भारत और ब्रिटेन के बीच एफटीए पर बातचीत अगले वर्ष की शुरुआत में फिर से होगी शुरू

ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर की मुलाकात के बाद, हम अगले वर्ष की शुरुआत में भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार वार्ता फिर से शुरू करने की ब्रिटेन की घोषणा का स्वागत करते हैं।

संतुलित, पारस्परिक रूप से लाभकारी और प्रगतिशील तथा भविष्योन्मुखी मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) हासिल करने के महत्व को ध्यान में रखते हुए, भारत दोनों पक्षों की संतुष्टि के लिए शेष मुद्दों को हल करने के लिए ब्रिटेन की वार्ता टीम के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर है। मुक्त व्यापार वार्ता की तारीखों को अगले वर्ष की शुरुआत में जल्द ही राजनयिक चैनलों के माध्यम से अंतिम रूप दिया जाएगा। एफटीए वार्ता पहले हासिल की गई बातचीत संबंधी प्रगति को फिर से शुरू करेगी और व्यापार सौदे को तेजी से पूरा करने में व्याप्त अंतराल को पूरा करने का प्रयास करेगी।

ब्रिटेन के साथ भारत के व्यापार संबंध लगातार बढ़ रहे हैं, जो आपसी मजबूत सहयोग और रणनीतिक जुड़ाव की असीमित संभावनाओं का प्रतीक है। अप्रैल से सितंबर 2024 के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, भारत से ब्रिटेन को किया गया निर्यात 12.38 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि के साथ 7.32 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया, जबकि 2023 की इसी अवधि के दौरान यह आंकड़ा 6.51 बिलियन डॉलर था। भारत से ब्रिटेन को किये जाने वाले निर्यात में खनिज ईंधन, मशीनरी और कीमती पत्थर, फार्मास्यूटिकल्स, परिधान, लोहा और इस्पात और रसायन की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है, जो कुल निर्यात में 68.72 प्रतिशत योगदान करते हैं। ब्रिटेन वित्त वर्ष 2030 तक हमारे महत्वाकांक्षी एक ट्रिलियन डॉलर निर्यात लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्राथमिकता वाला देश है और उसके साथ हमारा निर्यात 2029-30 तक 30 बिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है।

पी. वी. सिंधु और मालविका बंसोड ने चाइना मास्टर्स टूर्नामेंट में जीत के साथ की अपने अभियान की शुरुआत

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु और मालविका बंसोड ने आज चीन के शेनझेन में चाइना मास्टर्स 2024 टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। सिंधु ने महिला सिंगल्‍स के पहले दौर में मलेशिया की बुसानन ओंगबामरुंगफान को 21-17, 21-19 से हराया। सिंधु की मलेशियाई खिलाड़ी के खिलाफ यह 20वीं जीत है। दोनों के बीच अब तक आमने-सामने के 21 मुकाबले हुए हैं।

दूसरी ओर, मालविका ने पहला राउंड में हार के बावजूद डेनमार्क की लाइन होजमार्क जेर्सफेल्ट को 20-22, 23-21, 21-16 से हराया। भारतीय खिलाड़ी लक्ष्य सेन आज पुरुष सिंगल्‍स के पहले दौर में सातवीं वरीयता प्राप्त मलेशिया के ली-जी-जिया से मुकाबला करेंगे। वहीं महिला एकल के पहले दौर में भारत की मालविका बंसोड़ का मुकाबला डेनमार्क की लाइन होजमार्क जेर्सफेल्ट से होगा।

भारत की पुरुष जोड़ी, चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी भी आज चाइना मास्टर्स में मुकाबला करेंगी। उनका मुकाबला ताइवान के ली झे-हुई और यांग पो-ह्वान की जोड़ी से होगा। महिला महिला डबल्‍स में, भारत की ट्रीसा जॉली और उनकी जोड़ीदार गायत्री गोपीचंद आज ताइवान की जोड़ी, हू लिंग फांग और झेंग यू चीह से भिड़ेंगी।

इससे पहले, विश्‍व रैकिंग में 50वें स्‍थान पर मौजूद भारत की अनुपमा उपाध्याय ने कल पहले पहले दौर 15वें स्‍थान पर काबिज बेइवेन झांग को 21-17, 8-21, और 22-20 से हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत हासिल की। मिश्रित डबल्‍स स्पर्धा में, भारत के बी. सुमीत रेड्डी और एन. सिक्की रेड्डी ने भी अपना शुरुआती दौर का मैच जीता। उन्‍होंने विश्‍व की 32वें नंबर की प्रेस्ली स्मिथ और जेनी गाई की अमेरिकी जोड़ी को 23-21, 17-21 और 21-17 से हराया। जबकि महिला सिंगल्‍स में, आकर्षी कश्यप को जापान की तोमोका मियाज़ाकी ने 21-10, 21-18 से हरा दिया।

