श्रीमद् भगवद गीता को आचरण और व्यवहार में धारण कर सन्मार्ग पर चलते हुए प्राप्त की जा सकती है सफलता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भगवान श्रीकृष्ण का मध्यप्रदेश की धरती उज्जैन पधार कर आचार्य सांदीपनि जी से शिक्षा प्राप्त करना सनातन संस्कृति की अद्वितीय घटना है। महाभारत जैसे भीषण युद्ध के बीच शास्त्र सम्मत मार्ग दिखाते हुए कर्मवाद की शिक्षा देने का उनका प्रयास और विश्व को श्रीमद् भगवद गीता की देन अद्वितीय है। शास्त्र के रूप में स्थापित भगवद गीता विद्वतजन, ऋषि मुनि से लेकर जन-सामान्य तक के मन में जिज्ञासा भी उत्पन्न करती है और समाधान भी प्रदान करती है। गीता को आचरण और व्यवहार में धारण कर मानव, अपने जीवन को कर्मवाद से जोड़कर सद्मार्ग का अनुसरण करते हुए सफलताएं प्राप्त कर सकता है। इस वर्ष गीता जयंती पर इस्कॉन के साथ मिलकर स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा भगवद गीता पर केंद्रित प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया गया है। गीता के श्लोकों का वाचन, अध्ययन-मनन और भगवद गीता में लोगों की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से यह अकादमिक अभियान चलाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि भगवद गीता आधारित मूल्य शिक्षा प्रतियोगिता, स्कूल शिक्षा विभाग और संस्कृति विभाग के विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा इस्कॉन के सहयोग से आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य छात्रों में स्थायी नैतिक मूल्यों का संचार करना, चरित्र निर्माण को प्रेरित करना और आज के युवाओं में व्याप्त विभिन्न व्यसनों के खतरों के बारे में जागरूकता फैलाना है।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता के अंतर्गत कक्षा-9 से 12 तक के छात्रों के लिए ऑनलाइन क्विज-प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रत्येक कक्षा की प्रतियोगिता के लिये पृथक-पृथक दिवस निर्धारित किये गये हैं, जिसमें 26 नवंबर को कक्षा -9वीं, 27 नवंबर को कक्षा-10वीं, 28 नवंबर को कक्षा-11वीं और 29 नवंबर को कक्षा-12वीं के छात्रों के लिये क्विज प्रतियोगिता होगी।

सभी परीक्षाएं स्कूल में दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक आयोजित की जाएंगी। भागीदारी के लिये लिंक 19 नवंबर तक उपलब्ध करवाई जायेगी। प्रत्येक जिले में कक्षा के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले छात्र राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 10 दिसंबर 2024 को उज्जैन में गीता महोत्सव के दौरान शामिल होंगे।

राज्य स्तरीय विजेताओं को मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। यह मूल्य शिक्षा प्रतियोगिता छात्रों के शैक्षिक पाठ्यक्रम को आवश्यक नैतिक मूल्यों जैसे सत्यनिष्ठा, सहानुभूति, सम्मान और उत्तरदायित्व से समृद्ध बनाने के लिए डिजाइन की गई है। साथ ही उन्हें व्यसनों के हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक करना और जिम्मेदार एवं नैतिक रूप से भविष्य के जागरूक नागरिकों के रूप में उनके व्यक्तित्व के विकास का प्रयास भी इस पहल का लक्ष्य है।

जब मुख्यमंत्री ने घोषणा कर दी तो उसमें देखना क्या’, इंदौर में BRTS हटाने की कवायद के बीच मंत्री विजयवर्गीय ने दिया बयान

इंदौर बीआरटीएस को हटाने की घोषणा के बाद शहर में इस फैसले पर चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में बीआरटीएस हटाने की योजना का जिक्र किया। उन्होंने इसे भोपाल की तर्ज पर इंदौर बीआरटीएस को हटाने की बात कही थी। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मीडिया ने जब सवाल किया कि इंदौर बीआरटीएस को हटाए जाने की मुख्यमंत्री ने घोषणा की है इसे कैसे देखते हैं। इस बयान पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, अब किस तरह से क्या देखना, जब मुख्यमंत्री जी ने घोषणा कर दी तो उनकी बात का समर्थन करता हूं। उसे किस तरह से देखने का तो कुछ बचता ही नहीं है।

विजयवर्गीय ने कहा जब मुख्यमंत्री जी ने किसी बात की घोषणा कर दी तो हम सब मुख्यमंत्री की घोषणा के साथ हैं। बीआरटीएस के समर्थन में कुछ लोग है भी, क्योंकि देश की सबसे अच्छी परिवहन योजना है जो प्रॉफिट में चल रही है। उन्होंने कहा इसके समर्थन में भी लोग है, बाकी यह बात सही है कि शहर में जिस तेजी से ट्रैफिक बढ़ रहा है, इस पूरे बीआरटीएस मार्ग पर हमेशा जाम रहता है। इसलिए हो सकता है कि ट्रैफिक में समस्या आती हो।

हालांकि कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मीडिया को दिए बयान से ऐसा नजर आ रहा है कि विजयवर्गीय बीआरटीएस हटाने से खुश नहीं है। वह कह रहे हैं कि जब मुख्यमंत्री ने घोषणा कर दी तो उसमें देखना क्या है।

बिहार में होगा अगले वर्ष के खेलो इंडिया यूथ गेम्स और पैरा गेम्स का आयोजन

बिहार अगले साल अप्रैल में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की मेजबानी करेगा। बिहार में युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय का यह प्रमुख आयोजन देश में खेलो इंडिया का एक नया अध्याय होगा।

