मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना

मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा श्रमिकों एवं उनके परिजनों की बेहतरी के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही है। इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए लगातार आर्थिक मदद दी जा रही है। इसी सिलसिले में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अन्तर्गत पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को श्रम विभाग अंतर्गत संचालित योजना मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत टॉप टेन में आने वाले बच्चों को 1,00,000 (एक लाख रूपये) प्रोत्साहन राशि से लाभान्वित किया जाता है।

श्रम पदाधिकारी ने बताया कि श्रम विभाग में संचालित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत जांजगीर चांपा जिले के विकासखंड बम्हनीडीह के ग्राम कुम्हारीकला निवासी सीता बाई का रेजा कुली प्रवर्ग में पंजीयन था। सीता बाई के प्रथम पुत्री पायल कुमारी राज ने माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर कक्षा 10वीं में मेरिट स्थान में 6वां स्थान प्राप्त किया है। जिसे योजना के तहत नवीन सर्किट हाऊस, सिविल लाईन रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन एवं भवन एवं अध्यक्ष अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा पायल कुमारी राज को चेक के माध्यम से 1,00,000 (एक लाख रूपये) प्रोत्साहन सहायता राशि से लाभान्वित किया गया।

शिव भक्ति का पवित्र सावन मास 11 जुलाई से

शिव भक्ति का पवित्र सावन मास 11 जुलाई से
शिव भक्ति का पवित्र महीना सावन 11 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगा। पूरे महीने में चार सोमवार पर भक्ति का ज्वार उमड़ेगा। इस दौरान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना का विशेष फल मिलेगा। इस दौरान कांवड़ यात्राओं की धूम रहेगी। सावन का शुभारंभ 11 जुलाई को शुक्रवार से होगा।

पहला सोमवार 14 जुलाई को, दूसरा 21, तीसरा 28 जुलाई और चौथा सोमवार 4 अगस्त को रहेगा। सावन के सोमवार को शिवजी की विशेष पूजा की जाएगी। सावन में शिवलिंग पर जल चढ़ाना, रुद्राभिषेक करना, महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना और सोमवार का व्रत रखना बहुत ही शुभ फलदायी होता है।

कांवड़ यात्रा होगी प्रारंभ
सावन मास प्रारंभ होने के साथ ही 11 जुलाई से ही कावड़ यात्रा भी प्रारंभ होगी। इस दौरान कांवड़िए में तीर्थों से कांवड़ में जल भरकर भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए मंदिरों में पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ियों के लिए शहर में जगह-जगह खाने व ठहरने की व्यवस्था की जाएगी।

प्रकृति और पवित्रता का संगम
सावन माह का संबंध वर्षा ऋतु से भी है, जब प्रकृति अपना श्रृंगार करती है। यह समय धरती की हरियाली का होता है। खेतों में नई फसल का बीजारोपण होता है, पेड़-पौधे लहलहाते हैं और वातावरण शुद्ध होता है। आयुर्वेद के अनुसार यह समय उपवास, हल्के भोजन और संयम का है क्योंकि बारिश में पाचन तंत्र धीमा होता है।

शिव की भक्ति में सावन का सार
‘ॐ नम: शिवाय’ का जाप इस माह विशेष रूप से किया जाता है। यह पंचाक्षरी मंत्र शिव भक्ति की आत्मा है। हर शिव मंदिर में भजनों, आरतियों और रुद्राभिषेक की विशेष व्यवस्था होती है। राजस्थान के कई मंदिरों में विशेष शिव पुराण कथा, कन्या भोज और यज्ञ अनुष्ठान भी आयोजित होते हैं।
एकलिंग महादेव मंदिर के महंत पुष्कर द्विवेदी ने बताया कि भगवान शिव को सावन का महीना सबसे प्रिय है। मान्यता है कि इस महीने में माता पार्वती ने घोर तप कर शिव को पति रूप में प्राप्त किया। इसलिए श्रद्धालु इस माह में शिवलिंग पर जल, दूध, बिल्वपत्र, धतूरा आदि अर्पित करते हैं। इस मास में शिवभक्त व्रत रखते हैं। कुंवारी कन्याएं योग्य वर की कामना से व्रत करती हैं तो विवाहित महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि के लिए शिवाभिषेक करती हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल का ऐलान हुआ