सरकार ने संसद के शीतकालीन सत्र से पहले इस महीने की 24 तारीख को सर्वदलीय बैठक बुलाई

सरकार ने संसद के शीतकालीन सत्र से पहले इस महीने की 24 तारीख को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस बैठक की अध्‍यक्षता करेंगे। बैठक में सरकार सत्र के दौरान लोकसभा और राज्‍यसभा का सुचारू कामकाज सुनिश्वित करने के लिए सभी राजनीतिक दलों का सहयोग मांगेगी।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू संसद के शीतकालीन सत्र से पहले संसद के दोनों सदनों में राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। सर्वदलीय बैठक 24 नवंबर, 2024 को मुख्य समिति कक्ष, संसदीय एनेक्सी, नई दिल्ली में सुबह 11 बजे होगी।

संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर, 2024 को शुरू होगा और सरकारी कामकाज की अनिवार्यताओं के अधीन सत्र 20 दिसंबर, 2024 को समाप्त हो सकता है। “संविधान दिवस” के उपलक्ष्य में 26 नवंबर, 2024 को लोकसभा और राज्यसभा की कोई बैठक नहीं होगी।

दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में पहुंचाई जा रही प्याज की खेप, केंद्र ने कोल्ड स्टोरेज में रखे प्याज को निकालने का किया फैसला

सरकार के मूल्य स्थिरीकरण बफर से 840 मीट्रिक टन प्याज महाराष्ट्र में नासिक से रेल रेक के जरिए 17 नवंबर, 2024 की सुबह दिल्ली के किशनगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंचा, जिसे नैफेड ने भेजा था। इस प्याज को मदर डेयरी (500 मीट्रिक टन), एनसीसीएफ (190 मीट्रिक टन) और नैफेड (150 मीट्रिक टन) को दिल्ली-एनसीआर में 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खुदरा बिक्री के लिए आवंटित किया गया है।

कीमतों में स्थिरता आने के बाद से दिल्ली में प्याज की यह चौथी खेप है। कंडा एक्सप्रेस से 1,600 मीट्रिक टन प्याज की पहली खेप 20 अक्टूबर, 2024 को पहुंची, 840 मीट्रिक टन की दूसरी खेप 30 अक्टूबर, 2024 को पहुंची और 730 मीट्रिक टन की तीसरी खेप 12 नवंबर, 2024 को पहुंची। 720 मीट्रिक टन की एक और खेप कल नासिक से रवाना हो चुकी है और 21 नवंबर तक इसके दिल्ली पहुंचने की संभावना है। यह इस श्रृंखला की पांचवीं खेप है।

थोक मात्रा में प्याज की इस आवक से दिल्ली में मंडी और खुदरा दोनों जगहों पर प्याज की कीमतों पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा, जैसा कि नीचे दिए गए ग्राफ में दिखाया गया है: दिल्ली के अलावा, हाल ही में चेन्नई और गुवाहाटी के लिए भी प्याज की बड़ी खेप भेजी गई है। 23 अक्टूबर, 2024 को नासिक से रेल रेक के जरिए 840 मीट्रिक टन प्याज भेजा गया था, जो 26 अक्टूबर, 2024 को चेन्नई पहुंचा।

रेल रेक के जरिए 840 मीट्रिक टन प्याज की खेप 5 नवंबर, 2024 को गुवाहाटी के चांगसारी स्टेशन पर पहुंची, जिसे असम, मेघालय, त्रिपुरा और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों के विभिन्न जिलों में वितरित किया गया।

इस सप्ताह रेल रेक के जरिए असम के गुवाहाटी के लिए 840 मीट्रिक टन की एक और खेप भेजने की योजना है। गुवाहाटी के लिए थोक खेप भेजने से पूर्वोत्तर क्षेत्र में प्याज की उपलब्धता बढ़ेगी और क्षेत्र में प्याज की कीमतें स्थिर होंगी।

इसके अलावा, लखनऊ में अमौसी के लिए रेल रेक के जरिए 840 मीट्रिक टन की एक और खेप अगले 2-3 दिनों में आने की उम्मीद है, जिसका लदान कल से शुरू होगा।

सरकार ने त्यौहारी सीजन और मंडियों के बंद होने के कारण पिछले 2/3 दिनों में कुछ बाजारों में प्याज की आपूर्ति में आई अस्थायी बाधा को दूर करने के लिए प्याज की आपूर्ति को बढ़ाने का निर्णय लिया है।

उपभोक्ता मामले विभाग, एनसीसीएफ और नैफेड के अधिकारियों की एक टीम ने देश भर में प्याज की आपूर्ति में तेजी लाने के लिए हाल ही में नासिक का दौरा किया था।

