पर्यटन मंत्रालय कल नई दिल्‍ली में विश्‍व पर्यटन दिवस-2024 मनाएगा

पर्यटन मंत्रालय कल नई दिल्‍ली में ‘पर्यटन और शांति’ विषय पर विश्‍व पर्यटन दिवस-2024 मनाएगा। यह कार्यक्रम विकास और वैश्‍विक सद्भाव को बढावा देने में पर्यटन की भूमिका को उजागर करेगा। पर्यटन मंत्रालय कल ‘पर्यटन और शांति’ थीम के साथ ‘विश्व पर्यटन दिवस-2024’ मनाएगा जिस दौरान विकास के साथ-साथ वैश्विक सद्भाव को भी काफी बढ़ावा देने में पर्यटन की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला जाएगा। यह समारोह नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। माननीय उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहेंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, पर्यटन राज्य मंत्री और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

इस कार्यक्रम में पर्यटन मंत्रालय की निम्नलिखित अनगिनत पहल को दर्शाया जाएगा: – पर्यटन मित्र, सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम विजेता, आतिथ्य शृंखलाओं के साथ उद्योग साझेदारी, पर्यटन और आतिथ्य को उद्योग का दर्जा – एक पुस्तिका, अतुल्य भारत कंटेंट हब, विश्व पर्यटन दिवस का इतिहास, महत्व और थीम:

सतत विकास और विशेष रूप से गरीबी उन्मूलन के लिए पर्यटन को प्रमुख माध्यम के रूप में इस्तेमाल करने के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संघटन (यूएनडब्ल्यूटीआर) ने प्रत्येक वर्ष 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। वर्ष 1980 में पहली बार विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया था। यह तिथि 1970 में संगठन की विधाओं को स्वीकार करने की वर्षगांठ का प्रतीक है, जिसने पांच वर्ष बाद संयुक्त राष्ट्र पर्यटन की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। हर साल विश्व पर्यटन दिवस एक विशेष थीम के तहत मनाया जाता है। इस साल की थीम ‘पर्यटन और शांति’ है।

अस्थाई कनेक्शन लेकर ही झांकी-पंडाल की सज्जा करें : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर

नवरात्रि, दुर्गा उत्सव, दशहरा, गरबा उत्सव तथा अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बनाए जाने वाले पंडालों को अस्थायी कनेक्शन देने के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनियों ने माकूल प्रबंध किए हैं। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने धार्मिक उत्सव समितियों और बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे नवरात्रि के दौरान धार्मिक पण्डालों एवं झॉंकियों में बिजली साज-सज्जा, नियमानुसार ऑनलाइन अस्थाई कनेक्शन लेकर ही करें।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा है कि अनाधिकृत बिजली के उपयोग से अधिक भार के कारण ट्रांसफार्मर के जलने तथा विद्युत दुर्घटना होने की आशंका होती है। साथ ही पारेषण एवं वितरण प्रणाली पर विपरीत असर होने से अंधेरे की संभावना बनी रहती है। बिजली कंपनी से अस्थाई बिजली कनेक्शन लिए बिना अनाधिकृत रूप से पंडालों में रोशनी और साज-सज्जा के लिए बिजली का उपयोग करने पर इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 के तहत उपयोगकर्ता एवं जिस विद्युत ठेकेदार से कार्य कराया गया है, उनके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही के साथ ही अनाधिकृत विद्युत उपयोग की दशा में संबंधित विद्युत ठेकेदार के लायसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही भी की जा सकती है।

बिजली कंपनी के पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रपत्र में सही, संयोजित विद्युत भार को दर्शाते हुए अस्थायी कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन करें। लायसेंसी विद्युत ठेकेदार की टेस्ट रिपोर्ट आवेदन में संलग्न करें एवं वायरिंग इत्यादि लायसेंसधारी विद्युत ठेकेदार से ही करवाएं। आवेदन में दर्शाए अनुसार विद्युत भार के अनुरूप सुरक्षा निधि एवं अनुमानित विद्युत उपभोग की राशि ऑनलाइन जमा कराकर बिजली कंपनी से अस्थाई कनेक्शन की रसीद अवश्य लें। रसीद की लेमीनेटेड प्रति अनिवार्य रूप से पंडाल/झॉंकी के सामने लगाएं। आवेदित विद्युत भार से अधिक भार का उपयोग विद्युत साज-सज्जा के लिए न करें। विद्युत कनेक्शन मीटरीकृत होगा एवं विद्युत देयक की बिलिंग नियमानुसार अस्थायी कनेक्शन के लिए लागू घरेलू दर पर की जाएगी। झांकियों के निर्माण एवं विद्युत साज-सज्जा में सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। अनाधिकृत तरीके से विद्युत का उपयोग नहीं करें।

