मध्यप्रदेश उद्योगपतियों का पलक पांवड़े बिछाकर स्वागत करता है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विकास के कारवां में सरकार को उद्योगपतियों के साथ बराबरी से चलना होगा। हम उद्योगपतियों के साथ सकारात्मक और सहयोगी दृष्टिकोण से कार्य के इच्छुक हैं। मध्यप्रदेश उद्योगपतियों का पलक पांवड़े बिछाकर स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि युक्ति, बुद्धि, क्षमता, योग्यता में भारतीय विश्व में अग्रणी हैं, लेकिन उपलब्धियां अर्जित करने के लिए शासन की सकारात्मक सोच और अनुकूलता आवश्यक है। शासन के सभी अंगों में समन्वय, और सहयोगी वातावारण से ही परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। मध्यप्रदेश में सभी औद्योगिक सेक्टर के लिए पर्याप्त संभावनाएं विद्यमान हैं। प्रदेश, कोयम्बटूर हो या कोलकाता, सभी क्षेत्रों के लोगों की उद्यमशीलता और सृजनशीलता को प्रदेश आमंत्रित करता है। राज्य सरकार हर संभव सहयोग और सहायता देने को तत्पर है। रेडीमेड गारमेंट, माइनिंग, ऊर्जा हो या पर्यटन का सेक्टर, सभी क्षेत्रों के मध्यम एवं भारी उद्योग प्रदेश में आमंत्रित हैं, राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियां पर्याप्त लचीली और समावेशी हैं। राज्य सरकार खुले दिल से उद्योगों का स्वागत करने के लिए आतुर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर कोलकाता में आयोजित रोड-शो और उद्योगपतियों व औद्योगिक संगठनों से चर्चा के सत्र को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कोलकाता के होटल जे.डब्ल्यू. मैरियट में दीप प्रज्ज्वलित कर समिट का शुभारंभ किया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों के संतुलित आर्थिक विकास के लिए राज्य के सभी अंचलों में निवेश व औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने के उद्देश्य से देश के बड़े औद्योगिक नगरों में रोड-शो द्वारा उद्योगपतियों से चर्चा के क्रम में कोलकाता में सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रेसीडेंट सीआईआई एवं आईटीसी समूह के अध्यक्ष व एमडी संजीव पुरी, मध्यप्रदेश बिरला ग्रुप के एमडी व सीईओ संदीप घोष, स्वरा हाइजीन प्रा.लि. के एमडी आलोक बिरला, टाटा स्टील्स के एम.डी. संदीप कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे।

कोलकाता समिट में खाद्य प्र-संस्करण, रसायन, सीमेंट, स्टील, प्लास्टिक और नवकरणीय ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों से 19 हजार 270 करोड़ रुपये के निवेश प्राप्त हुए, जिससे 9,450 रोज़गार के अवसर सृजित होंगे।

शुभारंभ सत्र में मध्यप्रदेश में औद्योगिक विस्तार और निवेश लिए उपलब्ध अधोसंरचना, सुविधाओं व अन्य संभावनाओं पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। उद्योगपतियों और सरकार के बीच सीधे संवाद के इस महत्वपूर्ण मंच पर मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों को बढ़ावा देने और व्यापारिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से देश-विदेश से आए लगभग 700 डेलिगेट्स और कई देशों के कांसुलेट एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था ने 11वें स्थान से छलांग लगाकर विश्व में 5वें स्थान की अर्थव्यवस्था के रूप में स्वयं को स्थापित किया है। इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन है। प्रधानमंत्री श्री मोदी देश की अर्थव्यवस्था को विश्व की तीसरे नम्बर की अर्थ-व्यवस्था बनाने के लिए प्रयासरत हैं। मध्यप्रदेश भी प्रधानमंत्री मोदी के इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये पूरी प्रतिबद्धता से प्रयासरत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पश्चिम बंगाल के उद्योगपतियों को अपनी गतिविधियों का मध्यप्रदेश में विस्तार करने के लिये का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि वे अपनी प्रतिभा, क्षमता, योग्यता का उपयोग करते हुए औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए मध्यप्रदेश में उपलब्ध अवसरों को पहचानें। हम सब समय का सदुपयोग करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वयं तथा देश की उन्नति के लिए अग्रसर हों। परस्पर सहयोग से उद्योगों, प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित होकर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कोलकाता महाकाली का नगर है और वे स्वयं महाकाल की नगरी उज्जैन से आते हैं। महाकाल और महाकाली से ही सृष्टि का सृजन है। कोलकाता पर ईश्वर की विशेष कृपा है, यहीं से स्वामी विवेकानंद ने भविष्यवाणी की थी कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी और उनके गुरू स्वामी रामकृष्ण परमहंस ने मानव धर्म को समझते हुए भारत के गरीबों के जीवन में कर्म के आधार पर बदलाव लाने का संकल्प लेते हुए रामकृष्ण मिशन की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य सुशासन के लिए जाने जाते थे। दानशीलता, वीरता, न्यायप्रियता, पुरुषार्थ और पराक्रम सभी मानवोचित गुण उनमें विद्यमान थे। भारत में सुशासन के साथ आर्थिक समृद्धि की संकल्पना का भी महत्व है। जीवन में धन की महत्ता को स्वीकारते हुए ही वर्ष में एक बार दीवाली मनाई जाती है। सभी के जीवन में आनंद और उत्साह हो यह कामना करते हुए भारतीय संस्कृति “जियो और जीने दो” के सिद्धांत में विश्वास करती है। इसी आधार पर राज्य सरकार संपूर्ण प्रदेश के संतुलित आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से क्षेत्रीय स्तर पर रीजनल इंडस्ट्री कांक्लेव का क्रम जारी है।

