भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने मलेशिया को 3-1 से हराया, पाक के साथ आज मुकाबला

ओमान के मस्‍कट में जूनियर एशिया कप हॉकी में वर्तमान चैम्पियन भारत ने मलेशिया को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत की ओर से दिलराज सिंह, रोहित और शारदानंद तिवारी ने गोल किये। हरभजन सिंह ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए एक वीडियो संदेश में कहा, “भारतीय हॉकी टीम को बहुत-बहुत बधाई जो आज पाकिस्तान के खिलाफ पुरुष जूनियर एशिया कप का फाइनल खेल रही है। दोस्तों, मैं आपको मैदान पर शुभकामनाएं देना चाहता हूं, भारत के लिए इसे जीतो। मुझे यकीन है कि आप यह कर सकते हैं। आओ भारत!”

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने अपने संदेश में मलेशिया के खिलाफ जीत के लिए युवा खिलाड़ियों की सराहना की और उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा, ”सेमीफाइनल में मलेशिया के खिलाफ अविश्वसनीय जीत के लिए हमारी भारतीय जूनियर हॉकी टीम को बहुत-बहुत बधाई। जूनियर एशिया कप फाइनल में जगह बनाना एक अद्भुत उपलब्धि है और आपने पहले ही देश को इतना गौरवान्वित कर दिया है। आज रात जब आप पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरें, तो बस याद रखें, इस पल का आनंद लें और अपनी पसंद के अनुसार खेलें। अपने कौशल पर भरोसा करें, एक-दूसरे पर भरोसा करें और उस लड़ाई की भावना को जीवित रखें। हम सभी आपकी जय-जयकार कर रहे हैं और आपको शुभकामनाएं दे रहे हैं। वहां जाओ और मजे करो।शुभकामनाएं और जय हिंद।”

वहीं गगन नारंग ने एक्स पर लिखा,“आइए हमारी भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम का उत्साह बढ़ाएं जो आज रात पुरुष हॉकी जूनियर एशिया कप के फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। मेरे प्रिय मित्र पीआर श्रीजेश द्वारा प्रशिक्षित भारतीय टीम, रिकॉर्ड पांच बार खिताब जीतने वाली एशिया की एकमात्र टीम बनने का इतिहास रचने से केवल एक कदम दूर है। गुड लक इंडिया!,”

भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण प्रदर्शन किया और अपने सभी पांच मैच जीते। उनकी जीतों में थाईलैंड पर 11-0 की प्रभावशाली जीत, जापान के खिलाफ 3-2 की कड़ी जीत, चीनी ताइपे पर 16-0 की प्रभावशाली जीत और ग्रुप चरण में कोरिया के खिलाफ 8-1 की जीत शामिल है। सेमीफाइनल में भारत ने मलेशिया पर 3-1 से मजबूत जीत हासिल की और फाइनल में प्रवेश किया।

आज फाइनल में भारत का मुकाबला पाकिस्‍तान से होगा। पाकिस्‍तान ने पहले सेमीफाइनल में जापान को 4-2 से हराया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस विभाग द्वारा निर्मित समाधान और सशक्त मोबाइल ऐप का किया लांचिंग

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में राज्य स्तरीय साइबर भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने साइबर अपराध की चुनौतियों और उससे निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने कहा साइबर अपराध आज के समय की सबसे बड़ी चुनौती है और इसे रोकने के लिए जागरूकता और तकनीकी दक्षता का होना अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार ने इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनमें साइबर भवन का उद्घाटन एक अहम पहल है।

