प्रदेश में 1 करोड़ 65 लाख से ज्यादा लोगों ने ली पार्टी की सदस्यता – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को संगठन पर्व के तहत भोपाल के हुज़ूर विधानसभा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर कोलार मंडल के दानिश हिल्स क्लब हाउस, वार्ड-80 के बूथ क्रमांक-223 पर बूथ संगठन पर्व का शुभारंभ कर पन्ना प्रमुख बने। मध्यप्रदेश में संगठन पर्व के दौरान पहली बूथ अध्यक्ष अर्चना गोस्वामी सहित 11 पदाधिकारियों और सदस्यों को सहमति से चुना गया। वहीं, पन्ना प्रमुख का दायित्व ग्रहण करने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मैं आज गर्व महसूस कर रहा हूं कि मुझे मेरे बूथ पर पन्ना प्रमुख की भूमिका मिली है। मैं सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर इस क्षेत्र को और मजबूती प्रदान करने की कोशिश करूंगा जो हमेशा भाजपा के साथ रहा है। संगठन पर्व के पहले चरण को कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ मनाया। दूसरे चरण में भी यह जोश कायम रहेगा, ऐसा मेरा विश्वास है। भारतीय जनता पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र है। इसलिए पूरी पारदर्शिता के साथ संगठन चुनाव संपन्न होते है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा की संगठन पर्व के पहले फेज में सदस्यता पर्व में प्रदेश ने इतिहास रचा है और आज तक 1 करोड़ 65 लाख से ज्यादा सदस्य पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। हमारा दूसरा फेज बूथ के संगठन पर्व की शुरुआत आज से हो गई और यह 20 नवंबर तक चलेगा। देश-प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी हमेशा आगे रही है। संगठन पर्व पर प्रदेश के 65 हजार 13 बूथों में हर बूथ पर 3 महिलाओं को स्थान दिया जाएगा। बूथ कमेटी में हर वर्ग के लोगों को स्थान देने की शुरूआत भी आज से हो गई है। इसी दिशा में अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की मन की बात कार्यक्रम इंचार्ज, व्हाट्सएप इंचार्ज सहित लाभार्थी इंचार्ज भी बनाया गया और प्रदेश भर में इस तरह संगठन पर्व के तहत सभी वर्गों को शामिल कर प्रतिनिधित्व दिया जायेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की सरकार गरीब कल्याण की योजनाओं के माध्यम से गरीबों का कल्याण कर उनके जीवन में खुशियां लाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार नई-नई योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं।

बूथ संगठन पर्व के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की पत्रकार वार्ता को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस जब चुनाव जीतती है तो राहुल गांधी के सिर पर सेहरा सजाती है। हारने का आभास होता है तो गुंडागर्दी करने पर उतारू हो जाती है और प्रशासन व ईवीएम पर ठीकरा फोड़ती है। विजयपुर में कांग्रेस नेताओं ने गुंडागर्दी की है, मैनें वहां जाकर इसका विरोध किया है। 23 नवंबर को जब परिणाम आयेंगे तब विजयपुर और बुधनी की जनता का जवाब कांग्रेस को मिलेगा। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को शर्म आना चाहिए कि बाबा साहेब अंबेडकर के नाम पर हमेशा राजनीति करती रही है। कांग्रेस ने उनके विचार को रोकने का काम हमेशा किया है। अगर बाबा साहेब को किसी ने अपमानित किया तो उस पर कार्रवाई की जायेगी। भारतीय जनता पार्टी ने ही चाहे बाबा साहेब अंबेडकर हो या महात्मा गांधी उनके विचारों को आगे बढाने का काम किया है।

बूथ संगठन पर्व के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, जिला निर्वाचन सह अधिकारी रविन्द्र यति, मंडल अध्यक्ष प्रदीप पाटीदार, शक्ति केंद्र निर्वाचन अधिकरी अरुण तिवारी, पार्षद सुनीता गुड्डू भदौरिया सहित नवर्निवाचित बूथ समिति के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

सब्जियों की कीमतों में उछाल के कारण अक्टूबर में भारत की खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर 6.21% हो गई, आरबीआई की ऊपरी सीमा पर पहुंच गई खुदरा मंहगाई दर

भारत की खुदरा मुद्रास्फीति दर जो उपभोक्ता कीमतों में आये बदलाव को मापती है। मंगलवार को सांख्यिकी मंत्रालय के द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर माह में खुदरा मुद्रस्फीति बढ़कर 6.21% पर पहुंच गई वहीं सितंबर में यह 5.49 प्रतिशत पर थी। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से खाद्य वस्तुओं खासकर सब्जियों की कीमतों में आई तेजी के कारण हुई है, जिनकी कीमतें 42% से अधिक बढ़ गईं हैं। गौरतलब है कि इस साल मानसून के देरी से लौटने के कारण फसलों को नुकसान हुआ जिसके चलते आपूर्ति में कमी आई है।