प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन राघवेंद्र सिंह ने प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, बेहतर बुनियादी ढांचे, स्थिर प्रशासनिक समर्थन और निवेशकों को दिए जाने वाले प्रोत्साहनों पर प्रेजेंटेशन दिया। अपर मुख्य सचिव विज्ञान एवं तकनीकी संजय दुबे ने प्रदेश में आई.टी., आईटीईएस और ईएसडीएम क्षेत्र में निवेश, प्रदेश की नीतियों और उपलब्ध संसाधनों पर प्रेजेंटेशन दिया।

उद्योगपतियों और सरकार के बीच सीधे संवाद के इस महत्वपूर्ण मंच पर लघु, मध्यम उद्यम के क्षेत्र में निवेश, नीतियों तथा विशेष रूप से विकसित औद्योगिक क्षेत्रों के संबंध में विभाग के सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी ने जानकारी साझा की। प्रदेश को प्रमुख निवेश स्थल के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से राज्य के विविध पर्यटन स्वरूपों तथा निवेश अवसरों पर वीडियो फिल्म के प्रदर्शन के साथ ही एडीशनल एमडी, म.प्र. टुरिज्म बोर्ड बिदिशा मुखर्जी ने प्रेजेंटेशन दिया। प्रदेश में उपलब्ध प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, खनन एवं खनिज क्षेत्र में निवेश के अवसरों पर एमडी स्टेट माइनिंग कार्पोरेशन अनुराग चौधरी ने भी प्रेजेंटेशन दिया।

अध्यक्ष, कनफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज तथा चेयरमेन और एमडी आईटीसी श्री संजीव पुरी ने उनके समूह द्वारा मध्यप्रदेश में संचालित औद्योगिक गतिविधियों संबंधी अपने अनुभव साझा किये। पुरी ने मध्यप्रदेश की निवेश मित्र व समयानुकूल औद्योगिक नीतियों तथा उद्योग के साथ-साथ सामान्यजन के लिए भी प्रदेश के अनुकूल वातावरण की सराहना की। एमडी एवं सीईओ एमपी बिरला समूह के संदीप घोष ने कहा कि उज्जैन के बड़नगर में शीघ्र ही 3500 करोड़ रुपए की लागत से सीमेंट इकाई स्थापित की जाएगी। घोष ने कोलकाता से भोपाल और जबलपुर के लिए हवाई सेवा आरंभ करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि एमपी बिरला ग्रुप का सर्वाधिक निवेश मध्यप्रदेश में ही है।