पहली बार ग्रीष्मकालीन ओलंपिक की तर्ज पर बिहार में खेलो इंडिया पैरा गेम्स भी आयोजित किए जाएंगे। पैरा गेम्स युवा खेलों के बाद होंगे और दोनों खेलों के बीच 10 से 15 दिन का अंतर होगा। पैरा गेम्स का आयोजन पहली बार पिछले वर्ष दिल्ली में किया गया था।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दृष्टिकोण खेलो इंडिया गेम्स को देश के कोने-कोने तक पहुंचाना है। इसी दृष्टिकोण के अनुरूप, बिहार एक नहीं बल्कि दो खेलों की मेज़बानी करेगा। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में खेल अहम भूमिका निभाएंगे। बिहार ने हाल ही में प्रमुख खेलों की मेजबानी करने की अपनी क्षमता को दर्शाया है।”

बिहार ने हाल ही में राजगीर में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी चैंपियनशिप की मेजबानी की थी। इसी चैंपियनशिप में भारत ने चीन की पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता को हराकर महाद्वीपीय खिताब जीता।

इससे पहले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2023 का आयोजन जनवरी में तमिलनाडु में किया गया था। डॉ. मांडविया ने कहा कि हम खिलाड़ियों को देश भर में उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता सभी के लिए महत्वपूर्ण आकर्षण है। राज्य की विरासत को अपनाना एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए आवश्यक है।

बिहार बुनियादी ढांचे को विकसित करने और खिलाड़ियों को सहायता प्रदान करने की मंत्रालय की योजनाओं का एक अभिन्न अंग है।

प्रतिभा को बढ़ावा देना खेलो इंडिया कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है और बिहार खेल विभाग के विकास कार्यक्रमों का भी बड़ा लाभार्थी है। बिहार में 38 खेलो इंडिया केंद्र और एक खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र है, जो सभी स्तरों के खिलाड़ियों की आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं। इसके अलावा बिहार में तीन भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र भी हैं।

बिहार में होने वाले खेलो इंडिया युवा खेलों के बारे में अधिक जानकारी आने वाले सप्ताहों में साझा की जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुयाना में भारतीय समुदाय को 2025 में महाकुंभ और प्रवासी भारतीय दिवस में भाग लेने का दिया निमंत्रण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज गुयाना के जॉर्जटाउन में आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस अवसर पर गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली, प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स, उपराष्ट्रपति भरत जगदेव, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड रामोतार सहित अन्य गणमान्‍य व्‍यक्ति उपस्थित थे। सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति को धन्यवाद देते हुए अपने आगमन पर विशेष उत्‍साह के साथ किए गए उनके भव्य स्वागत पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने राष्ट्रपति और उनके परिवार के शानदार आतिथ्‍य और सहृदयता के लिए धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतिथ्य की भावना हमारी संस्कृति के मूल में है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने भारत सरकार की एक पेड़ माँ के नाम पहल के अंतर्गत राष्ट्रपति और उनकी दादी के साथ एक पेड़ लगाया। उन्होंने कहा कि यह एक भावनात्मक क्षण था जिसे वे हमेशा याद रखेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गुयाना का सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार, ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस प्राप्त करके वे बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने इस सम्मान के लिए गुयाना के लोगों का आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस पुरस्कार को 1.4 बिलियन भारतीयों और 3 लाख भारतीय-गुयाना समुदाय के सम्मान में तथा गुयाना के विकास में उनके योगदान को समर्पित किया।

दो दशक पहले एक जिज्ञासु यात्री के रूप में गुयाना की अपनी यात्रा की अविस्‍मरणीय यादों का उल्‍लेख करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने प्रसन्‍न्‍ता व्‍यक्‍त की कि अब वे भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कई नदियों की भूमि पर पुन: आए हैं। उन्होंने कहा कि तब से लेकर अब तक बहुत सारे बदलाव हुए हैं परन्‍तु गुयाना के लोगों का प्यार और स्नेह वैसा ही बना हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आप एक भारतीय को भारत से बाहर ले जा सकते हैं, लेकिन आप भारत को उनके अंतर्मन से बाहर नहीं निकाल सकते और इस यात्रा के उनके अनुभव ने इसकी पुष्टि की है।