मुख्यमंत्री साय ने अक्टूबर माह में प्रदेश में आयोजित 410 जनजागरूकता कार्यक्रमों का उल्लेख किया, जिसके माध्यम से 23 लाख लोगों तक साइबर सुरक्षा की जानकारी पहुंचाई गई। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता अभियान साइबर अपराध रोकने का सबसे महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री साय ने पुलिस विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा हमारे पुलिस अधिकारियों ने क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग के बहाने ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह को पकड़ा है। यह साबित करता है कि छत्तीसगढ़ पुलिस अपराधियों को ट्रैक करने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा किए गए प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आईआईटी भिलाई और आईआईएम रायपुर के साथ हुए अनुबंध साइबर अपराध और मानव तस्करी जैसी समस्याओं के समाधान के लिए एक मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को लेकर यूनिसेफ द्वारा बनाए गए ऑनलाइन मॉड्यूल की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों के कल्याण के लिए 8 बैंकों के साथ एमओयू साइन किया गया, जिसके तहत पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने पुलिस विभाग द्वारा निर्मित समाधान मोबाइल ऐप और सशक्त मोबाइल ऐप को लांच किया। उन्होंने साइबर अपराधों की उत्कृष्ट विवेचना करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हम नई तकनीक को अपनाकर साइबर अपराधों को रोकने की दिशा में और अधिक दक्षता के साथ काम करेंगे। उन्होंने इस दिशा में काम कर रहे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और सुदर्शन की नीति को आधार बनाकर किए गए कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार आज देश में सबसे उत्कृष्ट कार्य करने वाली सरकार के रूप में उभर रही है। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इस योजना ने 70 लाख लाभार्थियों तक पहुंचने का ऐतिहासिक आंकड़ा छू लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन के सिद्धांतों पर काम कर रही है और समाज के हर वर्ग तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पुलिस तंत्र को न केवल पुनर्जीवित किया, बल्कि इसे एक प्रभावी प्रणाली में तब्दील कर दिया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि बस्तर क्षेत्र में पुलिस ने नक्सलवाद को सीमित करने में अद्भुत कार्य किया है। यह सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और रणनीतिक प्रयासों का परिणाम है। साइबर अपराधों पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने साइबर अपराध से निपटने के लिए विशेष पहल की है। हाल ही में चलाए गए साइबर जागरूकता पखवाड़े का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के लिए जागरूक किया जा रहा है। आज उद्घाटन किए गए साइबर भवन से बड़े अभियानों को संचालित किया जाएगा, जो इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन के अपने लक्ष्यों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में और भी बड़े निर्णय लेकर जनता के हित में कार्य करेगी।

इस अवसर पर विधायक गुरु खुशवंत साहेब, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अपर मुख्य सचिव गृह मनोज पिंगुवा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, एस आर पी कल्लूरी, विवेकानन्द सिन्हा, अमित कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, सचिव गृह नेहा चम्पावत, हिमशिखर गुप्ता सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी ने फिल्मों से संन्यास लेने का किया ऐलान

बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी के हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट में अभिनय से ब्रेक लेने का ऐलान किया है। अभिनेता विक्रांत मैसी फिल्म “द साबरमती रिपोर्ट” में नजर आए थे। इससे पहले, उन्हें “12वीं फेल” और “सेक्टर 36” जैसी फिल्मों में उनकी बेहतरीन अदाकारी के लिए सराहा गया था। यह उम्मीद की जा रही थी कि विक्रांत इस सफलता का फायदा उठाकर आगे बढ़ेंगे, लेकिन अभिनेता ने अचानक से ब्रेक लेने का फैसला किया है। 37 वर्ष की उम्र में फिल्मों से दूरी बनाने के उनके फैसले ने सभी को हैरान कर दिया है। विक्रांत फिलहाल दो फिल्मों – “यार जिगरी” और “आंखों की गुस्ताखियां” पर काम कर रहे हैं। इन फिल्मों के बारे में बात करते हुए अभिनेता ने लिखा, 2025 में हम एक आखिरी बार मिलेंगे। पिछली दो फिल्में और कई सालों की यादों के लिए एक बार फिर धन्यवाद।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपने पोस्ट में कहा, हैलो, पिछले कुछ साल और उसके बाद का समय काफी अच्छा रहा है। मैं आप सभी के इतने समर्थन के लिए आपको धन्यवाद देता हूं। लेकिन, जैसे-जैसे मैं आगे बढ़ता जा रहा हूं, मुझे एहसास हो रहा है कि अब समय आ चुका है कि मैं खुद को फिर से संभालूं और घर वापस जाऊं। उन्होंने आगे कहा, एक पति, पिता और बेटे के तौर पर और एक एक्टर के तौर पर भी। तो, 2025 में हम एक आखिरी बार एक-दूसरे से मिलेंगे। जब तक सही समय ना लगे। पिछले 2 फिल्में और कई साल की यादें। आप सभी का फिर से शुक्रिया। हर चीज के लिए और जो कुछ बीच में हुआ उसके लिए भी। मैं हमेशा आपका ऋणी रहूंगा।