मंत्रालय ने बताया कि कुछ खाद्य वस्तुओं जैसे दालें, अंडे, चीनी और मसालों की कीमतों में गिरावट आई लेकिन सब्जियों, फलों और खाद्य तेलों की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई। वहीं अक्टूबर में खाद्य तेल की कीमतों में 9.51% की वृद्धि हुई। अगर बात करें दूसरे क्षेत्रों की वहां भी मंहगाई दरों में बढ़ोतरी देखी गई जिसमें आवास मुद्रास्फीति अक्टूबर माह में बढ़कर 2.81 प्रतिशत हो गई जोकि सितंबर में 2.72% थी। बिजली मूल्य सूचकांक में थोड़ी बढ़ोतरी हुई जिसमें अक्टूबर की मुद्रास्फीति 5.45% रही, जबकि पिछले महीने यह 5.39% थी।

यह पहली बार है जब खुदरा मुद्रास्फीति आरबीआई की 6% की ऊपरी सीमा से ऊपर पहुंच गई है। आरबीआई आम तौर पर मुद्रास्फीति को 4% के आसपास रखने का लक्ष्य रखता है, जिसमें 6% को उच्चतम सीमा माना गया है। बढ़ी हुई मुद्रास्फीति का मतलब है कि आरबीआई निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती करने की संभावना कम है। इसके बजाय, केंद्रीय बैंक को मुद्रास्फीति के स्थिर होने का इंतजार है।

पिछले हफ्ते, आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने स्पष्ट किया कि आरबीआई ने विकास को प्रोत्साहित करने के लिए अपनी मौद्रिक नीति के रुख को “तटस्थ” कर दिया है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि तुरंत ब्याज दरों में कटौती होगी। गौरतलब है कि हाल ही में मौद्रिक नीति समीक्षा में आरबीआई ने लगातार दसवीं बार ब्याज दरों को अपरिवर्तित रखा लेकिन अपने रुख को “निकासी मोड” से बदलकर “तटस्थ” कर दिया था। इस बदलाव से भविष्य में ब्याज दर कटौती की अटकलें बढ़ गई थीं लेकिन RBI ने स्पष्ट किया है कि यह कदम तभी उठाया जाएगा जब मुद्रास्फीति नियंत्रण में आ जाएगी।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने मंत्रिमंडल में विवेक रामास्वामी और एलन मस्क को विशेष कैबिनेट मंत्री बनाने का ऐलान किया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने मंत्रिमंडल के लिए भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी और विश्व के नंबर वन उद्योगपति एलन मस्क को मंत्रिमंडल में विशेष कैबिनेट मंत्री बनाने का ऐलान किया हैं। एलन मस्क और विवेक रामास्वामी को अमेरिकी प्रशासन मंत्री बनाया गया हैं। दोनों मिलकर अमेरिका की नई आर्थिक नीतियां एवं शासकीय फिजूलखर्च, अफ़सरशाही पर रोक लगाएंगे। ब्यूरोक्रेसी पर नकेल कसकर इसको क्लीन करना भी इनका प्रमुख काम रहेगा।

ट्रम्प ने एक बयान में कहा “अधिक दक्षता और कम नौकरशाही के साथ एक छोटी सरकार, स्वतंत्रता की घोषणा की 250वीं वर्षगांठ पर अमेरिका के लिए सबसे अच्छा उपहार होगी।” उन्होंने उम्मीद जताई कि वह इसमें सफल होंगे। उल्लेखनीय है कि मस्क ने चुनाव से पहले कहा था कि वह निर्वाचित राष्ट्रपति को संघीय बजट से दो ट्रिलियन डॉलर की कटौती करने में मदद करेंगे।

उल्लेखनीय की रिपब्लिक पार्टी ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए सर्वप्रथम विवेक रामास्वामी के नाम का ऐलान किया था। परन्तु इन्होंने डोनाल्ड ट्रंप को अपना समर्थन देकर नाम वापस ले लिया था। रामास्वामी ने रिपब्लिक पार्टी एवं ट्रंप की जीत के लिए जमकर प्रचार प्रसार किया था।

ट्रम्प ने अन्य प्रमुख नियुक्तियों में, पूर्व आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन निदेशक टॉम होमन को “बॉर्डर ज़ार” के रूप में नामित किया है, जो सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले व्यक्तियों को निर्वासित करने पर ध्यान देने के साथ आव्रजन प्रवर्तन की देखरेख के लिए जिम्मेदार हैं। रक्षा मंत्री के लिए ट्रम्प ने पूर्व सैनिक रहे अनुभवी पीट हेगसेथ को चुना है।

अंतर्राष्ट्रीय मोर्चे पर, कांग्रेस सदस्य एलिस स्टेफनिक को संयुक्त राष्ट्र में अमरीकी राजदूत नियुक्त किया गया है। अर्कांसस के पूर्व गवर्नर माइक हुकाबी को इज़राइल के लिए विशेष दूत नामित किया गया है। ट्रंप ने साउथ डकोटा की गवर्नर क्रिस्टी नोएम को होमलैंड सिक्योरिटी के सचिव के रूप में चुना है। उनके अभियान में लंबे समय तक सलाहकार रहीं सूसी विल्स व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में काम करेंगी, यह पहली बार होगा कि कोई महिला इस पद को संभालेगी।