प्रधानमंत्री ने दिन में पहले भारतीय आगमन स्मारक की अपनी यात्रा को याद करते हुए कहा कि इसने लगभग दो शताब्दियों पहले भारत-गुयाना के लोगों के पूर्वजों की लंबी और कठिन यात्रा को जीवंत कर दिया। भारत के विभिन्न हिस्सों से आए हुए लोगों का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे अपने साथ संस्कृतियों, भाषाओं और परंपराओं की विविधता लेकर आए और समय के साथ गुयाना को अपना घर बना लिया। उन्होंने कहा कि ये भाषाएं, कहानियां और परंपराएं आज गुयाना की संस्कृति का एक समृद्ध हिस्सा हैं। प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता और लोकतंत्र के लिए उनके संघर्ष के लिए भारत-गुयाना समुदाय की भावना की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने गुयाना को सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनाने की दिशा में कार्य किया है, जिससे वे एक साधारण शुरुआत से शीर्ष पर पहुंचे हैं। चेड्डी जगन के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जगन एक मजदूर परिवार की साधारण पृष्ठभूमि से शुरू होकर वैश्विक स्‍तर के नेता बने। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति इरफान अली, उपराष्ट्रपति भारत जगदेव, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड रामोतार सभी भारत-गुयाना समुदाय के राजदूत थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक भारतीय-गुयाना बुद्धिजीवियों में से एक जोसेफ रोमन, प्रारंभिक भारतीय-गुयाना कवियों में से एक राम जरीदार लल्ला, प्रसिद्ध महिला कवियित्री शाना यरदान तथा अन्य अनेक भारतीय-गुयानावासियों का कला, शिक्षा, संगीत और चिकित्सा के क्षेत्र में गहरा प्रभाव रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी समानताओं ने भारत-गुयाना मैत्री को एक मजबूत आधार प्रदान किया है और इस मामले में संस्कृति, भोजन और क्रिकेट विशेष रूप से तीन महत्वपूर्ण चीजें हैं जो भारत को गुयाना से जोड़ती हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की दिवाली विशेष थी क्योंकि श्री राम लला 500 वर्षों के बाद अयोध्या लौटे थे। उन्होंने कहा कि भारत के लोगों को यह भी याद है कि गुयाना से पवित्र जल और शिलाएं भी अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए भेजी गई थीं। उन्होंने प्रशंसा की कि महासागरों की दूरी के बावजूद भारत माता के साथ उनका सांस्कृतिक संबंध मजबूत है और इसका अहसास उन्‍हें दिन में आर्य समाज स्मारक और सरस्वती विद्या निकेतन स्कूल के दौरे के समय हुआ। श्री मोदी ने कहा कि भारत और गुयाना दोनों को अपनी समृद्ध और विविध संस्कृति पर गर्व है और वे विविधता को समायोजित करने के अलावा इन्‍हें उत्‍सव मनाने के रूप में देखते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश दिखा रहे हैं कि सांस्कृतिक विविधता उनकी शक्ति है।

भोजन पर अपने विचार व्‍यक्‍त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय-गुयाना समुदाय की भोजन संबंधी एक अनूठी परंपरा है, जिसमें भारतीय और गुयाना दोनों की मिली-जुली परम्‍परा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने क्रिकेट के प्रति प्रेम पर चर्चा करते हुए कहा कि क्रिकेट ने हमारे देशों को मजबूती से बांधा है और यह सिर्फ एक खेल नहीं है, बल्कि एक जीवन शैली है, जो हमारी राष्ट्रीय पहचान में गहराई से समाहित है। उन्होंने कहा कि गुयाना में प्रोविडेंस नेशनल क्रिकेट स्टेडियम हमारी मित्रता का प्रतीक है। कन्हाई, कालीचरण, चंद्रपॉल सभी भारत में जाने-माने नाम हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि क्लाइव लॉयड और उनकी टीम कई पीढ़ियों की पसंदीदा रही है। उन्होंने कहा कि गुयाना के युवा खिलाड़ियों का भी भारत में बहुत बड़ा प्रशंसक वर्ग है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कई भारतीयों ने इस वर्ष की शुरुआत में वहां आयोजित टी-20 विश्व कप का आनंद लिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें आज सुबह गुयाना की संसद को संबोधित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की जननी होने के कारण उन्हें कैरेबियाई क्षेत्र के सबसे जीवंत लोकतंत्रों में से एक के साथ आध्यात्मिक जुड़ाव महसूस हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और गुयाना का साझा इतिहास है जिसमें औपनिवेशिक शासन के खिलाफ साझा संघर्ष, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रेम और विविधता के प्रति सम्मान हमें एक सूत्र में पिरोता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारा साझा भविष्य है जिसे हम बनाना चाहते हैं। उन्होंने विकास और प्रगति की आकांक्षाओं, अर्थव्यवस्था और पारिस्थितिकी के प्रति प्रतिबद्धता और न्यायपूर्ण तथा समावेशी विश्व व्यवस्था में विश्वास पर भी जोर दिया।

गुयाना के लोगों को भारत का शुभचिंतक बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत की यात्रा व्‍यापक, गतिशीली और स्थायित्व की रही है। उन्होंने कहा कि केवल 10 वर्षों में, भारत दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से बढ़कर पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और जल्द ही भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। युवाओं की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने हमें दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम बना दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ई-कॉमर्स, एआई, फिनटेक, कृषि, प्रौद्योगिकी और अन्य के लिए एक वैश्विक केंद्र था। मंगल और चंद्रमा के लिए भारत के अंतरिक्ष मिशनों पर जोर देते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि राजमार्गों से लेकर आई-वे, वायुमार्ग से रेलवे तक, हम अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की वृद्धि न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि समावेशी भी है। उन्होंने कहा कि भारत का डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा गरीबों को सशक्त बना रहा है और सरकार ने लोगों के लिए 500 मिलियन से अधिक बैंक खाते खोले हैं और इन बैंक खातों को डिजिटल पहचान और मोबाइल से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को सीधे उनके बैंक खातों में सहायता प्राप्त करने में मदद मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आयुष्मान भारत दुनिया की सबसे बड़ी निशुल्‍क स्वास्थ्य बीमा योजना है, जिससे 500 मिलियन से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जरूरतमंद लोगों के लिए 30 मिलियन से अधिक घर बनाए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केवल एक दशक में, हमने 250 मिलियन लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। उन्होंने कहा कि गरीबों में भी, इन पहलों से महिलाओं को सबसे अधिक लाभ हुआ है और लाखों महिलाएं जमीनी स्तर पर उद्यमी बन रही हैं, जो रोजगार और अवसरों का सृजन कर रही हैं।

