डीडी नेशनल अपनी 65वीं वर्षगांठ के अवसर पर दूरदर्शन पर विभिन्‍न मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्‍तुत करेगा

भारत का लोक सेवा प्रसारक दूरदर्शन इस वर्ष बेहद गर्व के साथ अपनी 65वीं वर्षगांठ मना रहा है। 15 सितंबर 1959 को अपनी स्थापना के बाद से ही दूरदर्शन भारतीय मीडिया का आधार रहा है, जो राष्ट्र की आवाज़ के रूप में सेवा प्रदान करते हुए एकता, संस्कृति और शिक्षा को बढ़ावा देता रहा है।

दिल्ली में एक प्रायोगिक प्रसारण के साथ अपनी सादगीपूर्ण शुरुआत से लेकर दूरदर्शन आज दुनिया के सबसे बड़े प्रसारण संगठनों में से एक बन चुका है। बीते दशकों में, यह लोक सेवा प्रसारण के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दृढ़ता से कायम रखते हुए प्रौद्योगिकी और दर्शकों की सहभागिता में आए महत्वपूर्ण परिवर्तनों का साक्षी रहा है। श्‍वेत-श्‍याम टेलीविज़न के दिनों से लेकर डिजिटल और उपग्रह प्रसारण के वर्तमान युग तक, दूरदर्शन अपने विविध दर्शकों की बदलती रुचियों और पसंद की कसौटी पर खरा उतरने के लिए लगातार खुद को विकसित करता आया है। श्‍वेत-श्‍याम प्रसारण के युग से लेकर अपने नेटवर्क में 35 चैनलों तक, अपने 6 राष्ट्रीय चैनलों, 28 क्षेत्रीय चैनलों और 1 अंतर्राष्ट्रीय चैनल के माध्यम से हर क्षेत्र को उसकी अपनी भाषा में अनुभव प्रदान करते हुए; दूरदर्शन अग्रणी लोक सेवा प्रसारक की प्रतिबद्धता के साथ अपनी यात्रा जारी रखे हुए है।

बीते 65 वर्षों में, दूरदर्शन ने भारत के सामाजिक-सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह पौराणिक महाकाव्यों “रामायण” और “महाभारत” से लेकर लोकप्रिय “चित्रहार”, “सुरभि” और “हम लोग” सरीखे कुछ बेहद प्रतिष्ठित टेलीविजन कार्यक्रमों का मंच रहा है, जिन्होंने कई पीढ़ियों को परिभाषित किया है। दूरदर्शन ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए स्थान प्रदान किया है, ग्रामीण और शहरी भारत को एक साथ करीब लाया है, और इसने विभिन्न शैक्षिक और सूचनाप्रद कार्यक्रमों के माध्यम से महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों के बारे में जागरूकता फैलाई है।

डीडी नेशनल इस उपलब्धि का उत्सव मनाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम “दिल से दूरदर्शन, DD @65” को प्रसारित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह प्रसिद्ध मास्टर जयवीर बंसल और अनिल सिंह, वेंट्रिलोक्विस्ट द्वारा आयोजित एक भव्य कार्यक्रम है, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय जादूगर व मेंटलिस्ट और गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स धारक प्रमोद कुमार जैसे प्रतिष्ठित कलाकार प्रस्‍तुति देंगे। उन्हें अनेक राज्य और राष्ट्रीय स्‍तर के पुरस्कारों से सम्‍मानित किया जा चुका है। उनके अलावा देश की सबसे कुशल रेत कलाकारों में से एक और आईडीसी, आईआईटी बॉम्बे की पूर्व छात्रा मनीषा स्वर्णकार (रेत कलाकार) हैं। वह बीते 13 वर्षों से रेत कला का प्रदर्शन कर रही हैं और भारत की पहली महिला रेत कलाकार हैं।

पद्मश्री से सम्‍मानित और बॉलीवुड सेंसेशन कैलाश खेर “दिल से दूरदर्शन, DD @65” कार्यक्रम के स्टार कलाकार होंगे। वह दशकों से अपनी दमदार प्रस्‍तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करते आए हैं। उनकी संगीत शैली भारतीय लोक संगीत और सूफी संगीत से काफी प्रभावित है। दूरदर्शन शो रील के लिए वॉयसओवर दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी ने किया है।

