मध्यप्रदेश के पीयूष तिवारी बने भारत कॉमनवेल्थ ट्रेड काउंसिल के ट्रेड कमिश्नर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत आज विश्व के अनेक देशों का मार्गदर्शक, सहयोगी और लोकप्रिय मित्र राष्ट्र है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे विश्व में भारत की गरिमा बढ़ाने का कार्य किया है। आज भारत अर्थव्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण और शक्तिशाली देश है, जहां वर्ष 2014 में भारत 11वें क्रम में था। अब प्रधानमंत्री मोदी के सक्षम नेतृत्व में 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। वर्ष 2026 तक भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस पर भारत कॉमनवेल्थ ट्रेड काउंसिल के ट्रेड कमिश्नर के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ट्रेड कमिश्नर के रूप में पीयूष तिवारी की नियुक्ति मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम में कई कॉमनवेल्थ राष्ट्रों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। इन देशों में ऑस्ट्रेलिया, नामीबिया, यूनाइटेड किंगडम, मलावी, समोआ शामिल हैं। इन देशों के राजदूत और म्यांमार, तुर्की, मोरक्को, अल्जीरिया और युगांडा जैसे देशों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीयूष तिवारी को ट्रेड कमिश्नर का नियुक्ति पत्र प्रदान किया और इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए प्रदेश के नागरिकों की ओर से बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशा व्यक्त की कि श्री तिवारी के पद पर नियुक्त होने से कॉमनवेल्थ देशों के साथ व्यापारिक संबंधों को नई दिशा मिलेगी। संयुक्त राष्ट्र विश्व सहिष्णुता दिवस के कार्यक्रम में आए विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने तिवारी को दिए गए दायित्व के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ब्रिटेन जैसे देश जिन्होंने कभी भारत पर राज किया था, आज हमारे पीछे खड़े हैं। इसके पीछे भारतीयों की मेधा, हमारा स्वावलंबन, हमारे संसाधन और मोदी का सक्षम नेतृत्व शामिल है। मध्यप्रदेश में विश्व के अनेक राष्ट्रों से व्यापार, वाणिज्य और उद्योग क्षेत्र में कार्य के प्रस्ताव मिल रहे हैं। मध्यप्रदेश न सिर्फ उद्योग और व्यापार बल्कि संस्कृति, खनिज, विमानन, पर्यटन जैसे क्षेत्रों में अनुकूल है और इन क्षेत्रों में श्रेष्ठ कार्य की संभावनाओं को समेटे हुए है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यदि मन के भाव अच्छे हों, नागरिक श्रेष्ठ हों, अपराध न्यूनतम हो तो वह श्रेष्ठ राज्य कहलाता है। वर्ष 2004 तक मध्यप्रदेश में पांच या छह मेडिकल कॉलेज ही थे, वर्तमान में इनकी संख्या 20 हो गई है। पीपीपी मॉडल पर एक वर्ष में 12 नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत कॉमनवेल्थ के राष्ट्रों में सूर्य की भांति चमककर शोभायमान है। काल के प्रवाह में ऐसा हुआ कि हमारे राष्ट्र को परतंत्रता का दौर भी देखना पड़ा। हमारा देश सीने में कई दर्द दफन करके रखता है। पारसी समुदाय को यदि भारत में सम्मान से स्थान मिला, तो यह भारत की सहिष्णुता का ही प्रमाण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज गुरूनानक देव जी की जयंती है, जिन्होंने तत्कालीन कुप्रथाओं को हटाया और सर्वमान्य बनें। आज के दौर में भारत विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहा है। कोविड का दौर देखें तो देश के करोड़ों लोगों को नि:शुल्क वैक्सीन देकर उनकी जिंदगी बचाने के साथ ही अनेक राष्ट्रों को भी वैक्सीन प्रदाय की गई। इन कारणों से अनेक देशों के प्रमुख प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के चरण स्पर्श कर उन्हें सम्मान देते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पाकिस्तान सहित अनेक राष्ट्र भारत की प्रशंसा करते हैं। भारत की विश्व बंधुत्व की भावना और देश में हो रही प्रगति को देखकर कई देश आश्चर्य भी करते हैं। भारत में व्यापक स्तर पर डिजिटल लेन-देन हो रहा, जो अनेक राष्ट्रों को चकित करता है। भारत ने अपनी उपयोगिता सिद्ध की है। कोई आश्चर्य नहीं कि भारत आने वाले समय में अनेक क्षेत्रों में नंबर एक पर हो और स्वामी विवेकानंद जी की यह उक्ति सत्य सिद्ध हो कि 21वीं सदी भारत की होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का बजट आने वाले चार वर्ष में दोगना हो जाएगा। मध्यप्रदेश विकास के लक्ष्यों को जल्द से जल्द प्राप्त करने का प्रयास करेगा।

