विकसित मध्यप्रदेश के लिए टीम भावना के साथ कार्य करें : मुख्य सचिव अनुराग जैन

नवागत मुख्य सचिव अनुराग जैन ने पदभार ग्रहण करने के साथ गुरूवार को मंत्रालय में विकसित मध्यप्रदेश के रोडमैप को लेकर अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव एवं सचिवों के साथ पहली बैठक की। मुख्य सचिव जैन ने बैठक में सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।

मुख्य सचिव जैन ने अधिकारियों से कहा कि राज्य की आय बढ़ाने के लिए अन्य साधन एवं स्त्रोत भी तलाशें। अनुराग जैन ने अधिकारियों को अद्यतन तकनीकी एवं अपने सेक्टर में हो रहे नवाचारों से निरंतर अवगत रहने की जरूरत बतायी।

बैठक में उन्होंने अधिकारियों से प्रदेश में केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं और समाधान के उपायों को लेकर भी चर्चा की। अनुराग जैन ने कहा कि प्रदेश में योजना बनाने के पूर्व विस्तृत विचार-विमर्श किया जाये तथा शासन से निर्णय हो जाने पर उसका क्रियान्वयन बेहतर तरीके से किया जाये जिससे अच्छे परिणाम प्राप्त हो सकें।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश के विकास के लिए भारत सरकार के विभागीय अधिकारियों से सतत् संपर्क एवं समन्वय कर योजनाओं को आगे बढ़ाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपने-अपने विभागों का डाटा-बेस बनाने को कहा जिससे इसका मास्टर डाटाबेस बनाया जा सके।

बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त मोहम्मद सुलेमान ने उद्यानिकी फसलों में प्र-संस्करण की पॉलिसी बनाने के संबंध में सुझाव दिये। अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने जल संसाधन और नर्मदा घाटी विकास विभाग की योजनाओं एवं क्रियान्वयन के बारे में जानकारी दी। अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास अंतर्गत गौशाला, ग्राम रोजगार सहायक की राशि, अपर मुख्य सचिव एस.एन. मिश्रा ने गृह, जेल, परिवहन विभाग अंतर्गत डायल 100, पुलिस बैंड, लाउडस्पीकर नियंत्रण, जघन्य अपराधों की फोरेंसिक जांच, मध्यप्रदेश सुधारात्मक सेवाएं एवं बंदीगृह अधिनियम, अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने दो टाइगर रिजर्व एवं नए सेंचुरी पार्क, टाइगर मेनेजमेंट, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने विज्ञान प्रौद्योगिकी अंतर्गत डाटा सेंटर बनाने, सिंहस्थ 2028 की तैयारी, विभागीय कार्य आंवटन नियमों में परिवर्तन, प्रमुख सचिव नीरज मण्डलोई ने पीएम आवास, स्वच्छ भारत मिशन, भोपाल-इंदौर मैट्रो, आत्मनिर्भर निकाय बनाने, प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा विभाग एवं उद्यानिकी अनुपम राजन ने पीएम उषा, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने पर्यटन विभाग अंतर्गत राम वन गमन पथ, श्री कृष्ण पाथेय, प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह ने रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव, प्रमुख सचिव संजय शुक्ला ने जिला विकास पुस्तिका, डॉ. संजय गोयल ने शिक्षा विभाग अंतर्गत स्कूल यूनिफार्म, साइकिल, लैपटॉप, स्कूटी वितरण के बारे में जानकारी दी।

बैठक में अपर मुख्य सचिव के.सी.गुप्ता, स्मिता भारद्वाज, रश्मी अरूण शमी, प्रमुख सचिव दीपाली रस्तोगी, अमित राठौर, गुलशन बामरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल, ग्रामीण अंचलो से लिए जायेंगे जनहितकारी निर्णय

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के समग्र विकास के लिए राजधानी भोपाल से परे संभागीय और आंचलिक क्षेत्रों में इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के साथ कैबिनेट की बैठकें करने की पहल की है। मोहन सरकार की राजधानी के बाहर पहली कैबिनेट बैठक जनवरी 2024 को जबलपुर में हो चुकी है। इसी क्रम में अगली कैबिनेट दमोह जिले के सिंग्रामपुर में 5 अक्टूबर को होने जा रही है। जिला प्रशासन दमोह द्वारा सिंग्रामपुर में कैबिनेट बैठक की तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती का योगदान ऐतिहासिक रहा है। दमोह जिले सिंग्रामपुर गाँव के नजदीक सिंगौरगढ़ का किला है। यह क्षेत्र रानी दुर्गावती की राजधानी के रूप में इतिहास में दर्ज है। वीरांगना दुर्गावती के 500 वीं जयंती पर उनके सम्मान में सिंग्रामपुर में कैबिनेट की बैठक करने का निर्णय लिया गया है। आगामी 5 अक्टूबर को राज्य मंत्री-मंडल के सभी सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी सिंग्रामपुर पहुंचेंगे, जहाँ प्रदेश के विकास लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिये जायेंगे।