दूरदर्शन की 65वीं वर्षगांठ पर डीडी नेशनल अपने दर्शकों को बेहतरीन प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस कार्यक्रम का प्रसारण 15 सितंबर को सुबह 10 बजे होगा और रात 8 बजे इसका दोबारा प्रसारण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में दूरदर्शन की समृद्ध विरासत का कीर्तिगान किया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर दूरदर्शन भारत के प्रत्येक नागरिक को विश्वसनीय, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण सामग्री प्रदान करने के अपने मिशन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है। यह प्रसारक समाचार, मनोरंजन और सूचना का एक प्रासंगिक और विश्वसनीय स्रोत बना रहना सुनिश्चित करने के लिए सभी मंचों पर – टेलीविज़न से लेकर मोबाइल फ़ोन तक – दर्शकों तक पहुंच कायम करने के लिए तकनीकी प्रगति को अपनाना जारी रखे हुए है।

जैसे कि दूरदर्शन अपने 66वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, यह नवाचार, समावेश और प्रेरणा की अपनी यात्रा को जारी रखने के लिए तैयार है। अपने समृद्ध इतिहास और लोक सेवा के प्रति समर्पण के साथ, दूरदर्शन भारत की विविधता, विरासत और प्रगति के प्रकाशस्‍तम्‍भ के रूप में सेवा प्रदान करता रहेगा।

वीरांगना रानी दुर्गावती के सम्मान में उनकी प्राचीन राजधानी में होगी मंत्रि-परिषद की बैठक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वीरांगना रानी दुर्गावती का योगदान ऐतिहासिक था। शौर्य की प्रतीक रानी युद्ध संचालन में दक्ष थीं। उन्होंने बाहरी हमलावरों को निरंतर परास्त किया। लगातार 51 युद्ध जीतने के बाद उनका आखिरी युद्ध भी प्रेरणादायी था, जिसमें उन्होंने पराजय की स्थिति देखते हुए शत्रु के हाथ मारे जाने की बजाय कटार भोंककर स्वयं की इहलीला समाप्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती की राजधानी में मंत्रि-परिषद की बैठक और रानी दुर्गावती के जीवन से जुड़े अन्य स्थानों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दमोह जिले में सिंग्रामपुर गांव के निकट सिंगौरगढ़ का किला है। यह क्षेत्र वीरांगना रानी दुर्गावती की राजधानी के रूप में इतिहास में दर्ज है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में निर्देश दिए कि वीरांगना की स्मृति में जबलपुर में 100 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित किए जा रहे रानी दुर्गावती स्मारक स्थल और उद्यान के कार्य शीघ्र करवाने की कार्यवाही की जाए। इन कार्यों की सतत समीक्षा भी की जाए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस स्मारक स्थल की आधारशिला रख चुके हैं। इस कार्य की एजेंसी मध्यप्रदेश राज्य पर्यटनविकास निगम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीरांगना की जन्मतिथि पर आगामी 05 अक्टूबर को भी विशेष कार्यक्रम के आयोजन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने वीरांगना रानी दुर्गावती के सम्मान में मंत्रि-परिषद की प्रथम बैठक 3 जनवरी 2024 को जबलपुर में आयोजित की थी। इसके साथ ही वीरांगना के नाम पर रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना भी प्रारंभ की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती ने पति दलपत शाह की मृत्यु के बाद अपने राज्य की रक्षा के लिए गोंडवाना साम्राज्य की बागडोर संभाली। इनके राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था ऐसी थी कि करों का भुगतान सोने के सिक्के और हाथी देकर किया जाता है। वीरांगना ने जबलपुर में रानीताल, चेरीताल और आधारताल सहित अनेक सरोवरों का निर्माण करवाया। उन्होंने शिक्षा और पारम्परिक ज्ञान को प्रोत्साहित किया। कई मंदिरों और धर्मशालाओं का निर्माण भी करवाया।

प्रमुख सचिव संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने प्रेजेंटेंशन में बताया कि रानी दुर्गावती के प्रसिद्ध 52 गढ़ों पर केन्द्रित एक रेडियो धारावाहिक का प्रसारण निरंतर हो रहा है। वीरांगना और उनके परवर्ती शासकों की कला और स्थापत्य की उपलब्धियों पर शोध ग्रंथ प्रकाशित किया गया है। संस्कृति विभाग वीरांगना के जीवन पर वृत्त चित्र निर्माण, नृत्य नाटिका, गायन कार्यक्रम और वीरांगना की जीवन गाथा को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित करने की गतिविधियां आयोजित कर चुका है। शैक्षणिक संस्थाओं में वीरांगना के जीवन पर केन्द्रित निबंध और आलेख लेखन स्पर्धाएं करवाना प्रस्तावित है।

