30 मार्च से विक्रम संवत 2082 की शुरुआत
इस वर्ष सिद्धार्थ नामक विक्रम संवत 2082 की शुरुआत 30 मार्च को चैत्र प्रतिपदा के दिन होगी। वर्ष परिवर्तन के साथ ही हिंदू नववर्ष के राजा-मंत्री के अतिरिक्त अन्य ग्रहों की स्थिति में भी परिवर्तन आएगा।
ज्योतिर्विदों की मानें तो यह परिवर्तन अलग-अलग राशि के जातकों पर अलग-अलग प्रभाव डालेगा। शहर में नववर्ष का स्वागत विभिन्न स्थानों पर सूर्य को अर्घ्य देकर किया जाएगा।
नववर्ष का राजा एवं मंत्री एक ही ग्रह सूर्य होगा। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन ही सृष्टि का आरंभ हुआ था। ग्रहों की जो स्थिति बन रही है, उसके अनुसार यह वर्ष उन्नतिदायक है।
इसका कारण दो मुख्य पदों पर एक ही ग्रह का होना है। हालांकि मौसम की स्थिति की बात करें तो इस वर्ष तीव्र गर्मी का सामना करना पड़ेगा। स्वामी चंद्रमा का होने से भूमि, भवन, शिक्षा, सोने के दामों में वृद्धि होगी।
हिंदू नव वर्ष गुड़ी पड़वा उत्सव पर राजवाड़ा सहित विभिन्न स्थानों पर सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। संस्कार भारती जिला इंदौर, लोक संस्कृति मंच एवं नगर निगम इंदौर के तत्वावधान मे 30 मार्च को सुबह 5:30 बजे से कार्यक्रमों का आरंभ होगा। संयोजक शंकर लालवानी ने बताया कि सुबह सबसे पहले दीप प्रज्वलन होगा। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उगते सूरज को अर्घ्य देकर निंबोली प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
30 मार्च से विक्रम संवत 2082 की शुरुआत
यूनियन कार्बाइड मामले की स्टेटस रिपोर्ट सरकार ने HC में पेश की
यूनियन कार्बाइड मामले की स्टेटस रिपोर्ट सरकार ने HC में पेश की
यूनियन कार्बाइड का कचरा पीथमपुर में जलाने को लेकर हाई कोर्ट के निर्देश का पालन करते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने गुरुवार को अपनी स्टेटस रिपोर्ट पेश कर दी। इसमें ट्रायल रन सहित सभी नियम-कायदों का पालन करते हुए पूर्ण कर लिए जाने की जानकारी दी गई।
मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत व न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगल पीठ ने इस रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर ले लिया। साथ ही मामले की अगली सुनवाई 30 जून को नियत कर दी गई।
सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से साफ किया गया कि पीथमपुर में प्रतिदिन 270 किलोग्राम के हिसाब से यूनियन कार्बाइड का कचरा जलाने की सुविधा है। इस लिहाज से आगामी 72 दिनों में भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड से परिवहन कर लाया गया संपूर्ण कचरा पीथमपुर में विशिष्टीकृत (जला) कर दिया जाएगा।
सुनवाई के दौरान हस्तक्षेप आवेदनकर्ताओं की ओर से भी तर्क रखे गए। एक ने कहा कि 300 मीट्रिक टन कचरा जलाए जाने पर नए सिरे से 900 मीट्रिक टन कचरा पीथमपुर में एकत्र हो जाएगा। सवाल उठता है कि फिर वह तीन गुना कचरा कहां और कैसे जलाएंगे।
एक ने सुझाव दिया कि पीथमपुर का नया कचरा भरूच के नो-मेंन लैंड में डंप करने की व्यवस्था दे दी जाए। हाई कोर्ट ने हस्तक्षेप कर्ताओं को ये सभी सुझाव, दावे-आपत्ति आदि राज्य सरकार के समक्ष रखने स्वतंत्र कर दिया।
सुनवाई के दौरान जनहित याचिकाकर्ता का पक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता नमन नागरथ ने रखा। राज्य की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता हरप्रीत सिंह रूपराह खड़े हुए।
भावना हत्याकांड के तीनों आरोपी गिरफ्तार
भावना हत्याकांड के तीनों आरोपी गिरफ्तार
महालक्ष्मी नगर में गोली लगने से गुरुवार रात में हुई भावना सिंह की मौत में आरोपित आशु यादव, मुकुल यादव और स्वास्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को तीनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
तीनों भावना को अस्पताल में छोड़कर भोपाल चले गए थे। वहां से निजी वाहन कर हिमाचल के कसोल चले गए। ये नेपाल भागने की फिराक में थे।
आरोपित की आखिरी लोकेशन पुलिस को भोपाल मिली थी। इसके बाद अब उनके ग्वालियर और दतिया में रहने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर लगातार दबिश देकर इन्हें पकड़ लिया। इससे पहले पुलिस ने मंगलवार को जिस कमरे में यह घटना हुई थी, उसे किराए पर लेने वाले पीयूष और विख्यात को पकड़ लिया था।