ग्राम सिंग्रामपुर में कैबिनेट बैठक साथ लाड़ली बहना सम्मेलन भी होगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश की लाड़ली बहना योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की हितग्राही बहनों के खाते में राशि का अंतरण करेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा बहनों से संवाद भी किया जायेगा।

सिंग्रामपुर और उसके आस-पास स्थित ऐतिहासिक स्थलों का मंत्रि-परिषद के सदस्यों द्वारा भ्रमण भी किया जायेगा। इसमें रानी दुर्गावती के किले का अवलोकन, रानी मंदिर में पूजा-अर्चना और रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सहित सभी मंत्रीगण यहाँ पौध-रोपण भी करेंगे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ. मोहन यादव ने सबसे पहले यह निर्णय लिया था कि प्रदेश में नागरिको की समस्याओं के निराकरण, सुशासन, विकास कार्यों और जन-कल्याणकारी काही योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन की संभागवार समीक्षा बैठकें होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पहली समीक्षा बैठक 17 दिसम्बर 2023 को उज्जैन मुख्यालय पर ली। इसी क्रम में अन्य संभागों में भी समीक्षा बैठकें ली जाकर मैदानी स्तर पर प्रशासनिक और योजनाओं के क्रियान्वन की स्थिति को आंका गया।

Kolar news Update: दानिश चौराहा का नाम बदला अब अग्रसेन चौक के नाम से जाना जाएगा

अग्रसेन चौक के नाम से जाना जाएगा कोलार का दानिश चौराहा

अग्रसेन जयंती पर अग्रवाल समाज कोलार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विधायक रामेश्वर शर्मा ने की घोषणा

ज्ञात हो की यह मुखर्जी नगर कोलार अपितु भोपाल का सबसे व्यस्ततम चौराहा है।

इस चौराहे को अधिकतम चौड़ा किया जा रहा है, इस चौराहे के चारों तरफ़ सड़क का निर्माण भी किया जा रहा है।

नवरात्रि का त्योहार आज से शुरू, देवी दुर्गा के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़

आज से शुरू हुए शारदीय नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही प्रदेश के शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नवरात्र के पहले दिन मां भगवती के प्रथम स्वरूप माता शैलपुत्री की आराधना की जा रही है। प्रसिद्ध शक्तिपीठ विन्ध्याचल के माता विन्ध्यवासिनी देवी मंदिर में कल रात से ही नवरात्र मेला शुरू हो गया है। मेले में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

प्रदेश में आज नवरात्र का पहला दिन पारंपरिक हर्ष उल्लास और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मनाया जा रहा है। देवी मंदिरों में आज से नौ दिवसीय आराधना पर्व की शुरुआत हो गई है। शिवपुरी में मां वैष्णो देवी के दरबार की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। गांधी चौक के पास मां वैष्णो देवी का दरबार करीब 31 साल से भक्तों द्वारा लगाया जा रहा है। जबलपुर के बड़ी खेरमाई मंदिर, बूढ़ी खेरमाई मंदिर, काली मंदिर, बगलामुखी सिद्धपीठ, छोटी देवन, शारदा मंदिर मदन महल मेला सा नजारा है।आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित पीताम्बरा सिद्ध पीठ मां बगलामुखी की ऑफिशियल वेबसाइट का आज से ट्रायल रन प्रारंभ किया गया। फिलहाल के लिये हवन बुकिंग के लिये यह व्यवस्था लागू की गई है। इसी तरह देवास में भी देवास में माता टेकरी स्थित मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा के अति प्राचीन मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ना शुरू हो गई है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने कहा, ”समस्त देशवासियों को नवरात्रि की असीम शुभकामनाएं। शक्ति-वंदना को समर्पित यह पावन पर्व हर किसी के लिए शुभकारी सिद्ध हो, यही कामना है। जय माता दी!” एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संलग्न करते हुए कहा कि नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की करबद्ध प्रार्थना! उनकी कृपा से हर किसी का कल्याण हो। देवी मां की यह स्तुति आप सबके लिए।