 

 

राष्ट्रपति ने सियाचिन बेस कैंप का दौरा किया और वहां तैनात जवानों से बातचीत की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज सियाचिन बेस कैंप का दौरा किया और सियाचिन युद्ध स्मारक पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। यह युद्ध स्मारक 13 अप्रैल, 1984 को सियाचिन ग्लेशियर पर भारतीय सेना के ऑपरेशन मेघदूत शुरू करने के बाद से शहीद हुए सैनिकों और अधिकारियों के बलिदान का प्रतीक है। राष्ट्रपति ने वहां तैनात सैनिकों को भी संबोधित किया।

राष्ट्रपति ने सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर के रूप में उन्हें उन पर बहुत गर्व है और देश के सभी नागरिक उनकी बहादुरी और जज्बे को सलाम करते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि अप्रैल 1984 में शुरू किए गए ऑपरेशन मेघदूत के बाद से भारतीय सशस्त्र बलों के बहादुर सैनिकों और अधिकारियों ने इस क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की है। यहां तैनात अधिकारी और जवान प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों का सामना करते हैं। जबरदस्त बर्फबारी और शून्य से 50 डिग्री नीचे तापमान जैसी कठिन परिस्थितियों में भी वे पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ अपने मोर्चे पर डटे रहते हैं। यहां तैनात जवान और अधिकारी मातृभूमि की रक्षा के लिए त्याग एवं सहनशीलता का असाधारण उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने सैनिकों से कहा कि सभी देशवासी उनके बलिदान और बहादुरी से अवगत हैं और उनका सम्मान करते हैं।

राजधानी भोपाल सहित प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ रहे अपराधों के विरुद्ध महिला कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

प्रदेश की भाजपा सरकार के राज में लाड़ली बहनों और महिलाओं के बाद अब बाल यौन शोषण के मामलों में हो रही उत्तरोत्तर वृद्धि से प्रदेश की नारी अस्मिता पर सवाल खड़े होना लाजमी है। अखबारों की सुर्खियां चीख-चीख कर कहती हैं कि प्रदेश में महिलाएं,बच्चियां न तो बाहर सुरक्षित हैं और न ही घर के अंदर। बच्चों को अंधकार से प्रकाशपुंज की ओर अग्रसर किया जाता है, शिक्षा के ऐसे पवित्र मंदिरों और स्कूलों में लगे वैन, बसों तक में निशाचरों द्वारा बच्चियों के साथ दुष्कर्म, यौन शौषण को अंजाम दिया जाना बेहद लज्जा और राक्षसी प्रवृति की पराकाष्ठा को प्रदर्शित करता है जो प्रदेश के लिए शर्मसार कर देश-दुनिया में मानव जीवन के असहनीय और बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल के नेतृत्व में आज महिला कांग्रेस के एक प्रतिनिधि मंडल ने राजधानी भोपाल में पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपते हुये राजधानी भोपाल सहित प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ रहे अपराधों पर शिकंजा कसने, स्कूलों, स्कूल वैन एवं अन्य क्षेत्रों में नाबालिकों, बच्चियों के साथ हो रहीं यौन शौषण की घटनाओं पर रोकथाम लगाने, अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।