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल का ऐलान हुआ
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 12 जून 2026 से इंग्लैंड में शुरू होगा और फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। इस बार वर्ल्ड कप में पहली बार 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुप – ग्रुप 1 और ग्रुप 2 में बांटा गया है।

भारत और पाकिस्तान फिर आमने-सामने
सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला, जो 14 जून को एजबेस्टन में खेला जाएगा। दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी एक ही ग्रुप में हैं, जिससे मुकाबले की रोमांचकता और भी बढ़ गई है।

किस ग्रुप में कौन सी टीम है
भारत, पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और अन्य दो टीमों को ग्रुप-1 में रखा गया हैं। ये दो टीमें क्वालीफायर के बाद तह होंगी। वहीं दूसरे ग्रुप में मेजबान इंग्लैंड, गत विजेता न्यूजीलैंड, श्रीलंका, पूर्व विजेता वेस्टइंडीज और ग्लोबल क्वालीफायर की अन्य दो टीमें शामिल हैं।

33 मुकाबले, 7 वेन्यू: क्रिकेट का होगा महाकुंभ
24 दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 33 मुक़ाबले खेले जाएंगे। यह मुक़ाबले 7 वेन्यू एजबेस्टन, हैम्पशायर बाउल, हेडिंग्ले, ओल्ड ट्रैफर्ड, द ओवल, ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड और लॉर्ड्स में खेले जाएंगे। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जो 30 जून और 2 जुलाई को ओवल में होंगे, तथा ग्रैंड फिनाले 5 जुलाई को लॉर्ड्स में होगा।

फास्टैग को लेकर Nitin Gadkari का बड़ा ऐलान, 3000 रुपये में सालभर की छुट्टी

फास्टैग को लेकर Nitin Gadkari का बड़ा ऐलान, 3000 रुपये में सालभर की छुट्टी
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने देशभर के वाहन चालकों के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की है। 15 अगस्त 2025 से फास्टैग आधारित वार्षिक पास शुरू किया जाएगा, जिसकी कीमत मात्र 3000 रुपये होगी। यह पास निजी गैर-व्यावसायिक वाहनों (जैसे कार, जीप, वैन आदि) के लिए होगा और यह एक साल या 200 यात्राओं तक, जो भी पहले हो, वैध रहेगा।

सोशल मीडिया पर किया शेयर
गडकरी ने सोशल नेटवर्किंग साइट ‘X’ पर इस ऐलान को साझा करते हुए कहा, “एक ऐतिहासिक पहल के तहत, 15 अगस्त 2025 से ₹3,000 की कीमत वाला FASTag आधारित वार्षिक पास शुरू किया जा रहा है। यह पास नेशनल हाईवे पर यात्रा को और सुगम बनाएगा, खासकर उन लोगों के लिए जो बार-बार टोल प्लाजा से गुजरते हैं।”

ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगा पास
इस नई स्कीम के तहत, वाहन चालकों को बार-बार फास्टैग रिचार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। यह पास राजमार्ग यात्रा ऐप (Rajmarg Yatra App) और NHAI/MoRTH की वेबसाइट्स पर उपलब्ध होगा, जहां इसे आसानी से एक्टिवेट या रिन्यू किया जा सकेगा।

वेटिंग टाइम कम करने के लिए उठाया कदम
गडकरी ने यह भी बताया कि यह कदम टोल प्लाजा पर भीड़ कम करने, वेटिंग टाइम घटाने और टोल संबंधी विवादों को खत्म करने में मदद करेगा। खासकर 60 किलोमीटर के दायरे में स्थित टोल प्लाजा से प्रभावित यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। यह नई नीति न केवल यात्रा को सुविधाजनक बनाएगी, बल्कि डिजिटल और कुशल टोल संग्रह प्रणाली को भी बढ़ावा देगी।

“तुरंत खाली करें तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट के पास का इलाका” – इज़रायली सेना