आईपीएल में मात्र 5 दिन में बने 15 अर्धशतक
आईपीएल में मात्र 5 दिन में बने 15 अर्धशतक
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में गेंदबाजों पर कहर बन कर टूट रहे हैं बल्लेबाज। एक दो मैच को छोड़ दिया जाए तो सारे मैच हाई स्कोरिंग रहे हैं। इस टूर्नामेंट में अब तक अलग-अलग टीमों से कुल 15 खिलाड़ियों ने हाफ सेंचुरी लगाई। इसमें 8 भारतीय बल्लेबाज हैं, तो वहीं 7 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं।
टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में हाफ सेंचुरी लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में राजस्थान रॉयल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल और संजू सैमसन, पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर, गुजरात टाइटंंस के लिए साई सुदर्शन, कोलकाता नाइट राइर्डस के कप्तान अजिंक्य रहाणे, दिल्ली कैपिटल्स के लिए आशुतोष शर्मा, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सलामी बल्लेबाज विराट कोहली, चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ हैं। चलिए विस्तार से जानते हैं इन खिलाड़ियों के बारे में।
राजस्थान रॉयल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने अपने पहले मैच में ही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हाफ सेंचुरी लगाई थी। इस टूर्नामेंट में ध्रुव जुरेल ने 2 मैच में कुल 103 रन बनाए, 70 सर्वाधिक स्कोर रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने बुधवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 97 रनों की शानदार पारी खेली। इस टूर्नामेंट में उन्होंने इसी के साथ अपनी पहली हाफ सेंचुरी भी लगाई। 2 मैच में क्विंटन डी कॉक के नाम कुल 101 रन है।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में हाफ सेंचुरी जड़ी। उनके नाम 97 रनों का सर्वाधिक स्कोर है। राजस्थान रॉयल्स के लिए संजू सैमसन ने हाफ सेंचुरी जड़ी है। 2 मैच में उनके नाम 79 रन हैं। सर्वाधिक स्कोर 66 रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स के निकोलस पूरन ने अपने पहले मैच में दिल्ली के खिलाफ शानदार 75 रनों की पारी खेली।
गुजरात टाइटन्स के लिए साई सुदर्शन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 74 रनों की शानदार पारी खेली। कोलकाता नाइट राइर्डस के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पहले मैच में पहली हाफ सेंचुरी लगाई। रहाणे ने दो मैच में 74 रन बनाए। 56 उनका सर्वाधिक स्कोर रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स के सलामी बल्लेबाज मिशेल मार्श ने अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ताबड़तोड़ 72 रनों की पारी खेली। सर्वाधिक स्कोर उनका 72 रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड ने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 67 रनों की पारी खेली। 67 उनका सर्वाधिक स्कोर रहा।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए आशुतोष शर्मा ने पहले मैच में 66 रनों की पारी खेली। उनका सर्वाधिक स्कोर 66 रहा। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सलामी बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने 65 रनों की पारी खेली। उनका सर्वाधिक स्कोर 65 रहा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सलामी बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने पहले मैच में 59 रनों की पारी खेली है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए फिल साल्ट ने 56 रनों की पारी खेली। सर्वाधिक स्कोर 56 रहा है। गुजरात टाइटन्स के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ने जोस बटलर ने पहले मैच में 54 रनों की पारी खेली। सर्वाधिक स्कोर 54 रहा। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले मैच में हाफ सेंचुरी लगाई। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 53 रनों की पारी खेली।
नवरात्रि में मीट और रमजान में नहीं खुलें शराब दुकानें – म.प्र.