भारत कॉमनवेल्थ ट्रेड काउंसिल के ट्रेड कमिश्नर पीयूष तिवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में सरकारों का संचालन हो रहा है। तिवारी ने बताया कि यूनेस्को द्वारा वर्ष 1995 में सहिष्णुता विषयक जागरूकता प्रयासों को गति दी गई थी। प्रत्येक दिन सहिष्णुता का भाव महत्व रखता है, लेकिन सहिष्णुता दिवस का आयोजन इस महत्व को बढ़ाने का कार्य करता है। नीति आयोग द्वारा भी कॉमनवेल्थ के प्रमुख सदस्य भारत में सहिष्णुता वृद्धि के प्रयासों में सहयोग दिया जा रहा है। कार्यक्रम में सांसद मेहन्द्र सिंह सोलंकी उपस्थिति थे।

भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट का अनावरण किया

जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देते हुए, डाक विभाग ने महान आदिवासी नेता और स्वतंत्रता सेनानी को सम्मानित करने के लिए उनकी 150वीं जयंती के अवसर एक स्मारक डाक टिकट जारी किया। इस डाक टिकट को माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के जमुई में आयोजित एक भव्य समारोह में बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति में जारी किया।

15 नवंबर 1875 को बिहार (वर्तमान झारखंड) के उलिहातु में जन्मे बिरसा मुंडा ने 1899 से 1900 तक ऐतिहासिक उलगुलान (महान विद्रोह) का नेतृत्व किया, जिसमें आदिवासी भूमि को पुनः प्राप्त करने और औपनिवेशिक उत्पीड़न का विरोध करने के लिए उन्होंने हजारों लोगों को एकजुट किया। “मुंडा राज” के लिए उनका समर्थन शोषण से मुक्त एक न्यायपूर्ण और स्व-शासित समाज के उनके सपने का प्रतीक थी। 25 वर्ष की आयु में ही वे इस दुनिया को छोड़कर चले गए थे, लेकिन उनका साहस और प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति का उनका संदेश पूरे देश में समुदायों को आज भी प्रेरित करता है।

शंख सामंत द्वारा डिजाइन किए गए इस डाक टिकट में भगवान बिरसा मुंडा का एक शक्तिशाली चित्रण है, जिसकी पृष्ठभूमि में उन्हें अपने अनुयायियों को संबोधित करते हुए दिखाया गया है। उनकी दृढ़ अभिव्यक्ति आदिवासी एकता, सशक्तिकरण और स्वशासन के लिए उनके अटूट विजन का प्रतीक है। यह स्मारक डाक टिकट भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनके महान योगदान और आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता के लिए एक कालातीत श्रद्धांजलि है।

 

राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति और लोक सभा अध्यक्ष ने संसद भवन परिसर में भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज संसद भवन परिसर में स्थित प्रेरणा स्थल पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर उनकी 150वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भारत के उप राष्ट्रपति एवं राज्य सभा अध्यक्ष जगदीप धनखड़, लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। भगवान बिरसा मुंडा के 150वीं जयंती वर्ष का शुभारंभ आज से हो रहा है।

ओम बिरला ने एक्स पर संदेश लिखा, आदिवासी अस्मिता और संस्कृति के गौरव, उलगुलान के प्रणेता, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर सविनय नमन। भगवान बिरसा मुंडा का 150वां जन्मजयंती वर्ष आज से शुरू हो रहा है। जनजातीय गौरव दिवस के इस उपलक्ष्य पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। भगवान बिरसा देश, समाज और संस्कृति के लिए अपना सर्वस्व समर्पण कर देने वाले महानायक थे। उनके जीवन आदर्श हमें सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सम्मानित करने के लिए 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। जनजातीय समुदायों ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में कई क्रांतिकारी आंदोलनों के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यह दिवस जनजातीय समुदायों के इतिहास, संस्कृति और धरोहर को सम्मानित करता है, एवं देशभर में एकता, गर्व और जनजातियों का देश की स्वतंत्रता और प्रगति में योगदान के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

भगवान बिरसा मुंडा, जिन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ उलगुलान (क्रांति) का नेतृत्व किया, प्रतिरोध का प्रतीक बन गए। भगवान मुंडा का नेतृत्व राष्ट्रीय जागरण का कारण बना, और उनका योगदान जनजातीय समुदायों द्वारा गहरे सम्मान के साथ याद किया जाता है। इस अवसर पर, विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय लोक कलाकारों ने संसद भवन परिसर के प्रेरणा स्थल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।