“तुरंत खाली करें तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट के पास का इलाका” – इज़रायली सेना
इज़रायल (Israel) और ईरान (Iran) के बीच चल रहे युद्ध का आज छठा दिन है और अभी के हालात पर गौर किया जाए, तो दोनों देशों के बीच चल रहा युद्ध फिलहाल रुकने के आसार नज़र नहीं आ रहे। दोनों देश, बैक-टू-बैक, एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ हमले कर रहे हैं। हालांकि इज़रायली हमलों की वजह से अब तक ईरान को ज़्यादा नुकसान पहुंचा है। इज़रायल की तरफ से अब तक ईरान के परमाणु ठिकानों, सैन्य ठिकानों, तेल के डिपो, विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्टेट मीडिया ब्रॉडकास्टर जैसी जगहों पर हमला किया जा रहा है, तो ईरान की तरफ से इज़रायल के सैन्य ठिकानों के साथ नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि इज़रायली हमलों में जिन ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है, उनके पास के नागरिक ठिकानों पर भी इज़रायली हमलों का असर देखने को मिल रहा है।

“तुरंत खाली करें तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट के पास का इलाका”
इसी बीच इज़रायली सेना ने एक बड़ी चेतावनी दे दी है। इज़रायली सेना ने ईरान की राजधानी तेहरान (Tehran) के मेहराबाद एयरपोर्ट (Mehrabad Airport) के पास रहने वाले लोगों से तुरंत ही इस इलाके को खाली करने के लिए कहा है।

क्या होने वाला है कुछ बड़ा?
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए लोगों को तेहरान खाली करने की चेतावनी दे चुके हैं। एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने यह तक कह दिया है कि उन्हें पता है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई कहाँ छिपे हुए हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इज़रायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के मद्देनज़र खामेनेई को एक बेहद ही सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है, जिससे उन्हें कोई नुकसान न पहुंचे। हालांकि ट्रंप ने यह दावा किया है कि उन्हें पता है कि ख़ामेनेई को कहाँ छिपाया हुआ है। ट्रंप ने यह भी कहा है कि वह खामेनेई को नहीं मारेंगे, लेकिन इसके बदले में ईरान को नागरिकों और अमेरिकी सैनिकों पर मिसाइल छोड़ने से भी बचना होगा। ट्रंप ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में बिना शर्त के सरेंडर करने की बात करते हुए इस ओर इशारा किया कि वह खामेनेई से ऐसा करने के लिए कह रहे हैं। ट्रंप की इन सभी पोस्ट्स और इज़रायली चेतावनी से लग रहा है कि तेहरान में जल्द ही कुछ बड़ा हो सकता है।

भारत ने कभी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता स्वीकार नहीं की और भविष्य में भी नहीं करेगा – राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्‍प

भारत ने कभी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता स्वीकार नहीं की और भविष्य में भी नहीं करेगा – राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्‍प
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्‍प से जोर देकर कहा है कि पाकिस्तान के साथ मामले सुलझाने में भारत ने कभी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को स्वीकार नहीं किया और आगे भी नहीं करेगा। श्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ फोन पर बातचीत की और हाल के ऑपरेशन सिन्दूर के बारे में चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट रूप से कहा कि भारत-अमरीका व्यापार समझौते और भारत-पाकिस्तान के बीच हाल की सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए अमरीका की मध्यस्थता को लेकर कभी किसी स्तर पर बातचीत नहीं हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि संघर्ष विराम रोकने को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच सीधे तौर पर बातचीत हुई।

ये बातचीत पाकिस्‍तान के अनुरोध पर दोनों देशों की सेनाओं के बीच स्‍थापित माध्‍यमों के जरिए हुई। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया है कि 35 मिनट की बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दोहराया कि भारत अब आतंकवादी कृत्यों को छद्म कार्रवाई नहीं बल्कि युद्ध की कार्रवाई मानेगा।

विदेश सचिव मिसरी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमरीकी राष्‍ट्रपति को बताया कि छह और सात मई की रात को भारत ने पाकिस्‍तान और पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले जम्‍मू कश्‍मीर में केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। उन्‍होंने कहा कि भारत की कार्रवाई नपी-तुली, सटीक और तनाव बढ़ाने वाली नहीं थी।

