉर्ट रन
अगर कोई बल्लेबाज जानबूझकर रन चुराने के लिए शॉर्ट रन लेता है, तो फील्डिंग टीम यह चुन सकती है कि कौन सा बल्लेबाज स्ट्राइक पर रहेगा। साथ ही, 5 रन की पेनल्टी भी लागू होगी। लेकिन अगर अंपायर को लगता है कि बल्लेबाज ने धोखा देने की कोशिश नहीं की, तो यह नियम लागू नहीं होगा।

डोमेस्टिक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में फुलटाइम रिप्लेसमेंट
ICC ने सदस्य बोर्ड्स से आग्रह किया है कि वे घरेलू प्रथम श्रेणी मैचों में गंभीर चोटिल खिलाड़ियों की भरपाई के लिए ‘पूर्णकालिक रिप्लेसमेंट’ की सुविधा का परीक्षण करें। यह रिप्लेसमेंट कनकशन सब की तरह “लाइक-फॉर-लाइक” होगा, यानी उसी भूमिका का खिलाड़ी बदलेगा। चोट साफ तौर पर दृश्य होनी चाहिए और अंपायरों द्वारा प्रमाणित। यह नियम माइनर इंजरी जैसे हैमस्ट्रिंग या खिंचाव पर लागू नहीं होगा।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...