बैठक में उप मुख्यमंत्री डॉ. जगदीश देवड़ा, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, मुख्य सचिव वीरा राणा, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

भाजपा कार्यकर्ता दिए गए हर लक्ष्य को समय पर पूरा करता है – हितानंद

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने संगठन पर्व के संबंध में शुक्रवार को जबलपुर महानगर की कैंट, पूर्व, उत्तर-मध्य एवं पश्चिम विधानसभा की बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा सदस्यता अभियान सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि जिन बूथ में हम कमजोर हैं, उनमें मजबूती प्रदान करने के लिए है। सदस्य बनाने के लिए जब लोगों से संपर्क करें तब बताएं कि भारतीय जनता पार्टी का गठन जिन संकल्पों को लेकर हुआ था, आज भी उसी को लेकर चल रहा है। भाजपा का ही वह कार्यकर्ता है जो दिए गए किसी भी तरह के लक्ष्य को समय पर पूरा करता है। संगठन पर्व को मध्यप्रदेश में अव्वल बनाने में जबलपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि मध्यप्रदेश में 1.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का संकल्प लेकर कार्यकर्ता मैदान में उतरें और लक्ष्य प्राप्त कर इतिहास बनाना है। समाज में हर तरह के लोग रहते हैं, जिनकी समाज में बड़ी भूमिका रहती है इसलिए पद्यश्री, पद्य भूषण, पद्य विभूषण, चिकित्सक एवं प्रोफेसर जैसे समाज के प्रतिष्ठित और प्रभावशाली लोगों एवं मलिन बस्तियों में जाकर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का कार्य करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राष्ट्र प्रथम है। कश्मीर में धारा-370 के विरोध में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार ने धारा 370 हटा दी। आप सभी भाजपा कार्यकर्ताओं की ताकत है कि आज जम्मू-कश्मीर में बिना आतंक के चुनाव हो रहे हैं। यह ताकत बनी रहे, इसलिए आप सभी कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करें और जिन बूथों पर भाजपा कमजोर है, वहां वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ जाएं और हर घर में भाजपा का सदस्य बनाएं।

इस अवसर पर सांसद आशीष दुबे, पार्टी के प्रदेश कोशाध्यक्ष अखिलेश जैन, जिलाध्यक्ष प्रभात साहू, रजनीश यादव, अभय सिंह ठाकुर सहित विधानसभा प्रभारी, सदस्यता प्रभारी, जनप्रतिनिधि व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने गणेश विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण

गणेश विसर्जन के लिए तैयारियों की व्यवस्था देखने कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने गणेश विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था, समुचित लाइटिंग, वाहन पार्किंग, बैरिकेटिंग और गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने घाट पर रस्सियों और बैरिकेटिंग के माध्यम से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने कहा कि विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहना होगा और हर प्रकार की आपातकालीन सेवाएं तत्पर होनी चाहिए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायण एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

राजा भोज की स्मृति में होगा भोज महोत्सव – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि लोक कल्याण, अभियांत्रिकी, लेखन और शौर्य के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले राजा भोज के कृतित्व और व्यक्तित्व से जनसामान्य को परिचित करवाया जाएगा। राजा भोज की स्मृति में भोपाल में तीन दिवसीय भोज देव महोत्सव भी होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज इस महोत्सव की रूपरेखा के संबंध में मंत्रीगण की उपस्थिति में संस्कृति और अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदर्शनी, फिल्म प्रदर्शन, नाट्य मंचन, संगीत कार्यक्रमों और पुस्तकों के प्रदर्शन के माध्यम से राजा भोज का योगदान प्रदर्शित किया जाए। धार से लेकर भोपाल और अन्य क्षेत्रों में राजा भोज द्वारा सरोवर निर्माण एवं बांध निर्माण के लोकोपयोगी कार्य किए गए। उन्होंने लगभग सवा सौ कृतियां भी लिखी हैं। राजा भोज के हस्तलिखित पत्र और अन्य संग्रहित वस्तुओं को भी जनसामान्य के सामने लाया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजा भोज के कार्यों पर फैलोशिप प्रदान करने और अनुसंधान कार्य को प्रोत्साहित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजा भोज की पहचान भोपाल से जुड़ी है। उनके नाम से भोपाल नगर सीमा पर एक या एकाधिक राजा भोज द्वार भी निर्मित किए जाएं।