शारदीय नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। नौ दिनों तक लगातार चलने वाले इस त्योहार से पूर्व तमाम घरों में काफी तैयारियां की जाती हैं।

नवरात्रि के पहले दिन कलश स्थापना के साथ विधि-विधान से अखंड ज्योति जलाई जाती है। हिंदू त्योहारों में विशेष महत्व रखने वाले नवरात्रि में देवी दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों मां शैलपुत्री, मां ब्रह्मचारिणी, मां चंद्रघंटा, मां कूष्मांडा, मां स्कंदमाता, मां कात्यायनी, मां कालरात्रि, मां महागौरी, मां सिद्धि दात्री की पूजा-अर्चना की जाती है।

पहले दिन पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की आराधना की जाती है। आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि लेकर नवमी तिथि तक शारदीय नवरात्रि रहती है। शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना के साथ विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा और अनुष्ठान आरंभ होते हैं।

गुजरात में धार्मिक आस्‍था और उत्साह के साथ नवरात्रि शुरू हो गई है। मां दुर्गा के भक्त बनासकांठा में प्रतिष्ठित अंबाजी मंदिर और पावागढ़ में महाकाली मंदिर सहित राज्य के शक्तिपीठों का दौरा कर रहे हैं।

मां विंध्यवासिनी की जय-जयकारों के बीच प्रसिद्ध शक्तिपीठ विंध्याचल में शारदीय नवरात्र मेला प्रारंभ हो चुका है। नवरात्र तक भक्त माँ विंध्यवासिनी का दर्शन 20 घंटे कर सकेंगे। माँ की चारों आरती के लिये मंदिर के कपाट एक एक घंटे के लिये बंद रहेंगें। मंगला आरती का समय भोर में 3 से 4 बजे तक निर्धारित है। राजश्री आरती का समय दोपहर 12 से 1 बजे तक शाम की आरती 7 से 8 बजे के बीच होगी। बड़ी आरती का समय रात्रि 9. 30 से 10. 30 बजे तक निर्धारित है। माँ विंध्यवासिनी मंदिर के गर्भगृह के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही बलरामपुर के देवी पाटन शक्तिपीठ समेत वाराणसी और अयोध्या के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।

गोरखपुर में मां तरकुलहा देवी मंदिर और महराजगंज के लेहड़ा देवी मंदिर में भी ब्रम्ह मुहूर्त से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुसुम्ही जंगल स्थित बुढ़िया माई मंदिर में दर्शन पूजन किया।

दूसरी ओर प्रदेश भर में जगह जगह दुर्गा पंडालों की भव्य सजावट की जा रही है। पंडालों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में नवरात्रि उत्सव धार्मिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही, देश के विभिन्न हिस्सों से भक्त कटरा में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में देवी दुर्गा,महाकाली और सरस्वती के दर्शन कर रहे हैं। कश्मीर संभाग में भी आज पहले नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन कर रहे हैं।

 

राहुल गांधी दो बार फेल हो चुके, अब तीसरी बार फिर फेल होंगे – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जिला झज्जर के मातनहेल और भिवानी जिले के तोशाम विधानसभा के तोशाम में रोड शो कर पार्टी प्रत्याशियों को ज्यादा से ज्यादा मतों से जिताने की अपील आम जनता से की है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रोड शो के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा में एक बार फिर हर तरफ भाजपा का माहौल है और तीसरी बार प्रचंड बहुमत से फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। आज जहां मैंने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया वहां हमें ऐतिहासिक जीत हासिल होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी हरियाणा में पिछले दो चुनावों में फेल हो चुके हैं और अब तीसरी बार हरियाणा में भी फेल होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हरियाणा की जनता बहुत समझदार है। यहां की जनता अपने प्रदेश और देश के विकास के लिए भाजपा को ही अपना आशीर्वाद दे रही है। झज्जर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी कप्तान बिरधाना और तोशाम विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बंसीलाल की पोती श्रुति चौधरी क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में अभी डबल इंजन की सरकार कार्य कर रही है। विपक्षी दलों के पास विकास का कोई विजन नहीं है। हरियाणा के विकास के लिए भाजपा यहां तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ने झज्जर विधानसभा में लगभग 15 किमी लंबा रोड शो किया। उनका काफिला मातनहेल, तुच्छकवास, खेड़ी और खातिवास से निकला। तोशाम विधानसभा के तोशाम में आयोजित रोड शो डॉ. यादव का भव्य स्वागत किया गया। रोड शो के दौरान लगातार ‘भाजपा जिंदाबाद’, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाए जा रहे थे। रोड शो का सड़क किनारे हजारों लोगों ने पुष्पवर्षा और साफा पहनाकर डॉ. यादव का कर स्वागत किया। चौक-चौराहों पर आतिशबाजी और पटाखा फोड़कर रोड शो का स्वागत किया गया। रोड शो के दौरान भाजपा प्रत्याशियों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करने और मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत करने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के 32वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राजस्थान के उदयपुर में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के 32वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि यह तेजी से बदलाव का समय है, जो ज्ञान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी हो रहा है। उन्होंने छात्रों को हमेशा “छात्र की भावना” बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि निरंतर कड़ी मेहनत और समर्पण जीवन भर उनके काम आएगा।