विभा पटेल ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के साथ दुष्कर्म, अनाचार और अत्याचार से देश का हृदय मध्यप्रदेश गंभीर स्थिति में हैं। सभ्य समाज जब महिलाओं और बच्चियों के साथ हो रही इस प्रकार की घटनाओं की खबर सुनता/ पढ़ता है तो उसकी रूह कांप जाती है। बाल यौन शोषण तीन मामले भोपाल में ही महज चार दिन में सामने आये हैं जो अखबारों की सुर्खियां बने, न जाने ऐसे कितने मामले होंगे जो अपराधियों के खौफ, भय और धमकियों के कारण सामने नहीं आते, ऐसे में पीड़ितों की सुरक्षा का जिम्मेदार कौन है, यह पुलिस महकमें के लिए बड़ा सवाल है? पांच साल की बच्ची का स्कूल वैन चालक द्वारा यौन शोषण, तीन साल की बच्ची के साथ शिक्षक द्वारा यौन शोषण, टीकमगढ़ में सात साल की बच्ची के साथ यौन शोषण, एक स्कूल शिक्षक द्वारा छात्र को धमका कर उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करना। आखिरकार भाजपा सरकार इस प्रदेश को अपराधियों की शरणस्थली बनाकर कौन सा कीर्तिमान स्थापित करना चाहती है? यह मामले तो केवल राजधानी भोपाल के हैं जहां पूरा प्रदेश के मुखिया से लेकर मंत्री, शासन-प्रशासन और कानून का जमावड़ा रहता है तो फिर प्रदेश के हालात कितने बदतर होंगे यह अकल्पनीय है। स्कूलों में मासूमों के साथ हो रहे यौन शोषण और उनकी सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, इस तरह की घटनाओं से अभिभावक वर्ग भयभीत और परेशान होकर दहशत में है। जनता सवाल उठा रही है कि क्या प्रदेश की मदमस्त भाजपा सरकार को मासूमों की चीखें सुनाई नहीं दे रही या प्रदेश की ध्वस्त और ढुलमुल कानून व्यवस्था उनकी सुरक्षा करने में पूरी तरह नाकाम है?

विभा पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस महिलाओं और बच्चियों के साथ हो रहे दुराचार, दुष्कर्म की घटनाओं से आहत हैं। अपराधियों में कानून का कोई खौफ नहीं होने से बच्चों के साथ ऐसी घटनायें सरकार की विफलता और कर्तव्यों के प्रति उदासीनता को प्रदर्शित करती है। प्रदेश में लाड़ली बहनों, महिलाओं की तरह अब मासूम बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं। स्कूलों में बच्चियों को बैड टच-गुड टच के बारे में बताने एवं समझाने में आखिर स्कूल प्रबंधन क्यों असफल है। बच्चियों को स्कूलों सहित राजनैतिक दल एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से बैड टच-गुड टच के बारे में समझाने के लिए मुहिम चलायी जाना चाहिए। अभी हाल ही में कल कोलार में बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म एवं हत्या से एक बार फिर भोपाल शर्मसार हुआ है।

विभा पटेल ने कहा कि राजधानी भोपाल के पॉश इलाके कोहेफिजा में पांच साल की बच्ची के 48 घंटे तक लापता रहना और फिर उसकी लाश मिलना यह कानून व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगाता है। जबकि बच्ची को खोजने में 100 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी चप्पे-चप्पे पर लगे रहे, लेकिन बच्ची का पास के फ्लेट में मिलना बड़ा सवाल है। घटना को अंजाम देने वाले दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी सजा दी जाये।

मध्य महिला कांग्रेस प्रदेश के मुख्यमंत्री से जानना चाहती है कि आखिरकार मध्यप्रदेश में बच्चे कब निडर होकर घर से बाहर निकल पाएंगे? इस गंभीर और अत्यंत संवेदनशील मुद्दे पर महिला कांग्रेस शांत नहीं बैठेगी। यदि शीघ्र ही इन स्थितियों पर तत्काल रोक नहीं लगायी गई तो महिला कांग्रेस प्रदेश भर में आंदोलनरत होकर इन घटनाओं पर कड़ा रूख अपनायेगी। वहीं महिला कांग्रेस ने राज्य बाल आयोग एवं मध्य प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग की चुप्पी पर भी हैरानी जताते हुये मामलों पर संज्ञान लेकर कार्यवाही करने की मांग की है। महिला कांग्रेस ने मांग की है कि प्रदेश के सभी स्कूलों की बसों में एक महिला शिक्षक की उपस्थिति में बच्चों का परिवहन होना चाहिए। सभी स्कूलों और उनकी बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाना अनिवार्य किया जाना चाहिए। स्कूलों के बस ड्राइवर एवं क्लीनर समेत अन्य स्टाफ का पुलिस वैरिफिकेशन कराया जाना अनिवार्य किया जाना चाहिए साथ ही आप से भी यह आग्रह है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होनी चाहिए एवं केस फास्टट्रेक कोर्ट में चलना चाहिए ताकि अपराधियों में कानून का भय स्थापित हो जाये।