व्‍यापक पैमाने पर विकास से भारत की स्थिरता पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सिर्फ एक दशक में, भारत की सौर ऊर्जा क्षमता 30 गुना बढ़ गई और पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण के साथ ग्रीन मोबिलिटी में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी, भारत ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए कई पहलों में मुख्‍य भूमिका निभाई है जैसे कि अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन, वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन, आपदा रोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन और अन्य पहलों में वैश्विक दक्षिण को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस का भी समर्थन किया है और गुयाना, अपने राजसी जगुआर के साथ, इससे लाभान्वित हो रहा है।

पिछले वर्ष प्रवासी भारतीय दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति इरफान अली की भारतीय मेजबानी का स्‍मरण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स और उपराष्ट्रपति भरत जगदेव का भी भारत में स्वागत किया था। उन्होंने कहा कि साथ मिलकर उन्होंने कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दोनों देश ऊर्जा से उद्यम, आयुर्वेद से कृषि, बुनियादी ढांचे से नवाचार, स्वास्थ्य सेवा से मानव संसाधन और डेटा से विकास तक हमारे सहयोग के दायरे को व्यापक बनाने पर सहमत हुए हैं और यह साझेदारी व्यापक क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कल आयोजित दूसरा भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन इसका प्रमाण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के सदस्य के रूप में दोनों देश सुधारे गए बहुपक्षवाद में विश्वास करते हैं और विकासशील देशों के रूप में वे वैश्विक दक्षिण की शक्ति को समझते हैं। उन्होंने कहा कि वे समावेशी विकास के लिए रणनीतिक स्वायत्तता और समर्थन चाहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश सतत विकास और जलवायु न्याय को प्राथमिकता देते हैं और वैश्विक संकटों को दूर करने के लिए संवाद और कूटनीति का आह्वान करते रहते हैं।

प्रवासी भारतीयों को राष्ट्रदूत बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे भारतीय संस्कृति और मूल्यों के राजदूत हैं। उन्होंने कहा कि भारत-गुयाना समुदाय को दोहरा सौभाग्य प्राप्त है क्योंकि गुयाना उनकी मातृभूमि है और भारत माता उनकी पैतृक भूमि है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जब भारत अवसरों की भूमि है, तो उनमें से प्रत्येक हमारे दोनों देशों को जोड़ने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों से भारत को जानिए प्रश्‍नोत्‍तरी में भाग लेने का आग्रह करते हुए कहा कि यह प्रश्‍नोत्‍तरी भारत, इसके मूल्यों, संस्कृति और विविधता को समझने का एक अच्छा अवसर है। उन्होंने लोगों से अपने दोस्तों को भी इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित करने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने प्रवासी भारतीयों को अगले वर्ष 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ में अपने परिवार और मित्रों के साथ भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि वे अयोध्या में राम मंदिर के भी दर्शन के लिए जा सकते हैं।

अपने संबोधन के समापन पर प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों को जनवरी में भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले प्रवासी भारतीय दिवस में भाग लेने तथा पुरी में महाप्रभु जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया।

 

प्रसार भारती का OTT प्लेटफार्म WAVE स्वच्छ पारिवारिक मनोरंजन प्रस्तुत करेगा : नवनीत सिंह सहगल, अध्यक्ष प्रसार भारती

गोवा में कल 55 वें IFFI में WAVES OTT और इसकी पेशकशों पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रसार भारती के चेयरमैन नवनीत सिंह सहगल ने कहा कि “एक राष्ट्रीय प्रसारक के रूप में यह हमारा कर्तव्य है कि हम स्वच्छ पारिवारिक मनोरंजन को समाज के सभी वर्गों तक पहुँचाएँ।” प्रसार भारती के एक OTT प्लेटफॉर्म की आवश्यकता महसूस की गई जिसके कारण WAVES की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि समाचार, खेल के अलावा, समसामयिक मामलों के कार्यक्रम भी नागरिकों को उपलब्ध कराए जाने चाहिए। सहगल ने यह भी कहा कि यह प्लेटफॉर्म भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और इसके इतिहास को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने बताया कि कुछ प्रमुख कंटेंट को छोड़कर, WAVES OTT को डाउनलोड करने और इसमें कंटेंट देखने के लिए कोई शुल्क नहीं है।

प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी ने कहा कि सार्वजनिक प्रसारक को सभी प्लेटफॉर्म पर मौजूद रहने की आवश्यकता है क्योंकि हमें अपने देश के दर्शकों के लिए सूचना और सामग्री उपलब्ध करानी है। उन्होंने कहा कि यह माध्यम उन सभी भारतीयों के लिए है बहुत उपयोगी होगा जो अपनी जड़ों से दूर चले गए हैं लेकिन अपनी संस्कृति से जुड़े रहना चाहते हैं। प्रसार भारती के सीईओ ने आगे बताया कि अभी तक WAVES OTT के माध्यम से 10,000 से अधिक फिल्में और 40,000 से 50,000 घंटे की सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