नवरात्रि में मीट और रमजान में नहीं खुलें शराब दुकानें – म.प्र.
उत्तर प्रदेश में मंत्री के आदेश के तहत दिल्ली में मांग उठने के बाद अब मध्य प्रदेश में भी नवरात्रि में मीट-मटन की दुकानें बंद रखने की मांग की गई है। हिंदू संगठनों ने नवरात्रि के दौरान पूरे 9 दिन तक मीट-मटन की दुकानें बंद रखने की मांग की है। खास बात ये है कि संगठन की ओर से इस तरह की मांग पर भोपाल से भाजपा विधायक ने कहा है कि गंगा-जमुनी परंपरा निभाने वाली कांग्रेस, सपा और बसपा को आने आना चाहिए। हम डंडे के बल पर दुकानें बंद कराना नहीं चाहते इसलिए हिंदुओं की भावनाओं का आदर करते हुए सभी को आगे आना चाहिए। वहीं, दूसरी तरफ मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा- भावनाएं तो मुसलमान की भी हैं। उन्हें रमजान में शराब दुकानें भी बंद रखनी चाहिए।
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस, सपा, बासपा गंगा-जमुनी तहजीब के भाषण देते हैं। वो कहते हैं सभी को सभी धर्मों का आदर करना चाहिए। हम डंडे के बल पर दुकानें बंद कराना नहीं चाहते। अब हिंदुओं ने रिक्वेस्ट की है तो ऐसे भाषण देने वालों को हिंदुओं की भावनाओं का आदर करना चाहिए। उन्हें इमामों के पास जाकर समझाना चाहिए। सबको समझाएं, सबको बताएं, अगर सात-आठ दिन मांस नहीं खाएंगे तो कौन से धरती पर नहीं रहेंगे। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि ऐसे लोग चाहते है। कि हिंदू-मुस्लिम एकता हो तो हिंदुओं के त्योहारों का महत्व सभी को समझाएं। व्रत के समय कोई हिंदुओं की भावनाओं का सम्मान करेगा तो हिंदू भी उसकी भावनाओं का सम्मान करेंगे।
संस्कृति बचाओ मंच संयोजक चंद्रशेखर तिवारी ने कहा है कि पूरे नौ दिन मांस-मटन की दुकानें बंद होना चाहिए। हमारे सनातनधर्मी 9 दिन पवित्रता और शुदधता से अनुष्ठान करते हैं। 9 दिन तक माता की आराधना होती है। ऐस में मांग है कि प्रदेशभर में 9 दिन तक मांस-मटन की दुकानें बंद होना चाहिए।
ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड के अध्यक्ष काजी अनस अली ने कहा है कि भावनाएं तो मुसलमानों की भी हैं। इस्लाम में शराब हराम है। रमजान के महीने में मुस्लिम बाहुल इलाकों में भी शराब दुकानें खुली रहती हैं। ऐसे में रमजान में शराब की दुकानें भी बंद होना चाहिए। सभी को एक-दूसरे की भावनाओं का आदर करना चाहिए। हिंदू मीट नहीं खरीदेंगे तो मीट दुकानें वैसे ही बंद रहेंगी। मुस्लिम भाइयों को लगता है कि, नवरात्रि में मीट-मटन की दुकानें बंद होना चाहए तो उन्हें बंद रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिस उप निरीक्षक के परिवार को एक करोड़ रूपये का चेक प्रदान किया
मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिस उप निरीक्षक के परिवार को एक करोड़ रूपये का चेक प्रदान किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को मुख्यमंत्री निवास पर मऊगंज जिले के गौतम परिवार को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के अंतर्गत एक करोड़ रूपये की राशि का चेक प्रदान किया। भारतीय स्टेट बैंक की पुलिस सेलरी पैकेज योजना में पुलिसकर्मियों को दी जाने वाली पूरक व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा सुविधा के अनुसार परिवार को यह राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहीद गौतम के पात्र उत्तराधिकारी को शासकीय सेवा में लेने के निर्देश पुलिस महानिदेशक को दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि कर्तव्य निवर्हन के दौरान अपने प्राणों को उत्सर्ग करने वाले पुलिस उपनिरीक्षक रामचरण गौतम की पत्नी पुष्पा को चेक प्रदान करते हुए कहा कि राज्य शासन ने स्व. गौतम को शहीद का दर्जा देते हुए उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है।