राष्ट्रीय खुफिया विभाग के पूर्व निदेशक जॉन रैटक्लिफ को सीआईए निदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि रिपब्लिकन प्रतिनिधि और अमरीकी सेना के विशेष बल में तैनात रहे माइक वाल्ट्ज राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में काम करेंगे। ट्रम्प टीम के अनुसार, ये नियुक्तियाँ सरकारी कामकाज को सुव्यवस्थित करने, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत बनाने और प्रमुख विदेश नीति चुनौतियों का समाधान करने के उनके के अनुरूप हैं।

भारतीय मूल के अमेरिकी विवेक रामास्वामी राजनीतिज्ञ और उद्यमी हैं। उनकी एक एक फार्मास्युटिकल कंपनी है। रामास्वामी ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की थी। लेकिन जनवरी 2024 में अपना अभियान समाप्त करने की घोषणा कर दी थी। उसके बाद डोनाल्ड ट्रंप की दावेदारी और बढ़त को देखते हुए रामास्वामी ने उनका खुले तौर पर समर्थन किया।

टेस्ला, समेत कई अन्य कंपनियों के प्रमुख एलन मस्क ने अमेरिकी चुनाव में ट्रंप का खुलकर समर्थन किया। यहां तक की उनके लिए प्रचार भी किया। ट्रंप ने भी जीत के बाद मस्क का खासतौर पर जिक्र किया और उन्हें जीनियस स्टार बताया। बता दें कि मस्क ने करीब दो साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (अब एक्स) को भी खरीद लिया।

संस्थापक सदस्य स्व. कैलाश सारंग की पुण्यतिथि पर मना मातृ-पितृ भक्ति दिवस

पूर्व राज्यसभा सांसद स्व. कैलाश नारायण सारंग की पुण्यतिथि एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. प्रसून सारंग की जयंती ‘मातृ-पितृ भक्ति दिवस’ के रूप में मनाई गई। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के आवाह्न पर नरेला विधानसभा के समस्त 17 वार्डों में वृद्धजनों का सम्मान किया गया । मंत्री सारंग ने कार्यकर्ताओं के साथ नरेला विधानसभा अंतर्गत सभी वार्डों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में बुजुर्गों के पैर पखार कर, आरती उतार कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर क्षेत्र के सभी वार्डों में 70+ आयु वर्ग के नागरिकों के लिये ‘आयुष्मान भारत विशेष कैंप’ लगाकर उनके आयुष्मान कार्ड भी बनाये गये।

मंत्री सारंग ने कहा कि पूज्य पिता स्व. कैलाश नारायण सारंग एवं पूज्य माता स्व. प्रसून सारंग का स्वप्न था कि हर माता-पिता का सम्मान हो। स्व. कैलाश सारंग ने अपना सम्पूर्ण जीवन जनसेवा में समर्पित किया। उनके सेवाभाव का अनुसरण करते हुए माता-पिता की पुण्यस्मृति में “मातृ-पितृ भक्ति दिवस” मनाया गया। उन्होंने कहा कि जिस पीढ़ी ने समाज को गढ़ा है उनका सम्मान हो यही भारतीय संस्कार हैं, इसी संस्कार को और मजबूत करने के उद्देश्य से मातृ-पितृ भक्ति दिवस मनाया जा रहा है।

मंत्री सारंग ने कहा कि भगवान श्री राम व श्रवण कुमार ने समाज को मातृ-पितृ भक्ति का संदेश दिया है। हमारी सनातन संस्कृति हमें यही शिक्षा देती है कि हर बुजुर्ग माता-पिता के समान ही आदरणीय है, उनकी सेवा करना सबसे बड़ी पूजा है।

नरेला विधानसभा में मातृ-पितृ भक्ति दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में मंत्री सारंग ने बुजुर्गों के पैर पखार कर उनकी आरती उतारी एवं शॉल-श्रीफल भेंटकर उनका सम्मान किया। मंत्री सारंग ने वृद्धजनों को उपहार स्वरूप स्मृति चिन्ह व तुलसी का पौधा भी भेंट किया। क्षेत्र के बुजुर्गों का स्नेहाशीष प्राप्त कर मंत्री श्री सारंग ने समस्त वृद्धजनों पर पुष्प वर्षा भी की।

मंत्री सारंग के आवाहन पर नरेला विधानसभा के प्रत्येक घर में युवाओं ने अपने माता-पिता के पैर पखार कर उनका सम्मान किया। मातृ-पितृ भक्ति की मिसाल पेश करते हुए हर वर्ग एवं हर समाज के लोगों ने इस अनूठी पहल में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। मंत्री सारंग की पहल से आज की युवा पीढ़ी में मातृ-पितृ भक्ति के साथ ही वृद्धजनों के सम्मान का संदेश प्रसारित हुआ है। युवाओं का उत्साह इसका प्रमाण है कि नरेला विधानसभा से प्रारंभ हुई यह पहल अब जन अभियान बनने की ओर अग्रसर है।