नैफेड ने इस सप्ताह दिल्ली-एनसीआर के लिए दो और रेक तथा गुवाहाटी के लिए एक रेक मंगवाया है। इसी तरह, बाजारों में प्याज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सड़क परिवहन के माध्यम से भी प्याज की आपूर्ति बढ़ाई जा रही है। एनसीसीएफ द्वारा रेल और सड़क परिवहन दोनों के माध्यम से अधिक आपूर्ति से प्याज की उपलब्धता और बढ़ेगी। एनसीसीएफ ने आने वाले सप्ताह में एक और रेक मंगवाने की भी योजना बनाई है।

इसके अलावा, सरकार ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली आदि की जरूरतों को पूरा करने के लिए सोनीपत के कोल्ड स्टोरेज में रखे प्याज को निकालने का भी निर्णय लिया है। साथ ही, कर्नाटक, महाराष्ट्र, असम आदि में प्याज की आपूर्ति बढ़ाने के लिए आरजेवीएम, सीडब्ल्यूसी कोल्ड स्टोरेज नासिक से भी प्याज भेजने का निर्णय लिया है। सरकार बाजार के घटनाक्रमों से भलीभांति परिचित है और प्याज की कीमतों को बढ़ने से रोकने के लिए कड़ी निगरानी रख रही है।

सरकार ने इस साल मूल्य स्थिरीकरण बफर के लिए 4.7 लाख टन प्याज रबी सीजन में खरीदा था, और 5 सितंबर, 2024 से 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खुदरा बिक्री के माध्यम से और देश भर की प्रमुख मंडियों में थोक बिक्री के माध्यम से जारी करना शुरू कर दिया था। अब तक बफर में 1.50 लाख टन से अधिक प्याज नासिक और अन्य स्रोत केंद्रों से उपभोग केंद्रों तक भेजा जा चुका है।

पीएसएफ के जरिए पहल से विभिन्न राज्यों में प्याज की कीमतों पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, तेलंगाना, गुजरात, चंडीगढ़, हरियाणा, गोवा आदि जैसे अधिकांश राज्यों में औसत खुदरा कीमतें राष्ट्रीय औसत से कम रही हैं।

उत्पादन के संदर्भ में, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के आकलन के अनुसार, इस वर्ष खरीफ की वास्तविक बुवाई रकबा 3.82 लाख हेक्टेयर था, जो पिछले वर्ष की बुवाई रकबा 2.85 लाख हेक्टेयर से 34 प्रतिशत अधिक है। नवंबर के पहले सप्ताह तक 1.28 लाख हेक्टेयर में बुवाई के साथ देर से खरीफ प्याज की बुवाई की प्रगति भी सामान्य बताई गई है। बाजारों में अधिक खरीफ प्याज की आवक के साथ-साथ बफर स्टॉक से प्याज निकालने में वृद्धि और देर से खरीफ की अच्छी बुवाई प्रगति से उपभोक्ताओं को सस्ती कीमतों पर प्याज की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

मंत्री सारंग ने किया सुभाष नगर में प्रस्तावित सिविल अस्पताल के निर्माण स्थल का निरीक्षण

सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को नरेला प्रस्तावित सिविल अस्पताल के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ नगर निगम, पीडब्लूडी, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण कर तय समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने हेतु निर्देशित किया। मंत्री सारंग ने बताया कि सुभाष नगर में प्रस्तावित अस्पताल के निर्माण के लिए प्लान तैयार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह 30 बिस्तरीय सिविल अस्पताल अत्याधुनिक जांच सुविधाओं से युक्त होगा। इससे नरेला क्षेत्र के करीब 5 लाख नागरिकों को लाभ मिलेगा।

मंत्री सारंग ने कहा कि सुभाष नगर में 20 हजार वर्ग फीट में अस्पताल भवन का निर्माण किया जायेगा। इसमें ओ.पी.डी. , सोनोग्राफी, एक्स-रे, ड्रेसिंग रूम, प्लास्टर रूम, ओ.टी. रूम, लेबर रूम, नर्स रूम, स्टोर रूम, टेक्निशियन रूम, पैथोलॉजी लैब, एन.बी.एस.आई रूम सहित 30 बिस्तर वार्ड की सुविधाएं प्रदान की जायेगी। उन्होंने कहा कि यह सिविल अस्पताल लगभग 1 वर्ष में जनता के लिये बनकर तैयार हो जायेगा। साथ ही अगले 3 वर्षों में अस्पताल की क्षमता को बढ़ाकर 100 बिस्तरीय करने के प्लान पर भी काम किया जायेगा।

मंत्री सारंग ने कहा कि नरेला विधानसभा में नागरिकों के स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विशेष कार्य किया गया है। इसके तहत क्षेत्र के सभी 17 वार्डों में संजीवनी क्लीनिक का निर्माण किया गया है। वहीं अब क्षेत्रवासियों की आवश्यता को दृष्टिगत रखते हुए सुभाष नगर में 30 बिस्तरीय सिविल अस्पताल की सौगात रहवासियों को मिलेगी। जहां सभी प्रकार की जांचें व इलाज नागरिकों को निःशुल्क उपलब्ध होगा।