इस अवसर विभा पटेल के साथ राजलक्ष्मी नायक, संतोष कंसाना, चंदा चौहान, शीतल मालवीय, लता देवरे, यशोदा पांडे और मीना चौहान सहित अन्य महिला कांग्रेस नेत्रियां उपस्थित थीं।

प्रमाणिक और पारदर्शिता के साथ 24 दिन में 1 करोड़ सदस्यता का आंकड़ा पार किया – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गुरूवार को संगठन पर्व के पहले चरण की समाप्ति के बाद मीडिया को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में मात्र 24 दिनों मे ही प्रमाणिक एवं पारदर्शिता के साथ 1 करोड़ 81 हजार 437 सदस्य बनाकर इतिहास कायम किया है। संसदीय लोकतंत्र में इतने कम समय में किसी राजनीतिक दल के 1 करोड़ सदस्य बनना अभूतपूर्व है। संगठन पर्व के दौरान 95 लाख ऑनलाइन फॉर्म भरे गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित प्रदेश शासन के मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ 64 हजार 871 पर बूथों पर कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत कर रिकॉर्ड कायम किया है। इतने कम समय में 1 करोड से अधिक सदस्य बनाना प्रदेश के कार्यकर्ताओं की कर्मठता और संगठन निष्ठा और जनता में भाजपा की स्वीकार्यता को दर्शाता है। अभी भी सदस्यता का अभियान जारी है और भाजपा के परिवार में सदस्यों के जुड़ने का सिलसिला चलता रहेगा। हम सब मिलकर मध्यप्रदेश की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 28 सिंतबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठन पर्व के पहले चरण की समीक्षा बैठक आयोजित होगी। बैठक में जो क्षेत्र पीछे रह गए हैं उनकी योजना बनाकर अगले चरण में उन्हें आगे लाने को लेकर मंथन किया जाएगा। संगठन पर्व का अगला चरण 1 से 15 अक्टूबर तक चलेगा और हम प्रदेश में डेढ़ करोड़ के लक्ष्य से आगे निकलकर इतिहास रचेंगे। 29 सितंबर को पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद लोगो को पार्टी की सदस्यता दिलायी जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि संगठन पर्व के पहले चरण में ही प्रदेश की जनता ने बता दिया है कि पार्टी को लेकर उनके मन में गहरी स्वीकार्यता है। प्रदेश के कोने-कोने में लोगों ने आगे आकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर अधिकतम सदस्यता दिवस पर 11 जिलों में बारिश के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने लक्ष्य को पूरा करने का काम किया। ठेले वाले, रेहड़ी, डिलेवरी बॉय, दुकानदार से लेकर चिकित्सक, व्यापारी, पूर्व सैनिक, प्रबुद्धजन से लेकर युवा, बहनें व बुजुर्गों ने सदस्यता ग्रहण कर भाजपा परिवार को विस्तार दिया है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा मैं पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं कि समय-समय पर अभियान के अंतर्गत उन्होंने हमारा मार्गदर्शन किया और हमारे अभियान की सफलता को लेकर तारीफ भी की। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने मध्यप्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए बधाई दी है। मैं प्रदेश के सभी निष्ठावान कार्यकर्ताओं को बधाई देता हॅू कि संगठन पर्व के पहले चरण में उन्होंने पूरी शिद्दत के साथ जुटकर अभियान को सफल बनाने का काम किया।

मक्सी में हुई जनहानि में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शाजापुर जिले के मक्सी में आपसी विवाद के बाद से हुई जनहानि पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने देर रात हुई घटना के संज्ञान में आते ही पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को कड़ी कार्यवाही करने एवं घायलों के समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाशत नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना में संलिप्त दोषियों की पहचान कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में सौहार्द एवं शांति बनाए रखने के लिए हम कटिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर कमिश्नर और आईजी उज्जैन रेंज ने मक्सी का दौरा किया।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर की पहल: भोपाल में आईआईटी होगा शुरू