जनजातीय गौरव दिवस, इतिहास के एक बड़े अन्याय को दूर करने का है ईमानदार प्रयास : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पूरे देश में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनायी जा रही है। जनजातीय गौरव दिवस इतिहास के एक बहुत बड़े अन्याय को दूर करने का एक ईमानदार प्रयास है। आजादी के बाद जनजातीय वर्ग के योगदान को इतिहास में वह स्थान नहीं दिया गया, जिसके लिये वे हकदार थे। जनजातीय समाज वो है, जिसने राजकुमार राम को भगवान बनाया। भारत की संस्कृति और आजादी के रक्षा के लिये सैकड़ो वर्षों की लड़ाई का नेतृत्व दिया। आजादी के बाद के दशकों में जनजातीय वर्ग के अनमोल योगदान को मिटाने की कोशिश की गई। इसके पीछे स्वार्थ भरी राजनीति थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के समग्र कल्याण के लिये अनेक योजनाएँ संचालित कर उनके आर्थिक और सामाजिक विकास का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर बिहार जिले के जमुई में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर संबोधित कर रहे थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती पर 6 हजार करोड़ रूपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है। इसमें जनजातीय वर्ग के बच्चों के भविष्य को संवारने वाले स्कूल और हॉस्टल, जनजातीय वर्ग की महिलाओं के लिये स्वास्थ्य सुविधा, जनजातीय क्षेत्रों को जोड़ने वाली सैकड़ों किलोमीटर की सड़कें, जनजातीय वर्ग की संस्कृति को समर्पित संग्रहालय एवं जनजातीय वर्ग के डेढ़ लाख परिवारों को पक्के घर के स्वीकृति पत्र वितरित किये गये हैं। साथ ही आज देव दीपावली के दिन 11 हजार से अधिक जनजातीय परिवारों को अपने घर में प्रवेश कराया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश के छिन्दवाड़ा के बादल भोई जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय एवं जबलपुर के राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह स्वंतत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का वर्चुअली लोकापर्ण किया।