एमडी स्वरा हाइजीन प्रा.लि. के आलोक बिरला ने कहा कि मध्यप्रदेश लैंड ऑफ़ अपोर्चुनिटीज के साथ ऑपरेशनल ईज़ और पीस की भूमि है। डायपर तथा अन्य हाइजीन प्रोडक्ट निर्माता उनकी कंपनी ने अपना समस्त व्यापार कोलकाता से इंदौर शिफ्ट कर लिया है। वर्ष 2017 में मध्यप्रदेश में 40 करोड़ का निवेश किया था, जो अब 500 करोड़ हो गया है। वे 37 एकड़ क्षेत्र में 300 करोड़ के निवेश से अपनी गतिविधियों को विस्तार दे रहे हैं। चेयरमेन कनफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज पश्चिम बंगाल क्षेत्र तथा एमडी टाटा स्टील्स डाउन स्ट्रीम के श्री संदीप कुमार ने कहा कि 700 से अधिक लोगों का रोड-शो और परिचर्चा-सत्र में भाग लेना उद्योग व्यापार जगत के लोगों की मध्यप्रदेश में निवेश के प्रति रुचि को दर्शाता है। उन्होंने मध्यप्रदेश की उद्योग मित्र नीतियों का अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का कोलकाता पधारने के लिए आभार माना।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रांची के नामकुम में राष्ट्रीय द्वितीयक कृषि संस्थान के शताब्दी समारोह का किया उद्घाटन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल झारखंड के रांची में आईसीएआर-राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान (एनआईएसए) के शताब्दी समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि खेती को लाभप्रद बनाने के अलावा, 21वीं सदी में कृषि के समक्ष तीन अन्य बड़ी चुनौतियां हैं। इनमें खाद्य एवं पोषण सुरक्षा बनाए रखना, संसाधनों का सतत उपयोग और जलवायु परिवर्तन से निपटना शामिल है। उन्होंने कहा कि द्वितीयक कृषि से जुड़ी गतिविधियां इन चुनौतियों से निपटने में सहायक हो सकती हैं। द्वितीयक कृषि में प्राथमिक कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन के साथ-साथ मधुमक्खी पालन, मुर्गी पालन, कृषि पर्यटन आदि जैसी कृषि से जुड़ी अन्य गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि द्वितीयक कृषि गतिविधियों के माध्यम से कृषि अपशिष्ट का समुचित उपयोग किया जा सकता है। उन्हें प्रसंस्कृत करके उपयोगी और मूल्यवान चीजें बनाई जा सकती हैं। इस तरह पर्यावरण की रक्षा होगी और किसानों की आय भी बढ़ेगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत में लाख का उत्पादन मुख्य रूप से जनजातीय समुदाय द्वारा किया जाता है। यह उनकी आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान ने लाख, प्राकृतिक रेजिन और गोंद के अनुसंधान और विकास के साथ-साथ वाणिज्यिक विकास के लिए कई कदम उठाए हैं। इसमें एक छोटी लाख प्रसंस्करण इकाई और एक एकीकृत लाख प्रसंस्करण इकाई का विकास; लाख आधारित प्राकृतिक पेंट, वार्निश और कॉस्मेटिक उत्पादों का विकास; फलों, सब्जियों और मसालों की शेल्फ-लाइफ बढ़ाने के लिए लाख आधारित कोटिंग का विकास शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये सभी कदम जनजातीय भाई-बहनों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद करेंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि आज का युग विघटनकारी प्रौद्योगिकियों का युग है। हमें इन प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाने के साथ हमें इनके दुष्प्रभावों से भी बचना होगा। वे यह जानकार प्रसन्न हुईं कि एनआइएसए में ऑटोमेशन और प्लांट इंजीनियरिंग डिवीजन की स्थापना की गई है, जो रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-सक्षम उपकरणों के विकास पर ध्यान केंद्रित करता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि एनआईएसए ने लाख की खेती में अच्छा काम किया है। लेकिन, अभी भी कई ऐसे क्षेत्र हैं, जिनमें हम और आगे बढ़ सकते हैं। जैसे, फार्मास्यूटिकल्स और कॉस्मेटिक्स उद्योगों में उच्च गुणवत्ता वाली लाख की मांग है। अगर भारतीय लाख की गुणवत्ता, आपूर्ति श्रृंखला और विपणन में सुधार किया जाए, तो हमारे किसान देश-विदेश में इसकी आपूर्ति कर सकेंगे और उन्हें बेहतर मूल्य मिलेगा।

आप की वरिष्ठ नेता आतिशी आज दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी

आम आदमी पार्टी की वरिष्‍ठ नेता आतिशी आज दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। शपथ ग्रहण समारोह राज निवास में होगा। दिल्ली के उपराज्‍यपाल विनय कुमार सक्‍सेना आतिशी और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शपथ ग्रहण की तारीख से आतिशी को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया है। राष्ट्रपति ने मुख्‍यमंत्री पद और मंत्रिपरिषद से अरविंद केजरीवाल के इस्‍तीफे को भी स्‍वीकार कर लिया है। उन्‍होंने पांच मंत्रियों की नियुक्ति को भी मंजूरी दी है, जिनमें गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत शामिल हैं। आतिशी कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक हैं। भाजपा से सुषमा स्‍वराज और कांग्रेस से शीला दीक्षित के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी।