आपको बता दें कि इससे पहले भी वह कई ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपने अभिनय का जादू बिखेर चुके हैं। उनकी एक्टिंग को हर फिल्म में सराहा जाता रहा है। इससे पहले, उनकी फिल्म “12वीं फेल” ने दर्शकों का दिल जीत लिया था, जिसमें उन्होंने आईपीएस मनोज शर्मा का किरदार निभाया था, जो आर्थिक और शैक्षिक रूप से कमजोर होने के बावजूद भी अपने सपनों को पूरा करने में जी-जान लगा देते हैं। साल 2007 में विक्रांत ने छोटे पर्दे के शो धूम मचाओ धूम से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की। लेकिन बालिका बधू के श्याम सिंह के किरदार में उन्होंने जमकर वाहवाही लूटी। इसके अलावा रणवीर सिंह की फिल्म लुटेरा (2013) से विक्रांत ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में कदम रखा था।

भोपाल, पुलिसकर्मी ने पत्नी और साली की चाकू मारकर की हत्या

राजधानी भोपाल में पुलिस एएसआई ने मंगलवार को अपनी पत्नी और साली की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी एएसआई योगेश मरावी अपनी पत्नी विनीता से लंबे समय से अलग रह रहा था। दोनों महिलाएं भोपाल के ऐशबाग इलाके में एक फ्लैट में रहती थीं।

मरावी सुबह उनके घर पहुंचा और दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नौकर को बाहर धकेला
पुलिस उपायुक्त प्रियंका शुक्ला ने बताया कि एएसआई की पत्नी विनीता अपनी बहन के साथ ऐशबाग इलाके के एक फ्लैट में रहती थी। आरोपी ने नौकर को बाहर धकेल दिया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।इसके बाद चाकू मारकर दोनों की हत्या कर दी।

मृतक की घरेलू सहायिका ने उनके रिश्तेदारों को सूचित किया, जिन्होंने बाद में पुलिस को जानकारी किया। मृतकों की उम्र 30 से 35 साल के बीच थी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी सुबह करीब 11 बजे फ्लैट में आता हुआ कैद हुआ है।

रामलला के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ छिंदवाड़ा में बड़ा हादसा

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में बड़ा हादसा हो गया है. अयोध्या से रामलला के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पलट गई. इस हादसे में 15 लोग घायल हो गए हैं. वहीं सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और सभी घायलों को 108 एंबुलेंस वाहन से अस्पताल भेजा. ये हादसा छिंदवाड़ा के चौरई के केंद्रीय विद्यालय के पास हुआ है.

छिंदवाड़ा में मंगलवार की सुबह चौरई स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई. जानकारी के मुताबिक, बस में छिंदवाड़ा के यात्री सवार थे, जो अयोध्या दर्शन कर छिंदवाड़ा लौट रहे थे.

मीन राशि वालों की प्रेमी के साथ बढ़ेगी ट्यूनिंग

ज्योतिष के अनुसार ग्रहों की स्थिति के आधार पर किसी राशि के बारे में जाना जाता है. ग्रहों की स्थिति हर माह अलग-अलग होती है. आइये मासिक राशिफल में जानते हैं, दिसंबर का महीना मीन राशि वालों के लिए कैसा रहेगा

मीन राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना मिलेजुले परिणाम देने वाला रहने वाला है. महीने की शुरुआत में आपको अपनी सेहत और संबंध आदि को लेकर बहुत ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता रहेगी. इस दौरान किसी बात को लेकर स्वजनों के साथ मतभेद या बहस हो सकती है, जिससे बचने के लिए आपको अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखने की आवश्यकता रहेगी.

नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में अपने विरोधियों से खूब सतर्क रहना होगा क्योंकि वे आपके काम में बाधा डालने और आपकी छवि को धूमिल करने के लिए साजिश रच सकते हैं. हालांकि कठिन समय में आपके सीनियर और आपके शुभचिंतक सहयोगी आपके साथ खड़े रहेंगे. दिसंबर महीने के दूसरे सप्ताह में घर की किसी महिला सदस्य की सेहत को लेकर आपका मन चिंतित रहेगा. हालांकि आपको खुद की सेहत का खूब ख्याल रखने की आवश्यकता बनी रहेगी.
इस दौरान आपको तमाम जिम्मेदारियों को निभाने और करियर-कारोबार के सिलसिले में जरा ज्यादा ही भागदौड़ करनी पड़ सकती है, जिसके चलते आपको शारीरिक एवं मानसिक थकान बनी रह सकती है. माह के मध्य में नौकरीपेशा लोगों को बड़ा शुभ समाचार मिल सकता है. मनचाहे पद या तबादले की कामना पूरी हो सकती है.
बेरोजगार लोगों को रोजगार की प्राप्ति हो सकती है। यदि आप अभी तक सिंगल हैं तो आपके जीवन में मनचाहे व्यक्ति की इंट्री हो सकती है. प्रेम संबंध के लिए यह माह आपके लिए अनुकूल रहने वाला है. लव पार्टनर के साथ आपकी अच्छी ट्यूनिंग बनी रहेगी और उसके साथ आपके रिश्ते प्रगाढ़ होंगे. माह के उत्तरार्ध में आपका मन धार्मिक-आध्यात्मिक कार्यों में लगेगा. इस दौरान घर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान अथवा तीर्थ यात्रा के योग बनेंगे.
माह के उत्तरार्ध में आपके सोचे हुए कार्य समय पर पूर होंगे, जिसके कारण आपके भीतर अलग ही उत्साह और उर्जा बनी रहेगी, लेकिन इस दौरान आपको जोश में आकर होश खोने तथा किसी से गलत व्यवाहार करने से बचना होगा.

मंडल और जिला इकाइयों में भी महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाना चाहती है बीजेपी

मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) संगठन ने बूथ स्तरीय समितियों के गठन में 33 फीसदी महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है और अब संगठन की मंडल और जिला इकाइयों में भी इसी तरह की हिस्सेदारी देने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य में बीजेपी संगठन के चुनाव की प्रक्रिया जारी है। यहां 65 हजार से ज्यादा बूथ हैं। राज्य की सभी बूथ इकाइयों का गठन हो चुका है और उनका डिजिटलाइजेशन रिकॉर्ड भी बना है। इन समितियों में महिलाओं को 33 फीसदी हिस्सेदारी दी गई है। आगामी दिनों में मंडल और जिला इकाइयों का गठन किया जाना है। इसके लिए संगठन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है और 31 दिसंबर तक इसे पूरा किया जाना है।
राज्य इकाई के संगठन महामंत्री हितानंद का कहना है कि पीएम मोदी ने महिलाओं के लिए संसद और विधानसभा में 33 फीसदी आरक्षण का प्रावधान किया है और हमारा ध्यान भी मंडल और जिला समितियों के गठन में महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने पर है। राज्य की 100 फीसदी बूथ समितियों का गठन हो चुका है और उनका डिजिटलाइजेशन कर लिया गया है। अब मंडल और जिला समितियों का गठन तय समय सीमा पर करने की तैयारी है। पिछले दिनों पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक हुई थी। इसमें सर्वसम्मति से पदाधिकारि‍यों के चयन पर जोर दिया गया था। साथ ही कहा गया था कि नियुक्तियां नेताओं के कहने पर नहीं हों, बल्कि आपसी सामंजस्य से की जाएं। नियुक्तियों में विधायकों और सांसदों की सहमति पर भी जोर दिया गया। राज्य में बीजेपी मंडलों का पुनर्गठन करने जा रही है। इससे 200 मंडल बढ़ जाएंगे। वर्तमान में राज्य में मंडलों की संख्या 1099 है, जो अब बढ़कर 1299 हो जाएगी।
राजनीतिक पंडितों का मानना है कि बीजेपी राज्य में आधी आबादी पर पूरी पकड़ बनाना चाहती है। उसने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं और विधानसभा चुनाव में इसका पार्टी को लाभ भी मिला। आने वाले समय में यह वर्ग उससे दूर न जाए, इसकी तैयारी अब संगठन के जरिए हो रही है।