‘फौजी 2.0’, 1980 के दशक के प्रतिष्ठित शाहरुख खान के कार्यक्रम फौजी का आधुनिक रूपांतरण है। निर्माता संदीप सिंह, मुख्य कलाकार गौहर खान, विक्की जैन तथा अन्य कलाकारों और क्रू ने भी संवाददाता सम्मेलन में भाग लिया। इस नए प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री गौहर खान ने कहा कि फौजी 2 उन लोगों के जीवन को दर्शाता है जो भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं और उसकी रक्षा करते हैं। दूरदर्शन के बारे में बात करते हुए अभिनेता विक्की जैन ने कहा कि दूरदर्शन के सभी कार्यक्रम अपने लिए ब्रांड हैं। उन्होंने कहा कि हममें से कई लोगों ने महामारी के दौरान परिवार के साथ रामायण और महाभारत देखी है। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन उन दर्शकों तक भी पहुंचता है जिनके पास केबल टीवी की पहुंच नहीं है। मैरी कॉम, अलीगढ़ और सरबजीत जैसी फिल्मों के निर्माण के लिए जाने जानेवाले संदीप सिंह ने कहा दूरदर्शन के मंच पर किसी के कार्यक्रम का आना सम्मान की बात है।

प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक और निर्माता रामानंद सागर के पोते शिव सागर भी संवाददाता सम्मेलन में शामिल हुए और उन्होंने बताया कि यह महाकाव्य श्रृंखला युवा दर्शकों को कैसे आकर्षित करेगी। उन्होंने बताया कि कैसे ‘काकभुशंडी रामायण’ बनाने के लिए दुनिया भर से रामायण के 350 से अधिक संस्करणों पर शोध किया गया। उन्होंने कहा कि सबसे अच्छी कहानियों को लिया गया है और उन्हें नए तरीके से पेश किया गया है।WAVES OTT के बारे में बोलते हुए शिव सागर ने कहा कि भारत के समृद्ध इतिहास को एक उपयुक्त मंच मिलेगा।

कल गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने गोवा में आयोजित 55 वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती के WAVES ओवर-द-टॉप (OTT) प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया । इस प्लेटफॉर्म के शुरु होने के साथ ही भारत के प्रतिष्ठित सार्वजनिक प्रसारक दूरदर्शन ने डिजिटल स्ट्रीमिंग सेवाओं की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए प्लेटफॉर्म स्पेस में कदम रखा है। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य क्लासिक कंटेंट और समकालीन प्रोग्रामिंग का समृद्ध मिश्रण पेश करके आधुनिक डिजिटल रुझानों को अपनाते हुए पुरानी यादों को फिर से ताजा करना है।

WAVES एक बड़े एग्रीगेटर ओटीटी के रूप में प्रवेश कर रहा है जिसमें समावेशी भारत की कहानियाँ हैं जो भारतीय संस्कृति को अंतर्राष्ट्रीय दृष्टिकोण के साथ जोड़ती हैं। 12 से ज्यादा भाषाओं में – हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली, मराठी, कन्नड़, मलयालम, तेलुगु, तमिल, गुजराती, पंजाबी, असमिया। यह सूचना और मनोरंजन की 10 से ज्यादा शैलियों को प्रस्तुत करेगा। इस प्लेटफार्म पर वीडियो ऑन डिमांड, फ्री-टू-प्ले गेमिंग, रेडियो स्ट्रीमिंग, लाइव टीवी स्ट्रीमिंग, 65 लाइव चैनल, वीडियो और गेमिंग सामग्री के लिए कई ऐप इन ऐप इंटीग्रेशन और ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) की सहायता से ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन खरीदारी भी की जा सकेगी।

कहानियां हमसे बड़ी होती हैं और सिनेमा में हमें हमसे बड़ी किसी चीज़ से जोड़ने की शक्ति होती है: कैमरून बेली

गोवा में 55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के भाग के रूप में आयोजित पैनल चर्चा- “360° सिनेमा: फिल्म महोत्सव निर्देशकों की राउंड टेबल” में दिग्गज फिल्म महोत्सव निर्देशकों ने वैश्विक सिनेमा को बढ़ावा देने और इसके भविष्य को सुनिश्चित करने के महत्व पर चर्चा की। पैनल में टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (टीआईएफएफ) के सीईओ कैमरून बेली, लोकार्नो फिल्म फेस्टिवल के कलात्मक निदेशक जियोना नाजारो, एडिनबर्ग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की फेस्टिवल प्रोड्यूसर एम्मा बोआ शामिल थे। चर्चा का संचालन प्रख्यात भारतीय फिल्म निर्माता और आईएफएफआई के महोत्सव निदेशक (फेस्टिवल डायरेक्टर) शेखर कपूर ने किया।

सिनेमा जगत में प्रौद्योगिकी की भूमिका और उसके प्रभाव पर चर्चा करते हुए, पैनलिस्टों ने इस बात पर चर्चा की कि क्या ये नए माध्यम पारंपरिक सिनेमा के लिए खतरा या अवसर पेश करते हैं। कैमरून बेली ने तुरंत स्वीकार किया कि वर्चुअल रियलिटी जैसी प्रौद्योगिकी और डिजिटल फिल्म निर्माण टूल्स ने कहानी कहने के दायरे का विस्तार किया है। हालांकि, उन्होंने यह बताने में सावधानी बरती कि कोई भी तकनीकी विकास थिएटर में फिल्म देखने के सामुदायिक अनुभव की जगह नहीं ले सकता।

जियोना नाजारो ने वैश्विक सिनेमाई परिदृश्य को आकार देने में भारतीय सिनेमा की बेजोड़ भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने भारतीय सितारों के अंतर्राष्ट्रीय आकर्षण का वर्णन किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कैसे भारतीय सिनेमा अपनी समृद्ध कहानी और सार्वभौमिक विषयों के माध्यम से वैश्विक दर्शकों के दिलों में एक विशेष स्थान रखता है।