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वैश्विक मृदा कॉफ्रेंस 2024 को संबोधित किया

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल नई दिल्ली पूसा में आयोजित वैश्विक मृदा कॉफ्रेंस 2024 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र है कि हम सब में एक ही चेतना है। हमारे ऋषियों ने कहा है कि एक ही चेतना सब में है इसलिए सारी दुनिया ही एक परिवार है और सभी को अपना जैसा मानो। मनुष्यों में ही वह चेतना नहीं है वह प्राणियों में भी है। जब हम माटी की बात करते हैं तो वही चेतना भी मिट्टी में भी है। मिट्टी निर्जीव नहीं है, मिट्टी सजीव है। हमारा शरीर मंत्र तत्व से बना है जिसमें माटी भी एक प्रमुख तत्व है। माटी है तो जीवन है। माटी अगर बीमार है तो प्राणी भी स्वस्थ नहीं रह सकता है। हम एक दूसरे के पूरक हैं इसलिए माटी स्वस्थ रहनी ही चाहिए। आज पूरा विश्व माटी के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। ये धरती केवल हमारी ही नहीं है। इस धरती पर जीव जन्तुओं और पेड़-पौधों का भी अधिकार है।

उन्होंने कहा कि मृदा स्वास्थ्य आज गंभीर चिंता का विषय है। भारत ने आजादी के बाद कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। एक समय में देश में खाद्यान्नों की कमी थी और दूसरे देशों से खाद्यान्न मंगवाना पड़ता था। भारत में हरित क्रांति ने चमत्कार किया है। उच्च उपज वाली फसलें व उनकी किस्में, बेहत्तर सिंचाई आधुनिक कृषि प्रणालियों को अपनाया जिससे करोड़ों भारतीयों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। इसके बाद रेनबो क्रांति ने भी बागवानी, डेयरी, जलीय कृषि, मुर्गी पालन आदि से कृषि को विविधता मिली जिससे बाद में कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था का प्रमुख स्तंभ बन गई। मुझे प्रसन्नता है कि सलाना 330 मिलियन टन खाद्यान्न हम उत्पादित करते हैं जो कि वैश्विक खाद्य व्यापार में महत्वपूर्ण योगदान देता है। इससे निर्यात से 50 मिलियन डॉलर की कमाई भी होती है लेकिन यह सफलता साथ में मिट्टी के स्वास्थ्य को लेकर चिंतायें भी लाई है।