राष्ट्रपति ने छात्रों को अपनी महत्वाकांक्षाओं और सामाजिक संवेदनशीलता के बीच संतुलन बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता एक स्वाभाविक गुण है। कुछ लोग परिवेश, शिक्षा और मूल्यों में व्याप्त बुराइयों से अंधे स्वार्थ का रास्ता अपना लेते हैं। उन्होंने कहा कि दूसरों का भला करने से ही अपना कल्याण किया जा सकता है।

राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से ऐसा कोई काम न करने का आग्रह किया जिससे उनके चरित्र पर धब्बा लगे। उन्होंने कहा कि उच्चतम नैतिक मूल्यों को उनके आचरण और कार्यशैली का हिस्सा होना चाहिए। उनके जीवन के हर पहलू में ईमानदारी होनी चाहिए। उनका हर कार्य न्यायपूर्ण और नैतिक होना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षा सशक्तिकरण का सबसे अच्छा माध्यम है। उन्होंने यह जानकर खुशी जताई कि मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय छह दशकों से अधिक समय से उच्च शिक्षा प्रदान कर रहा है। इस विश्वविद्यालय में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों से विद्यार्थियों की बड़ी संख्या हैं। उन्होंने कहा कि समावेशी शिक्षा के माध्यम से सामाजिक न्याय की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण योगदान है।

राष्ट्रपति को यह जानकर खुशी हुई कि मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय ने कई गांवों को गोद लिया है और छात्रों को गांव के विकास में शामिल किया है। राष्ट्रपति ने विश्वविद्यालय के अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सजग रवैये की सराहना की।

मध्यप्रदेश और केंद्र के बीच समन्वयक की भूमिका में होंगे अनुराग जैन – कृष्णमोहन झा

मध्यप्रदेश के वरिष्ठतम आईएएस अधिकारी अनुराग जैन ने राज्य के 35 वें मुख्यसचिव के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। अपनी नवीन पदस्थापना के पूर्व वे पिछले चार वर्षों से केंद्र सरकार के अंतर्गत सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में प्रतिनिधि सचिव के रूप अपनी सेवाएं दे रहे थे। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने अनुराग जैन को मुख्य सचिव मनोनीत किए जाने में विशेष भूमिका निभाई। कुछ दिन पूर्व जब उन्होंने नई दिल्ली में अनुराग जैन से मुलाकात की थी तभी ये चर्चाएं शुरू हो गई थीं कि वे अनुराग जैन को मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव के रूप में केंद्र से वापस भोपाल लाना चाहते हैं। यहां यह भी गौरतलब है कि मुख्य सचिव पद के लिए डा राजेश राजौरा और एस एन मिश्र के नाम भी चर्चा में थे परन्तु मुख्यमंत्री ने अनुराग जैन की वरीयता को ध्यान में रखते हुए उन्हें मुख्यसचिव की कुर्सी सौंपने का जो फैसला किया उसकी सर्वत्र सराहना हो रही है। 1989 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन अगस्त 2025 तक मुख्य सचिव के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। उनके पूर्व इस पद पर कार्यरत वीरा राणा का कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त हो गया। उन्हें सरकार ने दो बार 6-6 माह का एक्सटेंशन दिया था।वीरा राणा को पहले प्रभारी मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था।बाद में उन्हें पूर्णकालिक मुख्य सचिव बना दिया गया।