16 दिसंबर को कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश स्तरीय विधानसभा घेराव, सरकार को मजबूर करेंगे, जो वचन दिया वे पूरे करें: जीतू पटवारी

मध्य प्रदेश में पिछले एक साल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जनता से किए एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। मध्य प्रदेश में हर दिन कर्ज़ बढ़ता जा रहा है, आदिवासी, दलित, अल्पसंख्यक और महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं और सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है। जनहित की लड़ाई में इन सब मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी 16 दिसंबर को प्रदेशव्यापी विधानसभा का घेराव करने जा रही है। उक्त बातें मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुये कहीं।
श्री पटवारी ने मध्य प्रदेश की भयावह होती आर्थिक स्थिति पर भाजपा सरकार से श्वेत पत्र लाने की माँग भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में क्राईम, कर्ज और करप्शन की सरकार चल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के राज में करप्शन की कोई सीमा नहीं है। करप्शन की धुरी ऊपर से लेकर नीचे तक जाती है। जो वल्लभ भवन से प्रांरभ होकर छोटे कर्मचारी तक करप्शन की धुरी बनी हुई है।
श्री पटवारी ने कहा कि भाजपा ने एक साल पहले जनता को मूलभूत सुविधाएं देने के साथ, अन्य जनहितैषी योजनाओं को लेकर जो संकल्प पत्र जारी किया था वह प्रदेश सरकार पूरी तरह से भूल गई है। संकल्प पत्र के विपरीत भाजपा ने प्रदेश के हर वर्ग को धोखा दिया है। महिलाओं को 3000 देने की बात हो, किसानों को गेहूं और धान के 2700 और 3100 रू. देने की बात हो, युवाओं को रोजगार देने की बात हो या पत्रकार साथियों को 60 साल की आयु के बाद 20 हजार रूपये पेंशन देने की बात हो भाजपा ने सभी के साथ धोखा किया है। भाजपा को अपने संकल्प पत्र के वादे याद दिलाने के लिए कांग्रेस 16 दिसम्बर को प्रदेशव्यापी महामार्च निकालकर विधानसभा का घेराव करेगी और सरकार को मजबूर किया जायेगा कि जनता से जो वादे किये उसे वह पूरा करे। जिसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं और इसके लिए जिला और ब्लाक स्तर पर बैठकें आयोजित होगी और घेराव कार्यक्रम के लिए रणनीति बनेगी।
इस अवसर पर मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मुख्यमंत्री जी को उनके लोग ही बेनकाब करने में लगे हैं। वे जिस नाव में बैठे हैं उसमें छेद हो चुका है। मोहन यादव अब मौन यादव हो गए हैं। वे अभी लंदन गए थे। उनके जेब से हाथ बाहर नहीं निकले। लग रहा था कि मप्र के लिए भीख मांगने गए हैं। लेकिन मप्र को आर्थिक रुप से मजबूत क्यों नहीं करना चाहते? आपको रोज रोज कर्जे की आवश्यकता क्यों पड़ती है?
नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने कहा कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त है और उज्जैन के लोग अगले साल मार्च में इंदौर के शराब ठेके लेने की तैयारी में है। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि मध्य प्रदेश से गुजरात में शराब कौन भेज रहा है? किसान खाद के लिए परेशान हैं महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं, आदिवासी और दलितों को परेशान किया जा रहा है, जल जीवन मिशन में भारी भ्रष्टाचार है और गाँव में लोगों के पास पीने का पानी उपलब्ध नहीं है। सरकार ने अपना कोई भी वादा जो अपने संकल्प पत्र में किया था वो नहीं निभाया है इसलिए सड़क से लेकर सदन तक हम जनता की आवाज़ उठाएंगे है इसी कड़ी में आगामी 16 दिसंबर को कांग्रेस विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा का घेराव किया जाएगा। गांव गांव तक इसको लेकर एक जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। परिचय पर चर्चा इस बात को लेकर हम गांव-गांव तक घर-घर तक बात पहुंचेंगे और जनता को उनके अधिकार दिलाने की कोशिश करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी की वादाखिलाफी, बढ़ते हुए भ्रष्टाचार, अजा, अजजा, अल्पसंख्यकों, महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार, किसानों की समस्याएं, बढ़ती हुई बेरोजगारी एवं अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में दिनांक 16 दिसम्बर, 2024 को दोपहर 12.00 बजे से जवाहर चौक भोपाल से विधानसभा का घेराव करने के लिए पैदल मार्च किया जायगा।
पत्रकार वार्ता में मध्य प्रदेश विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे पूर्व मंत्री एवं मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, सेवादल अध्यक्ष योगेश यादव, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मीतेन्द्र दर्शन सिंह, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, मप्र कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व संगठन प्रभारी राजीव सिंह भी उपस्थित थे।