शहर को मिलेगी एक और फ्लाई ओवर की सौगात

सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रभात चौराहे पर प्रस्तावित फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। मंत्री सारंग ने बताया कि प्रभात चौराहे पर नीचे ट्रैफिक, ऊपर फ्लाई ओवर और उसके ऊपर मेट्रो भी चलेगी। इससे रहवासियों को आवागमन में सुविधा होगी।

मंत्री सारंग ने कहा कि यह क्षेत्र के रहवासी सहित भोपाल और बीएचईएल के लोगों के लिये सौगात है। इस सुविधा से ट्रैफिक और रेल्वे स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। मंत्री सारंग ने प्रस्तावित स्थल का जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित पीडबल्यूडी ब्रिज, मेट्रो, नगर निगम, विद्युत वितरण कंपनी, पुलिस और राजस्व के अधिकारियों के साथ संयुक्त दौरा किया।

मंत्री सारंग ने कहा कि कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिये समिति बनाई गई है। यह समिति सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को गति देगी। समिति कार्य में आ रही बाधाओं एवं कठिनाईयों को सामने लाकर दूर करने का प्रयास करेगी। समिति संबंधित विभागों के साथ समय-समय पर बैठक करेगी और एक टाइम लाईन बनायेगी। लगभग 8 से 9 माह में फ्लाई ओवर तैयार करने की योजना है।

मंत्री सारंग ने बताया कि भोपाल के लिये यह सौगात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भूमि-पूजन कर देंगे। उन्होंने बताया कि आईटीआई तिराहे से बोगदा पुल तक आरओबी के विकास की योजना में सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे। ग्रेड सेपरेशन और मेट्रो की कार्य योजना को जल्द ही फाइनल किया जायेगा।

मंत्री सारंग ने कहा कि उपरोक्त कार्य में प्राथमिकता के आधार पर लेफ्ट टर्न क्लियर विकास पर ध्यान दिया जायेगा। मेट्रो तथा पीडबल्यूडी आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। मंत्री सारंग ने केपिटल पट्रोल पंप के पास स्थित नाले पर पुलिया के चौड़ीकरण तथा सर्विस रोड़ का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश लोक निर्माण अधिकारियों को दिये। इस मौके पर महापौर मालती राय सहित अन्य जन-प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

भाग्योदय तीर्थ पहुंचकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लिया मुनिश्री का आशीर्वाद

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शुक्रवार को एक दिन के प्रवास पर मध्यप्रदेश के भाग्योदय तीर्थ सागर पहुंचे जहां मुनि 108 सुधा सागर महाराज के 42 में दीक्षा दिवस के अवसर पर शामिल होकर मुनिश्री का आशीर्वाद प्राप्त किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के भोपाल पहुंचने पर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि के रूप में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने स्टेट हैंगर पर जोरदार स्वागत किया।

लोकसभा अध्यक्ष बिरला के साथ राजपूत भी भाग्योदय तीर्थ पहुंचे। जहां मुनि सुधा सागर से आशीर्वाद प्राप्त किया। भाग्योदय तीर्थ में आयोजित 42वें मुनिश्री के दीक्षा दिवस के अवसर पर आयोजन समिति द्वारा लोकसभा अध्यक्ष का परंपरागत तरीके से स्वागत किया गया।

मध्यप्रदेश का बुंदेलखंड क्षेत्र अपनी परंपरा और वैभव के लिए जाना जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा सागर में खाद्य मंत्री राजपूत के निवास में देखने को मिला। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भाग्योदय तीर्थ में आयोजित दीक्षा दिवस समारोह में शामिल होने के पश्चात खाद्य मंत्री राजपूत के निवास पर पहुंचे। खाद्य मंत्री ने बुंदेली परंपरा से लोकसभा अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। अतिथि देवो भवः परंपरा अनुसार मंत्री राजपूत ने लोकसभा अध्यक्ष का स्वागत सत्कार कर शाल-श्रीफल और पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को इस दौरान बुंदेली व्यंजन पारोसे गए। लोकसभा अध्यक्ष को बुंदेली परंपरा का यह स्वागत अंदाज बहुत ज्यादा पसंद आया। उन्होंने बुंदेलखंड की शान को देश का पर्याय बताया। इस अवसर पर सांसद लता वानखेड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत सहित जन-प्रतिनिधि मौजूद थे।

खेल अकादमी की डेफ ओलम्पिक पदक विजेता कु. गौरांशी शर्मा यूनीसेफ मुख्यालय न्यूयार्क पहुंची