भोपाल में आईआईटी (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) शुरू होगा। आईआईटी शुरू करने के लिए पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने पहल शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आईआईटी शुरू करने के प्रस्ताव की टर्म्स ऑफ रिफरेंस देने के लिए महानिदेशक कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री डेवहलपमेंट कॉउंसिल डॉ. पी.आर. स्वरूप को पत्र लिखा गया है।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने बताया कि आईआईटी शुरू करने की टर्म्स ऑफ रिफरेंस के साथ प्रस्ताव को संबंधित मंत्रालय को देने वह स्वयं अक्टूबर के पहले सप्ताह में दिल्ली जा रही है। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री से भेंट कर भोपाल में शीघ्र आईआईटी शुरू करने के लिए अनुरोध करेंगी। भोपाल में आईआईटी शुरू होना आज की आवश्यकता है। राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहां कि मध्यप्रदेश में एकमात्र आईआईटी इंदौर में है और प्रदेश से बड़ी संख्या में छात्र आईआईटी में एडमिशन लेते है, ऐसे में छात्रों को आईआईटी की पढ़ाई के लिए प्रदेश से बाहर जाना होता है।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहां कि भोपाल में आईआईटी शुरू करने के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ हैं। आईआईटी संस्थान के भवनों के निर्माण के लिए पर्याप्त शासकीय जमीन भी उपलब्ध है। इसके साथ ही भोपाल प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों से रेल, रोड और एयर कनेक्टीविटी से जुड़ा हुआ है। भोपाल में आईआईटी संस्थान की मांग भी युवाओं द्वारा पिछले कई वर्षों से की जा रही है। भोपाल में आईआईटी की स्थापना लगभग 8 करोड़ की आबादी वाले मध्यप्रदेश के लिए बड़ी सौगात होगी।

भाजपा जो कहती है, करके दिखाती है, विकसित भारत बनाने भाजपा का सदस्य बनें – डॉ. मोहन यादव

एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बुधवार को अधिकतम सदस्यता दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बूथों पर पहुंचकर हर वर्ग के लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। प्रदेश के सभी 64871 बूथों पर पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इससे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर लालघाटी चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नरेला के महामाई मंडल, सेमरा के बूथ क्रमांक 138 व 134 में लोगों को सदस्यता दिलाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीब आदमी के घर में सुख का सबेरा लाने का कार्य कर रहे हैं। भाजपा जो कहती है, करके दिखाती है। विकसित भारत बनाने के लिए आप सभी भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गांधी नगर मंडल के वार्ड क्रमांक-2 बूथ क्र. 53 में लोगों को सदस्यता दिलाते हुए कहा कि संगठन पर्व में रिकॉर्ड बनाकर भाजपा कार्यकर्ता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी को सच्ची श्रद्धांजलि दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हर वर्ग के लोगों का जीवन स्तर बदल रहा है। भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने उत्तर विधानसभा के गुरूनानक मंडल के बूथ क्रमांक-46 पर लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाते हुए कहा कि पं. दीनदयाल ने अंत्योदय का विचार दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीब कल्याण का कार्य कर रहे हैं। प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के पंचशील मंडल के बूथ क्रमांक 196 पर लोगों को सदस्यता दिलाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की जनता भाजपा के साथ है। सदस्यता में मध्यप्रदेश रिकॉर्ड बना रहा है। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बैतूल जिले की घोड़ाडोंगरी विधानसभा के शाहपुर मण्डल के बूथ क्र.-152 ग्राम पाठई में स्थानीय नागरिकों को भाजपा की सदस्यता दिलाते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने जो कल्पनाएं देखी थीं वह साकार हो रही हैं। प्रदेश नेतृत्व ने भाजपा परिवार में शामिल हुए लोगों को स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पंडित दीनदयाल जी ने देश की जड़ों से जुड़कर मानवता का कैसे भला किया जा सकता है यह सिखाया। आज दुनिया में करीब 1500 राजनीतिक दल है, लेकिन मन, बुद्धि, आत्मा से मानवता का भला करने का दर्शन पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने दिया। उनका मानना था कि देश की जड़ों से जुड़कर हम कार्य करेंगे तो अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर हम उसका भला कर सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकतम सदस्यता दिवस पर लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अभावों में अपना जीवन जीया और स्कूल से लेकर कॉलेज तक हमेशा गोल्ड मेडल प्राप्त किया। बड़े होकर दीनदयाल उपाध्याय ने अपना परिवार बसाने की बजाय पूरे देश को ही अपना परिवार मानकर कार्य किया और हम सबको एकात्म मनाववाद का सिद्धांत दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के गरीब कल्याण के दिए गए सिद्धांत पर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री हर गरीब आदमी के घर में सुख का सबेरा लाने के लिए कार्य कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, वह करके दिखाती है। प्रधानमंत्री विकसित भारत की संकल्पना को लेकर कार्य कर रहे हैं। आप सभी विकसित भारत बनाने के लिए भाजपा का सदस्य बनें। मुख्यमंत्री ने घर-घर लोगों से संपर्क कर भाजपा का सदस्य बनाया और कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाकर पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती को सार्थक कर रहे हैं। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, महापौर मालती राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, महामाई मंडल अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, स्टेशन मंडल अध्यक्ष नितिन पाठक, बूथ अध्यक्ष भरत महेश्वरी, सुषमा मिश्रा उपस्थित रहीं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों के कारण ही आज हमारी भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। आज संगठन पर्व के पहले चरण के तहत जो लक्ष्य निर्धारित किया था,उससे कहीं ज्यादा हमारे सदस्य बनकर रिकॉर्ड कायम कर रहे हैं। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने जो अंत्योदय का विचार दिया उसका अनुसरण करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार सभी का कल्याण करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज मध्यप्रदेश के सभी 64871 बूथों पर कम से कम 100 नए सदस्य बनाकर पं. दीनदयाल उपाध्याय को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर चलते हुए भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बडी पार्टी बनी और जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान वैश्विक स्तर पर दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीब कल्याण की योजनाओं से देश के 25 करोड लोग गरीबी की रेखा से ऊपर आए हैं। प्रधानमंत्री देश को जल्द ही तीसरी अर्थव्यवथा बनाने के लिए तेजी से हर क्षेत्र में विकास के कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के गरीबों, महिलाओं और हर वर्ग का जीवन स्तर बदल रहा हैं। पूरे प्रदेश के लोग भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर भ्रम फैलाकर नकारात्मक राजनीति कर रही है। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, कर्नल ईशान, जिला महामंत्री जगदीश यादव, पार्षद कुसुम चतुर्वेदी, मंडल अध्यक्ष योगेश वासवानी, बूथ अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने हमें अंत्योदय का विचार दिया था। उन्होंने कहा था कि जब तक अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति का कल्याण नहीं होता, देश का विकास नहीं हो सकता। पं. दीनदयाल के इस विचार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी योजनाओं से साकार कर रहे हैं। देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। अब तक देश में 4 करोड़ और मध्यप्रदेश में 44 लाख लोगों को पक्के घर दिये जा चुके हैं। बिजली के कनेक्शन दिए जा रहे हैं, शुद्ध पानी के लिए नल कनेक्शन और गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं से बेटियों, बहनों का सशक्तीकरण किया जा रहा है और स्व सहायता समूहों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी बहनों को आत्मनिर्भर बना रहे हैं। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि कमल लक्ष्मी का आसन है, आप सभी कमल खिलाते रहिए और लक्ष्मी हर व्यक्ति की गरीबी दूर करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने आज हर बूथ पर 100 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है और आप सभी भाजपा की सदस्यता लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी को ताकत दें। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष राजेश कुकरेजा, पार्षद देवेन्द्र भार्गव एवं बूथ अध्यक्ष राजकुमारी डागोरे उपस्थित रहीं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर हम संगठन को मजबूत करने के लिए अधिकतम सदस्यता दिवस मना रहे हैं, उनके लिए हमारी ओर से सच्ची श्रद्धांजलि है। मध्यप्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ है। भाजपा की कार्यशैली को प्रदेश की जनता अच्छी तरह से समझती है और इसीलिए भारतीय जनता पार्टी को लगातार समर्थन दे रही है। मध्यप्रदेश में भाजपा का ग्राफ बड़ी तेजी से आगे बढ़ा रहा है, इसका परिणाम पार्टी के सदस्यता अभियान पर भी दिखाई दे रहा है। सदस्यता के मामले में मध्यप्रदेश पूरे देश में नया रिकॉर्ड बनाएगा। सह प्रभारी उपाध्याय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के प्रति लोगों में जबर्दस्त उत्साह है और बड़ी संख्या में माताएं-बहनें भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले रही हैं। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष प्रियेश उपाध्याय, बूथ अध्यक्ष लव प्रकाश सनेही, पार्षद गिरजा राजेश खटीक उपस्थित रहीं।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि त्याग-तपस्या के प्रतिमूर्ति, प्रखर राष्ट्रवादी व हमारे मार्गदर्शक श्रद्धेय पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य पर आज पूरे मध्यप्रदेश के हर बूथ पर अधिकतम सदस्यता दिवस के तहत वृहद रूप में आमजन को पार्टी से जोड़ा गया है। एक-एक कार्यकर्ता ने घर से निकलकर पार्टी विस्तार में अपना योगदान दिया है। सदस्यता अभियान में पार्टी ने आज एक नया इतिहास रचा है। यह पंडित दीनदयाल उपाध्याय के लिए हमारी सच्ची श्रद्वांजलि है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा देखी गईं कल्पनाएं आज साकार हो रही हैं और भाजपा परिवार का लगातार विस्तार हो रहा है। भाजपा जिन नीतियों को लेकर आगे बढ़ी आज भी पार्टी की वही नीतियां हैं। अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की चिंता करने का काम भाजपा एवं पार्टी की सरकारें कर रही हैं। संगठन पर्व को लेकर पार्टी ने जो लक्ष्य तय किया था उसे कार्यकर्ताओं की मेहनत से समय से पहले ही पूर्ण कर लेगी।
लालघाटी स्थित पं. दीनदयाल की प्रतिमा पर प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केशवानी, नेहा बग्गा, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी एवं कैलाश मिश्रा ने भी माल्यार्पण कर नमन किया।