मंत्री सारंग के नेतृत्व में नरेला विधानसभा के प्रत्येक वार्ड में हजारों की संख्या में बुजुर्गों का सम्मान किया गया। नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 70 प्रभात चौराहा, वार्ड 39 संतोषी माता मंदिर, वार्ड 40 मोहित एसटीडी के समीप, वार्ड 76 छोला मंदिर, वार्ड 78 पीपल चौराहा, वार्ड 77 पुलिस चौकी, वार्ड 79 करोंद चौराहा, वार्ड 75 कैनरा बैंक के समक्ष, वार्ड 41 मधुर मिलन शादी हॉल, वार्ड 59 अन्ना नगर चौराहा, वार्ड 58 संजीवनी क्लीनिक गौतम नगर, वार्ड 44 सुभाष नगर, वार्ड 69 मंडी चौराहा अशोका गार्डन, वार्ड 36 चांदबड़, वार्ड 37 मरई माता मंदिर, वार्ड 38 सेमरा मंडी चौराहा व वार्ड 71 स्वामी विवेकानंद चौराहा पर वृद्ध दंपत्तियों का सम्मान, फल वितरण, शीतल पेय वितरण, कंबल वितरण, रक्तदान शिविर सहित अनेक सेवा कार्य किये गये।

मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के तहत अब सभी 70+ आयु के नागरिकों को जोड़ा गया है। इसका लाभ सभी पात्र नागरिकों को मिल सके इसके लिये दिनांक 12 नवंबर से नरेला विधानसभा में सभी 70+ से अधिक आयु के वृद्धजनों के निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाये जाने हेतु विशेष कैंप लगाये गये हैं। मातृ-पितृ भक्ति दिवस कार्यक्रम के उन्होंने पात्र वृद्धजनों में आयुष्मान कार्ड भी वितरित किये।

मंत्री सारंग की पहल पर जब आज नरेला के घर-घर में बच्चों ने अपने-अपने माता-पिता की पूजा की और फिर नरेला क्षेत्र के हर वार्ड में हुए सम्मान से बुजुर्गों की आँखों में ख़ुशी के आंसू आ गये| उन्होंने विश्वास कैलाश सारंग को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनकी इस पहल से अब हर बुजुर्ग को सम्मान मिलेगा और किसी भी बुजुर्ग को वृद्धाश्रम जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी |

स्व. कैलाश सारंग की पुण्यतिथि को देश भर में ‘मातृ-पितृ भक्ति दिवस’ के रूप में मनाया गया। दिल्ली, पटना, रायपुर, झांसी, प्रयागराज, ग्वालियर, विदिशा, गुना, नरसिंहपुर, राजगढ़, बालाघाट, सीहोर, डबरा, अशोकनगर, जबलपुर, शिवपुरी, नसरूल्लागंज, गैरतगंज, बैरसिया, सैलाना आदि सहित प्रदेश व देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा कार्यकर्ताओं व कायस्थ समाज द्वारा भोजन पैकेट, राशन, फल, पुस्तक, शीतलपेय, कंबल वितरण और बुजुर्गों का सम्मान किया गया।

आकाशवाणी के स्वच्छता अभियान में शामिल हुए विधायक सबनानी

आकाशवाणी स्वच्छता अभियान प्रसार भारती, आकाशवाणी भोपाल द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 के अंतर्गत दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कोटरा सुल्तानाबाद के सार्वजनिक उद्यान में श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ’’स्वच्छता ही सेवा’’ थीम पर आधारित श्रमदान गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू हुआ, श्रमदान अभियान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी मुख्य अतिथि शामिल हुए।

सबनानी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के आवाहन पर “स्वच्छता ही सेवा” अभियान में पूरा देश मिलजुल कर स्वच्छता अभियान से जुड़ गया माननीय प्रधानमंत्री के जन्म दिवस 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक एक विशेष अभियान चलाकर स्वास्थय सेवा अभियान में सब जुड़ गए, आज बड़ों से ज्यादा बच्चों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता दिखाई देती है, जो बड़ों को भी प्रेरणा देती है मैं यह सभी से स्वच्छता के प्रति अपनी जवाबदारी सुनिश्चित कर अपने शहर को सुंदर बनाने में अपना योगदान देंने की अपील करता हूं।

आकाशवाणी के स्वच्छता ही सेवा अभियान में बाहरी गतिविधियों के तहत इसका आयोजन किया गया। इसमें आकाशवाणी, नगर निगम के कर्मचारियों और आम लोगों ने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। आयोजन में आकशवाणी भोपाल के कार्यक्रम प्रमुख राजेश भट्ट, सहायक निदेशक अभियांत्रिकी वी सी सक्सेना,कार्यक्रम अधिकारी के पी सिंह, सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी के साथ ही दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी के करुणाधाम मंडल के अध्यक्ष डिंपल श्रीवास्तव महेश रघुवंशी विकास यादव संतोष ब्रह्मभट्ट दिनेश भारती नंदू तलकर राम नेता सिंह रवि साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

जवाहर बाल भवन में मना रंगारंग बाल दिवस समारोह

जवाहर बाल भवन में 14 नवंबर को बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर बाल दिवस मनाया। इस अवसर पर बच्चों के लिये रंगोली एवं पुष्प सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 60 बच्चों ने भाग लिया।

बाल भवन संगीत प्रभाग के बच्चों ने विजय सप्रे के निर्देशन में मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। नृत्य प्रभाग के बच्चों ने संघमित्रा तायवाड़े के निर्देशन में कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति दी। आधुनिक अभिनय कला प्रभाग के बच्चों ने संघरत्ना बनकर के निर्देशन में नाटक ‘रीढ़ की हड्डी’ का मंचन किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में विजेता बच्चों को पुरस्कार वितरित किये गये एवं संचालक जवाहर बाल भवन शुभा वर्मा द्वारा बच्चों को बाल दिवस की बधाई दी गई।