मध्यप्रदेश के शहडोल जिला मुख्यालय पर आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, अध्यक्ष कोल विकास प्राधिकरण रामलाल रोतेल सहित जन-प्रतिनिधि मौजूद रहे। राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अतिथियों का स्वागत जनजातीय परंपरा अनुसार किया गया।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सम्पूर्ण देश में जनजातीय कल्याण के अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। पीएम जन मन योजना और सिकल सैल उन्मूलन मिशन, जनजाति कल्याण का महाभियान है। इस महाभियान में राज्य सरकार द्वारा जनजाति कल्याण के बेहतरीन कार्य किए जा रहे हैं। अनेक विभागों के माध्यम से अति पिछड़ी जनजातियों को विकास की मुख्यधारा में लाने के कारगर प्रयास लगातार जारी है।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि सिकल सैल उन्मूलन मिशन का संकल्प मध्यप्रदेश की धरती से लिया जाना प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है। केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा सिकल सैल उन्मूलन की दिशा में जाँच और जागरूकता के कार्य सघन स्तर पर किए जा रहे हैं। प्रदेश में अब तक 82 लाख लोगों की सिकलसेल स्क्रीनिंग पूर्ण हो गई है। राज्यपाल पटेल ने शहडोल ज़िले के सिकल सैल जाँच कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सिकल सैल कार्ड वितरण का कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि सिकल सैल से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय, इस रोग के प्रति जागरूकता ही है। उन्होंने कहा कि शादी के पूर्व लड़का-लड़की सिकल सैल कार्ड का मिलान ज़रूर करें। उन्होंने कहा कि गर्भधारण के दौरान और जन्म के बाद भी बच्चे के सिकल सैल की जाँच ज़रूर कराएं। राज्यपाल पटेल ने सभी से आह्वान किया कि सिकल सैल की जाँच और जागरूकता हम सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है। राज्यपाल पटेल ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती पर उनका नमन किया और प्रदेश एवं देश के महान क्रांतिकारी, जनजातीय सपूतों का पुण्य स्मरण भी किया। उन्होंने जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जबलपुर और छिंदवाड़ा के जनजातीय संग्रहालय के लोकार्पण के प्रति आभार ज्ञापित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जल, जंगल और जमीन का अधिकार जनजातीय समाज का मूल अधिकार है। इसे अंग्रेज उनसे छीनना चाहते थे। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के अत्याचार, अनाचार के खिलाफ जनजातीय समाज को खड़ा किया और अंग्रेजों के खिलाफ दो स्तरों पर लड़ाई लड़ी। एक ओर उन्होंने जनजातीय समाज के मूल अधिकार की रक्षा की और दूसरी ओर ईसाई मिशनरियों द्वारा हमारे धर्म के साथ छेड़छाड़ कर हमारे जनजातीय भाइयों को ईसाई बनाने के कुत्सित प्रयासों को ध्वस्त किया। आज हम भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें हृदय से स्मरण और नमन करते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को देश के समक्ष लाने का अभियान चलाया है। उन्होंने प्रतिवर्ष देश भर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाने का निर्णय मध्यप्रदेश में ही लिया। आज पूरे देश में भगवान बिरसा मुंडा जयंती मनाई जा रही है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हम सबके लिए मार्गदर्शक है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में जनजाति गौरव को पुनर्स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहे हैं। आज महान जनजाति नायक बादल भोई और शंकर शाह रघुनाथ शाह के संग्रहालय का लोकार्पण किया गया है। टंट्या मामा भील मालवा क्षेत्र के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। प्रदेश में खरगोन के नए विश्वविद्यालय का नाम क्रांतिवीर टंट्या मामा विश्वविद्यालय रखा जा रहा है। महू के पास रेलवे स्टेशन का नामकरण भी उनके नाम पर किया गया है। प्रदेश में कोदो, कुटकी को प्रोत्साहित करने के लिए रानी दुर्गावती योजना चलाई जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय समाज आज भी हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखे है। भगवान श्रीराम के रावण के विरुद्ध संघर्ष में जनजातीय समाज ने सहयोग किया। भगवान श्रीकृष्ण मोर पंख धारण करते थे, जनजातीय समाज भी मोर पंख धारण करता है। भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण एवं बिरसा मुंडा को याद करने से हमें अपनी संस्कृति की जड़ों से जुड़ने का मौका मिलता है। आज जनजातीय समाज के लोगों ने मुझे जो वीरन माला पहनाई है, यह कोई सामान्य माला नहीं है, इसका विशेष महत्व है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजाति समाज के विकास और कल्याण के कार्यों में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। नदी जोड़ो अभियान का लाभ पूरे देश को मिलेगा। बाणसागर परियोजना का पानी अब शहडोल जिले को भी मिलेगा। शहडोल में स्थाई हेलीपैड बनाया जाएगा। सरकारी सुविधाओं का लाभ हर व्यक्ति को मिलेगा। सरकार ने निर्णय लिया है कि यदि दुर्घटना में कोई भी व्यक्ति घायल होता है और पास में हवाई पट्टी है तो उसे उपचार के लिए हवाई मार्ग से अस्पताल ले जाया जाएगा।

राज्यपाल पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शहडोल में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान 229.66 करोड़ रूपये की लागत से 76 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें 68.15 करोड़ रुपये की लागत से 33 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 161.51 करोड़ रुपये की लागत के 43 विकास कार्यों का भूमि-पूजन शामिल हैं। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम गुटुम्ब, शैला नृत्य, करमा जैसे अन्य पारंपरिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। महिला बाल विकास विभाग, वन विभाग, शिक्षा एवं ट्रायवल विभाग, आजीविका मिशन, हथकरघा विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर विधायकगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जनजातीय समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के नागरिक मौजूद रहे। विधायक मनीषा सिंह ने आभार माना।

 

सृजन का संदेश देता है बोनसाई – मंत्री विश्वास सारंग

सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि व्यक्ति अगर सार्थक रूप से समाज के माध्यम से प्रकृति को आगे बढ़ाना चाहे तो बोनसाई जैसी कलाकृति सृजित होती है। प्रकृति से जोड़कर नई कलाकृति देना ही बोनसाई है। बोनसाई हमेशा सृजन का संदेश देता है। मंत्री सारंग ने यह बात शुक्रवार को गुलाब उद्यान में तीन दिवसीय बोनसाई प्रदर्शनी का शुभारंभ कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण करें पर्यावरण को आगे बढ़ाएं ताकि आने वाली पीढ़ी इस दुनिया में स्वच्छ वातावरण में रह सके। दुनिया को आगे बढ़ाने के लिए हमें सृजन की ओर जाना पड़ेगा। हर वर्ग, हर सेक्टर में प्रकृति के साथ सृजन की जरूरत है।