ग्राम गडरा जिला मऊगंज में कर्तव्य निर्वहन करते हुए इस माह पुलिस उप निरीक्षक रामचरण गौतम शहीद हुए। स्व. गौतम के परिवार को बीमा की अनुदान राशि का चेक सौंपे जाने के अवसर पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, सीजीएम एसबीआई म.प्र./छ.ग श्री चंद्रशेखर शर्मा, महाप्रबंधक अजिताभ पाराशर, महाप्रबंधक कुन्दन ज्योति, महाप्रबंधक मनोज कुमार सहित भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. गौतम की धर्मपत्नी पुष्पा और इस अवसर पर उपस्थित स्व. गौतम के पुत्र धीरेन्द्र और भतीजे सतीश से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विधि का जो विधान था वह हुआ लेकिन राज्य शासन द्वारा स्व. रामचरण गौतम के परिवार को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्व रंगमंच दिवस पर दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्व रंगमंच दिवस पर दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व रंगमंच दिवस पर प्रदेश के रंगमंच कलाकारों, कर्मियों और प्रेमियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के इंदौर,उज्जैन, जबलपुर, सागर और ग्वालियर में रंगमंच के सक्रिय कलाकार और नाट्य विधा से जुड़े सहयोगी व्यक्ति सिर्फ कला प्रदर्शन ही नहीं सामाजिक दायित्व भी पूरा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रंगमंच एक सामान्य कला नहीं अपितु समाज के जागरण का मंच भी है। प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नाटकों के प्रदर्शन की समृद्ध परम्परा है। पौराणिक विषयों पर नाटकों के प्रदर्शन के साथ ही आधुनिक शैली में प्रकाश संयोजन, अभिनय, रूप सज्जा और मंच सज्जा के प्रयोग करते हुए नाटक कलाकार अपना दायित्व निभाते हैं। इसके साथ ही अनेक सामाजिक समस्याओं का समाधान भी रंगकर्म से जुड़े कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रस्तुत करते हैं। अद्वितीय अभिनय और प्रतिभा प्रदर्शन से वे मनोरंजन के साथ उपयोगी संदेश समाज तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशा व्यक्त की कि नाटकों के माध्यम से विभिन्न संस्कृतियों का सार्वजनिक प्रदर्शन प्रस्तुत करने वाले रंगमंच के समस्त कलाकारों को रंगमंच दिवस श्रेष्ठ भूमिका निभाने की प्रेरणा देता रहेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधायक गुरु खुशवंत साहेब को दी जन्मदिन की बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधायक गुरु खुशवंत साहेब को दी जन्मदिन की बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने गुरु खुशवंत को आज उनके जन्मदिन के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी। उन्होंने गुरु खुशवंत साहेब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर गुरु बालदास साहेब भी उपस्थित रहे।
फिल्म संतोष की कहानी में ऐसा क्या जो सेंसर बोर्ड को नहीं आया पसंद
फिल्म संतोष की कहानी में ऐसा क्या जो सेंसर बोर्ड को नहीं आया पसंद