बहादुर बहनों का साहस और संघर्ष प्रेरणास्पद : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिले के खकराचौरई गांव में भेड़िए का साहस से सामना करने वाली भुजालो बाई से वीडियो कॉल कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। मुख्यमंत्री ने भुजलो बाई के साहस की सराहना करते हुए उन्हें मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से एक लाख रूपए भी स्वीकृत किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहादुर बहनों का साहस और संघर्ष प्रेरणास्पद है। भुजलो बाई के उचित इलाज के लिए कलेक्टर छिंदवाड़ा को निर्देशित किया गया है कि आवश्यक होने पर एयरलिफ्ट कर भोपाल में उपचार कराया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीड़िता के परिजन से भी हाल-चाल जाने, साथ ही इलाज का पूरा खर्चा उठाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ हों, ईश्वर से यही प्रार्थना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल से कोटा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री निवास से भुजलो बाई से वीडियो कॉल कर चर्चा की।

उल्लेखनीय है की फसल की रखवाली के दौरान शुक्रवार की सुबह छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा रेंज के अंतर्गत खकरा चौरई गांव के पास खेत में 65 वर्षीय भुजलो बाई और 55 वर्षीय दुर्गाबाई सो रही थीं, तभी भुजलो बाई पर भेड़िए ने हमला किया और उनके एक हाथ का अंगूठा चबा लिया। चिल्लाने की आवाज आई तो दुर्गाबाई, भुजलो को बचाने पहुंची। भेड़िए ने भुजलो बाई के हाथ और सिर पर चोट पहुंचाई। आधे घंटे तक महिलाओं और भेड़िए के बीच संघर्ष चलता रहा। इसके बाद साहसी भुजलो ने पास रखे फावड़े से वार कर भेड़िए का अंत कर दिया। भेड़िए के हमले से घायल दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल छिंदवाड़ा में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बताया गया कि दुर्गाबाई का उपचार पूर्ण होने पर उन्हें जिला अस्पताल छिंदवाड़ा से डिस्चार्ज किया जा चुका है।

झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शाम 5 बजे तक 64.86 प्रतिशत मतदान

झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 43 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान आज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया और मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ी। वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों सहित जनजातीय आबादी वाले बड़े सभी जिलों में मतदान उत्सव के माहौल में और उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ हुआ। पहली बार मतदान करने वाले, बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों और आदिवासियों सहित विभिन्न समूहों के मतदाता आज मतदान करने वाले 15 जिलों के मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करते देखे गए, वे धमकियों और बहिष्कार के आह्वान से अप्रभावित रहे। गढ़वा जिले के बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में, जिसे कभी उग्रवादियों का गढ़ माना जाता था, हेसातु मतदान केन्द्र पर लंबी कतारों और शांतिपूर्ण मतदान ने लोकतांत्रिक लोकाचार की गहरी पैठ का संकेत दिया। बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में यह मतदान केन्द्र पहली बार लोकसभा चुनाव 2024 के लिए स्थापित किया गया था, जिससे यहां के लोग अपने गांव में ही मतदान कर सके।

आज सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान बिना किसी हिंसा की घटना के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। शाम 5 बजे तक के अपडेट के अनुसार, झारखंड के मतदान केन्द्रों पर 64.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2019 के विधानसभा चुनावों में इन 43 विधानसभा क्षेत्रों में हुए 63.9 प्रतिशत मतदान से पहले ही अधिक है। कुछ मतदान केन्द्रों पर अभी भी मतदान जारी है, जहाँ मतदाता मतदान का समय समाप्त होने से पहले कतार में प्रतीक्षा कर रहे थे।

इसके साथ ही, आज 10 राज्यों के 31 विधानसभा क्षेत्रों और केरल के वायनाड संसदीय क्षेत्र में भी उपचुनाव हुए। सिक्किम में 2 विधानसभा क्षेत्रों में निर्विरोध मतदान हुआ।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और डॉ. सुखबीर सिंह संधू के साथ मिलकर 15,000 से अधिक मतदान केन्द्रों पर स्थिति पर लगातार नज़र रखी। आयोग द्वारा सावधानीपूर्वक योजना और निरंतर निगरानी ने सुनिश्चित किया कि इस बार झारखंड चुनाव सुचारू और सुव्यवस्थित रहे, और अब तक कोई पुनर्मतदान दर्ज नहीं किया गया है। मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 100 प्रतिशत मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी।

पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर और जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं ने बहिष्कार के पोस्टर और उग्रवादियों की धमकी के बावजूद वोट डालने का फैसला किया। जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के सोनापी और मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के रबांगदा मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा बलों ने बहिष्कार के पोस्टर और रास्ते में अवरोध लगाकर मतदाताओं को मतदान से रोकने के प्रयासों को विफल कर दिया।