चौहान ने कहा कि कैमिकल फर्टिलाइज़र का बढ़ता उपयोग व बढ़ती निर्भरता, प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन और अस्थिर मौसम ने मिट्टी पर दबाव डाला है। आज भारत की मिट्टी बड़े स्वास्थ्य संकट का सामना कर रही है। कई अध्ययनों के अनुसार हमारी 30 प्रतिशत माटी खराब हो चुकी है। मिट्टी का कटाव, उसमें लवणता, प्रदूषण, धरती में आवश्यक नाइट्रो और माइक्रो न्यूट्ररेंट का स्तर कम कर रहा है। मिट्टी में जैविक कार्बन की कमी ने उसकी उर्वरकता और लचीलेपन को कमजोर किया है। यह चुनौतियां न केवल उत्पादन को प्रभावित करती हैं बल्कि आने वाले समय में किसानों की आजीविका और खाद्य संकट भी पैदा करेगी, इसलिए यह ज़रूरी है कि इस पर गंभीरता से इस पर विचार करें। हमारी सरकार ने इसके लिए कई पहल की हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनाने की शुरूआत हुई थी। 220 मिलियन से अधिक कार्ड किसानों को बनाकर दिये हैं। किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड से अब पता है कि कौन सी खाद कितनी मात्रा में उपयोग करनी है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-पर ड्रॉप मोर क्रॉप के तहत हमने जल के उचित उपयोग, अपव्यय को कम करना और पोषण तत्व के उच्चतम अवशेषों को कम करने पर ध्यान केंद्रित किया है। नॉर्थ-ईस्ट के लिए जैविक मूल विकास संकलन बनाया है। इन 8 राज्यों में किसानों को पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र की जैव विविधता की रक्षा करते हुए जैविक कृषि पद्वतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि परंपरागत कृषि विकास योजना के अर्न्तगत 2 मिलियन हेक्टेयर क्षेत्र में खेती की पद्वतियों को अपनाया गया है जिससे सिंथेटिक उर्वरक पर निर्भरता कम हुई है और मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार आया है। कैमिकल फर्टिलाइजर का अत्यधिक उपयोग न हो और प्रतिकूल प्रभाव न हो इसके लिए नीम कोटेडिड उर्वरक को बढ़ावा दिया है। जैव उर्वरकों के उपयोग को भी बढ़ावा देने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्राकृतिक खेती की तरफ बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। प्राकृतिक खेती को मिशन बनाने का काम भी भारत में चल रहा है। उन्होंने कहा कि कैमिकल फर्टिलाइजर से मृदा का स्वास्थ्य ही खराब नहीं हो रहा बल्कि मनुष्यों, जीव जन्तुओं का स्वास्थ्य भी खराब हो रहा है। मिट्टी की उवर्रकता को बनाये रखने के लिए एकीकृत पोषक तत्व व जल प्रबंधन विधियों को अपनाना पड़ेगा। माइक्रो इरिगेशन, फसल विविधिकरण, कृषि वानिकी आदि अलग-अलग तरीकों से मिट्टी का स्वास्थ्य ठीक करना, मिट्टी का कटाव और जल भंडारण की क्षमता में सुधार के लिए सभी उपाय हमें करने चाहिए।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि युद्व स्तर पर वैज्ञानिक नवाचारों का समाधान और विस्तार प्रणालियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। भारत के कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसियां के सहयोग से भी किसानों को ज्ञान और कौशल प्रदान करने के लिए काम कर रहे हैं। विज्ञान और किसान के बीच की दूरी कम करनी होगी। लैब टू लैंड – वैज्ञानिक से किसान तक समय पर सही जानकारी किसानों को मिले, इसका प्रयास हम लगातार कर रहे हैं। कृषि विज्ञान केंद्र भी इस दिशा में कई प्रयास कर रहा है। चौहान ने बताया कि हम आधुनिक कृषि चौपाल का कार्यक्रम भी जल्दी ही शुरू करने वाले हैं जिसमें वैज्ञानिक लगातार किसानों से चर्चा करके जानकारियां भी देंगे और समस्याओं का समाधान भी करेंगे। इसके अतिरिक्त निजी और ग़ैर सरकारी संगठनों के नेतृत्व वाली विस्तार सेवाओं ने उन्नत तकनीक को किसानों तक पहुंचाया हैं और उसका लाभ अब किसान ले रहे हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसान मिट्टी के सबसे बड़े संरक्षक हैं उन्हें शिक्षा, प्रोत्साहन और आधुनिक वैज्ञानिक जानकारी के माध्यम से हमें सशक्त बनाना है। युवाओं को भी इसमें शामिल करना चाहिए। कृषि एक लाभदायक व सम्मानजनक पेशा है इसके लिए भी युवाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। छात्राओं और शोधकर्ताओं को स्थानीय और वैश्विक मृदा की चुनौतियों का समाधान करने वाले नवाचारों को विकसित करने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मिट्टी का क्षरण राष्ट्रीय मुद्दा ही नहीं बल्कि वैश्विक चिंता का विषय है जो कि संयुक्त राष्ट्र का सतत विकास लक्ष्य-एसडीजी को प्राप्त करने के लिए अनिवार्य है। यह सम्मेलन राष्ट्रों को सहयोग करने, प्रौद्योगिकीयों को साझा करने और टिकाऊ भूमि प्रबंधन की दिशा में काम करने का एक अवसर है। मैं सभी प्रतिभागियों से उन समाधानों पर विचार करने का आग्रह करता हूं जिन्हें बड़े पैमाने पर लागू किया जा सकता है जिससे न केवल किसान, पूरी मानवता और पूरे जीवों व पेड़ों को लाभ मिलेगा। वैज्ञानिकों, हितधारकों, नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, गैर सरकारी संगठनों व छात्रों से मिट्टी की सेहत को बहाल करने के मिशन में हाथ मिलाने का आह्वान करता हूं। भारत सरकार ऐसी पहलों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्व है जो सभी के लिए टिकाऊ और लाभदायक कृषि, लचीले पारिस्थिति तंत्र और खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करती है। हम सभी मिलकर संकल्प लेते हैं कि टिकाऊ भविष्य सभी जीवों और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुनिश्चित करेंगे।

प्रोफेसर रमेश चंद नीति आयोग के सदस्य, अध्यक्ष, पौधा किस्म और किसान अधिकार संरक्षण प्राधिकरण और पूर्व सचिव डीएआरई और महानिदेशक आईसीएआर डॉ त्रिलोचन महापात्र व सचिव डेयर और महानिदेशक, आईसीएआर और अध्यक्ष आईएसएसएस डॉ हिमांशु पाठक समारोह में उपस्थित थे।