यूनीसेफ द्वारा 20 से 24 सितम्बर 2024 तक Youth Advocates Mobilisation Lab का आयोजन यूनीसेफ हेडक्वाटर न्यूयार्क (अमेरिका) में किया जा रहा है। कार्यक्रम एवं जनरल असेम्बली में शामिल होने के लिए मध्यप्रदेश राज्य बैडमिंटन अकादमी ग्वालियर की खिलाड़ी गौरांशी शर्मा को आमंत्रित किया है। गौरांशी यूनीसेफ हेडक्वार्टर न्यूयार्क पहुंच गई है। वे देश की पहली डीफ खिलाड़ी है, जिन्हें यूनीसेफ ने भारत का यूनीसेफ ब्रांड एम्बेसडर बनाया था। वे यूनिसेफ हेडक्वार्टर में आमंत्रित देश की एकमात्र खिलाड़ी भी बनी है।

न्यूयार्क में इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं बच्चों के सर्वोत्तम हितों को सुनिश्चित करने, उनके अनुभवों एवं उनके मध्य नेटवर्क बनाने और उनमें कौशल विकसित करने तथा उनके मानवाधिकारों को बनाए रखने के साथ जीवन के कई क्षेत्रों में युवाओं की मदद करना है। गौरांशी शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 02 स्वर्ण और 03 कांस्य पदक सहित 05 पदक तथा राष्ट्रीय स्तर पर 11 पदक अर्जित कर देश को गौरवान्वित किया है।

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खेल अकादमी की बैडमिंटन डीफ खिलाड़ी गौरांशी शर्मा के खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुये कहा कि गौरांशी ने विपरीत परिस्थितियों में उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्हें यूनीसेफ द्वारा कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है, जो देश और प्रदेश के लिए बड़े सम्मान की बात है। गौरांशी डीफ खिलाड़ियों की नई रोल मॉडल बन गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कोलकाता में निवेशकों के साथ की राउंड टेबल मीटिंग

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश की अपार संभावनाएं है। इन्ही संभावनाओं में निवेश के अवसर तलाशने और निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से इन्वेस्टर्स समिट देश के विभिन्न शहरों में की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात कोलकाता में इन्वेस्टर्स समिट में स्टील और मिश्र धातु निर्माण, लॉजिस्टिक, हौजरी व टेक्सटाइल एवं नैस्कॉम पर केन्द्रित राउंड टेबल मीटिंग के दौरान कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी निवेशकों से कहा कि प्रदेश से कच्चा माल दूसरे प्रदेशों और देशों में जाता है। हमारे प्रयास है कि प्रदेश से अन्य स्थानों पर जाने वाले कच्चे माल से प्रदेश में ही उत्पादन की श्रंखला विकसित हो। इससे प्रदेश में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और समृद्धि के नये द्वार भी खुलेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में निवेशकों को उत्पादन यूनिट की स्थापना के लिए आवश्यक अनुमतियाँ और स्वीकृतियाँ शीघ्र प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में उद्योगों की स्थापना के लिए सभी आवश्यक व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी निवेशकों से प्रदेश में उद्योग स्थापित करने के लिए नीतियों में संशोधन और सुझाव भी मांगे। उन्होंने मध्यप्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री यादव के प्रदेश में निवेश को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सभी निवेशकों ने सराहना की। निवेशकों ने मध्यप्रदेश में निवेश के प्रति रूचि दिखाई।

हौजरी एवं वस्त्र निर्माण, लॉजिस्टिक्स, स्टील और मिश्र धातु निर्माण और आईटी/आईटीईएस (नैस्कॉम) पर 4 राउंड टेबल मीटिंग्स हुई। हौजरी एवं टेक्सटाइल राउंड टेबल मीटिंग का उद्देश्य मध्यप्रदेश में हौज़री एवं रेडीमेड गारमेंट सेक्टर के औद्योगिक विकास को प्रभावी गति प्रदान करना था। मीटिंग में स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र और नवाचार के अवसरों पर चर्चा हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने पीएम् मित्र पार्क में निवेश बढ़ाने, चुनौतियों और संभावित समाधानों के बारे में बताया।

लॉजिस्टिक्स राउंड टेबल मीटिंग का उद्देश्य मध्यप्रदेश में लॉजिस्टिक्स सेक्टर के औद्योगिक विकास को प्रभावी गति प्रदान करना था। मीटिंग में लॉजिस्टिक्स पारिस्थितिकी तंत्र में नए निवेश और नवाचार की आवश्यकता पर जोर दिया गया, साथ ही इंदौर मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क में निवेश के अवसरों एवं इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर चर्चा हुई।