बैठक में उप मुख्यमंत्री डॉ. जगदीश देवड़ा, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, मुख्य सचिव वीरा राणा, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव संस्कृति शिवशेखर शुक्ला और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

शांति एवं कानून-व्यवस्था की सुनिश्चितता के लिए सभी जिलों में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप प्रदेश के आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने, असामाजिक/उपद्रवी तत्वों में कानून का भय उत्पन्न करने, शांति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिलों/थाना क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च किया गया।

डीजीपी सुधीर सक्सेना ने विगत दिवस वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जोनल एडीजी/आई जी, इंदौर-भोपाल पुलिस आयुक्त, सभी एसपी तथा नगरीय पुलिस उपायुक्तों को फ्लैग मार्च किए जाने के निर्देश दिए थे।

आज शाम व्यस्ततम् सड़कों, बाजारों में कानून व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों तथा महत्वपूर्ण त्यौहारों पर जुलूस एवं चल समारोह के मार्गों पर आयोजित फ्लैग मार्च में प्रदेश पुलिस बल के अधिकारी से लेकर आरक्षक, विशेष सशस्त्र बल और रेपिड एक्शन फोर्स का अमला मय वज्रवाहन व संसाधनों आदि के साथ शामिल हुए। इस फ्लैग मार्च का बदमाशों, असामाजिक/उपद्रवी तत्वों में कानून-व्यवस्था का भय और जन सामान्य में सुरक्षा के भाव के साथ सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है।

डॉ. सुदाम खाड़े को माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय के कुलगुरू का अतिरिक्त प्रभार

राज्य शासन ने आयुक्त जनसम्पर्क डॉ. सुदाम खाड़े को अपने वर्तमान कर्त्तव्यों के साथ कुलगुरू, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय भोपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। राज्य शासन द्वारा डॉ. खाड़े को प्रो. डॉ. के.जी. सुरेश का कार्यकाल समाप्त होने से नियमित कुलगुरू की नियुक्ति तक के लिये यह प्रभार सौंपा गया है। डॉ. खाड़े के पास वर्तमान में आयुक्त-सह-सचिव जनसम्पर्क और प्रबंध संचालक म.प्र. माध्यम का दायित्व है।

 

‘वैश्विक नेतृत्व को प्रोत्साहन देने में बौद्ध धर्म की भूमिका’ विषय पर कल मुंबई में होगा सम्मेलन

Nepal, Kumbu, Tengboche Monastery, Mani Rimdu celebration, Puja prayer service, monks seated outside.

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध संघ, कल संयुक्त रूप से वर्ली, मुंबई स्थित नेहरू विज्ञान केंद्र में “भगवान बुद्ध के मध्यम मार्ग द्वारा भविष्य के वैश्विक नेतृत्व को मार्गदर्शन” विषय पर एक दिवसीय सम्मेलन का आयोजन कर रहे हैं। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू कार्यक्रम में मुख्य़ अतिथि होंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य धम्म अनुयायियो को दार्शनिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय विविधता के मध्य वैश्विक मूल्यों का प्रसार और आंतरिकीकरण पर मार्ग पर विचार-विमर्श तथा मिल-जुलकर कार्य कर व्यक्तिगत और वैश्विक रूप से वर्तमान की चुनौतियो का सामना कर विश्व के भविष्य के लिए सतत मॉडल का प्रस्ताव देना है। सम्मेलन में आधुनिक बौद्ध धर्म में अपरिहार्य योगदान प्रदान करने वाले बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की विरासत का भी सम्मान किया जाएगा।