प्रधानमंत्री मोदी और राष्‍ट्रपति ट्रंप के बीच कनाडा में जी-7 शिखर सम्‍मेलन के दौरान मुलाकात होनी थी लेकिन श्री ट्रंप को जल्‍दी अमरीका लौटना पड़ा इसलिए यह संभव नहीं हो पाया। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्‍ट्रपति ट्रंप को भारत आने का निमंत्रण दिया जिसे उन्‍होंने स्‍वीकार कर लिया।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कनाडा की यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न करने के बाद क्रोएशिया रवाना हुए

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कनाडा की यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न करने के बाद क्रोएशिया रवाना हुए
साइप्रस और कनाडा की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज दोपहर बाद क्रोएशिया की राजधानी ज़ागरेब पहुंचेगें। ये किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली क्रोएशिया यात्रा होगी। ये यात्रा दोनों देशों के परस्‍पर संबंधों में नए अध्‍याय का प्रतीक होगी। यात्रा के दौरान शिष्‍टमंडल स्‍तर की वार्ता होगी तथा प्रमुख क्षेत्रों में समझौते होंगे।

भारत और क्रोएशिया विज्ञान और प्रौद्य‍ोगिकी, कृषि, शिक्षा तथा संस्‍कृति के क्षेत्र में प्रमुख समझौतों पर हस्‍ताक्षर करेंगे। विज्ञान में सहयोग कार्यक्रम के जरिए संयुक्‍त अनुसंधान और जानकारी साझा करने को प्रोत्‍साहन मिलेगा। वहीं, समग्र कृषि समझौते में प्राथमिकता वाले तीस क्षेत्र शामिल होंगे।

2030 तक सांस्‍कृतिक संपर्क कार्यक्रम के विस्‍तार संबंधी समझौते पर भी हस्‍ताक्षर होने की संभावना है। जागरेब विश्‍वविद्यालय में हिंदी पीठ का विस्‍तार भी किया जाएगा जिससे भारत की भाषायी और शैक्षिक पहुंच को मजबूती मिलेगी।

ये यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब क्रोएशिया आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई तथा संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में स्‍थायी सदस्‍यता के लिए भारत का लगातार समर्थन कर रहा है। दोनों देश भारत- यूरोपीय संघ मुक्‍त व्‍यापार समझौते तथा यूरोप, पश्चिम एशिया और भारत को जोड़ने वाले व्‍यापक गलियारे के मामले में सहयोग के के बारे में भी चर्चा कर सकते हैं।

प्रभास की फिल्म द राजा साहेब का टीजर लॉन्च

प्रभास की फिल्म द राजा साहेब का टीजर लॉन्च
साउथ सुपरस्टार प्रभास की अपकमिंग फिल्म ‘द राजा साब’ का टीजर सोमवार को जारी कर दिया गया। इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म का निर्देशन मारुति कर रहे हैं, जो अपनी यूनिक स्टोरीटेलिंग और इमोशनल टच के लिए जाने जाते हैं।

टीजर के लॉन्च के साथ ही सोशल मीडिया पर प्रभास के फैंस का उत्साह चरम पर पहुंच गया। फैंस ने ना सिर्फ सोशल मीडिया पर टीजर को देखकर जबरदस्त प्रतिक्रिया दी है। फैंस ने एक 30 फीट ऊंचे कटआउट का दूध से अभिषेक कर अभिनेता को उनकी ‘विंटेज’ स्टाइल में वापसी पर बधाई भी दी।

मंत्रि-परिषद ने म.प्र. लोक सेवा पदोन्नति नियम, 2025 का किया अनुमोदन

मंत्रि-परिषद ने म.प्र. लोक सेवा पदोन्नति नियम, 2025 का किया अनुमोदन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में सम्पन्न हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम, 2025 का अनुमोदन किया गया है। अनुमोदन अनुसार आरक्षित वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित कर उनके हितों को संरक्षित किया गया है। अनुसूचित जनजाति के लिये 20% एवं अनुसूचित जाति के लिये 16% आरक्षण का प्रावधान किया गया है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोकसेवकों को भी मेरिट के आधार पर पदोन्नति प्राप्त करने का अवसर दिया गया है।