सागर की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव से बुन्देलखंड के औद्योगिक विकास को मिलेगी गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुंदेलखंड क्षेत्र को केन-बेतवा परियोजना की सौगात देकर पूरे क्षेत्र के समग्र विकास के नये द्वार खोल दिये हैं। इससे कृषि के साथ-साथ औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। आगामी 27 सितम्बर को सागर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव होने जा रहा है। इस कॉन्क्लेव से वीरों की धरती के रूप में विख्यात बुंदेलखंड को एक नई पहचान मिलने के साथ औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि क्षेत्रीय अंचलों में होने वाली रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव से निवेश में अभूतपूर्व सफलताएँ मिली हैं। इससे क्षेत्र के विकास के साथ बड़ी संख्या में रोजगार सृजन भी होगा। उन्होंने कहा कि म.प्र. सरकार बुन्देलखंड क्षेत्र के समग्र विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सागर की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव होने से पहले बुंदेलखंड क्षेत्र के उद्योगपतियों से चर्चा की गई। सभी ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिये व्यापक पैमाने पर निवेश के लिये सहमति दी है। देश-विदेश के उद्योगपतियों ने कॉन्क्लेव में शामिल होने और निवेश के लिये रूचि दिखाई है।

सागर संभाग में आने वाले प्रमुख जिले – सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, दमोह और पन्ना में औद्योगिक विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएँ लागू की जा रही हैं, जिससे राज्य में निवेश बढ़े और रोजगार के नए अवसर उत्पन्न हों।

सागर जिले में 5 औद्योगिक क्षेत्रों में कुल 440 एकड़ भूमि पर 206 औद्योगिक इकाइयाँ कार्यरत हैं। इन इकाइयों में लगभग 211 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश हुआ है और 4789 लोगों को रोजगार मिल रहा है। प्रमुख परियोजनाओं में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा बीना स्थित रिफाइनरी में 15000 करोड़ रुपये का निवेश और 4000 लोगों को रोजगार शामिल है। इसके अतिरिक्त, रिफाइनरी के विस्तार और पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स के निर्माण के लिए 49000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश प्रस्तावित है, जिससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।

छतरपुर जिले में 3 औद्योगिक क्षेत्र हैं, जो 145 एकड़ भूमि पर स्थित हैं। यहाँ कुल 82 औद्योगिक इकाइयाँ कार्यरत हैं, जिनसे 19 करोड़ रुपये का निवेश और 560 लोगों को रोजगार मिला है। भविष्य में ग्राम ढढारी में 131 एकड़ भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग द्वारा ग्राम दामची, नया गांव, पठापुर, और सिकारपुरा में भी नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास प्रस्तावित है, जिससे खाद्य प्रसंस्करण, खनिज आधारित उद्योग और इंजीनियरिंग वर्क्स जैसे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।