लेक सिटी बोनसाई एसोसिएशन के तत्वावधान में 15 से 17 नवंबर तक तीन दिवसीय बोनसाई प्रदर्शनी और कार्यशाला का आयोजन लिंक रोड नंबर एक स्थित गुलाब उद्यान में किया गया है। प्रदर्शनी में 400 से अधिक बोनसाई पौधों की अनूठी प्रतिकृतियों प्रदर्शित की गई है। प्रदर्शनी 16 और 17 नवंबर को सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक खुली रहेगी।

इस मौके पर भोपाल लेक सिटी बोनसाई एसोसिएशन की संस्थापक सदस्य अरुंधति तिवारी और देश-विदेश से आए विशेषज्ञ उपस्थित थे। इंडोनेशिया के बोनसाई विशेषज्ञ ययात हिदायत, अधित्य आजी पमुनगकास के साथ ही सौमिक दास नई दिल्ली, अनुपमा वडेचला बेंगलुरु, गोविंद राज हैदराबाद आदि बोनसाई प्रेमियों को इस विधा की बारीकियों से अवगत करवाया। भोपाल के 40 साल से ज्यादा समय से बोनसाई से जुड़े लोगों ने संग्रह का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में जैड, मधुकामिनी, फाइकस, बुद्धा पीपल के 50 से 55 साल पुराने पेड़ विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहे। इन्हें बड़े गमलों में विशेष आकार दिया गया।

कार्यक्रम में चेयरमेन मनीष श्रीवास्तव, अध्यक्ष जे. एस. बिंद्रा, सचिव दीपक नलावडे सहित पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे।

गुरु नानक देव सनातन धर्म के सच्चे संस्थापक थे – राज्यमंत्री कृष्णा गौर

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने कहा कि गुरु नानक देव जी संत परंपरा के एक ऐसे विचारक थे, जिन्होंने जात-पात और ऊंच-नीच में उलझे हुए समाज को एक नई दिशा देने का काम किया था। वे सनातन धर्म के सच्चे संस्थापक थे। राज्यमंत्री कृष्णा गौर आज सोनागिरी कॉलोनी में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। इस दौरान उन्होंने शिव मंदिर सोनागिरी ए सेक्टर में 9 लाख 50 हजार की लागत से बनने वाले शेड निर्माण का भूमिपूजन भी किया।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि सिख धर्म के प्रथम गुरु और संस्थापक गुरु नानक देव के 555वें प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर सिंधु सोशल सर्कल, भेल द्वारा हर वर्ष की तरह, इस वर्ष भी, श्रद्धा, आस्था, और उल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सभी को प्रकाश पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी। कृष्णा गौर ने कहा कि 555 वर्ष पूर्व देश में मुगलों का शासन था, हम विचार करें, कितना कठिन समय रहा होगा, कितना मुश्किल भरा समय था, मुगलों के अत्याचारों और मुगलों की प्रताड़ना झेलते हुए कोई संत सनातन धर्म की बात कैसे कर सकता था, लेकिन मुश्किल परिस्थितियों में भी गुरु नानक देव ने सनातन धर्म की ध्वजा को हाथ में लेकर संपूर्ण समाज में सनातन धर्म की अलख जगाई। गुरु नानक देव के संदेश आज के समय में भी प्रासंगिक है।

इस अवसर पर गिरीश शर्मा, पार्षद छाया ठाकुर, प्रदीप लोधी, ममता मनोज विश्वकर्मा, मधु शिवनानी, मनोज विश्वकर्मा, संजय शिवनानी, डी डी मेघानी आदि मौजूद रहे।

जनजातीय समुदाय को सिकल सेल एनीमिया से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि जनजातीय समुदाय को सिकल सेल एनीमिया से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर संजय गांधी स्मारक चिकित्सालय, रीवा में प्रदेश के पहले शासकीय “सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस फ़ॉर प्रीनेटल डायग्नोसिस ऑफ़ हीमोग्लोबिनोपैथीज़” का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण केंद्र विंध्य क्षेत्र के नागरिकों, विशेषकर जनजातीय समूह के नागरिकों में रक्तजनित वंशानुगत विकारों के शोध, जांच एवं नैदानिक चिकित्सकीय परीक्षण के लिए समर्पित रहेगा।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि केन्द्र की स्थापना प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को एक नए आयाम पर ले जाने का प्रयास है, जिससे रक्तजनित विकारों से प्रभावित विशेष समूहों को सटीक और समर्पित चिकित्सा सेवा प्रदान की जा सके। विंध्य क्षेत्र के नागरिकों, विशेषकर जनजातीय समुदायों में इन विकारों की व्यापकता को देखते हुए इस केन्द्र की आवश्यकता थी। यह केन्द्र रक्तजनित वंशानुगत विकारों का गहन अध्ययन करेगा और रोग की समय पर पहचान कर चिकित्सा सेवा प्रदान करेगा। कार्यक्रम में गांधी स्मारक चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मध्यप्रदेश में सिकिल सेल एनीमिया नियंत्रण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रयास किए गये हैं। अब तक 80 लाख 67 हजार 135 लोगों की स्क्रीनिंग कर मध्यप्रदेश देश में शीर्ष स्थान पर है। सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के प्रथम चरण में 46 लाख से अधिक लोगों को जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड वितरित किए गए हैं, जिसमें भी मध्यप्रदेश देश में अग्रणी है। मध्यप्रदेश में सिकल सेल एनीमिया नियंत्रण के सफल पायलट प्रोजेक्ट के आधार पर पूरे देश में “सिकिल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047” की शुरुआत की गई है, जिसमें 17 राज्य शामिल हैं।