वर्तमान वर्ष में ही आगामी वर्ष की रिक्तियों के लिए पदोन्नति समिति की बैठक कर चयन सूची बनाये जाने का प्रावधान किया गया है, अर्थात अग्रिम डी.पी.सी. के प्रावधान किये गये है। पदोन्नति के सूत्र में वरिष्ठता का पर्याप्त ध्यान रखा गया है। वरिष्ठ लोक सेवकों में से मेरिट के अनुसार न्यूनतम अंक लाने वाले लोक सेवक पदोन्नति के लिए पात्र होंगे, प्रथम श्रेणी के लोक सेवकों के लिए merit cum seniority का प्रावधान किया गया है।

पदोन्नति के सूत्र में कार्यदक्षता को प्रोत्साहित किया जाना लक्षित है, पदोन्नति के लिए अपात्रता का स्पष्ट निर्धारण किया गया है। किन परिस्थितियों में कोई लोक सेवक अपात्र होगा एवं दण्ड का क्या प्रभाव होगा यह स्पष्ट रूप से लेख किया गया है। किसी भी विभागीय पदोन्नति समिति बैठक के सन्दर्भ में निर्णय के पुनर्विलोकन के लिए रिव्यू डी.पी.सी. की बैठक आयोजित किये जाने के लिये स्पष्ट प्रावधान किये गये है। नवीन पदोन्नति नियमो में परिभ्रमण की व्यवस्था समाप्त की गई है। इससे पदोन्नति के लिए अधिक पद हो सकेंगे। पदोन्नति समिति को शासकीय सेवक की उपयुक्तता निर्धारण करने का अधिकार दिया गया है

चतुर्थ श्रेणी के लिये अंक व्यवस्था नहीं होगी, केवल पदोन्नति के लिए उपयुक्त होने पर ही पदोन्नति प्राप्त हो सकेगी। अर्हकारी सेवा के लिए किसी वर्ष में की गई आंशिक सेवा को भी पूर्ण वर्ष की सेवा माना जायेगा, यदि वर्ष के एक भाग की सेवा भी की गई है तो उसे पूर्ण वर्ष की सेवा माना जाएगा। यदि किसी वर्ष में 6 माह का ही गोपनीय प्रतिवेदन उपलब्ध है तो उसे पूर्ण वर्ष के लिये मान्य किया जा सकेगा। यदि गोपनीय प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं होने के कारण किसी की पदोन्नति रुकती है तो उसे पदोन्नति प्राप्त होने पर पूरी वरिष्ठता दी जायेगी। अप्रत्याशित रिक्तियों को चयन सूची/प्रतीक्षा सूची से भरे जाने का स्पष्ट प्रावधान किया गया है।

प्रतिनियुक्ति पर भेजे गए शासकीय सेवक (जो आगामी वर्ष अर्थात पदोन्नति वर्ष में उपलब्ध नहीं होंगे) के पद के विरुद्ध पदोन्नति का प्रावधान किया गया है। गोपनीय प्रतिवेदनों में से यदि कोई गोपनीय प्रतिवेदन एन.आर.सी (नो रिपोर्ट सर्टिफिकेट), सक्षम स्तर से स्वीकृत अवकाश, पदग्रहण काल अथवा प्रशिक्षण के कारण है अथवा गोपनीय प्रतिवेदन में निर्धारित समय पर स्वमूल्यांकन के साक्ष्य है तो ऐसी स्थिति में गोपनीय प्रतिवेदन की अनुपलब्धता के आधार पर पदोन्नति नहीं रोकी जायेगी।

विभागीय पदोन्नति समिति के बैठक से पूर्व केवल कारण बताओ सूचना पत्र के आधार पर बंद लिफाफा की कार्यवाही नहीं की जायेगी, जिससे अधिक लोक सेवकों को पदोन्नति के अवसर प्राप्त होंगे। कुल मिलाकर पदोन्नति के पद जिस दिन उपलब्ध हो उसी दिन उपयुक्त योग्य एवं आरक्षित वर्गों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखकर भरे जा सके। इस तरह से लगभग 2 लाख नए पद निर्मित होंगे। इससे प्रशासन में सुधार एवं कार्यक्षमता बढ़ेगी।