पैनलिस्टों ने चर्चा की कि कैसे त्यौहार प्रमुख कहानियों को चुनौती देने वाली आवाजों को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में काम करते हैं। फिल्मों के प्रदर्शन से परे, त्यौहार सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हैं, जिससे विविध पृष्ठभूमि के फिल्म निर्माताओं को दर्शकों से जुड़ने का मौका मिलता है, जो काम मुख्यधारा का सिनेमा अक्सर नहीं कर पाता। यह आदान-प्रदान एक कला रूप और सांस्कृतिक अनुभव दोनों के रूप में सिनेमा के विकास और संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है।

पैनलिस्टों ने सिनेमा के प्रति भारत के गहरे जुनून की भी प्रशंसा की। कैमरून बेली ने कहा, “यह दुनिया में मेरी पसंदीदा जगहों में से एक है। भारत सिनेमा के प्रति सबसे ज्यादा जुनूनी देश है और इस कला के क्षेत्र में इसने काफ़ी प्रगति की है।” जियोना नाजारो ने कहा, “मैं हर साल भारत में होने वाले असाधारण काम को देखकर हैरान रह जाती हूँ। मैं यहां आकर बहुत खुश महसूस करती हूं।” एम्मा बोआ, जो कई बार भारत आ चुकी हैं, ने देश के साथ अपने पुराने संबंधों पर बात करते हुए कहा, “हमेशा ऐसा लगता है जैसे मैं घर वापस आ गई हूं। यह मेरी छठी यात्रा है और मैं यह देखकर दंग रह जाती हूं कि यहां हर कोई सिनेमा के बारे में कितनी लगन से बात करता है।”

पैनल ने 21वीं सदी में वैश्विक सिनेमा के सामने आने वाली चुनौतियों और अवसरों पर विचारोत्तेजक परीक्षण प्रस्तुत किया। जैसे-जैसे उद्योग विकसित होता जा रहा है, सिनेमा की कला को संरक्षित करने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और सार्थक कहानियों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने में आईएफएफआई जैसे फिल्म समारोहों का महत्व पहले की तरह ही महत्वपूर्ण बना हुआ है।

भारतीय पैनोरमा भारत और भारतीय सिनेमा की विविधता प्रदर्शित करता है : प्रिया कृष्णास्वामी

55वें भारतीय-अतंर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2024 के चल रहे आयोजन के बीच भारतीय पैनोरमा फीचर फिल्म संवर्ग के जूरी सदस्यों ने कहा कि 384 भारतीय फिल्मों में से 25 फिल्में चुनना काफी मुश्किल भरा फैसला था और महोत्सव में जिन फिल्मों का चयन नहीं हो सका, उनकी गुणवत्ता कमतर नहीं मानी जानी चहिए। फीचर फिल्म चयन समिति के सदस्य समारोह से इतर आज संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।

भारतीय पैनोरमा की चयन प्रक्रिया पर अपना दृष्टिकोण बताते हुए जाने-माने फिल्मकार हिमांशु शेखर खटुआ ने कहा कि इस संवर्ग में फिल्मों का चयन जूरी सदस्यों के लिए काफी कठिन था क्योंकि इसमें देश के विभिन्न हिस्सों की फिल्में शामिल थी। चयन समिति सुनिश्चित करना चाहती थी कि इस संवर्ग में देश के सभी हिस्सों को योग्यतापूर्ण प्रतिनिधित्व मिले। 13 सदस्यीय इस संवर्ग की श्रेष्ठ फिल्में तय करने के लिए बयालीस दिनों तक विचार-विमर्श किया। खटुआ ने कहा कि गोवा अब शूटिंग के लिए पसंदीदा स्थान बन गया है जो दर्शाता है कि फिल्मकारों को गोवा में फिल्मांकन के लिए सभी आवश्यक सहायता मिल रही है।

इस अवसर पर जूरी सदस्य मनोज जोशी ने कहा कि फीचर फिल्म चयन समिति ने देश के सभी क्षेत्रों की प्रतिभा, फिल्मों और रचनात्मकता के साथ न्याय करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि “हम दुनिया के आदिम कथ्यकार हैं और कहानी सुनाना हमारे खून में है। जोशी ने कहा कि भारत दुनिया में सबसे अच्छी फिल्म कथ्य सामग्री प्रस्तुत करने वाला देश हैं”।

जूरी सदस्या रत्नोत्तमा सेनगुप्ता ने कहा कि भारतीय-अतंर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2024 में शामिल भारतीय पैनोरमा की फिल्में भारत की बहुविविधता और भारतीय सिनेमा की विविधता दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि यह महोत्सव केवल 10 दिनों का होता है लेकिन इसके अंतर्गत कई खंड और संवर्गों में विविधतापूर्ण फिल्में प्रदर्शित होती हैं।

जूरी सदस्य आशु त्रिखा ने कहा कि सिनेमा अपने आप में एक धर्म है और महोत्सव में फिल्मों का चयन बेहद सावधानी और विचार पूर्वक किया गया है। उन्होंने कहा कि विशेष प्रभावों और डिजिटल प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से भारतीय सिनेमा अब नयी ऊंचाइयों को छू रहा है और विश्व मानक के बराबर पहुंच गया है।

जूरी सदस्या प्रिया कृष्णास्वामी ने भारतीय सिनेमा की मौजूदा विषयगत अंतर्धाराओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि नए फिल्मकार कला के नए रूप और नई सिनेमाई भाषा के साथ जो प्रयोग कर रहे हैं उसे देखकर खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि जूरी सदस्यों की कोशिश रही कि फिल्मों का सावधानीपूर्वक चयन किया जाए और फिल्म निर्माण के आगामी रुझानों तथा दुनिया के सामने भारतीय सिनेमा की विविधता को लाया जाए।