उज्जैन में बनेगी प्रदेश की पहली मेडिसिटी: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि उज्जैन में प्रदेश की पहली मेडिसिटी बनने जा रही है। राज्य सरकार चिकित्सा सेवा और चिकित्सा शिक्षा को और अधिक बेहतर बनाने के लिए गंभीर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में चिकित्सा सेवा और आयुष के माध्यम से स्वास्थ्य और चिकित्सा को समग्रता में देखते हुए नई अवधारणा पर कार्य हो रहा है। इसके चलते उज्जैन में बनने वाली मेडिसिटी में न केवल मेडिकल कॉलेज रहेगा अपितु नर्सिंग, पैरामेडिकल, अनुसंधान सुविधा, चिकित्सक-विशेषज्ञ और स्टॉफ के आवास सहित संपूर्ण व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे स्वयं इस कैंपस का भूमि-पूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पिछले 20 साल में मध्यप्रदेश सरकार ने चिकित्सा के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम उठाए हैं। वर्ष 2004-05 में प्रदेश में मात्र 5 मेडिकल कॉलेज थे, वर्तमान में प्रदेश में 17 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं साथ ही 8 कॉलेज निर्माणाधीन हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ अवधि में लगभग 15 करोड़ की आबादी उज्जैन में होगी। सामान्य समय में भी लगभग 5 से 7 करोड़ यात्री प्रतिवर्ष उज्जैन पधार रहे हैं। अतः यहां मेडिसिटी का बनना उपयोगी और महत्वपूर्ण है। उज्जैन में आकार ले रही मेडिसिटी के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

भारत की सभ्यता, दिव्यता, उत्कृष्टता और आध्यात्मिकता दिव्यांगजनों में दिखती है : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कल कि “हमारी सभ्यता विश्व में अद्वितीय है, यह सभ्यता एवं संस्कृति 5000 वर्ष से भी अधिक पुरानी है। यह प्रतिबिंबित करता है कि हम दिव्यांगजनों में दिव्यता देखते हैं, आध्यात्मिकता देखते हैं।”

कल नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित स्पेशल ओलंपिक एशिया पैसिफिक बोक्से और बॉलिंग प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए, जगदीप धनखड़ ने कहा कि, “इन खेलों के माध्यम से, हम बहुत महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं। इसका उत्सव मनाते हुए, पूरे एशिया प्रशांत क्षेत्र में दिव्यांगजनों के लिए समावेशन और सम्मान विशेष ओलंपिक वैश्विक समावेशन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है और प्रतिबिंबित करता है।”

देश के युवाओं के डिजिटल जुनून पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए, जगदीप धनखड़ ने कहा, “मैं इस अवसर पर पूरे समाज के लिए एक गंभीर चिंता व्यक्त करना चाहूंगा और यह बहुत गंभीर है। यह बेहद चिंताजनक होता जा रहा है। आज की तेज़-तर्रार डिजिटल दुनिया में, हमारे युवा और बच्चे बड़ी तेजी से छोटी प्लास्टिक स्क्रीन – मोबाइल का उपभोग कर रहे हैं! उन्हें वास्तविक खेल के मैदानों से दूर डिजिटल खेल के मैदानों में धकेल दिया गया है। मैं प्रत्येक माता-पिता से विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने के लिए कहूंगा कि इस छोटी प्लास्टिक स्क्रीन के कारण बच्चे वास्तविक खेल के मैदानों से वंचित न रहें। आइए सुनिश्चित करें कि यह डिजिटल जुनून बच्चों, इस पीढ़ी से असली खेल के मैदान का रोमांच, भावना और ज्ञान न छीन ले।”

विशेष रूप से सक्षम और प्रतिभाशाली एथलीटों के सामने आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा, “आप न केवल मैदान पर बल्कि जीवन के खेल में भी एक चैंपियन हैं जहां आप उन चुनौतियों के खिलाफ जीत हासिल करते हैं जिनकी हममें से कई लोग केवल कल्पना ही कर सकते हैं। उनके प्रदर्शन को देखना बहुत आसान है, उस पर विचार करें और गहराई से नजर डालें। वे 24×7 इन चुनौतियों का सामना करते हैं और फिर भी उनकी ऊर्जा, जोश और उत्साह को देखें।

अदम्य मानवीय भावना पर प्रकाश डालते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा, “इतिहास गवाह है कि दिव्यांगता ने मानवीय भावना को वश में नहीं किया है। मानवीय भावना विजय से परे है और इसको वश में नहीं किया जा सकता। चुनौतियों की विशालता के बावजूद मानवीय भावना स्वयं सामने आती है। यह भावना अदम्य है।”

जीवन में खेल के महत्व पर जोर देते हुए उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा, “खेल बोली से परे एक भाषा है। खेल शब्दावली से परे एक भाषा है। खेल एक सार्वभौमिक भाषा है। खेल सभी बाधाओं को तोड़ता है। मानवता की अभिव्यक्ति है। खेल से सभी सीमाएं दूर हो जाती हैं। खेल मानव मस्तिष्क को अद्वितीय रूप से शक्ति प्रदान करते हैं और जब यह विशेष रूप से सक्षम बच्चों, लड़कों और लड़कियों और बुजुर्गों से संबंधित खेल होते हैं, तो यह आशा की नई रोशनी पैदा करते हैं।”