राज्य के नये मुख्य सचिव का अकादमिक रिकॉर्ड शानदार रहा है। मूलतः ग्वालियर निवासी अनुराग जैन ने 1986 में आई आई टी खड़गपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी टेक की उपाधि अर्जित करने के पश्चात् अमेरिका के मैक्सवेल इंस्टीट्यूट से लोक प्रशासन में एम ए किया। अनुराग जैन की उपलब्धियों के खाते में खेल कूद के क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार दर्ज हैं। वे राष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी रह चुके हैं। टेबिल टेनिस की अनेक प्रतिष्ठित स्पर्धाओं में 11 मेडल जीत चुके हैं। यही नहीं क्रिकेट में उन्होंने ख्याति अर्जित की है और उन्हें अतीत में मध्यप्रदेश की क्रिकेट टीम का सदस्य होने का गौरव मिल चुका है। अनुराग जैन की विशिष्ट कार्य शैली, अद्भुत कार्यक्षमता ने उन्हें मध्यप्रदेश के हर मुख्यमंत्री का चहेता बना दिया था। भाजपा शासन काल में वे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विश्वास पात्र सचिव रहे तो कांग्रेस सरकार गठित होने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने वित्त प्रबंधन में उनकी दक्षता को देखते हुए उन्हें वित्त मंत्रालय में प्रमुख सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी थी। मध्यप्रदेश में पब्लिक सर्विस डिलीवरी एक्ट को लागू करने में भी अनुराग जैन की भूमिका को सदा याद रखा जाएगा। ऐसा भी आया कि वित्तीय मामलों के विशेषज्ञ के रूप में उनकी ख्याति मध्यप्रदेश की सीमाओं को पार कर देश की राजधानी नई दिल्ली तक जा पहुंची। अनुराग जैन जब प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव थे तब जन-धन योजना के क्रियान्वयन में उनकी अहम भूमिका थी। पीएम गति शक्ति मास्टर प्लान में भी अनुराग जैन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूचना प्रौद्योगिकी में विशेष रुचि रखने वाले अनुराग जैन को प्रधानमंत्री द्वारा वेबरत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

मुझे भली भांति याद है कि जब 1997 में अनुराग जैन की कलेक्टर के रूप में प्रथम नियुक्ति मंडला में हुई थी उन्हीं दिनों मैंने पत्रकारिता के क्षेत्र में पदार्पण किया था।उस दौरान एकाधिक बार उनसे व्यक्तिगत रूप से भेंट करने का सौभाग्य भी मिला। मैं उनकी अनुशासनप्रियता और समय की पाबंदी जैसे गुणों से बेहद प्रभावित हुआ। मंडला में उनके कार्यकाल में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत हुई। एक आदिवासी जिले के रूप में मंडला के विकास हेतु अनुराग जैन के योगदान को मंडला के लोग आज भी याद करते हैं। इसमें कोई संदेह नहीं कि मंडला जिले अब तक जितने भी कलेक्टर पदस्थ हुए हैं उनमें अनुराग जैन ने संभवतः सर्वाधिक लोकप्रियता अर्जित की । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अतिरिक्त मंदसौर जिले के कलेक्टर के रूप में अनुराग जैन की उपलब्धियां उल्लेखनीय रही हैं। मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि अपनी पत्रकारिता के उस प्रारंभिक दौर में मुझे मंडला जिले में अनुराग जैन के सानिध्य में रहकर बहुत कुछ सीखने को मिला जिसने आगे चलकर मुझे हिन्दी पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मंडला के कलेक्टर के रूप में अनुराग जैन ने उस पिछड़े और आदिवासी जिले के कायाकल्प के लिए जो रुचि प्रदर्शित की उसने अल्प काल में ही मंडला का स्वरूप ही बदल दिया। आदिवासी बहुल मंडला क्षेत्र में अनुराग जैन के सक्रिय प्रयासों के फलस्वरूप एक आडीटोरियम का निर्माण संभव हो सका। उनके कार्यकाल में ही खेल-कूद की गतिविधियां प्रारंभ हुईं । आज अगर मंडला के छात्र और युवा खेलकूद में ख्याति अर्जित कर रहे हैं तो उसका श्रेय अनुराग जैन को ही जाता है। एक समय था जब मंडला में डिहाइड्रेशन के कारण असमय ही हजारों लोग मौत के शिकार बन जाते थे। संवेदनशील अनुराग जैन को इस स्थिति ने द्रवित कर दिया। तब उन्होंने न क्षेत्रीय नागरिकों के लिए शुद्ध पेयजल का इंतजाम कराया बल्कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया। अनुराग जैन का कार्य काल मंडला वासियों को भुलाए नहीं भूलता। आज जब मैं अनुराग जी के कर्मठ व्यक्तित्व पर केंद्रित अपने विचार कलमबद्ध कर रहा हूं तो वे अतीत की सारी यादें मेरे मानस पटल पर जीवंत हो उठीं हैं। वे सारी स्मृतियां निःसंदेह मेरे स्मृति कोष की अनमोल धरोहर हैं।