सम्मेलन में तीन विषयों पर आधुनिक समय में बौद्ध धम्म की भूमिका और प्रासंगिकता”, “सचेत प्रौद्योगिकी की महत्ता” और “नवीन नेतृत्व और बौद्ध धम्म का क्रियान्वयन” पर सत्रो का आयोजन होगा। संयुक्त रूप से इन पैनलों में भगवान बुद्ध की शिक्षा और धम्म के सिद्धांतो के अनुरूप वैश्विक बंधुत्व के लक्ष्य के प्रायोगिक समाधान,निरंतरता और संपूर्ण कल्याण पर विचार विमर्श का आयोजन किया जाएगा।

 

अनुशासित और संयमित रहकर आदर्श नागरिक बने विद्यार्थी : राज्यपाल मंगुभाई पटेल

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि विद्यार्थी अनुशासित और संयमित रह कर आदर्श नागरिक बने। अपने जीवन और शिक्षा की यात्रा में उपयोगी चीजों को ही महत्व दे। नैतिकता,अनुशासन और एकाग्रता को भंग करने वाली गतिविधियों से दूर रहे। राज्यपाल पटेल मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान भोपाल में आयोजित तूर्यनाद- 24 महोत्सव के शुभारम्भ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि भारत की इतिहास और संस्कृति में सेवा और संस्कारों की महान सीख विद्यमान है। विद्यार्थी अपने माता-पिता और गुरुजनों का हमेशा आदर करे। उनकी सीख और एहसानों के प्रति जीवन भर आभारी रहे। हमेशा परिवार, समाज और राष्ट्र के सम्मान को बढ़ाने वाले काम करे।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि युवा, तकनीकी ज्ञान के साथ भारत की ऐतिहासिक और गौरवशाली परम्पराओं से जुड़े रहें, क्योंकि विकास के लिए तकनीकी प्रगति जितनी महत्वपूर्ण है, उतनी ही सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भाषायी प्रगति भी जरूरी है। सांस्कृतिक और भाषायी प्रगति के बिना तकनीकी प्रगति अधूरी है। उन्होंने कहा कि जीवन में वैज्ञानिक और व्यावसायिक उपलब्धियों और चुनौतियों के बीच व्यावहारिक ताल-मेल स्थापित करना होगा। यही समन्वय हमें वास्तविक आनन्द प्रदान करता है। समर्पण, संवेदनशीलता और सेवा के गुण, मानवता के विकास के हमेशा आधार रहे हैं।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने संस्थान के शिक्षकों से कहा कि छात्रों को भारतीय जीवन मूल्यों और संस्कारों से दीक्षित करे। विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र विकास की जरूरतों और चुनौतियों के समाधान खोजने और वंचित वर्गों की क्षमता विकास में सहयोग की प्रेरणा दे। उन्हें हमारें भौगोलिक, पारिस्थितिक, आर्थिक, सामाजिक सांस्कृतिक परिवेश तथा समसामयिक चुनौतियों के समाधान में योगदान के लिए प्रोत्साहित करे। राज्यपाल पटेल ने कहा कि हमारे विद्यार्थियों के संस्कारों में जड़ से जग तक, मनुज से मानवता तक और अतीत से आधुनिकता तक, सभी पहलुओं का समावेश होना आवश्यक है। शिक्षक नई शिक्षा नीति के आलोक में तकनीकी दक्षता राष्ट्रीय, सामाजिक चुनौतियों के समाधान खोजने के प्रयासों करे।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल का कार्यक्रम में पौधा भेंट कर स्वागत और शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। तूर्यनाद-24 महोत्सव की संयोजक सविता दीक्षित ने स्वागत उद्बोधन दिया। मेनिट के निदेशक डॉ. के.के. शुक्ल ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप संस्थान की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। अधिष्ठाता छात्र कल्याण शैलेन्द्र जैन ने महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत की। आभार छात्र संघ के अध्यक्ष जितेन्द्र जाट ने व्यक्त किया। शुभारम्भ कार्यक्रम में संस्थान के अधिष्ठातागण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे थे।

 

तिहाड़ जेल से रिहा हुए अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज शाम तिहाड़ जेल से रिहा हो गए। सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आज उन्हें दिल्ली आबकारी नीति मामले में जमानत दे दी। तिहाड़ जेल के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने उन लोगों को धन्यवाद दिया जिन्होंने उनकी रिहाई के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि उनके जीवन का हर पल देश के लिए समर्पित है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि जमानत का अर्थ यह नहीं है कि केजरीवाल आरोप से मुक्त हो गए हैं और मामला अभी भी न्यायालय में विचाराधीन है। यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी इसे सत्य की जीत बता रही है लेकिन न्यायालय ने सत्‍य क्‍या है यह स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के अनुसार, केजरीवाल जमानत के दौरान मुख्यमंत्री के दायित्व का कोई भी काम नही कर सकते हैं।