फिल्म ‘संतोष’ को ऑस्कर 2025 के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। इस फिल्म की कहानी ने जूरी को काफी खुश किया था। ऑस्कर की जूरी को ये फिल्म काफी पसंद भी आई थी। अब फिल्म को लेकर एक बुरी खबर सामने आ रही हैं। फिल्म ‘संतोष’ इंडिया में रिलीज नहीं होगी। इस फिल्म पर इंडिया के सेंसर बोर्ड (सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन) ने फिल्म बैन लगा दिया है। शहाना गोस्वामी की फिल्म ‘संतोष’ के भारत में रिलीज न होने का कारण भी सामने आ गया है।
‘द गार्डियन’ की एक रिपोर्ट में सामने आया है कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म की रिलीज के लिए मेकर्स से कई कट की डिमांड की है। सेंसर बोर्ड का मानना है कि फिल्म में दिखाया गया है कि सिस्टम में प्रचलित भ्रष्टाचार और भेदभाव काफी ज्यादा है। साथ ही फिल्म दिखाती है कि कैसे पुलिस के पावर का गलत इस्तेमाल करना भारत में एक आम बात है। फिल्म में ये भी दिखाया गया है कि कैसे हमारे देश में न्याय पाने के लिए दलितों को हवलदार से लेकर एसपी तक के हाथ पैर जोड़ने पड़ते हैं दर-दर की ठोकरें खानी पड़ती हैं।
संध्या सूरी ने फिल्म संतोष को डायरेक्ट किया है। फिल्म में जातिगत भेदभाव, पुलिस की बर्बरता, यौन हिंसा और इस्लामोफोबिया जैसे नाजुक सामाजिक मुद्दों पर सवाल उठाया गया है। फिल्म पुलिस की इमेज को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है। इन्हीं सीन को कट करने के लिए सेंसर बोर्ड ने मेकर्स से कहा है, लेकिन मेकर्स ने ऐसा करने से साफ मना कर दिया है। फिल्म में लीड एक्ट्रेस शहाना गोस्वामी ने इंडिया टुडे डिजिटल से बातचीत की। उन्होंने बताया, “सेंसर बोर्ड ने फिल्म की रिलीज के लिए कुछ बदलावों की लिस्ट दी है, लेकिन हमारी टीम फिल्म से उन सीन्स को कट करने के पक्ष में नहीं है। अगर ऐसा होता है तो फिल्म काफी हद तक बदल जाएगी। इसलिए, यह एक स्पीड ब्रेकर है।” अब वजह यही है कि शायद फिल्म भारत के थिएटर में रिलीज नहीं हो पाएगी।
भारत के इस शहर में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम
भारत के इस शहर में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है, जिसकी दर्शक क्षमता करीब सवा लाख है। लेकिन अब इससे भी बड़ा स्टेडियम बनने जा रहा है। ये स्टेडियम आंध्र प्रदेश के अमरावती में बनेगा। इसकी दर्शक क्षमता 1.32 लाख होगी। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अमरावती में सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बनाने को अपनी मंजूरी दे दी है। बता दें कि आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) ने लगभग 800 करोड़ रुपये के बजट से स्टेडियम बनाने की अपनी योजना का खुलासा जनवरी में ही कर दिया था।
ये क्रिकेट स्टेडियम 200 एकड़ के खेल शहर का केंद्र बिंदु होगा। उम्मीद है कि ये वेन्यू 2029 के राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए समय पर तैयार हो जाएगा। इस स्टेडियम को एक टिकाऊ डिजाइन के साथ सौर ऊर्जा का इस्तेमाल किया जाएगा।
पहले किया गया था ये दावा
इससे पहले रिपोर्टों में दावा किया गया था कि आंध्र प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने इस परियोजना के लिए राज्य सरकार से 60 एकड़ ज़मीन का अनुरोध किया है। निर्माण के लिए स्थानीय स्तर पर जुटाए गए धन के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से भी सहायता मांगी जाएगी।