इसमें दो राय नहीं हो सकती कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अनुराग जैन को मध्यप्रदेश सरकार के मुख्य सचिव की कुर्सी सौंपकर उनकी वरिष्ठता का जो सम्मान किया है उसके लिए वे साधुवाद के अधिकारी हैं। अनुराग जैन चूंकि केंद्र में अपनी प्रतिनियुक्ति के अत्यंत महत्वपूर्ण पदों का उत्तर दायित्व संभाल चुके हैं इसलिए केंद्र और राज्य के बीच समन्वय स्थापित करने में मुख्यमंत्री के दाहिने हाथ साबित होंगे।

नोट – लेखक राजनैतिक विश्लेषक है।

इंदिरा फेलोशिप के माध्यम से हक और हिस्सेदारी की पहल आधी आबादी पूरा हक

इंदिरा फेलोशिप कार्यक्रम भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की एक पहल है, जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

उमंग सिंघार ने कहा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने शासन के विभिन्न पहलुओं, विशेष रूप से राजनीतिक प्रतिनिधित्व में, महिलाओं को प्रोत्साहित और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। कांग्रेस पार्टी ने ऐसी नीतियां और पहलें लागू की हैं, जिनसे राजनीति और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

मितेन्द्र सिंह ने कहा हमारे नेता राहुल गांधी महिलाओं की राजनीति और राष्ट्र निर्माण में बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने के विचार में गहरी आस्था रखते हैं और उन्होंने महिलाओं से इस क्रांति, जिसे ‘शक्ति अभियान’ कहा जाता है, में शामिल होने का आग्रह किया है।

इंदिरा फेलोशिप शक्ति अभियान का एक महत्वपूर्ण घटक है और इसे उन महिलाओं को एक मंच प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जो अपने समुदायों में स्थायी प्रभाव छोड़ने की आकांक्षा रखती हैं।

एक राजनीतिक उपकरण के रूप में, यह आंदोलन ‘हक, हिस्सेदारी और पहचान’ के मूल विचारों पर आधारित है।

आगे जानकारी देते हुए गीता कड़वे ने बताया एक वर्ष की छोटी सी अवधि में, 300 से अधिक फेलो ने 28 राज्यों और 350 ब्लॉकों में 4300 शक्ति क्लब स्थापित किए हैं, जिनमें 31000 से अधिक सदस्य शामिल हैं, जो शक्ति अभियान की स्थापना और संचालन का प्रमुख केंद्र हैं।

हमारा लक्ष्य है कि महिलाओं को संसाधनों, अवसरों और सत्ता संरचनाओं में 50% हिस्सेदारी मिले। इस प्रभावशाली पहल के माध्यम से हम राजनीति और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में महिलाओं की ‘रुचि’ को समान स्थान देने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि स्थानीय निकायों, विधानसभाओं और संसद में ‘महिलाओं द्वारा महिलाओं का प्रतिनिधित्व’ सुनिश्चित हो सके।

हमारी इच्छाओं और आकांक्षाओं का सही ढंग से प्रतिनिधित्व कभी भी विभाजित और ध्रुवीकृत समाज में नहीं हो सकता। इसलिए शक्ति अभियान महिलाओं से नफरत और हिंसा के खिलाफ संगठित होने का आग्रह करता है। देश की वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक स्थिति में महिलाओं की भूमिका परिवर्तनकारी के रूप में आवश्यक है, ताकि वे हिंसक और नफरत से भरी राजनीतिक अपीलों से दूषित हो चुके सार्वजनिक विमर्श को पलटने में मदद कर सकें।

हम शक्ति अभियान में इस संकल्प के साथ काम कर रहे हैं कि महिलाओं को केंद्र में रखकर एक रचनात्मक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी।

अनुराग जैन ने आज मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया

राज्य शासन के 35 वें मुख्य सचिव के रूप में 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अनुराग जैन ने आज मंत्रालय में पदभार ग्रहण किया। मुख्य सचिव जैन को वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्प-गुच्छ भेंट किए।