जिन्हें राम पसंद नहीं, चुनाव में उनका ’राम नाम सत्य कर दे’ महाराष्ट्र की जनता – डॉ. मोहन यादव

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को महाराष्ट्र के अमरावती जिले की मेलघाट विधानसभा के चिखलदरा, व अचलपुर विधानसभा के चांदूर बाजार में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम धर्म के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं। हम जब भी धर्म और अपनी सनातन संस्कृति की बातें करते हैं, तो कांग्रेसियों की छाती पर सांप लोटने लगता है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बना और 22 जनवरी को 500 वर्षों के बाद भगवान राम की मंदिर के गर्भ गृह में प्राण प्रतिष्ठा हुई। इस कार्यक्रम में सारी दुनिया से लोग आए, लेकिन कांग्रेस के लोग नहीं गए। पूरा देश आनंद में था, लेकिन कांग्रेसी घरों में छुपे बैठे थे। क्योंकि इनको भगवान राम पसंद नहीं हैं, राम का नाम पसंद नहीं है। जिन लोगों को राम का पसंद नहीं है, महाराष्ट्र की जनता इस चुनाव में उनका राम नाम सत्य कर दे। हम मध्यप्रदेश में लाडली बहनों के खातों में पैसे भेजते हैं तो कांग्रेस पार्टी के नेताओं को मिर्ची लगती है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र पड़ोसी प्रदेश हैं और दो भाईयों की तरह हैं। डॉ. भीमराव अंबेडकर हमारे इस संबंध को और भी मजबूत बनाते हैं। डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान की रचना की। उनका जन्म मध्यप्रदेश के महू में हुआ था, लेकिन महाराष्ट्र उनकी कर्मभूमि रहा। यहां उन्होंने शिक्षा-दीक्षा ली, कई सारे आंदोलन किए और समाज को जागृत करने का काम किया। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों, वंचितों के लिए लड़ाई लड़ी। प्रभु श्रीराम वनवास के दौरान 11 वर्षों तक मध्यप्रदेश के चित्रकूट में रहे। वहां से दंडकारण्य और पंचवटी आए। उन्होंने जनजातीय समाज के बीच रहते हुए उन्हीं की सहायता से रावण जैसे अहंकारी को परास्त किया। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भले ही उत्तप्रदेश में हुआ, लेकिन उन्होंने शिक्षा मध्यप्रदेश की उज्जैन में प्राप्त की और महाराष्ट्र की राजकुमारी रुक्मणि से उनका विवाह हुआ। उन्होंने कंस का वध करके लोगों को अत्याचारों से मुक्ति दिलाई। अहंकारी इंद्र को सबक सिखाने के लिए उन्होंने गोवर्धन पर्वत को अपनी ऊंगली पर धारण कर लिया था, जिसकी स्मृति में हम लोग गोवर्धन पूजा करते हैं।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी संस्कृति माता-बहनों का सम्मान करना सिखाती है। सनातन संस्कृति मातृ सत्ता पर आधारित है। हम धरती को माता कहकर शीश झुकाते हैं। दुनिया में 200 से अधिक देश हैं, लेकिन सिर्फ भारत देश में ही ’भारत माता की जय’ बोला जाता है। हम अपने देश को भी माता मानते हैं। हमारे भगवान भी तभी प्रसन्न होते हैं, जब हम ’जय सीताराम की’, ’जय राधेश्याम की’ बोलते हैं। इनमें भी पहला नाम माता सीता और राधा रानी का होता है। हम गाय को भी माता का दर्जा देते हैं, क्योंकि वह अपने बच्चों को पालती है और हमें भी पालती है। लेकिन कांग्रेस के लोगों को हमारी सनातन संस्कृति पसंद नहीं है। हम माता-बहनों के सशक्तीकरण के लिए योजनाएं चलाते हैं, उनके खाते में पैसे डालते हैं, तो कांग्रेसियों को मिर्ची लगती है। कांग्रेस के लोगों को तो बस बांग्लादेशी घुसपैठिए पसंद हैं। ये घुसपैठिए हमारी बहन-बेटियों को छेड़ते हैं, उनकी इज्जत लूटते हैं और जिहाद करते हैं। उनसे शादी करके ये लोग उनके घर, जमीनों पर कब्जे करना चाहते हैं। डॉ. यादव ने कहा कि इसलिए ये चुनाव सिर्फ कांग्रेस और उसके सहयोगियों को सबक सिखाने का चुनाव नहीं है, बल्कि ये अपनी संस्कृति को बचाने का चुनाव है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आने वाली 20 तारीख को आप सभी सूर्य की पहली किरण के साथ अपने बूथ पर जाएं और कमल की बटन दबाकर भाजपा को प्रचंड बहुमत से जिताएं, महायुति की सरकार बनाएं। भाजपा अपने हर चुनावी वादे को पूरा करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में विकास कार्यों की नहीं भ्रष्टाचार की ही चर्चा होती रहती थी। आए दिन भ्रष्टाचार के नए मामले जनता के सामने आते थे। कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचार किस तरह फैला हुआ था, यह उनके नेता व पूर्व प्रधानमंत्री ने मंच से बताते हुए कहा था कि मैं दिल्ली से गरीबों के लिए एक रूपए भेजता हूं तो गरीबों तक सिर्फ 15 पैसे पहुंचते थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीरो टॉलरेंस को लागू किया और अब दिल्ली से प्रधानमंत्री मोदी गरीब के कल्याण के लिए एक रूपए भेजते हैं तो पूरे 100 पैसे गरीब के बैंक खाते में पहुंचते हैं। एक भी पैसे का भ्रष्टाचार नहीं होता।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से दिक्कत है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व को ही नकारा था। अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनने के बाद आज तक कांग्रेस का कोई नेता दर्शन करने नहीं पहुंचा। आजादी के बाद कांग्रेस और उनके साथ लोगों ने हमारे देवस्थानों और हमारे संस्कृति की इज्जत नहीं की। यह चुनाव हमारे और आपके सबके स्वाभिमान का चुनाव है। देवतुल्य जनता का उत्साह बता रहा है कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी कार्यों व नीतियों पर अपने विश्वास की मुहर लगाने जा रही है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल दिल्ली में प्रथम बोडोलैंड महोत्सव का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल शाम 6:30 बजे नई दिल्ली स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण इंदिरा गांधी खेल परिसर में प्रथम बोडोलैंड महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।