जूरी के अन्य सदस्य सुष्मिता मुखर्जी, ओइनम गौतम, एस.एम. पाटिल, नीलाभ कौल, सुशांत मिश्रा, अरुण कुमार बोस और समीर हंचते भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे। सम्मेलन का संचालन रजिथ चंद्रन ने किया।

इंडियन पैनोरमा 55वें भारतीय-अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) का एक प्रमुख खंड है, जिसमें 25 फीचर फिल्में और 20 गैर-फीचर फिल्में दिखाई जाएंगी। मुख्यधारा सिनेमा की 5 फिल्मों सहित 25 फीचर फिल्मों को 384 समकालीन भारतीय फीचर फिल्मों में से चुना गया है। भारतीय पैनोरमा 2024 में दिखाए जाने के लिए निर्णायक मंडल (जूरी) की पहली पसंद रणदीप हुड्डा द्वारा निर्देशित हिंदी फिल्म स्वतंत्र वीर सावरकर है।

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के एक खंड के रूप में भारतीय पैनोरमा को सिनेमाई कला द्वारा भारत की समृद्ध संस्कृति और विरासत के संवर्धन के साथ भारतीय फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए 1978 में आरंभ किया गया था। स्थापना के बाद से भारतीय पैनोरमा वर्ष की सर्वश्रेष्ठ भारतीय फिल्में प्रदर्शित करने के लिए पूर्णतया से समर्पित रहा है। फिल्म कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय पैनोरमा खंड के लिए चयनित फिल्मों को भारत और विदेशों में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोहों में गैर लाभकारी उद्देश्यों, द्विपक्षीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत आयोजित भारतीय फिल्म सप्ताह तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान प्रोटोकॉल से अलग विशेष भारतीय फिल्म समारोहों और भारतीय पैनोरमा समारोहों में प्रदर्शित किया जाएगा।

मुखिया का संकल्प हमारी सेवा का आधार बनेगा – रामेश्वर शर्मा

भोपाल की पहली सबसे लंबी सिक्स-लेन सड़क और संत हिरदाराम नगर में बनने वाले प्रदेश के पहले डबल डेकर ऐलिवेटेड कॉरिडोर के बाद अब विधायक रामेश्वर शर्मा के विधानसभा क्षेत्र हुजूर के नाम एक और कीर्तिमान जुड़ने जा रहा है। हुजूर के बरखेड़ी डोब गांव में 25 एकड़ क्षेत्र में प्रदेश की पहली हाई-टेक गौशाला बनने जा रही है। इस गौशाला का भूमिपूजन स्वयं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा आगामी 23 नवंबर को किया जाएगा। मुख्यमंत्री के भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने भोपाल कलेक्टर कोशलेंद्र विक्रम सिंह के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त हरेंद्र नारायण, पुलिस अधीक्षक प्रमोद सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं भाजपा कार्यकर्ता भी साथ रहे। विधायक ने आयोजन की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए अधिकारियों को तैयारियों संबंधी निर्देश दिए।

भोपाल के बरखेड़ी डोब क्षेत्र में बनने जा रही इस अत्याधुनिक सुविधाओं से लेस गौशाला का भूमिपूजन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कर कमलों से संपन्न होगा। भूमिपूजन आगामी 23 नवंबर को प्रातः 10 बजे बरखेड़ी डोब गांव में किया जाएगा।

निरीक्षण को पहुँचे विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि – यह हमारा सौभाग्य है कि मध्यप्रदेश की कमान एक ऐसे व्यक्तित्व के हाथ में हैं जो मन-वचन-कर्म से गौमाता की सेवा में संलग्न रहते हैं। गौमाता का संरक्षण और संवर्धन जिनकी प्राथमिकता है। प्रदेश भर में गौशालाओं के निर्माण के साथ ही गायों के आहार और सुविधा के बंदोबस्त के लिए भी प्रबंध कराते हैं। हमारी सनातन परंपरा में में गाय को माता कहा गया है। उनमें 33 कोटि देवताओं का निवास माना गया है। गौ के पंचगव्य आयुर्वेद में सर्वोत्तम औषधि माने गए हैं। और गौ की सेवा स्वयं मोक्षदायिनी होती है। ऐसे में हुजूर में इस अत्याधुनिक गौशाला का निर्माण मेरे भी पुण्यों का उदय है। जिस प्रकार माननीय मुख्यमंत्री जी सदैव गौसेवा के लिए संकल्पित रहते हैं। उसी तरह अपने मुखिया का संकल्प हमारी गौसेवा का आधार बनेगा।