हेवी मेटल और आर्गनो क्लोरीन मिला पानी पी रहे लोग

भोपाल गैस त्रासदी में अपनों को गवां चुके लोग 40 साल बाद भी यूनियन कार्बाइड के दुस्प्रभाव की चपेट में हैं। जहरीला कचरा यूनियन कार्बाइड परिसर में आज भी दफन है। इस कारण भूजल प्रदूषित होने की बात सत्यापित हो चुकी है। यानी आज भी लोग हेवी मेटल और आर्गनो क्लोरीन मिला पानी पी रहे हैं। वर्ष 2018 में इंडियन इंस्टीट्यूट आफ टाक्सिकोलाजी रिसर्च लखनऊ की रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आ चुका है।
रिपोर्ट के अनुसार यूनियन कार्बाइड परिसर के आसपास की 42 बस्तियों के भूजल में हेवी मेटल, आर्गनो क्लोरीन पाया गया था, जो कैंसर और किडनी की बीमारी के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। इसके बाद इस क्षेत्र में नर्मदा जल की आपूर्ति सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर की जा रही है। आशंका है इन कालोनियों के अतिरिक्त प्रदूषित भूजल आगे पहुंच गया हो पर वर्ष 2018 के बाद जांच ही नहीं कराई गई। गैस पीडि़त संगठन के कार्यकर्ताओं का दावा है कि रैपिड किट से उन्होंने इनके अतिरिक्त कारखाने की साढ़े तीन किमी की परिधि में आने वाली 29 अन्य कालोनियों में भी जांच की तो आर्गनो क्लोरीन मिला है, पर कितना मात्रा में है इसकी जांच बड़े स्तर पर सरकार द्वारा कराने की आवश्यकता है।
गड्ढ़ों में दबा है जहरीला रासायनिक कचरा
गैस पीडि़तों के लिए काम करने वाली सामाजिक कार्यकर्ता रचना ढींगरा ने बताया कि त्रासदी के पहले परिसर में ही गड्ढे बनाकर जहरीला रासायनिक कचरा दबा दिया जाता था। इसके अतिरिक्त परिसर में बनाए गए तीन छोटे तालाबों में भी पाइप लाइन के माध्यम जहरीला अपशिष्ट पहुंचाया जाता था। इस कचरे की कोई बात ही नहीं हो रही। कारखाने में रखे कचरे को नष्ट करने के लिए 126 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसे पीथमपुर में जलाया जाना है।
खर्च नहीं हो पाए 129 करोड़
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गैस पीडि़तों के पुनर्वास के लिए वर्ष 2010 में 272 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। इसमें 75 प्रतिशत राशि केंद्र व 25 प्रतिशत राज्य सरकार की थी। इसमें भी 129 करोड़ रुपये आज तक खर्च नहीं हो पाए हैं। गैस राहत एवं पुनर्वास विभाग आज तक इस राशि को खर्च करने की योजना ही नहीं बना पाया है। आर्थिक पुनर्वास के लिए 104 करोड़ रुपये मिले थे। इसमें 18 करोड़ रुपये स्वरोजगार प्रशिक्षण पर खर्च हुए बाकी राशि बची है। सामाजिक पुनर्वास के लिए 40 करोड़ रुपये मिले थे, जिसमें गैस पीडि़तों की विधवाओं के लिए पेंशन का भी प्रविधान है। 4399 महिलाओं को पेंशन मिल रही हैं। वर्ष 2011 से यह राशि एक हजार है जिसे बढ़ाया नहीं गया है। न ही किसी नए हितग्राही को शामिल किया गया है।

वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए बनेगा वन्यप्राणी कारिडोर

मप्र में वन्यजीवों की मौत और उनका शिकार बड़ी समस्या बना हुआ है। सरकार की कोशिशों के बावजूद परिणाम सकारात्मक नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए वन्यप्राणी कॉरिडोर बनाने की तैयारी चल रही है। इस कॉरिडोर की सुरक्षा आधुनिक तकनीक, ड्रोन और शस्त्रों से सुरक्षा की जाएगी।
जानकारी के अनुसार जंगलों में वन्यजीवों के बीच मानव दखल न हो, इसके लिए राज्य सरकार पांच सौ गांवों को वन्यप्राणी बहुल वनक्षेत्र से बाहर करेगी। इसके लिए वन विभाग ने विकसित भारत 2047 विजन डाक्यूमेंट में अपना एक्शन प्लान तैयार किया है। इसके तहत वन विभाग राज्य के समस्त संरक्षित वन क्षेत्रों एवं वन्यप्राणी बहुल क्षेत्रों में बसे 500 गांवों को उनकी सहमति से विस्थापित करेगा। इसके अलावा, संरक्षित वन क्षेत्रों को आपस में जोडक़र वन्यप्राणी कारिडोर बनाया जाएगा।
आधुनिक उपकरणों एवं तकनीक के उपयोग
विकसित भारत के विजन डाक्यूमेंट के अनुसार आधुनिक उपकरणों एवं तकनीक के उपयोग से वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके तहत रेंज अधिकारी आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित होंगे। रेंज अधिकारियों को ड्रोन तथा आधुनिक शस्त्रों, वाहनों से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे अवैध कटाई एवं चराई, अतिक्रमण, अवैध खनन एवं वन अग्नि पर पूर्ण नियंत्रण हो सकेगा। प्रदेश के राष्ट्रीय उद्यानों एवं अभयारण्यों में सक्रिय प्रबंधन के माध्यम से वन्यजीवों का पुनस्र्थापन एवं प्रबंधन किया जाएगा। वर्ष 2047 तक ईको टूरिज्म के कम से कम 500 गंतव्य स्थलों को चिन्हित कर उन्हें विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। टाइगर रिजर्व क्षेत्रों के आसपास के गंतव्य स्थलों में कम से कम 500 होम स्टे की व्यवस्था की जाएगी जिससे स्थानीय वन वासियों का रोजगार सृजन हो सके। इसे ग्लोबल स्तर पर प्रचारित किया जाएगा, जिससे मप्र में विदेशी पर्यटन बढ़े।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...