जनजातीय मतदाताओं ने मतदान केन्द्रों पर उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपना वोट डाला। पोटका विधानसभा क्षेत्र (पूर्वी सिंहभूम जिला) के लखैडीह गांव के मतदाताओं ने पहली बार अपने गांव में बने मतदान केन्द्र पर मतदान किया जहां 100 प्रतिशत जनजातीय आबादी है। इससे पहले उन्हें मतदान करने के लिए पास के गांव जाना पड़ता था, जो मुख्य सड़क से करीब 25 किलोमीटर दूर है और घने जंगल और पहाड़ी रास्ते से 4 किलोमीटर दूर है। चुनाव से पहले राज्य के 8 पीवीटीजी के 1.78 लाख सदस्यों का नामांकन मतदाता सूची में 100 प्रतिशत सुनिश्चित किया गया।

मतदान केन्द्रों को स्थानीय थीम और झारखंड की संस्कृति को दर्शाते तत्वों से सजाया गया था और मतदाताओं के लिए स्वागत करने वाला माहौल प्रदान किया गया था। सभी मतदान केन्द्रों पर प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल, शौचालय, शेड, रैंप, व्हीलचेयर और स्वयंसेवकों सहित बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गईं।

प्रवर्तन एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से सतर्कता और जब्ती को मजबूत किया गया, जिसके परिणामस्वरूप चुनावों की घोषणा के बाद से झारखंड में 183 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती की गई, जिसमें 145 करोड़ रुपये से अधिक के मुफ्त सामान और 13 करोड़ रुपये की दवाएं शामिल हैं। पांच जिलों के 225 मतदान केन्द्रों पर मतदान अधिकारियों को हवाई मार्ग से पहुंचाया गया, जो घने जंगलों, कठिन इलाकों और वामपंथी उग्रवाद के कारण पहुंच से बाहर थे।

शाम 5 बजे तक 64.86 प्रतिशत मतदाता मतदान के अस्थायी आंकड़े आरओ द्वारा वोटर टर्नआउट ऐप पर विधानसभा क्षेत्रवार अपडेट किए जाते रहेंगे, जब भी मतदान दल औपचारिक रूप से मतदान बंद कर देंगे और भौगोलिक/लॉजिस्टिक स्थितियों के आधार पर मतदान केन्द्रों से लौटेंगे और वैधानिक दस्तावेजों की जांच और पुनर्मतदान पर विचार करेंगे, यदि कोई हो। हितधारकों की सुविधा के लिए आयोग आज रात लगभग 2345 बजे अस्थायी मतदाता मतदान के आंकड़ों के साथ एक और प्रेस नोट भी जारी करेगा।

 

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने कोचिंग क्षेत्र में भ्रामक विज्ञापनों की रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश जारी किए

उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने कोचिंग क्षेत्र में भ्रामक विज्ञापनों पर रोक लगाने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सीसीपीए मुख्य आयुक्त और उपभोक्ता मामले विभाग सचिव, निधि खरे ने आज नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि कोचिंग क्षेत्र में भ्रामक विज्ञापनों की रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश, 2024, का उद्देश्य छात्रों और आम जनता को कोचिंग केंद्रों द्वारा आमतौर पर अपनाए जाने वाले भ्रामक विपणन तौर-तरीकों से बचाना है।

कोचिंग क्षेत्र में भ्रामक विज्ञापन रोकथाम के लिए दिशा-निर्देशों पर तत्कालीन सीसीपीए मुख्य आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई थी और उसमें केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, शिक्षा मंत्रालय, लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में), राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) दिल्ली, विधि फर्म और उद्योग हितधारकों जैसे संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे।

सीसीपीए द्वारा कोचिंग क्षेत्र में भ्रामक विज्ञापन रोकथाम के लिए दिशानिर्देश लाने की आवश्यकता पर समिति के सदस्यों में आम सहमति बनी थी। समिति ने पर्याप्त विचार-विमर्श के बाद अपने सुझाव प्रस्तुत किए और उनके आधार पर सीसीपीए ने 16 फरवरी 2024 को मसौदा दिशानिर्देश सार्वजनिक टिप्पणियों के लिए रखे। शिक्षा मंत्रालय, भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), एएलएलईएन करियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड, इंडिया एडटेक कंसोर्टियम और इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आईएएमएआई), एफआईआईटीजेईई, करियर 360 कोचिंग प्लेटफॉर्म, चिर्रावुरी रिसर्च फाउंडेशन फॉर ह्यूमन एंड ग्लोबल रिफॉर्म्स, सिविक इनोवेशन फाउंडेशन, वाधवानी फाउंडेशन और कंज्यूमर एजुकेशन एंड रिसर्च सेंटर (सीईआरसी) सहित 28 विभिन्न हितधारकों ने सार्वजनिक सुझाव भेजे थे।