मुख्य सचिव जैन का जन्म 11 अगस्त 1965 को मध्यप्रदेश के ग्वालियर में हुआ। भारतीय प्रशासनिक सेवा में जॉइनिंग के बाद जैन की पहली पोस्टिंग सागर में सहायक कलेक्टर के पद पर जून 1990 में हुई। बहुमुखी प्रतिभा के धनी जैन की शैक्षणिक योग्यता बी.टेक. इंजीनियरिंग एवं एम.ए.लोक प्रशासन (यू.एस.ए.) है।

मुख्य सचिव जैन मंडला, मंदसौर, भोपाल जिलों में कलेक्टर के पद पर पदस्थ रहें। अनुराग जैन ने मध्यप्रदेश शासन में सचिव, प्रमुख सचिव, और अपर मुख्य सचिव के रूप में विभिन्न विभागों के दायित्वों का निर्वहन किया। मुख्य सचिव जैन भारत सरकार में भी प्रतिनियुक्ति पर प्रमुख पदों पर पदस्थ रहे।

स्वच्छ भारत अभियान के तहत, हर परिवार को शौचालय, ठोस और तरल अपशिष्ट निपटान की सुविधा, पेयजल आपूर्ति, और गाँवों की स्वच्छता सुनिश्चित करना है : किरेन रिजिजू

देहरादून में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बुधवार को स्वच्छता ही सेवा-2024 के अंतर्गत स्वच्छ भारत दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की। गांधी पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किशननगर चौक स्थित खादी ग्रामोद्योग पहुंचे, यहां उन्होंने चरखा चलाया और ग्रामोद्योग का निरीक्षण किया।इसके पश्चयात माननीय मंत्री नैशविला रोड पहुंचे , जहां केंद्रीय मंत्री ने स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत स्वच्छता सेवा इकाई का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ ही स्वच्छता मित्रों और कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।उन्होंने इस मौके पर कहा कि यह जानकर अत्यंत प्रसन्नता हुई कि सरकार ने 50 वर्ष पुराने नैशविला रोड स्थित कूड़ेदान से मुक्ति दिलाकर क्षेत्रवासियों को सौगात दी है।

अपने नियत कार्यक्रम के तहत केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू गांधी पार्क पहुंचे।यहां केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यापर्ण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने झाड़ू लगाकर सभी को स्वच्छता का संदेश दिया।वहीं एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत गांधी पार्क परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया।इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया।

उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आकर उन्हें अत्यंत सुख की अनुभूति होती है।यहाँ उन्हें अपने घर जैसा वातावरण मिलता है। यहाँ के लोगों में आदर और सत्कार का भाव झलकता है जो कि अतिथि देवो भवः की भावना को चरितार्थ करता है। साथ ही उन्होंने देवभूमि से अपने लगाव को भी साझा किया। बताया कि किस प्रकार वह यहाँ के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भ्रमण कर चुके हैं।सुदूरवर्ती क्षेत्र स्थित जिला पिथौरागढ़ के गूंजी का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यहाँ के स्थानीय निवासियों द्वारा उन्हें पूर्व में बताया गया था क्षेत्र में सड़क आने की कोई उम्मीद नहीं है।जिससे क्षेत्रवासियों और पर्यटकों को काफी असुविधा होती थी। उनकी इस पीड़ा को समझते हुए चूंकि वह स्वयं अरुणाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य से आते हैं और उन्हें यह भलीभांति ज्ञात है कि सड़क मार्ग नहीं होने से महिलाओं, बुजुर्गों,बच्चों को कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ऐसे में उनके द्वारा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करते हुए गूंजी क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने क्षेत्रवासियों की इस पीड़ा को समझते हुए सड़क मार्ग के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कराई , जिसका कि अब निर्माण होने से स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को लाभ प्राप्त हो रहा है।