स्टील और मिश्र धातु निर्माण राउंड टेबल मीटिंग का उद्देश्य मध्यप्रदेश में स्टील एवं माइनिंग सेक्टर के औद्योगिक विकास को प्रभावी गति प्रदान करना थाI मीटिंग्स में उद्योग स्थापना में सहायक नीतियों एवं सेक्टर के लिए पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने हेतु चर्चा की गई।

राउंड टेबल मीटिंग में नैस्कॉम के साथ मध्यप्रदेश को एक उभरते आईटी और आईटीईएस केंद्र के रूप में स्थापित करने पर चर्चा की गई। प्रदेश में आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर हेतु विभिन्न आवश्यकताओं एवं प्रदेश में आईटी, आईटीईएस एवं ईएसडीएम में निवेश आकर्षित करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवेशकों के साथ नेटवर्किंग डिनर भी किया।

न्याय यात्रा नहीं, अन्नदाता से माफी मांगने ’क्षमा’ यात्रा निकालें जीतू पटवारी – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता चौबीसों घंटे झूठ बोलते हैं। छल-कपट की राजनीति करते हैं। कांग्रेस किसानों के साथ वादा-खिलाफी करती रही है और उसकी किसान न्याय यात्रा भी झूठ, छल-कपट की राजनीति ही है। कांग्रेस को तो किसान न्याय यात्रा की बजाय किसानों से क्षमा याचना के लिए ’क्षमा’ यात्रा निकालना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के लोग लगातार झूठ बोलते हैं। मध्यप्रदेश का अन्नदाता भली भांति जानता है कि कांग्रेस की कमलनाथ के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में जो सरकार बनी थी, वह भी झूठ बोलकर ही आई थी। बाद में 15 महीने कांग्रेस की यह सरकार रही, लेकिन उस सरकार ने किसानों के साथ वादा-खिलाफी की और किसी किसान का कर्ज माफ नहीं किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि यह वही कांग्रेस पार्टी है, जिसकी दिग्विजयसिंह सरकार ने मुलताई में धरना-प्रदर्शन कर रहे किसानों पर गोलियां चलवा दी थी। यह वहीं कांग्रेस है, जिसने कई सालों तक न्यूनतम समर्थन मूल्य के बारे में स्वामीनाथन कमेटी की अनुशंसाओं को लागू नहीं किया। किसान विरोधी कांग्रेस पार्टी ने दशकों के अपने शासन में देश के अन्नदाताओं को मजबूर बनाए रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस यात्रा को न तो किसानों का समर्थन मिल रहा है और न ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का। इसलिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ट्रैक्टर रोकने जैसे बहाने बनाकर अपनी असफलता को छिपा रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर सिर्फ नौटंकी करती है, उनकी चिंता सिर्फ भाजपा की सरकार ही करती है। प्रदेश के किसान जानते हैं कि जब कांग्रेस की वादा-खिलाफी ने उन्हें कर्ज के बोझ से डिफाल्टर बना दिया था, तो उन्हें कर्ज से राहत देने का काम तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने किया था। यही, नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा किसानों को जो सम्मान निधि दी जा रही है, उसके साथ ही मध्यप्रदेश सरकार भी अपनी तरफ से भी किसानों को सम्मान निधि दे रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा किसानों के हित में जो योजनाएं लाई गई हैं, जो कदम उठाए हैं, उनके परिणामस्वरूप देश-प्रदेश के किसानों के जीवन में बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने किसानों के हित में मध्यप्रदेश में पहली बार समर्थन मूल्य पर सोयाबीन की खरीदी का निर्णय लिया है। सोयाबीन खरीदी का यह काम 25 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके लिए ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर 25 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक किसानों का पंजीयन किया जाएगा। वहीं, समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन 19 सितम्बर से प्रारंभ हो चुका है।

 

किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दें सरकार : अजय सिंह

प्रदेश कांग्रेस के आव्हान पर आज राजधानी भोपाल में जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में किसान न्याय यात्रा रातीबढ़ चौराहे से कलेक्टर कार्यालय तक निकाली गई, किंतु यात्रा को प्रशासन द्वारा सूरज नगर चौराहे पर बेरीकेट्स लगाकर रोक दिया गया। जिससे साफ जाहिर होता है कि मप्र सरकार किसानों की आवाज को दबाना चाहती है। जिसमें सैकड़ों किसान टैक्टरों के साथ शामिल हुये। वहीं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और कार्यकर्ता रैली में उपस्थित थे। मप्र विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल भैया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित रैली में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर हमला बोला।

अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश का किसान हलाकान है। किसानों को समय पर खाद-बीज नहीं मिलने से फसलें प्रभावित हो रही हैं, वहीं बिजली के भारी भरकम बिलों से उनकी आजीविका पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। प्रदेश भर में त्राहि-त्राहि मची हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों की सोयाबीन का 6000 रूपये प्रति क्विंटल दिया जाय, किसानों की सोयाबीन की फसल पर 40 प्रतिशत की जगह 100 प्रतिशत खरीदी जाए, किसानों को गेहू का समर्थन मूल्य 2700 रूपये प्रति क्विंटल तथा धान का 3100 रू प्रति क्विटल खरीदा जाय।

जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा कि किसानों की दयनीय स्थिति से प्रदेश का हर वर्ग प्रभावित है। क्योंकि यदि किसान ही परेशान रहेगा तो आम आदमी तक न तो अनाज पहुंचेगा और न ही खाद् सामग्री दाल, तेल, सब्जी फल आदि उपलब्ध हो पायेंगे। सरकार अपना तानाशाही रवैया छोड़ किसानों की सुध ले। सरकार किसानों की फसलों का समर्थन मूल्य शीघ्र ही उन्हें दें।

जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल ने कहा कि मैं भी किसान का बेटा हूं खेती किसानी को अच्छी तरह से समझता हूं। सरकार प्रदेश के किसानों के साथ जो रवैया अपना रही है उससे किसान दुखी और आक्रोशित है। किसानों का जीवनयापन करना दूभर हो रहा है। किसान जब अपनी फसल बैचने मंडी जाता है तो उसे अधिकारियों/ बिचौलियों की प्रताड़ना का शिकार होना पड़ता है। प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के साथ न्याय करें अन्यया यह आंदोलन और तीव्र होता जायेगा।

किसान न्याय यात्रा में उपस्थित नेतागणों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर तंज कसते हुये अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश की वर्तमान स्थिति से प्रदेश के संवैधानिक मुखिया होने के नाते आप भली भांति अवगत है कि प्रदेश में सभी क्षेत्रों में दयनीय स्थिति है और त्रात्रि-त्राहि मची हुई है, जो ज्वलंत समस्याएं वर्तमान में है उनमें किसानों की समस्याएं सबसे महत्वपूर्ण है कि भारी वर्षा, खाद बीज की कमी से किसानों की फसले खासतौर पर सोयाबीन, उडद, धान एवं अन्य दलहन खराब हो गई है और किसान इस समय भारी आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है । सरकार द्वारा उनकी फसलों को 10 वर्ष पुराने भाव से ही आज भी खरीदा जा रहा है तथा किसानों को भारी भरकम बिजली के बिल दिए गए है, बिलों को जमा न करने पर उनके बिजली के मीटर काटने से लेकर उनकी मोटर पम्प आदि जब्त करने की कार्यवाही की जा रही है।

कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राज्यपाल महोदय के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपते हुये कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रति अनर्गल बयानबाजी करते हुये केन्द्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू एवं उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह द्वारा उन्हें आतंकवादी कहकर अपमानित किया गया है। जबकि पूरा देश जानता है कि राहुल गांधी के पिता स्व. राजीव गांधी का बलिदान एवं उनकी दादी स्व.इंदिरा गांधी की शहादत इस देश की सेवा करते हुए हुई है और उन्हीं का खून राहुल गांधी गांधी की रगो में दौड़ रहा है। भाजपा नेताओं द्वारा राहुल गांधी के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने से प्रदेश के लाखो-लाख कांग्रेसजन आहत एवं दुखी है। केन्द्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टु तथा उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही कराने हेतु राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश देने की मांग कांग्रेस जनों ने की है।

किसान न्याय यात्रा में यात्रा के प्रभारी रघु परमार, जिला कांग्रेस भोपाल प्रभारी मनोज कपूर, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक आतिफ अकील, प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, लोकसभा प्रत्याशी रहे अरुण श्रीवास्तव, डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान, जितेन्द्र सिंह बघेल, विष्णु विश्वकर्मा, आसिफ-शबिस्ता जकी, रविन्द्र साहू झूमरवाला, जयश्री हरिकरण, नरेश ज्ञान चंदानी, संतोष कंसाना, मोनू सक्सेना, युवा कांग्रेस भोपाल के कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर, रामराज तिवारी सहित भोपाल जिले के हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