दिशा-निर्देशों में कुछ महत्वपूर्ण परिभाषाएं इस प्रकार हैं:-

अकादमिक सहायता, शिक्षा प्रदान करना, मार्गदर्शन, निर्देश, अध्ययन कार्यक्रम या ट्यूशन या इसी तरह की प्रकृति की अन्य गतिविधि कोचिंग में शामिल है, लेकिन इसमें परामर्श, खेल, नृत्य, रंगमंच और अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल नहीं हैं;
ii. पचास से अधिक छात्रों को कोचिंग प्रदान करने के लिए किसी व्यक्ति (व्यक्तियों) द्वारा स्थापित, संचालित या प्रशासित केंद्र “कोचिंग सेंटर” के अंतर्गत आते है;
“प्रचारक” का वही अर्थ माना जाएगा जो भ्रामक विज्ञापनों की रोकथाम और भ्रामक विज्ञापनों के लिए समर्थन, 2022 के दिशानिर्देशों के खंड 2(एफ) के तहत प्रदान किया गया है;
ये दिशानिर्देश, झूठे या भ्रामक दावों, बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई सफलता दरों और अनुचित अनुबंधों को लेकर बढ़ती चिंताओं के मद्देनजर तैयार किए गए हैं जो कोचिंग संस्थान अक्सर छात्रों पर थोपते हैं। इस तरह के तौर-तरीकों को छात्रों को गुमराह करने, महत्वपूर्ण जानकारी छुपाने, झूठी गारंटी देने आदि के माध्यम से उनके निर्णयों को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है।

ये दिशानिर्देश कोचिंग में लगे प्रत्येक व्यक्ति पर लागू होंगे, जिसका मतलब सिर्फ कोचिंग सेंटर ही नहीं है, बल्कि विज्ञापनों के माध्यम से अपनी सेवाओं को बढ़ावा देने वाले किसी भी एंडोर्सर या सामाजिक रूप से प्रतिष्ठित व्यक्ति पर भी लागू होंगे। कोचिंग सेंटरों को अपना नाम या प्रतिष्ठा देने वाले एंडोर्सर के लिए यह सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा कि वे जिन दावों का समर्थन करते हैं वे सटीक और सत्य हैं। कोचिंग संस्थानों का समर्थन करने वाले एंडोर्सर को अब अपने बढ़ावा देने वाले दावों को सत्यापित करना होगा। यदि वे झूठी सफलता दर या भ्रामक गारंटी का समर्थन करते हैं, तो कोचिंग सेंटरों के साथ-साथ उन्हें भी जवाबदेह ठहराया जाएगा।

निधि खरे ने इस बात पर जोर दिया कि सीसीपीए कोचिंग क्षेत्र के हितधारकों, उपभोक्ता संगठनों और नियामक निकायों के साथ मिलकर काम करना चाहता है ताकि छात्रों और जनता के हित में दिशानिर्देशों का प्रभावी कार्यान्वयन और अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने आगे कहा कि कोचिंग क्षेत्र में भ्रामक विज्ञापन उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के अनुसार शासित होंगे और दिशानिर्देश हितधारकों के लिए स्पष्टता लाएंगे और उपभोक्ता हितों की रक्षा करेंगे। ये दिशानिर्देश छात्रों के शोषण को रोकने और यह सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं कि छात्रों को झूठे वादों द्वारा गुमराह न किया जाए या उपभोक्ताओं और व्यापक शैक्षिक पारिस्थितिकी तंत्र दोनों को लाभ पहुंचाने वाले अनुचित अनुबंधों में मजबूर न किया जाए। कोचिंग क्षेत्र में भ्रामक विज्ञापन रोकथाम के लिए दिशानिर्देश, 2024 से इस क्षेत्र में बहुत आवश्यक पारदर्शिता और निष्पक्षता आने की उम्मीद है, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि छात्र और उनके परिवार सच्ची जानकारी के आधार पर सूचित निर्णय ले सकें। ये दिशानिर्देश किसी भी मौजूदा विनियमन के अतिरिक्त होंगे, जो कोचिंग क्षेत्र में विज्ञापनों को नियंत्रित करने वाले समग्र नियामक ढांचे को बढ़ाएंगे।

सीसीपीए ने कोचिंग केंद्रों द्वारा भ्रामक विज्ञापन के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की थी। इस सम्बंध में, सीसीपीए ने भ्रामक विज्ञापन के लिए विभिन्न कोचिंग केंद्रों को 45 नोटिस जारी किए हैं। सीसीपीए ने 18 कोचिंग संस्थानों पर 54 लाख 60 हजार का जुर्माना लगाया है और उन्हें भ्रामक विज्ञापन बंद करने का निर्देश दिया है।

उपभोक्ता मामलों के विभाग ने राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (एनसीएच) के माध्यम से यूपीएससी सिविल सेवा, आईआईटी और अन्य प्रवेश परीक्षाओं के लिए नामांकित छात्रों और उम्मीदवारों के लिए न्याय सुनिश्चित करने के लिए मामला मुकदमेबाजी तक पहुंचने से पहले ही स्थिति संभालने के लिए सफलतापूर्वक हस्तक्षेप किया है। वर्ष 2021-2022 में छात्रों द्वारा दर्ज की गई शिकायतों की कुल संख्या 4,815 है, इसके बाद वर्ष 2022-2023 में 5,351 और 2023-2024 में 16,276 शिकायतें हैं। यह बढ़ी हुई संख्या उपभोक्ता आयोगों का दरवाजा खटखटाने से पहले एक प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र के रूप में एनसीएच में छात्रों के बढ़ते विश्वास और भरोसे को दर्शाती है। 2024 में, मुकदमेबाजी से पहले के चरण में अपनी शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए पहले ही 6980 छात्र एनसीएच से संपर्क कर चुके हैं।