15 और 16 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय महोत्सव जोशपूर्ण बोडो समाज के निर्माण और शांति बनाए रखने के लिए भाषा, साहित्य और संस्कृति का बड़ा आयोजन है। इसका उद्देश्य न केवल बोडोलैंड में बल्कि असम, पश्चिम बंगाल, नेपाल और पूर्वोत्तर के अन्य अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय बोडो लोगों को एकीकृत करना है। महोत्सव का विषय है ‘समृद्ध भारत के लिए शांति और सद्भाव’, इसमें बोडो समुदाय के साथ-साथ बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) के अन्य समुदायों की समृद्ध संस्कृति, भाषा और शिक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इसका उद्देश्य बोडोलैंड की सांस्कृतिक और भाषाई विरासत, पारिस्थितिक जैव विविधता और पर्यटन के लिए उपयुक्त स्थलों का लाभ उठाना है।

उल्लेखनीय है कि यह महोत्सव प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में 2020 में बोडो शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद से सुधार और उबरने की महत्वपूर्ण उपलब्धि का जश्न मना रहा है। इस शांति समझौते से न केवल बोडोलैंड में दशकों से चले आ रहे संघर्ष, हिंसा और जानमाल के नुकसान की समस्या से निजात मिली, बल्कि यह समझौता अन्य शांति समझौतों के लिए प्रेरणास्रोत भी बना।