ये होंगी गौशाला की विशेषताएँ – गौशाला 10 हजार गायों की क्षमता वाली अत्याधुनिक गौ-शाला होगी। 15 करोड़ की लागत से लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में बनाई जाएगी। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से गायों की 24×7 मॉनिटरिंग की जाएगी। गायों को भूसा, हरा घास, पशु आहार आदि कन्वेयर बेल्ट के माध्यम से पहुंचाया जाएगा। गोबर एवं गौमूत्र से विभिन्न सामग्री तैयार की जाएगी। जैविक खाद निर्माण के लिए संयंत्र भी लगाया जाएगा। गायों के उपचार के लिए सभी संसाधनों से युक्त चिकित्सा वार्ड का निर्माण किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गयाना में सरस्‍वती विद्या निकेतन स्‍कूल का किया दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (स्थानीय समय) पर गुयाना के जॉर्जटाउन में सरस्वती विद्या निकेतन सेकेंडरी स्कूल का दौरा किया, जहां उन्होंने छात्रों से बातचीत की। इन छात्रों ने भजन और कथक नृत्य प्रदर्शन के माध्यम से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस सांस्कृतिक प्रदर्शन ने भारत और गुयाना में भारतीय प्रवासियों के बीच मजबूत बंधन को उजागर किया, जो कि कैरेबियन में समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करता है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने स्मारक गार्डन में भारतीय आगमन स्मारक का भी दौरा किया। उन्होंने इस जगह पर बेल पत्र का पौधा लगाया। भारत-गुयाना सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए स्वामी आकाशरानंद के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सरस्वती विद्या निकेतन स्कूल का दौरा किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं गुयाना में फल-फूल रही हैं।

एक्स पर अपनी एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा “गुयाना में भारतीय संस्कृति और परंपराएँ फल-फूल रही हैं। मुझे एक ऐसे स्‍थल पर जाने का अवसर मिला, जो सांस्कृतिक और लोगों के बीच आपसी संपर्क को बढ़ावा देने में सबसे अग्रणी रहा है – सरस्वती विद्या निकेतन स्कूल। मैं स्कूल से जुड़े सभी लोगों की सराहना करता हूँ और भारत-गुयाना सांस्कृतिक संपर्क को और मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे उनके प्रयासों में स्वामी आकाशरानंद जी के कार्य की भी सराहना करता हूँ।”

प्रधानमंत्री मोदी की जॉर्जटाउन यात्रा के दौरान प्रोमेनेड गार्डन में ऐतिहासिक प्रतिमा पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी दी गई। प्रधानमंत्री ने गांधी के शांति और अहिंसा के शाश्वत मूल्यों के बारे में बात की और कहा कि ये सिद्धांत आज भी मानवता का मार्गदर्शन कर रहे हैं। 1969 में स्थापित यह प्रतिमा महात्मा गांधी की 100वीं जयंती का जश्न मनाती है, जो उनकी शिक्षाओं के वैश्विक प्रभाव के लिए एक स्थायी श्रद्धांजलि है।

उन्होंने एक्स पर कहा कि उनके शाश्वत मूल्य संपूर्ण मानव जाति को शक्ति और आशा देते हैं। उनके विचार हमारे ग्रह को बेहतर और अधिक टिकाऊ बनाने की दिशा में कई समाधान प्रदान करते हैं।

इसके बाद, पीएम मोदी ने आर्य समाज स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की, जिसका अनावरण 2011 में गुयाना में आर्य समाज आंदोलन की शताब्दी के अवसर पर किया गया था। भारतीय समुदाय के साथ अपने जुड़ाव को जारी रखते हुए, प्रधान मंत्री ने ‘राम भजन’ पाठ में भाग लिया, प्रवासी भारतीयों के साथ ‘मंजीरा’ बजाया, जिससे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा मिला।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने स्मारक गार्डन में भारतीय आगमन स्मारक का भी दौरा किया, जहां उनका स्वागत तस्सा ड्रम के समूह द्वारा किया गया। गुयाना के प्रधानमंत्री ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) मार्क फिलिप्स के साथ, पीएम मोदी ने गुयाना में भारतीय संस्कृति के संरक्षण और प्रचार में भारतीय प्रवासियों के संघर्ष और योगदान को मान्यता देते हुए स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। एक प्रतीकात्मक संकेत के रूप में, उन्होंने स्थल पर बेल पत्र का पौधा लगाया।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब अम्बेडकर की नवीन प्रतिमा का अनावरण किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को मेडिसिटी चिकित्सा महाविद्यालय भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद टॉवर चौक पर भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की नवीन प्रतिमा का अनावरण कर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान सांसद अनिल फिरोजिया, बालयोगी उमेशनाथ महाराज, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, महापौर मुकेश टटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेडा, सतीश मालवीय, नगर निगम सभापति कलावती यादव एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि उज्जैन नगरी की कई विशेषताएँ हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत देश के निर्माण में हमारे सभी महापुरूषों का अमूल्य योगदान है। बाबा साहेब 20वीं सदी के ऐसे महानायक हैं जिन्होंने समाज में समता के लिए, सहअस्तित्व के लिए, समान भाव लाने के लिए इस देश के अंदर जो विसंगतियाँ थीं, जो बुराईयाँ थीं, कुरीतियॉ थीं, उनके विरूद्ध आवाज उठाई और संघर्ष किया। भारत की स्वतंत्रता के पूर्व कई सामाजिक कुरितियों को दूर कर नए विचारों को जन्म दिया। समाज के कमजोर वर्ग को बाबा साहेब ने सशक्त किया और सशक्त कर आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन दिया। उन्होंने संविधान का निर्माण कर सबको समानता का अधिकार दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरूषों की प्रतिमाओं के साथ भविष्य में किसी तरह की छेड़छाड़ न हो इसके लिए प्रशासन द्वारा प्रतिमाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से सभी को शुभकामनाएं दीं। महापौर मुकेश टटवाल ने कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि उक्त प्रतिमा का निर्माण 12.50 लाख रूपये की लागत से हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर प्रतिमा की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं एवं प्रतिमा के आसपास के स्थल का सौंदर्यीकरण एवं विद्युत साज सज्जा भी की गई है।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...