टीकमगढ़ जिले में 4 औद्योगिक क्षेत्र हैं, जिनमें कुल 32 औद्योगिक इकाइयाँ कार्यरत हैं। इनसे लगभग 12 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश हुआ है और 358 लोगों को रोजगार प्राप्त हुआ है। प्रमुख योजनाओं में बेल मेटल क्लस्टर और फर्नीचर क्लस्टर का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा, ग्राम सुनोरा खिरिया, कारी खास, और लिधौरा उगड़ में भी औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय उद्योगों को और अधिक विस्तार मिलेगा।

निवाड़ी जिले में 3 औद्योगिक क्षेत्र हैं, जिनमें कुल 119 औद्योगिक इकाइयाँ कार्यरत हैं। यहाँ 135 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश हुआ है और 1690 लोगों को रोजगार मिला है। महत्वपूर्ण परियोजनाओं में पैसिफिक मेटा स्टील्स द्वारा 1772 करोड़ रुपये के निवेश से इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट का निर्माण किया जा रहा है, जिससे 1164 लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही, बबेड़ी जंगल और ग्राम जेर में नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है।

दमोह जिले में 3 औद्योगिक क्षेत्र हैं, जिनमें कुल 53 औद्योगिक इकाइयाँ कार्यरत हैं। इनसे 16 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश हुआ है और 210 लोगों को रोजगार मिला है। यहाँ मेसर्स जे.एस.डब्ल्यू सीमेंट द्वारा 3000 करोड़ रुपये के निवेश से सीमेंट प्लांट का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

पन्ना जिला, जो हीरे की धरती के रूप में जाना जाता है, औद्योगिक विकास की दिशा में भी अग्रसर है। जिले में 2 औद्योगिक क्षेत्र हैं, जिनमें 20 औद्योगिक इकाइयाँ कार्यरत हैं। इनसे 46 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश हुआ है और 178 लोगों को रोजगार मिला है। प्रमुख परियोजनाओं में अमानगंज में 2000 करोड़ रुपये के निवेश से सीमेंट प्लांट का निर्माण और डायमंड बिजनेस पार्क की स्थापना शामिल हैं।

सागर संभाग के सभी जिलों में खनिज आधारित उद्योग, पर्यटन, खाद्य प्रसंस्करण, पीतल, पेट्रोकेमिकल, बीड़ी, फर्नीचर, इंजीनियरिंग वर्क्स, प्लास्टिक और पैकेजिंग जैसे उद्योगों में अपार संभावनाएँ हैं। राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों से इन उद्योगों में व्यापक निवेश की उम्मीद है, जो न केवल आर्थिक विकास को गति देंगे बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगे।

राज्य सरकार ने वर्ष 2025 को उद्योग वर्ष घोषित किया है। इस दिशा में सरकार द्वारा पूरे देश में रोड-शो एवं स्थानीय स्तर पर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है, जिससे राज्य औद्योगिक केन्द्र के रूप में अपनी पहचान बनाने में सफल हो रहा है। राज्य सरकार के इस नवाचार से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में प्रदेश महत्वपूर्ण योगदान देगा।

मंत्री राकेश सिंह को उत्कृष्ट पर्यावरणीय प्रतिबद्धता के लिए नई दिल्ली में किया गया सम्मानित

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को नई दिल्ली में आयोजित ‘ग्रीन रिबन चैम्पियंस 2024’ कार्यक्रम में उनके द्वारा उत्कृष्ट पर्यावरणीय प्रतिबद्धता में विशेष रूप से जल संरक्षण के क्षेत्र में उनके द्वारा पिछले 15 वर्षों में किए गए अद्वितीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रसिद्ध अभिनेत्री गुल पनाग ने उन्हें प्रदान किया।

‘ग्रीन रिबन चैम्पियंस’ के तहत “पर्यावरण पथप्रदर्शकों का उत्सव” के दौरान, मंत्री राकेश सिंह को उनकी उत्कृष्ट पर्यावरणीय प्रतिबद्धता और विशेष रूप से जल संरक्षण में उनके प्रयासों को पहचान मिली। राकेश सिंह का यह योगदान प्रदेश में जल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पर्यावरणीय संकटों के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

इस अवसर पर मंत्री सिंह ने कहा की जल संरक्षण और पर्यावरण की सुरक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है,हम सभी को पर्यावरण की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। हमारी आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए जल और पर्यावरण का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।उनके द्वारा वॉटर रिचार्ज एवं पुरानी बाबड़ियों का पुर्नरुद्धार कर उन्हें जल मंदिर के रूप में विकसित करने की पहल को बहुत सराहा गया।

 

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...