देश में खेलों के प्रति बदलती धारणा पर विचार करते हुए, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा – “हम सभी भारत में खेलों के प्रति दृष्टिकोण में बड़े बदलाव महसूस कर सकते हैं, जब मैं बच्चा था, तो हम अक्सर सुनते थे:

“पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब

खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब”

यह विचार खेल समर्थक नहीं था। खेल पीछे छूटते गए। अब समय बदल गया है। नया मंत्र है:

“किताब भी जरूरी खेल भी जरूरी, दोनों के बिना ज़िंदगी अधूरी”

उन्होंने कहा- “खेल को अब पाठ्येतर गतिविधि के रूप में नहीं देखा जाता है। यह शिक्षा और जीवन का एक अभिन्न अंग है, चरित्र निर्माण का माध्यम है, एकता को बढ़ावा देता है और हमें राष्ट्रीय गौरव से भर देता है।”

राष्ट्र निर्माण में दिव्यांगजनों की भूमिका और एक व्यवहार्य इकोसिस्टम के उद्भव पर जोर देते हुए, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा – “राष्ट्र निर्माण में विशेष रूप से सक्षम लोगों की विशेष भूमिका है। भारत सबसे बड़ा जीवंत लोकतंत्र है, जिसमें मानवता का छठा हिस्सा निवास करता है। चुनाव आयोग ने सभी कदम उठाए हैं, हर कदम उठाया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मौलिक अधिकार, ग्रह पर किसी भी व्यक्ति का मूल अधिकार, चुनावी मतपत्र और वोट द्वारा अपने भाग्य का फैसला करने में भागीदार होने का अधिकार, उन्हें उपलब्ध कराया गया है।”

उन्होंने कहा, “भारत एक ऐसा राष्ट्र है जो आशा जगाने के लिए हाथ बढ़ाता है ताकि हर किसी को एक सार्थक जीवन मिल सके।”

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विभिन्न सकारात्मक कदम उठाए गए हैं, ताकि दिव्यांगजन अपनी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग कर सकें, अपनी आकांक्षाओं और सपनों को पूरा कर सकें। उन्होंने कहा, “2016 में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम पारित किया गया। विशेष कतारें, घर से मतदान, ईवीएम पर ब्रेल लिपि की सुविधाएँ और कई अन्य उपाय हमारी चुनाव प्रक्रिया में शामिल हैं। इस वर्ग के लिए शिक्षा में आरक्षण अब 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। 2015 में स्थापित भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान और प्रशिक्षण केंद्र (आईएसएलआरटीसी) और 2019 में स्थापित राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (एनआईएमएचआर) सकारात्मक पहल हैं। सभी प्रकार के दिव्यांग नागरिकों के लिए ग्वालियर में दिव्यांग खेल केंद्र स्थापित किया जा रहा है।”

 

औद्योगिक समृद्धि के आधार पर देश का नंबर वन राज्य बनेगा मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश प्राकृतिक संसाधनों और संपदा से संपन्न राज्य है। प्रदेश की हर काल और युग में विशेष सांस्कृतिक पहचान रही है। आधुनिक काल में औद्योगिक समृद्धि के आधार पर देश का नंबर वन राज्य बनाने के संकल्प के साथ प्रदेश में रोजगारपरक उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश की समृद्ध प्राचीन संस्कृति और कलात्मक धरोहर को संजोए रखते हुए जन-कल्याणकारी नीतियों के माध्यम से उद्योग अनुकूल वातावरण तैयार कर प्रदेश में व्यापार, उद्योग और सेवा क्षेत्रों का वृहद विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में चल रहे 43वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में मध्यप्रदेश दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में दो ज्योतिर्लिंग स्थित है। यह नदियों का मायका है, जहां पावन नर्मदा और शिप्रा नदियां बहती हैं। प्रदेश वन्य-जीव से संपन्न एकमात्र टाइगर स्टेट, तेंदुआ स्टेट और चीता स्टेट राज्य है। प्रदेश में खनिज संपदा भी प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है और यह एकमात्र हीरा उत्पादक राज्य है। इसके अलावा प्रदेश की सदियों से कला, संस्कृति और सभ्यता की विशेष पहचान रही है। इसका 5 हजार साल पुराना समृद्ध इतिहास रहा है और यह भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम की कर्मभूमि और तपोभूमि रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ऐतिहासिक काल से ही प्रदेश की व्यापार और व्यावसायिक समृद्धि की भी विशेष पहचान रही है। इसी क्रम में वर्तमान में मध्यप्रदेश सरकार संभागीय स्तर पर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव और औद्योगिक केंद्रों में रोड-शो कर प्रदेश में उद्योगपतियों को निवेश के लिए आमंत्रित कर रहा है। प्रदेश में ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूह को भी प्रोत्साहित किया जा रही है। प्रदेश में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के साथ भारी उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश को सबसे तेज गति से बढ़ने वाला राज्य बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2025 को उद्योग वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। मध्यप्रदेश की सकल घरेलू उत्पाद को अगले 5 साल में दोगुना करने के लिए प्रदेश सरकार संकल्पित है।