स्वास्थ्य और स्वाद दोनों से मिलकर बनता है आयुष आहार – केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव

केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव ने आज वर्ल्ड फूड इंडिया में लगी आयुष प्रदर्शनी का दौरा किया तथा विभिन्न गतिविधियों और आयुष उत्पादों का निरीक्षण किया। इस मौके पर जाधव ने कहा कि ‘स्वास्थ्य और स्वाद दोनों से मिलकर बना है आयुष आहार’ और आयुष आहार खाने से स्वास्थ्य सही रहता है। आयुष मंत्रालय के द्वारा लगाई गई इस प्रदर्शनी में विभिन्न आयुर्वेद आहार की विभिन्न रेसिपीज़ को प्रदर्शित किया गया है ताकि लोग आसानी से अपने घर में आयुष आहार बना सकें। ऐसा करके हम स्वस्थ भारत की परिकल्पना को साकार कर पाएंगे।”

आयुष मंत्रालय ने प्रगति मैदान, नई दिल्ली में 19 से 22 सितंबर तक आयोजित वर्ल्ड फूड इंडिया 2024 के दौरान अपने पवेलियन में आयुर्वेद आधारित आहार और भारतीय पारंपरिक चिकित्सा से जुड़े विभिन्न खाद्य उत्पादों का प्रदर्शन कर वैश्विक दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

आयुष मंत्री ने आगे कहा “आयुष मंत्रालय के पवेलियन में प्रदर्शित उत्पाद पारंपरिक ज्ञान को समकालीन खाद्य समाधानों के साथ जोड़ते हैं, जिससे इनकी वैश्विक मांग में वृद्धि हो रही है”।

आयोजन में विश्वभर के स्टेकहोल्डर्स और वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया, जिन्होंने भारतीय आयुर्वेद-प्रेरित खाद्य परंपराओं की प्रासंगिकता और उनकी आधुनिक वैश्विक स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान में भूमिका पर जोर दिया।

केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री ने आधुनिक जीवनशैली के संदर्भ में आयुर्वेद को मुख्यधारा के पोषण और स्वास्थ्य में शामिल करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।जाधव ने कहा, “आयुर्वेदिक आहार वैज्ञानिक रूप से परखे हुए और परीक्षण किए गए आहार समाधान प्रदान करता है, जो समग्र स्वास्थ्य की अवधारणा को सुदृढ़ बनाता है। वर्ल्ड फूड इंडिया इस प्राचीन ज्ञान को वैश्विक मंच पर लाने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है।”

आयुष पवेलियन की मुख्य विशेषताएं: – जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों जैसे मधुमेह, मोटापा और उच्च रक्तचाप के लिए विशेष आयुर्वेदिक आहार उत्पादों का प्रदर्शन। आयुर्वेदिक तत्वों को रोज़मर्रा के भोजन में शामिल कर समग्र स्वास्थ्य और कल्याण को सुधारने के तरीकों का प्रदर्शन। पवेलियन में आयुर्वेदिक पोषण विशेषज्ञों द्वारा लाइव प्रदर्शन और परामर्श। सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों द्वारा आयुर्वेद आहार अनुसंधान और उत्पाद विकास के लिए साझेदारी पर चर्चा। योग का लाइव प्रदर्शन और योग थेरेपी।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय द्वारा आयोजित वर्ल्ड फूड इंडिया 2024 ने खाद्य और कृषि क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय कंपनियों, नीति निर्माताओं और विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान किया है। आयुष पवेलियन आगंतुकों को आयुर्वेदिक सिद्धांतों को दैनिक आहार में शामिल करने के स्वास्थ्य लाभों को समझने और अपनाने का अवसर दे रहा है।

माननीय आयुष मंत्री ने यह भी कहा कि मंत्रालय आयुर्वेदिक खाद्य पदार्थों के लिए मानकीकृत दिशानिर्देश विकसित करने और वैश्विक बाजारों में आयुर्वेद आहार को लोकप्रिय बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय नियामक निकायों के साथ मिलकर काम करने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा, “आयुर्वेद के पास स्थायी और निवारक स्वास्थ्य समाधानों की पेशकश कर वैश्विक खाद्य परिदृश्य को बदलने की क्षमता है। हम इस क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

सीईओ एनएमपीबी (नेशनल मेडिसिनल प्लांट बोर्ड) डॉ महेश दधीचि ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में माननीय आयुष राज्य मंत्री का स्वागत किया और उन्हें आयुर्वेद आहार की गतिविधियों और प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...