459 नवीन आंगनवाड़ी केन्द्रों की स्थापना, संचालन तथा भवन निर्माण के लिए 143 करोड़ 46 लाख रूपये की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद द्वारा ‘सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0″ योजना अंतर्गत विशेष जनजाति क्षेत्रों में PM-JANMAN कार्यक्रम के लिए 459 नवीन आंगनवाड़ी केन्द्रों की स्थापना, संचालन तथा भवन निर्माण की स्वीकृति दी गयी।स्वीकृति अनुसार 459 आंगनवाडी केन्द्रों के संचालन के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 459 पद (मानसेवी), आंगनवाड़ी सहायिका के 459 पद (मानसेवी) तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों के पर्यवेक्षण के लिए पर्यवेक्षक के 26 पद (नियमित शासकीय सेवक पद वेतनमान 25,300-80,500) के सृजन की स्वीकृति दी गयी है। वर्ष 2025-26 से 2030-31 तक योजना पर राशि का व्यय भारत सरकार ‌द्वारा प्राप्त स्वीकृति के अनुसार किया जायेगा। योजना पर 143 करोड़ 46 लाख रूपये का व्यय अनुमानित है। इसमें केन्द्रांश राशि 72 करोड़ 78 लाख रूपये और राज्यांश राशि 70 करोड़ 68 लाख रूपये होगा ।

म.प्र. पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए 5 हजार 163 करोड़ रुपये का अनुमोदन

मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश की विद्युत पारेषण कंपनी द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2029-30 के लिए प्रचलित/निर्माणाधीन पूंजीगत योजनाओं और अनुमानित लागत राशि 5 हजार 163 करोड़ रूपये का अनुमोदन दिया गया। निर्णय अनुसार म.प्र. पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के लिए योजना लागत राशि 5 हजार 163 करोड़ रुपये का अनुमोदन प्रदान किया गया। योजना के लिए 20 प्रतिशत अंशपूंजी राज्य शासन के द्वारा तथा शेष 80 प्रतिशत ऋण वित्तीय संस्थाओं/बैंकों से प्राप्त किया जाएगा।

योजनान्तर्गत आगामी वर्षों में अति उच्चदाब पारेषण परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए यथा केंद्रीय पारेषण इकाई से स्वीकृत पारेषण प्रणाली सुदृढीकरण के लिए आवश्यक निर्माण और उन्नयन कार्य के लिए 1 हजार 154 करोड़ रूपये, सिंहस्थ-2028 के लिए आवश्यक कार्य के लिए 185 करोड़ रूपये, प्रदेश में नवीन अति उच्चदाब उपकेन्द्रों का निर्माण के लिए 1 हजार 15 करोड़ रूपये, मुरैना संभागीय मुख्यालय और ग्वालियर शहर के उत्तरी भाग को अनवरत विद्युत् आपूर्ति के लिए नवीन अति उच्चदाब लाइनों के निर्माण के लिए 54 करोड़ रूपये, प्रदेश में विद्यमान अति उच्च्दाब ट्रांसफार्मरों की क्षमता संवर्धन/वृद्धि के लिए 1280 करोड़ रूपये, आरडीएसएस योजना के अंतर्गत वितरण कंपनियों के लिए 184 नग नवीन 33 केव्ही बे निर्माण के लिए 81 करोड़ रूपये, डीपी / एफपी लाइन (डबल पोल/फोर पोल) लाईन को डीसीडीएस /डीसीएसएस (डबल सर्किट डबल स्ट्रन्ग/डबल सर्किट सिंगल स्ट्रन्ग) टॉवर लाइन में रुपांतरण के लिए 662 करोड़, अति उच्चदाब टेप लाइनों के स्थान पर लाईनों का लूप-इन लूप-आउट (एलआईएलओ) किया जाना एवं एकल स्त्रोत से प्रदायित उपकेंद्रों के लिए नई लाइनों का निर्माण के लिए 451 करोड़ रूपये तथा अन्य कार्य जिसमें SCADA प्रणाली का प्रतिस्थापन, 132 केवी ‌द्वितीय मुख्य बस तथा 132/33 केवी बस कपलर का निर्माण, 33 केवी कैपेसिटर बैंक की स्थापना एवं अन्य कार्य) के लिए 281 करोड़ रूपये स्वीकृत किये गये है।