साथ ही अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह हमारे देश के आदरणीय प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन और नेतृत्व ही है कि आज उत्तराखंड में अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें केदारनाथ का पुनर्निर्माण हो, बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत किये जा रहे कार्य हो, दिल्ली-देहरादून फोर लेन का निर्माण कार्य हो, केदारखंड, मानसखंड योजना, टिहरी झील में साहसिक गतिविधियों के लिए 4 करोड़ सहित अनेक ऐसी योजनाओं से देवभूमि को लाभान्वित किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान के 10 वर्ष पूरे होने पर देहरादून में स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लेकर उन्हें संतुष्टि महसूस हुई। इस वर्ष स्वच्छता अभियान की थीम “स्वभाव स्वच्छता और संस्कार स्वच्छता” है। स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर, 2014 को राजघाट से की थी। इस अभियान का मकसद भारत को साफ़-सुथरा बनाना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत, हर परिवार को शौचालय, ठोस और तरल अपशिष्ट निपटान की सुविधा, पेयजल आपूर्ति, और गाँवों की स्वच्छता सुनिश्चित करना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज से 10 वर्ष पूर्व जब प्रधानमंत्री ने लालकिला से देशवासियों को संबोधित किया तो उन्होंने आम जनमानस से स्वच्छता और स्वच्छ भारत की बात कही। उन्होंने सभी से स्वच्छ भारत मिशन में बढ़चढ़ कर भागीदारी करने की अपील की। उनकी इस अपील को जनसमर्थन मिला।आज सफाई अभियान में उत्तराखंड बेहतरीन मिसाल पेश कर रहा है।हमे अपने वातारण और परिवेश को स्वच्छ रखने हेतु निरंतर कार्य करना चाहिए। इसे सिर्फ एक दिन तक सीमित ना रखें। कहा पर्यावरण को स्वच्छ रखना है तो पेड़ो को बचाए रखने की आवश्यकता है।

अपने संबोधन में केन्द्रीय मंत्री ने उत्तराखंड के गूंजी,हर्षिल, चकराता,नाभी,औली,नीति,माणा,टिहरी आदि स्थलों के भ्रमण स्मरण को साझा करते हुए कहा कि देवभूमि बेहद खूबसूरत है।उन्होंने सभी से उत्तराखंड आने को कहा , लेकिन यहां आकर गंदगी नहीं फैलाना चाहिए।उन्होंने कहा कि यहां आकर उनके मन को अत्यंत प्रसन्नता होती है। हम सभी को अपने इन क्षेत्रों और धरोहरों को संजो कर रखना है।

केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें जीवन में फिट रहने की बात कही।उन्होंने कहा कि हमने खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे मूवमेंट शुरू किए।इन आयोजनों का एक ही धेय है कि किस प्रकार से हम स्वयं को फिट रख सकें।उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक खेलों में भागीदारी करने की बात कही।श्री रिजिजू ने कहा कि जीवन में फिट रहने के लिए खेल एक ऐसा माध्यम होता है जो हमारे मन और तन को भी तंदुरुस्त बनाये रखता है।

इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री ने स्वच्छता ही सेवा के तहत उत्कृष्ट कार्य हेतु लक्ष्मण सिंह,अरविंद सिंह ,राहुल सिंह, पवन कुमार,गुलजार बानो, जसपाल नेगी,रवि कुमार,बिठू, अंजू बडोला कर्मिको को भी प्रमाणपत्र व पुरुस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

इसके पश्चयात केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू शहीद स्मारक पहुंचे जहाँ उन्होंने राज्य आंदोलन में अपने प्राणों की आहूति देने वाले राज्य आंदोलनकारियों की मूर्ति पर माल्यापर्ण कर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए नमन किया।

 

 

इस मौके पर उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा 10 वर्ष पूर्व शुरू किया गया स्वच्छता अभियान आज प्रत्येक व्यक्ति का अभियान बन गया है।आज हमारा राज्य स्वच्छता के क्षेत्र में नित नए कीर्तिमान गढ़ रहा है।कहा कि हमें अपने आस पास के क्षेत्र को साफ रखने के साथ ही प्रकृति को भी हरा भरा रखने में सहयोग प्रदान करना चाहिए।

इस दौरान क्षेत्रीय विधायक खजान दास ने कहा कि दस साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देश की जनता के सामने स्वच्छ भारत के लिए एक साथ आने का विचार लालक़िले की प्राचीर से दिया था। स्वच्छ भारत का वह विचार आज जनान्दोलन का स्वरूप ले चुका है।प्रधानमंत्री जी ने स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करके इस आंदोलन का नेतृत्व किया है। आज हमें पुनः स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को व्यक्त करना है और स्वच्छ भारत के निर्माण में अपना सक्रिय सहयोग देते रहना है।

कार्यक्रम में इस अवसर पर राज्यसभा सांसद व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ,राज्यसभा सांसद नरेश बंसल,कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल,कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत,विधायक खजान दास,जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान,निवर्तमान मेयर सुनील उनियाल गामा,सचिव नितेश झा, निदेशक शहरी विकास नितिन भदौरिया,शहरी जिलाधिकारी सविन बंसल,एसएसपी अजय सिंह,मुख़्य नगर आयुक्त गौरव कुमार,मुख़्य विकास अधिकारी अभिनव शाह,एसडीएम सदर कुमकुम जोशी ,जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति और जनता उपस्थित रही।

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...