विभिन्न कोचिंग सेंटरों द्वारा अनुचित व्यवहार, विशेष रूप से छात्रों/अभ्यर्थियों की नामांकन फीस वापस न करने के सम्बंधी मामलों में राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन में दर्ज की गई अनेक शिकायतों के बाद, 1 सितंबर 2023 से 31 अगस्त 2024 के दौरान एनसीएच ने इन शिकायतों को मिशन-मोड पर हल करने के लिए एक अभियान शुरू किया, ताकि प्रभावित छात्रों को कुल 1.15 करोड़ रुपये की राशि वापस की जा सके। देश के सभी कोनों से प्रभावित छात्रों द्वारा एनसीएच पर अपनी शिकायतें दर्ज कराने के बाद विभाग ने हस्तक्षेप किया और सभी की राशि मुकदमे से पहले ही वापस करने की प्रक्रिया शुरू की गयी।

 

आमजन भाजपा और गरीब कल्याण की योजनाओं के साथ है, जनता कांग्रेस को जवाब देगी – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को विजयपुर विधानसभा क्षेत्र की सीमा पहुंचकर कांग्रेस नेताओं द्वारा चुनाव में की जा रही गुंडागर्दी, अनुचित दबाव की राजनीति और भ्रमित किए जाने के षड्यंत्रों का मुंहतोड़ जवाब दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा को प्रशासन द्वारा चुनाव आचार संहिता के कारण विजयपुर विधानसभा की सीमा पर रोका गया तो नियमों का सम्मान करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ वहीं जमीन पर उतरकर चुनाव का हाल जाना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी। कांग्रेस की गुंडागर्दी व दबाव की राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए मैं विजयपुर की सीमा पर आया हूं। चुनाव को प्रभावित करने के लिए कांग्रेस ने आदिवासियों पर अत्याचार किए। किसी भी आदिवासी भाई बहन पर अत्याचार होगा तो भाजपा उनके साथ खड़ी है। भारतीय जनता पार्टी हमेशा नियमों का पालन करती है, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इसे तोड़ा है उन पर चुनाव आयोग को सख्त कार्रवाई करना चाहिए। शर्मा ने कहा कि चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद भी विजयपुर में कांग्रेस के बाहरी नेता कैसे मौजूद रहे, उन पर मामला दर्ज कर कार्रवाई क्यों नहीं की गई ? प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने बुधनी और विजयपुर विधानसभा के मतदाताओं का आभार जताया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शर्मा ने कहा कि विजयपुर विधानसभा में कांग्रेस को हार का आभास हो गया है। कांग्रेस ने हार की बौखलाहट में योजनाबद्ध तरीके से आदिवासी भाई-बहनों के प्रति दबाव की राजनीति करने के लिए गुंडागर्दी, झूठ और तुष्टीकरण की राजनीति का सहारा लिया है। कांग्रेस जब भी चुनाव हारने लगती है, इसी तरह गुंडागर्दी का सहारा लेती है, लेकिन विजयपुर की जनता भाजपा और गरीब कल्याण की योजनाओं के साथ है। भाजपा कार्यकर्ता और विजयपुर विधानसभा की जनता कांग्रेस की गुंडागर्दी का जवाब देने के लिए तैयार है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी विजयपुर के पास रूककर चुनाव को प्रभावित करने का कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस जब-जब चुनाव हारती है तब-तब षडयंत्रों का सहारा लेती है। निर्वाचन आयोग जीतू पटवारी के कहने पर नहीं कानून के अनुसार काम करेगा। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेता विजयपुर में कैसे रूके?, कांग्रेसियों के खिलाफ एफआईआर कर गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? यह बड़ा प्रश्न चिन्ह है, जिसकी वजह से मुझे विजयपुर की सीमा तक आना पड़ा। कांग्रेस के गुंडागर्दी की राजनीति नहीं चलने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि आदिवासियों पर षडयंत्रपूर्वक कांग्रेस ने हमला कराया। कांग्रेस द्वारा षडयंत्रपूर्वक कराए गए हमले में पीड़ित आदिवासियों को न्याय दिलाने के लिए भाजपा उनके साथ खड़ी है।

इस दौरान प्रदेश शासन के मंत्री राकेश शुक्ला, पार्टी के प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत, जिला अध्यक्ष राजू बाथम, विधायक देवेन्द्र जैन, महेन्द्र यादव, रमेश खटीक, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, पूर्व विधायक जशवंत सिंह जाटव, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नगर पलिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं बडी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बुधनी और विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान के लिए मतदाताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बुधनी और विजयपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए हुए मतदान में मतदाताओं ने जो उत्साह दिखाया है, वह अभूतपूर्व है। प्रत्येक आयु वर्ग के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लिया। शर्मा ने कहा कि मतदान के प्रति मतदाताओं का यह उत्साह लोकतंत्र के प्रति उनकी आस्था को दिखाता है। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र के इस महायज्ञ में सक्रिय भागीदारी के लिए मतदाताओं का अभिनंदन करती है। प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति भी आभार जताया है।

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...