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने कहा कि विकसित भारत की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की तत्परता के परिणामस्वरुप मध्यप्रदेश औद्योगीकीकरण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की परिकल्पना से रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के आयोजन के माध्यम से हर जिले में युवा उद्यमी आगे बढ़ रहे है। प्रमुख उद्योगपतियों को आमंत्रित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. यादव विदेश यात्रा पर भी जाने वाले हैं। विकसित मध्यप्रदेश बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 को उद्योग वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मेले में मध्यप्रदेश मंडप का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। उन्होंने मध्यप्रदेश मंडप में लगे विभिन्न स्टॉल का अवलोकन भी किया और शिल्पकारों का मनोबल बढ़ाया। मंडप को ‘विकसित भारत@2047’ की थीम पर विकसित किया गया है, जिसमें प्रदेश की धरोहर के साथ स्टार्ट-अप्स और उद्यमों का कलात्मक प्रदर्शन किया गया है। मंडप में युवा, गरीब, नारी और किसान कल्याण के मिशन को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार भी वितरित किए। मध्यप्रदेश मंडप में बेस्ट स्टॉल डिस्प्ले के लिए पर्यटन विभाग और हस्तकला के लिए मध्यप्रदेश माटीकला बोर्ड को पुरस्कृत किया गया। मंडप में सर्वश्रेष्ठ सजीव कला प्रदर्शन के लिए श्री मोहम्मद यूसुफ खत्री को सम्मानित किया गया। साथ ही मध्यप्रदेश मंडप के अन्य प्रतिभागियों को भी श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

मध्यप्रदेश दिवस समारोह में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक कार्यक्रम की झलक देखने को मिली। डॉ. शिप्रा सुल्लेरे के संगीत निर्देशन और दविंदर सिंह ग्रोवर के संयोजन में जबलपुर के जानकी बैंड की प्रस्तुति दी गई। पूजा श्रीवास्तव के निर्देशन में बुंदेलखंड के अखाड़ा लोक नृत्य की भी मनमोहक प्रस्तुति हुई।

कार्यक्रम में केंद्रीय महिला बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी और मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार भी उपस्थित थे।

देश में एकता-अखण्डता को कायम रखने इंदिरा गाँधी ने अपने प्राणों की आहूति दी : दिग्विजय सिंह

देश-दुनिया में आयरन लेडी कही जाने वाली प्रथम महिला प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने देश में एकता और अखण्डता को अक्षुण्ण बनाये रखने अपने प्राणों की आहूति दी, आजादी से पहले और आजादी के बाद कांग्रेस के महान राष्ट्रीय नेताओं ने हमेशा देश हित में जनकल्याणकारी काम किये हैं, जिससे आज दुनिया में भारत वर्ष का नाम है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभागार में और इंदिरा गाँधी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजयसिंह ने इंदिरा गाँधी की 107 वीं जयंती पर उनका पुण्य स्मरण करते हुये उक्त उद्गार व्यक्त किये।

सिंह ने कहा कि इंदिरा गाँधी ने गरीबी हटाओ का नारा देकर देश में क्रांति लाने और दलित, आदिवासी और वंचित वर्ग और महिलाओं के उत्थान के लिए महिला सषक्तिकरण के माध्यम से देश को प्रगति की और अग्रसर किया। बैंकों का राष्ट्रीयकरण कर गरीब तबकों को ऋण उपलब्ध कराने जैसी तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं को संचालित कर धरातल पर काम किया है।

प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि इसके पूर्व प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय परिसर स्थित इंदिरा गाँधी की आदमकद प्रतिमा पर और प्रियदर्शिनी पार्क स्थिति इंदिरा गाँधी की प्रतिमा पर कांग्रेसजनों ने अपने श्रद्धासुमन अर्पित कर इंदिरा गाँधी को पुष्पांजलि दी।

कांग्रेस पदाधिकारी राजीव सिंह, मुकेष नायक, महेन्द्र जोशी, जे.पी. धनोपिया, अवनीश भार्गव, गौरव रघुवंशी, प्रदीप अहिरवार, अभिनव बरोलिया, योगेन्द्र परिहार, राजकुमार सिंह, जयश्री हरिकरण, शैलेन्द्र पटेल, अरूण श्रीवास्तव, हेमंत नरवरिया, मुकेश बंसल, सै. मुजफ्फर अली, एबी खान, वकील खान, उदयवीर सिंह, पायल कामरानी, महक राणा, धर्मेन्द्र मिंटू सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...