कोर्ट ने कहा कि जमानत के दौरान केजरीवाल केस की मेरिट पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं बोलेंगे। वे ट्रायल कोर्ट में पूरा सहयोग करेंगे। कोर्ट ने कहा कि ईडी के मामले में जमानत की जो शर्तें लगाई गई थी वो सीबीआई के केस में भी लागू होगी। कोर्ट ने कहा कि केजरीवाल को गिरफ्तार कर सीबीआई ने किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया है। कोर्ट ने कहा कि जमानत नियम है और जेल अपवाद। कोर्ट को ये जरूर सुनिश्चित करना चाहिए कि ट्रायल के पहले की प्रक्रिया किसी के लिए सजा न बने। कोर्ट ने कहा कि सीबीआई एक महत्वपूर्ण जांच एजेंसी है और उसकी छवि ऐसी नहीं होनी चाहिए कि जांच ठीक से नहीं हो रही है। छवि काफी महत्वपूर्ण है। कोर्ट ने कहा कि सीबीआई के मामले में काफी देर से गिरफ्तारी काफी महत्वपूर्ण है।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 5 सितंबर को फैसला सुरक्षित रख लिया था। सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से एएसजी एसवी राजू ने अरविंद केजरीवाल की जमानत का विरोध करते हुए कहा था कि अगर जमानत दी गई तो वे गवाहों को प्रभावित करेंगे और गवाह अपने बयान से मुकर जायेंगे। उन्होंने कहा था कि केजरीवाल सीधे हाई कोर्ट चले गए जबकि उनको सेशन कोर्ट में जाना चाहिए था। ट्रायल कोर्ट ही किसी मामले की जांच और परीक्षण के लिए पहली कोर्ट है।

सीएम केजरीवाल की ओर से वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने केजरीवाल की जमानत की मांग करते हुए कहा था कि कोर्ट को केवल तीन बातों का परीक्षण करने की जरूरत है। पहला कि क्या उनके फरार होने का कोई जोखिम है। दूसरा कि क्या वो गवाहों को प्रभावित करेंगे। तीसरा कि क्या वो सुबूतों से छेड़छाड़ करेंगे। सिंघवी ने कहा था कि केजरीवाल के भाग जाने का कोई खतरा नहीं है। गवाहों को प्रभावित करने और सबूतों से छेड़छाड़ करने का भी रिस्क नहीं है।

सिंघवी ने कहा था कि सीबीआई द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी इंश्योरेंस अरेस्ट है, गिरफ्तारी इसलिए की गई ताकि केजरीवाल को जेल में रखा जा सके। उन्होंने कहा था कि मनी लांड्रिंग कानून के कड़े प्रावधानों के बावजूद केजरीवाल को दो बार सुप्रीम कोर्ट और एक बार ट्रायल कोर्ट ने राहत दी। सिंघवी ने कहा था कि सीबीआई ने केजरीवाल के मामले में दो साल बाद गिरफ्तारी की। यह गिरफ्तारी केवल इसलिए की गई ताकि केजरीवाल को जेल में ही रखा जा सके।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 14 अगस्त को केजरीवाल की याचिका पर सुनवाई करते हुए सीबीआई को नोटिस जारी किया था। 5 अगस्त को दिल्ली हाई कोर्ट ने केजरीवाल की सीबीआई गिरफ्तारी और ट्रायल कोर्ट के सीबीआई हिरासत के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी थी। हाई कोर्ट ने केजरीवाल की सीबीआई की गिरफ्तारी को सही करार दिया था।

गौरतलब हो कि सीबीआई ने 26 जून को केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। उसके पहले ईडी ने 21 मार्च की देर शाम अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। सुप्रीम कोर्ट ने 10 मई को अरविंद केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए 1 जून तक की अंतरिम जमानत देते हुए 2 जून को सरेंडर करने का आदेश दिया था। केजरीवाल ने 2 जून को सरेंडर कर दिया था। ईडी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 12 जुलाई को केजरीवाल को अंतरिम जमानत दी थी

 

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...