भारतीय विरासत और परंपराओं में योगदान दे रहे “समृद्ध बोडो संस्कृति, परंपरा और साहित्य” पर आयोजित सत्र महोत्सव का मुख्य आकर्षण होगा, जिसमें समृद्ध बोडो संस्कृति, परंपराओं, भाषा और साहित्य की श्रृंखला पर विचार-विमर्श किया जाएगा। “राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 के माध्यम से मातृभाषा माध्यम से शिक्षा की चुनौतियां और अवसर” विषय पर भी एक सत्र आयोजित किया जाएगा। बोडोलैंड क्षेत्र के पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संस्कृति तथा पर्यटन के माध्यम से “स्थानीय सांस्कृतिक बैठक और ‘जोशपूर्ण बोडोलैंड’ क्षेत्र के निर्माण पर विषयगत चर्चा सत्र भी आयोजित किया जाएगा।

इस समारोह में बोडोलैंड क्षेत्र, असम, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, भारत के अन्य भागों तथा पड़ोसी राज्यों नेपाल और भूटान से आने वाले पांच हजार से अधिक सांस्कृतिक, भाषाई और कला प्रेमी शामिल होंगे।

 

पूर्व प्रधानमंत्री पं.जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया उनका पुण्य स्मरण

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय और राजधानी भोपाल के रोषनपुरा चौराहा स्थित पं. जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पर प्रदेष कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित अन्य कांग्रेसजनों द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया गया।

प्रदेष कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में प्रदेष कांग्रेस अध्यक्ष श्री पटवारी सहित उपस्थित कांग्रेसजनों ने पं. नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया। वहीं राजधानी भोपाल के रोषनपुरा चौराहे पर स्थित पं. नेहरू जी की प्रतिमा पर श्री पटवारी एवं कांग्रेसजनों ने माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया।

पटवारी ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को आधुनिक भारत का युगदृष्टा बताते हुये कहा कि आधुनिक भारत बनाने में उनकी महती भूमिका रही है। संपन्न परिवार होने के बाद भी 10 साल तक जेल की यातनाओं को सहा यह उनके सहज, सरल व्यक्तित्व को दर्षाता है। देष की आजादी में महात्मा गांधी के साथ उनकी बड़ी भूमिका रहती थी। सुई से लेकर दुनिया की सबसे संपन्न व्यवस्था की नींव भी पंडित नेहरू ने ही रखी थी। देष में 80 प्रतिषत भुखमरी के साथ गरीबी थी, लेकिन उन्होंने देष को आर्थिक रूप से संपन्न बनाने की पहल की। लौह इस्पात कारखाना, भेल, एम्स से लेकर इंस्टीट्यूट सहित अन्य ऐसे उपक्रम भारत वर्ष को दिये जिससे भारत आर्थिक रूप से संपन्न बना। ऐसे महापुरूष के विचार और आदर्षों को अपनाने की हमें आवष्यकता है। पंडित नेहरू ने गरीबों, जमीदारों, उद्योगपतियों, रियासतों को विष्वास में लेकर देष को अग्रणी पंक्ति में खड़ा किया।

प्रदेष कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेष नायक ने कहा कि आजादी के समय देष का बजट मात्र 2.75 करोड़ रूपये था, लेकिन आज देष का बजट 40 लाख करोड़ हो गया है। विदेष नीति, आर्थिक नीति, औद्योगिक नीति बनाकर गरीबी से नीचे दबे लोगों, उघोगपतियों धर्मसंप्रदाय के लोगों तथा सभी तबकों को एक साथ लेकर देष में आर्थिक नीतियों का सृजन कर आधुनिक भारत की परिकल्पना रखी। भारत वर्ष में एक मान्य नेता के रूप में समतामूलक, समावेषी समाज की स्थापना की। देष में सबसे बड़ा संगठन नेहरू जी ने बनाया था।

इस अवसर पर पुष्पांजलि कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी राजीव सिंह, भूपेन्द्र गुप्ता, जे.पी. धनोपिया, रवि सक्सेना, अरूण श्रीवास्तव, प्रवीण सक्सेना, अनोखी मानसिंह पटेल, शैलेन्द्र पटेल, अमित शर्मा, जितेन्द्र मिश्रा, अवनीष बुंदेला, संतोष सिंह परिहार, अभिनव बरोलिया, मिथुन अहिरवार, अपराजिता पांडे, प्रदीप अहिरवार, राजकुमार सिंह, विष्णु विश्वकर्मा, ललित सेन, शहरयार खान, सुभाष पटेल, विजय सरवैया, विक्रम चौहान, उमेष झा, टीकाराम कोष्टा, फिरोज सिद्वीकी, एबी खान, वकील खान, मुईनउद्दीन सिद्धीकी, नम्रता कौर, अभिषेक शर्मा, रामराज तिवारी, प्रिंस सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

 

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...