पांढ़ुर्णा, मैहर और मउगंज में जिला कोषालय की स्थापना का अनुमोदन

मंत्रि-परिषद द्वारा नव गठित जिलों पांढ़ुर्णा, मैहर और मउगंज में जिला कोषालय की स्थापना का अनुमोदन किया। मंत्रि-परिषद की बैठक वंदे-मातरम गान के साथ प्रारंभ हुई।

सामाजिक विकास के लिए मिलकर करें काम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

सामाजिक विकास के लिए मिलकर करें काम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में मंगलवार को मंत्रालय में मध्यप्रदेश राज्य नीति आयोग और चार प्रतिष्ठित गैर शासकीय संगठनों अंतरा फाउंडेशन, प्रदान, पीएचआईए फाउंडेशन और यूएनविमेन के मध्य समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर एवं आदान-प्रदान किया गया। इन एमओयू से प्रदेश के सुनियोजित, समावेशी, सकल और सतत् विकास को बल मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश का सामाजिक परिदृश्य बदल रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर सभी अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। सामाजिक विकास के सभी मानकों में उत्तरोत्तर बढ़ोतरी और सबको विकास का लाभ देने के लिए सरकार गैर शासकीय संगठनों के अनुभवों का भी लाभ उठायेगी। उन्होंने कहा कि म.प्र. राज्य नीति आयोग प्रदेश में संचालित सभी जनहितैषी योजनाओं के लोकव्यापीकरण के जरिए मानवीय और सामाजिक विकास के सभी मानकों में सुधार और बढ़ोतरी के लिए ऐसे एनजीओ के साथ मिलकर काम करे, जिन्हें विषयगत विशेषज्ञता हासिल हो। उन्होंने कहा कि फील्ड में रह कर काम करने वाले एनजीओ से मिले सुझावों पर भी गंभीरता से अमल का प्रयास किया जाये। नीति आयोग, जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन आपसी समन्वय और सामंजस्य से जनता के हित में काम करें।

उल्लेखनीय है कि म.प्र. राज्य नीति आयोग राज्य के सतत् विकास लक्ष्यों के अनुश्रवण और मध्यप्रदेश के दृष्टि पत्र-2047 की तैयारी में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इन साझेदारियों के माध्यम से राज्य में नीति नवाचार, डाटा आधारित सुशासन तथा बहु-क्षेत्रीय विकास को और अधिक सशक्तता एवं व्यापकता के साथ अमल में लाया जायेगा।

नीति आयोग द्वारा जिन चार गैर शासकीय संगठनों के साथ एमओयू किया गया, उनमें अंतरा फाउंडेशन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण सुधार पर कार्य में सरकार की मदद करेगा। प्रदान संगठन ग्रामीण विकास एवं महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने में सहयोग करेगा। पीएचआईए फाउंडेशन जलवायु-लचीले विकास और समावेशी एवं सतत् विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में सरकार का नॉलेज पार्टनर के रूप में सहभागी बनेगा। इसी प्रकार यूएनविमेन प्रदेश में जेंडर उत्तरदायी शासन को आगे बढ़ाने में सरकार की मदद करेगा।

मंगलवार को हुए समझौता ज्ञापन के तहत इन आपसी साझेदारियों से गरीबी उन्मूलन एवं आजीविका विकास, स्वास्थ्य और कल्याण, लैंगिक समानता, सभी को स्वच्छ जल, असमानता कम करने, जल सुरक्षा सहित वॉटरशेड संरचनाओं पर काम और जलवायु विकास आधारित कार्रवाई जैसे वैश्विक लक्ष्यों की प्राप्ति में तेजी आएगी। ये समझौते समृद्ध मध्यप्रदेश के संकल्प और विजन 2047 के क्रियान्वयन की दिशा में एक ठोस कदम हैं, जो शासन, नीति और नागरिक सेवाओं के सहज और सरल वितरण में नवाचार एवं सहभागिता को बढ़ावा देंगे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, अपर मुख्य सचिव योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी संजय कुमार शुक्ला, म.प्र. राज्य नीति आयोग के सीईओ ऋषि गर्ग सहित गैर शासकीय संगठन अंतरा फाउंडेशन से चंद्रिका, प्रदान से अर्चना सिंह, पीएचआईए फाउंडेशन से अनिरुद्ध और यूएनविमेन से जॉयट्री सहित अधिकारी मौजूद रहे।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...